- भाजपा का झारखण्ड की सभी 14 सीटों को जीतने का प्लान
सुनील झा/देवघर। मिशन-2024 को लेकर झारखंड भाजपा रेस है। संथाल से लेकर कोल्हान और कोयलांचल से लेकर पलामू तक भाजपा लोकसभा चुनाव को लेकर मिशन मोड में काम कर रही है। भाजपा प्रदेश नेताओं के साथ साथ दर्जन भर से ज्यादा राष्ट्रीय स्तर के नेताओं को अभी से लोकसभा चुनाव की तैयारी में लगाया गया है। 22 जून को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा झारखण्ड दौरे पर हैं। वह गिरिडीह में आमसभा को संबोधित करेंगे। जानकारी के अनुसार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरिडीह से लोकसभा चुनाव को लेकर बड़ा एलान कर सकते हैं। यह तय है कि भाजपा और आजसू मिलकर चुनाव लड़ेगी लेकिन इस बार लोकसभा चुनाव में आजसू का प्रत्याशी नहीं दिख रहा है। कहा यह जा रहा है कि भाजपा सभी 14 लोकसभा सीटों पर अपना प्रत्याशी देगी। इसका भी एलान राष्ट्रीय अध्यक्ष कर सकते हैं।
एक-एक सीट को लेकर पार्टी में बनायी जा रही है रणनीति : पिछले लोकसभा चुनाव में झारखंड की 14 सीटों में से भाजपा ने 13 सीटें अपने पास रखी थी और एक सीट अपनी सहयोगी आजसू को दी थी। भाजपा ने अपने सहयोगी आजसू के साथ मिलकर 12 सीटों पर जीत हासिल की थी, जो सीट भाजपा ने पिछले चुनाव में आजसू को दिया था वह उसकी सीटिंग सीट थी। लेकिन इस बार कहा जा रहा है कि गिरिडीह सीट भी भाजपा अपने पास ही रखेगी। हालांकि यह भी जानकारी मिल रही है कि गठबंधन में आजसू अपनी सिटिंग सीट गिरिडीह के साथ हजारीबाग पर भी दावेदारी कर रही है। लेकिन हजारीबाग सीट अभी भाजपा के पास है तो यह संभव नहीं दिख रहा है कि भाजपा उसे छोड़े। वहीं यह भी कहा जा रहा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरिडीह से लोकसभा चुनाव का शंखनाद कर रहे हैं तो इस बार फिर से भाजपा यहां से अपना प्रत्याशी दे। इस विषय पर दोनों दलों के बीच बात चल रही है। डुमरी में विधानसभा का उपचुनाव होना है और भाजपा इस उपचुनाव में आजसू का समर्थन करेगी यह लगभग तय है। जानकारी के अनुसार भाजपा लोकसभा सीट के एवज में आजसू को 2024 में होनेवाले झारखंड विधानसभा के चुनाव में कुछ सीटें ज्यादा दे।
लोबिन को संथाल परगना में भाजपा बनाएगी तुरुप का पत्ता : पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा को संथाल की एक और कोल्हान की एक सीट पर हार का सामना करना पड़ा था। संथाल परगना को लेकर भाजपा की अलग रणनीति है। पिछले चुनाव में हेमलाल मुर्मू पर भाजपा ने राजमहल में दांव खेला था। मगर सफलता नहीं मिली। हेमलाल की घर वापसी हो गयी है। अब भाजपा की निगाह झामुमो के लोबिन हेम्ब्रम पर है। मालूम हो कि लोबिन पिछले दो वर्षों से अपनी ही सरकार के खिलाफ आग उगल रहे हैं। भाजपा लोबिन को अपने पाले में करने का प्रयास की मगर सफलता नहीं मिली। अब भाजपा एक नयी रणनीति पर काम कर रही है। लोबिन राजमहल से लोकसभा का चुनाव निर्दलीय लड़ेंगे यह लगभग साफ है। भाजपा इस बार राजमहल से प्रत्याशी नहीं देकर लोबिन का साथ दे इसकी सम्भावना प्रबल है। कह सकते हैं कि राजमहल से इस बार लोबिन भाजपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी हो सकते हैं।
चाईबासा को लेकर भाजपा की रणनीति में गीता कोड़ा
