शिकारीपाड़ा/निजसंवाददाता। दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र स्थित एक स्कूल वैन ने एक ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी जिसमें पांच बच्चे घायल हुए हैं इन सभी को शिकारीपाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए भेजा गया है। दरअसल मारुति ओमनी गाड़ी में ढाका गांव से ये बच्चे शिकारीपाड़ा स्थित संत रीता स्कूल आ रहे थे। वैन के आगे एक ट्रक चल रहा था और अचानक ट्रक ने ब्रेक मार दी।इससे पीछे से स्कूल वैन अनियंत्रित हो गया और जाकर उसने ट्रक में ठोकर मार दी।यह संयोग था कि स्कूल वैन की रफ्तार अधिक नहीं थी अन्यथा एक बड़ी दुर्घटना घट जाती। घायल बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालांकि सभी बच्चे खतरे से बाहर बताये जा रहे हैं। घायल बच्चों में वर्ग एक के रियाज अंसारी, आठ के सुमित्रा टुडू, सात के रेणु हेम्ब्रम, कोयल साहा एवं कक्षा पांच के अनुराधा साहा शामिल हैं।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया योग दिवस
रानेश्वर/निज संवाददाता। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को भाजपा पार्टी के रानेश्वर प्रखंड के कार्यकर्ताओं ने आसनबनी मंडल अध्यक्ष अजय कुमार सिंह एवं रानेश्वर मंडल अध्यक्ष रुद्रनाथ गोरांई के नेतृत्व में योग दिवस मनाया है। अजय कुमार सिंह ने बताया कि आसनबनी शिव मंदिर प्रांगण में योग कर योग दिवस मनाया गया। रुद्रनाथ गोरांई ने बताया कि आदिबासी बहुल इलाका जामजोड़ी गांव में योग कर योग दिवस मनाया गया है। मौके पर शोभा देवी, संजीव दे, प्रकाश नारायण पांडेय, सुनील मुर्मू, पंकज बर्णवाल, लालबाबू राणा,कालीश्वर हांसदा,योगेश्वर हांसदा,महादेव किस्कू,अरमेल हांसदा,मुन्ना टुडू,गुर्दा टुडू,विशेश्वर टुडू,जयदेव हांसदा,जगदेव मुर्मू,गुलाप राणा,अशोक राणा,अमित राणा आदि उपस्थित थे।
विद्या प्ले स्कूल में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
रानेश्वर/निज संवाददाता। रानेश्वर प्रखंड के आसनबनी स्थित विद्या प्ले स्कूल के शिक्षक एवं छात्राओं ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया है। स्कूल के प्रधानाध्यापिका स्वीटी चौबे ने छात्रों को बातया की योग भारत की प्राचीन परंपरा और सांस्कृतिक धरोहर का अभिन्न हिस्सा रहा हैं। यह केवल व्यायाम नहीं, बल्कि यह एक ऐसी विधा है। जो शरीर मन और आत्मा को जोड़ने का कार्य करती है। मौके पर विद्यालय के संचालक प्रशांत हाजरा, बबीता रॉय, निखिल मंडल, तापसी मंडल , सेतुला रॉय, अनुपमा दत्ता, आसा कुमारी आदि मौजूद थे।
राजकीय मध्य विद्यालय के बच्चों ने किया योगाभ्यास
शिकारीपाड़ा/निज संवाददाता। अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को शिकारीपाड़ा प्रखण्ड के राजकीय मध्य विद्यालय सरसडंगाल के प्रधानाध्यापक निरंजन कुमार सिंह के नेतृत्व में छात्र -छात्राओ और शिक्षको ने योगाभ्यास किया। वहीं उच्च विद्यालय सरसाजोल के प्रधानाध्यापक असीम मंडल के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने योगाभ्यास किया।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व सीएम रघुवर दास का किया स्वागत
गोपीकांदर/निज संवाददाता। गोपीकांदर चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य के पूर्व सीएम रघुवर दास का जोरदार स्वागत किया। रघुवर दास दो दिवसीय संथाल दौरे में हैं। इस दौरान दुमका से पाकुड़ के लिट्टीपाड़ा के एक कार्यक्रम में जाने के दौरान वह गोपीकांदर चौक पर रुके। मंडल अध्यक्ष नकुल साह के अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने रघुवर दास जिंदाबाद और भाजपा जिंदाबाद के नारे लगाये। इस दौरान विजय भगत, नकुल साह, राजेश पंडित, छोटू मिर्धा, राजेश मिर्धा गोपाल मंडल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे
सखी मंडल की महिलाओं ने किया योग
गोपीकांदर/निज संवाददाता। विश्व योग दिवस पर प्रखंड के विभिन्न स्कूलों और पंचायत भवन परिसर में योग किया गया। इस दौरान प्रखंड कार्यालय परिसर में बीडीओ विजय प्रकाश मरांडी ने अपने अधीनस्थ कर्मियों के साथ योग किया। पहाड़िया विद्यालय में शिक्षकों और छात्रों ने योग किया। जबकि प्लस टू स्कूल में डॉ. सूरज प्रसाद के साथ सभी छात्रों ने योग किया। प्रखंड के सातों पंचायतों में पंचायत सचिव व ग्रामीणों ने योग किया। जबकि कुश्चिरा, ओडमो और खरौनी बाजार में सखी मंडल की महिलाओं ने योग किया। ग्रामीण क्षेत्रों में भी महिलाओं ने विश्व योग दिवस पर योग गया। इस दौरान प्रखंड के बीपीओ पवन कुमार सिंह, विशाल कुमार, जेएसएलपीएस की कमीरुल हसन, सोम मोहली, पूजा देवी सहित अन्य शामिल रही।
फांसी लगाकर महिला ने की आत्महत्या
मसलिया/निज संवाददाता। मसलिया थाना क्षेत्र अंर्तगत मसानजोर पंचायत के बेदिया गांव में एक महिला ने गांव के समीप अवस्थित जंगल के एक पलाश पेड़ में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। मृतक महिला गांव की ही निमाई राणा की धर्म पत्नी(50 वर्षीय) नममी दासी बताई जा रही है। मृतक महिला के पति निमाई राणा ने बताया कि पेड़ में फंदे से लटका हुआ रहने की जानकारी ग्रामीणों के माध्यम से सुबह प्राप्त हुआ है। उक्त घटना की सूचना मसलिया पुलिस दे दी गई है। उन्होंने आगे बताया कि मृतक महिला उनकी पहली पत्नी है जिनसे तीन बेटी और एक बेटा है दो बेटी व बेटा का विवाह हो गई है। छोटी बेटी +2 उच्च विद्यालय पिंडारी में पढ़ने जाती है पैसे के कारण जिनका नामांकन नही हो पाई इसी को लेकर पत्नी से कहासुनी हुआ था जिसको लेकर पत्नी नाराज थी और बीते कल करीब 3 बजे से घर पर नही थी। पुराने घर मेरी माँ रहती है लगा कि वहा होगी पर सुबह फांसी पर लटके होनी की सूचना प्राप्त हुआ। इस संबंध में मसलिया थाना से एस.आई. उमेश सिंकू से पुछेजाने पर बताया कि मृतक महिला की शव पुलिस कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेज दिए है प्रथम दृष्ट्या में प्रतीत होता है कि अपनी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया है।हालांकि पुलिस तमाम बिंदुओं से अनुसंधान कर रही है।
मसलिया में उत्साहपूर्वक मनाया गया योग शिविर
मसलिया/निज संवाददाता। मसलिया प्रखंड क्षेत्र में 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस शनिवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रखंड मुख्यालय परिसर में हुई, जहाँ अंचलाधिकारी रंजन यादव के नेतृत्व में प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के कर्मियों के साथ-साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के कर्मियों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। इसी क्रम में राजकीय आयुर्वेदिक औषधालय कठलिया में योग दिवस को लेकर विशेष आयोजन किया गया। चिकित्सक शिवनाथ कुमार की अगुवाई में कठलिया स्थित मध्य और उच्च विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया। योगाचार्य केसरीनाथ के मार्गदर्शन में छात्रों को 45 मिनट का सामान्य योग अभ्यासक्रम कराया गया। कार्यक्रम में चिकित्सक दुर्गेश कुमार, बीपीओ संजीव प्रसाद, विभाष हेम्ब्रम, श्रीमंत कुमार, बीजेन पंजियारा, संतोष कुमार झा, रंजीता टुडू सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। योग दिवस के अवसर पर क्षेत्र में स्वास्थ्य और समग्र जीवन शैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने का संकल्प लिया।
पूर्व मुख्यमंत्री पहुंचे जामा के खेपचुआ गांव
