पाकुड़ स्टेशन पर 200 गरीबों को रोज नि:शुल्क खाना खिलाते हैं लुत्फुल
पाकुड़। निसं। रेलवे स्टेशन पर पिछले दो वर्षों से समाजसेवा में जुटे लुत्फुल हक ने बकरीद पर एक अनोखी मिसाल पेश की। वे रोजाना स्टेशन परिसर में 200 से अधिक जरूरतमंद लोगों को मुफ्त भोजन कराते हैं। बकरीद की रात को उन्होंने विशेष मेन्यू तैयार किया। मांसाहारियों के लिए मटन, मिठाई और खीर, जबकि शाकाहारियों के लिए मिश्रित सब्जियां परोसी गई। लुत्फुल ने खुद गरीबों के साथ बैठकर भोजन किया। उनका मानना है कि त्योहार किसी एक धर्म का नहीं, बल्कि पूरे समाज का होता है। वे सिर्फ ईद या बकरीद ही नहीं, बल्कि होली, दुर्गापूजा और दिवाली जैसे सभी त्योहारों पर विशेष भोजन की व्यवस्था करते हैं। इन अवसरों पर वे खुद उपस्थित रहकर भोजन परोसते हैं। समाजसेवा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें कई सम्मान मिल चुके हैं। उनकी इस पहल की सराहना स्थानीय लोगों द्वारा की जाती है। पाकुड़ रेलवे स्टेशन पर रोज शाम को भोजन करने वाले लोगों के चेहरों पर खुशी साफ देखी जा सकती है। वहीं लुत्फल हक ने बताया कि पाकुड़ एक छोटा शहर है। यहां दूर-दराज से आने वाले गरीब लोगों को अक्सर भोजन की समस्या का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि वे खुद कभी इसी स्टेशन पर भूखे पेट सोया करते थे। अब जब ईश्वर की कृपा से उनकी स्थिति बेहतर हुई है, तो वे अपनी खुशहाली को जरूरतमंदों के साथ बांटना चाहते हैं। इसी सोच के साथ उन्होंने यह नि:शुल्क भोजन वितरण शुरू किया। उनका मुख्य उद्देश्य है कि कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए।
पूर्व एनडीए प्रत्याशी ने ईद किट बांटी, रात भर चला वितरण
पाकुड़। निसं। पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र में बकरीद की पूर्व संध्या पर पूर्व एनडीए प्रत्याशी अजहर इस्लाम ने गरीब परिवारों तक बकरीद की खुशियां पहुंचाने का प्रयास किया। उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में बकरीद किट का वितरण किया। अजहर इस्लाम ने बताया कि क्षेत्र में कई ऐसे गरीब परिवार हैं जो आर्थिक तंगी के कारण बकरीद नहीं मना पाते। रोजगार की तलाश में लोगों को दूसरे राज्यों में जाना पड़ता है। वे अपने परिवार को पीछे छोड़कर जाते हैं और कड़ी मेहनत के बाद भी त्योहार ठीक से नहीं मना पाते। इस पहल में उनके पिता अली अकबर और छोटे भाई मजहर इस्लाम का भी सहयोग रहा। कार्यकर्ताओं ने एक दिन पहले ही बड़ी संख्या में किट तैयार की। बकरीद की पूर्व संध्या से शुरू हुआ वितरण रात भर चला। इससे पहले ईद के अवसर पर भी उन्होंने इसी तरह किट वितरण किया था। किट वितरण से क्षेत्र के गरीब परिवारों में खुशी का माहौल देखा गया। अजहर इस्लाम ने कहा कि ईद और बकरीद जैसे महान पर्वों पर सभी लोग खुशियां मना सके, इसी उद्देश्य से यह पहल की गई।
सेवा सुशासन और गरीब कल्याण पर आयोजित कार्यक्रम को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक
