महेशपुर/संवाददाता। थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में इन दिनों कई प्रकार के नशे की लत से भोले-भाले युवा लोग बर्बाद हो रहे हैं। बताया जाता है कि महेशपुर प्रखंड पश्चिम बंगाल राज्य से सटा है। बीते सोमवार को प्रखंड स्थित सिनेमा हॉल के पास पश्चिम बंगाल निवासी एक युवक को ड्रग्स का इस्तेमाल करते पुलिस ने रंगे हाथ धर दबोचा। युवक डिस्पोजल सीरिंज से ड्रग्स ले रहा था। युवक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम अलीउल्ला इस्लाम बताया जो पश्चिम बंगाल के धितोड़ा निवासी है। एएसआई जय शंकर राम ने आरोपी युवक को थाना ले गया। ग्रामीणों ने उक्त युवक पर कार्रवाई की मांग की है। नगर थाना क्षेत्र में भी ड्रग्स का कारोबार फैला है। नशीले पदार्थ की लत में आकर युवा बर्बाद हो रहे हैं और इसका खामियाजा कहीं न कहीं अभिभावकों को उठाना पड़ रहा है। पश्चिम बंगाल के रास्ते नशे के कारोबारी कथित एजेंट के जरिये ड्रग्स, गांजा, चरस जैसे नशीले पदार्थ की बिक्री शहरी क्षेत्र में करते हैं। नगर थाना पुलिस बीच-बीच में कार्रवाई भी करती है। लेकिन नशे के मुख्य कारोबारी तक नहीं पहुंच पा रही है। वहीं युवा पीढ़ी में फैलते नशे की लत से शहर के समाजसेवी भी चिंतित देखे जा रहे हैं।
भाजपा का विजय संकल्प अभिनंदन विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन 11 को
लिट्टीपाड़ा/संवाददाता। भारतीय जनता पार्टी की बैठक सोमवार को लिट्टीपाड़ा मंडल अध्यक्ष शिव प्रसाद पहाड़िया की अध्यक्षता में कार्यालय में हुई। आगामी 11 जुलाई को भाजपा का विजय संकल्प अभिनंदन विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन होना है। जिसमें मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री सह पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा का आगमन होना है। कार्यक्रम में पांच-पांच बूथ कार्यकर्ता को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें जिला अध्यक्ष अमृत पांडेय, कार्यक्रम प्रभारी एसटी मोर्चा प्रदेश कार्य समिति सदस्य साहेब हांसदा, जिला महामंत्री विजय भगत, कोर कमेटी सदस्य सत्य शिक्षानंद मुर्मू, जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र त्रिवेदी, महामंत्री राजदीप कर्मकार मौजूद थे। जिला अध्यक्ष अमित पांडेय ने कहा कि 11 जुलाई को विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन विजय मांझी स्टेडियम में किया जाएगा। जिसकी रूपरेखा सहित कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बैठक का आयोजन किया जाना है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को दायित्व दिये गये। मौके पर मंडल उपाध्यक्ष रामेशोल टुडू, मंडल मंत्री रॉबर्ट मालतो, कोषाध्यक्ष भुजल मंडल, युवा मोर्चा अध्यक्ष विष्णु पहाड़िया, एसटी मोर्चा मंडल अध्यक्ष बनेश्वर सोरेन, बूथ अध्यक्ष जमीन हेम्ब्रम, पंचायत संयोजक डेविड मालतो, विल्सन पहाड़िया, भुनेश्वर टुडू, शिवधन मुर्मू, बूथ अध्यक्ष पतरास पहाड़िया, निर्मल पहाड़िया सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।
आठवीं के छात्रों के बीच साइकिल वितरण
लिट्टीपाड़ा/संवाददाता। उन्नति का पहिया कार्यक्रम के तहत सोमवार को प्रखंड के दो विद्यालय के छात्रों के बीच साइकिल का वितरण प्रखंड संसाधन केंद्र परिसर में किया गया। बीपीओ आतिश भट्टाचार्य ने बताया प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय चीतलो एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय पथरिया के छात्रों के बीच 28 साइकिलों का वितरण किया गया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के तहत प्रखंड क्षेत्र के सभी मध्य एवं उच्च विद्यालय के आठवीं के छात्रों के बीच 1360 साइकिल का वितरण किया जाएगा। अभी तक आधा दर्जन से अधिक विद्यालय के छात्रों के बीच 315 साइकिल का वितरण किया गया है। बाकी विद्यालयों के शिक्षकों को साइकिल वितरण को लेकर आवश्यक दिशा- निर्देश दिया गया। बारी-बारी से साइकिल का वितरण किया जा रहा है।
अग्निवीर वायु पदों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू
-योग्य अभ्यर्थी आठ से 28 जुलाई, 2024 तक कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन
पाकुड़/संवाददाता। भारतीय वायु सेना ने अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीर वायु पदों के लिए अविवाहित भारतीय पुरुष और महिला उम्मीदवारों की भर्ती के लिए अधिसूचना जारी किया है। बताया गया है कि भारतीय वायुसेना के अग्निवीर वायु के लिए पंजीकरण प्रक्रिया सोमवार को आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं। अग्निवीर वायु की भर्ती के लिए 08 जुलाई, 2024 को पूर्वाह्न 11 बजे से 28 जुलाई, 2024 को रात 11 बजे तक भारतीय वायु सेना की वेबसाइट पर लॉग इन कर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। इस भर्ती में 03 जुलाई 2004 से 03 जनवरी, 2008 के बीच जन्मे अविवाहित पुरुष और महिला उम्मीदवार भाग ले सकते हैं। 12वीं विज्ञान में गणित, भौतिक और अंग्रेजी विषय में 50 फीसदी अंक से पास होना अनिवार्य है। वहीं तीन वर्षीय डिप्लोमा धारक या 02 वर्षीय वोकेशनल कोर्स पास उम्मीदवार आवेदन के लिए पात्र हैं। साथ ही इच्छुक अविवाहित पुरुष और महिला उम्मीदवार भर्ती से संबंधित सभी नियमों की जानकारी भारतीय वायुसेना की वेबसाइट पर देख सकते हैं।
