श्रीलंका और एशियन डेवलपमेंट बैंक के प्रतिनिधिमंडल ने किया बिहार का दौरा
पटना। संवाददाता। बिहार सरकार के जीविका, ग्रामीण विकास विभाग की ओर से गुरूवार को पटना स्थित सचिवालय भवन में डिब्रीफिंग सत्र का आयोजन किया गया। यह सत्र श्रीलंका सरकार के ग्रामीण विकास, सामाजिक सुरक्षा और सामुदायिक सशक्तिकरण मंत्रालय और एशियन डेवलपमेंट बैंक के प्रतिनिधिमंडल के साथ आयोजित इमर्सन एंड लर्निंग एक्सचेंज कार्यक्रम के अंतर्गत हुआ।
सत्र का शुभारंभ जीविका की अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी अभिलाषा कुमारी शर्मा के स्वागत भाषण से हुआ। जीविका के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी हिमांशु शर्मा ने कार्यक्रम की रूपरेखा एवं सतत जीविकोपार्जन योजना के उद्देश्यों तथा इसके तहत बिहार राज्य में गरीबी उन्मूलन के लिए किये जा रहे महत्वपूर्ण कार्यों की जानकारी दी।
उल्लेखनीय है कि श्रीलंका और एशियन डेवलपमेंट बैंक के 28 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने बिहार सरकार द्वारा गरीबी उन्मूलन के लिए संचालित सतत् जीविकोपार्जन योजना के अंतर्गत इमर्शन एंड लर्निंग एक्सचेंज कार्यक्रम के तहत गया जिला का दौरा किया गया। इस दौरान उन्होंने इस योजना के अंतर्गत लाभार्थियों द्वारा अपनाये गए जीविकोपार्जन के उपक्रमों को देखा और अनुभव प्राप्त किया।
सत्र को संबोधित करते हुए एच.टी.आर.एन. पियासेन, अतिरिक्त सचिव, ग्रामीण विकास, सामाजिक सुरक्षा और सामुदायिक सशक्तिकरण मंत्रालय, श्रीलंका सरकार ने सतत जीविकोपार्जन योजना के क्रियान्यवयन और इसके जमीनी स्तर के प्रभाव को सराहते हुए अपने अनुभव साझा किये। उन्होंने इस यात्रा के आयोजन के लिए जीविका के प्रति आभार व्यक्त किया। पियासेन ने एसजेवाई के बारे में मुख्य विशेषताओं और सीखों को सूचीबद्ध किया जो श्रीलंका में गरीबी के मुद्दे को हल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने श्रीलंका सरकार द्वारा संचालित सतत जीविकोपार्जन योजना के समरूप योजना के बारे में भी बताया।
इस दौरान लोकेश कुमार सिंह, सचिव, ग्रामीण विकास विभाग, बिहार ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार में चल रही सतत जीविकोपार्जन योजना ने लाखों गरीब परिवारों के जीवन में परिवर्तन लाया है। यह हमारे लिए गर्व की बात है कि श्रीलंका जैसे मित्र राष्ट्र इस मॉडल को समझने और सीखने की इच्छा रखते हैं। हमें उम्मीद है कि यह अनुभव दो देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करेगा तथा वैश्विक पटल से गरीबी उन्मूलन में भी सहायक होगा।
ततपश्चात, सत्र का संबोधन प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त ने संबोधन में सभी प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि श्रीलंका सांस्कृतिक रूप से बिहार राज्य के समरूप है। उन्होंने कहा कि जीविका ने सामाजिक और आर्थिक रूप से हाशिए पर खड़े परिवारों को सशक्त बनाने का जो कार्य किया है वह उल्लेखनीय है। जीविका का यह मॉडल महिलाओं की सामूहिक शक्ति, पारदर्शिता और सहभागिता पर आधारित है। श्रीलंका सरकार के साथ यह साझा अनुभव हमें वैश्विक स्तर पर स्थानीय नवाचारों को प्रस्तुत करने का अवसर देता है। उन्होंने बताया की श्रीलंका के सामुदायिक पेशेवर भी बिहार आकर यहाँ के कार्य शैली को देख सकती हैं क
मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा ने श्री लंका सरकार के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए अत्यधिक गरीब परिवारों को विकास के रास्ते से जोड़ने के लिए 2018 में शुरू की गई बिहार सरकार की सतत जीविकोपार्जन योजना की यात्रा पर प्रकाश डाला, जिससे बिहार में अबतक 2.1 लाख परिवारों को लाभ हुआ है । इस योजना के तहत गरीबी उन्मूलन में हुए मुख्य कार्यों की सफलता ने इसे राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्धि दिलाई है। उन्होंने बताया कि अभी हाल ही में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की आर्थिक सहायता हेतु सरकार ने ‘जीविका निधि’ नाम से एक सहकारी संघ का निर्माण भी किया है। बिहार में अभी वैशाली में बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय सह स्मृति स्तूप का भी उद्घाटन मुख्यमंत्री ने किया है जो संभवत: दोनो देशों को के लिए गरिमा का कार्य है ।
शुरुआती दौर में दीदियों को तीन तरह के ऋण उपलब्ध कराएगा जीविका निधि साख सहकारी संघ
-प्रबंध समिति की पहली बैठक में जीविका निधि के सफल संचालन को लेकर 20 कार्यसूची को मिली स्वीकृति
पटना। संवाददाता। बिहार में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत जीविका निधि साख सहकारी संघ लिमिटेड’ के प्रबंध समिति की गुरुवार को हुई पहली बैठक में आगामी तीन माह की कार्य योजनाओं को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। बिहार सरकार की यह पहल महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता की ओर एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
ग्रामीण विकास विभाग के सभागार में गुरुवार को प्रबंध समिति की पहली बैठक में ग्रामीण विकास विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह और जीविका के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी हिमांशु शर्मा, प्रबंध समिति से जुड़ी 12 जीविका दीदियों के साथ राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के मुख्य महाप्रबंधक, राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (एसएलबीसी) के वरीय अधिकारी समेत कई अन्य पदाधिकारी शामिल थे। जीविका के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी हिमांशु शर्मा ने बैठक में बताया कि इस संगठन के संचालन की पूरी जिम्मेदारी जीविका दीदियों के हाथों में होगी।
उन्होंने बताया कि जीविका निधि के सफल संचालन के लिए मंत्रिमंडल से कुल 653 पदों पर प्रतिनियुक्ति अथवा संविदा पर नियुक्ति की स्वीकृति मिल चुकी है। बिहार सरकार द्वारा जीविका निधि में कुल 105 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध करा दी गई है। इसमें स्थापना मद के लिए 5 करोड़ रुपये भी शामिल हैं। जबकि अगले कुछ ही महीनों में जीविका निधि के लिए दो हजार से तीन हजार करोड़ रुपये की व्यवस्था करने का लक्ष्य है।
यह जीविका समूह से जुड़ी महिलाओं के लिए एक बैंक की तरह काम करेगा और इसके माध्यम से जीविका समूह की महिलाओं को उनकी व्यावसायिक आवश्यकताओं के अनुरूप बैंक द्वारा किफायती ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। इसका उद्देश्य न केवल ऋण की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करना है, बल्कि सामुदायिक निधियों से जुड़े जोखिमों को भी न्यूनतम करना है।
बैठक में फैसला लिया गया है कि शुरुआती दौर में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के लिए तीन तरह के ऋण उपलब्ध कराए जाएंगे। जिसमें 15 हजार रुपये, 75 हजार रुपये और अधिकतम दो लाख रुपये के ऋण होंगे। जो प्रतिवर्ष 12 प्रतिशत के ब्याज दर पर उपलब्ध कराए जाएंगे। इस ऋण को चुकाने के लिए अलग-अलग समय सीमा तय की गई है। 15 हजार रुपये के ऋण को चुकाने के लिए एक वर्ष, 75 हजार के ऋण के लिए दो वर्ष और दो लाख रुपये के ऋण के लिए अधिकतम तीन वर्ष का समय दिया जाएगा। इस ऋण के विरुद्ध प्रतिवर्ष 12 प्रतिशत की दर से ब्याज की वसूली की जाएगी।
सचिव, ग्रामीण विकास विभाग, बिहार ने बताया कि जीविका निधि से ग्रामीण समुदाय को त्वरित ऋण उपलब्ध हो सकेगा जो उन्हें आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में सहायक होगा।
