पूर्व मेयर सह भाजपा एससी मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता सुनील पासवान ने दिया लोगों को आमंत्रण
गिरिडीह। संवाददाता। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के 22 जून को आगमन की तैयारी को लेकर सिरसिया में शिवपूजन ठाकुर के आवास में बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता नगर निगम के पूर्व मेयर सह अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता सुनील पासवान ने की। इस दौरान अधिक से अधिक संख्या में कैसे झंडा मैदान में पार्टी के कार्यकर्ता के साथ-साथ स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो, इसी के निमित्त तैयारी की गई। इस दौरान श्री पासवान ने सभी को आमंत्रण दिया। साथ ही, निर्णय लिया गया कि इसको लेकर घर-घर जाकर निमंत्रण दिया जायेगा। श्री पासवान ने कहा कि मोदी सरकार के 9 साल के कार्यकाल और उनकी उपलब्धियों को गिनवाने का काम जेपी करेंगे। मौके पर सुरेश सिन्हा, शिवपूजन ठाकुर, विजय रजक, सुनील रजक, सुरेश स्वर्णकार, ओम स्वर्णकार, रणधीर पासवान, समीर मोहंती, सोनू रजक, अमरेंद्र कुमार सहित पार्टी के कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।
पुरातन शिवालय से धूमधाम से निकाली गई भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा
पुरातन शिवालय से भगवान जगन्नाथ, बलभद्र व बहन सुभद्रा के विग्रह को सुसज्जित रथ पर कराया नगर भ्रमण
गिरिडीह। संवाददाता। रथ यात्रा के अवसर पर मंगलवार को सीएमआर रोड स्थित पुरातन शिवालय से भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और बहन सुभद्रा के विग्रह को सुसज्जित रथ पर बैठा कर नगर भ्रमण कराया गया। नगर भ्रमण के पूर्व पुजारी सतीश मिश्रा ने पूरे विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं बहन सुभद्रा का पूजन कर विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन मिठाई आदि का भोग अर्पित किया। कहा कि पौराणिक कथानुसार भगवान जगन्नाथ की बहन ने एक बार रथ पर बैठकर पूरा नगर देखने की इच्छा जताई। तब भगवान अपने भाई बलभद्र और लाडली बहन सुभद्रा को रथ पर बैठाकर पूरा नगर देखने निकले। यह यात्रा शहरी क्षेत्र के बड़ा चौक, तिरंगा चौक, कालीबाड़ी चौक, टावर चौक होते हुए मौसी बाड़ी पहुंची। इस दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम देखने को मिला। नगर भ्रमण के पश्चात भगवान जगन्नाथ अपने बड़े भाई बलराम और बहन सुभद्रा के साथ 7 दिनों तक मौसी बाड़ी अर्थात गांधी चौक स्थित काली मंडा में निवास कर भक्तों को दर्शन देंगे। जहां सातों दिन पूरे विधि विधान के साथ पूजन आरती होगी। इसके बाद पंचांग के मुताबिक आषाढ़ माह के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को भगवान वापस मंदिर में प्रवेश करेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने में आचार्या सतीश मिश्रा अमित मिश्रा राजेंद्र बर्नवाल नीतीश मिश्रा दीपक यादव राम यादव प्रियांशु शेखर सौरव मिश्रा, मनोज चौरसिया रवि चौरसिया सन्नी प्रेम यादव गौरव संतोष दीपक यादव, रामजी यादव, सुशील सुराणा, अमित मिश्रा, रोहित सिंह, राजेंद्र लाल बरनवाल, सुरेश प्रसाद, अभिषेक स्वर्णकार, सिद्धांत चन्द्रवंशी, अंकित दूबे आदि का सराहनीय योगदान रहा।
बरमसिया में मैथ एकेडेमी का हुआ शुभारंभ
