सुशील मुर्मू सचिव, सचिन राणा अध्यक्ष व सूरज मिर्धा बनाए गए उपाध्यक्ष
आइसा कार्यकर्ताओं ने मणिपुर की घटना पर पुतला दहन कर जताया विरोध
कुंडहित। संवाददाता। गुरुवार को मुख्यालय स्थित हटिया परिसर में आइसा का जिला सम्मेलन आयोजित किया गया। मौके पर आइसा के राज्य सचिव लोकनाथ ने कहा कि कुंडहित में आइसा का पहला जिला स्तरीय सम्मेलन आयोजन किया गया। सम्मेलन के दौरान 9 सदस्य कमेटी बनाई गई। कमेटी में सुशील मुर्मू को सचिव, सचिन राणा को अध्यक्ष, सूरज मिर्धा को उपाध्यक्ष बनाया गया। राज्य सचिव लोकनाथ ने कहा कि आगामी 9 अगस्त से 11 अगस्त आइसा का राष्ट्रीय सम्मेलन कोलकाता में आयोजित किया जाएगा, जिसमें यहां के प्रतिनिधि सम्मेलन में शामिल होंगे। कहा कि बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सम्मानजनक रोजगार की गारंटी, शिक्षा के निजीकरण को वापस लेने, 4 साल से बंद पड़े साइकिल योजना को चालू करने सहित छात्र हित से जुड़े तमाम मुद्दों को लेकर आइसा आंदोलन करेगी। मौके पर भाकपा माले के जिला सचिव सुनील राणा, विजयंती बास्की, मदन कुमार, आनंद मुर्मू, प्रकाश मरांडी, विनोद हेंब्रम, ममता राणा, आशा मिर्धा, आनंद बदयाकर, सुनीता हंसदा, श्यामलाल मिर्धा, राजीव मुर्मू, अनिल पाल, समीर कर्मकार, रूपी सोरेन, जमील कौशर आदि मौजूद थे।
सम्मेलन के बाद आइसा की ओर से मणिपुर हिंसा के विरोध में गृहमंत्री एवं मणिपुर मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया। साथ ही, देश के गृहमंत्री एवं मणिपुर मुख्यमंत्री के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। राज्य सचिव लोकनाथ ने कहा कि देश भर में महिला हिंसा बढ़ रही है। आप लोग सब जान रहे हैं मणिपुर में महिलाओं को नंगे तरीके से सड़कों पर घुमाया गया। मणिपुर पिछले कुछ दिनों से जातिय हिंसा के नाम पर जल रहा है। इसके खिलाफ देश भर में अलग-अलग जगह पर सड़कों पर आंदोलन हो रहा है। सरकार से मांग कर रहे हैं कि मणिपुर की महिलाओं को न्याय दिया जाए। इस हिंसा में मोदी सरकार एवं मणिपुर के मुख्यमंत्री सब चुप है और इसलिए हम लोग मांग कर रहे हैं कि मणिपुर के मुख्यमंत्री को इस्तीफा देना चाहिए।
डीएवी में आयोजित हुआ प्रतिभा सम्मान समारोह
नन्हें प्रतिभाओं को किया गया सम्मानित
जामताड़ा। संवाददाता। डीएवी प्लस टू स्कूल जामताड़ा में विभिन्न प्रतियोगिताओं में सफल छात्रों के लिए विगत बृहस्पतिवार को प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। नन्हें प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। डिजीटल प्रस्तुति में विश्वजीत कुमार, अन्नपूर्णा झा एवं रिक्की रिम्मी को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। वही पेंटिंग प्रतियोगिता में समृद्धि सिन्हा, सुमन सोरेन, सूर्या सिंह चौहान को भी प्रमाण पत्र व पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। अंग्रेजी कविता गायन प्रतियोगिता में बच्चों ने स्वर लय, ताल के साथ बेहतरीन प्रस्तुति कर सभी का मन मोहा। सात्विक सिंह, रचना कुमारी व अंकन मंडल को भी पुरस्कार मिला। विद्यालय के प्राचार्य बलराम कुमार झा ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद, चित्र कला, गायन वादन संगीत आदि क्षेत्रों में भी रुचि रखनी चाहिए। सर्वांगीण विकास के लिए पाठ्य सहगामी क्रिया कलाप अति आवश्यक है। कार्यक्रम का संचालन अभिजीत बशेरा व अनिशा ने किया। विद्यालय के शिक्षक एके विश्वकर्मा, कमलेश प्रसाद, अर्चना सिंह, पीके सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