सेवानिवृत्त सैप जवान को दी गई भावभीनी विदायी
चकाई। संवाददाता। चकाई प्रखंड अंतर्गत चिहरा थाना में पदस्थापित सैप जवान अनिल कुमार सेवानिवृत हो गए। वहीं सेवानिवृत्ति के बाद थाना परिसर में एक समारोह आयोजित कर पुलिसकर्मियों ने उन्हें भावुक विदाई दी। मौके पर अनिल कुमार ने कहा कि उन्होंने 24 वर्ष तक सेना में अपनी सेवाएं दी। वहां से सेवानिवृत होने के बाद 2009 में वे जमुई में सैप जवान में बहाल हो गए। सैप जवान में बहाल होने के बाद जमुई जिला अंतर्गत विभिन्न थानों में अपनी सेवाएं दी। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि चिहरा थाना में मुझे जो प्यार और सम्मान मिला। उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता है। खासकर थानाध्यक्ष कुंज बिहारी द्वारा हमेशा कार्य करने में उत्साहित किया गया। वही विदाई समारोह को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष कुंज बिहारी कुमार ने कहा कि अनिल कुमार भले ही उम्र के कारण सेवानिवृत हो गए हो लेकिन शारीरिक दृष्टिकोण से ये इतने ही चुस्त दुरुस्त है। हर समय ड्यूटी में बढ़-चढ़कर भाग लेते थे। यह थाना परिसर में अभिभावक की तरह सभी का देखभाल करते थे। ऐसे में उनके जाने से थाना परिसर में एक सूनापन कायम हो गया है। मौके पर अवर निरीक्षक विद्यारंजन कुमार, रामेश्वर पासवान, जयकृष्ण प्रसाद, एसटीएफ प्रभारी सुधीर कुमार, सैप जवान प्रमोद प्रसाद, विद्यानंदन सिंह, गौतम कुमार, रितेश सिंह सहित थाना के अन्य कर्मी मौजूद थे।
आईसीटी लैब संचालन के लिए शिक्षकों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण आज से
चकाई। संवाददाता। बूट मॉडल आईसीटी लैब अंतर्गत जिले में संचालित 47 विद्यालयों के शिक्षकों को आईसीटी लैब के सफल संचालन के लिए शुक्रवार से पांच दिवसीय गैर आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए जिले भर में छह प्रशिक्षण केंद्र बनाए गए हैं। प्रशिक्षण में भाग लेने के लिए विद्यालय द्वारा चार-चार शिक्षकों को नामित किया गया है। वहीं चकाई में प्रशिक्षण के लिए चार विद्यालयों को नामित किया गया है। साथ ही, राजकीय लालमणि मध्य विद्यालय में प्रशिक्षण केंद्र बनाया गया है। जहां राजकीय लालमणि मध्य विद्यालय के आईसीटी इंस्ट्रक्टर पंकज कुमार राय एवं उत्क्रमित उच्च विद्यालय कियाजोरी के आईसीटी इंस्ट्रक्टर राजेश पांडेय शिक्षकों को प्रशिक्षण देंगे। जानकारी देते हुए पंकज कुमार राय ने बताया कि जिला कार्यक्रम पदाधिकारी के निर्देश पर आईसीटी लैब के संचालन के लिए शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। चकाई में उत्क्रमित उच्च विद्यालय कियाजोरी, उत्क्रमित उच्च विद्यालय दुलमपुर, राजकीय लालमणि मध्य विद्यालय कोराने एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय कांसजोर के शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पांच दिनों तक चलने वाले इस गैर आवासीय प्रशिक्षण का संचालन पूर्वाह्न 9 बजकर 30 मिनट से 4 बजे अपराह्न तक होगा। जबकि रविवार को प्रशिक्षण का कार्यक्रम स्थगित रहेगा। वहीं प्रशिक्षण को लेकर सभी तरह की तैयारी पूरी कर ली गई है।
मोटरसाइकिल लूट कांड में शामिल छह अपराधी गिरफ्तार, लूटी गई बाइक बरामद
जमुई। संवाददाता। जमुई थाना क्षेत्र के नवीनगर-मंझवे पथ पर 24 जुलाई की रात लगभग 10 बजे हुई मोटरसाइकिल लूट कांड का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सफल उद्भेदन कर लिया है। इस घटना में संलिप्त छह अपराधियों को गिरफ्तार कर लूटी गई पैशन प्रो मोटरसाइकिल बीआर 46आर-2822 को बरामद कर लिया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही जमुई थाना में कांड संख्या 430/25 दिनांक 25.07.2025 को धारा 309 (4) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जिसके बाद पुलिस अधीक्षक जमुई विश्वजीत दयाल के निर्देशन और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जमुई सतीश सुमन के नेतृत्व में गठित छापामारी टीम ने वैज्ञानिक व तकनीकी अनुसंधान के आधार पर यह कार्रवाई की।