गिरिडीह। संवाददाता। शहर के बरमसिया स्थित पंच मंदिर के सामने मैथ एकेडमी नामक कोचिंग संस्थान का उद्घाटन मंगलवार को अतिथियों ने फीता काटकर किया। यहां अतिथि के तौर पर सर जेसी बोस बालिका उच्च विद्यालय के पूर्व प्रधानाध्यापक देवेंद्र प्रसाद सिंह, जीडी बगेड़िया प्रशिक्षण महाविद्यालय के आचार्य अनिल कुमार कुशवाहा, सरजेसी बोस प्लस टू बालिका विद्यालय के वर्तमान प्रभारी प्रधानाध्यापक मुन्ना कुशवाहा, रेड क्रॉस के चेयरमैन मदन विश्वकर्मा मुख्य रूप से उपस्थित थे। बताया गया कि इस कोचिंग संस्थान में कक्षा आठ से 10वीं तक के बच्चों को गणित और विज्ञान पढ़ाई जाएगी। वही कक्षा 11वीं-12वीं तक के बच्चों को गणित की शिक्षा दी जाएगी। साथ ही, पोलिटेक्निक और डिप्लोमा के लिए अलग से तैयारी करवाई जाएगी और उसके लिए अलग से गणित विषय पढ़ाई जाएगी। इस बाबत कोचिंग की संस्थापिका और अध्यापिका ममता कुमारी ने बताया कि बच्चों को मैथ की क्वालिटी एजुकेशन देना संस्था का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि इंजीनियरिंग बच्चों को अच्छी शिक्षा दी जाएगी। साथ ही गुणवत्ता युक्त शिक्षा बच्चों को प्रदान की जाएगी। इस दौरान उपस्थित अतिथियों ने कहा कि रथयात्रा के शुभ अवसर पर आज मैथ्स एकेडमी कोचिंग का उद्घाटन हुआ है, यह जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने इस तरह के कोचिंग संस्थान की गिरिडीह में आवश्यकता थी जिससे बच्चों को बेहतर गुणवत्ता युक्त शिक्षा मिलेगी। अतिथियों ने संस्थान के लिए उज्जवल भविष्य की कामना की।
4 घंटे में दूसरी बार बदला भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यक्रम
अब फिर से 22 जून को पहुंचेगे गिरिडीह, दोपहर के 2 बजे की जगह पूर्वाह्न 10 बजे होगी जनसभा
गिरिडीह। संवाददाता। केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी और कार्यक्रम प्रभारी बिरंची नारायण ने मंगलवार को नया परिसदन भवन में संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता कर 22 जून को जेपी नड्डा के आगमन को लेकर कई जानकारी दी। इस दौरान केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री ने राज्य के मुख्यमंत्री पर जमकर निशाना साधा। विरोधी दल के मुख्य संचेतक बिरंची नारायण ने बताया कि 22 जून को गिरिडीह के झंडा मैदान पहुंच रहे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के कार्यक्रम समय में परिवर्तन हुआ है। उन्होंने कहा कि पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यक्रम स्थल पर आगमन का समय दोपहर 2 बजे निर्धारित था। लेकिन अब राष्ट्रीय अध्यक्ष उसी दिन 4 घंटा पहले यानी 10 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि गिरिडीह का रनवे छोटा रहने के कारण कार्यक्रम के समय में परिवर्तन किया गया है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष उड़ीसा से रांची बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेंगे, वहां से हेलीकॉप्टर के माध्यम से गिरिडीह के एयरपोर्ट आएंगे, जहां से वे सीधे कार्यक्रम स्थल झंडा मैदान पहुंचेंगे। जहां विशाल जनसभा रैली को संबोधित करेंगे। केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सह कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यक्रम झंडा मैदान में ऐतिहासिक होगा, इसको लेकर पार्टी की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही है। उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का 9 साल बेमिसाल रहा है। कहा कि 30 मई से 30 जून तक पूरे देश भर में चलाए जा रहे महा जनसंपर्क अभियान के माध्यम से भारत जो शक्तिशाली देश बनकर उभरा है। कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में भारत का डंका पूरे विश्व में बज रहा है। प्रधानमंत्री ने प्रधान सेवक के रूप में जब वर्ष 2014 में जब देश की बागडोर संभाली उसके बाद से देश के हर क्षेत्र में विकास का कार्य हुआ है। केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि गिरिडीह को सीटीओ मिले इसको लेकर मैंने दो-तीन बार कोयला मंत्री प्रहलाद जोशी से