जामताड़ा। संवाददाता। बुधवार को नाला विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सुल्तानपुर गोपालपुर में भाजपाइयों ने जनसंपर्क अभियान चलाया। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में भाजपा सरकार के 09 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य पर जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। नाला विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत चलाए जा रहे जनसंपर्क अभियान में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री डॉक्टर लुईस मरांडी एवं भाजपा वरिष्ठ नेता वीरेंद्र मंडल सम्मिलित हुए। भाजपा नेताओं ने नाला विधानसभा क्षेत्र वासियों को केंद्र में मोदी सरकार की ओर से चलाए जा रहे जन कल्याणकारी योजनाओं एवं महत्वाकांक्षी योजनाओं के बारे में लोगों को विस्तृत रूप से जानकारी दी। लोगों के बीच मोदी सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी देने के लिए पंपलेट का भी वितरण किया गया। झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री डॉक्टर लुईस मरांडी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी के नेतृत्व में केंद्र में भाजपा सरकार के 9 वर्ष के सफलतम कार्यकाल पूर्ण किया। मौके पर मोदी सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं एवं महत्वाकांक्षी योजनाओं के बारे में विस्तृत रुप से जानकारी दी। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारे देश ने विश्व गुरु बनने का सपना को साकार किया है। केंद्र और झारखंड प्रदेश की उन्नति भाजपा सरकार में ही निहित है। अतएव हम सभी को संकल्प लेना चाहिए कि 2024 में केंद्र और अपने प्रदेश में भाजपा की ही सरकार बनानी है। भाजपा के वरिष्ठ नेता वीरेंद्र मंडल ने अपने संबोधन में कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी के नेतृत्व में केंद्र में भाजपा सरकार के 9 वर्ष पूर्ण हुआ। मौके पर प्रदेश निर्देशानुसार पूरे जामताड़ा जिला अंतर्गत जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इसी निमित्त नाला विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न गांव में जनसंपर्क अभियान चलाया गया। साथ ही, यह भी बताया गया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में देश में ऐतिहासिक विकास कार्य हुए हैं। साथ ही, देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए किस प्रकार कई अहम फैसले लिए गए हैं। वर्तमान समय में मोदी सरकार के विकास कार्य और उनके सफल नेतृत्व पूरा विश्व में विदित है कि किस प्रकार मोदी सरकार के नेतृत्व में देश खुशहाली के पथ पर अग्रसर है। पूरा विश्व ने आज हमारे देश के नेतृत्व को अग्रणी माना है। साथ ही, वीरेंद्र मंडल ने कहा कि इस वर्ष जामताड़ा जिले में बारिश के नाम मात्र होने से कृषि कार्य बाधित है, झारखंड सरकार से अपील है कि जामताड़ा जिला को सूखाग्रस्त जिला घोषित किया जाए। जामताड़ा जिले के किसानों को जीविकोपार्जन के लिए सरकार की ओर से अनुदान दिया जाए। मौके पर मुख्य रूप से भाजपा जिला महामंत्री प्रभास हेम्ब्रम, खेरा मंडल, अध्यक्ष निपेन सिंह, तापस भट्टाचार्य समेत तमाम भाजपा के पदाधिकारी गण कार्यकर्तागण एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
सुब्रतो फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मैच का आयोजन
प्रतियोगिता के आयोजन से अनुशासन व खेल भावना का होता है विकास : डीईओ
