मृतका हनवारा थाना क्षेत्र के काला डुमरिया गांव निवासी 28 वर्षीय सरस्वती देवी
मृतका का ससुराल बिहार के भागलपुर जिला अंतर्गत बुद्धूचक है
हनवारा। संवादाता। हनवारा थाना क्षेत्र के काला डुमरिया गांव की विवाहिता सरस्वती देवी 28 वर्ष की मृत्यु दिल्ली सोनीपत में तीन मंजिला इमारत से गिरने से हो गई। बताया जाता है कि विवाहिता की शादी 2018 में बिट्टू रविवार के साथ हुई थी, जो बिहार के भागलपुर जिला अंतर्गत बुद्धूचक गांव का रहने वाला है। शादी के बाद दोनों पति-पत्नी दिल्ली सोनीपत में रहता था। पति मजदूरी कर परिवार का जीवन यापन करता था। घटना के संबंध में परिजन ने बताया कि घटना के दिन किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था, इसके बाद विवाहिता ने तीन मंजिला इमारत से छलांग लगा दी। घटना के बाद महिला को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के बाद घर लाया गया जहां उसकी मृत्यु हो। इसके बाद शव को एम्बुलेंस से लेकर ससुराल काला डुमरिया गांव लाया गया। घटना के संबंध में मृतक के माता-पिता ने अपने ही दामाद बिट्टू दास पर बेटी की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पति शराब पीकर अक्सर बेटी के साथ मारपीट करता था और माता पिता से फोन पर बातचीत भी नहीं करने देता था। बेटी को कमरे में बंद रखता था। घटना के दिन दोनों के बीच झगड़ हुआ था। इस दौरान बेटी के साथ मारपीट भी किया गया था। इसकी जानकारी बेटी ने फोन कर दी थी। शव गांव पहुंचते ही स्वजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है। घटना को लेकर गांव में तरह तरह की चर्चा हो रही है।
नवचयनित पारा लीगल वोलेंटियरों का पांच दिवसीय इंडक्शन ट्रेनिंग प्रोग्राम आयोजित
आपसी समझौता से निष्पादित मामले चिर स्थाई होते हैं : सचिव
गोड्डा। विधि संवाददाता। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से व्यवहार न्यायालय परिसर स्थित लाइब्रेरी हाल में नवचयनित पारा लीगल वोलेंटियरों का पांच दिवसीय इंडक्शन ट्रेनिंग प्रोग्राम का आयोजन किया जा रहा है। प्रशिक्षण शिविर के तीसरे दिन प्रशिक्षु पीएलवी को कानून के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव डा. प्रदीप कुमार ने कहा कि आपसी समझौता से निष्पादित मामले चिर स्थाई होते हैं। इसलिए प्राथमिकी दर्ज होने के पूर्व दोनों पक्षों को समझौना कराने की दिशा में पहल करने की जरुरत है। इसके लिए डालसा के फ्रंट आफिस में सादे कागज पर आवेदन देकर निपटारा कराया जा सकता है। वहीं लोक अदालत, स्थाई लोक अदालत के कार्यों व मुकदमा के निष्पादन के तरीके की जानकारी दी गई। कहा कि संविधान में महिला-पुरुषों को बराबर का दर्जा प्राप्त है। महिलाओं के सशक्तिकरण से ही समाज में व्याप्त कुरीतियों का सफाया हो सकेगा। उन्होंने घरेलु हिंसा अधिनियम पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रताड़ना सहने के बावजूद जो महिलाएं मध्यस्थता के दौरान साथ-साथ रहने पर सहमत हो जाती हैं और घर बसाती हैं, वही महिलाएं आदर्श होती हैं।
हालांकि कानून में भी महिलाओं को अधिकार प्रदत्त है। कहा कि समाज में महिला सशक्तिकरण को लेकर बालिकाओं को सतर्क रहने की जरुरत है। सही उम्र में ही करें शादी। शादी की उम्र लड़की के लिए 18 एवं लड़कों के लिए 21 वर्ष निर्धारित है। इससे पहले शादी करना कानूनी जुर्म है। कहा कि कानून में महिलाओं की रक्षा के लिए पोक्सो कानून बनाया गया है। कानून की नजर में स्त्री की लज्जा भंग करना एक गंभीर अमानवीय अपराध है। ऐसा अपराध नारी की स्वतंत्रता एवं निजी जीवन और निजता पर हमला है, चाहे वह महिला किसी भी उम्र की हो सकती है। कई ऐसे कृत्य हैं जिससे स्त्री की लज्जा भंग होती है। इसके अलावा मध्यस्थ अधिवक्ता अफसर हसनैन, कुंदन ठाकुर, लीली कुमारी, मो. असलम आदि ने भी विचार व्यक्त किए।
खेलो झारखंड राज्यस्तरीय वॉलीबाल चयन प्रतियोगिता में नम्रता सिंह का चयन
