बरहेट। संवाददाता। थाना क्षेत्र के सनमनी पहाड़ में वन विभाग की टीम ने शनिवार की देर रात अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने सेमल की 53 बोटा लकड़ी जब्त करने में सफलता प्राप्त की। जानकारी के अनुसार सनमनी आमटोला पहाड़ पर सेमल के पेड़ों को काटकर तस्करी के लिए रखा गया था। बरहेट के वनरक्षी पप्पू कुमार यादव ने बताया कि सनमनी गांव से सटा आमटोला पहाड़ में लकड़ी का बोटा पड़े होने की गुप्त सूचना मिली थी। छापामारी में पहाड़ के अलग-अलग जगह से कुल 53 बोटा लकड़ी जब्त किया गया है। इधर जब्त लकड़ी को बरहेट वन कार्यालय लाया गया। मामले में वन अधिनियम के तहत अज्ञात चोर पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। छापामारी में वनरक्षी पप्पू कुमार यादव, राजेश टुडू, प्रेम कुमार साह, राणा रणजीत कुमार चौधरी सहित अन्य वन कर्मी मौजूद थे।
रणधीर वर्मा ट्रॉफी के लिए खिलाड़ियों का हुआ ट्रायल
साहिबगंज। संवाददाता। जेएससीए के तत्वावधान में आयोजित होने वाले रणधीर वर्मा ट्रॉफी सीनियर में भाग लेने के लिए रविवार को सिद्धू-कान्हू स्टेडियम में जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में खिलाड़ियों का ट्रायल लिया गया। जिला क्रिकेट संघ के सचिव अंकुर सिन्हा ने बताया कि निबंधित लगभग 25 खिलाड़ियों का आधार कार्ड, माता-पिता का वोटर कार्ड एवं मैट्रिक के प्रमाणपत्र की जांच भी की गई। मौके पर जेएससीए डिस्ट्रक्टि सब कमेटी चेयरमैन चंदेश्वर प्रसाद सिन्हा उर्फ बोदी सिन्हा, अशफाक, गोपाल सिंह, प्रभाकर सिंह उर्फ गुड्डा, सुधीर राणा, राकेश रोशन, सागर सुमन सहित अन्य मौजूद थे।
दो महीने बाद फिर चार पहिया वाहन में बरामद हुआ बम, फैली सनसनी
-पुलिस ने जब्त किया कार व बम
राजमहल। संवाददाता। थाना अंतर्गत मंगलहाट, नया बस्ती में एक चार पहिया वाहन से 2 महीने बाद पुन: दो जिंदा बम मिलने से सनसनी फैल गई। मिली जानकारी के अनुसार रविवार को नया बस्ती निवासी लक्ष्मी नारायण मंडल ने अपने चार पहिया वाहन में देखा कि वहां दो बम पड़ा है। उसने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नया बस्ती गांव पहुंच पुलिस ने वाहन संख्या जेएच 18एच 6211 सहित बम को जब्त कर लिया है। पुलिस अब बरामद बम को डिफ्यूज करने की प्रकिया में लगी है। वहीं एक ही व्यक्ति के वाहन से दो बार बम की बरामदगी से आसपास के लोगों में दशहत है। ज्ञात हो कि बीते 02 दिसंबर, 23 को भी नया बस्ती निवासी लक्ष्मी नारायण मंडल ने अपने चार पहिया वाहन से दो बम बरामद होने को लेकर अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उसने पुलिस को बताया था कि बीते 01 दिसंबर को घर के बाहर ऑल्टो कार खड़ी थी। सुबह जब आकर देखा तो कार के नीचे झोला में 02 बम रखा हुआ था। जो उसे किसी केस में फंसाने या जान मारने की नीयत से रखा गया था। जिसके बाद उसने अज्ञात अपराध कर्मियों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की थी। तब मामले को लेकर थाना कांड संख्या 301/23 के तहत अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज हुई थी। प्रभारी थाना प्रभारी अमन कुमार ने बताया कि पुलिस दोनों मामलों को जोड़कर कड़ी तलाश रही है। बम बरामदगी की गुत्थी जल्द ही सुलझा ली जाएगी।
