- परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
गोड्डा। संवाददाता। सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र के चंदना पंचायत अंतर्गत ग्राम- अंगवाली के समीप नदी के किनारे झाड़ी से एक युवक का शव पुलिस ने बरामद किया। युवक की उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है। मृतक की पहचान नजरुदीन उर्फ मुल्ला अंसारी, पिता लाल मुहम्मद अंसारी, ग्राम मुर्गाबनी, थाना पोड़ैयाहाट, जिला गोड्डा के रूप में किया गया। मृतक के घर वालों ने आरोप लगाया है कि अगियामोड़ के करीब में वारदात कर अंगवाली गांव के समीप शव को फेंक दिया गया है। घटना को लेकर मृतक के पिता लालमुहम्मद अंसारी एवं परिजन के द्वारा सुंदरपहाड़ी थाना में आवेदन देकर हत्या के आरोपी को सजा दिलाने की मांग किया। उधर घटना के संबंध में थाना प्रभारी कृष्णा कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि युवक की हत्या कहीं और की गई है और उसके शव को कहीं और फेंका गया है। मृतक के सिर में पीछे रड से मारे जाने का निशान पाया गया है। पुलिस द्वारा घटना की जांच-पड़ताल की जा रही है। मृतक के पिता लालमुहम्मद अंसारी एवं मौसी हाजरा बीबी का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है।
तालाब में डूबने से युवक की मौत
महागामा। संवाददाता। महागामा थाना क्षेत्र के खुटहरी में शनिवार को एक युवक की पोखर में डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना गांव में आग की तरह फैल गई। घटना की सूचना थाना प्रभारी को दी गई। सूचना पाकर थाना प्रभारी अरुण कुमार ने सहायक अवर निरीक्षक सहदेव सिंह को अपने दलबल के साथ घटना स्थल पर भेजा गया। मृतक आजाद अंसारी, उम्र तकरीबन 16 वर्ष, पिता सज्जाद अंसारी, मधुरा गांव का रहने वाला था। घटना के संबंध में मृतक के पिता ने बताया कि एक दिन पूर्व शुक्रवार से ही उनका बेटा घर से लापता था। उनलोग उसे ढूंढ़ने का प्रयास किए। परंतु उसका कहीं पर पता नहीं चला। शनिवार को स्थानीय ग्रामीणों ने सूचना दी कि आपका बेटा की मौत पोखर में डूबने से हो गई है। मृतक के पिता ने बताया कि उनका बेटा मानसिक रूप से विक्षिप्त था। मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो रहा था। पुलिस द्वारा मृतक के पोस्टमार्टम को लेकर परिजनों से वार्ता की जा रही थी। बताते चलें कि कुछ दिनों के दौरान पोखर में डूबने से लगभग पांच लोगों की मौत हो चुकी है। पोखर में डूब कर मर रहे युवकों की उम्र भी कम है। प्रशासन के द्वारा क्षेत्र में गहरे पोखर, तालाब के आसपास किसी तरह का सूचना बोर्ड नहीं लगा हुआ है। जिसके कारण आए दिन पोखर में डूबने से युवकों की मौत हो रही है। प्रशासन के द्वारा भी लगातार लोगों से आग्रह किया जा रहा है कि अपने बच्चों को गहरे पोखर में नहाने नहीं दें। फिर भी लोगों के द्वारा प्रशासन की बातों पर किसी तरह का कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।