- राज्य सरकार के निर्देश पर 30 साल के लिए मिला लीज
देवघर/वरीय संवाददाता। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी विशाल सागर की अध्यक्षता में शुक्रवार को चितरा कोलियरी विस्तारीकरण को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान राज्यसरकार के निर्देशानुसार चितरा माइंस को खनन हेतु पालोजोरी व सारठ अंचल अन्तर्गत भवानीपुर मौजा में 2.01, ताराबाद मौजा 0.87, खून मौजा 28.89, चितरा मौजा 1.58, तुलसीडाबर मौजा में 13.83 एकड़ जमीन कुल 47.18 एकड़ जमीन जिला प्रशासन द्वारा हस्तांतरित प्रक्रिया पूरी की गयी। साथ ही उपायुक्त ने हस्तांतरित प्रक्रिया पूर्ण करने के पश्चात माइनिंग के साथ डिस्पोजल भी बढ़ाने का निदेश चितरा माइंस के जीएम को दिया, ताकि चितरा कोलियरी के विकास व विस्तार के साथ आस पास के लोगों के लिए रोजगार के साधन भी प्रशस्त होंगे।
इस दौरान उपरोक्त के अलावा चितरा माइंस के जीएम एके आनंद, जिला विशेष भू-अर्जन पदाधिकारी विभूति मंडल, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी एवं संबंधित विभाग के अधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।
देवघर से झामुमो के हजारों कार्यकर्ता दुमका हुए रवाना
- स्थापना दिवस में होंगे शामिल
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड मुक्ति मोर्चा का 45वां स्थापना दिवस कार्यक्रम में शामिल होने देवघर से हजारों कार्यकर्ता दुमका रवाना हुए। इस अवसर पर झामुमो केंद्रीय समिति के सदस्य सुरेश साह ने कहा कि भाजपा ने जिस तरह से झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन को फंसाने का काम किया है इससे कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। इस बार की स्थापना दिवस में लाखों की संख्या में कार्यकर्ता पहुंचकर अपने आक्रोश को जताएंगे। ईडी के सहारे केंद्र की सरकार विपक्षी दलों को तबाह करने में लगी है। युवा जिला अध्यक्ष राहुल चंद्रवंशी ने कहा कि झामुमो जमीन से जुड़ी पार्टी है जो जनहित की बात करती है। जन-जन के नेता हेमंत सोरेन को जिस तरह से फंसाया है, इसका जवाब आने वाले 2024 के लोकसभा चुनाव में यहां की जनता भाजपा को देगी। मौके पर नगर अध्यक्ष शिव शंकर सिंह उर्फ नुनु, केंद्रीय समिति सदस्य अजय नारायण मिश्रा, संतोष सिंह, श्री सिंह, श्यामकांत झा, सूरज झा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।
देवघर में आज कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा
- राहुल गांधी के नेतृत्व में निकलेगी पैदल यात्रा
- कांग्रेस के झंडा-बैनर से पटा शहर
देवघर/वरीय संवाददाता। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा तीन फरवरी शनिवार को देवघर पहुंच रही है। यह यात्रा सड़क मार्ग से गोड्डा होते हुए मोहनपुर प्रखंड के बुढ़वाकुरा में प्रवेश करेगी। जहां देवघर जिला कांग्रेस के नेताओं कार्यकर्ताओं के साथ गठबंधन के घटक दलों द्वारा उनका जोरदार स्वागत किया जाएगा। उसके पश्चात सड़क मार्ग से ही मोहनपुर प्लस टू महाविद्यालय मैदान में यात्रा में शामिल नेता एवं व्यक्ति दोपहर का भोजन करेंगे। इस बीच में यात्रा का प्रमुख चौक-चौराहा पर गाजे-बाजे के साथ जोरदार स्वागत किया जाएगा। दोपहर भोजन के पश्चात यात्रा चोपामोड़ होते हुए बैजनाथपुर मोड़ एवं सर्कुलर रोड होते हुए आगे बढ़ेगी। इस दौरान राहुल गांधी दिन के करीब एक बजे देवघर बाबा मंदिर में पूजा अर्चना करने बाबा वैद्यनाथ धाम मंदिर पहुंचेंगे। दर्शन पूजन के पश्चात टावर चौक से वीर कुंवर सिंह चौक तक राहुल गांधी के नेतृत्व में पदयात्रा करेंगे एवं वीर कुंवर सिंह चौक पर जनसभा को संबोधित करेंेगे। तदुपरांत डॉ भीमराव अंबेदकर चौक से यात्रा आगे बढ़ते हुए रोहिणी,देवीपुर बुढ़ई एवं भिरखीबाद होते हुए जगदीशपुर में ठहराव करेंगे। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा कार्यक्रम सफल बनाने को लेकर सारी तैयारियां कर ली गई है। शहर को झंडा एवं पार्टी नेता राहुल गांधी का होर्डिंग, कट-आउट एवं फ्लेक्स से सजा दिया है। पूरे जिले में प्रचार वाहन से कार्यक्रम का प्रचार किया जा रहा है।
