बसंतराय। संवाददाता त्याग, बलिदान का पर्व मोहर्रम के मौके पर बसंतराय प्रखंड अंतर्गत कैथपुरा पंचायत के मांजर गांव के ऐतिहासिक अखाड़ा में अंतरराज्यीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन पूर्व विधायक संजय प्रसाद यादव के सुपुत्र रजनीश यादव, प्रमुख अंजर अहमद, जिप सदस्य एहतेशामुल हक ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान दर्जनों पहलवानों के दांव- पेंच देखने के लिए कई जनप्रतिनिधि के साथ-साथ भारी संख्या में झारखंड, बिहार के लोग मौजूद थे। प्रतियोगिता में झारखंड, बिहार, उत्तरप्रदेश, नेपाल, सहित अन्य प्रदेशों के पहलवान अपने-अपने दांव-पेंच दिखाने अखाड़ा पहुंचे थे। पहलवानों ने भी लोगों को निराश नहीं किया। एक के बाद एक कुश्ती में दांव-पेंच दिखा कर खूब तालियां बटोरी। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार बसंतराय प्रखंड के छौपाल यादव, मेदनीचक, हारून पहलवान महागामा को दिया गया। जिन्हें मुख्य अतिथि पूर्व विधायक संजय प्रसाद यादव के हाथों दस हजार प्रोत्साहन राशि के रूप में दिया गया। द्वितीय पुरस्कार मिथिलेश पहलवान उत्तरप्रदेश, अफसर पहलवान बल्लनचक, प्रमुख अंजर अहमद, जिप सदस्य एहतेशामुल हक, जिप सदस्य अरशद वहाब के हाथों सात हजार रुपया दिया जबकि तृतीय पुरस्कार खालिद पहलवान मांजर और आजाद पहलवान पचुआकित्ता को दिया गया। पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक संजय प्रसाद यादव ने कहा कि मिट्टी से जुड़े हुए इस खेल को और अत्यधिक रोचक और उपयोगी बनाने के लिए उनकी ओर से हमेशा प्रयास किया जाता रहा है। उन्होंने पहलवानों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि रेसलिंग खेल में भी अपार संभावनाएं हैं। रेसलिंग से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ियों की विशेष पहचान बनती है। उन्होंने शानदार आयोजन के लिए कमेटी के सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापन दिया। बताते चलें कि ऐतिहासिक अखाड़ा मांजर में कई दशक से मोहर्रम के मौके पर विराट कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन होता आ रहा है। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष दिनेश यादव, पूर्व प्रमुख नूर मोहम्मद, बीस सूत्री अध्यक्ष सुल्तान अहमद, झामुमो नेता इरफान आलम, याहया सिद्दीकी, मुखिया आलमगीर आलम, परवेज मुल्ला, मुखिया शाहबाज आलम, प्रमोद यादव, नसीम अख्तर सहित कमेटी के सदस्य उपस्थित थे।
राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य डॉ. आशा लकड़ा ने की विभागवार समीक्षा
-जिला सामाजिक सुरक्षा विभाग को डोर टू डोर सर्वे करते हुए बुजुर्गों को पेंशन योजनाओं से आच्छादित करने का दिया निर्देश
गोड्डा। संवाददाता डीआरडीए स्थित सभागार में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग, नई दिल्ली के सदस्य डॉ. आशा लकड़ा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान डीसी जिशान कमर, एसपी नाथू सिंह मीणा, डीडीसी स्मिता टोप्पो सहित अन्य वरीय अधिकारी मौजूद रहे। राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के संबंध में संबंधित अधिकारियों को बताया गया कि इसकी स्थापना अनुसूचित जनजातियों को शोषण के विरुद्ध सुरक्षा उपाय प्रदान करने के साथ-साथ उनके सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक हितों की रक्षा करने के लिए की गई। वहीं समीक्षा के क्रम में सर्वप्रथम स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से जिले के विभिन्न अस्पतालों में स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए विभिन्न स्वास्थ्य केन्द्रों में उपलब्ध संसाधनों की जानकारियां प्राप्त की गई। कल्याण विभाग की समीक्षा के क्रम में उन्होंने बताया कि बुधवार को गोड्डा भ्रमण के दौरान गोड्डा कॉलेज एवं महिला कॉलेज अवस्थित ब्वॉयज एवं गर्ल्स हॉस्टल का निरीक्षण किया गया। उन्होंने अनुसूचित जनजातियों के कल्याण व विकास के लिए कार्यान्वित योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। बैठक के क्रम में आयोग की ओर से विभागवार समीक्षा की गई। समीक्षा क्रम में आयोग ने शिक्षा विभाग अंतर्गत संचालित सभी विद्यालय में पढ़ने वाले अनुसूचित जनजाति समुदाय के विद्यार्थियों की संख्या से संबंधित रिपोर्ट, शिक्षकों की संख्या, नियुक्ति प्रक्रिया और उपलब्ध शिक्षकों से संबंधित प्रतिवेदन की मांग की। बैठक के दौरान ब्वॉयज एवं गर्ल्स हॉस्टल का निर्माण करने के लिए प्रस्ताव बनाने की बात कही गई। साथ ही साथ महिलाओं के लिए सुरक्षा व्यवस्था में सुधार लाने के लिए सुरक्षा प्रहरी प्रतिनियुक्त करने के निर्देश दिए गए। वहीं जिला सामाजिक सुरक्षा विभाग को डोर टू डोर सर्वे करते हुए बुजुर्गों को पेंशन योजनाओं से आच्छादित करने का निर्देश दिया। समीक्षा के क्रम में आयोग के सदस्य डॉ. आशा लकड़ा ने एसपी से जिले में होने वाली गतिविधियों की भी जानकारी ली। उन्होंने ह्यूमन ट्रैफिकिंग के केस पर कड़ी नजर रखने की बात कही। साथ ही उन्होंने कहा कि जिले से बाहर यहां की महिलाएं-युवतियां कार्य करने बाहर जाती है, उनका अनिवार्य रूप से थाना में रिकॉर्ड रखे जाएं। बैठक के क्रम में उनकी ओर से विभिन्न विभागों यथा खाद्य आपूर्ति विभाग, सामाजिक सुरक्षा कोषांग विभाग, समाज कल्याण विभाग, श्रम विभाग, खनन विभाग, उद्योग विभाग, भू-अर्जन, पेयजल, स्वच्छता प्रमंडल विभाग, मनरेगा, जेएसएलपीएस, वन विभाग, पुलिस विभाग सहित अन्य विभागों के विभागीय अधिकारियों से जानकारी लेकर आवश्यक सुधार के लिए दिशा-निर्देश दिया गया। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी गोड्डा बैद्यनाथ उरांव, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गोड्डा जेपीएन चौधरी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी गोड्डा रितेश जायसवाल, जिला नजारत उपसमाहर्ता, गोड्डा श्रवण राम, जिला परिवहन पदाधिकारी सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी गोड्डा कंचन कुमारी भुदोलिया, संबंधित प्रखंडों की बीडीओ और सीओ, विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता सहित कार्यालय प्रधान मौजूद थे।
वर्तमान राज्य सरकार में महिला उत्पीड़न, बलात्कार, शोषण और अपहरण की घटनाएं बढ़ी : अमिता
गोड्डा। संवाददाता दुमका के पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष सह गोंडा जिला प्रभारी (महिला मोर्चा) डॉक्टर अमिता रक्षित गोड्डा जिले के विभिन्न मंडलों में बैठक किया। महिला अत्याचार, अपहरण, बलात्कार एवं महिला दुष्कर्म के खिलाफ डीसी कार्यालय के समक्ष धरना और घेराव की तैयारी के लिए महिलाओं के साथ बैठक की।
