चंद्रमंडी। संवाददाता। चंद्रमंडी थाना परिसर में शुक्रवार को बकरीद पर्व को लेकर अंचलाधिकारी राज किशोर साह की अध्यक्षता में हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोगों के बीच शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अंचल अधिकारी ने बताया कि बकरीद के दौरान पर्याप्त मात्रा में पुलिस की व्यवस्था रहेगी ताकि कहीं भी किसी भी प्रकार की गड़बड़ी नहीं हो। उन्होंने कहा कि सभी नमाज स्थल पर पुलिस और प्रशासन की ओर से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। उन्होंने सभी लोगों से शांतिपूर्ण माहौल में बकरीद पर्व मनाने की अपील की। साथ ही, किसी भी प्रकार के अफवाह पर ध्यान नहीं देने तथा अफवाह की जांच करने और पुलिस को इसकी सूचना देने की भी अपील की। उन्होंने सभी लोगों से इंटरनेट मीडिया पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी अफवाह को नजरअंदाज करने का अनुरोध किया। इस अवसर पर अवर निरीक्षक दीपक कुमार, लक्ष्मण प्रसाद सिंह, अशील रजक, पूर्व मुखिया कालेश्वर यादव, जदयू जिला उपाध्यक्ष बालेश्वर दास, सरपंच बबलू पासवान, नंदू यादव, जनसुराज के रंजीत वर्मा, जितेंद्र साह, डोमन पासवान, मो रमजान अंसारी, चंद्रिका बरनवाल, वसीम अंसारी, अजीत यादव, जलधर बरनवाल, मो कमरुद्दीन अंसारी आदि मौजूद थे।
किराना दुकान में चोरी, चप्पल छोड़कर भागे चोर
चंद्रमंडी। संवाददाता। चंद्रमंडी थाना क्षेत्र के बादह बाजार में गुरुवार रात चोरों ने एक किराना दुकान में चोरी की घटना को अंजाम देकर लगभग 20 हजार से अधिक की संपत्ति चोरी कर ली। दुकानदार कार्तिक बरनवाल ने बताया कि वे लोग एक कमरे में सोए हुए थे। तभी चोरों ने किराना दुकान के चार किवाड़ का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया तथा दुकान के गल्ला में रखा 7000 नगद, एंड्राइड मोबाइल सहित अन्य सामान चुरा लिया। इस दौरान चोर दूसरे कमरे में चोरी करने के लिए उसका दरवाजा तोड़ रहे थे, तभी खटखट की आवाज सुनकर घर वाले जागे और हो हल्ला किया, तभी चोर मौके से भाग गए। भागने के चक्कर में चोरों का लगभग चार जोड़ा चप्पल दुकान में ही छूट गया। चोरों की संख्या आधा दर्जन के करीब बताई जाती है। दुकानदार ने घटना की लिखित सूचना चंद्रमडी पुलिस को दी है। चंद्रमंडी पुलिस घटना की जांच कर रही है।
शराब के नशे में चिहरा में 5 और चंद्रमंडी में 2 गिरफ्तार
चंद्रमंडी। संवाददाता। चंद्रमंडी और चिहरा पुलिस के द्वारा चलाए गए विशेष अभियान में शराब के नशे में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। चिहरा थाना पुलिस ने पांच तथा चंद्रमंडी थाना पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। चिहरा थाना अध्यक्ष कुंज बिहारी ने बताया कि शराबियों की धर पकड़ के लिए चलाए गए अभियान में महेशपत्थर मोड़ से चकाई थाना के पिपरा गांव निवासी शूकर हेंब्रम, गिरिडीह जिले के देवरी थाना क्षेत्र के बूढ़ा सराय गांव निवासी चंद्रदेव हांसदा, चंद्रमंडी थाना क्षेत्र के दोमूहान निवासी नंदकिशोर टुडू, चकाई थाना क्षेत्र के चंडरी गांव निवासी संदीप बेसरा एवं चिहरा थाना क्षेत्र के बिल्ली गांव निवासी सुदामा मंडल को शराब के नशे में गिरफ्तार किया गया, जिसे मेडिकल जांच के बाद केस दर्ज करते हुए जेल भेज दिया गया। इसके अलावा चंद्रमंडी पुलिस ने सलैया गांव से शराब के नशे में सुरेश किस्कू एवं मुकेश मरांडी को गिरफ्तार कर केस दर्ज करते हुए जेल भेज दिया गया।
सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कटिबद्ध : जिलाधीश
जिलाधीश ने विशेष विकास शिविर का लिया जायजा, दिए कई निर्देश
जमुई। संवाददाता। जिलाधीश श्री नवीन ने शुक्रवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर समग्र सेवा अभियान के अंतर्गत ई. अलीगंज प्रखंड के पुरसंडा पंचायत के तहत टोला भागलपुर में आयोजित विशेष विकास शिविर का जायजा लिया और कई निर्देश दिए। विशेष शिविर में शिक्षा, स्वास्थ्य , खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण, सामाजिक सुरक्षा, पीएचईडी, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कल्याण विभाग समेत अन्य विभागों के अधिकारियों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी। उनकी समस्याओं को सुना और उन्हें वांछित सहयोग किया। शिविर में जन सैलाब नजर आया।