देवघर में राहुल गांधी की न्याय यात्रा ऐतिहासिक बनेगी इसके लिए कार्यकर्ता से लेकर नेता काफी सक्रियता से लगे गए हैं। प्रशासन भी सुरक्षा के नजर से काफी चाक-चौबंद है।
राहुल गांधी के आगमन को लेकर प्रशासन ने किया निरीक्षण
देवघर/वरीय संवाददाता। राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो न्याय यात्रा शनिवार को देवघर पहुंचेगी। उसकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी रूट लाइन, सभा स्थल एवं बाबा मंदिर में पूजा अर्चना आदि कार्यक्रमों को लेकर रूपरेखा तैयार किया एसडीओ दीपांकर चौधरी ने पुलिस पदाधिकारी स्पेशल ब्रांच, सेंट्रल सीआईडी एवं एसपीजी के अधिकारियों के साथ उनके गुजरने वाले मार्गों का जायजा लिया एवं अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। मौके पर एसडीओने बताया कि राहुल गांधी का संभावित कार्यक्रम भारत जोड़ो न्याय यात्रा शनिवार को देवघर पहुंचेगी इसलिए उनके सुरक्षा की दृष्टिकोण से तैयारी की जा रही है। उन्हें जेड प्लस सुरक्षा प्राप्त है। उनके अनुरूप सुरक्षा व्यवस्था उनके गुजरने वाली मार्गो से एवं बाबा मंदिर में तैयारी की जा रही है। मौके उप विकास आयुक्त डॉ ताराचंद, सीसीआर डीएसपी आलोक रंजन, एनडीसी शैलेश कुमार सिंह सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।
झारखंड में महागठबंधन सरकार का पुनर्गठन लोकतंत्र की जीत : संजय
देवघर/वरीय संवाददाता। राजद के प्रदेश सचिव सह पूर्व राजद प्रत्याशी मधुपुर विधानसभा क्षेत्र संजय भारद्वाज ने महागठबंधन सरकार में चंपई सोरेन को सूबे के 12वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने पर बधाई दी है। सरकार के पुनर्गठन पर राजद कार्यकर्ताओं सहित प्रदेश की जनता को बधाई देते हुए भारद्वाज ने चंपई सोरेन के नेतृत्व में सरकार बनाने को लोकतांत्रिक ताकतों की जीत बताया। कहा कि चंपई सोरेन जी के लंबे राजनीतिक अनुभव और प्रशासनिक कौशल का लाभ राजनीतिक चुनौतियों से निपटने और प्रदेश के विकास में सहायक सिद्ध होगा।आर्थिक-सामाजिक विकास के संदर्भ में आदिवासी, अल्पसंख्यकों और पिछड़ों का विकास महागठबंधन सरकार की शीर्ष प्राथमिकता रही है। यही कारण है कि राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकर्ता राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के निर्देश और मार्गदर्शन में लोकतंत्र की मजबूती और सूबे के विकास के लिए पूरी ताकत के साथ महागठबंधन सरकार के साथ खड़े हैं। राजद नेता ने आलमगीर आलम और सत्यनारायण भोक्ता को भी बधाई दी है।
गणतंत्र दिवस चित्रांकन प्रतियोगिता के ग्रुप ए और बी का परिणाम घोषित
देवघर/वरीय संवाददाता। स्थानीय विवेकानंद शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा संस्थान तथा योगमाया मानवोत्थान ट्रस्ट के युग्म बैनर तले गणतंत्र दिवस रंगभरो एवं निबन्ध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन देश के कई शहरों में सम्पन्न हुआ। आज देवघर, दुमका व बेगूसराय जिला से रंगभरो प्रतियोगिता के ग्रुप ए और बी के चयनित प्रतिभगियों के नामों की घोषणा की गई। प्रतिभागियों को चार ग्रुपों में बाँटा गया था। ग्रुप नर्सरी से द्वितीय तक के विद्यार्थियों को ग्रुप ए, तृतीय से षष्ठ को ग्रुप बी, सप्तम से दशम को ग्रुप सी जबकि सर्वसाधारण को ग्रुप डी में रखा गया था। देवघर जिला से ग्रुप ए रंगभरो प्रतियोगिता में किड्स वर्ल्ड प्ले स्कूल की विश्वरा को प्रथम, सांदीपनि पब्लिक स्कूल की नित्या झा को द्वितीय, जसीडीह संत फ्रांसिस स्कूल के शिवांश को तृतीय, गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल की राज लक्ष्मी को चतुर्थ स्थान, दुमका जिला से किंडर रोज प्ले स्कूल की पीहू प्रिशा व अन्य संस्थान के स्वीटी कुमारी व कुणाल सिंह अव्वल रहें। बेगूसराय जिला से आर. सी. ऐकैडेमी के रेयांश कुमार व जिग्यांश कुमार व प्रीति आनंद को