देवघर/वरीय संवाददाता। गुरुवार को अनुमंडल पदाधिकारी, देवघर सागरी बराल द्वारा नगर निगम के विभिन्न वार्डों के अलावा गिधनी पंचायतों में मंईयां सम्मान योजना के लेकर चल रहे विशेष शिविरों का औचक निरीक्षण कर चल रहे कार्यों की वस्तुस्थिति से अवगत हुईं।
अनुमंडल पदाधिकारी ने निरीक्षण के क्रम में वार्ड एवं पंचायत एवं पंचायत सचिवालय में लगे शिविर में उपस्थित भीएलई से अब तक प्राप्त हुए आवेदनों की जानकारी प्राप्त की और उपस्थित अधिकारियों व कर्मियों को निदेशित किया कि यह सुनिश्चित किया जाय कि शत-प्रतिशत योग्य लाभुकों को योजनाओं का लाभ मिले और विशेष शिविर में आने वाले सभी फॉर्म को ऑनलाईन अपलोड करने का कार्य सुचारू रूप से चलता रहे। साथ ही आवेदन लेने के पश्चात आवेदिकों को पावती रसीद अवश्य रूप से देना सुनिश्चित करें। इसके अलावे निरीक्षण के क्रम में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निदेशित किया कि सभी शिविर में भीएलई के साथ आवश्यक ईलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की उपस्थिति सुनिश्चित रहे, ताकि आमजनों को आवेदन देने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि झारखण्ड मुख्यमंत्री मंईयां योजना के तहत 21 से 50 वर्ष तक की महिलाओं को जोड़ने हेतु 15 अगस्त का शिविर का आयोजन किया जायेगा, जिसके पश्चात सीएसी केन्द्र के माध्यम से ऑनलाईन वेबसाईट के माध्यम से एवं ऑफलाईन आवेदन भी पंचायतजमा कर सकते हैं। इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी अनंत झा, संबंधित विभाग के अधिकारी व कर्मी आदि उपस्थित थे।
सांड को पकड़कर सुरक्षित तरीके से भेजा जा रहा है गौशाला
- इस काम में लगी है नगर निगम की टीम
देवघर/वरीय संवाददाता। नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत आवारा पशुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए नगर निगम द्वारा अभियान शुरू किया गया है। इस कड़ी में मंदिर व आस-पास के क्षेत्रों में यत्र-तत्र बढ़ती संख्या में घूम रहे सांडों को श्रद्धालुओं व आमजनों से सुरक्षित करने के उदेश्य से कार्य किया जा रहा है। ऐसे में बीती देर रात से नगर आयुक्त श्री राहुल सिंहा के नेतृत्व में नगर निगम द्वारा चलाया गये इस अभियान में अभी तक दर्जन भर सांड को पकड़ कर सुरक्षित तरीके से गौशाला भेजा गया।
नगर आयुक्त रोहित सिन्हा द्वारा जानकारी दी गयी कि पलामु की एजेंसी राम नंदन वेलफेयर सोसायटी को नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत सांडों के साथ आवारा पशुओं को पकड़ने का काम सौंपा गया है। इस कड़ी में नगर निगम द्वारा सांडों को पकड़ने का काम शुरू कर दिया गया है। साथ ही जितने भी आवारा जानवर शहर के सड़कों पर घूम रहे है, उन्हें नगर निगम द्वारा पकड़ कर गौशाला पहुंचाया जायेगा। इसके अलावे नगर आयुक्त ने पशुपालकों से अपील की है कि अपने जानवर को सड़क पर न छोड़े। ऐसा करने पर नगर निगम उन्हें पकड़ने के बाद गौशाला में देगा और पशुपालकों से जुर्माना भी वसूला जाएगा। यह अभियान निरंतर चलाया जाएगा।
भारत छोड़ो आंदोलन में हिस्सा लेने वाले महान नायकों को श्रद्धांजलि
