पान पत्ते की आड़ में हो रहीं थी शराब की तस्करी
चकाई। संवाददाता। चकाई पुलिस नें थाना क्षेत्र के चकाई-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर चिलखारी गांव के पास शराब लदी पिकअप वाहन को पुलिस ने जब्त किया है। प्रेसवर्ता कर जानकारी देते हुए झाझा डीएसपी राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक उजला रंग का पिकअप वाहन में पान के पत्ता का गठरी लदा हुआ है। गठरी के नीचे अवैध अंग्रेजी शराब छिपाकर चतरो, सरौन होते हुए चकाई की ओर जा रहा है। उक्त सूचना मिलने के बाद वरीय पदाधिकारी को अवगत कराया गया। जमुई एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी झाझा के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। छापेमारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चकाई-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर चिलखारी गांव के पास वाहन चेकिंग करने के क्रम में सरौन के तरफ से आ रही उजला रंग के पिकअप वाहन को रुकने का इशारा किया तो चालक वाहन को खड़ा कर चालक एवं खलासी भागने लगा। वही भागने के क्रम में पुलिस बल ने उप चालक को खदेड़ कर पकड़ लिया, जबकि चालक भागने में सफल रहा। वही पिकअप वाहन की तलाशी ली गईं तो वाहन पर लदा पान पत्ता के नीचे भारी मात्रा में 87 कार्टून में 2232 बोतल शराब बरामद किया गया, जिसमें कुल मिलाकर 775.800 लीटर शराब बरामद किया गया। बताया जाता है कि शराब दुर्गा पूजा में खपाने के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस की पूछताछ के क्रम में खलासी ने बताया कि शराब झारखंड के जामताड़ा से लेकर बिहार खगड़िया के महेशखूंट जा रहा था। पूछताछ में खलासी ने अपना नाम अहमद रजा, साकिन-बरमसोली, थाना-पालोजोरी (देवघर )बताया है। पुलिस ने मद्य निषेध उत्पाद अधिनियम के तहत कांड दर्ज कर गिरफ्तार खलासी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। जबकि वाहन चालक, मालिक एवं अन्य अज्ञात के विरुद्ध गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
वहीं डीएसपी ने बताया कि चकाई पुलिस के लिए यह बहुत बड़ी उपलब्धि है। छापेमारी टीम में शामिल सदस्यों को पुरस्कृत किया जाएगा। छापेमारी अभियान में थाना अध्यक्ष अखिलेश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक मंटू कुमार, संजीव कुमार, परि. पुलिस अवर निरीक्षक अखिलेश कुमार एवं सशस्त्र बल शामिल थे।
पंचायत सचिव व ग्राम कचहरी सचिव की समीक्षात्मक बैठक आयोजित
चकाई। संवाददाता। प्रखंड कार्यालय परिसर में मंगलवार को वंशावली निर्गत एवं ग्राम कचहरी न्यायालय में दायर, निष्पादित तथा लम्बित परिवादो को लेकर बीडीओ दुर्गा शंकर की अध्यक्षता में एवं अंचलाधिकारी राकेश रंजन की उपस्थिति में पंचायत सचिव एवं ग्राम कचहरी सचिव के साथ समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। जानकारी देते हुए बीडीओ ने बताया कि वंशावली निर्गत करने एवं पंचायत स्तर पर लम्बित वादो के त्वरित निष्पादन के लिए पंचायत सचिव एवं ग्राम कचहरी सचिव को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया। उन्होंने बताया कि बिहार सरकार के आदेशानुसार सरपंच के माध्यम से बनाए जा रहे वंशावली को निरस्त करते हुए अब यह अधिकार पंचायत सचिव को दे दिया गया है। ऐसे में इससे संबंधित दिशा निर्देश बैठक में दिया गया। बैठक में प्रखंड नाजिर सुंदरम, पंचायत सचिव प्रशांत कुमार, अंबेडकर गुप्ता, धीरज कुमार वर्मा, शंकर कुमार, विभिन्न पंचायतों के ग्राम कचहरी सचिव उपस्थित थे।
सड़क दुर्घटना में पिता-पुत्री घायल, देवघर रेफर