क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त हुआ है। ग्रुप बी में श्री लीलानंद पागल बाबा उच्च विद्यापीठ की तृप्ति कुमारी व यश राज को क्रमश: प्रथम व द्वितीय, दिव्य ज्योति पब्लिक स्कूल की ईशा परी व उत्क्रमित उच्च विद्यालय, पुंसिया के यश कुमार को युग्म रूप से तृतीय जबकि संदीपनी की पालक झा को चतुर्थ स्थान प्राप्त हुआ। सभी विजयी प्रतिभागियों को आगामी 18 फरवरी को होटल न्यू ग्रैंड के भव्य सभागार में वेक्सो इंडिया के केंद्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार सिंह देव व अन्य अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।
खुशवंत सिंह और आचार्य रामचंद्र शुक्ल को श्रद्धांजलि
देवघर/वरीय संवाददाता। बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन के पूर्व प्रवक्ता अजय कुमार ने जयंती पर स्वर्गीय खुशवंत सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि स्वर्गीय खुशवंत सिंह एक प्रतिभावान साहित्यकार, इतिहासकार व निर्भीक पत्रकार तथा टिप्पणीकार थे। एक वेवाक लेखक के रूप में उन्होंने राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी ख्याति पाई। अपने खास लेखन शैली के लिए वे सदैव याद किए जाते रहेंगे। श्री कुमार ने पुण्यतिथि पर प्रसिद्ध साहित्यकार एवं निबंधकार स्वर्गीय आचार्य रामचंद्र शुक्ल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे हिंदी आलोचक, निबंधकार, साहित्यकार, इतिहासकार, कोशकार, अनुवादक, कथाकार व कवि थे। मूल रूप से स्वर्गीय शुक्ल को हिंदी के प्रसिद्ध निबंधकार के रूप में जाना जाता है। इनके निबंधों में करुणा, क्रोध, रहस्यवाद आदि का अनूठा समावेश है। उनके द्वारा लिखी गई महत्वपूर्ण पुस्तक हिंदी साहित्य का इतिहास से आज भी काल निर्धारण एवं पाठ्यक्रम निर्माण में सहायता ली जाती है। निश्चित रूप से हिंदी साहित्य के क्षेत्र में स्वर्गीय शुक्ल के अमूल्य योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है।
विकास पुरुष थे ललित बाबू : अजय
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवादल के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार ने जयंती पर पूर्व केंद्रीय रेल मंत्री स्वर्गीय ललित नारायण मिश्र को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे विकास पुरुष थे। संयुक्त बिहार के विकास में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है। बहुत कम समय में ही केंद्रीय रेल मंत्री होने के नाते रेल के माध्यम से ललित बाबू ने संयुक्त बिहार के पिछड़ेपन को दूर कर बहुत हद तक विकास का जो मार्ग प्रशस्त किया वह सदैव अविस्मरणीय रहेगा।
मारपीट व छिनतई को लेकर मामला दर्ज
देवघर/संवाददाता। कुंडा थाना क्षेत्र के बांधआगर गांव निवासी नुनदेव यादव ने नामजद आरोपितों के खिलाफ मारपीट कर जख्मी करने व नकदी सहित चांदी का जेवरात छीन लिए जाने को लेकर मामला दर्ज कराया है। दर्ज मामले में पीड़ित का कहना है कि 30 जनवरी की रात उसी गांव के रहने वाले शिवलाल यादव, , चंदन यादव, हीरेन यादव हरवे-हथियार के साथ जबरन घर में घुसकर उसके पिता के साथ मारपीट किया। उस दौरान उनकी पत्नी को कमरे में बंद कर मारपीट कर गले से चांदी की सिकड़ी छीन लिया। साथ ही घर में रखा नौ हजार रुपया भी ले लिया। साथ जान मारने की धमकी भी दिया। मारपीट में घायल पिता व पत्नी का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
विषपान करने से महिला गंभीर
देवघर/संवाददाता। सारठ थाना क्षेत्र निवासी लक्ष्मी देवी को गंभीर हालत में इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्वजनों के अनुसार महिला ने गलती से किसी जहरीले पदार्थ खा ली थी। जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। यहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे वार्ड में शिफ्ट कर दिया। मामले की जानकारी बैद्यनाथधाम ओपी को दे दी गई है।
अवैध बालू लदा दो ट्रैक्टर जब्त