कोल्हान की चाईबासा सीट को लेकर भी भाजपा लगातार रणनीति बना रही है। पिछले चुनाव में भाजपा को यहां भी मुंह की खानी पड़ी थी। बताया जा रहा है कि इस लोकसभा सीट पर भाजपा को कोई ऐसा नेता नहीं दिख रहा है जो कांग्रेस की गीता कोड़ा को टक्कर दे। वैसे पूर्व मंत्री बडकुंवर गागराई, जेबी तुबिद सहित अन्य नेताओं के नाम भाजपा के पास हैं लेकिन इन नेताओं की पकड़ चाईबासा लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आनेवाले सभी विधानसभा क्षेत्रों में नहीं है। पिछले चुनाव में भाजपा ने अपने तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ को मैदान में उतारा था। मोदी लहर में बाद भी गिलुआ इस सीट को नहीं निकाल सके थे। कहा यह जा रहा है कि इस बार भाजपा गीता कोड़ा को अपने पाले में लाने का प्रयास करे। वैसे यह प्रयास केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के चाईबासा दौरे के समय से ही चल रहा है।
सभी 14 सीटों को जीतने की रणनीति पर काम कर रही है भाजपा : प्रदीप
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा ने कहा कि मिशन 2024 को लेकर पार्टी लगातार कार्यक्रम कर रही है। हमारे छोटे-बड़े सभी कार्यकर्ता मिशन मोड में हैं। लगातार केंद्रीय नेताओं का कार्यक्रम हो रहा है। भाजपा के कार्यकर्ता ही उसकी सबसे बड़ी पूंजी है और हम अपने कार्यकर्ताओं के बल पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की झोली में राज्य की सभी 14 लोकसभा सीट देंगे। उन्होंने कहा कि हमारे पास नेता है, नेतृत्व है और सबसे बड़ी बात लाखों कार्यकर्ताओं की फौज है। कह सकते हैं कि पार्टी लगातार सभी 14 सीटों को जीतने की रणनीति पर काम कर रही है।
झारखंड में भाजपा के अगले सीएम प्रत्याशी हो सकते हैं सांसद निशिकांत दूबे
- राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर गर्म
देवघर/नगर संवाददाता। लोकसभा चुनाव के बाद संपन्न होने वाले विधानसभा चुनाव में झारखंड भाजपा के अगले सीएम कैंडिडेट गोड्डा लोकसभा क्षेत्र के वर्तमान सांसद डॉ निशिकांत दुबे हो सकते हैं! राजनीतिक हलकों में चल रही चर्चाओं के अनुसार हाल के कुछ दिनों से सांसद निशिकांत दुबे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन व राज्य सरकार के खिलाफ आरपार की लड़ाई लड़ रहे हैं। उनकी लड़ाई के आसपास भाजपा का कोई भी नेता दूसरे नंबर पर ही आता दिख रहा है। सांसद निशिकांत ने अपने 9 साल के संसदीय कार्य में गोड्डा लोकसभा क्षेत्र में इतिहास लिखने का काम किया है। हाल के दिनों में सांसद श्री दुबे का तेवर भी इस ओर इंगित कर रहा है। आने वाले समय में जा फलाफल निकलने वाला है या तो समय की नजाकत की समझी जा सकती है। इसको लेकर दिल्ली में कई राजनीतिक दिग्गज रणनीति और चुनावी गणित बैठाने जुट गए हैं। चर्चा है कि झारखंड में भाजपा के सबसे भरोसेमंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृहमंत्री अमित शाह के विशेष कृपा पात्र विकास पुरूष के नाम से झारखंड के चर्चित चेहरा गोड्डा लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ निशिकांत दुबे का नाम सबसे उपर चल रहा है। जबकि पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के नेतृत्व में 2019 के विधानसभा चुनाव में भाजपा हार कर सत्ता से बाहर हो चुकी है। इसके बाद झारखंड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झामुमो, कांग्रेस