वहीं गिरफ्तार अपराधियों में सचिन कुमार उर्फ सचिन रंजन, पिता-युगेश्वर महतो, साकिन-काकन, थाना-जमुई, संतोष कुमार, पिता-द्वारका यादव, साकिन-बड़ीबाग, थाना-खैरा, रंजीत कुमार, पिता-स्व. रामु यादव, साकिन- बडीबाग, थाना- खैरा, रंजीत कुमार, पिता- खीरू यादव, साकिन- बड़ीबाग, थाना-खैरा, शनिदेव कुमार, पिता-साधु यादव, साकिन-मानपुर, थाना-खैरा, स्वामी शरण कुमार उर्फ ग्यारह हजार, पिता-राधे महतो, साकिन-लोहरा, थाना-जमुई शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सभी अपराधियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। इस कांड में प्रयुक्त वाहन की बरामदगी भी सचिन कुमार की निशानदेही पर संभव हो सकी।
छापामारी दल में पुअनि सह थानाध्यक्ष मिंदु कुमार सिंह, थाना-खैरा, पुअनि आलोक, जिला जमुई और जिला आसूचना इकाई की टीम, शामिल थे।
पुलिस अधीक्षक जमुई विश्वजीत दयाल ने पूरे दल को सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। जनता से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।
सड़क दुर्घटना में इंजीनियरिंग कॉलेज के तीन छात्र का निधन, दो गंभीर रूप से जख्मी
जमुई-लखीसराय मुख्य मार्ग पर मंझवे गांव के समीप अहले सुबह ट्रक और टेम्पो की सीधी भिड़ंत
जमुई। संवाददाता। जमुई-लखीसराय मुख्य मार्ग पर मंझवे गांव के समीप अहले सुबह ट्रक और टेम्पो की सीधी भिड़ंत में सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज लखीसराय के तीन छात्र की दर्दनाक मौत हो गई जबकि दो छात्र गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जमुई सदर अस्पताल में मृतकों का पोस्टमार्टम किया गया। वहीं जख्मी दो छात्रों को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है। मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को अहले सुबह सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज लखीसराय के छात्र ट्रेन पकड़ने के लिए टेम्पो पर सवार होकर रेलवे स्टेशन जा रहे थे। मंझवे गांव के समीप टेम्पो की भिड़ंत ट्रक से हो गई। इस सड़क दुर्घटना में खड़ियारी, समस्तीपुर के इंजीनियरिंग के छात्र सरोज कुमार (20 वर्ष), गौरी, नालंदा निवासी साहिल कुमार (22 वर्ष) और बैकुंठपुर, समस्तीपुर निवासी पंकज कुमार (22 वर्ष) की दर्दनाक मौत घटनास्थल पर ही हो गई जबकि दो अन्य छात्र गंभीर रूप से जख्मी हो गए। ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतकों को जमुई सदर अस्पताल भेजा, जहां उन तीनों का पोस्टमार्टम किया गया। जख्मी छात्रों को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है।
उधर पुलिस ने घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी है। सूचना पाकर परिवार के लोग भीषण शोक में डूब गए हैं। मृतकों के पार्थिव शरीर को उनके गांव भेजा जा रहा है। अस्पताल में भी लोग शोक ग्रस्त हैं।
ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड ने हितधारक जुड़ाव को मजबूत करने के लिए उपभोक्ता सम्मेलन का किया आयोजन
आसनसोल। संवाददाता। कोल इंडिया लिमिटेड की एक अनुषंगी कंपनी ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड ने आज ईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक सतीश झा की अध्यक्षता में एक व्यापक उपभोक्ता सम्मेलन का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में आयात-आधारित कोयला बिजली संयंत्रों, केंद्रीय एवं राज्य विद्युत उत्पादन कंपनियों, स्वतंत्र विद्युत उत्पादकों (आईपीपी) और अन्य सम्मानित उपभोक्ताओं के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न हितधारकों की सक्रिय भागीदारी देखी गई।