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवादल के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार ने भारत छोड़ो आंदोलन में हिस्सा लेने वाले महान नायकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी द्वारा का आज के ही दिन (8 अगस्त 1942) आरंभ किया गया भारत छोड़ो आंदोलन की नींव रखी गई थी जिसका मूल्य लक्ष्य भारत से ब्रिटिश साम्राज्य को समाप्त करना व भारत में स्वतंत्रता तथा लोकतंत्र की स्थापना करना था। सही मायने में भारत छोड़ों आंदोलन एक जन आंदोलन तथा देश का सबसे बड़ा आंदोलन था जिसमें लाखों हिंदुस्तानी शामिल थे और जिसकी वजह से अंग्रेज भारत छोड़ने पर मजबूर हो गए थे। यह कहने में कोई अतिशयोक्ति नहीं कि भारत छोड़ो आंदोलन भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन का आखिरी सबसे बड़ा आंदोलन था। जिसने देश की आजादी का मार्ग प्रशस्त किया। आठ अगस्त का दिन भारतीय इतिहास में आजादी की अंतिम लड़ाई के शंखनाद के रूप में याद किया जाता है।
जयंती पर भीष्म साहनी को श्रद्धांजलि
देवघर/वरीय संवाददाता। बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन के पूर्व प्रवक्ता अजय कुमार ने जयंती पर मूर्धन्य लेखक स्वर्गीय भीष्म साहनी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे आधुनिक हिंदी साहित्य के प्रमुख स्तंभों में से एक थे। उन्हें हिंदी साहित्य में प्रेमचंद की परंपरा का अग्रणी लेखक माना जाता है। उन्होंने अपनी लेखनी के जरिए हिंदी साहित्य के जिस विधा को छुआ वह अनमोल ही साबित हुआ। अपनी सादगी व सहजता भरी भाषा से परिपूर्ण लेखनी के जरिए स्वर्गीय साहनी ने हिंदी साहित्य में प्रतिमान स्थापित किया।
एक लाख से अधिक कांवरियों ने किया जलाभिषेक
देवघर/वरीय संवाददाता। राजकीय श्रावणी मेला के 18वे दिन गुरुवार को तकरीबन एक लाख से अधिक कांवरियों ने बाबा पर जलाभिषेक किया। बाबा मंदिर का पट 4:28 में खुलते ही शिव भक्त बोल बम, हर हर महादेव एवं जय शिव के जयकारे लगाने शुरू कर दिये। सुबह में कतार बरमसिया चौक से आगे बढ़ने को आतुर होती रही। लेकिन तेजी से जलार्पण कराने के बाद कतार जलसार पार्क के समीप सिमट गयी। जहां से कांवरियों की कतार मंदिर के लिए बढ़ती रही। कतार में लगे कावरियों को सुव्यवस्थित जलार्पण कराने को लेकर प्रतिनियुक्ति कर्मी सुगमता से सुरक्षित पूजा अर्चना को लेकर तत्पर दिखे।
सूरज राज को किया गया सम्मानित
देवघर/वरीय संवाददाता। रविदास सेवा मंच देवघर ने सूर्य कुमार दास उर्फ सूरज राज को भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा का प्रदेश उपाध्यक्ष झारखण्ड बनाए जाने पर बधाई दिया गया। साथ ही साथ संगठन के प्रति आभार व्यक्त किया। मंच के अध्यक्ष प्रमोद दास ने बधाई देते हुए कहा कि सूरज राज कुशल एवं योग्य संगठनकर्ता है। निश्चित रूप से इनके उपाध्यक्ष बनाए जाने पर संगठन को लाभ मिलेगा। मंच के प्रमुख सदस्य भाजपा नेता अंग्रेज दास ने कहा सबों को जोड़कर चलने का इनमें विशेष गुण है। मौके पर बधाई देने वालों में मंच के अध्यक्ष प्रमोद दास, अंग्रेज दास, कामदेव दास, अनिल कुमार दास, महेश दास, मनीष कुमार दास, संजय दास, योगेंद्र दास, उमाशंकर प्रजापति, नीतू कुमारी, माधुरी राज, अनिता कुमारी, नेहा भारती आदि लोगों ने बधाई दी।
जदयू की बैठक 10 को