जिलाधीश ने शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कटिबद्ध है। प्रशासन उनके द्वार पर पहुंच कर उनकी समस्याओं का निदान करे। इस अभियान के जरिए समाज के अंतिम तबके तक विकास पहुंचाया जा रहा है। डीएम ने इस दरम्यान ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने मौजूद पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति को लाभ से वंचित न रखा जाए और पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए। श्री नवीन ने मौके पर लाभुकों के बीच राशन कार्ड, जॉब कार्ड, कौशल विकास प्रमाण पत्र आदि का वितरण कर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
विशेष कार्य पदाधिकारी नागमणि कुमार वर्मा, बीडीओ अभिषेक भारती, सीओ रंजन कुमार दिवाकर आदि अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।
गिद्धौर सीएचसी में प्रशासनिक कार्यों के लिए डॉ. प्रदीप कुमार नोडल पदाधिकारी नियुक्त
गिद्धौर। संवाददाता। गिद्धौर के दिग्विजय सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में प्रशासनिक दक्षता और कार्य निष्पादन में गति लाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय लिया गया है। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नरोत्तम कुमार सिंह ने सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार को नोडल पदाधिकारी के रूप में कार्यभार सौंपा है। डॉ. सिंह ने पत्रांक-93, दिनांक 27.05.2025 के माध्यम से इस निर्णय की अनुशंसा की थी, जिसे विशेष परिस्थिति में असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, जमुई की ओर से अनुमोदन प्रदान किया गया है। यह आदेश अगले निर्देश तक प्रभावी रहेगा। मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि यदि डॉ. प्रदीप कुमार द्वारा अपने कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बरती जाती है तो यह आदेश तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया जाएगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी की होगी। यह नियुक्ति स्वास्थ्य केन्द्र में प्रशासनिक कार्यों की सुव्यवस्था और दक्षता को बढ़ावा देने के लिए की गई है। इससे स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं में अपेक्षित सुधार और तेजी की संभावना जताई जा रही है।
-सौहार्दपूर्ण माहौल में बकरीद पर्व संपन्न कराने को लेकर जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच हुई व्यापक चर्चा
बकरीद को लेकर शांति समिति की बैठक सम्पन्न
गिद्धौर। संवाददाता। प्रखंड मुख्यालय स्थित गिद्धौर थाना परिसर में शुक्रवार को आगामी बकरीद पर्व के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अंचल अधिकारी आरती भूषण ने की, जबकि इसकी निगरानी थानाध्यक्ष दीनानाथ सिंह ने की। बैठक में बीडीओ सुनील कुमार, थाना क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों से आए जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा शांति समिति के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित थे। बैठक का उद्देश्य बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सामाजिक समरसता के वातावरण में संपन्न कराना था। बैठक के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों और शांति समिति सदस्यों ने क्षेत्र की परिस्थितियों पर चर्चा की और पर्व के दौरान उत्पन्न हो सकने वाली समस्याओं के समाधान पर आपसी सहयोग की भावना से विचार साझा किया। थानाध्यक्ष दीनानाथ सिंह ने कहा कि बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की कठिनाई या असामान्य गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाया जा सके। उन्होंने