जामा/निज संवाददाता। पूर्व मुख्यमंत्री सह उड़ीसा के पूर्व राज्यपाल रघुवर दास शनिवार को जामा प्रखंड के नाचनगडिया पंचायत के खेपचुआ गांव पहुंचे। जहाँ उन्होंने चौपाल लगाकर ग्रामीणों से क्षेत्र और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ग्रामीणों को पेसा कानून के बारे में विस्तार से बताया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में पेसा कानून लागू नहीं होने के कारण यहाँ के आदिवासी का विकास नहीं हो पा रहा है। पेसा कानून लागू होने से ग्राम सभा को कानूनी दर्जा मिलेगा। मांझी परगाना शासन व्यवस्था के तहत गांव के समस्याओं को गांव में ही सुलझाया जा सकता है। परंतु राज्य सरकार के मुखिया को सिर्फ वोट की राजनीति करना है। आदिवासी के विकास से उन्हें कोई मतलब नहीं है। इधर ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान सरकार में सारे विकास कार्य बंद हैं। मईया योजना का लाभ हर किसी को नहीं मिल रहा है। वृद्ध और विधवा पेंशन भी रोक दी गई है। राशन के लिए भी काफी परेशानी होती है। खेती बाड़ी के लिए पानी की समस्या भी होती है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष गौरवकांत, सुकमुनी हेम्ब्रम, परितोष सोरेन, निवास मंडल, मनोज हांसदा, मंडल अध्यक्ष दुर्योधन राय, विमल मरांडी, रूपेश मंडल, कालेश्वर मुर्मू, रोहित जोशी, अमन राज, बिरेन्द्र मरांडी, सुनीता सोरेन, जियामुनी सोरेन, महादेव हांसदा आदि मौजूद थे।
पूर्व सांसद ने कार्यकर्ताओं के साथ किया योगाभ्यास
जामा/निज संवाददाता। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पूर्व भाजपा सांसद सुनील सोरेन ने तरबंधा स्थित आवास परिसर में शनिवार को भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के साथ योगाभ्यास एवं प्राणायाम कर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि योग हमारी प्राचीन संस्कृति है। यह शारीरिक क्षमता बढ़ाने के साथ मानसिक तनाव से मुक्ति का उत्तम उपाय है। मौके पर निलेश कुमार, संजय कुंवर, अमरेन्द्र कुमार आदि मौजूद थे।
जिलास्तरीय खेल के लिए दो टीम चयनित
गोपीकांदर/निज संवाददाता। गोपीकांदर प्रखंड फुटबॉल मैदान में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के बैनर तले गुरुवार को फर्स्ट लिटिल चैम्प प्रखंड स्तरीय एक दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सुरेंद्र हेम्ब्रम ने दीप प्रज्वलित कर एवं फुटबॉल को किक मारकर किया। प्रतियोगिता में अंडर 12 की कुल 7 टीम ने भाग लिया। अंडर 12 बालक वर्ग में फाइनल मुकाबला एमएस कारीपहाड़ी बनाम पीएस कारूडीह के बीच खेला गया। जिसमें एमएस कारीपहाड़ी ने पीएस करूडीह को 1/0 हराकर विजेता बना। अंडर 12 बालिका वर्ग में फाइनल मुकाबला पीएस गाड़ियापानी मिशन बनाम पीएस कारूडीह के बीच खेला गया।जिसमे पीएस गाड़ियापानी ने पीएस कारूडीह को 2/0 हराकर ट्रॉफी अपने नाम किया।सभी मैचों में अनिल हेम्ब्रम, प्रीतम टुडू और अग्निथियुष हांसदा ने मुख्य निर्णायक रेफरी की भूमिका निभाई। फाइनल मैच में जीत हासिल कर दोनों टीम जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। सभी विजेता एवं उपविजेता टीम को खेल प्रशिक्षक, बीपीओ शमीम परवेज और बीआरपी ने ट्रॉफी देकर संयुक्त रूप से सम्मानित किया। प्रतिभागी सभी खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मौके पर अनिल हांसदा सहित सभी बीआरपी परवेज अख्तर, सीआरपी सहित विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
सुप्रसिद्ध नाग बाबा मेला का पंडार आज