देवघर/वरीय संवाददाता। जिला जनता दल यूनाइटेड जिला अध्यक्ष सतीश दास के नेतृत्व में एक दिवसीय कार्यसमिति की बैठक 10 अगस्त को की जाएगी। कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रदेश महासचिव सह कार्यालय प्रभारी श्रवण कुमार उपस्थित रहेंगे। सभी जिला के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, सभी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष, सभी प्रखंड से प्रखंड अध्यक्ष को बैठक में उपस्थित होना अनिवार्य है।
आजसू ने निर्मल महतो को दी श्रद्धांजलि
देवघर/वरीय संवाददाता। गुरुवार को हिंदी विद्यापीठ के सामने आजसू पार्टी कार्यालय में झारखंड राज्य के लिए अपने प्राणों की आहूति देने वाले सच्चे वीर सपूत महान झारखंड आंदोलनकारी आजसू के संस्थापक अमर शहीद निर्मल महतो की शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कर उन्हें याद किया। सभा में मौजूद सभी कार्यकर्ताओं ने उनके जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए उन्हें अपने मन से सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित किया। मौके पर आजसू पार्टी देवघर जिलाध्यक्ष आदर्श लक्ष्य ने कहा कि 1986 में आजसू का गठन निर्मल महतो ने ही किया था। अलग झारखंड राज्य आंदोलन में आजसू की अहम भूमिका रही थी। निर्मल महतो का जन्म 25 दिसंबर 1950 को हुआ था। समाज के दुख-दर्द को गंभीरता से लेते थे, सूदखोरों के खिलाफ आंदोलन चलाया था। सोनारी उलियान में निर्मल महतो की समाधि है। आजसू पार्टी हर साल निर्मल महतो की पुण्यतिथि को शहादत दिवस के रूप में मनाता है। मौके पर केंद्रीय समिति सदस्य शैलेंद्र कुमार सिंह, मुन्ना सिंह टाइगर, व्यापार प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष अनिल झा, एससी महासभा जिला अध्यक्ष आनंद तुरी, जिला उपाध्यक्ष डॉ मनोज कुमार विजय, जिला संगठन सचिव जितेंद्र कुमार गुप्ता, जिला सचिव रविकांत झा जिला सचिव सुनील प्रसाद यादव, जिला प्रधान सह सचिव दीपक कुमार झा समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।
जिला अध्यक्ष ने की भाजपा जिला कमेटी की घोषणा
- पुन: रविंद्रनाथ तिवारी उपाध्यक्ष व अधीरचंद्र भैया बने जिला महामंत्री
देवघर/नगर संवाददाता। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के निर्देशानुसार जिला अध्यक्ष सचिन रवानी ने गुरुवार को भाजपा देवघर जिला कमेटी की घोषणा की। इस बाबत भाजपा जिलाध्यक्ष ने सूची जारी कर दिया है। सूची में कुल 23 जिला पदाधिकारी एवं मंडल अध्यक्षों का नाम शामिल है। भाजपा जिला अध्यक्ष सचिन रवानी, जिला उपाध्यक्ष रविंद्रनाथ तिवारी, कन्हैया झा, पप्पू यादव, राजीव रंजन सिंह, प्रज्ञा झा, जिला महामंत्री अधीरचंद्र भैया, संतोष उपाध्याय, जिला मंत्री बलराम पोद्दार, चंद्रशेखर खवाड़े, विजया सिंह, सुलोचना देवी, जूनियर बाबूलाल मरांडी, महेंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष विनय चंद्रवंशी, कार्यालय मंत्री धनंजय तिवारी, सह कार्यालय मंत्री निरंजन देव, अमनदीप गोलू, जिला मीडिया प्रभारी सचिन सुल्तानिया, सह जिला मीडिया प्रभारी गोपाल वर्मन गोपी, जिला आईटी संयोजक भूषण सोनी, उमाशंकर प्रजापति, जिला सोशल मीडिया प्रभारी अमृत मिश्रा, देवघर नगर अध्यक्ष धनंजय खवाड़े, जसीडीह नगर अध्यक्ष संजय राय, देवघर ग्रामीण मंडल अध्यक्ष ईश्वर राय, मानिकपुर मंडल अध्यक्ष अशोक यादव, देवीपुर मंडल अध्यक्ष जयप्रकाश सिंह, रिखिया मंडल अध्यक्ष मिथिलेश सिन्हा, मोहनपुर मंडल अध्यक्ष विभूति झा, घोरमारा मंडल अध्यक्ष राजेश