-कंपनियों ने 10 से 25 हजार रुपये मानदेय तक की नियुक्ति युवाओं को प्रदान की
गोड्डा। संवाददाता श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विभाग झारखंड कौशल विकास मिशन सोसाइटी मुख्यमंत्री सारथी योजना अंतर्गत कौशल सम्मान समारोह सह मेगा प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन मंगलवार को गोड्डा कॉलेज गोड्डा में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डीसी जिशान कमर, जिला परिषद अध्यक्ष बेबी देवी, जिला कौशल पदाधिकारी संजय आनंद, जिला नियोजन पदाधिकारी पद्मा कुमारी, पोड़ैयाहाट विधायक प्रतिनिधि विकास सिंह सहित अन्य ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की। जिला कौशल पदाधिकारी संजय आनंद ने बताया कि आयोजन में लगभग बेरोजगार युवा सम्मिलित हुए। 30 कंपनियों ने युवाओं को शॉर्टलिस्ट किया। इसमें से 194 युवाओं का चयन कर उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। इसमें मुख्य रूप से टेरी माइनिंग प्राइवेट लिमिटेड, आमधाने प्राइवेट लिमिटेड हैदराबाद, तुस्तिया इन, मारुति इंटरप्राइजेज, टेकरीवाल मोटर्स सहित अन्य कंपनियों ने भाग लिया। इन कंपनियों ने 10 से 25 हजार रुपये मानदेय तक की नियुक्ति युवाओं को प्रदान की। वहीं डीसी जिशान कमर ने नियुक्ति पत्र प्रदान कर कार्यक्रम में आए युवक और युवतियों को प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर डीसी कमर ने कहा कि गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष अधिक लोगों को रोजगार प्रदान किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में कई कंपनियां शामिल हुई। युवाओं को सशक्त बनाने के लिए झारखंड सरकार नि:शुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित कर रही है। मेगा स्कील सेंटर, सक्षम झारखंड कौशल विकास योजना, मुख्यमंत्री सारथी योजना आदि का लाभ लेकर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर का युवा लाभ उठाएं। मुख्यमंत्री का प्रयास है कि सारथी योजना के तहत अधिक से अधिक युवाओं को कुशल बना कर उन्हें रोजगार प्रदान किया जाए। जिला परिषद अध्यक्ष बेबी देबी ने कहा कि इस बार बड़ी संख्या में युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया है। जिस कारण उन्हें अच्छी कंपनियों में रोजगार मिला है। उन्होंने कहा आज सभी युवाओं के चेहरे नियुक्ति पत्र मिलने के बाद खुशी से खिल उठे। इनका हौसला बढ़ाना हम सबों की जरूरत है।
मुख्यमंत्री सारथी योजना के बारे में बताते हुए जिला कौशल पदाधिकारी संजय आनंद ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय भारत सरकार द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप नेशनल स्किल क्वालीफिकेशन फ्रेम वर्क पर आधारित रोजगार परक एवं उद्योग प्रासंगिक जॉब रोल्स में प्रखंड स्तर तक कौशल उन्नयन प्रशिक्षण प्रदान करना है। योजना के अंतर्गत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, महिलाओं एवं शारीरिक रूप से नि:शक्त, आर्थिक रूप से कमजोर एवं अन्य कोटि के लिए समय-समय पर राज्य सरकार की ओर से निर्धारित आरक्षण मापदंडों के अनुरूप राष्ट्रीय कौशल विकास निगम तथा सेक्टर स्किल काउंसिल से संबद्ध प्रशिक्षण संस्थानों में प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। कार्यक्रम मौके पर श्रम अधीक्षक सह जिला कौशल पदाधिकारी संजय आनंद, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार, जिला नियोजन पदाधिकारी पद्मा कुमारी, ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट अधिकारी गण सहित श्रम विभाग के कर्मी गण, विभिन्न संस्थानों के छात्र एवं छात्राएं उपस्थित थे।