व राजद की मिलीजुली सरकार बनी, लेकिन इस दफा भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व सांसद डॉ निशिकांत दुबे पर भरोसा जताते हुए झारखंड का भावी मुख्यमंत्री उम्मीदवार के रूप में प्रोजेक्ट करने का मन बना रही है। गोड्डा जैसे पिछड़े लोकसभा संसदीय क्षेत्र में देवघर एम्स, अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, प्लास्टिक पार्क, इफको फैक्ट्री, अदानी पावर प्लांट, रेलवे लाइन का जाल बिछाकर आदि कई विकास कार्यों को धरातल पर उतार कर सांसद श्री दुबे ने गोड्डा को पिछड़े लोकसभा क्षेत्र से ऊपर उठाया है और दूसरे दलों को यह नसीहत देने का काम किया है कि जब एक सांसद के रूप में इतना सब कुछ कर सकते हैं तो मुख्यमंत्री बनने के बाद गोड्डा सहित झारखंड की तस्वीर और तकदीर भी बदल सकती है। इससे भाजपा को संथाल परगना और कोल्हान प्रमंडल को साधने की अचूक रणनीति भी माना जा रहा है। उनपर बाबा बैद्यनाथ की कृपा के साथ क्षेत्र के नागरिकों को भी उनपर पूरा विश्वास है और उन्हें भावी मुख्यमंत्री के रूप में भी देखना चाह रही है। केंद्रीय नेतृत्व उन्हें सभी वर्गों का भरोसेमंद होने के रूप में भी देख रही है। लोगों को विश्वास है कि इस राज्य का विकास और होता जब यहां डबल इंजन की सरकार होती। इसके बावजूद भाजपा सांसद डॉ दुबे केंद्र की अधिक से अधिक योजनाओं को गोड्डा लोकसभा क्षेत्र में लाने में लगे हुए हैं। जिसके कारण इस संसदीय क्षेत्र में कई राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण कार्य भी शुरू हो चुका है। चर्चा है कि ऐसे में आने वाले विधानसभा चुनाव में संभवत: गोड्डा लोकसभा क्षेत्र के वर्तमान सांसद डॉ निशिकांत दुबे का नाम मुख्यमंत्री उम्मीदवार के रूप में आने वाले समय में सामने आ सकता है। फिलहाल यह तो भविष्य के गर्भ में छुपा हुआ है, लेकिन राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर गर्म है।
केकेएन स्टेडियम में योग दिवस का मंच सजकर तैयार
- आज सुबह पांच बजे से पतंजलि कराएगा योगाभ्यास
देवघर/वरीय संवाददाता। पतंजलि परिवार द्वारा 21 जून को केकेएन स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। इसकी सारी तैयारियां पूरी हो चुकी है। आयोजन समिति के संयोजक सह भारत स्वाभिमान के संरक्षक संजय मालवीय एवं पतंजलि के प्रांतीय सदस्य देवघर जिला अध्यक्ष अनुज कुमार त्यागी ने बताया कि योगाभ्यास कार्यक्रम सुबह 5:00 बजे से शुरू होगा। इसमें शहर के विभिन्न संगठनों के लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने में गणेशानंद झा, मनोज कुमार रमेश द्वारी, शिव नारायण यादव सीपी तिवारी, शिवशंकर लाल, कुंदन कुमार, अर्जुन मरीक उत्तम कुमार, गौतम कुमार, रोहित यादव आदि शामिल हैं।
झारखंड राज्य सहकारी बैंक के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी ने सारवां शाखा का किया औचक निरीक्षण
- आरबीआई द्वारा अनुसूचित बैंक की श्रेणी प्राप्त करने की सारी अहर्ता पूर्ण : डॉ. मनोज
- सारवां में एक एटीएम लगाने की मांग पर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी जताई सहमति