मंडल, हुसैनाबाद मंडल अध्यक्ष आमोद सिंह, बुढ़ई मंडल अध्यक्ष मनोहर चौधरी, सिमरा मंडल अध्यक्ष विष्णु राउत, मधुपुर ग्रामीण मंडल अध्यक्ष महेंद्र भोक्ता, मधुपुर नगर अध्यक्ष रवि रवानी, करौं मंडल अध्यक्ष दिलीप यादव, मारगोमुण्डा मंडल अध्यक्ष परमेश्वर मंडल, सारवां मंडल अध्यक्ष गौतम राय, सोनारायठाढ़ी मंडल अध्यक्ष मनोज मंडल, पथरड्डा मंडल अध्यक्ष शेखर सिंह, सारठ मंडल अध्यक्ष जयराम पोद्दार, बसाहा मंडल अध्यक्ष त्रिवेणी मंडल, खागा मंडल अध्यक्ष कामदेव यादव, चितरा मंडल अध्यक्ष अशोक हजारी तथा पालोजोरी मंडल अध्यक्ष पिंटू हलदार का नाम शामिल है। भाजपा नई जिला कमेटी की घोषणा होने से कार्यकर्ताओं में हर्ष व्याप्त है।
झारखंड सरकार की पुराने पेंशन को लागू किए जाने के फैसले का शिक्षकों ने किया स्वागत
देवघर/नगर संवाददाता। गुरुवार को स्थानीय रमा देवी बाजला महिला महाविद्यालय के सभी शिक्षकों की एक विशेष बैठक प्रधाध्यापक कक्ष में हुई। जिसमें सभी शिक्षकों ने एक स्वर से झारखंड सरकार के पुराने पेंशन को लागू किए जाने के फैसले का स्वागत किया। हेमंत सरकार के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए महाविद्यालय शिक्षकों ने कहा कि सरकार का यह निर्णय वास्तव में एतिहासिक है। सरकार के इस निर्णय का हम जीवन भर ऋणी रहेंगे। साथ ही सरकार के पुराने पेंशन संबंधित निर्णय से सारे शिक्षक समुदाय उनके प्रति आभार प्रकट करता है। उन्होंने यह उम्मीद जताई कि वर्तमान सरकार विश्वविद्यालय के शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के हितों का इसी तरह से आगे भी समर्थन करती रहेगी। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ सुचिता कुमारी ने सरकार के फैसले का स्वागत किया और सभी शिक्षकों को बधाई दी। शिक्षकों ने इस अवसर पर सभी कर्मियों को मिठाई खिलाकर अपनी खुशियों का इजहार किया और सरकार के प्रति समर्थन दिखाने के लिए एकजुटता का परिचय दिया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक डा रेखा कुमारी गुप्ता, डॉ पीसी दास, डॉ किसलय सिन्हा, डॉ करुणा पंजीयारा, निमिषा रिचर्ड होरो और डॉ नृपांसु लता मौजूद थी।
शहरी इलाके में अब चोर चोरी नहीं लूट को दे रहे हैं अंजाम
- देर रात घर में घुसकर महिलाओं के साथ मारपीट कर हजारों की संपत्ति लुटी
देवघर/संवाददाता। नगर थाना इलाके में अब चोर चोरी नहीं लूट को अंजाम दे रहे हैं। नगर पुलिस चोरों के आगे पस्त दिख रही है। पिछले एक सप्ताह में चोरों ने कई घरों को निशाना बनाते हुए करोड़ों रुपए की संपत्ति की चोरी कर ली लेकिन पुलिस इसका कोई सुराग भी नहीं लगा पायी है। ताजा मामला लूट का है बुधवार की देर रात को चार की संख्या में चोर छत का दरवाजा तोड़कर बम्पास टाउन खोरदह निवासी छवि महतो के घर मेंे लूटपाट को अंजाम दिया। लूटपाट के क्रम में विरोध करने पर घर की महिलाओं के साथ जमकर मारपीट भी की। यहां तक की ण्क एक के दुधमुंहे बच्चे के सिर में मारकर घायल कर दिया। चोर लगभग 80 से 90 हजार के जेवरात और 15 हजार रुपए लूट लिये। मामले को लेकर नगर थाना में गृहस्वामी द्वारा शिकायत दिया गया है। छवि महतो ने बताया की रात के दो बजे के आसपास चार चोर छत का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। वे अपने रूम में सोये थे उन्हें सोया देख चोरों ने बाहर से कमरे का दरवाजा