जामताड़ा। संवाददाता। जामताड़ा जिला में स्वास्थ्य क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए सदर अस्पताल जामताड़ा में पदस्थापित विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ दुर्गेश झा राज्य स्तर पर अव्वल रहे हैं। यह उपलब्धि उन्हें दो क्षेत्र में काम करने पर मिला है। एक टेली मेडिसिन के क्षेत्र में जामताड़ा जिला जून महीने में राज्य में टॉप पर रहा है। टॉप टेन की सूची में जामताड़ा जिला पहले प्रथम पद पर रहा। डॉक्टर दुर्गेश झा ने 4312 मरीजों को चिकित्सीय परामर्श उपलब्ध कराया है। वहीं राज्य में दूसरे स्थान पर रांची और तीसरे स्थान पर बोकारो रहा है। इसके लिए जिला स्तर पर उन्हें सम्मानित भी किया गया है।
दूसरी ओर, डॉक्टर झा जनसंख्या नियंत्रण को लेकर चलाया जा रहे अभियान में भी बेहतर उपलब्धि हासिल की है। परिवार नियोजन कार्यक्रम के तहत उन्होंने अपनी टीम के साथ के 1 वर्ष में 1400 से अधिक महिला बंध्याकरण एवं पुरुष नसबंदी का सफल ऑपरेशन किया है। यह ऑपरेशन उन्होंने सिर्फ मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल ही नहीं बल्कि नाला, कुंडहित, जामताड़ा एवं सीएससी नारायणपुर में कैंप के माध्यम से किया है। जिला स्तर पर उन्होंने पुरुष नसबंदी और ट्यूबेक्टॉमी में सर्वश्रेष्ठ सर्जन के लिए पुरस्कार मिला है।
बता दें की डॉक्टर झा के साथ नारायणपुर प्रखंड के बिना तिर्की, सदर अस्पताल की मान्य भारती, कुंडहित की रेवती मन्ना, नाला की संगीता मुर्मू, तथा नारायणपुर की रिंकू कुमारी को भी पुरस्कृत किया गया है। इसके अलावा साहिया बसंती मरांडी, बेबी देवी, विपुल मंडल, राधा रानी सूची में शामिल है।
जन्म-मृत्यु निबंधन को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित
कुंडहित। संवाददाता। शुक्रवार को प्रखंड सभागार में जन्म-मृत्यु निबंधन को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन बीडीओ जमाले राजा की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में प्रशिक्षक के रुप में जनसेवक चंचल दास उपस्थित थे। प्रशिक्षक ने उपस्थित कर्मियों को जानकारी देते हुए बताया जन्म हो या मृत्यु दोनों का निबंधन होना जरूरी है। राज्य सरकार ने 1 जुलाई से जन्म-मृत्यु निबंधन के लिए नए ऐप लागू किया है। इस नए ऐप के जरिए जन्म हो या मृत्यु दोनों का निबंधन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि नए नियम के तहत घर से किसी स्वास्थ्य संस्था के लिए निकले जिसमें रास्ते में गर्भवती महिला को बच्चा जन्म हो जाते हैं और वाहन उस स्वास्थ्य संस्था में जाकर रुकती है तो उसी स्वास्थ्य संस्था से बच्चे का जन्म निबंधन पत्र प्राप्त होगी। ठीक उसी प्रकार किसी बीमार व्यक्ति को घर से किसी स्वास्थ्य संस्था ले जा रहे हैं और वह रास्ते में मृत्यु हो जाती है और वह गाड़ी जाकर स्वास्थ्य संस्था में रूकती है तो इसी स्वास्थ्य संस्था को मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि किसी दुर्घटना में घायल व्यक्ति को रास्ते से उठाकर अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में मृत्यु हो जाए और वह जाकर थाना में रूकती है तो उसी संस्था द्वारा मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा। सड़क दुर्घटना में जिस पंचायत क्षेत्र में दुर्घटना होगी, उसी पंचायत से उस मृत व्यक्ति का मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा। चाहे वह कुंडहित का हो या कोलकाता के हो। प्रशिक्षण के माध्यम से वीडियोग्राफी के माध्यम से उपस्थित पंचायत सचिव एवं चिकित्सकों को विस्तारपूर्वक जानकारी दिया गया। मौके पर उक्त अधिकारी के अलावे आयुष चिकित्सक डा तापस मंडल, बीपीआरओ परमेश्वर रजक, पंचायत सचिव रंजीत मरांडी, अंजु देवी, जगदीश मंडल, होपना हेम्ब्रम, मुंशी मुर्मू आदि उपस्थित थे।
