राजमहल। संवाददाता। थाना क्षेत्र के नील कोठी में बीते शनिवार को एक किशोरी की तबीयत विषाक्त पदार्थ सेवन के कारण बिगड़ गई थी। राजमहल अनुमंडल अस्पताल से उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया जा रहा था। लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया था। वह स्व निर्मल मिश्रा की पुत्री स्नेहा मिश्रा (17) थी। अब इस घटना ने नया मोड़ ले लिया है। छात्रा की मां सविता मिश्रा के बयान पर आत्महत्या के लिए प्रेरित करने को लेकर कासिम बाजार निवासी राहुल कुमार गुप्ता के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। मृतका की मां ने पुलिस कि पूछताछ में बयान दिया है कि उनकी पुत्री का राहुल कुमार गुप्ता के साथ तीन से चार वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा था। राहुल गुप्ता बराबर पुत्री से मिला करता था। घटना वाले दिन 27 मई को अपनी बूढ़ी मां को लेकर इलाज कराने के लिए डॉक्टर के पास गई हुई थी। उक्त दिन को राहुल उनकी ग़ैर मौजूदगी में घर आया था और स्नेहा के साथ उसका झगड़ा हुआ था। झगड़े का कारण शादी से इंकार करना है। जिसके कारण पुत्री ने मायूस होकर अनाज में दिए जाने वाला सल्फास की गोली खा ली थी। तबीयत बिगड़ने पर उनके पुत्र ने उसे मोबाइल पर सूचना दी। उन लोगों ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया था। मामले को लेकर स्नेहा की मां के बयान पर थाना कांड संख्या 139/23 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। थाना पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
17 लोगों के विरुद्ध फसल बर्बाद करने का मामला दर्ज
राजमहल। संवाददाता। थाना क्षेत्र के जामनगर प्राण टोला में फसल बर्बाद कर मारपीट करने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर प्राण टोला निवासी दिलीप मंडल ने 17 लोगों को आरोपी बनाया है। दिलीप मंडल ने पुलिस को बताया है कि बीते 21 मई की सुबह खेत पर गया था। उसी वक्त जामनगर निवासी सत्यनारायण रजक, उत्तम मंडल, भरत मंडल, राजकुमार मंडल, सुरेश साह, शिरीस मंडल, विकास मंडल, संतोष मंडल, अतुल मंडल, लघु मंडल, अजय मंडल, फूलचंद मंडल, मनोज मंडल, गोविंद मंडल, मनोज कर्मकार, जितेन साहा, संतोष कुमार साहा सहित 17 लोगों ने सुनियोजित तरीके से हरबे हथियार से लैस होकर उसके साथ मारपीट की। साथ ही खेत में लगी फसल बर्बाद कर दिया। मामले को लेकर थाना कांड संख्या 140/23 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
विषाक्त पदार्थ के सेवन से 35 वर्षीय व्यक्ति गंभीर
राजमहल। संवाददाता। थाना अंतर्गत पूर्वी नारायणपुर पंचायत के बेंगडुब्बी गांव में मंगलवार की दोपहर एक व्यक्ति ने भूलवश जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने उसे इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती करवाया। अस्पताल में मौजूद परिजनों के अनुसार मनिरुल शेख़ (35) दोपहर के बाद घर में पानी समझकर फसल में देने वाले कीटनाशक पदार्थ का गलती से सेवन कर लिया। जिससे मनिरुल मूर्छित हो गया। अस्पताल के प्रभारी उपाधीक्षक डॉ उदय टुडू ने उसका इलाज किया। समाचार लिखे जाने तक इलाज जारी था। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।