बैठक का प्राथमिक उद्देश्य खुले संवाद को बढ़ावा देना, फीडबैक एकत्र करना और आत्मनिर्भर भारत’और राष्ट्र के लिए ऊर्जा सुरक्षा के व्यापक दृष्टिकोण के अनुरूप विश्वसनीय कोयला आपूर्ति, बढ़ी हुई पारदर्शिता और सहयोगी साझेदारी के लिए ईसीएल की प्रतिबद्धता को और मजबूत करना था।
सीएमडी सतीश झा ने गुणवत्तापूर्ण कोयला उत्पादन, समय पर डिलीवरी और उत्तरदायी ग्राहक सेवा पर ईसीएल के फोकस को दोहराया। उन्होंने आपूर्ति श्रृंखलाओं के डिजिटलीकरण, पर्यावरणीय स्थिरता और विद्युत क्षेत्र तथा औद्योगिक उपभोक्ताओं की उभरती ज़रूरतों को पूरा करने के लिए सर्वोत्तम खनन पद्धतियों को अपनाने जैसे क्षेत्रों में ईसीएल द्वारा की गई प्रगति पर भी प्रकाश डाला।
यह बैठक आपसी आदान-प्रदान के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुई, जहाँ उपभोक्ताओं ने अपने अनुभव, सुझाव और अपेक्षाएं साझा की। ग्रेड स्लिपेज, लॉजिस्टिक्स चुनौतियों, आयात प्रतिस्थापन रणनीतियों और आपूर्ति प्रतिबद्धताओं जैसी प्रमुख चिंताओं पर विचार-विमर्श किया गया और ईसीएल ने इनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास और सक्रिय भागीदारी का आश्वासन दिया। इस कार्यक्रम का समापन ईसीएल की ओर से राष्ट्र को सशक्त बनाने में एक विश्वसनीय भागीदार बनने की प्रतिबद्धता की पुन: पुष्टि के साथ हुआ, जिसमें ग्राहक संतुष्टि, परिचालन उत्कृष्टता और हितधारक सहयोग पर नए सिरे से ध्यान केंद्रित किया गया।
आकांक्षा हाट देगा लोकल प्रोडक्ट को नई पहचान
लोकल फॉर वोकल को मिलेगा बढ़ावा
छह अगस्त तक जारी रहेगा हाट
जमुई। संवाददाता। जमुई जिला प्रशासन नीति आयोग के निर्देश पर श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम में आकांक्षा हाट का आयोजन किया है। यह हाट छह अगस्त तक जारी रहेगा। यहां एक ही स्थान पर नागरिकों को सभी तरह के लोकल उत्पाद मिल जाएंगे। इसके जरिए स्थानीय उत्पादकों को मंच और बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। आकांक्षा हाट में स्थानीय स्तर के फूड प्रोडक्ट्स, हस्तशिल्प एवं अन्य पारंपरिक उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्टॉल लगाया गया है, जिसके माध्यम से स्थानीय उत्पादकों को एक मंच पर ही पहचान और बाजार मिल रहा है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए दर्जनों स्थानीय उत्पादकों द्वारा स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें प्रमुख रूप से सोया पनीर, पत्थर कट्टी की मूर्तियां, लकड़ी से बने खिलौने, खादी ग्रामोद्योग, जिला उद्योग केंद्र एवं कृषि विभाग द्वारा प्रस्तुत मोटे अनाज से बने फूड प्रोडक्ट्स, नाबार्ड एवं जीविका दीदियों द्वारा निर्मित चूड़ियां एवं खाद्य सामग्री, शहद आदि सामग्री शामिल हैं।
बिहार सरकार के मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के मंत्री सह जिला के प्रभारी मंत्री रत्नेश सदा ने फीता काटकर आकांक्षा हाट का उद्घाटन किया। प्रभारी मंत्री ने इस दरम्यान विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और स्थानीय उत्पादकों से कहा कि लोकल उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए सुझाव प्राप्त किए। उन्होंने आम नागरिकों से आग्रह करते हुए कहा कि अधिक संख्या में हाट में आकर स्थानीय उत्पादों को अपनाएं और उत्पादकों को प्रोत्साहित करें। उन्होंने हाट के बेहतरीन आयोजन के लिए जिला प्रशासन की जमकर तारीफ की और व्यवस्थापकों को साधुवाद दिया।
डीएम श्री नवीन ने कहा कि आकांक्षा हाट में कई स्थानीय उत्पाद लोगों का मन मोह रहा है। इसके माध्यम से स्थानीय उत्पादकों को एक मंच प्रदान किया गया है, जहां वे अपने उत्पादों का प्रदर्शन एवं विपणन कर रहे हैं। श्री नवीन ने कहा कि बेहतरीन उत्पादों का चयन कर उन्हें नीति आयोग को भेजा जाएगा ताकि उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सके। स्टॉलों पर जिले के विभिन्न स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय उत्पादकों, खादी ग्रामोद्योग, कृषि विभाग एवं जीविका से जुड़ी महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री की जा रही है जो जिला के विकास को परिभाषित कर रहा है। डीएम ने उत्पादकों के साथ नागरिकों को हाट में कुशल व्यवहार किए जाने का संदेश दिया।
विधायक श्रेयसी सिंह, डीडीसी सुभाष चंद्र मंडल, एसडीएम सौरभ कुमार, नजारत उप समाहर्ता भानू प्रकाश, ओएसडी नागमणि कुमार वर्मा समेत कई ओहदेदार और पीरामल फाउंडेशन के प्रतिनिधि इस अवसर पर उपस्थित थे।
प्रभारी मंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों को किया सम्मानित
जमुई। संवाददाता। जमुई जिला के प्रभारी मंत्री रत्नेश सदा ने समाहरणालय के सभा कक्ष में संपूर्णता अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। नीति आयोग ने जमुई जिला का चयन आकांक्षी जिला के रूप में किया है। जिले के चार प्रखंड लक्ष्मीपुर, सोनो, खैरा और बरहट आकांक्षी प्रखण्ड के रूप में नामित है।
पिछले वर्ष 2024 में जुलाई से सितम्बर तक तीन महिनों के लिये आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी प्रखण्ड कार्यक्रम के विभिन्न प्रक्षेत्रों जैसे स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि एवं जल संसाधन, वित्तीय समावेशन एवं कौशल विकास आदि के विभिन्न सूचकांको के संतृप्तता को लेकर सम्पूर्णता अभियान कार्यक्रम चलाया गया था। जिला एवं प्रखंड स्तर पर इस कार्यक्रम से जुड़े पदाधिकारियों एवं क्षेत्रीय पदस्थों ने उत्कृष्ठ कार्य किया। प्रभारी मंत्री रत्नेश सादा ने उन सबों के कार्यों से संतुष्ट होकर नामित जनों को सम्मानित किया। खैरा एवं लक्ष्मीपुर प्रखंड उत्कृष्ठ प्रदर्शन करते हुए कुल 06 में से 06 सूचकांकों को संतृप्त किया है। वहीं बरहट प्रखंड कुल 06 में से 03 सूचकांकों को संतृप्त किया। इसी प्रकार सोनो प्रखंड कुल 06 में से 02 सूचकांकों को संतृप्त किया।
जिला शिक्षा पदाधिकारी दया शंकर, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी आईसीडीएस रश्मि रंजन, खैरा बीडीओ चंदन कुमार चक्रवर्ती, लक्ष्मीपुर, सोनो एवं बरहट प्रखंड के बीडीओ के साथ अन्य नामित जन सम्मान पाने में शामिल हैं।
विधायक श्रेयसी सिंह, प्रफुल्ल कुमार मांझी, डीएम श्री नवीन, पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल समेत अन्य पदस्थ मौके पर उपस्थित थे।
तीन मंजिला मकान के अतिक्रमण हिस्से को कोर्ट आदेश पर प्रशासन ने कराया खाली
अलीगंज। संवाददाता। चंद्रदीप थाना क्षेत्र के सोनखार मौजा, अलीगंज पंचायत में तीन मंजिला मकान के अतिक्रमण हिस्से को न्यायालय मुंसिफ जमुई के आदेश के आलोक में प्रशासन की ओर से गुरुवार को ध्वस्त कर दिया गया। यह कार्रवाई दीवानी इजराय वाद संख्या 07/2009 (अखिलेश वरी देवी बनाम सीताराम मिश्र) में न्यायालय के निर्णय के बाद की गई।
अधिकारियों की मौजूदगी में वादिनी को दखल दिलाने के उद्देश्य से तीन मंजिला मकान के अतिक्रमण भाग को तोड़ा गया। प्रशासन की यह कार्रवाई मूल दीवानी वाद संख्या 13/2005 के आलोक में सीताराम मिश्र द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाने को लेकर की गई थी।
कार्रवाई के दौरान कार्यपालक दंडाधिकारी सुजीत सुमन, कोर्ट नाजिर कुंदन सिन्हा, सहायक नवीन कुमार, अंचलाधिकारी रंजन कुमार दिवाकर के साथ भारी पुलिस बल भी मौके पर तैनात था।