लोगों से आपसी सद्भाव बनाए रखने की अपील की। वहीं, अंचल अधिकारी आरती भूषण ने कहा कि यह पर्व बुराइयों के त्याग और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। समाज में शांति, प्रेम और सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा बकरीद हमें देती है। उन्होंने सभी से प्रशासन को सहयोग देने की अपील की। बीडीओ सुनील कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि पर्व के अवसर पर सामुदायिक एकता और सहयोग की भावना से ही सौहार्दपूर्ण वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है। इस अवसर पर पूर्व प्रमुख श्रवण यादव, पैक्स अध्यक्ष राजीव कुमार पिंकू, समाजसेवी शंभु यादव, मथुरा मिस्त्री, मोहम्मद शेखावत अली, मोहम्मद शाहिद, बंदी सिंह, अनिल लाल वर्णवाल, डोमन मियां, शंकर यादव सहित दर्जनों शांति समिति सदस्य उपस्थित थे। बैठक शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और सभी ने पर्व को भाईचारे के साथ मनाने का संकल्प लिया।
ईद-उल-अजहा त्याग, करुणा व भाईचारे के मूल्यों की याद दिलाता है : विधानसभाध्यक्ष
पटना। संवाददाता। बिहार विधानसभा अध्यक्ष नन्द किशोर यादव ने समस्त मुस्लिम समुदाय को ईद-उल-अजहा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह त्योहार समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने और एकता व सौहार्द को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित करता है। ईद-उल-अजहा हमें त्याग, करुणा और भाईचारे के मूल्यों की याद दिलाता है और बलिदान, त्याग, समानता और न्याय के महत्व को उजागर करता है। यह त्योहार समाज में सद्भाव, भाईचारे और एकजुटता की भावना को आगे बढ़ाने का संदेश देता है। ईद-उल-अजहा ईद के बाद मुसलमानों का दूसरा सबसे पवित्र त्योहार है, इसे बकरा-ईद या बकरीद के नाम से भी जाना जाता है। यह इस्लामिक कैलेंडर के आखिरी महीने ज़ुल-हिज्जा के 10वें दिन पड़ता है।
बिहार में ग्रामीण संपर्क का नया कीर्तिमान : 1843 सड़कें और 852 पुल हुए तैयार
-ग्रामीण कार्य विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 991 करोड़ रुपये का रखा है बजट
पटना। संवाददाता। बिहार सरकार ने राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क और पुल निर्माण को प्राथमिकता दी है। पिछले एक दशक में इसमें अभूतपूर्व उपलब्धि दर्ज की गई है। ग्रामीण क्षेत्रों की सर्वांगीण प्रगति को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने ग्रामीण अवरसंरचना विकास निधि के अंतर्गत सड़कों एवं पुलों के निर्माण कार्यों को तेजी से क्रियान्वित किया है।
इस योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में 991 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है। ग्रामीण कार्य विभाग, बिहार के अनुसार राज्यभर में 2024 ग्रामीण सड़कों (5250.62 किमी) और 1211 पुलों के निर्माण कार्य को प्रशासनिक स्वीकृति दी गई थी। इनमें से अब तक 1843 सड़कों (4818.36 किमी) तथा 852 पुलों का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। यह आंकड़े राज्य के ग्रामीण संपर्क ढांचे में हो रहे क्रांतिकारी बदलाव को दर्शाते हैं।
ग्रामीण संपर्कता सुदृढ़ होने से ग्रामीण अंचलों में कृषि विकास के साथ-साथ औद्योगिक संभावनाओं को भी गति मिल सके। सड़कों और पुलों के निर्माण से जहां आवागमन में सहजता आती है। वहीं स्थानीय व्यापार, रोजगार सृजन, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सेवाओं तक पहुंच भी सुलभ होती है।
डीएम नेतुला मंदिर में की पूजा-अर्चना, मांगा जिले की समृद्धि का वर
कहा : आस्था और शांति का अद्भुत संगम है यह धर्मस्थल
