-डीसी ने कर्मियों को दिलायी शपथ
पाकुड़/पंच टीम। देश के प्रथम गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती जिले भर में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनायी जाती है। डीसी मृत्युंजय कुमार वर्णवाल ने सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर समाहरणालय सभागार में अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता दिवस को लेकर राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाये रखने के लिए शपथ दिलायी। उन्होंने कहा कि प्रथम गृहमंत्री के आदर्श को हमें अपनाने की जरूरत है। मौके पर एसी मंजू रानी स्वांसी, भूमि सुधार उपसमाहर्ता राजीव कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अजय सिंह बड़ाइक, कार्यपालक दंडाधिकारी प्रमोद कुमार दास एवं सभी कर्मचारी समेत अन्य मौजूद थे।
सरदार वल्लभभाई पटेल की 148वीं जयंती के अवसर पर पुलिस जवानों ने किया मार्चपास्ट
पाकुड़/संवाददाता। लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 148वीं जयंती के अवसर पर शहर स्थित गांधी चौक से अंबेडकर चौक तक पुलिस जवानों ने मार्चपास्ट किया। अंबेडकर चौक पर एसपी एचपी जनार्दनन ने पुलिस जवानों को देश में एकता व अखंडता बनी रहे इसे लेकर शपथ दिलायी। पुलिस जवानों और आमलोगों को संबोधित करते एसपी जनार्दनन ने कहा कि देश के प्रथम गृहमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाते आ रहे हैं। कहा कि देश में आपसी भाईचारा और सद्भावना का माहौल तैयार हो सके इसे लेकर सरदार पटेल हमेशा प्रयत्न करते रहे। सरदार पटेल मजबूत इच्छा शक्ति वाले व्यक्ति थे। उनमें नेतृत्व करने की क्षमता थी। कहा कि मार्च पास्ट का उद्देश्य नागरिकों को एकता एवं अखंडता का संदेश देकर देश प्रेम की भावना पैदा करना है। मौके पर एसडीपीओ अजीत कुमार विमल, डीएसपी मुख्यालय बी प्रसाद, नगर थाना प्रभारी मनोज कुमार समेत पुलिस के कई अधिकारी मौजूद थे।
एकता दिवस पर प्रखंड कार्यालय में भी कर्मियों ने ली शपथ
पाकुड़/पंच टीम। राष्ट्रीय एकता दिवस पर जिले के सभी प्रखंड में बीडीओ ने कर्मियों को शपथ दिलायी। सदर प्रखंड बीडीओ अलफ्रेड मुर्मू ने उपस्थित अधिकारी व कर्मियों को शपथ दिलाते एकता दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। मौके पर सीओ भागीरथ महतो, सीआई देवाकांत सिंह, एई श्यामदा शुक्ला समेत अन्य मौजूद थे। वहीं जिले भर के थानों में भी पुलिस कर्मियों को शपथ दिलायी गयी। लिट्टीपाड़ा में लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर मंगलवार को थाना प्रभारी अरुणिमा बागे के नेतृत्व में राष्ट्रीय एकता दिवस पर शपथ ग्रहण का आयोजन किया गया। इससे पहले पटेल जी की प्रतिमा पर सभी पुलिस कर्मियों ने बारी- बारी से पुष्प माला अर्पित कर उन्हें नमन कर याद किया। इसके उपरांत थाना प्रभारी ने उपस्थित पुलिस कर्मियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाये रखने के लिए स्वयं को समर्पित करने की शपथ दिलाई। साथ ही सरदार वल्लभ भाई पटेल के बताये मार्ग पर चलने की शपथ दिलाई। मौके पर एसआई विकास प्रसाद, एएसआई हरे राम यादव, अरुण ठाकुर सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे। हिरणपुर में स्वतंत्रता सेनानी, आजाद भारत के निर्माता और उप प्रधानमंत्री पुन: गृहमंत्री की जयंती के अवसर पर थाना प्रभारी सुनील कुमार रवि के नेतृत्व में सभी पुलिस कर्मी और पदाधिकारी ने राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया। इस अवसर पर थाना प्रभारी ने सभी पदाधिकारी और पुलिस बल को राष्ट्रीय एकता, सुरक्षा को बनाये रखने के लिए तथा आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रति योगदान करने के लिए शपथ और संकल्प लिया।
अभाविप कार्यकर्ताओं ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