विभिन्न गांव में प्रमुख व जिप प्रतिनिधि ने किया मक्का बीज का वितरण
नाला। संवाददाता। नाला प्रखंड अंतर्गत कास्ता पंचायत के कुंबेदिया एवं कालीपाथर गांव में प्रखंड प्रमुख कलावती मुर्मू ने बिरसा फसल विस्तार योजना अंतर्गत मक्के के बीज का वितरण क्लस्टर के किसान समूहों के बीच में किया गया। इस दौरान उपस्थित किसानों को प्रमुख कलावती मुर्मू ने मोटे अनाज की खेती से होने वाले फायदे के बारे में बताया गया तथा किसानों को व्यापक पैमाने पर इसकी खेती करने की सलाह दी गई। वही बीटीएम सुजीत कुमार सिंह ने मक्के की आधुनिक खेती की जानकारी दी जिसके तहत किसानों को खेती करते समय पौधा से पौधा की दूरी 20 सेंटीमीटर एवं कतार से कतार की दूरी 70 सेंटीमीटर रखने एवं 3 से 4 सेंटीमीटर के गहराई में बीज को पंक्तिबद्ध तरीके से बोने की जानकारी दी। इस अवसर पर किसान सोनाली टुडू, अशोक हांसदा, हकीम मरांडी, ललिता मरांडी एवं कृषक मित्र गोपीनाथ साधु तथा अबिलाल मुर्मू आदि मौजूद थे। वही श्रीपुर पंचायत के कलाझरिया एवं डिमजोरी गांव में जिला परिषद प्रतिनिधि अजय मंडल, वार्ड सदस्य अर्जुन प्रसाद सिंह एवं बीटीएम सुजीत कुमार सिंह की उपस्थिति में एफपीओ के क्लस्टर समूह के किसानों के बीच एनएफएसएम योजनांतर्गत मक्के का बीज वितरण किया गया। इस दौरान जिप सदस्य प्रतिनिधि अजय कुमार मंडल ने किसानों को मोटे अनाज की खेती की विशेषता की जानकारी दी गई। साथ ही, व्यापक पैमाने पर मोटे अनाज की खेती करने की सलाह दी। मौके पर किसान हरिकृष्णा हेम्ब्रम, राजेन्द्र सोरेन, सुधीर हेम्ब्रम, रविनाथ सोरेन, जगदीश हांसदा, सोमू पंडित, जयंती देवी, दिलीप मिर्धा, गंगाधर महतो, एवं कृषक मित्र संजीव कुमार सिंह, अमीन हेम्ब्रम तथा एफ्पीओ से संजय कुमार आदि मौजूद थे।
जन सेवा पार्टी के बैनर तले सदर अस्पताल के समक्ष किया गया धरना प्रदर्शन
जिले में समूचित स्वास्थ्य व्यवस्था बहाल करने को लेकर आंदोलन
जामताड़ा। संवाददाता। जन सेवा पार्टी के बैनर तले जामताड़ा सदर अस्पताल के समक्ष एक दिवसीय धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य रूप से पार्टी के नेता राकेश लाल उपस्थित थे। धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए राकेश लाल ने कहा कि जामताड़ा सदर अस्पताल केवल दिखावे मात्र का रह गया है। यह अस्पताल लोगों को रेफर करने में पूरे राज्य में टॉप है। कहा कि मिहिजाम के कुर्मीपाड़ा में अस्पताल का पूरा ढांचा खड़ा है। बहुत अच्छे तरीके से वहां अस्पताल चल भी रहा था। मगर पता नहीं तब कि भाजपा सरकार किस नशे में थी कि इस अस्पताल को वीरान जगह हांसी पहाड़ी डालडा फैक्टरी के पीछे शिफ्ट कर दिया गया। वहां मरीज इलाज कराएं कि पहले अपना जान बचाए, ऐसी नौबत आ गई है। कहा कि जामताड़ा सिविल सर्जन से यह मांग करते हैं कि अविलंब मिहिजाम के कुर्मीपाड़ा में आम नागरिकों के लिए अस्पताल खोला जाय। तत्काल में डॉ दुर्गेश झा के निजी मकान में चल रहे अटल मोहल्ला क्लिनिक को कुर्मीपाड़ा सरकारी अस्पताल में शिफ्ट किया जाय, जिसका लाभ आम जनता को मिल सके। राकेश लाल के नेतृत्व में जन सेवा पार्टी का प्रतिनिधि मंडल ने जामताड़ा सिविल सर्जन को 10 सूत्री मांग पत्र सौंपा।
