सर्वश्रेष्ठ क्लब का पुरस्कार समेत कई सम्मान हासिल किया
- यह पुरस्कार सभी सदस्यों की मेहनत और प्रतिबद्धता का परिणाम : सारिका
देवघर/नगर संवाददाता। जमशेदपुर में आयोजित इनर व्हील क्लब डिस्ट्रक्टि 325 के 39वें वार्षिक पुरस्कार समारोह में इनर व्हील क्लब देवघर की आईपीपी सारिका साह 2023-24 अध्यक्ष, 2024-25 की अर्चना भगत तथा पीपी अंजू बैंकर ने शिरकत की तथा अपने उत्कृष्ट कार्यों के लिए कई प्रतिष्ठित पुरस्कार जीते। इस पुरस्कार समारोह 2023-24 की डिस्ट्रक्टि चेयरमैन डॉ रागिनी रानी की अध्यक्षता में शुरू हुई। मुख्य अतिथि के रूप में अंतरराष्ट्रीय एडिटर मीडिया मैनेजर प्रभा रघुनंदन उपस्थित थी। समारोह में क्लब को सर्वश्रेष्ठ क्लब का खिताब भी मिला, जो देवघर के लिए गर्व की बात है। इसके अलावा सारिका साह को बेस्ट प्रेसिडेंट अवार्ड, कंचन मूर्ति को बेस्ट एडिटर, अर्चना भगत को एफ्फिसिएंट सेक्रेटरी, ज्ञानी मिश्रा को एफ्फिसिएंट आईएसआई सीमा मुंद्रा को एफ्फिसिएंट कोषाध्यक्ष का अवार्ड मिला। 2023-24 के एसोसिएशन गोल ट्रेलब्लेजर के तहत देवघर क्लब को विभिन्न पुरस्कार प्राप्त हुए जिसमे टेक इम्पावर, अडॉप्ट एंड बिल्ड, लीड द यूथ, बिल्ड ब्रांड आइडेंटिटी, जेस्ट फॉर जीरो वेस्ट, इम्पावर गर्ल श्रेणी में बेस्ट क्लब का अवार्ड प्राप्त हुआ। इसके अलावा लांच पैड, आईआईएलएम, राइजिंग स्ट्रांग, राइट्स एंड रेस्पोंसिबिलिटी श्रेणी में आउटस्टैंडिंग क्लब का अवार्ड प्राप्त हुआ तथा सर्वाइकल कैंसर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा गौ अन्नपूर्णा में भी प्रशंसा सम्मान पत्र प्राप्त हुआ। इनर व्हील क्लब देवघर ने विभिन्न सामुदायिक सेवाओं, स्वास्थ्य शिविरों, शिक्षा कार्यक्रमों और सामाजिक सुधार परियोजनाओं में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। क्लब के सदस्यों ने देवघर में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, गरीब और जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा तथा हैप्पी और मॉडल स्कूल बनाना, सर्वाइकल कैंसर जागरूकता एवं वैक्सीनेशन, गौ अनपूर्णा, महिला सशक्तिकरण, कुष्ठ रोगियों के लिए विभिन्न काम, पर्यावरण संरक्षण तथा शहर का सौंदर्यीकरण, दिव्यांग सशक्तिकरण, आदि के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। क्लब की पूर्व अध्यक्ष आईपीपी सारिका साह ने इस अवसर पर अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह पुरस्कार हमारे सभी सदस्यों की मेहनत और प्रतिबद्धता का परिणाम है। देवघर के समुदाय की सेवा करने का हमारा उद्देश्य हमें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है और यह सम्मान हमें और अधिक प्रेरणा देता है। इस अवसर पर क्लब के सदस्यों ने अपने कार्यों और आगामी योजनाओं के बारे में चर्चा की। उन्होंने बताया कि कैसे वे भविष्य में भी देवघर के समुदाय की भलाई के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे। इनर व्हील क्लब देवघर के सदस्यों को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए समारोह में उपस्थित सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह पुरस्कार समारोह इस बात का प्रतीक है कि नि:स्वार्थ सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व का हमेशा सम्मान किया जाता है।
चार दिन से नगर निगम के सफाई कर्मचारी हड़ताल पर, शहर में फैली गंदगी
- श्रावणी मेले की तैयारी को लेकर जिला प्रशासन की बढ़ी परेशानी
देवघर/नगर संवाददाता। विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला को लेकर जिला प्रशासन जहां तैयारी में जुटा हुआ है। वहीं देवघर नगर निगम के सफाई कर्मचारी चार दिन से हड़ताल पर जाकर जिला प्रशासन के लिए परेशानी खड़ा कर दिया है।