नोनीहाट/निज संवाददाता। सुप्रसिद्ध नाग बाबा मेला सुखजोरा मैं वार्षिक पूजन समारोह 22 जून रविवार को यानी आज आरंभ होने जा रहा है | नाग बाबा मेला के प्रथम पूजन दिवस को पंढार के नाम से जाना जाता है | यह पूजा परंपरागत रूप से 15 दिनों तक पूजन उत्सव मनाया जाता है | श्रद्धालु नाग बाबा के प्रति अटूट आस्था रखते हैं। आज भी इस क्षेत्र में पंडार के दिन भूमि खुदाई एवं हल जुताई नहीं किया जाता है। यह पूजा आरंभ होने से पूरे 15 दिन तक इस क्षेत्र में बली बंद रहता है। बताते चले कि इस क्षेत्र के अनेको गांव में नाग पूजन होते हैं जिसमे एकमात्र प्रसिद्ध सुखजोरा नाग धाम में अज्ञात धातु से निर्मित नाग बाबा के विग्रह की पूजन होती है। कहते हैं कि यह विग्रह भूमि खुदाई मैं एक पहाड़िया को करीब सैकड़ो वर्ष पूर्व मिली थी | जिसे वर्तमान पंडा राजेंद्र मांझी, रामजीवन मांझी, जयप्रकाश मांझी के पूर्वजों को प्राप्त हुआ है | सुखजोरा नाग बाबा पूजा लोगों का आस्था का प्रतीक है | इसकी प्रसिद्धि झारखंड समेत बिहार बंगाल तक व्यापक है तथा देश के कोने-कोने से श्रद्धालु वार्षिक पूजन समारोह में शामिल होने को पहुंचते हैं | यहां पूजा के दौरान सुबह मंदिर में तथा शाम को मंडप में कीर्तन भजन के साथ पूजा किया जाता है| श्रद्धालु विशेष कर शाम के पूजन में बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंचते हैं. तथा प्रसादी में भूरा चढ़ाते हैं | आज भी श्रद्धालु मानते हैं की प्रथम पूजन के दिवस मंदिर में शामिल होने पर पूरे 15 दिन तक नाग बाबा के द्वार पर हाजिरी लगानी पड़ती है | सुखजोरा नाग बाबा धाम में विशेष कर मेला के दिन बलि प्रथा होती है| उसी दिन श्रद्धालु जानेव, फुल, भूरा, से सजा डलिया को अर्पित कर अपने परिवार की कुशलता की मंगल कामना करते है |
कोयला, बालू, शराब और जमीन का सिंडिकेट चला रही है सरकार : रघुवर दास
- दो दिवसीय दौरे पर संथाल परगना प्रमंडल में विभिन्न जिले में लगायेंगे जन चौपाल
दुमका/निज संवाददाता। वर्तमान में इस राज्य में सीओ ऑफिस से लेकर सीएमओ तक भ्रष्टाचार व्याप्त है। सीएमओ में प्रधान सचिव रहे विनय चौबे आज होटवार जेल में हैं। ऐसा कोई विभाग नहीं है, जहां घोटाले नहीं हो रहे हैं। पेयजल विभाग हो या शराब या कोई अन्य विभाग, हर जगह भ्रष्टाचार है। उक्त बातें पूर्व सीएम रघुवर दास ने शनिवार को दुमका दौरे के दौरान प्रेसवार्ता कर कहा। ओडिशा के राज्यपाल रहे रघुवर दास ने यहां तक ??कह दिया कि यह सरकार हेमंत सोरेन नहीं बल्कि कोयला सिंडिकेट, बालू सिंडिकेट, शराब सिंडिकेट और जमीन सिंडिकेट मिलकर चला रहे हैं। झारखंड के जल, जंगल और जमीन का कण-कण सिंडिकेट के हाथ में है।
रघुवर दास ने कहा कि जब-जब झामुमो-कांग्रेस की सरकार आई है, घोटाले सामने आने लगे हैं। भाजपा के शासनकाल में चाहे 2000 में बाबूलाल मरांडी की सरकार रही हो या उसके बाद अर्जुन मुंडा की सरकार रही हो, कहीं कोई भ्रष्टाचार नहीं हुआ। जबकि इस झामुमो-कांग्रेस शासन में पहले भी मुख्यमंत्री, मंत्री, अधिकारी जेल जा चुके हैं। वर्तमान में भी पूर्व मंत्री आलमगीर आलम कमीशनखोरी के आरोप में जेल में हैं। सवालिया लहजे में आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि इस सरकार के पांच साल में यहां के पहाड़ों और जंगलों की क्या स्थिति है, क्या बालू घोटाला नहीं हुआ, संथाल परगना में कोयला की ढुलाई कौन करवा रहा है, नियोजन में गड़बड़ी कौन कर रहा है। यहां नियोजन में ऐसी नीतियां बनाई जा रही हैं, जिससे यह उलझ कर रह जाए. यहां ठेकेदार को योग्यता के आधार पर नहीं, बल्कि कमीशन के आधार पर काम मिल रहा है। रघुवर दास आज दुमका में झारखंड की वर्तमान सरकार पर काफी आक्रामक दिखे। उन्होंने कहा कि यह सरकार अक्षम और निकम्मी है। आदिवासी हो या गैर आदिवासी, किसी को भी इस सरकार से कोई उम्मीद या आकांक्षा नहीं है। सरकार सभी मोर्चों पर विफल रही है। पूरे राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब है। खासकर महिलाएं असुरक्षित हैं। उनके साथ लगातार हिंसक घटनाएं हो रही हैं। आज राज्य की जनता इस सरकार को लाने पर पछता रही