लिट्टीपाड़ा। संवाददाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 11 साल का कार्यकाल पूरा होने पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से सेवा सुशासन और गरीब कल्याण पर कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी कार्यक्रम की तैयारी को लेकर भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष अमृत पाण्डेय की अध्यक्षता में प्रखंड क्षेत्र के स्थित एक आवास में कार्यकर्ताओं का जिला स्तरीय कार्यशाला हुई। कार्यशाला में प्रदेश मंत्री रविकांत मिश्रा बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रदेश मंत्री रविकांत मिश्रा ने कहा कि देश की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 11 वर्ष का कार्यकाल बेमिशाल रहा है। प्रधानमंत्री के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की 11 साल पूर्ण होने पर हमें केंद्र सरकार की उपलब्धियां को पाकुड़ जिले में जन-जन तक पहुंचाना है। सेवा सुशासन और गरीब कल्याण विकसित भारत पर आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। जिला अध्यक्ष अमृत पाण्डेय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के तहत 10 एवं 11 जून को प्रोफेशनल मीट एवं प्रदर्शनी 12 से 14 जून तक विकसित भारत संकल्प सभा, 15 से 17 जून तक पंचायत चौपाल, 17 से 21 जून तक अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 25 जून को आपातकाल पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी कड़ी में राज्य में व्याप्त लूट, भ्रष्टाचार, हत्या, राज्य में गिरती कानून व्यवस्था, अबुआ आवास के नाम पर कमीशनखोरी एवं स्थानीय जन समस्याओं को लेकर हेमंत सरकार के विरुद्ध पाकुड़ जिले के सभी प्रखंड मुख्यालय में 24 जून को आक्रोश प्रदर्शन किया जाएगा। कार्यक्रम में अजजा प्रदेश मंत्री अनिता मुर्मू, जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र त्रिवेदी, ज़िला महामंत्री सरिता मुर्मू, जिला मंत्री खितिस साहा, जामु मरांडी, बीरबल राय, सोशल मीडिया सह प्रभारी आशीष सेन, हिसाबी राय, अजजा मोर्चा जिलाध्यक्ष जुनास टुडू, मंडल अध्यक्ष सुकुमार मंडल, धनेश्वर साह, सोहन मंडल, मनोरंजन सरकार, राम प्रसाद मंडल, संजीव साह, सपन दुबे, पवन भगत, कृष्णा मड़ैया, गणेश मंडल, किरण मंडल, रामजी साह, रामेशोल टुडू सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित हुए।
जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में 22 खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित
14-15 जून को जामताड़ा में मुकाबला
पाकुड़। निसं। जिला एथलेटिक्स संघ ने जिला स्तरीय स्टेडियम बैंक कॉलोनी में एक दिवसीय जूनियर और सब जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया। इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न प्रखंडों से करीब 150 बालक-बालिकाओं ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में अंडर-14 और अंडर-16 वर्ग के लिए कुल 22 खिलाड़ियों का चयन किया गया। अंडर-14 बालक वर्ग से मनोज सोरेन, समीर अंसारी, विवेक दास, सुदीप दास, प्रीतम पीटर सोरेन, बनाड़ हसदा, जमाल शेख और हसीबुल शेख चुने गए। अंडर-14 बालिका वर्ग से किरण हेंब्रम, सुशांति मरांडी और सोनाली मुर्मू का चयन हुआ। अंडर-16 में बालक वर्ग से जमाल शेख तथा बालिका वर्ग से लक्ष्मी भगत, वर्षा कुमारी और निशु कुमारी को चुना गया। ये सभी खिलाड़ी 14-15 जून को जामताड़ा के आउटडोर स्टेडियम में होने वाली द्वितीय झारखंड राज्य स्तरीय सब जूनियर और जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। कार्यक्रम में पाकुड़ जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष अम्लान कुसुम सिंह, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अर्धेन्दु शेखर गांगुली और सुजीत विद्यार्थी उपस्थित थे। प्रतियोगिता को सफल बनाने में जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव रणवीर सिंह, प्रवीण कुमार, पंकज अग्रवाल, मृणाल चौरसिया, नारायण चंद्र रॉय के साथ खेलो इंडिया एथलेटिक्स प्रशिक्षक अक्षय बावरी, प्रशिक्षिका प्रोनोति रानी दास और फुटबॉल प्रशिक्षक सयमोल सोरेन का योगदान रहा।