देवघर/सारवां/नगर संवाददाता। मंगलवार को झारखंड राज्य सहकारी बैंक के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी डॉ मनोज कुमार बैंक के सारवां शाखा का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। मौके पर शाखा प्रबंधक विश्वजीत कुमार ने बुके व जवाहरलाल शर्मा द्वारा बनाई गई पेंटिंग भेंट कर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी का स्वागत किया। मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी ने झारखंड राज्य सहकारी बैंक द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न योजनाओं का क्रियान्वयन शाखा द्वारा हो इसके लिए शाखा प्रबंधक विश्वजीत कुमार को आवश्यक निर्देश दिया। बताया गया कि बैंक को आरबीआई द्वारा अनुसूचित बैंक की श्रेणी प्राप्त करने की सारी अहर्ता पूर्ण हो गई है। बैंक के ग्राहकों को मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग की सुविधाओं के साथ ही बैंक स्तर पर सीएसपी भी खुलेंगे। जिसमें सभी सुविधाएं ग्राहकों को प्राप्त होंगी। वहीं आदित्य रंजन द्वारा सारवां में एक एटीएम की आवश्यकता बताई गई। जिसपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा सहमती प्रदान की गई। केसीसी वितरण के साथ ही उसकी वसूली पर भी डॉ मनोज कुमार द्वारा आवश्यक निर्देश दिये गये। इस दौरान बीस सूत्रीय अध्यक्ष सह जियाखाड़ा पंचायत के मुखिया उपेंद्र राय, जिला परिषद सदस्य जितेंद्र प्रसाद सिंह, रक्ति पैक्स के आदित्य रंजन, भंडारों पैक्स के विनोद वर्मा, सारवां पैक्स के कामेश्वर वर्मा, देवघर शाखा के राकेश कुमार, उदेश् कुमार, कुमुद रंजन झा, राजकुमार ठाकुर, खेलु राय आदि उपस्थित थे।
भाजपा ने गिनायी केन्द्र सरकार उपलब्धियां
मधुपुर/संवाददाता। अनुमंडल के करौं भारतीय जनता पार्टी के महाजनसंपर्क अभियान के तहत मंगलवार को पाथरोल एवं मधुपुर विधानसभा का लाभार्थी सम्मेलन किया गया। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में जिला अध्यक्ष सह विधायक नारायण दास मौजूद थे। उन्होंने बताया देश के यशस्वी प्रधानमंत्री के 9 साल के कार्यकाल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए काम किए हैं वह बेमिसाल है। चाहे वह जन-धन योजना, घर-घर शौचालय की व्यवस्था हो, उजाला गैस योजना, आयुष्मान भारत कृषि सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री आवास, बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ, एक गरीब किसान, मजदूर, दलित , शोषितओं के लिए काम नौ साल की उपलब्धि को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता घर-घर जनसंपर्क अभियान चलाकर बताने का काम करेंगे। 30 जून तक घर-घर जनसंपर्क अभियान तथा 21 जून को योग दिवस 25 जून को डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस के रूप में भारतीय जनता पार्टी मनायेगी।
हनुमान मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर निकाली गयी कलश यात्रा
मधुपुर/संवाददाता। अनुमंडल के करौं प्रखंड अंतर्गत बघनाडीह पंचायत स्थित सिरसिया गांव में नवनिर्मित हनुमान मंदिर में मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर मंगलवार को 105 कुमारी कन्याओं द्वारा भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गई। इस दौरान जय श्रीराम, जय हनुमान के जयघोष भी लगाए गए। पूरे क्षेत्र में भक्ति का माहौल बना रहा। कलश यात्रा गाजे-बाजे के साथ निकाली गई। वही कलश यात्रा पूरे गांव का भृमण करते हुए कोलवा नदी घाट पहुंची। जहां आचार्य ने मुख्य यजमान को विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर कुंआरी कन्याओं ने कलश में जल भरा। इसके बाद पुन: गांव के विभिन्न गलियों का भ्रमण करते हुए कलश यात्रा मंदिर परिसर में पहुंची। जहां कलश स्थापित किया गया।
