- गठबंधन धर्म का पालन करे राज्य सरकार
देवघर/वरीय संवाददाता। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सह एआईसीसी के सदस्य के राजू ने कहा है कि झारखंड कांग्रेस में भाजपा के स्लीपर सेल काम कर रहे हैं, जो पार्टी को कमजोर करने में लगे हैं। उन्होंने माना कि कांग्रेस में भाजपा के लोगों की बी टीम है। देवघर में आयोजित कांग्रेस की संगठन सृजन परिचर्चा में इसकी कई शिकायतें भी मिली है। इन शिकायतों की जांच की जाएगी और ऐसे लोगों पर जरूर एक्शन लेंगे, जो कांग्रेस में रहकर भाजपा को मदद कर रहे हैं। प्रदेश प्रभारी सोमवार को स्थानीय वैद्यनाथ विहार होटल में पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में रहने वाले भाजपा के स्लीपर सेल पर एक्शन से पार्टी में यह मैसेज जाएगा कि काम करने वाले और कांग्रेस के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व विचारधारा के साथ चलने वालों को ही स्थान मिलेगा।
कांग्रेस का संगठन सृजन परिचर्चा : तीन जिलों के 94 मंडल-प्रखंड अध्यक्ष और जिलाध्यक्ष से किया संवाद
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी ने देवघर, दुमका, जामताड़ा जिले के 94 मंडल-प्रखंड अध्यक्ष और तीन जिलाध्यक्ष से सीधा संवाद किया। कांग्रेस ने इस बैठक को संगठन सृजन परिचर्चा का नाम दिया है। यह पहला मौका है, जब कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी की ओर से ग्रासरूट के कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित कर संगठन को मजबूत करने की दिशा में पहल की जा रही है। बैठक में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, सांसद फुरकान अंसारी, वरिष्ठ नेता मणिशंकर, जिला बीस सूत्री कार्यक्रम के उपाध्यक्ष डॉ. मुन्नम संजय समेत कई नेता मौजूद में है। संगठन सृजन परिचर्चा में प्रभारी पार्टी को मजबूत करने की दिशा में एक-एक कार्यकर्ता और नेता की बात सुनी गई। इससे पहले गोड्डा में में भी प्रदेश प्रभारी ने साहिबगंज, दुमका और पाकुड़ के प्रखंड व मंडल अध्यक्ष के साथ बैठक कर चुके हैं।
झारखंड कांग्रेस प्रभारी के राजू का इंटक ने किया स्वागत
देवघर/वरीय संवाददाता। सांगठनिक मामले को लेकर झारखंड भ्रमण के दौरान देवघर पहुंचे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कांग्रेस कार्यसमिति के स्थाई आमंत्रित सदस्य सह झारखंड कांग्रेस प्रभारी के राजू का देवघर परिसदन में देवघर जिला इंटक के जिला अध्यक्ष अनंत मिश्रा, झारखंड प्रदेश इंटक के प्रदेश सचिव अजय कुमार, देवघर जिला इंटक के कार्यकारिणी के सदस्य सुधीर कुमार देव एवं प्रमिला देवी तथा देवघर जिला इंटक के सचिव सदाशिव राणा द्वारा अंग वस्त्र एवं मोमेंटो देखकर स्वागत किया गया।
बाबानगरी में 13 मार्च को होलिका दहन व हरिहर मिलन
- बाबा मंदिर के इस्टेट पुरोहित श्रीनाथ पंडित ने दी जानकारी