है। रघुवर दास ने कहा कि हम इन सभी मुद्दों पर लोगों को जागरूक करने निकले हैं और जनता को बता रहे हैं कि किस तरह इस सरकार ने आपको आपके हक और अधिकार से वंचित रखा है। आज इन सभी मुद्दों पर पाकुड़ में चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है और फिर कल रविवार को साहिबगंज के बरहेट में चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री ने हेमंत सरकार से मांग की कि जल्द से जल्द राज्य में पेसा कानून लागू किया जाए ताकि गांव में स्वशासन स्थापित हो सके। उन्होंने कहा कि पेसा कानून को लागू करने के लिए पूरा मसौदा तैयार है, झारखंड सरकार इसे आगामी कैबिनेट में पारित करे।आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उन्होंने परिसदन में ही योगाभ्यास किया।
विकास विद्यालय में स्कूली बच्चों ने किया योगाभ्यास
दुमका/निज संवाददाता। अंर्तराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विकास विद्यालय, राखाबानी में विशेष योग कार्यक्रम आयोजित हुई। कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया। विशेष योग शिक्षिका संतोषी गुप्ता ने बच्चों और अध्यापकों को विभिन्न योगासन सिखाए। बच्चों को सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, और वृक्षासन का अभ्यास किया। इस अवसर पर शिक्षक-शिक्षिकाओं ने योगाभ्यास किया। बच्चों ने योग के माध्यम से अपनी एकाग्रता और शांति में वृद्धि की। शारीरिक लचीलापन और संतुलन में सुधार हुआ। बच्चों को योग का महत्व बताया गया। योग से स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा, मानसिक तनाव कम होना एवं बच्चों के सर्वांगीण विकास में योग का योगदान बताया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य ने बताया कि योग हमारे जीवन में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह न केवल शारीरिक स्वास्थ्य में सुधार करता है, बल्कि मानसिक शांति और एकाग्रता भी बढ़ाता है। हमें अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल करने का प्रयास करना चाहिए। संतोषी गुप्ता का योगदान इस कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका रही।
योग को अपनी दिनचर्या में करें शामिल : उपायुक्त
दुमका/निज संवाददाता। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर इंडोर स्टेडियम में उपायुक्त अभिजीत सिन्हा के नेतृत्व में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस अवसर पर उपायुक्त ने लोगों से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने और इसे परिवार और समाज में भी बढ़ावा देंने का अपील किया। योग को लेकर जनजागरूकता समय की मांग है और विज्ञान का भी यही मानना है कि इसके सतत अभ्यास से हम कई बीमारियों से बच सकते हैं। योग प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम व ध्यान की विधियां कराई गई और उनके लाभों की जानकारी दी गई। इस कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक, सहायक समाहर्ता, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी, स्कूली बच्चें आदि उपस्थित थे।
व्यवहार न्यायालय में न्यायाधीशों व न्यायालय कर्मियों ने किया योगाभ्यास
दुमका/निज संवाददाता। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को व्यवहार न्यायालय परिसर में योग कार्यक्रम का आयोजन हुआ। योगाभ्यास नालसा, दिल्ली व झालसा, रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार के प्रभारी अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शत्रुंजय कुमार सिंह के नेतृत्व में किया गया। इस न्याय मंडल के सभी न्यायाधीश समेत न्यायालय कर्मियों ने निर्धारित समय पर योगाभ्यास किया। उक्त अवसर पर प्राधिकार अध्यक्ष ने बताया गया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। सभी लोगों को एक स्वस्थ जीवन शैली के लिए प्रोत्साहित करना है। योगाचार्य, राकेश पराशर ने न्यायाधीशों तथा न्यायालय कर्मियों को विभिन्न योग कराया।