डॉ. अमिता रक्षित ने कहा वर्तमान राज्य सरकार में महिला उत्पीड़न, बलात्कार, शोषण एवं अपहरण की घटनाएं बहुत बढ़ी है। इसकी रोकथाम के लिए डीसी कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना तथा घेराव कार्यक्रम करने जा रहे हैं। आज तक महिलाओं को अगर सम्मान देने का काम किया है तो वह मोदी सरकार ने किया है। यह सम्मान महिलाओं को शौचालय के रूप में, आवास के रूप में, ट्रेनिंग देकर महिला स्वावलंबी बनाने आदि विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने का काम किया है। रघुवर सरकार ने जमीन महिलाओं के नाम पर रजिस्ट्री होने पर एक रुपए में रजिस्ट्री का सुनहरा अवसर दिया था। वर्तमान सरकार ने योजना बंद करके महिला विरोधी काम और महिलाओं को अपमानित करने का काम किया है। इसी सब के विरोध में एक दिवसीय धरना तथा कार्यालय घेराव का कार्यक्रम किया जाना है। कार्यक्रम में पांच हजार से अधिक संख्या की महिलाएं उपस्थित रहेंगी। सभी मंडल अध्यक्ष को कहा कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में महिलाओं को लाकर कार्यक्रम को सफल बनाएंगे। कार्यक्रम पथरगामा मंडल, गायचंद मंडल, गोड्डा ग्रामीण मंडल, विशाहा मंडल में बैठक किया गया। उक्त बैठक में जिला अध्यक्ष डोली गुप्ता, लीलसी हेंब्रम, प्रतिमा भारती, गीता देवी, बिंदु देवी, टंपल कुमारी, पूजा कुमारी, पिंकी देवी, उषा कुमारी, मीरा देवी, सुलोचना कुमारी, प्रेमलता देवी आदि मौजूद रहीं।
विधि-व्यवस्था बनाये रखने को लेकर खैराटीकर में मौजदू रहे पुलिस प्रशासन
-बिशनपुर गांव से निकाला गया जुलूस
हनवारा। संवाददाता कड़ी सुरक्षा के बीच शहादत और बलिदान का त्योहर मोहर्रम बुधवार को महागामा प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच श्रद्धा व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। बुधवार सुबह हनवारा क्षेत्र के कोयला, बिसनपुर, गढ़ी, मिल्की, हनवारा, शहजादपुर आदि गांव से सैकड़ों लोगों द्वारा लाठी, भाला, तलवार के साथ जुलुस निकाल कर खैराटीकर कर्बला पर निशान का मिलान किया गया। जहां आकर्षक नजारा देखते ही बन रहा था। जानकारों के मुताबिक मोहर्रम का यह पर्व पैगम्बर हजरत मोहम्मद सल्ल. के नवाजे हजरत इमाम हुसैन की शहादत की याद में मोहर्रम की 10वीं तारीख यानी चौथे आशुरा को मनाया जाता है। त्योहार के मौके पर कोयला, परसा, नयानगर आदि जगहों पर आकर्षक ताजिया व निशान लगाये गए। साथ ही मेला का आयोजन किया गया। साथ ही युवाओं ने लाठी, भाला व तलवार का आकर्षक एवं खतरनाक खेल दिखाया गया। कई जगहों पर बुजुर्ग झरनी के साथ मरसिया गाते दिखाई दिये। इस मौके पर खैराटीकर में हनवारा थाना के पुलिस जवान शांति बनाए रखने में सक्रिय दिखे। वहीं मेले में काफी संख्या में आईआरबी महिला, पुरुष जवानों की मौजूदगी देखी गई। कई जगहों पर स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बुद्धिजीवी वर्ग के लोग सौहार्दपूर्ण माहौल बनाने में सक्रिय दिखे। हनवारा, बिसनपुर, गढ़ी, शहजादपुर, कोयला गांव में ताजिया के साथ जुलूस निकाला गया। इस अवसर पर प्रखंड क्षेत्र के खैराटीकर व अन्य कर्बला मैदानों में खेल का आयोजन कर लोगों ने शस्त्रों के साथ करतब दिखाया। खैराटीकर के करबला मैदानों में जंग के समूह ने विभिन्न खेलों का आयोजन किया। इस दौरान क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल में पर्व समापन कराने को लेकर महागामा एसडीओ, एसडीपीओ, बीडीओ, सीओ सहित हनवारा थाना प्रभारी राजन कुमार पुलिस बल के साथ लगातार निगरानी कर रहे थे।