डीएमएफटी योजनाओं की निगरानी के लिए पीएमयू का गठन होगा
पाकुड़। निसं। जिला प्रशासन ने डीएमएफटी योजनाओं की बेहतर निगरानी और कार्यान्वयन के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जिला प्रशासन ने परामर्श एजेंसी स्वनिति इनिशिएटीव के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के अनुसार, स्वनिति इनिशिएटीव डीएमएफटी के प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट (पीएमयू) के सलाहकार के रूप में कार्य करेगी। एजेंसी की मुख्य जिम्मेदारी डीएमएफटी की सभी योजनाओं का कार्यान्वयन और निगरानी करना होगा। यह समझौता 8 जून 2025 को किया गया है। इससे जिले में डीएमएफटी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और कुशलता आएगी।
पति से नाराज पत्नी ने जहर खा कर दी जान
पति को रोजगार को लेकर बाहर जाने से मना करती थी
लिट्टीपाड़ा। संवाददाता। थाना क्षेत्र के बीचपहाड़ गांव में एक 24 वर्षीय महिला ने कीटनाशक खाकर आत्महत्या कर ली। बैदी पहाड़ीन की शादी सात साल पहले रमेश पहाड़िया से हुई थी। प्रखंड क्षेत्र में रोजगार न मिलने के कारण रमेश दो महीने पहले दूसरे राज्य में मजदूरी करने चला गया था। बैदी इस बात से नाराज थी और पति को बाहर जाने से मना करती थी।
6 जून को रमेश घर लौटा और पत्नी को ससुराल से अपने घर ले जाने आया। लेकिन बैदी ने जाने से मना कर दिया। पति के समझाने पर वह और नाराज हो गई। इसके बाद वह पहाड़ी जंगल की ओर चली गई। पिता और पति ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी।
अंधेरा होने के बाद परिजनों ने उसकी खोजबीन की। 7 जून को भी सुबह से शाम तक तलाश जारी रही। देर रात नदी में उसका शव तैरता हुआ मिला। पिता ने बताया कि उनकी पुत्री ने नदी किनारे बरबट्टी में कीटनाशक खा लिया था।
थाना प्रभारी अभिषेक कुमार ने बताया कि मृतक के पिता के आवेदन पर यूडी कांड दर्ज किया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सोनाजोड़ी सदर अस्पताल भेज दिया है।
20 वर्षीय विवाहिता का संदिग्ध अवस्था में शव बरामद
हिरणपुर। एसं। थाना क्षेत्र के पांडेरकोला में एक 20 वर्षीय विवाहिता का संदिग्ध अवस्था में शव को पुलिस ने बरामद किया गया है। शव की पहचान सोलोमी हांसदा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतका ने शनिवार रात फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली थी। जिसके बाद रविवार को परिजनों ने इसकी सूचना स्थानीय थाना को दी। मामले की जानकारी मिलते ही थाना के एएसआई सुरेश उरांव ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो शव को खटिया में रखा पाया, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सोनाजोड़ी स्थित सदर अस्पताल लाया गया। जानकारी के अनुसार, मृतका का विवाह करीब छह माह पूर्व पांडरकोला निवासी सोम टुडू के साथ हुआ था। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच कुछ दिनों से आपसी विवाद चल रहा था। इसको लेकर एक बैठक भी होने वाला था। हालांकि पुलिस इस पूरे मामले की तहकीकात में जुट गई है। इस बाबत थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह ने बताया कि विवाहित महिला का शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।