देवघर/वरीय संवाददाता। बाबानगरी में गुरुवार को होलिका दहन और हरिहर का मिलन होगा। बाबा मंदिर के इस्टेट पुरोहित श्रीनाथ पंडित ने बताया कि बाबानगरी में 13 मार्च गुरुवार को सूखी होली यानी गुलाल वाली होली मनायी जाएगी। हरिहर मिलन की परंपरा का निर्वहण के साथ बाबा वैद्यनाथ का स्थापना दिवस तौर पर मनाया जायेगा। गुरुवार की रात 10:50 बजे होलिका दहन और 11:30 बजे हरिहर का मिलन और 11:50 बजे बाबा के श्रृंगार के बाद पट बंद किये जायेंगे। गुरुवार को बाबा मंदिर के भीतरखंड में स्थित राधाकृष्ण मंदिर से भगवान हरि यानी कृष्ण को दोल मंच के लिए प्रस्थान कराया जाएगा, वहीं बाबा मंदिर का पट खुलने के बाद सरदार पंडा श्रीश्री गुलाब नंद ओझा द्वारा बाबा पर गुलाल अर्पित कर होली की शुरूआत की जायेगी।
परिनिर्वाण दिवस पर सावित्रीबाई फुले को श्रद्धांजलि
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवादल के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार ने परिनिर्वाण दिवस (पुण्यतिथि) पर स्वर्गीय सावित्री बाई फुले को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे भारत की प्रथम महिला शिक्षिका, समाज सुधारिका एवं प्रसिद्ध कवियत्री थी। नारी शिक्षा की प्रणेता स्वर्गीय फुले ने स्त्री अधिकारों एवं शिक्षा के क्षेत्र में कई उल्लेखनीय कार्य किए। उन्हें आधुनिक मराठी काव्य का अग्रदूत माना जाता है। एक उद्देश्य की तरह अपना जीवन जीते हुए स्वर्गीय सावित्रीबाई फुले ने विधवा विवाह करवाने, छुआछूत मिटाने, महिलाओं की मुक्ति और दलित महिलाओं को शिक्षित बनाने में अपना पूरा जीवन गुजार दिया। उन्होंने हर बिरादरी और धर्म के लिए काम किया। यह कहने में कोई अतिशयोक्ति नहीं की कांति ज्योति सावित्रीबाई फुले ने महिला सशक्तिकरण, सामाजिक एकता व शिक्षा हेतु अपना संपूर्ण जीवन उत्सर्ग कर दिया। सामाजिक चेतना के लिए स्वर्गीय सावित्री बाई फुले का संघर्ष देशवासियों तथा खासकर महिलाओं को सदा प्रेरित करता रहेगा।
क्षत्रिय संघ ने किया होली मिलन समारोह
देवघर/वरीय संवाददाता। बाबा वैद्यनाथ क्षत्रिय संघ की ओर से होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। यह आयोजन हृदय कुंड के पास करिश्मा उत्सव पैलेस में किया गया। इसमें क्षत्रिय समाज के सभी वरिष्ठ एवं गरिष्ठ सदस्यों ने भाग लिया। रंगारंग कार्यक्रम के तहत गायक अभिषेक सूर्य ने होली गीत का आयोजन बहुत ही भावपूर्ण ढंग से किया। क्षत्रिय समाज में देवघर के बुद्धिजीवियों का संगम देखने को मिला। इस होली मिलन समारोह में बड़ों से आशीर्वाद और छोटे को प्यार से हर्बल अबीर लगाया गया। प्रेम का प्रतीक इस होली मिलन समारोह में सबों ने मिलकर होली समारोह का लुत्फ उठाया और अंत में सब ने एक साथ बैठकर स्वादिष्ट व्यंजन खाया।
राजस्थान से चार दिवसीय दौरे पर आये संत रणजीत गुर्जर जयपुर रवाना
देवघर/नगर संवाददाता। राजस्थान से चार दिवसीय दौरा पर देवघर आए संत रणजीत गुर्जर महाराज सोमवार को राजस्थान के लिए 11:30 बजे देवघर हवाई अड्डा से भाया कोलकाता होते हुए जयपुर के लिए प्रस्थान कर गए। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर संघ चालक रोहित कुमार बरनवाल, पतंजलि के जिला अध्यक्ष अनुज कुमार त्यागी, संजय सिन्हा, राजकुमार यादव, सुरेश, रामचंद्र, सदानंद आदि ने सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की। संत रंजीत गुर्जर ने जाते-जाते कहा देवघर के लोगों से मुझे आत्मीय संबंध हो गया चार दिन कैसे बीत गया पता भी नहीं चला। श्री त्यागी के आग्रह पर पुन: देवघर आने की बात कही। उन्होंने गिर गाय को बढ़ावा देने हेतु अपने तरफ से गिर नस्ल के बुल देने का भी आश्वासन दिया। साथ ही विद्यालय में भ्रमण कर पांचवीं और आठवीं कक्षा में प्रथम स्थान लाने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देने की घोषणा की।