आज बाधित रहेगी बिजली
जसीडीह/संवाददाता। श्रावणी मेले में सुचारु रूप से विद्युत आपूर्ति को लेकर बुधवार को मानिकपुर सब स्टेशन में मेंटेनेंस का कार्य किया जाएगा। यह जानकारी जसीडीह के सहायक विद्युत अभियंता प्रमिला लकड़ा ने दी है।
उन्होंने बताया कि मानिकपुर सब स्टेशन से निकलने वाली सभी 33 एवं 11 केवी लाइन सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे तक बंद रहेगी। इसको लेकर चांदपुर, नारायणपुर, सिमरिया, कजरिया, रामचंद्रपुर, जसीडीह बाजार, कालीपुर, संथाली, दर्दमारा, कोठिया, कुमैठा, खोरीपनन आदि क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।
पालोजोरी में निकाली गई भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा
-लोक कलाकारों ने बांधा समा
पालोजोरी/संवाददाता। पालोजोरी में मंगलवार को भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकाली गई। रथयात्रा में सैकड़ो की संख्या में श्रद्धालुओं ने रथ पर सवार भगवान जगन्नाथ की प्रतिमा को पूरे पालोजोरी बाजार सहित आसपास के टोला मोहल्लों में भ्रमण कराया। भगवान जगन्नाथ के रथ को खींचने के लिए हर श्रद्धालु हाथ बढ़ाते रहे। यात्रा में शामिल श्रद्धालु भगवान के रथ को खींचने के लिए आतुर दिखे। इस दौरान रथयात्रा में शामिल श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ की जयघोष करते रहे। रथयात्रा के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम के दल के सदस्य भक्तिमय गीतों की प्रस्तुति दे रहे थे। पश्चिम बंगाल से आये लोककलाकारों ने रथयात्रा में अपनी प्रस्तुति से चार चांद लगा दिया।
स्कूल की और लौटो अभियान पर कार्यशाला आज
पालोजोरी/संवाददाता। स्कूल की और लौटो अभियान पर आज बुधवार को प्रखण्ड स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया है। कार्यशाला में प्रखंडस्तरीय अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, एनजीओ प्रतिनिधि आदि भाग लेंगे।
कुकराहा डकैती कांड का जल्द होगा उद्भेदन : एसपी
- चितरा थाने का निरीक्षण कर दिये कई निर्देश
चितरा/संवाददाता। देवघर पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र जाट मंगलवार को चितरा थाना पहुंचे। साथ में सारठ एसडीपीओ धीरेंद्र नारायण बंका भी मौजूद थे। इस दौरान एसपी ने प्रभारी कार्यालय में विभिन्न कांडों से संबंधित फाइल का औचक निरीक्षण किया। साथ ही अन्य अभिलेखों का जांच पड़ताल भी किया। इस मौके पर पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए एसपी सुभाष चंद्र जाट ने कहा कि कुकराहा डकैती कांड का बहुत जल्द खुलासा किया जायेगा। इसके लिए पुलिस उद्भेदन के काफी करीब है। कहा कि बहुत जल्द कांड में संलिप्त अपराधी सलाखों के पीछे होंगे। मौके पर थाना प्रभारी राजीव कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे। बता दें कि बीते 14 जून की रात्रि में कुकराहा गांव निवासी पूर्व मुखिया रमेश चंद्र सिंह के घर पर डकैतों ने भीषण डकैती कांड को अंजाम दिया था। इस दौरान डकैतों ने नगदी सहित लाखों के जेवरात लूट कर फरार हो गए थे। साथ ही गृह स्वामी पूर्व मुखिया रमेश चंद्र सिंह के साथ डकैतों द्वारा विरोध करने पर जमकर मारपीट भी की गई थी, जिससे पूर्व मुखिया जख्मी भी हो गए थे। इधर कांड को लेकर प्राथमिकी दर्ज करने के बाद चितरा पुलिस संदिग्ध लोगों को लेकर पूछताछ कर रही और लगातार छापेमारी भी कर रही है।