जामताड़ा। संवाददाता। जिले के छात्र-छात्राओं के लिए खेलो झारखंड के अंतर्गत जिला स्तरीय सुब्रतो फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मैच गांधी मैदान में आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में सभी प्रखंड के अंडर 14 बालक, अंडर 17 बालक, अंडर 17 बालिका वर्ग के विजेता प्रतिभागियों ने जिलास्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। जिला शिक्षा पदाधिकारी डॉ गोपाल कृष्ण झा, जिला शिक्षा अधीक्षक दीपक राम, राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक सुनील बास्की ने सभी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनको बधाई और शुभकामनाएं दी।
जिला शिक्षा पदाधिकारी डॉ गोपाल कृष्ण झा ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से अनुशासन और खेल भावना का विकास होता है। खेल के विकास में इस तरह के आयोजन से बल मिलता है। जिला शिक्षा अधीक्षक दीपक राम ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेल हमारे जीवन में अहम भूमिका निभाती है। खेल के माध्यम से भी बच्चे अपना कैरियर बना सकते हैं। अत: खेल को हमें अपने जीवन में अवश्य ही शामिल करना चाहिए। 14 वर्ष से कम बालक वर्ग में फतेहपुर की टीम ने कुण्डहित की टीम को 3-0 गोल से पराजित किया। 17 वर्ष से कम आयु के बालिका वर्ग में कस्तूरबा कुण्डहित की टीम ने झारखण्ड बालिका आवासीय बालिका विद्यालय फतेहपुर की टीम को 1-0 गोल से पराजित किया। 17 वर्ष से कम आयु के बालक वर्ग में नाला प्लस 2 की टीम ने जेबीसी प्लस 02 विद्यालय की टीम को 4-3 गोल से हराकर विजेता होने का गौरव प्राप्त किया। मौके पर एडीपीओ संजय कापरी, एपीओ उज्जवल मिश्रा, एपीएम वंदना भट्ट, एपीएम अजय कुमार, जिला खेल संघ के पदाधिकारियों ने मेडल और ट्राफी देकर विजेता और उपविजेता टीम को पुरस्कृत किया गया।
मोहर्रम पर्व शांति व सौहार्द के वातावरण में मनाने की लोगों से अपील
मोहर्रम को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा की रहेगी चाक – चौबंद व्यवस्था
जामताड़ा। संवाददाता। मुहर्रम अखाड़ा को शांति एवं सौहार्द्र के वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जामताड़ा थाना परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। इस अवसर पर एसडीपीओ आनंद ज्योति मिंज, प्रखंड विकास पदाधिकारी मो. जहीर आलम, अंचलाधिकारी मनोज कुमार, पुलिस इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी अब्दुल रहमान सहित शांति समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे। इस मौके पर हाजी रफीक अनवर, कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष प्रभु मंडल, मुन्ना खान, सुभाष मिर्धा सहित अन्य सदस्यों ने मुहर्रम अखाड़ा त्योहार को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने के लिए अपने-अपने सुझाव दिए। समिति के सदस्यों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि शांति एवं सौहार्द के वातावरण में गत वर्ष की भांति त्योहार अपने-अपने मोहल्ले में मनाएंगे। मिलजुल कर शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाते आ रहे हैं। इस बार भी शांतिपूर्वक त्योहार मनाएंगे। मौके पर एसडीपीओ आनंद ज्योति मिंज ने कहा कि जामताड़ा शहर जो है वह अमन-चैन का शहर है। यहां के लोग अमन-चैन ज्यादा पसंद करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष काफी शांति एवं सौहार्द पूर्ण के वातावरण में जामताड़ा के लोग सभी पर्व मनाते आए हैं। इस साल भी सभी के सहयोग से मोहर्रम का त्यौहार मनाएं। साथ ही, उन्होंने कहा कि प्रशासन का जो गाइडलाइन है, उसे पालन करते हुए पर्व मनाएं। उन्होंने कहा कि सभी पंचायत के मुखिया वार्ड सदस्यों से अनुरोध है कि अपने अपने क्षेत्र में बेहतर तरीके से आपस में मिलजुल कर मनाएं। अंचलाधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि यहां के लोग किसी भी त्यौहार हो सभी लोग आपस में सहयोग कर पर्व त्योहार को मनाते हैं। साथ ही, प्रशासन को भी काफी कॉर्पोरेट मिलता है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देंगे। सोशल मीडिया पर प्रशासन की पैनी नजर है। वही प्रखंड विकास पदाधिकारी मोहम्मद जहीर आलम ने कहा कि पर्व के दिन किसी भी अफवाह से बचें। यदि क्षेत्र में किसी तरह की अफवाह सुनने को मिलती है तो इसकी सूचना पुलिस को तत्काल दें। जिसपर अविलंब कार्रवाई की जाएगी। शांतिपूर्ण जुलूस निकालें और कोई भी नया नियम को नहीं अपनाएं। प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी मुहर्रम पर्व शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाएं। मौके पर मंच का संचालन चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने किया। मौके पर जामताड़ा थाना के एएसआई बिरजू राम, दीपक साव, बिजली विभाग के कनीय अभियंता एहसान अख्तर, नंदकिशोर सिंह, नरेश बर्मन, आदम सफी, मुख्तार शेख, विधान चंद्र सरखेल, अनूप पांडे, अमरनाथ मिश्रा सहित काफी संख्या में शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।
कंजर्व फ्यूचर के सदस्यों ने मनाया कारगिल विजय दिवस
जामताड़ा। संवाददाता। कारगिल विजय दिवस के मौके पर कंजर्व फ्यूचर संस्था के सभी गणमान्य सदस्यों ने कारगिल में शहीद जवानों को पुष्प अर्पित कर और कैंडल जलाकर श्रद्धांजलि अर्पित किया। मौके पर मुख्य अतिथि एवं हमारे मार्गदर्शक के रुप में झारखंड आंदोलनकारी नेता रंजीत रावत उपस्थित थे। श्री रावत ने जवानों को श्रद्धांजलि देकर बच्चों को सही मार्गदर्शन दिया। मौके पर एकरामुल हक, अमित गिरी, संजीव सेन, सूरज कुमार पासवान, सोनू मलिक, ताहा अंसारी, असीदुल अंसारी, जावेद अंसारी, अमन कुमार, रौनक राज, भास्कर चांद, अमित मंडल सहित अन्य मौजूद थे।
एटिक सेंटर में हुई किसान मित्रों की बैठक, नए बीटीएम का हुआ स्वागत
कुंडहित। संवाददाता। बुधवार को प्रखंड परिसर स्थित एटिक सेंटर में किसान मित्रों की एक विशेष बैठक की गई। बैठक नए बीटीएम डॉ नरेश प्रसाद साह की अध्यक्षता में हुई। बैठक के उपरांत सभी किसान मित्रों ने नए बीटीएम डॉक्टर नरेश प्रसाद साह का स्वागत किया। बैठक में बीटीएम डॉक्टर साह ने सभी किसान मित्रों को पीएम किसान के शेष लाभुकों का केवाईसी कराने का निर्देश दिया। वही ईकेवाईसी के लंबित किसानों की सूची ग्रामवार उपलब्ध कराते हुए 3 दिनों के अंदर सभी का ईकेवाईसी करवाने की बात कही। इस बाबत सभी किसान मित्रों को अपने-अपने संकुल के गांवों में किसानों के साथ बैठक करने का निर्देश दिया गया। मौके पर किसान मित्र काजल रजवाड़, मुख्तार खान, अली जिन्नाह खान, श्यामल फौजदार, मलय मंडल, सनत मंडल, सिदाम भंडारी, दिलीप मंडल, कैलाशपति महतो, रंजीत मंडल, हिरण बाउरी आदि मौजूद थे।
सुब्रतो कप में कुंडहित कस्तूरबा ने लहराया परचम
कुंडहित। संवाददाता। झारखंड सरकार के निर्देश पर सरकारी विद्यालयों में आयोजित सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता में कुंडहित कस्तूरबा बालिका विद्यालय ने जिला स्तर पर अपनी सफलता का परचम लहराया है। जिला स्तर पर आयोजित सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता में कुंडहित कस्तूरबा की टीम विजेता बनी है। विजेता टीम को जिला शिक्षा अधिकारी ने ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया। वहीं टीम में शामिल सभी खिलाड़ियों को मेडल देकर प्रोत्साहित किया गया। बताते चलें कि झारखंड सरकार के निर्देश पर पूरे राज्य में प्रखंड स्तर से लेकर राज्य स्तर तक सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन कराया जा रहा है। इसी क्रम में जामताड़ा जिला मुख्यालय में बुधवार को आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में कुंडहित कस्तूरबा की टीम विजेता बनी है। टीम के बेहतरीन प्रदर्शन को लेकर पूरे विद्यालय परिवार के साथ साथ क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल देखने को मिल रहा है। वही विजेता टीम को कुंडहित कस्तूरबा की वार्डन पारुल माजि ने टीम के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया। कहा कि अगर आप लोग इसी तरह से मेहनत करेंगे तो राज्य स्तर पर भी टीम अपनी सफलता का परचम लहराएगा। बहरहाल जिला स्तरीय प्रतियोगिता में सफलता को लेकर पूरे विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल देखने को मिल रहा है।
आजसू केंद्रीय सचिव क्षेत्र भ्रमण के दौरान लोगों की समस्याओं से हुए अवगत
नाला। संवाददाता। आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव माधव चंद्र महतो क्षेत्र भ्रमण के दौरान फुटबेड़िया पंचायत के बादुरमारा गांव पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों ने पेयजल की समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। ग्रामीणों ने कहा कि इस गांव में एक भी चापाकल चालू नहीं है। साथ ही, कुआं का पानी पीने लायक नहीं है। लोगों को आज के इस विकास के दौर में भी तालाब तथा कुआं का पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ता है। वहीं आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव माधव चंद्र महतो ने पेयजल की समस्याओं से अवगत होकर उन्होंने सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द बादुरमारा हरिजन टोला में पानी टंकी की व्यवस्था करें। उन्होंने विभाग तथा वर्तमान जनप्रतिनिधियों का भी ध्यान आकृष्ट करते हुए इस गांव में जल्द से जल्द जलापूर्ति योजना के तहत जल टंकी स्थापना की मांग की है।
मोटरयान निरीक्षक ने किया चेक पोस्ट पर वाहन जांच
नाला। संवाददाता। मोटरयान निरीक्षक जामताड़ा संजय हांसदा की ओर से महेशमुंडा चेकपोस्ट पर वाहनों की जांच की गई। इस अवसर पर नाला थाना के एएसआई राजू महली, एएसआई शंभू नाथ दत्ता सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी के सहयोग से वहां से होकर गुजरने वाली सभी छोटी बड़ी वाहनों की जांच की गई। इस दौरान दो पहिया, चार पहिया ,बड़ी वाहनों की जांच की गई। वहीं हेलमेट, सीट बेल्ट तथा आवश्यक कागजातों की जांच की गई। मालूम हो कि छोटी-बड़ी कुल 10 वाहनों का चालान काटा गया। जिसमें 50 हजार का जुर्माना ऑनलाइन वसूला गया।
कुष्ठ जांच कैंप का हुआ आयोजन
नाला। संवाददाता। कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के तहत नाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कुष्ठ जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डीएफआईटी इंडियन ट्रस्ट के सुशील चंद्र गोप तथा अन्य चिकित्सा कर्मियों ने संभावित मरीजों की जांच की। इस संबंध में डॉक्टर सुसैन चंद्र गोप ने जानकारी देते हुए बताया कि आज कुल 29 संभावित मरीजों की जांच की गई, जिसमें एक भी कुष्ठ मरीज सत्यापन नहीं हो पाया। वही बताया गया कि नाला प्रखंड क्षेत्र में कुल 815 कुष्ट संभावित मरीजों को चिन्हित किया गया है। शिविर में बारी-बारी से सभी संदिग्ध व संभावित मरीजों की जांच की जाएगी। इस अवसर पर एमपीडब्ल्यू प्रदीप टूडू, कुंदन कुमार सिंह, धनंजय घोष, अभिषेक लकड़ा, लैब टेक्नीशियन मोहसिन आलम, विवेक मंडल, परवेज आलम अंसारी, शांति मय मंडल, मुस्तकीम अंसारी सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी तथा सहिया एवं सहियासाथी आदि मौजूद थे।