चकाई। संवाददाता। चकाई-देवघर मुख्य मार्ग पर चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र के बासुकीटांड़ पास एक अज्ञात ओमनी और बाइक में जोरदार ठोकर लगने से बाईक पर सवार पिता एवं पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल दोनों व्यक्ति को इलाज के लिए चकाई रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए देवघर रेफर कर दिया। घायल व्यक्ति की पहचान चकाई थाना क्षेत्र के चकाई नीचे बाजार निवासी लक्ष्मण वर्मा एवं उनकी पुत्री ज्योति कुमारी के रूप में हुईं। बताया जाता है कि लक्ष्मण वर्मा अपने बेटी का देवघर से इलाज कराकर बाईक से दोनों वापस घर चकाई लौट रहे थे। तभी चकाई की ओर से तेज रफ्तार से जा रही अज्ञात ओमनी ने बासुकीटांड़ के समीप बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना में पिता एवं पुत्री गंभीर रूप सें घायल हो गया।
बिहार विधान परिषद् के लिए मनोनीत प्रो. (डॉ.) राजवर्धन आजाद को दिलायी गई शपथ
पटना। संवाददाता। मंगलवार को बिहार विधान परिषद् स्थित उप भवन सभागार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव की उपस्थिति में बिहार विधान परिषद् के सभापति देवेश चन्द्र ठाकुर ने बिहार विधान परिषद् के लिए मनोनीत प्रो. (डॉ.) राजवर्धन आजाद को शपथ दिलायी गई। शपथ ग्रहण समारोह में बिहार विधान परिषद् के उप सभापति प्रो (डॉ.) राम चन्द्र पूर्वे, संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा, मंत्री विज्ञान एवं प्रौद्यौगिकी विभाग सुमित सिंह, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेसी सिंह, सहकारिता मंत्री सुरेन्द्र यादव, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री सुनील कुमार, मुख्य सचेतक सत्तारूढ़ दल संजय कुमार सिंह, सचेतक सत्तारूढ़ दल रीना यादव, सदस्य रामवचन राय, विरेन्द्र नारायण यादव, संजय पासवान, ललन सर्राफ, विजय सिंह, अंबिका गुलाब यादव, कुमुद वर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
शपथ ग्रहण कार्यक्रम के आरम्भ में बिहार विधान परिषद् के प्रभारी सचिव कमलेन्दु कुमार सिंह ने निर्वाचन संबंधी गजट अधिसूचना पढ़ी।
भव्य व आकर्षक पंडाल में विराजेगी सोनखार गांव मां दुर्गा
मनोकामना पूर्ण के लिए क्षेत्र में है प्रसिद्धि
पांच लाख की लागत से पंडाल बना रहे हैं कारीगर
अलीगंज। संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत सोनखार गांव में भव्य पंडाल में विराजेगी मां दुर्गा। लगभग पांच लाख की लागत से पूजा समिति की ओर से भव्य पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है, जो अशोक धाम मंदिर का रूप दिया गया है। यह 50 फीट लंबा और 40 फीट चौड़ा है। दुर्गा उत्सव को यादगार बनाने के लिए पूजा समिति अलग-अलग रूपों में मां दुर्गा की प्रतिमा का निर्माण करा रहे हैं। कुछ पूजा समितियां झारखण्ड, बंगाल, मुंगेर से मूर्तिकार को लाकर महीनों दिन से माता दुर्गा का अलग-अलग रूप में मूर्ति निर्माण कर रहे है। वही सोनखार गांव निवासी रामबालक सिंह, रूदल सिंह, गुलटेन सिंह, गोपाल सिंह, पोखन सिंह, केशव सिंह, मुसो सिंह, शैलेश सिंह, केशव सिंह, चंद्रिका सिंह आदि कई ग्रामीणो ने बताया कि गांव में वर्ष 2014 से माता की प्रतिमा की स्थापना एक पंडाल में किया गया था और आज तो भव्य मंदिर का निर्माण हो गया है। यहां प्रसाद के रूप में सप्तमी को हलवा, महा अष्टमी को खीर और महानवमी को भोग लगाया गया। फल व बताशा का प्रसाद यहां आकर पुरे गांव व आसपास के ग्रामीण महिला पुरूष प्रसाद ग्रहण करते हैं। तीन दिनों तक यहां भव्य मेला लगता है। ऐसी मान्यता है कि सच्ची मन से मांगी गयी मिन्नत अवश्य पुरी होती है। इसीलिए माता का प्रसिद्धि चहुंओर फैली हुई है।