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में जिला स्तरीय चित्रकारी प्रतियोगिता का आयोजन
गोड्डा। संवाददाता विगत दिवस परीक्षा पर चर्चा-2024 कार्यक्रम के अंतर्गत पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय गोड्डा में जिला स्तरीय चित्रकारी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में 15 विद्यालयों से 100 बच्चों ने अपनी प्रतिभागिता सुनिश्चित की। इसमें शामिल होने वाले विद्यालय तथा उसमें प्रतिभाग करने वाले बच्चों की संख्या कुछ इस प्रकार रही। जनवि ललमटिया गोड्डा, बेथल मिशन स्कूल गोड्डा, सीएम +2 उच्च विद्यालय गोड्डा और सीएम +2 बालिका उच्च विद्यालय गोड्डा से दस-दस बच्चों ने तथा डीएवी ऊर्जा नगर गोड्डा, कस्तूरबा गांधी विद्यालय गोड्डा, उच्च विद्यालय मालिनी, संत माइकल एंजलो इंडियन स्कूल गोड्डा, उच्च विद्यालय देवबंधा, उच्च विद्यालय रमला, उच्च विद्यालय कोरका, उच्च विद्यालय जमनी, उच्च विद्यालय धपरा और उत्क्रमित उच्च विद्यालय अमरपुर से पांच-पांच बच्चों ने, इस प्रतियोगिता की संयोजक संस्था पी एम श्री केंद्रीय विद्यालय गोड्डा के भी दस बच्चों ने इसमें भाग लिया। इस प्रतियोगिता की निर्णायक मंडली में डॉ. मीरा कुमारी (असिस्टेंट प्रोफेसर, शिक्षा विभाग), डॉ. नूरनबी अंसारी (असिस्टेंट प्रोफेसर, उर्दू विभाग) और डॉ. मनीष कुमार दुबे (असिस्टेंट प्रोफेसर, जंतु विज्ञान विभाग) के विद्वत जनों ने अपना योगदान दिया। वहीं कार्यक्रम को करवाने में विद्यालय के कला शिक्षक राजकुमार तांती के साथ अन्य सभी सदस्यों ने भी प्राचार्य रजनीश कमल की देखरेख में योगदान दिया। कार्यक्रम का आयोजन पूर्वाह्न 10 बजे से मध्याह्न 12 तक करवाया गया। इसका परिणाम प्रतियोगिता समाप्ति के तुरंत बाद ही घोषित कर दिया गया। जिसमें शीर्ष के पांच बच्चों गरिमा कुमारी (प्रथम, 9वीं पीएम श्री केवी गोड्डा), रिया राज नंदिनी (द्वितीय, 11वीं केवी गोड्डा), जास्मि कुमारी (तृतीय, 9वीं बेथल मिशन स्कूल गोड्डा), स्वस्तिक ठाकुर (चतुर्थ, 11वीं, पी० एम० श्री केवी गोड्डा), दीक्षा कुमारी (पंचम, 12वीं, संत माइकल एंजलो-इंडियन स्कूल गोड्डा) को निर्णायक मण्डली तथा पी एम श्री केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य ने शेष 95 बच्चों को उनकी प्रतिभागिता के लिए ऑनलाइन प्रमाण पत्र दिए जाने की घोषणा की गई। इसी कार्यक्रम के साथ विद्यालय में देश के प्रसिद्ध क्रांतिकारी सुभाषचंद्र बोस की जयंती के शुभ अवसर पर “पराक्रम दिवस” का भी आयोजन किया गया। इसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने भाषणों तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से उसे सफल बनाया।
जयंती पर याद किए गए नेताजी सुभाष चंद्र बोस
-मौके पर लोकमंच के सचिव की लिखित पुस्तक का किया गया विमोचन
गोड्डा। संवाददाता नेताजी की जयंती (पराक्रम दिवस) के अवसर पर मंगलवार को स्थानीय नेताजी चौक अवस्थित नेता जी स्मारक के समक्ष समारोह का आयोजन कर लोक मंच ने नेता जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए देश के सच्चे सपूत के प्रति आभार प्रकट किया। समारोह का शुभारंभ एसी सह डीसी पीए धीरज कुमार ठाकुर, एसडीपीओ जेपीएन चौधरी, जिला कांग्रेस कमेटी दिनेश यादव आदि द्वारा नेता जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के पश्चात लोक मंच सचिव सर्वजीत झा “अंतेवासी” द्वारा नेता जी के सपनों का भारत