बातें की है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष यहां नहीं रहने से मामला लटका हुआ है। वहीं राज्य सरकार की मंशा भी सही नहीं है। राज्य सरकार के अधिकारी मनमाने ढंग से काम कर रही है। वही सरकार कोयला, बालू अवैध तरीके से बेचकर वसूली करने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि सीटीओ सेवा शुरू करने को लेकर पूरी कोशिश की जा रही है। राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह सरकार खुद विकास कार्य तो नहीं करती है, केंद्र की योजनाओं को भी धरातल पर उतारना नहीं चाहती। मौके पर पूर्व विधायक निर्भय कुमार शाहाबादी, दिनेश यादव मीडिया प्रभारी कामेश्वर पासवान, सुभाष सिंह, विनय सिंह, संदीप डंगेच, हरविंदर सिंह बग्गा, मोतीलाल उपाध्याय आदि मौजूद थे।
डुमरी से सैंकड़ों भाजपाई जेपी नड्डा के कार्यक्रम में होंगे शामिल
भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम की तैयारी को लेकर की बैठक
डुमरी। संवाददाता। भाजपा कार्यकर्ताओं की एक बैठक मंगलवार को जामतारा पंचायत भवन सभागार में हुई। बैठक की अध्यक्षता कृष्णकांत शर्मा ने की। बैठक में मुख्य रूप से भाजपा नेता प्रशांत जायसवाल, जीवाधन महतो, निर्मल जायसवाल, सुरेन्द्र कुमार, बजल हेम्ब्रम आदि उपस्थित हुए। बैठक की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पण कर की गई। इस दौरान 22 जून को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के गिरिडीह आगमन पर प्रखंड के विभिन्न पंचायतों से सैकड़ों कार्यकर्ताओं की भागीदारी तथा 30 जून तक चलाये जा रहे जनसंपर्क अभियान पर चर्चा की गयी। वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है। कहा गया है कार्यक्रम में प्रखंड से दर्जनों वाहनों से सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल होंगे। इस दौरान दीपक श्रीवास्तव, मोतीलाल पंडित, दीपक ठाकुर, भुनेश्वर यादव, धानेश्वर यादव, संजय अग्रवाल, शिवकुमार सिन्हा, रामचंद्र यादव, बलदेव रविदास, महादेव पंडित, बी पांडेय, सुमित यादव, छत्रधारी महतो, गंगाराम हेम्ब्रम, बनवारी यादव, बिरेन्द्र ठाकुर, हीरालाल महतो, सुरेश पंडित आदि मौजूद थे।
जिप सदस्य सुनीता कुमारी ने कई दिनों से बंद पड़े पेयजलापूर्ति को करवाया शुरू
डुमरी। संवाददाता। जिप सदस्य सुनीता कुमारी मंगलवार को इसरी ग्रामीण जलापूर्ति योजना का निरीक्षण किया। वहीं जमुनिया नदी पहुंच जल ठहराव की वर्तमान स्थिति को जाना और कई दिनों से बंद पेयजलापूर्ति को प्रारंभ कराया। इस दौरान जिप सदस्य ने कहा कि पूर्व में यह जलापूर्ति योजना के काम में भारी लापरवाही हुई है। जिसकी सजा वर्तमान में आम जनों को भुगतना पड़ रहा है। कूप की गहराई कम होने के कारण कूप में जल का जमाव नहीं हो पा रहा है। साथ ही, नदी में पानी नहीं रहने के कारण भी पानी की किल्लत अवश्य हो रही है। फिलहाल पेयजल जलापूर्ति के संचालक द्वारा जेसीबी द्वारा अस्थाई तौर पर नदी में जल ठहराव हेतु व्यवस्था की गई है और नदी में पानी की ठहराव के लिए स्थाई व्यवस्था के लिए विभाग को पत्र लिखकर अवगत कराया गया है। इस दौरान भाजपा नेता सुरेन्द्र कुमार जलापूर्ति संचालक हीरालाल वर्मा आदि उपस्थित थे।
अवैध बालू उत्खनन के खिलाफ जिला टास्क फोर्स की बड़ी कार्रवाई
एक दर्जन से अधिक ट्रैक्टर जब्त, बालू माफियाओं में हड़कंप