बम व बमबारी के लिए कुख्यात है इलाका
राजमहल व तालझारी थाना क्षेत्र का कई इलाका बम व बमबारी के लिए कुख्यात माना जाता रहा है। अभी हाल में 15 सितंबर, 2023 को राजमहल थाना क्षेत्र के डेढ़गामा निवासी सुबेश मंडल (44) की स्कॉर्पियो पर मसकलैया, चपाल गांव के पास 02 बाइक पर सवार अपराधियों ने बम से ताबड़तोड़ हमला किया था। पूरा क्षेत्र बम के धमाकों से गूंज उठा था। वहीं 06 जनवरी, 2012 को राजमहल व्यवहार न्यायालय में 05 अपराध कर्मियों ने न्यायालय में पेशी के बाद हाजत लौटने के क्रम में सुबेश मंडल के ऊपर कोर्ट परिसर में ही बमों से हमला कर दिया था।
निवर्तमान एसडीओ को दी गयी भावभीनी विदाई
राजमहल। संवाददाता। निवर्तमान अनुमंडल पदाधिकारी रोशन कुमार शाह के स्थानांतरण होने पर शनिवार की देर संध्या निरीक्षण भवन में समारोह आयोजित कर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। इस दौरान रोशन साह का माल्यार्पण कर उन्हें अंग वस्त्र, मोमेंट, बुके व उपहार देकर सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। उनके व्यवहार, उम्दा कार्य शैली के लिए सभी वक्ताओं ने सराहना की। रोशन शाह ने भी अनुमंडल क्षेत्र में मिले स्नेह के लिए सबका आभार प्रकट किया। वहीं इस अवसर पर नए अनुमंडल पदाधिकारी कपिल कुमार का भी बुके देकर स्वागत किया गया। मौके पर सीओ अशोक कुमार सिन्हा, उधवा बीडीओ सह सीओ विशाल पांडेय, ईओ स्मिता किरण, अर्जुन कुमार, मणिलाल मंडल, पीयूष मिश्रा, राजा सिंह, दिलीप कुमार सहित कई कार्यालयों के पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।
आजसू पार्टी की हुई बैठक
राजमहल। संवाददाता। निरीक्षण भवन में रविवार को आजसू पार्टी की बैठक हुई। जिसकी अध्यक्षता कार्यकारी जिला अध्यक्ष अनुप रंकराज ने की। इस दौरान मुख्य अतिथि पार्टी के केंद्रीय सचिव केदार महतो ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पार्टी को मजबूती प्रदान करने को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिया। मौके पर अजय प्रसाद महतो, ब्रह्मदेव मंडल, इन्द्रदेव राय, श्यामल मंडल, अनूप मंडल, सलीम खान, निरंजन राय सहित अन्य कार्यकर्ता थे।
विभिन्न मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा किये जाने पर जताया बाबूलाल का आभार
राजमहल। संवाददाता। हिंदू धर्म रक्षा मंच के केंद्रीय अध्यक्ष संत कुमार घोष ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के पार्टी के विभिन्न मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा, प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू के माध्यम से किये जाने पर बाबूलाल मरांडी का आभार जताया है। वहीं उन्होंने नव मनोनीत भाजपा महिला मोर्चा के अध्यक्ष आरती सिंह, किसान मोर्चा के अध्यक्ष पवन साहू, युवा मोर्चा के अध्यक्ष शशांक राज, ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष अमरदीप यादव, अनुसूचित जाति मोर्चा के किशुन दास, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के अध्यक्ष शिवशंकर उरांव, अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष अनवर हयात को बधाई व शुभकामनाएं दी है।