राष्ट्रीय लोक अदालत 13 को
पाकुड़/संवाददाता। आगामी 13 जुलाई को होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए झालसा के निर्देश पर सोमवार को व्यवहार न्यायालय में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शेषनाथ सिंह की अध्यक्षता में अहम बैठक हुई। बैठक में न्यायिक दंडाधिकारी, इंश्योरेंस कंपनी के अधिवक्तागण, वादी के अधिवक्तागण, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव अजय कुमार गुड़िया मौजूद थे। बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने को लेकर कई दिशा-निर्देश दिये गये। लंबित मामले को अधिक से अधिक संख्या में निष्पादन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका विद्यालय में सड़क दुर्घटना में कमी लाने को लेकर जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन
-जिले में सड़क दुर्घटना में 48 लोगों की मौत और 16 लोग हुए घायल
पाकुड़/संवाददाता। जिले भर में सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने को लेकर मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका विद्यालय में जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक रितेश कुमार सिंह की मौजूदगी में जागरुकता कार्यक्रम किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को सड़क सुरक्षा के सभी नियमों का पालन करने, सड़क पर वाहन चलाने के नियम एवं तरीके, हेलमेट का उपयोग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने, तेज गति से वहां न चलने, ड्राइविंग लाइसेंस का उपयोग, ड्राइविंग लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया, हिट एंड रन से मिलने वाले मुआवजा के बारे में नेक नागरिक के दायित्व एवं अन्य के बारे में विस्तार से बताया गया। जिला परिवहन विभाग के अनुसार जनवरी-2024 से जून-2024 तक 48 सड़क दुर्घटनाएं हुई। जिसमें 48 लोगों की मृत्यु हुई और 16 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी विद्यार्थियों ने सड़क परिवहन के सभी नियमों का पालन करने को लेकर प्रतिज्ञा ली। बारिश के मौसम में सुरक्षित परिवहन के बारे में चर्चा की गई। जागरुकता कार्यक्रम में सभी शिक्षक, रोड इंजीनियर एनालिस्ट अजहद अंसारी, आईटी अस्सिटेंट अमित कुमार राम समेत अन्य उपस्थित थे।
राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस आज
पाकुड़/संवाददाता। राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने शहर स्थित योग भवन में मंगलवार को झंडोत्तोलन और संगोष्ठी का आयोजन करेंगे। यह जानकारी परिषद के नगर मंत्री हर्ष भगत ने दी।
पांच-पांच बूथ कार्यकर्ताओं को किया जाएगा सम्मानित
अमड़ापाड़ा/संवाददाता। आगामी 11 जुलाई को विजय संकल्प अभिनंदन विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को सफल बनाने के लिए प्रखंड मुख्यालय में भाजपा के मंडल अध्यक्ष आशीष हेंब्रम की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष बाबूधन मुर्मू और भाजपा नेता बबलू भक्त मौजूद थे। दोनों नेताओं ने बारी-बारी से कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को सफल बनाने के लिए कई दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में पांच-पांच बूथ कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया जाएगा। बैठक में सुनील मंडल, सुनील पहाड़िया, अनिल पहाड़िया समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।
कांग्रेस की बैठक में विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा
पाकुड़/संवाददाता। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी के साथ-साथ स्थानीय मुद्दे को लेकर शहर के कांग्रेस भवन में सोमवार को झारखंड प्रदेश महासचिव सह पाकुड़ जिला प्रभारी तनवीर आलम ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। जिला अध्यक्ष श्रीकुमार सरकार के साथ-साथ प्रखंड अध्यक्ष और कार्यकर्ता मौजूद थे। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा की गई। इसके अलावा जिला प्रभारी आलम ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए सभी बूथ में बूथ समिति गठन करने का आह्वान किया। इसके अलावा पार्टी को सशक्त बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता ग्रामीण क्षेत्र का दौरा करें। बैठक में प्रदेश सचिव सेमीनुल इस्लाम, प्रखंड सह 20 सूत्री अध्यक्ष मानसारुल हक, विधायक प्रतिनिधि गुलाम अहमद, जिला प्रवक्ता मुख्तार हुसैन सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।
प्रखंड में बेधड़क हो रही है प्रतिबंधित लॉटरी की बिक्री
पाकुड़िया/संवाददाता। प्रतिबंधित लॉटरी की बिक्री पाकुड़िया बाजार, तालवा चौक, गणपुरा बाजार और कई अन्य ग्रामीण इलाकों में बेधड़क हो रही है। बताते चलें कि पाकुड़िया चौक, गणपुरा चौक, तलवा चौक समेत गांव में लॉटरी टिकट बेचने वालों का नेटवर्क तेजी से फैल रहा है। बताया जा रहा है कि रोजाना लाखों रुपए से अधिक लॉटरी का धंधा चल रहा है। इस धंधे में बड़े-बड़े लोग शामिल हैं। थोक में लॉटरी की बिक्री पाकुड़िया प्रखंड के कई इलाकों में कर रहे हैं। थोक विक्रेता से खुदरा विक्रेता लॉटरी खरीद कर लोगों को अधिक रुपया का लालच देकर लॉटरी की बिक्री करते हैं। वहीं पुलिस प्रशासन से बचने के लिए लॉटरी माफिया इन दिनों व्हाट्सएप पर लॉटरी बेचते देखे जा रहे हैं।