बीईईओ ने किया सीआरपी के साथ बैठक
नाला। संवाददाता। गुरुवार को प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी जया देवी ने सीआरपी के साथ एक बैठक किया। बीईईओ ने बताया कि विभागीय निर्देश के आलोक में नियमित स्कूल संचालन, स्वच्छ परिवेश, एमडीएम का निर्धारित नियम के अनुसार संचालन करना है। इस दौरान उन्होंने सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के तहत 18 से 19 वर्ष एवं वर्ग 8 से 12 वर्ग तक के जिन बच्चों को लाभ नहीं मिला है उनका अविलंब आवेदन भरकर कार्यालय में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। जाति प्रमाण पत्र से संबंधित प्रतिवेदन, नया नामांकन प्रतिवेदन, छात्रवृति के लिए बैंक एवं पोस्ट ऑफिस में नया खाता खोलने से संबंधित प्रतिवेदन, आधार विहीन छात्र-छात्राओं की सूची तथा प्रयास कार्यक्रम में तहत नामांकन एवं नामांकन के विरुद्ध उपस्थिति से संबंधित प्रतिवेदन अविलंब जमा करने का निर्देश दिया गया। कहा कि प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजनान्तर्गत नाला प्रखंड में कुल 33 विद्यालयों में पोषण वाटिका का स्थापना किया जाना है। जिसे विभागीय निर्देशानुसार एक सप्ताह के अंदर सभी विद्यालयों में पोषण वाटिया का स्थापना करवाना सूनिश्चित करेंगे। इस अवसर पर प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी नित्यानंद गोरांई, प्रखंड साधन सेवी सुनील कुमार मंडल, सीआरपी परिमल मंडल, समर लायेक, लक्ष्मण चन्द्र माजी, राकेश जायसवाल, दिनुनाथ मंडल, रासविहारी झा, समीर चन्द्र महतो, हरिशंकर मंडल, बी साधु सहित अन्य उपस्थित थे।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित
नारायणपुर। संवाददाता। नारायणपुर अंचल सभागार में गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की एक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। आयोजित बैठक में डॉक्टर केदार महतो, डॉक्टर अर्पिता बेरा, बीपीएम अखिलेश कुमार सिंह समेत विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों की सेविका मौजूद थे। बैठक में बीपीएम अखिलेश कुमार सिंह ने स्वास्थ्य विभाग की ओर से आगामी 10 अगस्त से 25 अगस्त तक चलने वाले राष्ट्रीय वैक्टर जनित रोग कार्यक्रम के बारे में चर्चा किया। कहा कि इस कार्यक्रम में आंगनबाड़ी सेविका एएनएम के साथ मिलकर काम करेगी। इस वृहद कार्यक्रम के माध्यम से फेयलेरिया, एनेमिया,जैसी बीमारियों से बचाव को लेकर अभियान चलाया जाएगा। मौके पर रायधनी देवी, देवंती देवी, रेणु कुमारी आदि आंगनबाड़ी सेविका उपस्थित थे।
बारिश की स्थिति देख किसान सुखाड़ की आशंका से हैं भयभीत