पीरटांड़। संवाददाता। गिरिडीह जिला टास्क फोर्स की बड़ी कार्रवाई में पीरटांड़ थाना क्षेत्र के बराकर नदी के दूधनिया घाट से अवैध बालू उत्खनन कर ले जा रहे एक दर्जन से अधिक ट्रैक्टर को जब्त किया गया है। जानकारी के मुताबिक, गिरिडीह उपायुक्त एवं एसपी को मिली गुप्ता सूचना के आधार पर यह बड़ी कार्रवाई की गई है। उपायुक्त एवं एसपी के निर्देश पर सोमवार की देर रात को डीएसपी संजय राणा व एसडीपीओ सदर अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में जिला प्रशासन यह बड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने बताया कि वरीय अधिकारी को यह सूचना मिली थी कि पीरटांड़ के कई घाटो से अवैध बालू का उत्खनन कर रात के अंधेरे में बालू माफिया पीरटांड़ के कुम्हरलालो, पालगंज, खुखरा होते हुए चिरकी पलमा पथ के रास्ते घाटों से बालू उठाव कर जंगल के सहारे धनबाद के राजगंज ले जाया जाता है। इस सूचना के आधार पर टास्क फोर्स का घटना कर यह छापामारी अभियान चलाया गया। जिसमें टास्क फोर्स के टीम को कई टीमों में बांट दिया गया और सभी पैदल मार्च करते हुए दूधनिया के घाट तक पहुंचे ओर सभी बालू लोड टैक्टर को छापेमारी कर जब्त कर लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में अवैध खनन व वन अधिनियम के तहत टैक्टर मालिक के ऊपर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। इस बड़ी कार्रवाई से बालू माफिया में हड़कंप से मच गया है। छापामारी अभियान में डीएसपी संजय राणा, एसडीपीओ अनिल सिंह, मुफस्सिल थाना प्रभारी, इंस्पेक्टर कमलेश पासवान, पीरटांड़ थाना प्रभारी दिलशान विरुआ, पचम्बा थाना प्रभारी के अलावा खनन विभाग के पदाधिकारी को शामिल किया गया था।
प्रतापपुर पैक्स में शुरू हुआ बीज वितरण
जमुआ। संवाददाता। मंगलवार को प्रतापपुर पैक्स में अनुदानित पर बीच वितरण शुरू हुई। वितरण का शुभारंभ स्थानीय पंचायत समिति सदस्य अब्दुल गफुर अंसारी एवं पैक्स अध्यक्ष देवकी यादव ने फीता काटकर किया। मौके पर पैक्स प्रंवधक रमेश कुमार उपस्थित थे मौके पर पैक्स प्रवंधक रमेश कुमार ने कहा कि पैक्स में ही ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। जिसकी शुरुआत मंगलवार प्रतापपुर पैक्स से की गई। उन्होंने कहा यहां किसानों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करने के पश्चात अनुदानित दर पर बीज वितरण शुरू कर दिया गया है। किसानों को यह बीज ब्लॉक चैन सिस्टम के माध्यम से मिल रहा है। इसके लिए किसानों को सर्वप्रथम रजिस्ट्रेशन कराना होगा, जिसके लिए मोबाइल नंबर एवं आधार नंबर का होना आवश्यक है। फिलहाल प्रतापपुर पैक्स को स्वर्णा किस्म का धान बीज एमटीयू 7029 कुल 30 क्विटल उपलब्ध कराई गई है। प्रखंड के पैक्स में से अपनी सुविधानुसार किसान 50 प्रतिशत अनुदान पर बीज क्रय कर सकते हैं। मोबाइल पर आए ओटीपी को पैक्स में बता कर बीज प्राप्त कर सकते हैं। सभी किसानों को ऑन द स्पॉट पैक्स में ही ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर दिया जाएगा। मौके पर काफी संख्या में कृषक गण उपस्थित थे।
किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करे सरकार: अवधेश
किसानों की विभिन्न समस्या को लेकर किसान पंचायत का आयोजन
गिरिडीह। संवाददाता। किसानों के विभिन्न समस्या को लेकर मंगलवार को झंडा मैदान में किसान मंच की ओर से किसान पंचायत आयोजित किया गया। किसान पंचायत को संबोधित करते हुए किसान मंच के अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह ने कहा कि किसान मंच से जुड़े किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड एवं उचित मूल्य पर खाद बीज दिलाने के लिए व्यापक आंदोलन किया जाएगा ताकि किसानों को खेती के लिए बैंक से सस्ते दर पर लोन एवं उचित मूल्य पर खाद बीज दिलवाने के प्रति सरकार गंभीर हो। किसान मंच के तिसरी अंचल अध्यक्ष दासो मुर्मू ने कहा कि अभिलेखागार बहुत कम संख्या में किसानों को खतियान दे रहा है, जिस वजह से किसान परेशान हो रहे हैं। इस बात का भी शिकायत मिल रहा है कि अभिलेखागार के विक्की हांसदा