लॉक कर दिया। बताया कि वे बगल में स्थित आईटीआई कॉलेज में दरवानी करते हैं। बुधवार को उनके पेट में ज्यादा दर्द हो गया था तो ड्यूटी पर बेटा देवेन्द्र यादव और पोता धीरन कुमार को बदले में रात्रि ड्यूटी के लिये भेज दिया था। घर में उनके अलावा पत्नी, नतनी जमली देवी और बहू कविता देवी ही थी। बताया कि देर रात को चार की संख्या में आये चोरोंे ने अलमीरा का लॉक तोड़कर चोरी को अंजाम दे रहे थे। उसी दौरान बहू और नतनी जग गयी और चिल्लाने लगी। चिल्लाने पर चोरों ने रड और डंडा से दोनों की पिटाई कर दी। इतना ही नहीं नतीनी के एक वर्षीय बच्चे के भी सिर पर वार कर घायल कर दिया। चोरों ने नकद 15 हजार नकद, सोने का मंगल सूत्र कीमत 40 हजार चांदी का दो मंगलसूत्र कीमत 6000 हजार, सोने का कनवाली एक जोड़ा कीमत 12 हजार, चांदी का चेन दो कीमत 12 हजार, सोने का बच्चे का लॉकेट, चांदी का मठिया लूट लिया। इधर नगर पुलिस शिकायत लेकर छानबीन में जुट गयी है।
लिफ्ट में गिरी महिला की करंट से मौत
देवघर/संवाददाता। नगर थाना इलाके के बाबा मंदिर सिंह दरवाजा इलाके में स्थित एक होटल के लिफ्ट में गिरने से एक श्रद्धालु महिला की मौत हो गई। घटना रात 9 बजे के आसपास की बताई जाती है। सूत्रों ने बताया कि महिला अपने कमरे से निकल कर लिफ्ट में जा रही थी। लिफ्ट का दरवाजा खुला था लेकिन लिफ्ट नीचे या ऊपर तल्ले में लगा था। जैसे ही महिला लिफ्ट के अंदर पैर रखी वह नीचे गिरकर अंदर चली गई। शॉर्ट सर्किट लगने से उसकी मौत हो गई है। जानकारी मिलते ही नगर थाना के एसआई अजय कुमार सिंह सदलबल पहुंचे। वहीं मृत महिला को लिफ्ट से निकालने के लिये अग्निशामन विभाग के कर्मी होटल पहुंचे। उपरंात महिला को लिफ्ट से निकला गया और नगर पुलिस द्वारा पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल भेज दिया गया। मृतका का नाम 50 वर्षीय मीरा पांडेय पति हरी माधव पांडेय है। जो बिहार के पश्चिमी चम्पारण बेतिया जिला के थाना मांझोलिया साकिन झोकराहा की रहने वाली है।
अलग-अलग सड़क हादसे में पांच लोग घायल घायल
देवघर/संवाददाता। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसे मेंे पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। सभी को इलाज के लिये सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जसीडीह थाना इलाके मानिकपुर ओवरब्रिज के पास एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस घटना में ऑटो चालक जसीडीह थाना इलाके के चांदपुर निवासी उदय कुमार यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे 108 नंबर की ऐंबुलेंस से सदर अस्पताल इलाज के लिये पहुंचाया गया।
दूसरी घटना जसीडीह थाना इलाके के दर्दमारा बोर्डर की है। जहां एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक कांवरिया गंभीर रूप से घायल हो गये। घायल का नाम धनबाद जिला के केंदुआ निवासी राजेश कुमार साह है। बताया जाता है कि वह सुल्तानगंज से बाबाधाम आ रहा था। उसी दौरान पीछे से अज्ञात वाहन धक्का मारकर फरार हो गया। इस घटना मंें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहां तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा उसे स्वास्थ्य शिविर पहुंचाया गया। जहां से ऐंबुलेंस के माध्यम से उसे इलाज के लिये सदर अस्पताल भेज दिया गया। जहां उसकी स्थिति को गंभीर होता देख प्राथमिक उपचार के बाद ऑन ड्यूटी डॉक्टर द्वारा बेहतर इलाज लिये बाहर रेफर कर दिया गया। तीसरी घटना बाघमारा बस स्टैंड के पास की है। जहां बस में चढ़ने के क्रम में पीछे से एक अज्ञात वाहन ने उत्तर प्रदेश के देवरिया जिला के दोहरही निवासी कांवरिया सुरेन्द्र यादव को धक्का मार दिया। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिये सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चौथी घटना जसीडीह थाना क्षेत्र के कोठिया मोड़ की है जहां एक टोटो और बाइक में टक्कर हो गयी। इस घटना में बाइक पर बैठे गढ़वा जिला के सोनडीह श्रद्धालु अवधेश साह और नगर थाना क्षेत्र के बरमसिया निवासी रविंद्र चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को इलाज के लिये सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं धक्का मारने वाले टोटो को पुलिस ने जब्त कर लिया है।
त्रिकूट पहाड़ घूमने गये श्रद्धालु की मौत
देवघर/संवाददाता। मोहनपुर थाना क्षेत्र के त्रिकूट पहाड़ में घूमने के लिए गए एक श्रद्धालु की अचानक मौत हो गयी। मृतक का नाम निरंजन कुमार तिवारी है जो बिहार के मुंगेर जिला के कंठपुर नई नगर के रहने वाले हैं। घटना की बावत मुंगेर कंठपुर नई नगर निवासी कृष्ण देव मंडल ने बताया कि निरंजन तिवारी और वह बाबा धाम पूजा अर्चना करने के लिए आए थे। पूजा करने के बाद त्रिकुट पहाड़ घूमने के लिए गए थे। उसी दौरान निरंजन तिवारी की हालत खराब हो गई। उपरांत उसे इलाज के लिए मोहनपुर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां पर जांच के उपरांत डॉक्टर द्वारा निरंजन तिवारी को मृत्यु घोषित कर दिया गया। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मोहनपुर पुलिस स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदन अस्पताल भेज दिया। जहां पर पोस्टमार्टम कर शव को सुरक्षित रख दिया गया है परिजनों को इसकी सूचना दे दी गई है।
सांप के काटने से गंभीर हुए किशोर की इलाज के क्रम में मौत
देवघर/संवाददाता। सांप काटने से गंभीर हुए एक किशोर की इलाज के क्रम में सदर अस्पताल में मौत हो गयी। मृतक का नाम हिंमाशु कुमार है। वह गिरिडीह जिला के पीरटांड़ थाना क्षेत्र के पालगंज का रहने वाला है। परिजनों ने बताया कि वह गांव में ही एक पेड़ से बकरी के लिये पत्ता लाने गया था। उसी दौरान उसे जहरीले सांप ने काट लिया। उपरांत उसे इलाज के लिये देवघर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गयी।
सीक्रेट ऑफ सेल्फ इंपावरमेंट पर चर्चा
देवघर/संवाददाता। ब्रह्मकुमारीज देवघर द्वारा आईएमए हॉल में 12 अगस्त को सीक्रेट ऑफ सेल्फ इंपावरमेंट पर चर्चा का आयोजन किया जायेगा। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप से देश-विदेश के विख्यात हृदय रोक विशेषज्ञ जीवी पंत और प्रो डॉ मोहित गुप्ता व्याख्यान देंगें। यह जानकारी ब्रह्मकुमारीज देवघर की बीके रीता ने दी है। कहा है कि इस मौके पर करीब 100 से 150 चिकित्सक भाग लेने की संभावना है। सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थानों के प्रमुख को भी आंमत्रित किया गया है। कहा कि व्याख्यान देने वाले डॉ मोहित गुप्ता अमेरिकन कॉलेज ऑफ कार्डियोलॉजी के फेलो समेत भारतीय कार्डियोलॉजी सोसाईटी दिल्ली ब्र्रांच के सेक्रेटरी के रूप में सेवायें दे चुके हैं।