बाबा नगरी में निकली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा
देवघर/वरीय संवाददाता। बाबा नगरी में भगवान की रथयात्रा धूमधाम से मनाई गई। आषाढ़ मास शुक्ल पक्ष द्वितीया तिथि पर मंगलवार को शिक्षा सभा चौक स्थित जगन्नाथ मंदिर से भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र व बहन सुभद्रा की रथयात्रा निकाली गयी। इसके पहले मंगलवार की सुबह भगवान जगन्नाथ का दुग्धाभिषेक किया गया। इसके बाद भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र व बहन सुभद्रा की षोड्शोपचार विधि से पूजा कर भगवान को 56 प्रकार के भोग अर्पित किए गये। इसके बाद जगन्नाथ मंदिर का पट भक्तों के लिये खोल दिया गया। जिसके बाद मंदिर में भक्तों की भीड़ लग गयी। इस दौरान भक्तों ने मंदिर के अंदर मंदिर के बाहर दरवाजे पर भी भगवान को फूल-बिल्वपत्र व कटहल का विशेष भोग चढ़ाया व पूजा अर्चना कर भगवान जगन्नाथ का जयकारा लगाया। वही शाम को भगवान जगन्नाथ भाई बलभद्र व बहन सुभद्रा की आर्चाय गुलाब महाराज व जगन्नाथ मंदिर के पुजारी साध्वी मानस सुधा कल्यानी ने विशेष पूजा की। जिसमें भगवान को आम, कटहल, साबुदाना आदि का भोग लगाया। जिसके बाद विधिवत रथयात्रा की शुरुआत हुई। जो शाम 4 बजे से रथयात्रा शिक्षा सभा चौक से जगन्नाथ मंदिर से निकल कर मंदिर पूरब द्वार से बड़ा बाजार, आजाद चौक, टावर चौक, लक्ष्मीपुर चौक होते हुये जनकपुरी गये। इस यात्रा में काफीसंख्या में श्रद्धालु रथ को खींच रहे थे। यह परंपरा 203 आर साल से चली आ रही है। इधर बालानंद आश्रम एवं इस्कान मंदिर से भी रथयात्रा निकाली गयी। जिसमें सांसद निशिकांत दूबे समेत कई श्रद्धालु शामिल है।
साइबर ठगी के आरोपी की तलाश में मधुपुर पहुंची चतरा पुलिस
मधुपुर/संवाददाता। साइबर क्राइम के आरोपी की तलाश में झारखंड के चतरा जिले के हंटरगंज थाना की पुलिस मंगलवार को मधुपुर पहुंची। यहां स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपित को गिरफ्तार करने पथरा गांव गई। मगर आरोपित घर में नहीं मिला। हंटरगंज थाना के सर्किल इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार पांडे ने बताया कि आरोपित सुपारी कुमार तुरी के विरुद्ध वारंट निर्गत गया था। उसके विरूद्ध वर्ष 2019 में हंटररंज थाना में साइबर ठगी का मामला दर्ज है। आरोपित बैंक अधिकारी बनकर हंटरगंज थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति के एकाउंट से 40 हजार ठगी कर लिया। इसके बाद पीड़ित ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। प्राथमिकी दर्ज के बाद पुलिस अनुसंधान के क्रम में जिस मोबाइल से फोन पर ठगी किया गया था। कॉल डिटेल्स और मोबाइल नंबर जांच के बाद मधुपुर के पथार गांव का आरोपी लोकेशन मिला है। इसी के आलोक में पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की गयी। पुलिस इस मामले में अब आगे की कार्रवाई में जुट गई है।