नामक कर्मचारी खासकर भोले भाले आदिवासी किसानों को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है और अनावश्यक लोगों को अकेले में मिलने को बोलता है। अभिलेखागार में किसानों को अगर परेशान करना बंद नहीं किया गया और आवेदन करनेवाले किसानों को समय पर खतियान उपलब्ध नहीं कराया गया तो अब अभिलेखागार के खिलाफ व्यापक और उग्र आंदोलन किया जाएगा। किसान मंच के सचिव विजय कुमार ने कहा कि किसान अपने जमीन का ऑनलाइन इंट्री, ऑनलाइन रसीद एवं भूदान, गैरमजरुआ, बकाश्त और बंदोबस्ती से प्राप्त जमीन का जमाबंदी कायम करवाने तथा ऑनलाइन रसीद हेतु नियम पूर्वक अंचल में आवेदन करके आवेदन का रिसीविंग अपने पास रखें ताकि आवेदन के आलोक में अगर अंचल द्वारा बिना घूस का जमाबंदी कायम कर ऑनलाइन रसीद नहीं दे तो किसान मंच संबंधित अंचल के खिलाफ किसानों को एकजुट कर आंदोलन का बिगुल फूंक सके। आज के किसान पंचायत में किसान मंच के पूर्व महासचिव गंगाधर यादव, सचिव देवचंद्र यादव, डुमरी अंचल अध्यक्ष थांभी मंडल, तिसरी अंचल अध्यक्ष दासो मुर्मू, बेंगाबाद अंचल अध्यक्ष नबी अंसारी, खुशबू देवी, ब्रम्ह देव राय, चिंतामणि सिंह, सुजीत दास, परशु राम महतो, महादेव विश्वकर्मा, सनातन तिवारी, मीना मुर्मू, खगो महतो, बासुदेव मरांडी, मरियम मुर्मू, सरिता मरांडी सहित सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।
तीन अलग-अलग घटना में वज्रपात से 2 महिला समेत एक किशोर की मौत
तेज तुफान और वर्षा से ढहा कच्चा मकान, गृहस्वामिनी की मौत
डुमरी। संवाददाता। डुमरी थाना क्षेत्र के तीन अलग अलग स्थानों में मंगलवार को हुए वज्रपात में एक महिला, एक किशोर एवं एक बकरी की मौत घटना स्थल पर हो गई जबकि एक महिला एवं एक किशोर घायल हो गया, महिला का इलाज खबर भेजे जाने तक एक निजी वरदान अस्पताल में किया जा रहा था, जबकि किशोर का इलाज रेफरल अस्पताल में करने के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया। घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। बताया जाता है कि घुटवाली निवासी जेठु महतो की पत्नी गौरी देवी एवं चांदी महतो की पत्नी मोनिका देवी अपने घर के कुछ दूर स्थित महुआ पेड़ से गिरने वाला बीज (कोड़ी) को चुनकर वापस आ रही थी कि घर के समीप आम के पेड़ पर वज्रपात हो गया और उसके चपेट में दोनों महिला और एक बकरी आ गयी। घटना में गौरी देवी और उसकी बकरी की मौत घटना स्थल पर हो गयी जबकि मोनिका देवी घायल हो गयी, जिसका इलाज निजी अस्पताल में किया जा रहा था। वहीं घटना की खबर पाकर झामुमो नेता राकेश महतो मुखिया जागेश्वर महतो, शंकर महतो, करमचन्द महतो युवा कांग्रेस नेता गंगाधर महतो अभिभावक एकता मंच के प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर महतो प्रमुख प्रतिनिधि गुलाब यादव आदि शोकाकुल परिजन से मिल घटना की जानकारी ली। वहीं नागाबाद मुखिया रेणु देवी ने बताया कि बरसात से बचने के लिए एक आम पेड़ के नीचे खड़ा नागाबाद निवासी रामदेव राय का पुत्र तालेश्वर कुमार (12) वज्रपात के चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई जबकि जिप सदस्य बैजनाथ महतो ने बताया कि तांबागुड़ियो निवासी विजय पंडित का पुत्र शीतल पंडित (12) मैदान में खेल रहा था कि इसी दौरान एक नीम पेड़ में वज्रपात हो गया जिसका छींटा शीतल को लगा और वह घायल हो गया। रेफरल अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद धनबाद रेफर कर दिया गया। इधर निमियाघाट थाना क्षेत्र के नगरी पंचायत के रोतिडीह में तेज तुफान और वर्षा के कारण एक कच्चा मकान ढह गया, जिसमें रह रही 73 वर्षीय पार्वती देवी की मौत हो गई। घटनास्थल का जायजा मुखिया जितेंद्र दास के अलावा गोवर्धन दास ने लिया।