-पौधा रोपण गायत्री मंत्र के उच्चारण से शुरू हुआ
महागामा। नगर संवाददाता। अखिल विश्व गायत्री परिवार, गोड्डा के द्वारा 103 वां सप्ताह लगातार पौधा रोपण कार्यक्रम के तहत महागामा अनुमंडल मुख्यालय अंतर्गत थाना गेट के सामने शिव मंदिर के प्रांगण में पौधा रोपण किया। मौके पर 27 फलदार एवं अन्य पौधा लगाया गया। लाल चंदन, महोगनी, आंवला, अनार, नीम, कटहल, अमरूद का पौधा लगाया गया। पौधा रोपण गायत्री मंत्र के उच्चारण से शुरू हुआ। पौधा रोपण अभियान में महागामा अस्पताल के चिकित्सक अभिषेक शानू , डॉ. कुमार विवेकानंद समेत राजीव यादव, आलोक भगत, अशोक साह, शंकर सुमन, निर्मल केसरी, प्रज्ञा पीठ से तनुलाल महतो, भवेन्द्र कुमार, विनोद कुमार तथा गायत्री परिवार के अन्य लोग शामिल हुए। इस दौरान सभी के उज्ज्वल भविष्य एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना गायत्री मंत्र एवं महामृत्युंजय मंत्र उच्चारण के साथ किया गया। तरू मित्र का संकल्प के साथ पौधा रोपण कार्यक्रम संपन्न हुआ। गायत्री परिवार के द्वारा बताया गया कि वृक्ष गंगा मिशन के तहत गोड्डा जिला के विभिन्न प्रखंड में पौधा रोपण जगह-जगह पर किया जा रहा है। गायत्री शक्तिपीठ, गोड्डा से आए भवेंद्र कुमार ने बताया कि गायत्री परिवार के द्वारा एक लाख वृक्ष लगाने का लक्ष्य है। पिछले दो वर्षों से लगातार प्रत्येक शनिवार को जिले के विभिन्न प्रखंड एवं गांवों में जाकर पौधा रोपण किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह का कोई कार्यक्रम हो तो एक पौधा अवश्य लगाएं ताकि शुद्ध हवा मिलने से आप निरोगी, स्वास्थ्य, दीर्घायु बने रहें।
अभाविप कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण अभ्यास वर्ग आयोजित
गोड्डा। संवाददाता। कार्यकर्ता विकास सतत संगठनात्मक प्रक्रिया है। इसी मूल अवधारणा के साथ प्रति वर्ष कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण के लिए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का अभ्यास वर्ग आयोजित होता है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के दुमका विभाग का अभ्यास वर्ग सिद्धू-कान्हू सरस्वती विद्या मंदिर, ललमटिया में शुरू हुआ। अभ्यास वर्ग का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद एवं विद्या की देवी मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने के बाद दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इस दौरान वर्ग में कई विषयों पर अलग-अलग सत्र आयोजित कर आवश्यक कार्य योजना तैयार की जाएगी। प्रशिक्षण कार्यक्रम में दुमका और गोड्डा जिले के छात्र-छात्रा एवं शिक्षक प्रतिनिधि शामिल हुए। अभ्यास वर्ग के पहले दिन प्रदेश उपाध्यक्ष प्रो. सुमन लता, प्रदेश जनजातीय कार्य प्रमुख मनोज सोरेन, प्रदेश सह मंत्री सौरभ झा, विभाग संगठन मंत्री हिमांशु दुबे, महागामा नगर उपाध्यक्ष निक्की राय, प्रमुख प्रो संजीव, विभाग संजोयक प्रीतम कुमार, दुमका जिला संगठन मंत्री धनंजय साह, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य लखीराम मंडल, अभाविप के महागामा नगर मंत्री सुमित मंडल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
दंगल प्रतियोगिता में पहलवानों ने दिखाया दमखम
बसंतराय। संवाददाता। मोहर्रम के मौके पर बसंतराय प्रखंड के ऐतिहासिक अखाड़ा मांजर में शनिवार को विराट कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व विधायक संजय प्रसाद यादव, प्रमुख अंजर अहमद ने किया। इस दौरान दर्जनों पहलवानों के दांव-पेंच देखने के लिए कई जनप्रतिनिधि के साथ-साथ भारी संख्या में लोग मौजूद थे। प्रतियोगिता में झारखंड, बिहार, उत्तरप्रदेश सहित कई प्रदेशों के पहलवान अपने दांव-पेंच दिखाने अखाड़ा पहुंचे थे। पहलवानों ने भी लोगों को निराश नहीं किया। एक के बाद एक कुश्ती में दांव पेंच दिखा कर खूब तालियां बटोरी। प्रतियोगिता में पहली बार महिला पहलवान आकर्षण का केंद्र रहीं। महिला कुश्ती में नेहा सिंह, बनारस और रिया सिंह, छपरा के बीच उद्घाटन कुश्ती हुआ, जिसमें रिया सिंह, छपरा ने नेहा सिंह को पटखनी देते हुए विजय प्राप्त की। वहीं प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार आजाद पहलवान को दिया गया। जबकि द्वितीय पुरस्कार शिवम पहलवान, दिल्ली को दिया गया। वहीं तृतीय पुरस्कार हारून पहलवान को दिया गया। मौके पर पूर्व विधायक संजय प्रसाद यादव ने कहा कि मोहर्रम आपसी सौहार्द और भाईचारा का त्योहार है। इस त्योहार को हजरत इमाम हुसैन को कर्बला के मैदान में दुश्मनों के द्वारा शहीद कर दिया था। उसी की याद में मोहर्रम को मनाया जाता है। वहीं उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि आने वाले 2024 लोकसभा चुनाव में दुश्मनों को इसी तरह घुटना टेकने पर मजबूर कर देना है। जिस तरह हजरत इमाम हुसैन ने अपना गर्दन तो कटा लिया, पर दुश्मनों को घुटना टेकने पर मजबूर कर दिया। मौके पर जिला परिषद सदस्य एहतेशाम उल हक, जिला परिषद सदस्य अरशद वहाब, जितेंद्र झा, दिनेश यादव, जमालुद्दीन, बजरंगी यादव, महफूज आलम, मुखिया आलमगीर समेत इलाके के गणमान्य लोग मौजूद थे।