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने की बाबा मंदिर में पूजा
देवघर/वरीय संवाददाता। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को बाबा बैद्यनाथ की पूजा अर्चना कर राज्यवासियों के लिए सुख-समृद्धि की कामना की। श्री चौधरी अपने परिजनों के साथ सोमवार को देवघर परिसदन पहुंचे। जहां से विशेष सुरक्षा व्यवस्था के साथ बाबा मंदिर पहुंचे और अपने तीर्थ पुरोहित से संकल्प कराकर पंचोपचार विधि से पूजा अर्चना किया। उन्होंने भोलेनाथ,माता पार्वती सहित अन्य मंदिरों में भी माथा टेका और झारखंड-बिहार सहित देश के लोगों के लिए मंगल कामना की।
गोली मारकर व्यक्ति की हत्या, घटनास्थल से दो खोखा बरामद
-चार संदिग्ध हिरासत में, मामला रिखिया थाना क्षेत्र का
फोटो-डीइओ-09
देवघर/संवाददाता। जिले के रिखिया थाना इलाके के अठमोरिया लकड़ीगंज गांव में रविवार की देर रात को बाइक सवार अपराधियों ने गोली मारकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी। मृतक का नाम 47 वर्षीय राजेन्द्र पासी है जो रिखिया थाना क्षेत्र के लकड़ीगंज का रहने वाला था। उसके सिर और चेहरे पर गोली मारी गयी थी। देर रात को परिजनोंे द्वारा उसे इलाज के लिये सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिये हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। जहां रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी। जमीन विवाद में उसकी हत्या की गयी या प्रतिशोध में की गयी यह स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना स्थल से पुलिस ने दो खोखा भी बरामद किया है।
सूत्रों ने बताया कि मृतक के सिर में दो गोली लगी थी। एक गोली का पीलेट उसके सिर में फंसा था तो दूसरा आर पार हो गया था। सोमवार को मृतक का पोस्टमार्टम तीन सदस्यीय डॉक्टर की टीम के द्वारा किया गया। टीम डॉ प्रभात रंजन, डॉ एके अनुज, डॉ रवि कुमार शामिल थे।
चार संदिग्ध हिरासत में, हथियार जब्त
बताया जाता है कि राजेन्द्र हत्याकांड में पुलिस ने चार संदिग्ध आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ करने में जुटी है। सूत्रों की माने तो पुलिस ने संदिग्ध के पास अवैध हथियार भी बरामद किया है। हालांकि इस मामले में देवघर के कोई पुलिस पदाधिकारी कुछ भी बताने से परहेज कर रहे हैं।
कहीं प्रतिशोध में तो नहीं हुई हत्या : बताया जाता है कि राजेन्द्र की हत्या पूर्व की दुश्मनी के कारण की गई है। 2016 में अमगढ़िया गांव निवासी जैलू महथा उर्फ जितेन्द्र महथा के भांजा की बम ब्लास्ट में मौत हो गई थी। उस मामले में राजेन्द्र आरोपित था। वह इस मामले में जेल भेज जा चुका है। इस घटना के बाद से वे लोग उससे बदला लेना चाहते थे। बताया जाता है कि रविवार शाम को ही वह उसे मारने वाला था, लेकिन भीड़ ज्यादा होने के कारण मार नहीं सका। उसके बाद राजेन्द्र को झांसा देने के लिए जैलू ने उससे कहा कि छोड़ो पुरानी दुश्मनी और हाथ मिला लेते हैं। बाद में रात के वक्त मौका मिलने पर उसकी हत्या कर दी। पुलिस मामले से जुड़ी सभी बिंदुओं की गहन जांच कर रही है।