दुर्गापूजा पर होगा दो दिवसीय गिद्धौर सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन
नामचीन कलाकार 20 और 21 अक्टूबर को बिखेरेंगे जलवा, करेंगे श्रोताओं को मंत्रमुग्ध
कुमार सुरेंद्र सिंह स्टेडियम गिद्धौर होगा कार्यक्रम स्थल, तैयारी जारी
जमुई। संवाददाता। जिला कलेक्टर राकेश कुमार ने बताया कि बिहार सरकार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के सौजन्य से दुर्गापूजा के पावन अवसर पर दो दिवसीय ” गिद्धौर सांस्कृतिक महोत्सव ” का भव्य आयोजन 20 और 21 अक्टूबर को गिद्धौर स्थित कुमार सुरेंद्र सिंह स्टेडियम के मैदान पर किया जाना है। कार्यक्रम का शुभारंभ 20 अक्टूबर को संध्या 06:30 बजे होगा। महोत्सव का आगाज नामचीन गायक विनोद राठौर एवं अन्य कलाकारों के मनोरंजक प्रस्तुति से निर्धारित है। वहीं दूसरे दिन यानी 21 अक्टूबर को नालंदा संगीत कला विकास संस्थान पटना के कलाकार चिर – परिचित अंदाज में अपनी उत्कृष्ट कलाओं का प्रदर्शन कर उपस्थित जनों को मंत्रमुग्ध करेंगे। डीएम ने कहा कि गिद्धौर सांस्कृतिक महोत्सव के जरिए गिद्धौर की सांस्कृतिक विरासत और इसकी खास पहचान को जीवंत बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने जिलावासियों को न्यौता देते हुए कहा कि नामित तिथि और तय समय पर कुमार सुरेंद्र सिंह स्टेडियम पहुंचें और गिद्धौर सांस्कृतिक महोत्सव का लुफ्त उठाएं।
सर्वविदित है कि स्मृतिशेष पूर्व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह ने शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर गिद्धौर में ” गिद्धौर सांस्कृतिक महोत्सव ” की शुरुआत की थी। उनकी देखरेख में कई सालों तक इस महोत्सव का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। देश के नामी – गिरामी संगीतकार और कलाकारों ने अंकित कार्यक्रम में अपना झंडा फहराया और गिद्धौर सांस्कृतिक महोत्सव को यादगार बनाया। इस महोत्सव का दूरदर्शन पर भी सीधा प्रसारण किया गया , जिसे देश – दुनिया के लोगों ने देखा और इसके जीवंत साक्ष्य बने।
उधर जिला प्रशासन की देखरेख में गिद्धौर सांस्कृतिक महोत्सव की तैयारी जोर-शोर से जारी है। कुमार सुरेंद्र सिंह स्टेडियम को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। अचंभित कर देने वाले पंडाल के साथ आकर्षक तोरण द्वार का निर्माण कार्य प्रगति पर है। गिद्धौर सांस्कृतिक महोत्सव को जन – जन तक पहुंचाने के लिए प्रचार-प्रसार को भी गति दिया जा रहा है। निर्धारित कार्यक्रम को लेकर जिलावासियों का उमंग और उत्साह परवान चढ़ने लगा है।
जिला पंचायत राज पदाधिकारी का तबादला, जिला प्रशासन ने दी भावभीनी विदायी
जमुई। संवाददाता। बिहार सरकार ने जिला पंचायत राज पदाधिकारी दुर्गेश कुमार का तबादला कर दिया है। उन्हें अनुसूचित जाति/ अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग का आप्त सचिव बनाया गया है।
उधर जिला प्रशासन ने दैनिक कार्य के लिए जमुई के एएसडीएम प्रकाश रजक को प्रभारी जिला पंचायत राज पदाधिकारी नामित किया है। इस आशय का आदेश जारी कर दिया गया है।
इधर स्थानांतरण के बाद समाहरणालय के संवाद कक्ष में समारोह आयोजित कर दुर्गेश कुमार को भावभीनी विदाई दी गई। जिला कलेक्टर राकेश कुमार ने श्री कुमार को कर्तव्यनिष्ठ और अनुशानप्रिय अधिकारी की संज्ञा देते हुए कहा कि समय के भीतर दायित्वों का निर्वहन करना इनकी नियति थी। उन्होंने उनके स्वस्थ एवं चिरायु जीवन की कामना की।
डीडीसी शशि शेखर चौधरी, डीटीओ मो. इमरान, डीसीएलआर मो. शिवगतुल्लाह, एएसडीएम प्रकाश रजक, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी आर. के. दीपक समेत अधिकांश अधिकारी और कर्मी इस अवसर पर उपस्थित थे।