नारायणपुर। संवाददाता। रोहिणी नक्षत्र से लेकर अब तक बारिश की स्थिति देखकर नारायणपुर प्रखंड के किसान सुखाड़ की आशंका से भयभीत हैं। जुलाई माह का तीसरा सप्ताह धनरोपनी का समय है, लेकिन अभी तक बारिश के अभाव में खेतों में धान के बिचड़े सूख रहे हैं। कहीं कहीं बिचड़े में कीड़े लगने लगे हैं। बारिश के अभाव में सिर्फ धान ही नहीं, बल्कि सभी प्रकार की रबी फसलें चौपट हो गयी है। नारायणपुर प्रखंड कृषि बहुल क्षेत्र है। इस प्रखंड के अधिकांश किसानों की आजीविका खेती किसानी पर ही निर्भर है। इस स्थिति में किसानों के खेतों में लगे मकई, भिंडी, नेनुआ व अन्य फसलें चौपट हो गयी है। मकई की फसल में धूप के कारण कीड़े लगने लगे हैं। इस पर नावाडीह के किसान शंकर पंडित ने बताया कि रथयात्रा के बाद पहले पूरे क्षेत्र में धनरोपनी शुरू हो जाती थी, और जुलाई के तीसरे सप्ताह तक लगभग 75 प्रतिशत धनरोपनी खत्म हो जाती थी। लेकिन अभी तक 5 प्रतिशत भी धनरोपनी नही हुई है। बारिश न होना सुखाड़ की आहट है।
दहेज प्रथा, बाल विवाह व सड़क सुरक्षा को लेकर छात्रों को किया गया जागरूक
कुंडहित। संवाददाता। विद्यालय स्वास्थ्य एवं कल्याण कार्यक्रम के तहत राजकीय प्लस टू विद्यालय बागडेहरी में स्कूली बच्चों को दहेज प्रथा, बाल विवाह एवं सड़क सुरक्षा के बारे में जागरूक किया गया। मौके पर प्रधानाध्यापक डाक्टर मिथिलेश पांडेय ने कहा सरकार ने कानून बनाया है कि दहेज लेना एवं देना दोनों ही अपराध है। अगर हम अच्छे से पढ़ाई लिखाई कर अच्छी नागरिक बनकर अपने पैर पर खड़े हो जाते हैं तो हमें दहेज के बारे में सोचने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने सड़क सुरक्षा के बारे में बताते हुए कहा कि आज के समय में अधिकतर नाबालिग बच्चे सड़कों पर गाड़ी दौड़ाते हैं, जो कानूनन जुर्म है। सड़क पर वाहन चलाते समय हमें सड़क सुरक्षा के सभी नियमों का पालन करना चाहिए। बाल विवाह पर जानकारी देते हुए बताया कि समाज में बाल विवाह देखने को मिलता है। माता-पिता द्वारा बच्चों को कम उम्र में विवाह करा देने से उनके मानसिक एवं शारीरिक रूप से बहुत क्षति होते हैं। कम उम्र में विवाह करा देने से वह काफी कमजोर सी हो जाते हैं। जिससे उनका स्वास्थ्य धीरे-धीरे बिगड़ता जाता है। उन्होंने बाल विवाह के 14 बिंदुओं पर एक-एक करके बच्चों को विस्तार पूर्वक जानकारी दिया। उन्होंने इंटरनेट और सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि आज के समय पूरा दुनिया इंटरनेट से जुड़ चुका है। इंटरनेट एवं सोशल मीडिया का दो पक्ष है। एक सकारात्मक एवं दूसरा नकारात्मक। इंटरनेट के माध्यम से हमें तरह-तरह की जानकारी मिल जाती है लेकिन हमें उन नकारात्मक पहलुओं से दूर रहना चाहिए। जो हमारी मानसिकता को गलत दिशा की तरफ ले जाती है। वहीं उन्होंने हिंसा एवं चोट के खिलाफ सुरक्षा, मानव तस्करी एवं बाल विवाह, प्रजनन स्वास्थ्य एवं एचआईवी के प्रति रोकथाम, स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देना, मादक द्रव्यों के सेवन के रोकथाम के प्रति उपस्थित बच्चों को विस्तार पूर्वक जानकारी दिया। मौके पर विद्यालय के अन्य शिक्षक शिक्षिकाएं एवं बच्चे उपस्थित थे।