बस के धक्के से बाइक सवार एक युवक की मौत, दूसरा हुआ घायल
देवघर/संवाददाता। शहर के कुंडा मोड़ के पास रविवार की देर रात बस से धक्का लगने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वहीं एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक 23 वर्षीय आजाद कुमार नगर थाना क्षेत्र के क्लब ग्राउंड के पास का रहने वाला था। वहीं घायल कृष्णा यादव कुंडा थाना क्षेत्र के हथगढ़ का निवासी है। बताया जाता है कि रात को दोनों युवक बाइक से जा रहे थे। इस दौरान बस से धक्का लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की छानबीन की। वहीं दोनों युवकों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां जांच करने के बाद चिकित्सक ने आजाद को मृत घोषित कर दिया। वहीं कृष्णा का इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है। मामले की छानबीन की जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर मृतक के स्वजन सदर अस्पताल पहुंचे और उन लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
आठ साइबर आरोपित गिरफ्तार गया जेल
- आठ मोबाइल और 15 सिमकार्ड बरामद
देवघर/संवाददाता। साइबर ठगी के आरोपितों के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत आठ साइबर ठगी के आरोपितों को साइबर थाना की पुलिस द्वारा सोमवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पकड़े गए आरोपितों के पास से आठ मोबाइल फोन, 15 सिम कार्ड बरामद किया गया है। वहीं इसमें से तीन सिम के खिलाफ प्रतिबिंब पोर्टल पर पहले से आनलाइन शिकायत दर्ज है। पकड़े गए आरोपितों में जिले के पालोजोरी थाना क्षेत्र के बेदगावां नावाडीह गांव निवासी अरबाज अंसारी, शहबाज अंसारी, पथरौल थाना क्षेत्र के सिमरातरी गांव निवासी कपिल कुमार दास, इसी थाना क्षेत्र के ठेंगाडीह गांव निवासी सचिन मंडल, जिले के सारवां थाना क्षेत्र के बरमतरा गांव निवासी फैयाज अंसारी, वारिस अख्तर, जिले के मारगोमुंडा थाना क्षेत्र के केंदुआटांड गांव निवासी राजेश मंडल और सारठ थाना क्षेत्र के पथरड्डा ओपी क्षेत्र के सिमरातरी गांव निवासी बबलू दास शामिल है। इन सभी को जसीडीह थाना क्षेत्र के सुजानी नर्सरी के पास से पकड़ा गया है। पूछताछ के क्रम में आरोपितों ने बताया कि इन लोगों ने बैंक कस्टमर बनकर लोगों को फोन कर उन्हें फर्जी लिंक भेजकर ठगी का शिकार बनाया है। इनकी गिरफ्तारी के लिए गठित ठीक में पुलिस इंस्पेक्टर राकेश कुमार रवि, एसआइ अजय कुमार शामिल थे। पूछताछ करने के बाद सभी आरोपितों को जेल भेज दिया गया है।
प्रेस क्लब देवघर के होली मिलन समारोह में खूब उड़े गुलाल
देवघर/संवाददाता। शहर के अंजुला मेंशन के सभागार में आज प्रेस क्लब देवघर द्वारा होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस उल्लासपूर्ण अवसर पर पत्रकारों ने गीत-संगीत और रंगों की मस्ती में सराबोर होकर होली का स्वागत किया। प्रेस क्लब देवघर के इस आयोजन ने पत्रकारों के आपसी सौहार्द और संस्कृति के प्रति प्रेम को दर्शाया।