मूलनिवासी संघ ने चलाया सदस्यता अभियान
साहिबगंज/संवाददाता। शहर के कुलीपाड़ा, दहिया टोला स्थित अम्बेडकर भवन में मूल निवासी संघ ने सदस्यता अभियान चालया। इस दौरान सेवानिवृत्त कर्मी भरत यादव एवं पहलवान किस्कू ने मूलनिवासी संघ की सदस्यता ग्रहण की। पदाधिकारियों व सदस्यों ने दोनों का फूल माला पहना कर व शॉल व बुके देकर स्वागत किया। वहीं कई अन्य लोगों ने भी संघ की सदस्यता ली। इस दौरान संघ को मजबूत करने को लेकर सदस्यों ने अपने विचार रखे। मौके पर बालदेव उरांव, विभीषण पासवान, फूलकुमार रजक, चंद्रशेखर मंराडी, विपीन शर्मा, आदित्य नारायण, अनिल पासवान, मानव पासवान, राजेश हरि, योगेन्द्र पासवान, रेजा आलम, विश्वराज मंडल, कोरनेलियस सोरेन, रामस्वरूप यादव, परशुराम सिंह, राजीव उरांव, अमृत उरांव, सत्य प्रकाश, श्याम दास, धीरेन्द्र मंडल, नवल किशोर पासवान सहित अन्य मौजूद थे।
कैंसर से बचने के लिए जीवन शैली व खानपान में लाएं सुधार : सीएस
-विश्व कैंसर दिवस पर कार्यक्रम
साहिबगंज। संवाददाता। शहर के पुराना सदर अस्पताल परिसर में रविवार को विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग ने कार्यक्रम का आयोजन किया। उद्घाटन सिविल सर्जन डॉ. अरविंद कुमार सहित अन्य ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान सीएस ने कहा कि जागरूकता से ही कैंसर को रोका जा सकता है। धूम्रपान और तंबाकू मुंह के कैंसर का बड़ा कारण है। महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर व गर्भाशय कैंसर हो रहे हैं। कहा कि लोग अपनी जीवन शैली व खानपान में सुधार लाकर कैंसर से बच सकते हैं। मौके पर डॉ. किरण माला, डॉ. भारती, डॉ. रणविजय, डॉ. वंदना कुमारी, डॉ. फरोग हसन, डीडीएम अमित कच्छप, जिला वीबीडी सलाहकार डॉ. सतीबाबू डॉ. बडा, डॉ. भारती कुमारी, डॉ. मुकेश कुमार, डॉ. राजेश कुमार, डॉ. अखिलेश कुमार, डॉ. अमित, पीतांबर कुमार, शिवम कुमार, बीपीएम मनोज कुमार, बीडीएम शादाब, बीएम मंजुला कुमारी, सोमनाथ, मुनीजी पांडेय, ललित कुमार, रंजना मालतो सहित अन्य थे।
रेलवे प्लेटफॉर्म से वृद्ध का शव बरामद
साहिबगंज। संवाददाता। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर स्थित पार्सल कार्यालय के निकट रविवार को रेल पुलिस ने एक वृद्ध का शव बरामद किया है। मृतक की पहचान मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र के बड़तल्ला निवासी बिटलो पहाड़िया (80) के रूप में हुई है। मृतक के पुत्र फागु पहाड़िया ने बताया कि उनके पिता रविवार की सुबह कटुआ पेसेंजर ट्रेन से साहिबगंज सप्ताहिक हाट करने आये थे। इधर रेल पुलिस ने पोस्टमार्टम करा शव को परिजनों को सौंप दिया। वहीं यूडी केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
शांति समिति की बैठक