पाकुड़/संवाददाता। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर बैंक कॉलोनी स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। विश्वविद्यालय संयोजक बमभोला उपाध्याय ने उनकी जीवनी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सरदार पटेल का भारत को एकसूत्र में बांधने में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। सभी जानते हैं कि जब अंग्रेज यहां से गए तो देश को खंड-खंड करके छोड़ दिये थे। लेकिन आजादी मिलने के बाद 550 से ज्यादा रियासत को एकता के धागे में सरदार पटेल ने पिरोया। सरदार पटेल के इरादों की बदौलत ही आज भारत का मानचित्र कश्मीर से कन्याकुमारी तक जीवंत है। विभाग संयोजक अमित शाह एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुमित पांडेय ने बताया कि अभाविप पटेल जी के विचारों को प्रत्येक शैक्षणिक परिसरों तक ले जाकर युवाओं में राष्ट्र के प्रति समर्पित भावना रखते हुए राष्ट्र की एकता को अखंड एवं मजबूत बनाने के लिए प्रेरित किये। सरदार पटेल के जीवन ने भारत के युवाओं को देश की अखंडता के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। पटेल जी के विचारों को प्रत्येक भारतवासी को आत्मसात करते हुए राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए। इस अवसर पर महाविद्यालय अध्यक्ष आनंद भंडारी, आकाश कुमार, जीत दास, राज, ऋतिक, सुशांत, राजा, सोमनाथ, देवाशीष आदि मौजूद रहे।
अलग-अलग सड़क दुर्घटना में चार व्यक्ति सहित एक महिला घायल
लिट्टीपाड़ा/संवाददाता। सिमलोंग ओपी क्षेत्र में सोमवार देर शाम को दो अलग-अलग सड़क दुर्घटना में चार व्यक्ति सहित एक महिला घायल हो गयी। पहली घटना सिंगलोम ओपी थाना क्षेत्र के हाथीबथान पुल के समीप घटी। जहां एक तेज रफ्तार टेंपो असंतुलित होकर सड़क किनारे पलट गया। जिसमें सवार लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के डहरलहंगी गांव के चतुर सोरेन, माइनो मरांडी, चरण मरांडी गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरी घटना धनघरा मोड़ के समीप घटी जहां तेज रफ्तार मोटरसाइकिल मोड़ पर असंतुलित होकर पलट गयी। जिससे मोटरसाइकिल चालक छोटाघाघरी गांव के जोब मरांडी सहित एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। सभी घायलों को पुलिस व ग्रामीणों के सहयोग से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लिट्टीपाड़ा पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने सभी का प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए पाकुड़ भेज दिया। ओपी प्रभारी टिंकू रजक ने बताया कि सभी घायलों को हॉस्पिटल पहुंचा दिया गया है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि और पटेल की मनायी जयंती
पाकुड़/संवाददाता। कांग्रेस भवन में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कुमार सरकार के नेतृत्व में देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 39वीं पुण्यतिथि और स्वतंत्र भारत के पहले उप प्रधानमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की 148वीं जयंती पर सभा का आयोजन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इंदिरा गांधी की तस्वीर पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। वहीं सरदार वल्लभ भाई पटेल की तस्वीर पर माल्यार्पण किया। जिला अध्यक्ष सरकार ने इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन करते कहा कि इंदिरा गांधी देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री हुई। 1966 से 1977 के बीच तीन बार देश की प्रधानमंत्री बनी और उसके बाद 1980 में पुन: देश की प्रधानमंत्री बनीं। इंदिरा गांधी के साहसिक निर्णयों की वजह से उन्हें आयरन लेडी का नाम दिया गया। वहीं सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर नमन करते कहा कि देश की आजादी में सरदार पटेल का अभूतपूर्व योगदान था। स्वतंत्र भारत के पहले उप प्रधानमंत्री के साथ-साथ गृह मंत्री भी थे। उन्होंने करीब 565 रियासतों को एकीकृत कर भारत के साथ जोड़ा जो विश्व इतिहास की आश्चर्यजनक घटना थी। बारदोली के किसानों ने उन्हें लौह पुरुष की उपाधि दी थी। मौके पर जिला उपाध्यक्ष गुलाम अहमद, प्रखंड अध्यक्ष मंसारूल हक, अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष शाहीन परवेज, सेमीनुल इस्लाम, प्रखंड सचिव रामविलास महतो, पप्पू गंगवानी, नूर इस्माइल, नाजीर शेख, नजीबूल शेख, फिरोज आलम समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।