विषयक विचार गोष्ठी के विषय प्रवेश से हुआ। लोक मंच के कार्यकारी सह साहित्यकार शिव कुमार भगत की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम एवं विचार गोष्ठी के तहत बतौर मुख्य वक्ता अराजपत्रित कर्मचारी संघ के राष्ट्रीय स्तर के नेता सह मंच के संरक्षक मंजुल कुमार दास, एसी श्री ठाकुर, एसडीपीओ श्री चौधरी, कामरेड अरुण सहाय, वरिष्ठ समाजसेवी सच्चिदानंद साहा, पत्रकार अभय पलिवार, विद्यापति सांस्कृतिक परिषद अध्यक्ष परमानंद चौधरी, प्रो. श्यामाकांत झा, साहित्यकार शिव कुमार भगत, दिनेश यादव, डॉन बोस्को स्कूल निदेशक अमित राय एवं डॉ. बिनोद तिवारी ने संबोधित करते हुए नेता जी के सागरीय व्यक्तित्व एवं अविस्मरणीय कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान भारत-भारती पब्लिक स्कूल के छात्र अभिषेक कुमार तथा छात्रा दिव्या व सगुण के द्वारा शिक्षक मनीष कुमार सिंह के निर्देशन में देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति हुई। कार्यक्रम का संचालन रेडक्रॉस गोड्डा के सचिव सुरजीत झा एवं मनीष कुमार सिंह ने बारी-बारी से किया। इस अवसर पर उपरोक्त वक्ताओं के अलावा अधिवक्ता संघ सचिव योगेश चन्द्र झा, वरिष्ठ कांग्रेसी जगधात्री झा, वरीय अधिवक्ता रतन कुमार दत्ता, समाजसेवी श्रवण अग्रवाल, डॉ. वंशीधर मिश्रा, अधिवक्ता दिलीप तिवारी, विनय ठाकुर, शिशिर कुमार झा व जब्बार आलम, निखिल कुमार झा, रेडक्रॉस सदस्य अखिल कुमार झा, प्रो. डॉ. नूतन झा, बिमल नंदिनी ठाकुर, कवि ओम प्रकाश मंडल, नीतीश आनंद, अमित ठाकुर एवं अचल ठाकुर सहित बड़ी संख्या में नेताजी के अनुयायी उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में लोक मंच सचिव अधिवक्ता सर्वजीत झा “अंतेवासी” द्वारा लिखित द्वितीय पुस्तक ” गोड्डा गाथा और मैं” का विमोचन सह लोकार्पण अतिथियों के हाथों किया गया।
पराक्रम दिवस के रूप में मनायी गयी सुभाष चंद्र बोस की जयंती
गोड्डा। संवाददाता डोन बोस्को स्कूल में पराक्रम दिवस के रूप में मनाई गई भारत के वीर सपूत सुभाष चंद्र बोस की जयंती। कार्यक्रम की शुरूआत सर्वप्रथम स्कूल के निदेशक अमित राय तथा प्राचार्य प्रीति गुंजन ने स्कूल के बच्चों की उपस्थिति में दीप प्रज्वलित कर और उनके तस्वीर पर माल्यार्पण कर किया। फिर बारी बारी से स्कूल के सभी शिक्षकों ने पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर स्कूल के निदेशक अमित राय ने सभी देशवासियों को पराक्रम दिवस की शुभकामनाएं देते कहा कि सुभाष चंद्र बोस की जयंती के मौके पर उनके जीवन और साहस का सम्मान करते हैं। उनके जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला और उनके सद्गुणों को आत्मसात करने की जरूरत कही। उन्होंने कहा कि सुभाष चंद्र बोस एक वीर पुरुष थे। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। वे देश के सच्चे सपूत थे। उनका नारा था तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा। राय ने जनता से अपील करते हुए कहा कि इस वक्त गरीब और असहाय लोगों को रक्त की आवश्यकता पड़ती है। सिर्फ गोड्डा में 80 थैलेसीमिया के मरीज हैं जिन्हें हर महीने रक्त की आवश्यकता पड़ती है। अत: स्वस्थ लोग रक्तदान कर जीवन को बचाएं। प्राचार्या प्रीति गुंजन ने उनके जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सुभाष चंद्र बोस युवा भारत का निर्माण करना चाहते थे। वे समाज के हर क्षेत्र में युवाओं की भूमिका को अहम मानते थे। हमारा दायित्व है कि हम लोग उनके सपनों का भारत का निर्माण करें। इस अवसर पर स्कूल की सभी शिक्षक तथा बच्चे उपस्थित थे।
दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन
पथरगामा। संवाददाता जिला अंतर्गत पथरगामा प्रखंड के ग्राम-पंचायत पिपरा में मंगलवार को सुभाष चंद्र बोस के जन्म दिवस के शुभ अवसर पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी सुभाष स्पोटिंर्ग क्लब पिपरा के सौजन्य से दो द्विसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन पिपरा हटिया मैदान में किया गया। इस श्रृंखला में कुल 8 टीमों ने भाग लिया। फाइनल का खिताब जीतने के लिए ग्राम-बोहा और ग्राम साबैजोड़ा के बीच खेला गया। फाइनल का खिताब साबैजोड़ा के खिलाड़ियों ने जीता। प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि दिनेश यादव ने विजेता टीम साबैजोड़ा को अपने हाथों से नकद पुरस्कार 21 हजार रुपये देकर सभी विजेता टीम के खिलाड़ियों को सम्मानित किया। वहीं विशिष्ट अतिथि अमित कुमार भगत ने उपविजेता टीम बोहा के खिलाड़ियों को नकद 15 हजार रुपये देकर खिलाड़ियों का सम्मानित किया। वहीं तीसरे स्थान के टीम पथरगामा के खिलाड़ियों को कांग्रेस के जिला प्रवक्ता अकबर अली ने नकद छह हजार रुपये देकर खिलाड़ियों को सम्मानित किया। चौथे स्थान के टीम बेलडीहा की टीम को को पूर्व मुखिया भागवत महतो ने नकद छह हजार रुपये देकर खिलाड़ियों को सम्मानित किया। मौके पर यादव ने कहा कि फाइनल खिताब के लिए विजेता टीम और उपविजेता टीम और तीसरे, चौथे स्थान के लिए संघर्षशील खिलाड़ियों को कहा कि हार से निराश नहीं होना चाहिए। जीतने वाली टीम को इतराना नहीं चाहिए। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलें और जिला और राज्य का नाम रोशन करें। जिप सदस्य अमित कुमार भगत ने कहा कि सुभाष चन्द्र बोस के जन्म दिवस के मौके पर देश की आजादी के शहीदों को याद कर देशभक्ति को मजबूत करने की प्रेरणा मिलती है और हमारे सभी खिलाड़ियों को और भी मेहनत कर आगे बढ़ने का प्रयास करें। मौके पर पथरगामा प्रखंड के कांग्रेस अध्यक्ष ब्रह्मदेव महतो, जिला कांग्रेस कार्यालय प्रभारी सोनी सिंह, कांग्रेस नेता पंकज चौधरी, ब्रह्मदेव ब्रह्म, राजीव राम महतो, सुभाष चन्द्र स्पोटिंर्ग क्लब अध्यक्ष गंगा राम मुर्मू, कोषाध्यक्ष अनिल महतो, सचिव करण सोरेन, राजेंद्र महतो, टिंकू महतो, नितेश दास, शिवा महतो, मुकेश महतो, कुलदीप दास, प्रमोद महतो, मकसूद अंसारी एवं अन्य सदस्य गण मौके पर उपस्थित रहे ।
हवन के साथ अखंड कीर्तन का हुआ समापन
हनवारा। संवाददाता महागामा प्रखंड के कोयला ग्राम में बीते सोमवार को अयोध्या में हो रहे मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम लला की प्रतिमा प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर 24 घंटे का अखंड कीर्तन का आयोजन किया गया। हजारों दीपक जला कर दीपावली जैसा महोत्सव मनाया गया। इस कार्यक्रम में महिला एवं बच्चों ने आगे बढ़कर हिस्सा लिया। वहीं कीर्तन पंडाल, काली स्थान, बजरंगबली स्थान को दीपक से जगमग कर दिया। संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो गया और यह कार्यक्रम विधिवत रूप से मंगलवार को हवन कार्यक्रम के साथ संपन्न हो गया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में राजेंद्र यादव, राकेश बिहारी शर्मा, संजय संगम, सुबोध यादव, रवींद्र यादव,अश्विनी सिन्हा समेत अन्य ग्रामीणों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
झामुमो ने 45वां स्थापना दिवस मनाने को लेकर की बैठक