राजकीय श्रावणी मेला की तैयारी को लेकर प्रशासन ने की बैठक
- बासुकीनाथ मेला में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोपरि : उपायुक्त,
दुमका/ निज संवाददाता। राजकीय श्रावणी मेला की तैयारियों को लेकर बासुकीनाथ स्थित सभागार में मंदिन प्रशासन की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने किया। इस अवसर पर उपायुक्त ने नए रूट लाइन में श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने, पेयजल की समुचित व्यवस्था रुट लाइन होने एवं सभी आवासन केंद्रों में पर्याप्त रोशनी, पंखा, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो, इसका निर्देश दिया। बैठक में बताया गया कि अब तक 150 शौचालयों का निर्माण पूरा हो चुका है। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि शेष निर्माण कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए। श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु आवासन केंद्र, शौचालय, प्रवेश-निकास मार्ग, रूट एवं स्वास्थ्य सुविधाओं से संबंधित साइनबोर्ड प्रमुख स्थलों पर लगाए जाएं। उपायुक्त ने संस्कार मंडप क्यू कॉम्प्लेक्स के कार्य को शीघ्रता से गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए पूरे मेला क्षेत्र एवं आवासन केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही मेला क्षेत्र में ध्वनि विस्तारक यंत्र एवं एलईडी स्क्रीन की स्थापना की जाएगी। जिससे जरूरी सूचनाएं एक केंद्र से प्रसारित की जा सकें। मंदिर परिसर की विद्युत वायरिंग, एसी एवं अन्य उपकरणों की सुरक्षा जांच सुनिश्चित करने को कहा गया, जिससे किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।कहा कि मेला क्षेत्र, पहुँच पथ एवं पार्किंग स्थलों पर समुचित प्रकाश व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए। शिवगंगा की साफ-सफाई, एनडीआरएफ की प्रतिनियुक्ति तथा अग्निशमन व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। मेला के दौरान छोटे गैस सिलेंडरों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। वाहन पार्किंग की समुचित व्यवस्था के साथ पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित की जाएगी। उपायुक्त ने मेला क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में सफाईकर्मियों की तैनाती होने एवं जगह-जगह डस्टबिन रखने का निर्देश दिया। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। ताकि श्रावणी मेला की सभी तैयारियां निर्धारित समय पर पूर्ण हो सकें। बैठक में पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार ने बीडीओ, सीओ एवं थाना प्रभारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने एवं किसी भी कमी को समय रहते दूर करने का निर्देश दिया। बैठक से पूर्व उपायुक्त ने पूरे मेला क्षेत्र एवं रूट लाइन का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश भी दिए। शिवगंगा की सफाई एवं उसमें जल आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विशेष निर्देश दिए गए। बैठक में उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी,सभी विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
उप विकास आयुक्त ने किया पदभार ग्रहण