मांगों में प्रमुख है सदर अस्पताल जामताड़ा में स्पेशलिस्ट सर्जन उपलब्ध कराया जाय, सदर अस्पताल व स्वास्थ्य केंद्र मिहिजाम में सीटी स्कैन, एमआरआई, यूएसजी, एक्सरे मशीन इत्यादि लगाई जाए, जामताड़ा जिले के हर प्रखण्ड स्तर पर एक उच्च स्तरीय स्वास्थ्य केंद्र खोला जाए, सदर अस्पताल में मरीजों को दवा, सही इलाज, साफ सफाई, शुद्ध पानी और बिजली व्यवस्था उपल्ब्ध कराई जाए, सदर अस्पताल में महिला और पुरुष वार्ड अलग अलग किया जाय, सदर अस्पताल में आईसीयू के साथ साथ एक बर्न यूनिट भी खोला जाय, दिव्यांगता जांच शिविर को रोस्टरवाइज हर प्रखण्ड स्तर पर एवं मिहिजाम स्वास्थ्य केंद्र में किया जाय, जामताड़ा जिले के हर स्वास्थ्य केंद्र में एक एएनएम और एक डॉक्टर उपलब्ध कराया जाय सहित अन्य मांग शामिल है। मौके पर मिहिजाम नगर अध्यक्ष पवन देव रॉय, जामताड़ा प्रखण्ड अध्यक्ष पुरन राणा, मंजू देवी ने भी अपने विचार रखे।
मौके पर जन सेवा पार्टी के शंभू शर्मा, चन्द्रशेखर साव, हेमलाल मुर्मू, सुनील हांसदा, तमल हांसदा सहित अन्य मौजूद थे।
अलग झारखंड राज्य आंदोलनकारियों की हुई बैठक
अध्यक्ष मनोरथ मरांडी व उपाध्यक्ष रॉबिन मिर्धा व आनंद लाल मरांडी बने
जामताड़ा। संवाददाता। अलग झारखंड राज्य आन्दोलनकारियों की बैठक शुक्रवार को जामताड़ा सिद्धो कान्हू स्टेडियम में मनोरथ मरांडी की अध्यक्षता में किया गया, जिसमें जामताड़ा जिला इकाई का गठन किया गया, जिसमें अध्यक्ष पद के लिये भी मनोरथ मरांडी, उपाध्यक्ष रोबिन मिर्धा एवं आनंद लाल मरांडी, सचिव पद के लिए अनिल सोरेन, सह सचिव रामलाल मरांडी, कोषाध्यक्ष रोहिनी मरांडी एवं 11 कार्यकारिणी सदस्य का चयन किया गया, जिसमें बड़ो सोरेन, शिवलाल मुर्मू, जमाल अंसारी, जितेन हांसदा, बाबुधन सोरेन, अविनाश टुडू, अनिल हेम्ब्रम, मनोज राउत, चंचल सरखेल, कन्हैया भैया, सर्जन टुडू, जान मोहम्मद, ज्ञानेश्वर हेंब्रम, ललित राय, नरेश बाउरी शामिल है। बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व जिला कार्यकारी अध्यक्ष आनन्द लाल मरांडी ने कहा कि आयोग द्वारा चिन्हित आंदोलनकारियों को प्रमाण पत्र दिया जाए। अन्यथा 15 अगस्त के बाद आंदोलन करने को बाध्य हो जाएंगे। वही रोबिन मिर्धा ने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों द्वारा अनेक आशा एवं आकांक्षा के अनुरूप अलग राज्य तो बना किंतु 19 साल में कई सरकार आई और गई परंतु झारखंड आंदोलनकारी के बारे में किसी भी सरकार ने सुध नहीं ली। झारखंड आंदोलनकारी की सरकार 2019 में बनी जिनके मुखिया हेमंत सोरेन थे और विरोधियों ने अपने मकसद को पूर्ति करने के लिए सरकार को अस्थिर किया। झामुमो ने करारा जवाब देते हुए झारखंड के टाइगर चंपई सोरेन को मुख्यमंत्री बनाकर के विरोधियों को पतली गली दिखा दी। इस कार्य के लिए झारखंड आंदोलनकारी ही नहीं झारखंड वासियों का आभारी है। इसलिए टाइगर चंपई सोरेन से निवेदन है कि आपने झारखंड राज्य के अनेक उतार-चढ़ाव देखे हैं। इस राज्य को अलग करने में अनेक आंदोलनकारियों ने आहुति दी है। उनके आहुति के अलख जगाने वालों को सरकारी प्रावधान के मुताबिक झारखंड आंदोलनकारियों का जो नियमावली बना है। इस आधार पर सभी आंदोलनकारी को बराबर रूप से सम्मान किया जाए। क्योंकि एक तीर एक कमान सभी आंदोलनकारी एक समान।