कार्यक्रम का संचालन प्रसिद्ध उद्घोषक रामसेवक गुंजन ने किया, जिन्होंने अपनी प्रभावशाली शैली से माहौल में जोश भर दिया। गीत बहार म्यूजिकल टीम की प्रस्तुतियों पर पत्रकारों ने जमकर ठुमके लगाए। समारोह की शुरुआत गायक राकेश के भक्तिगीत से हुई, जिसने माहौल को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद होली के पारंपरिक गीतों पर उपस्थित सभी लोग झूम उठे।
वरिष्ठ पत्रकार आर.सी. सिन्हा ने अपने सुरीले अंदाज में होली के गीत प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया, वहीं, प्रसिद्ध गायक कन्हैया खवाड़े ने भी अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। पूरे आयोजन के दौरान अबीर-गुलाल उड़ते रहे और पत्रकारों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार रामानंदन सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्तित्व उपस्थित रहे। म्यूजिकल टीम के रॉकी, संजय और कृष्णा की प्रस्तुतियों ने भी समां बांध दिया। कार्यक्रम में जिले के एक वरीय पदाधिकारी समेत एजीपी सह वरीय अधिवक्ता अशोक राय, भाजपा जिलाध्यक्ष सचिन रवानी, कांग्रेस नेता रवि केसरी, चैंबर ऑफ कॉमर्स के आलोक मलिक, सहोदया सचिव रामसेवक गुंजन, बिल्डर्स एसोसिएशन के संजय मालवीय सहित अन्य लोग शामिल हुए।
दिवंगत चिकित्सक को आईएमए ने शोकसभा कर दी श्रद्धांजलि
देवघर/वरीय संवाददाता। आईएमए हॉल में सोमवार को शोक सभा का आयोजन दिवंगत चिकित्यक जयप्रकाश मिश्रा को श्रद्धांजलि दी गयी।
बता दें कि स्व. डॉ मिश्रा देवघर सदर अस्पताल में कार्यरत थे। वे बिहार में सिविल सर्जन और रीजनल डिप्टी डायरेक्टर के पद पर रह कर सेवानिवृत्त हुए। वे अपने पीछे पत्नी के अलावा दो पुत्र और उनका भरा पूरा परिवार छोड़कर चले गये। उनकी मृत्यु से परिवार के लोगों के अतिरिक्त उनके मित्रों एवं रिश्तेदारों के साथ-साथ चिकित्सक समाज में शोक व्याप्त है। शोक सभा में डॉ. आनंद कुमार जैन, डॉ. आरएन प्रसाद, डॉ. एनसी गांधी, डॉ. संजय भगत, डॉ. अर्पिता गांधी, डॉ. डी. तिवारी, डॉ. राजेश कुमार, डॉ. विक्रम मोहन, डॉ. चित्तरंजन एवं डॉ. अनिकेत आदि उपस्थित थे।
रंगभरी एकादशी पर सजा श्याम दरबार
देवघर/वरीय संवाददाता। रंगभरी एकादशी पर सोमवार को श्री श्याम बाबा का अलौकिक श्रृंगार किया गया।
श्री श्याम प्रभु के इस महोत्सव में आज पूरा प्रार्थना कक्ष श्याम प्रेमियों से खचाखच भरा हुआ था। मुख्य यजमान श्याम भक्त द्वारा ज्योत प्रज्वलित की गई और प्रारंभ हुआ भजनों का महाप्रवाह। सर्वप्रथम गणेश वंदना उसके बाद श्री श्याम कीर्तन मंडल के गुरुदेव की आराधना देवों के देव महादेव बाबा भोलेनाथ की आराधना, संकट मोचन सालासर वाले बालाजी महाराज का आह्वान भजनों के माध्यम से किया गया। श्री श्याम कीर्तन मंडल के पूर्व मंत्री सह गायक श्री श्याम संथालिया सदस्य संजय सुल्तानिया, शेखर झांझरिया संतोष, केशरी कीर्तन मंत्री एवं उपाध्यक्ष रोहित सुल्तानिया ने अपने जोशीले अंदाज में प्रभु को रिझाया।
हरियाणा से आए भजन गायक हर्ष तनेजा ने भी कई भजन प्रस्तुत किये। बाबा को छप्पन भोग अर्पित किया गया। इसके बाद भक्तों के बीच प्रसाद वितरित किया गया। इस आयोजन को सफल बनाने में फागुन महोत्सव के संयोजक शेखर झांझरिया, अभिषेक सिंघानिया समेत सभी सदस्यों का सराहनीय प्रयास रहा।