हालांकि, विपक्षी सीताराम मिश्र के परिजनों ने प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर भावुक प्रतिक्रिया दी। उनका कहना था कि हम वर्षों से इस जमीन पर काबिज हैं और मकान भी वर्षों पहले बनाया गया था। कोर्ट द्वारा केवल 0.01 डिसमिल अतिक्रमण हटाने का आदेश था, लेकिन तीन फीट दीवार गिरा दी गई। हम गरीब लोग हैं, अब छोटे-छोटे बच्चों के साथ सड़क पर आ जाएंगे। न्याय सिर्फ कागजों में रह गया है।
प्रशासनिक टीम में राकेश पांडेय, अमीन नीरज कुमार समेत अन्य कर्मचारी एवं कई स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे। मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए काफी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
इंजीनियरिंग एवं पॉलीटेक्निक के नवप्रवेशित छात्रों के सुचारु समायोजन हेतु महत्वपूर्ण बैठक आयोजित
पटना, 31 जुलाई 2025 विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा आज एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता विभाग की सचिव, डॉ. प्रतिमा ने की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य बिहार राज्य अंतर्गत राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों एवं पॉलीटेक्निक संस्थानों में नव-प्रवेशित छात्रों के सुचारु समायोजन और उन्हें संस्थानों की विधि व्यवस्था से परिचित कराने पर विस्तृत चर्चा करना था।
बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि नए छात्रों को हॉस्टल, मेस, लाइब्रेरी और प्रयोगशालाओं से संबंधित किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। डॉ. प्रतिमा ने निर्देश दिए कि छात्रों को उनके संस्थान के हर पहलू से अवगत कराया जाए। इसके अतिरिक्त, उन्हें सभी प्रासंगिक डिजिटल पोर्टल्स की जानकारी भी प्रदान की जाए, जिससे वे आवश्यक सहयोग प्राप्त कर सकें और अपनी शिकायतें दर्ज करा सकें।
सचिव महोदया ने बैठक में उपस्थित सभी सहायक निदेशकों को सख्त निर्देश दिए कि नए विद्यार्थियों के साथ किसी भी प्रकार की रैगिंग की घटना न हो, इस पर कड़ाई से नजर रखी जाए। उन्होंने प्रत्येक संस्थान और हॉस्टल में सीसीटीवी कैमरों की समीक्षा करने का भी निर्देश दिया, जिसमें यह सुनिश्चित किया जाए कि कितने कैमरे स्थापित हैं और वे सही ढंग से काम कर रहे हैं अथवा नहीं।
इस महत्वपूर्ण बैठक में सहायक निदेशकों के अतिरिक्त, श्री अहमद महमूद, अपर सचिव सह निदेशक, विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग भी उपस्थित थे।
कुलपति ने बिहार के सभी इंजीनियरिंग कॉलेजों में नव-नामांकित छात्रों को किया संबोधित
गया अभियंत्रण महाविद्यालय, गया में बिहार इंजीनियरिंग यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो सुरेश कांत वर्मा ने उपस्थित होकर वर्चुअल रूप से बिहार के सभी इंजीनियरिंग कॉलेजों में नए नामांकित छात्रों को संबोधित किया।
इसका शुभारंभ कुलपति,कुलसचिव प्रदीप कुमार,परीक्षा नियंत्रक डॉ विजेंद्र कुमार एवं प्राचार्य डॉ राजन सरकार के द्वारा द्वीप प्रज्वलित कर किया गया।
बिहार राज्य के तकनीकी शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो सुरेश कांत वर्मा ने राज्य के सभी इंजीनियरिंग कॉलेजों में नए नामांकित छात्रों को एक साथ संबोधित किया। इस वर्चुअल कार्यक्रम में हजारों छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कुलपति ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में छात्रों को इंजीनियरिंग शिक्षा के महत्व के बारे में बताया और उन्हें आने वाली चुनौतियों के लिए तैयार रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा, यह आपकी जिंदगी का नया अध्याय है, जहाँ आप न केवल तकनीकी ज्ञान अर्जित करेंगे, बल्कि नेतृत्व, नवाचार और सामाजिक जिम्मेदारी का भी अभ्यास करेंगे।
उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे शिक्षा के साथ-साथ शोध, स्टार्टअप और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में भी आगे बढ़ें। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार और विश्वविद्यालय मिलकर आधुनिक प्रयोगशालाएं, उद्योग से साझेदारी, और डिजिटल लर्निंग के अवसर छात्रों को देने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं। प्रो वर्मा ने पावर पॉइंट के माध्यम से सिलेबस एवं यूनिवर्सिटी के नियमों आदि के बारे मे विस्तृत रूप से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 75 प्रतिशत क्लास में उपस्थिति अनिवार्य है वरना आप परीक्षा देने से वंचित हो जाएंगे । इस नियम को सख्ती से अनुसरण भी किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में कुलपति ने छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं और संकल्प दिलाया कि वे न केवल अच्छे इंजीनियर बनें, बल्कि एक जिम्मेदार नागरिक भी बनें। देश सबसे सर्वोपरी है अत: हमें अपने राष्ट्र का सम्मान करना है।
रजिस्ट्रार प्रदीप कुमार ने कहा कि मात्र तीन वर्षों में हमारी यूनिवर्सिटी ने वो मुकाम हासिल किया जिसे पाने में वर्षों लग जाते हैं। हमने बेस्ट इमर्जिंग यूनिवर्सिटी का खिताब जीता है।
प्राचार्य ने अतिथियों को अंग वस्त्र एवं मोमेंटो से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि हमारे संस्थान के लिए यह गौरव की बात है कि आज बिहार के सभी तकनीकी संस्थानों को संबोधित किया जा रहा है। इसके लिए मैं कुलपति एवं विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग का आभारी हूं।
दरभंगा आयुक्त के पिता का बाबा कोकिलचंद धाम गंगरा में भव्य स्वागत
जमुई संवाददाता जमुई के प्रसिद्ध बाबा कोकिलचंद धाम, गंगरा में रविवार की सुबह एक विशेष अवसर पर श्रद्धा और सम्मान का माहौल रहा। बाबा कोकिलचंद विचार मंच के मार्गदर्शक मंडल सदस्य एवं राष्ट्र सृजन अभियान, नई दिल्ली के राष्ट्रीय सचिव लालतेश्वर राय का मंदिर में भव्य स्वागत किया गया। वे दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त डॉ. कौशल किशोर, चम्पारण डीआईजी इंजीनियर हरकिशोर राय एवं पटना तथा महाराष्ट्र में सेवारत वरिष्ठ चिकित्सकों के पिता हैं।
बाबा कोकिलचंद धाम पहुंचने के उपरांत उन्होंने पिंड दर्शन कर पूजा-अर्चना की। तत्पश्चात मंच के सदस्यों ने उन्हें अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं बाबा कोकिलचंद चालीसा भेंट कर सम्मानित किया।
लालतेश्वर राय ने कहा, ”फेसबुक के माध्यम से वर्ष 2017 में बाबा कोकिलचंद धाम से मेरा जुड़ाव हुआ और तब से मैं प्रत्येक वर्ष पिंड दर्शन हेतु यहां आता हूँ। यह धाम आध्यात्मिक शक्ति का केंद्र है और गंगरा गांव, न केवल जमुई का, बल्कि बिहार का आदर्श ग्राम है। सरकार को इस गांव को अविलंब ‘आदर्श ग्राम’ घोषित कर गोद लेना चाहिए।”
इस अवसर पर मंच के संयोजक चुन चुन कुमार ने कहा, ”आपके चारों सुपुत्र अपने-अपने क्षेत्रों में प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। डॉ. कौशल किशोर जी दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त हैं, एक सुपुत्र चम्पारण क्षेत्र के डीआईजी के पद पर कार्यरत हैं, जबकि दो अन्य सुपुत्र चिकित्सा सेवा में पटना और महाराष्ट्र में प्रतिष्ठा प्राप्त कर चुके हैं। आपकी सादगी और लोक सेवा भावना आज भी प्रेरणादायक है।”
उन्होंने यह भी बताया कि 2019 में बाबा कोकिलचंद पुष्पवाटिका के उद्घाटन का सौभाग्य भी श्री राय के करकमलों से प्राप्त हुआ था।
समारोह के सफल आयोजन में बाबा कोकिलचंद विचार मंच के सदस्य चुन चुन कुमार, सुबोध सिंह, नीरज सिंह, शैलेन्द्र कुमार, रविन्द्र सिंह, मणि सिंह, उपेंद्र सिंह, संतोष कुमार, पिंटू कुमार, रवि राम, अंकित पाण्डेय, ब्रजेश सिंह सहित अनेक श्रद्धालु सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।