गोड्डा। संवाददाता। खेलो झारखंड राज्यस्तरीय वॉलीबाल चयन प्रतियोगिता में पीएम श्री प्लस टू उच्च विद्यालय बुधासन की बालिका नम्रता सिंह का चयन अंडर 17 वर्ग में तथा प्रीति कुमारी का चयन अंडर 19 वर्ग में हुआ है। खिलाड़ियों के चयन पर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक राजीव कुमार ने खुशी व्यक्त की है। विद्यालय के अन्य शिक्षक सुधाकर गुप्ता, संदीप कुमार, राजेंद्र बेसरा, राजेश गुप्ता, राजेश कुमार, गौतम कुमार भगत, अजय कुमार मिश्रा, पिंकी कुमारी, कुमारी नूतन सिंह, मुक्तामणि, सोमशंकर राज, खुसरो परवेज, कंचन कुमारी ने भी बालिकाओं के चयन पर खुशी व्यक्त करते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की है।
दो दिवसीय अंतरराज्यीय बैडमिंटन टूर्नामेंट आयोजन आज
महागामा। संवाददाता। महागामा ऊर्जानगर स्थित स्टाफ क्लब में महागामा बैडमिंटन क्लब की ओर से दो दिवसीय अंतरराज्यीय बैडमिंटन टूर्नामेंट आयोजन किया जाएगा। अंतरराज्यीय बैडमिंटन टूर्नामेंट का आयोजन कल 28 सितंबर शनिवार सुबह दस बजे व 29 सितंबर रविवार शाम चार बजे किया जाएगा। टूर्नामेंट में विभिन्न राज्यों के 32 टीमों के बैडमिंटन खिलाड़ी भाग लिया है, जिसमें झारखंड, बिहार, असम, पश्चिम बंगाल आदि राज्यों के खिलाड़ी भाग लेंगे। वहीं महागामा बैडमिंटन क्लब के सदस्यों ने बताया कि अंतरराज्यीय टूर्नामेंट स्थानीय विधायक सह कृषि मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के विशेष निगरानी में आयोजित किया जा रहा है। वहीं कार्यक्रम में महागामा के सभी प्रशासनिक व ईसीएल पदाधिकारी को निमंत्रित किया गया है। टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रथम पुरस्कार, द्वितीय पुरस्कार, तृतीय पुरस्कार से पुरस्कृत किया जाएगा।
झाड़-फूंक के बहाने आदिवासी महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार
गोड्डा। संवाददाता। देवडांड़ थाना क्षेत्र के ग्राम शामपुर में एक पीड़िता एवं उसके परिजनों को झाड़-फूंक के बहाने नशायुक्त लड्डू खिलाकर उसी घर की तीन महिलाओं सास और पुत्रवधु के साथ छेड़छाड़, उत्पीड़न एवं नशे की अवस्था का फायदा उठाकर घर से पैसे लेकर भागने के आरोप में प्राथमिकी अभियुक्त कुदुस अंसारी, पिता स्व उमादिल अंसारी, साकिन चरकाकोल, पोस्ट घाट कुशमनी, थाना गोड्डा (मुफस्सिल) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। घटना के संबंध में देवडांड़ थाना कांड संख्या 38/24 दिनांक 25.09.2024 धारा 64/76/305 बीएनएस एवं 3/4 डायन प्रथा प्रतिषेध अधिनियम 2001 झारखंड अंकित किया गया। उक्त काण्ड के अनुसंधानोपरान्त काण्ड के प्राथमिकी अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। उक्त छापामारी दल में पुलिस अवर निरीक्षक रोहित कुमार यादव, थाना प्रभारी, पुलिस अवर निरीक्षक अरविन्द कुमार साहनी, देवडांड़ थाना, सहायक अवर निरीक्षक कालीदास हंासदा, देवडांड़ थाना एवं थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
ज्ञात हो कि दो दिन पूर्व पोड़ैयाहाट प्रखंड क्षेत्र के देवदांड़ थाना अंतर्गत एक आदिवासी परिवार के एक सास व दो पुत्रवधु के साथ विशेष समुदाय के एक व्यक्ति ने झाड़ फूंक के नाम पर दुष्कर्म करने के प्रयास का मामला प्रकाश में आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उक्त मामले में आदिवासी महिला के साथ मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धोपरी कजरा चरकाटोला निवासी, 55 वर्षीय कुदुस अंसारी ने घृणित घटना को अंजाम देकर लोगों को शर्मसार कर दिया है। हालांकि पूरे मामले को लेकर पीड़ित परिवारों ने थाना में आवेदन देकर पूरी घटना की जानकारी दी थी। वहीं घटना को चौबीस घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस प्रशासन की ओर से मामला दर्ज नहीं किया गया था, जिसको लेकर पीड़ित आदिवासी परिवारों में प्रशासन को लेकर नाराजगी थी। वहीं इस घटना के बाद विभिन्न राजनीतिक पार्टियों की ओर से प्रशासन पर कई आरोप लगाए जा रहे थे। वहीं कहा जा रहा था कि थाना में आवेदन देने के चौबीस घंटे बीत जाने के बाद भी मामला दर्ज नहीं होना बड़ा सवाल है। कहा कि प्रशासन विशेष व्यक्ति के दवाब पर काम कर रही है। पुलिस के रवैए समझ से परे है। वहीं पूरे मामले पर थाना प्रभारी रोहित कुमार यादव ने बताया था कि थाना में आवेदन दिया गया है। वहीं आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर लगातार छापेमारी की जा रही थी। साथ ही, पीड़िता की मेडिकल कराई गई थी। आज छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।