अनियंत्रित बाइक सवार सड़क दुर्घटना में घायल
मेहरमा। संवाददाता स्थानीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत डोय अमौर मुख्य सड़क के बीच चल रहे पाइप लाइन निर्माण कार्य के पास मंगलवार दोपहर एक बाइक सवार अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ा। जिससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं ग्रामीणों की मदद से मेहरमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। घायल की पहचान बिहार के इशीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दौलतपुर गांव निवासी के रूप में हुई है।
ट्रैक्टर की बैटरी चोरी करने का प्रयास करते युवक पकड़ाया
मेहरमा। संवाददाता स्थानीय थाना क्षेत्र के अमजोरा-पिरोजपुर पंचायत अंतर्गत सरकारी शराब दुकान के समीप बंद आइसक्रीम फैक्ट्री के पास बीते मंगलवार दोपहर एक ट्रैक्टर की बैटरी चोरी करने का प्रयास करते हुए एक युवक को पकड़ा गया। इसके बाद उसकी जमकर धुनाई हुई। वहीं चोरी की घटना सुनकर आसपास के काफी लोगों की भीड़ जमा हो गयी। वहीं घटना की सूचना मेहरमा पुलिस को मिलते ही पुलिस के अधिकारी पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए। ं खबर लिखे जाने तक किसी व्यक्ति की ओर से लिखित शिकायत नहीं की गई थी। मिली जानकारी के अनुसार पकड़ा गया चोर को पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया गया।
कड़ी सुरक्षा के बीच मोहर्रम शांतिपूर्वक संपन्न
मेहरमा। संवाददाता शहादत का पर्व मोहर्रम शांति और सद्भाव साथ ही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मेहरमा और ठाकुरगंगटी थाना क्षेत्र में मनाया गया। इमाम हुसैन के शहादत दिवस के रूप में मनाया जाने वाला मोहर्रम शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। इस अवसर पर ठाकुरगंगटी एवं मेहरमा थाना क्षेत्र के विभिन्न अखाड़ा कमेटी की ओर से निकाले गए ताजिया जुलूस में लोगों ने एक से बढ़कर एक करतब दिखाए। जुलूस में शामिल लोगों ने हाथों में अलम लहराते हुए हजरत इमाम हसन-हुसैन की याद में या हसन या हुसैन या अली सहित अन्य नारे लगा रहे थे। त्योहार को लेकर प्रशासन की ओर से जुलूस के दौरान प्रभारी मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारी के साथ-साथ अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती की गई थी। सुरक्षा का व्यापक प्रबंध किया गया था। बुधवार को आयोजित मोहर्रम के दौरान महागामा एसडीओ मेहरमा थाना क्षेत्र के संवेदनशील एवं पूर्व से विवादित गांव पहुंच कर मोहर्रम जुलूस का जायजा लिया और लोगों से शांतिपूर्ण त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने लोगों से कहा किसी प्रकार की शांति भंग होती है तो दोषी व्यक्तियों को किसी भी सूरत में बख्सा नहीं जाएगा, कठोर कार्रवाई होगी। हालांकि देर शाम खबर लिखे जाने तक दोनों थाना क्षेत्र में शांतिपूर्ण त्योहार मनाने की सूचना प्राप्त हुई है। इधर मेहरमा थाना प्रभारी नीतिश अश्विनी खुद सभी मोहर्रम जुलूस पर नजर बनाए हुए थे। पुलिस प्रशासन के सहयोग से कड़ी सुरक्षा के बीच ताजिया के साथ-साथ चल रहे जुलूस को शांतिपूर्ण संपन्न कराया गया।