बेटे की हालत देखकर पिता ने ट्रेन के आगे कूदकर ने दी जान
देवघर/संवाददाता। जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र के तेलंगवाडीह गांव में रविवार की रात को एक पिता और बेटे की कुछ बात को लेकर विवाद हो गया। लड़ाई- झगड़े के बाद पहले बेटा धर्मवीर पासी ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। जिसे फांसी से उतारकर परिजनों ने इलाज के लिये देर रात को सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका आईसीयू में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। घटना के बाद उसका पिता विष्णु पासी रात को ही घर से गायब हो गया। सोमवार सुबह गांव वालों को जानकारी मिली की विष्णु का शव देवीपुर थाना क्षेत्र स्थित शंकरपुर सिरसिया कटिंग के पास रेलवे लाइन पर क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा है। उपरांत इसकी जानकारी देवीपुर पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही देवीपुर पुलिस वहां पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। मृतक के छोटे भाई ब्रह्मा पासी ने बताया कि रविवार की रात को दोनों बाप-बेटे के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उसी क्रम में धर्मवीर ने अंदर से कमरा बंद कर फंखा के सहारे गमछी से फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। बताया कि भाई के घर में हो-हल्ला सुनकर सभी लोग दौड़े। उपरांत घर का दरवाजा तोड़कर धर्मवीर को फांसी के फंदे से उतारकर इलाज के लिये सदर अस्पताल पहुंचाया। बताया कि रात को ही उसका बड़ा भाई विष्णु पासी घर से गायब हो गया। सुबह 10 बजे दिन में पता चला की उसका शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा है।
हृदयगति रुकने से श्रद्धालु की मौत
देवघर/संवाददाता। उत्तरप्रदेश के प्रयागराज जिला से देवघर पूजा करने आये एक 50 वर्षीय एक श्रद्धालु की मौत हृदयगति रूकने से हो गयी। मृतक का नाम लालजी है जो नैनी मोहदीपुर जिला प्रयागराज का रहने वाला है। उसके साथ आये अन्य श्रद्धालु ने बताया कि सभी लोग ट्रेन से देवघर पूजा करने आये थे। बाबा द्याम में पूजा करने बाद सभी लोग बस से बासुकीनाथा पूजा करने जा रहे थे। उसी क्रम में लालजी की तबियत बिगड़ गयी। आनन-फानन में इलाज के लिये सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उनका इलाज चल रहा था कि कुछ देर में मौत हो गयी।
दो साइबर अपराधी को अंडमान पुलिस ले गयी ट्रांजिट रिमांड पर
देवघर/संवाददाता। अंडमान के दादर नगर हवेली सिलवासा की पुलिस दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर आपने साथ ले गयी। दोनों आरोपी का नाम दीपक कुमार और धीरज कुमार है जो मोहनपुर थाना क्षेत्र के लातेसार गांव का रहने वाला है। दोनों को दबोचने एसआई शशि कुमार के नेतृत्व में अंडमान पुलिस पहुंची थी। बताया जाता है कि दोनों के द्वारा एक व्यक्ति के खाता से 6 लाख 64 हजार 899 रुपये की ठगी किये जाने का आरोप है। दोनो को अंडमान पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किया था।
तीन महिला से 95 हजार की ठगी
देवघर/संवाददाता। जिले के तीन महिला से अलग- अगल तरीके से 95 हजार रुपए की साइबर ठगी कर लिये जाने का मामला प्रकाश में आया है। जिसे लेकर साइबर थाना में आवेदन देकर तीनों ने अलग-अलग शिकायत की है। जसीडीह थाना क्षेत्र के कुंजीसार की रहने वाली देवंती देवी ने कहा है कि उसने यूट्यूब पर सस्ते में गाय की बिक्र्री का प्रचार को देखा। उसमें दिये गये नंबर पर उसने फोन किया। पहले 10 हजार अग्रिम जमा करने के बाद दूसरे दिन गाय मिल जाने की बात कही गयी। उसने ऑनलाइन अग्रिम पेमेंट कर दिया। लेकिन दूसरे दिन भी गाय उसे नहीं पहुंचाया गया। दोबारा उसने उक्त नंबर पर कॉल किया तो कहा गया की वाहन फंस गया है इसके लिये एक हजार रुपए भेजना होगा। एक हजार रुपए भी पेमेंट कर दिया उसके बाद उससे अन्य टैक्स के नाम पर कुल 49 हजार 920 रुपए की ठगी कर ली गयी। दूसरा मामला जसीडीह थाना क्षेत्र के गोपालपुर का है। वहां की रहने वाली नेहा कुमारी से फोन पे का लिंक भेजकर उसके बैंक ऑफ इंडिया के खाता से 5057 रुपए की अवैध निकासी कर ली गयी। तीसरा मामला थाना क्षेत्र के चपरिया गांव का है। चपरिया गांव निवासी दुलारी देवी का एक सीएसपी संचालक द्वारा अंगुठा का क्लॉन बनाकर खाता से 31 हजार रुपए की अवैध निकासी कर ली गयी।
घर से जेवरात व नकद की चोरी
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के बिलासी इलाके में स्थित एक घर से जेवरात व नकद चोरी कर लिये जाने का मामला प्रकाश में आया है। इसे लेकर बिलासी निवासी पुनिल द्वारी ने नगर थाना में आवेदन देकर शिकायत किया है। कहा है कि उसके कमरे में रखे आलमारी से दो सोने का चेन और हीरा जड़ित नॉज सहित 6500 रुपए की चोरी कर ली गयी। कहा है कि उसने एक सप्ताह पहले ही अलमारी को खोलकर उसमें ंउक्त सामान को रखा था। उन्होंने घर में काम करने वाली पर चोरी करने का शक जताया है। इधर नगर पुलिस घर में काम करने वाली को हिरासत में लेकर पूछताछ करने में जुटी है।
पुलिस हिरासत से आरोपी के भागने को लेकर मामला दर्ज
देवघर/संवाददाता। नगर थाना में पुलिस हिरासत से आरोपी के भाग जाने को लेकर मामला दर्ज कराया गया है। यह मामला जसीडीह थाना में पदस्थापित सअनि कृष्णा पाहन ने दर्ज कराया है। कहा है कि 23 जुलाई की शाम को जसीडीह थाना कांड संख्या 306/23 धारा 356, 379, 411/34 के आरोपी नगर थाना क्षेत्र के बरमसिया निवासी नितेश कुमार और मधुपुर थाना क्षेत्र के टिटहिंया बांक सिंचाई कॉलोनी निवासी राहुल डोम को न्यायालय में पेश करने पहुंचे थे। दोनों को हथकड़ी रस्सा लगाकर हवलदार भोला कच्छप और चौकीदार बलदेव राय को जिम्मा देकर न्यायालय में दोनों अभियुक्तों का कागजी काम कराने चला गया। उसी क्रम में राहुल डोम हथकड़ी को धीरे से सरका कर शाम करीब 7.30 बजे अपना हाथ निकालकर तेजी से फरार हो गया। कहा है कि हथकड़ी रस्सा के साथ आये जवानों का हल्ला सुनकर वे न्यायालय कार्यालय से बाहर निकले और दौड़कर उसे पकड़ने का प्रयास किया लेकिन वह उपायुक्त कार्यालय की चारदीवारी फांद कर भागने में सफल रहा। मामला दर्ज कर नगर पुलिस जांच में जुट गयी है।