तालझारी। संवाददाता। सरस्वती पूजा को लेकर तालझारी थाना परिसर में रविवार को शांति समिति की बैठक हुई। अध्यक्षता बीडीओ सह सीओ सालखु हेंब्रम ने की। मौके पर थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सुधांशु, तालझारी पंचायत के मुखिया दुर्गा किस्कू, लखन पंडित, प्रद्युम्न साह, जहांगीर उर्फ मुन्ना, छट्टू प्रसाद, दिनेश पंडित सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
संघर्ष समिति ने उठाई आवाज
तीनपहाड़। संवाददाता। तीनपहाड़ विकास संघर्ष समिति के प्रतिनिधि मंडल ने रविवार को रेलवे के अधिकारियों से मिलकर स्टेशन परिसर में फैली गंदगी व यात्रियों की अन्य समस्याओं से अवगत कराया। वहीं टीआई नितेश कुमार व आरपीएफ इंस्पेक्टर प्रशांत भट्टाचार्य ने समिति के साथ मिलकर स्टेशन परिसर में स्वच्छता अभियान चलाने व अन्य समस्याओं के समाधान करने की बात कही। मौके पर स्टेशन प्रबंधक एमके सिंह, समिति के अध्यक्ष अनिल सरकार, मुर्शिद राजा, अमरेंद्र सिंह, नाजिम लड्डु, ताराचंद यादव, अनीस, नईम, शाहिद रिजवी, वकार, आफताब आलम, सुजीत राय, आकाश टिंकू, सरफराज, संजय चौधरी सहित अन्य मौजूद थे।
मजदूर की केरल में मौत
तालझारी। संवाददाता। थाना क्षेत्र के मसकलैया, फतेहपुर निवासी मजदूर शंभू कुमार मंडल (54) की केरल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक के अनुसार शंभू कुमार मंडल कुछ दिन पहले ही गांव के अन्य लोगों के साथ काम करने के लिए केरल गया था। शनिवार को उसके परिजनों को सूचना मिली कि अचानक पेट में दर्द होने की शिकायत पर उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उसके शव को केरल से घर लाया जा रहा है।
एप्पल, बेर की खेती से अच्छी कमाई कर खुशहाल हो रहे किसान
मंडरो। संवाददाता। झारखंड-बिहार सीमा अंतर्गत राजगांव अराजी पंचायत के सवैया गांव के किसान नवल सिंह पिछले कई सालों से एप्पल बेर की खेती कर लगभग सालाना 03 लाख रुपए कमा रहे हैं। किसान नवल सिंह ने बताया कि लगभग एक एकड़ में एप्पल बेर की खेती कर रहे हैं। एप्पल बेर की खेती में बहुत ही कम लागत लगता है। फरवरी व जुलाई माह में इसका रोपण होता है। एक वर्ष बाद इसकी पैदावार शुरू हो जाती है। नवल सिंह को बिहार के राज्यपाल व सीएम सम्मानित कर चुके हैं। इधर बेर की खेती देखने पहुंचे मंडरो भाजपा पूर्व प्रखंड अध्यक्ष सह पूर्व बीस सूत्री अध्यक्ष अजय कुमार भगत उर्फ लड्डू भगत ने किसान नवल सिंह का आत्मविश्वास व मनोबल बढ़ाया। अजय कुमार भगत उर्फ लड्डू भगत ने सरकार से झारखंड में बेर की खेती को बढ़ावा देने की मांग की।
सड़क सुरक्षा के लिए किया जागरूक
तालझारी। संवाददाता। तालझारी थाना परिसर में रविवार को बीडीओ सालखु हेंब्रम व थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सुधांशु ने सड़क सुरक्षा अभियान को लेकर ग्रामीण, समाजसेवियों, टेंपो चालक, मोटरसाइकिल चालक सहित गणमान्य लोगों को जागरूक किया। प्रजापति प्रकाश बाबा ने लोगों को विस्तार पूर्वक जानकारी दी। मौके पर प्रद्युम्न साह, लखन पंडित, दिनेश पंडित, छट्टू प्रसाद एवं जहांगीर उर्फ मुन्ना सहित अन्य मौजूद थे।