मांगों में प्रमुख है वर्तमान में चिन्हित आंदोलनकारी को पहचान पत्र में कोई मंत्री का हस्ताक्षर हो, आंदोलनकरियों को समान रूप से पेंशन दिया जाए, जामताड़ा जिला को प्राप्त आंदोलनकारियों की सूची में अंकित नाम धारियों को अभिलंब पहचान पत्र दिलाया जाए।
विधानसभा अध्यक्ष ने किया स्कूली बच्चों को साइकिल वितरण
झारखंड सरकार की दूरदर्शी सोच के कारण बच्चों को दिया जा साइकिल : विधानसभाध्यक्ष
नाला। संवाददाता। नाला विधायक सह विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो ने शुक्रवार को प्रखंड परिसर में छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल वितरण समारोह का दीपक जलाकर उद्घाटन किया। वर्ष 2023-24 में कक्षा 8 में अध्यनरत 1859 छात्र-छात्राओं को यह साइकिल देने का लक्ष्य रखा गया है। साइकिल मिलने से उन छात्र-छात्राओं में अपार खुशी देखी गई। मौके पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा है कि साइकिल के अभाव में बच्चों की पढ़ाई बीच में ही छूट जाती थी तथा घर से स्कूल तक दूरी तय करने में काफी कठिनाई होती थी। समय भी लग जाता था। झारखंड सरकार की दूरदर्शी सोच के कारण बच्चों को साइकिल प्रदान किया गया है। समय की बचत हो तथा बचे हुए समय में अध्ययन करें। चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि साइकिल वितरण योजना में एपीएल, बीपीएल संबंधी किसी प्रकार का भेदभाव नहीं रखा गया है। सभी स्तर के छात्र-छात्राओं को साइकिल दिया जा रहा है। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से विद्यार्थियों के हित में चलाए गए योजना के ही जानकारी दी। कहा कि कम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस योजना के तहत अब तक कुल 80 स्कूल खोले गए हैं। जहां सीबीएसई पैटर्न में पढ़ाई होगी ताकि गरीब समुदाय के बच्चे अमीरों के बच्चे की तरह उच्च शिक्षा पाने में वंचित न हो। उन्होंने कहा कि मेधावी छात्र के लिए झारखंड सरकार की ओर से डिग्री हासिल करने के एवज में गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना के तहत 15 लाख तक का ऋण देने का भी प्रावधान रखा गया है। उपस्थित बच्चों को मन लगाकर पढ़ने लिखने की अपील की। मौके पर उपविकास आयुक्त निरंजन कुमार ने कहा कि वन भूमि में पट्टा का लाभ उठाएं तथा विभिन्न आम बागवानी से लेकर सरकार द्वारा प्रोत्साहित किए जाने वाले विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। मौके पर आइटीडीए निदेशक जुगनू मिंज, जिला शिक्षा अधीक्षक राजेश कुमार पासवान, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनोज कुमार महतो, 20 सूत्री समिति के प्रखंड अध्यक्ष उज्जवल भट्टाचार्य, प्रखंड प्रमुख कलावती मुर्मू, बीडीओ आकांक्षा कुमारी, अंचल अधिकारी किशोरी यादव, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सर्किल मरांडी के अलावा वासुदेव हांसदा, समर माजि, गुलशन अली, सफीक अंसारी, भव सिंधु लायेक, जनार्दन भंडारी, तपन कुमार राउत समेत जनप्रतिनिधि एवं विद्यार्थी काफी संख्या में उपस्थित थे।