मेला में असामाजिक तत्वों पर मारपीट करने का आरोप
महेशपुर/संवाददाता। थाना क्षेत्र अंतर्गत देवीनगर गांव में शनिवार को लक्ष्मी पूजा का आयोजन किया गया। मेले के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने आदिवासी युवकों के साथ मारपीट की थी। इस घटना में कुछ लोग शामिल थे। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मंगलवार की सुबह अखाड़ासोल गांव के पास लगभग दोपहर तक सड़क जाम कर दिया। घंटे बाद मुखिया मनोज मरांडी, समिति सदस्य जहूर आलम, सलीम अंसारी घटना स्थल पर पहुंच कर उन्हें समझा-बूझाकर जाम को हटवाया और माहौल को शांत कराया। कई लोगों ने बताया कि मेला में खलल डालने के लिए यह साजिश रची गई। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
बीडीओ और बीएसओ ने पीडीएस दुकानों के साथ की बैठक
पाकुड़िया/संवाददाता। प्रखंड सभागार पाकुड़िया में मंगलवार को बीडीओ साइमन मरांडी और बीएसओ त्रिदीप कुमार शील ने प्रखंड के सभी जनवितरण प्रणाली दुकानदारों के साथ बैठक की। बैठक में बीडीओ ने प्रखंड में संचालित आपूर्ति व्यवस्था की जानकारी जन वितरण दुकानदारों से ली और खाद्यान्न आपूर्ति की समीक्षा की। बीडीओ ने सभी जनवितरण दुकानदारों को प्रत्येक महीने समय सीमा के भीतर अनाज का उठाव करने और लाभुकों के बीच वितरण करने का निर्देश दिया। बीडीओ ने लाभुकों के बीच अनाज का वितरण निर्धारित मात्रा में करने का निर्देश दिया। निर्धारित मात्रा से कम अनाज का वितरण की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई करने की बात कही। ।
जनता दरबार में शिक्षा, जमीन से संबंधित मामले के अधिक आवेदन आये
पाकुड़/संवाददाता। आमलोगों की समस्याओं के समाधान और त्वरित निष्पादन को लेकर डीसी मृत्युंजय कुमार वर्णवाल ने कार्यालय कक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया। इस दौरान जिले के शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र के लोगों ने जनता दरबार में आकर अपनी समस्याओं को डीसी के समक्ष रखा। डीसी ने उपस्थित सभी लोगों से एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनी एवं आश्वस्त किया कि संज्ञान में आए हुए सभी शिकायतों की जांच कराते हुए जल्द से जल्द सभी का समाधान किया जाएगा। इसके अलावा जनता दरबार में शिक्षा, जमीन से संबंधित मामले एवं विभिन्न आवेदन शिकायत के रूप में आये जो कि जिले के विभिन्न विभागों से संबंधित थे। जनता दरबार में सभी शिकायतकर्ता की समस्याएं सुनने के पश्चात डीसी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों की भौतिक जांच करते हुए, उसका समाधान जल्द से जल्द करें। इसके अलावा उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक सप्ताह के अंदर अपना प्रतिपुष्टि डीसी कार्यालय को समर्पित करें ताकि शिकायतों के निष्पादन में आसानी हो।
मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन किया आंगनवाड़ी मॉडल केंद्र का उद्घाटन
पाकुड़/संवाददाता। सदर प्रखंड अंतर्गत शहरकोल पहाड़िया टोला के जर्जर आंगनवाड़ी केंद्र को मॉडल केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। मॉडल आंगनवाड़ी केंद्र का उद्घाटन गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ऑनलाइन मोड में किया। उद्घाटन कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन को लेकर डीसी मृत्युंजय कुमार वर्णवाल ने सदर प्रखंड के शहरकोल पहाड़िया टोला पहुंच कर उक्त मॉडल आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सभी तैयारियों का जायजा लिया और बचे हुए कार्यों को पूर्ण करने का निर्देश दिया। इस दौरान डीसी ने सेविकाओं से बच्चों को दी जाने वाली शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक गतिविधि एवं उपलब्ध कराई गई टीचिंग एड खिलौना के साथ-साथ मौजूद उपकरणों यथा लंबाई व वजन नापी मशीन की जानकारी ली। उन्होंने सेविका से बच्चों को प्रतिदिन करायी जा रही गतिविधियों के अलावा पोषण वाटिका के साथ-साथ बच्चों को दी जाने वाली आहार की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। मौके पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अंजू कुमारी समेत अन्य उपस्थित थे।