दरअसल नगर निगम के 750 कर्मचारी अपनी पांच सूत्री मांगों को लेकर झारखंड लोकल बॉडीज इंप्लाइज फेडरेशन के बैनर तले हड़ताल पर चले गए हैं। हड़ताल पर जाने से शहर के विभिन्न चौक-चौराहे की सफाई व्यवस्था पूरी तरह से ठप दिख रही है। कूड़ा कचरा का अंबार शहर में नजर आ रहा है। झारखंड लोकल बॉडीज एंप्लाइज फेडरेशन के अध्यक्ष संजय मंडल ने कहा कि पिछले कई वर्षों से नगर निगम में काम करने वाले सफाई कर्मचारियों के नियमित स्थायीकरण, बकाया पीएफ और पिछले दो दशक से रुके हुए प्रमोशन की मांग की जा रही है, लेकिन नगर निगम के अधिकारी सफाई कर्मचारियों की मांग को लेकर गंभीर नहीं है। जिस वजह से हड़ताल पर जाना सफाई कर्मचारियों के लिए मजबूरी हो गया है। हालांकि शहर की सफाई व्यवस्था फिलहाल प्राइवेट कंपनी एमएसडब्लूयएम द्वारा संचालित किया जा रहा है, लेकिन श्रावण के महीने में शहर पर बढ़ने वाले लोड की वजह से कहीं ना कहीं प्राइवेट स्तर पर काम करने वाले कर्मचारियों के लिए सफाई व्यवस्था को कायम रखना एक चुनौती है। सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष संजय मंडल ने कहा कि 10 जुलाई को ही हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन नगर निगम के अधिकारियों द्वारा इस पर कोई संज्ञान नहीं लिया गया। जिस वजह से सफाई कर्मचारियों को हड़ताल पर जाना कहीं ना कहीं मजबूरी हो गई। बता दें कि नगर निगम की तरफ से करीब 750 सफाई कर्मचारी काम करते हैं। वहीं प्राइवेट स्तर पर लगभग 300 कर्मचारी काम करते हैं। हड़ताल पर जाने की वजह से शहर के कई जगहों पर शनिवार सुबह से ही कूड़ा कचरा जमा हो गया है। जिससे आम लोगों को खासा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस बाबत देवघर नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त विजय हांसदा से बात कि तो उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की मांग जायज है। उनकी मांगों को लेकर नगर आयुक्त खुद गंभीर हैं। नगर आयुक्त जल्द ही हड़ताल पर गए कर्मचारी की समस्या का निराकरण कर हड़ताल समाप्त करवाने में जुटे हुए हैं। बता दें कि हड़ताल पर जाने से कहीं ना कहीं शहर की सफाई व्यवस्था शनिवार से चरमराने लगी है। अब देखने वाली बात होगी कि नगर निगम के सफाई कर्मचारी की हड़ताल को समाप्त करने के लिए जिला प्रशासन की तरफ से कब तक और क्या कुछ ठोस कदम उठाए जाते हैं। श्रावण मास मेला नजदीक है और मेले से पहले यह हड़ताल को खत्म करना जरूरी है।
फेडरेशन के अध्यक्ष गिरफ्तार, पीआर बांड पर छोड़ा गया : झारखंड लोकल बॉडीज इंप्लाइज फेडरेशन के आवाह्न पर अपनी मांगों को लेकर चार दिनों से हड़ताल कर रहे देवघर नगर निगम के सफाई कर्मी व एमएसडब्ल्यूएम के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू है। एमएसडब्ल्यूएम ने हड़ताली सफाई कर्मियों पर धमकी देने और गाड़ी जला देने का आरोप लगाते हुए मामला पुलिस तक पहुंच गया है। इस बीच शनिवार को जसीडीह थाना पुलिस ने झारखंड लोकल बॉडीज इंप्लाइज फेडरेशन के अध्यक्ष संजय मंडल को गिरफ्तार किया और थाने में एक घंटे रखने के बाद उन्हें पर बांड पर छोड़ा गया।
आयुष शिविर में महिला सहित दर्जनों की हुई जांच
जसीडीह/संवाददाता। आयुष विभाग झारखंड सरकार के निर्देश पर आयुष्मान आरोग्य मंदिर टाभाघाट द्वारा शनिवार को सरस कुंज में आयुष शिविर लगाया गया। जिसमें महिला सहित दर्जनों लोगों की स्वास्थ्य जांच किया गया।आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉ रंजीत कुमार सिंह एवं योग प्रशिक्षक अनुज कुमार ने बसुआडीह, बाघमारा स्थित सरस कुंज वृद्धा आश्रम की 95 वर्षीय दादी मोलिना बोटाल समेत अन्य को मधुमेह, ब्लड प्रेशर आदि जांच कर इलाज किया। डॉ रंजीत ने कहा कि मेरा सौभाग्य है शिविर में वृद्ध माताओं को सेवा करने का अवसर मिला। कहा कि अपने तरफ से भी जो बन पाएगा आगे भी सहयोग करूंगा। वहीं आयुष के योग प्रशिक्षक सह योगगुरु अनुज कुमार ने योग से कैसे स्वस्थ रह सकते हैं उसका उपाय बताया। साथ ही कहा कि योग ही एक ऐसी विद्या है यदि नियमित रूप से किया जाए तो लोग बीमार ही ना होंगे। मौके पर सरस कुंज के सुबोध दुबे आदि उपस्थित थे।