जमुई। संवाददाता। डीएम श्री नवीन कुमार क्षेत्र भ्रमण के क्रम में सिकंदरा प्रखंड अंतर्गत कुमार गांव स्थित प्रसिद्ध शक्ति पीठ नेतुला मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने शक्ति की आराधना की और जिले के विकास के साथ समृद्धि का वर मांगा। मां की आराधना के बाद उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर स्थानीय जनजीवन, धार्मिक परंपराओं और मंदिर के पौराणिक महत्व की जानकारी ली। विशेष कार्य पदाधिकारी नागमणि कुमार वर्मा और सिकंदरा के बीडीओ ने जिलाधिकारी को मंदिर की सांस्कृतिक विरासत तथा स्थानीय मान्यताओं से अवगत कराते हुए कहा कि यह शक्ति पीठ के रूप में जाना जाता है।
डीएम ने कहा कि यह मंदिर न केवल आस्था का केंद्र है बल्कि यह क्षेत्र की सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक एकता का प्रतीक भी है। यहां की पवित्रता और सादगी मन को विशेष सुकून देता है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन धार्मिक स्थलों के संरक्षण एवं वहां की मूलभूत सुविधाओं के विकास के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है।
उधर स्थानीय ग्रामीणों ने मंदिर आगमन पर जिलाधिकारी का गर्मजोशी से स्वागत किया और क्षेत्रीय विकास से जुड़ी अपनी अपेक्षाओं से उन्हें अवगत कराया। जिलाधिकारी ने उन्हें आश्वस्त करते हुए कहा कि वांछित जरूरतों को विधि के दायरे में पूरा किया जाएगा। उन्होंने जनभावना का सम्मान किए जाने की बात कही।
भाईचारा और मिल्लत के माहौल में मनाएं पर्व : श्री नवीन
अत्याधुनिक तकनीक से जारी है मॉनिटरिंग : एसपी
ओहदेदारों ने जमुई शहर में पुलिस जवानों के संग किया फ्लैग मार्च
जमुई। संवाददाता। जिलाधिकारी श्री नवीन और पुलिस अधीक्षक मदन कुमार आनंद के कुशल नेतृत्व में पदाधिकारियों और जवानों ने जमुई शहर में बकरीद को देखते हुए फ्लैग मार्च किया। ओहदेदार द्वय ने नामित त्यौहार को लेकर शहर में अमन-चैन का माहौल कायम रखने के लिए पदाधिकारियों और जवानों की टोली के साथ नगर थाना क्षेत्र के विभिन्न बाजारों, मोहल्लों एवं चौक-चौराहा पर दस्तक दी। साथ ही, लोगों को प्रशासन की सजगता का संदेश दिया। फ्लैग मार्च के जरिए भीड़-भाड़ वाले जगहों पर पुलिस ने प्रशासनिक चौकसी एवं सक्रियता को दर्शाया। इस दरम्यान पुलिस की गाड़ी सायरन बजाते हुए लोगों को अपनी उपस्थिति का आभास कराया।
डीएम ने अमन के माहौल में बकरीद पर्व को मनाए जाने की अपील की। उन्होंने कहा कि परंपरागत एवं वैदिक रीति-रिवाज के अनुकूल पर्व मनाएं और भाईचारा बनाए रखें। किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वालों या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट करने वालों को बक्सा नहीं जाएगा। सभी मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों को अफवाह और सोशल मीडिया पर नजर रखने को कहा गया है।
पुलिस अधीक्षक मदन कुमार आनंद ने कहा कि बदमाशों पर खास नजर रखी जा रही है। किसी भी सूरत पर कानून का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रमुख पूजा स्थलों, बाजारों, भीड़-भाड़ वाले इलाकों एवं चिन्हित संवेदनशील स्थानों पर पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की तैनाती की गई है। उन्होंने शहर के विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी के साथ अत्याधुनिक तकनीक से मॉनिटरिंग किए जाने कि बात कही। सोशल मीडिया पर भी दृष्टि रखी जा रही है। संपूर्ण जिला में विधि-व्यवस्था कायम रखने के लिए यथोचित संख्या में जवानों को तैनात किया जा रहा है। सभी थाना को सघन गश्ती करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि जिला नियंत्रण कक्ष लगातार 24 घंटे कार्यरत रहेगा। एसपी ने त्यौहार को नियम संगत ढंग से मनाए जाने का संदेश दिया। उन्होंने बेहतर प्रशासन के लिए यथोचित सहयोग की अपील की।
डीडीसी सुभाष चंद्र मंडल, एसडीएम सौरभ कुमार, ओएसडी नागमणि कुमार वर्मा, एसडीपीओ सतीश सुमन, डीएसपी मुख्यालय मो. आफताब अहमद, प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिनव मिश्रा, अंचलाधिकारी ललिता कुमारी नगर थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार समेत कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने फ्लैग मार्च में हिस्सा लिया और लोगों को खुशी के माहौल में पर्व मनाने का संदेश दिया।