देवघर/संवाददाता। कुंडा थाना की पुलिस ने अवैध बालू लोड कर परिवहन कर रहे दो ट्रैक्टरों को जब्त किया है। जब्त ट्रैक्टरों के इंजन नंबर व निबंधन नंबर की जांच के लिए कुंडा थाना की पुलिस ने यातायात थाना प्रभारी को पत्राचार किया है। जिसमें जिक्र है कि एक फरवरी को सुबह तकरीबन 10 बजे एएसआइ सत्येंद्र कुमार अपनी टीम के साथ गश्ती पर थे। उजाला चौक के समीप पहुंचे। यहां चौक पार कर रहे बालू लोड दो ट्रैक्टरों को पकड़ा गया। लोड बालू के संबंध दस्तावेज की मांग की गई। दोनों ट्रैक्टरों के मालिक ने बालू उठाव से संबंधित पंचायत राज का चलान दिखाया। यातायात थाना क्षेत्र से इंजन व निबंधन नंबर की जांच करने का अनुरोध किया गया है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वाहन जांच अभियान : 51 वाहन से 1.19 लाख रुपए जुर्माना की वसूली
देवघर/संवाददाता। यातायात थाना की पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान कुल 51 वाहनों से जुर्माने के रूप में कुल 1.97 लाख रुपए की वसूली की। इतना ही नहीं पुलिस ने आठ लाइसेंस सहित पांच वाहनों को भी जब्त किया। यातायात पुलिस की ओर से रांगा मोड़, बाजला चौक, बेलाबगान, टाभाघाट आदि इलाके में वाहनों की चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान यातायात नियमों के अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला। साथ ही नियमों का पालन करने का पाठ भी पढ़ाया। वहीं नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
सड़क हादसे में बुजुर्ग घायल
देवघर/संवाददाता। सड़क हादसे में घायल एक बुजुर्ग को इलाज के लिये सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल का नाम रोहन राय है जो सारवां थाना इलाके के बिराजपुर गांव का रहने वाला है। घटना के बाद पूर्व जिला पार्षद चिरंजीवी कुमार ने अपने वाहन से इलाज के लिये उसे सदर अस्पताल पहुंचाया। चिरंजीवी ने बताया कि घायल अपने घर से सामान खरीदने मनीगढ़ी आया था। उसी दौरान एक अनियंत्रित बाइक ने उसे धक्का मार दिया। जिससे उसके सिर एवं पैर में गंभीर चोट आ गयी। इधर सारवां पुलिस ने धक्का मारने वाले बाइक को जब्त कर लिया है।
छिनतई को लेकर मामला दर्ज
देवघर/संवाददाता। जिले के जसीडीह थाना में मारपीट को लेकर मामला दर्ज कराया गया है। यह मामला पदनबेहरा निवासी टुनिया दास ने दर्ज कराया है। कहा है कि पिछले कई वर्षो से गोतिया से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। गावं के ही रामप्रसाद यादव, रामेश्वर यादव, मनीष कुमार, शंकुतला देवी, गीता देवी लाठी डंडा एवं रड लेकर घर पर आकर गाली गलौज करने लगी। जब उनलोगों ने इसका विरोध किया तो सभी लोग एक मत होकर मारपीट करने लगे। मारपीट कर सभी को गंभीर रूप से घायल कर दिया। मारपीट के क्रम में चार भर का चांदी का चेन और कान से कनवाली की छिनतई कर ली। घटना के उपरांत सभी को इलाज के लिये सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
मारपीट कर घायल करने को लेकर केस
देवघर/संसवाददाता। जिले के जसीडीह थाना में मारपीट कर घायल करने को लेकर मामला दर्ज कराया गया है। यह मामला मथुरापुर निवासी समीर यादव ने दर्ज कराया है। कहा है कि सिकलमेट तुरी, कुंदन तुरी, रोहित तुरी उसके जमीन पर लगे पलास के पेड़ को काट रहे थे। जब उसने पेड़ को काटने से मना किया तो सभी लोग एकमत होकर उसके साथ मारपीट करने लगे। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इधर मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गयी है।
घर में चोरी को लेकर मामला दर्ज
देवघर/संवाददाता। जिले के मोहनपुर थाना में घर का ताला तोड़कर चोरी कर लिये जाने को लेकर मामला दर्ज कराया गया है। यह मामला हिरणाटांड़ खरगडीहा निवासी जयदेव कुमार दास ने मामला दर्ज कराया है। कहा है कि एक फरवरी की रात लगभग 2 बजे चोरों ने उसके घर का ताला तोड़कर सिलाई मशीन, मोटर पंप, गुल्लक में रखे लगभग चार हजार रुपए नकद, बच्चा का कपड़ा, कांसा का बर्तन तथा पांच भर का चांदी का सिकड़ी की चोरी कर लिया। मामला दर्ज कर मोहनपुर पुलिस छानबीन में जुट गयी है।