गोड्डा। संवाददाता जिला झारखंड मुक्ति मोर्चा समिति कार्यकारिणी की बैठक मंगलवार को नहर चौक के टेकरीवाल हीरो शोरूम के सामने सदर प्रखंड कार्यालय में आहूत की गई। बैठक की अध्यक्षता सह संचालन जिला अध्यक्ष बासुदेव सोरेन ने किया। बैठक का मुख्य एजेंडा 45वां झारखंड स्थापना दिवस दुमका की तैयारी, पार्टी संगठन प्रखंड कमेटी विस्तार, पंचायत कमेटी, बूथ कमेटी, सदस्यता अभियान पर विचार, जिला वर्ग संगठन_, क्रीड़ा मोर्चा, बुद्धिजीवी मोर्चा, व्यवसाय मोर्चा गठन पर विचार, अध्यक्ष के अनुमति पर विचार किया गया। उपस्थित सभी प्रखंड अध्यक्ष, सचिव, जिला पदाधिकारी एवं केंद्रीय समिति सदस्य ने सभी बिंदुओं पर विचार व्यक्त किया। मुख्य रूप से 02 फरवरी, 2024 को होने वाली 45वां संथालपरगना प्रमंडलीय झारखंड स्थापना दिवस में जिला से लगभग 20 हजार लोगों को दुमका ले जाने के लिए रणनीति तैयार की गई। हेमंत सरकार को केंद्र सरकार की ओर से सरकारी जांच एजेंसी के माध्यम से जिस प्रकार से परेशान किया जा रहा है, उससे झारखंडी जनता आक्रोशित है। बैठक में मुख्य रूप से राजेश मंडल केंद्रीय समिति सदस्य सह पूर्व जिला अध्यक्ष, जिला उपाध्यक्ष घनश्याम यादव आदि सैकड़ों सदस्य उपस्थित थे। बैठक समाप्ति के समय अवकाश प्राप्त डॉक्टर संजीव कुमार मिश्रा, डॉक्टर प्रेम कुमार जेसवार ने जिला अध्यक्ष बासुदेव सोरेन के हाथो झामुमो की सदस्यता माला पहनाकर कराया गया। फिर सुभाष चंद्र बोस के जन्म दिन पर उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण कर जयंती मनायी गयी।
ऑडिशन में रिकॉर्ड संख्या में विद्यालयों ने दी प्रस्तुति
गोड्डा। संवाददाता जिला प्रशासन के तत्वावधान में गणतंत्र सप्ताह सांस्कृतिक समारोह के तहत 27 जनवरी से एक फरवरी तक प्रति शाम संध्या 6 बजे से 9 बजे तक आयोजित सांस्कृतिक संध्या को लेकर मंगलवार को स्थानीय भतडीहा अवस्थित नगर भवन में एक दिवसीय ऑडिशन का आयोजन हुआ। ऑडिशन में रिकॉर्ड संख्या में कुल 36 विद्यालय एवं संस्थान के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इन प्रतिभागी विद्यालय एवं संस्थान में ज्ञानस्थली पब्लिक स्कूल, भारत – भारती पब्लिक स्कूल, बेथल मिशन स्कूल, ज्ञान ज्योति पब्लिक स्कूल, ज्ञान स्टडी कोचिंग, एस. आर. पब्लिक स्कूल, नटराज डांस एकेडमी, रायना पब्लिक स्कूल, वीआईपी स्कूल, डॉल्फिन डांस एकेडमी, आदर्श पब्लिक स्कूल, रेनबो म्यूजिकल ग्रुप, डॉन बोस्को स्कूल, निर्मल संगीतालय, साज म्यूजिकल ट्रस्ट, नव प्रभात मिशन स्कूल, पी एंड डी डांस एकेडमी, सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस गर्ल्स, सेंट जोसेफ स्कूल, करूरबा आवासीय बालिका विद्यालय गोड्डा – पथरगामा – महगामा, गोड्डा, पोडैया हाट एवं सुन्दर पहाड़ी, आम्रपाली, झारखंड आवासीय बालिका विद्यालय बसंतराय, गुरुकुल डांस एकेडमी, डी डांस एकेडमी, मधुस्थली पब्लिक स्कूल, महिला कॉलेज, पथरगामा कॉलेज, ऊर्जानगर, महर्षि मेहि पब्लिक स्कूल एवं केंद्रीय विद्यालय ने हिस्सा लिया। निर्णायक मंडली में सुरजीत झा, सुनील कुमार मित्रा, इम्तियाज अहमद एवं असलम परवेज शामिल थे। इस अवसर पर आयोजन समिति सदस्य अबुल कलाम आजाद, संजीव कुमार झा, मनीष कुमार सिंह, मो. इस्लाम, अमरेन्द्र सिंह, चंदन मित्रा, मोनालिशा कुमारी सहित गणमान्य कला प्रेमियों में डॉन बोस्को के निदेशक अमित राय, रेडक्रॉस एक्जीक्यूटिव मेंबर आशुतोष झा, नव प्रभात मिशन स्कूल के निदेशक प्रीतेश नंदन व प्राचार्य प्रदीप कुमार, गुंजन कुमार झा, आरती सिंह, शक्ति कुमार आदि उपस्थित थे। अंतिम रूप से चयनित प्रस्तुतियों की घोषणा 25 जनवरी को की जाएगी।