दुमका/निज संवाददाता। समाहरणालय स्थित उप विकास आयुक्त के कार्यालय कक्ष में निवर्तमान उप विकास आयुक्त रवि जैन से नवपदस्थापित उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान ने पदभार ग्रहण किया। जिले के बहुमुखी विकास में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता होगी, ताकि लोगों तक सुगमतापूर्वक सुविधाएं पहुंच सके। पदभार ग्रहण करने के पश्चात उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान ने कहा कि वे जिले का बहुमुखी विकास करने का हरसंभव प्रयास करेंगे। जिले में विकास की सभी योजनाओं को गति प्रदान की जाएगी। इस दौरान जिला ग्रामीण विकास शाखा के सभी पदाधिकारियों, कर्मचारियों और जिला स्तरीय पदाधिकारियों का परिचय प्राप्त किया।
बालकों के संरक्षण से संबंधित विभिन्न अधिनियमों पर एक दिवसीय कार्यशाला
- बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारी बालकों के प्रति करें मित्रवत व्यवहार : डीएसपी
दुमका/ निज संवाददाता। जिला बाल संरक्षण इकाई एवं प्रवाह संस्था के संयुक्त तत्वावधान में जिला बाल संरक्षण इकाई के सभागार में एक दिवसीय कार्यशाला शनिवार को आयोजित हुई। कार्यशाला लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012, किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम 2015, मानव तस्करी विषयों एवं विभिन्न अधिनियमों पर आयोजित हुई। कार्यशाला का शुभारंभ विशेष किशोर पुलिस पदाधिकारी सह पुलिस उपाधीक्षक, मुख्यालय इकुड डुंगडुंग, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी प्रकाश चन्द्र, किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य धर्मेन्द्र नारायण प्रसाद एवं बाल कल्याण समिति के निवर्तमान सदस्य डॉ रंजन कुमार सिन्हा ने विधिवत संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विशेष किशोर पुलिस पदाधिकारी ने कहा कि किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम 2015 की धारा 106 में उल्लिखित है कि प्रत्येक थाने में बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारी (सीडब्ल्यूपीओ) होंगे। बच्चों से संबंधित प्राप्त मामले का निष्पादन एवं समस्त कार्यवाही सीडब्ल्यूपीओ ही करेंगे। उन्होंने कहा कि जिले के पुलिस पदाधिकारी बच्चों के साथ थानों में मित्रवत व्यवहार करें। जिससे कि बच्चे निर्भिक होकर अपनी बातों और भावनाओं को सरलतापूर्वक व्यक्त कर सके। जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी प्रकाश चन्द्र ने कहा कि थाने में बच्चों से संबंधित किसी भी प्रकार की सहायता की आवश्यकता होती हो तो अविलंब उसे जिला बाल संरक्षण इकाई या चाइल्ड हेल्पलाइन से साझा करें। जिससे कि सामूहिक प्रयास से बालहित में उचित निर्णय लिया जा सके। किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य धर्मेन्द्र नारायण प्रसाद ने कहा कि किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम 2015 की धारा एवं आदर्श नियम का अनुपालन करते हुए बालकों-किशोरों का उपस्थापन नियमानुकूल समिति व बोर्ड के समक्ष करेंगे। सामान्यत: देखा जाता है कि पुलिस पदाधिकारियों द्वारा बालकों, किशोरों को समिति व बोर्ड के समक्ष उपस्थापन के दौरान पुलिस वर्दी में किया जाता है जो कि नियमानुकूल नहीं है। उन्होंने कहा कि सामाजिक पृष्ठभूमि रिपोर्ट (एसबीआर) स्थानीय जांच कर निष्पक्ष एवं सत्यता के साथ बोर्ड को समर्पित करें। बाल कल्याण समिति के निवर्तमान सदस्य डॉ रंजन कुमार सिन्हा ने कहा कि प्राप्त पॉक्सो मामले के पॉक्सो पीड़िता को बाल कल्याण समिति के समक्ष उपस्थापित करने से पूर्व अधिनियम के तहत नियमानुकूल फॉर्म बी आवश्यक रूप से पूर्ण कर समिति को समर्पित करें। समिति तीन कार्य दिवस के अंदर निर्णय लेकर संबंधित थाने को सूचित करेगी कि पीड़िता का उपस्थापन समिति के समक्ष आवश्यक है या नहीं। प्रवाह के परियोजना समन्वयक सह रिसोर्स पर्सन प्रेम कुमार ने मानव तस्करी एवं बालकों से संबंधित विभिन्न वैधानिक प्रावधानों व अधिनियमों के बारे में विस्तारपूर्वक बताया।