बाइक सहित खाई में गिरने से एक युवक की मौत
हिरणपुर/संवाददाता। शहरग्राम-डांगापाड़ा सड़क के गम्हरिया निकट मंगलवार को बाइक सहित एक युवक खाई में जा गिरा। जिससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं आसपास के लोगों ने इसकी सूचना थाना को दिया। सूचना पाकर तुरंत मौके पर पहुंचे एएसआई शिवनंदन कुमार व पुलिस बल के द्वारा एंबुलेंस के माध्यम से घायल व्यक्ति को इलाज के लिए सोनाजोरी स्थित सदर अस्पताल भेजा। वहीं अस्पताल जाने के क्रम में युवक की मौत हो गयी। मृतक की पहचान नहीं हो पायी है। पुलिस मृतक की पहचान करने में जुटी हुई है। बताया गया कि बाइक में सवार युवक काफी तेजी से शहरग्राम की ओर से आ रहा था कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के पुल के नीचे खाई में जा गिरी।
भैंसा लड़ाई प्रतियोगिता का आयोजन
पाकुड़िया/संवाददाता। प्रखंड अंतर्गत तेतुलिया पंचायत के ग्राम चुनपाड़ा में जूनियर क्लब द्वारा भैंसा लड़ाई प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मौके पर मौजूद पूर्व विधायक सफल मरांडी ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि भैंसा लड़ाई का आयोजन पारंपरिक है और इसका आयोजन पीढ़ी दर पीढ़ी चली आ रही है। भैंसा लड़ाई में सफल विजेता भैंसा मालिक को पूर्व विधायक सुफल मरांडी ने पांच हजार रुपये देकर पुरस्कृत किया। भैंसा लड़ाई को सफल बनाने में होपना मुर्मू, ओपेन मुर्मू, नरेश सोरेन, होपना मरांडी, गिरीश सोरेन आदि ने सक्रिय भूमिका निभायी।
पूजा पर डांडिया नृत्य सहित अन्य कार्यक्रम आयोजित
-डांगापाड़ा में भव्य मेला का आयोजन
हिरणपुर/संवाददाता (पाकुड़): दुर्गा पूजा के अवसर पर डांगापाड़ा स्थित वैष्णवी दुर्गा मंदिर प्रांगण में सोमवार देरशाम प्रतियोगिता व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुई। जिसमें विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। वही मंगलवार को भव्य मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राधा कृष्ण की बोल पर बालिकाओं ने मनमोहक डांडिया नृत्य की प्रस्तुति की। जिसे देख सेकड़ो की संख्या में उपस्थित दर्शक झूम उठे। वही राधा कृष्ण सखी , नारद कान्हा व कृष्ण की अमृत वचन की मनमोहक प्रस्तुति स्थानीय बाल कलाकारों ने गीत के बोल पर मंचन किया। उधर इस अवसर पर कई प्रतियोगिता भी आयोजित हुई। ॐ की दम प्रतियोगिता में सुधांशु गोराई प्रथम , मधु सेन द्वितीय व राजीव भगत ने तृतीय स्थान हासिल किया। वही मेहंदी प्रतियोगिता में सोनम देवी प्रथम , धोनी सोरेन द्वितीय , रिंकी गुप्ता तृतीय , भक्ति क्विज में दीपंकर दास प्रथम , राजीव भगत द्वितीय , निहार रंजन दास तृतीय , रंगोली में दीपंकर दास प्रथम , खुशी गुप्ता द्वितीय व नन्दनी गुप्ता ने तृतीय स्थान हासिल किया। इसके अलावे भी अन्य कई प्रकार के प्रतियोगिता आयोजित हुई। सभी विजेताओं को स्थानीय मुखिया बाले हेम्ब्रम , पूजा कमिटी के अध्यक्ष मोहनलाल भगत व उपाध्यक्ष प्रमोद दास के द्वारा पुरस्कृत किया गया व प्रशस्ति पत्र भी दिया गया। उधर इस अवसर पर भव्य मेला का भी आयोजन किया गया है। जिसको लेकर दर्जनों की संख्या में स्वंयसेवकों को कार्य मे लगाया गया है। इस मंदिर की प्रतिमा विसर्जन को आकर्षक बनाने के लिए भागलपुर से दो घोड़ा भी मंगाया गया है। जहाँ बंगाल से आये ढाकढोल के साथ भव्य आतिशबाजी करते हुए बुधवार को प्रतिमाओं की विसर्जन की जाएगी। समिति अध्यक्ष ने बताया कि गांव में भी प्रतिभाओं की कमी नही है। जो अब सामने आ रही है। कार्यक्रम में स्थानीय बालक बालिकाओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया