- 111 वर्ष की उम्र में स्वतंत्रता सेनानी का हुआ स्वर्गवास
- राजकीय सम्मान के साथ दी गयी अंतिम विदाई
- जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया श्रद्धा सुमन अर्पित
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता वयोवृद्ध स्वतंत्रता सेनानी रमणी मोहन झा का सोमवार को 111 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। स्वतंत्रता सेनानी ने कार्तिक पूर्णिमा के पावन मौके पर अपने नश्वर शरीर का त्याग किया। उनके निधन से सामाजिक, राजनीतिक एवं प्रशासनिक हलकों में शोक की लहर दौड़ पड़ी है। वयोवृद्ध स्वतंत्रता सेनानी के शव पर महागामा की विधायक दीपिका पांडेय सिंह, पोड़ैयाहाट के विधायक प्रदीप यादव, उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक समेत विभिन्न दलों के नेताओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सोमवार की संध्या राजकीय सम्मान के साथ स्वतंत्रता सेनानी पंचतत्व में विलीन हो गए।
जीवन किस्म के इंसान रहे स्वर्गीय झा अंतिम सांस लेने से कुछ समय पूर्व तक होशो हवास में रहे। कार्तिक पूर्णिमा की सुबह जब उन्होंने अंतिम सांस ली, उसके कुछ मिनट पूर्व तक वे होश में रहे। मौत से पहले उन्होंने अपने बड़े पुत्र जगद्धात्री झा से चाय पीने की इच्छा जताई। जब तक पुत्र चाय लेकर पहुंचे, उस समय उनके प्राण पखेरू उड़ चुके थे।
गांधी और विनोबा युग का अंत
मूल रूप से एकीकृत बिहार के सहरसा जिला के रहने वाले स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय झा का बचपन, जवानी एवं बुढ़ापा अपने नानी घर गोड्डा प्रखंड के सैदपुर में बीता। जिला मुख्यालय में भी रौतारा चौक पर उनके आवास था, जिसे रमणी कुटीर के नाम से जाना जाता है। स्वतंत्रता सेनानी रमणी मोहन झा जंगे आजादी के महानायक राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के व्यक्तित्व से प्रभावित होकर छात्र जीवन में ही देश को आजाद कराने के लिए आंदोलन में कूद पड़े थे। आजादी की लड़ाई के दौरान 1942 के अंग्रेजों भारत छोड़ो अभियान के दौरान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जब गोड्डा आए थे, उस समय अन्य स्वतंत्रता सेनानियों के साथ स्वर्गीय झा ने भी बढ़-चढ़कर भूमिका निभाई थी। हालांकि 1940 में रामगढ़ में संपन्न कांग्रेस के अधिवेशन में स्वर्गीय झा नेताजी सुभाष चंद्र बोस के समर्थन में पहुंचे थे। आचार्य विनोबा भावे की अगुवाई में प्रारंभ हुए भूदान यज्ञ में भी उन्होंने बढ़-चढ़कर भागीदारी की थी। आचार्य विनोबा भावे के साथ स्वर्गीय झा पदयात्रा में भी शामिल रहे थे। आचार्य विनोबा भावे के व्यक्तित्व से प्रभावित होकर उन्होंने कुर्ता पहनना बंद कर दिया था। विनोबा भावे की वेशभूषा में ही उन्होंने अपनी जिंदगी का अधिकांश हिस्सा बिता दिया।
जीवन पयंर्त कांग्रेसी रहे स्वर्गीय झा
जीवन पयंर्त कांग्रेसी रहे रमणी मोहन झा के निधन की खबर सुनते ही रौतारा चौक स्थित उनके आवास पर प्रशासनिक पदाधिकारी, राजनेताओं एवं समाज के लोगों के पहुंचने का सिलसिला प्रारंभ हो गया। विधायक प्रदीप यादव एवं दीपिका पांडेय सिंह, उपायुक्त जिशान कमर, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा आदि ने आवास पर पहुंच कर उनके पार्थिव शरीर पर माल्यार्पण किया। स्वतंत्रता सेनानी रमणी मोहन झा का पार्थिव शरीर सोमवार को अपराह्न जिला कांग्रेस कार्यालय में लाया गया, जहां कांग्रेस जिला अध्यक्ष दिनेश प्रसाद यादव, महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह, निवर्तमान नगर परिषद उपाध्यक्ष सह कांग्रेस नेत्री वेणु चौबे, पार्टी के जिला प्रवक्ता अमरेंद्र कुमार अमर, नगर अध्यक्ष कांग्रेस महबूब अंसारी, सुमित कुमार बिट्टू, अभय जायसवाल, प्रियव्रत झा सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कांग्रेस कार्यालय में रमणी मोहन झा के पार्थिव शरीर पर जिला अध्यक्ष दिनेश प्रसाद यादव ने कांग्रेस का तिरंगा झंडा ओढ़ाकर उनके अमर रहे का नारा लगाया। कार्यालय का झंडा को भी आधा झुका दिया गया। उन्हें ससम्मान जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। दिनेश प्रसाद यादव ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी रमणी मोहन झा ने आजादी के समय गोड्डा जिला में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनलोगों ने एक बहुत बड़ा मार्गदर्शक, एक अभिभावक खो दिया है, जिसकी पूर्ति उनलोग कभी नहीं कर सकते हैं। मौके पर उनके पुत्र जिला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जगधात्री झा भी उपस्थित रहे
उनके आवास पर उपायुक्त जिशान कमर एवं पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा के द्वारा स्वतंत्रता सेनानी रमणी मोहन झा के पार्थिव शरीर पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। प्रशासनिक स्तर से उन्हें राजकीय सम्मान दिया गया। गोड्डा प्रखंड के सैदपुर ग्राम के समीप रमणी कुटिया में उनका राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। मौके पर सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी, गोड्डा दयानंद जायसवाल सहित जिला स्तर के विभिन्न पदाधिकारी मौजूद रहे।
बाबूलाल ने मलेरिया प्रभावित गांवों का किया दौरा
- कहा, मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में ही मलेरिया का कहर जारी
गोड्डा। संवाददाता राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री सह प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने सोमवार को सुंदरपहाड़ी प्रखंड के पहाड़ पर स्थित मलेरिया से प्रभावित आदिम जनजाति पहाड़िया बहुल गांव का दौरा किया। उन्होंने पहाड़िया परिवार के लोगों से मिलकर सुख दु:ख जाना और उनके आवास, स्कूल, शिक्षा, हॉस्पिटल, बिजली और रोड आदि की जानकारी ली। पूर्व मुख्यमंत्री मरांडी ने हेमंत सोरेन सरकार पर हमला करते हुए कहा कि राज्य में आदिवासी मुख्य्मंत्री के होते हुए भी आदिवासी बच्चों की कोई सुध नहीं लिए। मुख्यमंत्री दो दिनों तक संतालपरगना में रहते हुए भी टीलों, पहाड़ नहीं गए। उनके विधानसभा क्षेत्र के सुंदरपहाड़ी प्रखंड में मलेरिया से लोग मर रहे हैं, इसकी सुधि लेना भी उन्होंने मुनासिब नहीं समझा। आजतक कहीं रोड नहीं बना, जिससे लोगों को आवागमन सुलभ हो सके। मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में रोड नहीं रहने के कारण मलेरिया से प्रभावित बच्चे डॉक्टर और हॉस्पिटल तक नहीं जा सके। मरांडी ने कहा कि आदिवासी मुख्यमंत्री होते उनके विधानसभा क्षेत्र में आदिवासी बच्चों की मृत्यु हो गई। मरांडी के साथ भाजपा के जिला अध्यक्ष राजीव मेहता, महामंत्री कृष्ण मुरारी चौबे, जिला उपाध्यक्ष संजीव मिश्रा, लक्ष्मी चक्रवर्ती, जिला कोषाध्यक्ष अनिल साह, जिला मीडिया प्रभारी बिमंत साह, पूर्व जिला परिषद सदस्य फूल कुमारी, जिला परिषद सदस्य राघवेंद्र सिंह, एसटी मोर्चा के जिला अध्यक्ष प्रबोध सोरेन, सिमोन माल्टो, रविंद्र टुडू, परिणीता झा, मंडल अध्यक्ष अभिषेक मंडल, बाबा भवेशानंद, श्रवण महतो उर्फ मणिकांत महतो, बबलु सिंह, पप्पू शर्मा, राजेश भगत, हर्षित यादव, नितेश सिंह आदि मौजूद थे।
विधायक ने पथ सुदृढ़ीकरण कार्य का किया शिलान्यास
मेहरमा। संवाददाता महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने सोमवार को ठाकुरगंगटी प्रखंड के अंतर्गत पीडब्ल्यूडी मुख्य रोड़ से खंधार गांव होते हुए भगैया तक पथ सुदृढ़ीकरण कार्य का विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शिलान्यास किया। उक्त सड़क का निर्माण ग्रामीण कार्य विभाग के द्वारा एक करोड़, 41 लाख रुपए की लागत से कराया जाना है। सड़क की लम्बाई 1.870 किलोमीटर है।
विधायक ने जानकारी देते हुए बताया कि स्थानीय ग्रामीणों के द्वारा लगातार इस जर्जर सड़क का निर्माण की मांग की जा रही थी। उसी को ध्यान में रखते हुए विभाग से योजना को स्वीकृत कराकर शिलान्यास किया गया। सड़क को संवेदक के द्वारा ससमय पूरा कर लिया जाएगा। सड़क के बन जाने से ग्रामीणों को अब काफी सहुलियत होगी। इसके लिए ग्रामीणों ने विधायक दीपिका पांडेय सिंह के प्रति आभार प्रकट किया। इस मौके पर ठाकुरगंगटी कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष सह बीस सूत्री अध्यक्ष अवधेश ठाकुर, मुन्ना सिंह, मिस्टर खान, डीसी कुमार, टिंकू जायसवाल, गुड्डू चनानी, त्रिभुवन यादव, लालू पंडित, शंकर पंडित, अरविंद पंडित, हेमंत पंडित, पूर्णेन्दु राय, नंदकिशोर पंडित, प्रेमलाल पंडित, खुबलाल पंडित, विनोद चौबे, राधेश्याम पंडित समेत दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे।
रेडक्रॉस सदस्य के जन्म दिवस पर साथियों ने किया रक्तदान
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता। रेडक्रॉस सोसायटी के सदस्य सह पत्रकार अमरेंद्र सिंह “बिट्टू” के जन्म दिवस के अवसर पर सोमवार को सिंह के साथी व रेडक्रॉस सदस्य सुभाष चन्द्र दास, धर्मेंद्र गुंजन एवं ब्रजेश कुमार मंडल ने सदर अस्पताल अवस्थित ब्लड सेंटर में रक्तदान कर युवाओं के समक्ष एक मिसाल प्रस्तुत किया। तीनों रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान करते हुए रेडक्रॉस गोड्डा के सचिव सुरजीत झा ने उनके जज्बे की भूरी-भूरी तारीफ की तथा युवाओं एवं सामाजिक कार्यों से जुड़े संस्थाओं से नियमित अंतराल पर तथा प्रत्येक दिवस विशेष पर इसी प्रकार रक्तदान करने एवं करवाने की अपील की। उन्होंने बताया कि ब्लड सेंटर में रक्त की फिलवक्त कमी हो गई है। मात्र 05 यूनिट ही रक्त शेष है।
पेंचक सिलाट की रजत पदक विजेता को डीसी और एसपी ने किया सम्मानित
गोड्डा। संवाददाता “11वीं प्री-टीन, प्री-जूनियर,(बालक एवं बालिका) राष्ट्रीय पेंचक सिलाट प्रतियोगिता” का आयोजन पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स कंकड़बाग में 23 से 26 नवंबर, 2023 तक किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन इंडियन पेंचक सिलाट महासंघ के तत्वावधान में बिहार पेंचक सिलाट संघ के द्वारा किया गया। इस प्रतियोगिता में झारखंड राज्य के 30 खिलाड़ियों ने भाग लिया। गोड्डा की ईशा कुमारी ने 47 किलोग्राम भार में रजत पदक प्राप्त किया। 37वें राष्ट्रीय खेल में झारखंड पेंचक सिलाट के खिलाड़ी द्वारा कांस्य पदक प्राप्त कर झारखंड सरकार और झारखंड खेलकूद युवा कार्य निदेशालय की तरफ से दो लाख का सम्मान राशि प्रदान किया गया। उक्त आशय की जानकारी देते हुए जिला पेंचक सिलाट संघ सचिव दीपक कुमार सिंह ने बताया कि ईशा की इस उपलब्धि के लिए सोमवार को पुलिस अधीक्षक आवास पर आयोजित सम्मान समारोह में उपायुक्त जिशान कमर एवं पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने सम्मानित किया। जबकि उक्त उपलब्धि पर गोड्डा जिला ओलंपिक संघ संयोजक देवाशीष झा, कुश्ती एवं हॉकी संघ सचिव सुरजीत झा, कबड्डी संघ अध्यक्ष धर्मेंद्र झा, पेंचक सिलाट टेक्निकल डायरेक्टर शैलेश कुमार, कोषाध्यक्ष मिनी हांसदा, जूली कुमारी, रानी कुमारी, राखी कुमारी, मनीषा कुमारी, सहजादी बेगम, पुष्पा कुमारी, बांके बिहारी, सोनू कुमार, मनीष कुमार, प्रिंस कुमार, सत्येंद्र किस्कू, रमेश कुमार, अमित कुमार, राजा कुमार, दीपक कुमार, सूरज कुमार, अष्टम कुमार, अमन कुमार, गौतम कुमार महतो, बलदेव कुमार ठाकुर, दीपक कुमार दास आदि ने ईशा कुमारी को बधाई दी।
जो दूसरों के लिए कष्टकारक हो, ऐसा कार्य कदापि न करें : डालसा
गोड्डा। विधि संवाददाता जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष सह पीडीजे देवेन्द्र कुमार पाठक के मार्गदर्शन में सचिव डॉ. प्रदीप कुमार के निर्देश पर सौ दिवसीय गहन विधिक साक्षरता व जागरुकता अभियान के तहत सोमवार को गोड्डा, सुंदरपहाड़ी, पथरगामा व बसंतराय प्रखंड में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान डालसा की ओर से गठित टीम ने ग्रामीण क्षेत्रों के ग्रामीणों को कानून का पाठ पढ़ाया। इसी कड़ी में सोमवार को सदर प्रखंड की डालसा टीम ने अमरपुर पंचायत के गांवों में शिविर आयोजित की। टीम में शामिल पीएलवी नवीन कुमार, चंपा कुमारी, जायसवाल मांझी, इंतेखाब आलम आदि ने कहा कि भारतीय संविधान हमें अधिकार व कर्तव्यों के दायरे में रहने की सीख देता है। हमें ऐसा कार्य कदापि नहीं करना चाहिए जो दूसरों के लिए कष्टकारक हो। देश के सभी नागरिकों को समान अधिकार प्राप्त है। सभी को न्याय पाने का पूरा अधिकार है। इसलिए अपने अधिकार व कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने की जरूरत है। शिक्षक निक्की कुमारी ने कहा कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम बन चुका है। इसके तहत शिक्षा प्राप्त करना संवैधानिक अधिकार है। छात्राओं व महिलाओं की सुरक्षा के लिए कानून में विशेष प्रावधान है। इसके लिए पॉक्सो , घरेलू हिंसा अधिनियम आदि प्रभावी है। इसके लिए प्राधिकार के समक्ष शिकायत दर्ज कराया जा सकता है। बसंतराय प्रखंड के डेरमा गांव में पीएलवी हसीब, मंजूरी बीबी आदि ने विधि दिवस पर संवैधानिक अधिकार व कर्तव्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान विश्व का सबसे बड़ा लिखित संविधान है। भारतीय संविधान 26 नवंबर, 49 को एकीकृत किया गया था जबकि 26 जनवरी, 50 को लागू किया गया था। संविधान दिवस मनाने की परंपरा 26 नवंबर, 2015 से शुरूआत हुई। इसका आदर करना सभी नागरिकों का कर्तव्य है। जनमानस को अधिकार-कर्तव्यों के प्रति जवाबदेह बनाने को लेकर जगह-जगह सप्ताह समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इसी प्रकार सुदंरपहाड़ी व पथरगामा प्रखंड की टीम ने भी ग्रामीणों को कानून का पाठ पढ़ाया।
पुलिस को नहीं मिल पायी है हत्याकांड का ठोस सुराग
मेहरमा। संवाददाता ठाकुरगंगटी थाना क्षेत्र के मायारामकित्ता गांव के एक तालाब से नीरा देवी नामक एक महिला का बरामद शव मामले में ठाकुरगंगटी पुलिस की दबिश तेज हो गई है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मामले की उद्भेदन को लेकर महागामा एसडीपीओ के नेतृत्व में एक टीम गठित कर जांच की जा रही है। घटना स्थल से बरामद मोबाइल एवं सिम के सहारे तकनीकी मदद ली जा रही है। शक के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने की बात सामने आ रही है। हालांकि अब तक पुलिस को ठोस सुराग नहीं मिली है। पुलिस ने दावा किया है कि मामले का उद्भेदन जल्द ही कर लिया जाएगा और कांड में संलिप्त दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होगी।