- ऐतिहासिक पहलुओं से कराया गया अवगत
देवघर/वरीय संवाददाता। राष्ट्रीय आविष्कार अभियान एवं नवाचार के अंतर्गत उच्च प्राथमिक कक्षा-छह से आठ के विद्यार्थियों को जिला में दर्शनीय, ऐतिहासिक स्थलों, विज्ञान केन्द्रों इत्यादि का भ्रमण कराया गया।
विभिन्न प्रखंडों से आए 150 विद्यार्थियों को सवर्प्रथम नौलखा मंदिर का भ्रमण कराया गया और वहां का इतिहास बताया गया। 146 फीट ऊंचे भव्य मंदिर का निर्माण पश्चिम बंगाल के पथुरिया घाट राज घराने की रानी चारूशिला द्वारा 1941 में कराया गया था। नौलखा मंदिर परिसर में सैर के बाद विद्यार्थियों को बालनंद आश्रम स्थित रामनिवास कुटीर ले जाया गया जहाँ मौजूद पुरोहित द्वारा श्री गुरु संत बालानंद ब्रहचारी जी के जीवन से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गयी।
तत्पश्चात अटल स्मृति पार्क एक रमणिक स्थल का बच्चों ने आनंद उठाया। विद्यार्थियों को कृषि विज्ञान से संबंधित जानकारी देने की सोच से कृषि विज्ञान केन्द्र, सुजानी का भ्रमण भी कराया गया जहां डॉ राजेन्द्र ओझा द्वारा बच्चों को विभिन्न कृषि प्रणालियों के अंतर्गत कृषि प्रौद्योगिकी का स्थान, विशिष्टता की पहचान, मिट्टी जांच के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गयी। अंतत: रोहिणी स्थित शहीद स्थल में भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के तीन जांबाज सिपाही सलामत अली, अमानत अली और शेख हारून जी के बलिदान के बारे में बच्चों को बताया गया जिससे बच्चों में देशभक्ति की भावना जागृत हो। इस शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम को सुरक्षित, सफल बनाने में बालिका शिक्षा प्रभारी आभा मंडल, जिला साधनसेवी मधु कुमारी एवं सुनीता होरो, फील्ड मैनेजर राम सागर सिंह चौधरी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी देवीपुर वीणा हेलेन टुडू, मवि विवेकानंद की सहायक शिक्षिका श्वेता शर्मा, विभिन्न प्रखंडों से शिक्षक, शिक्षिका मो मुजाहिद, मो. रजा, मो. मुजफ्फर, संजय प्रसाद एवं पुष्पा देवी का विशिष्ट योगदान रहा।
उमा नलिनी ब्रह्म सरस्वती विद्या मंदिर के 10वीं के छात्रों को दी गई विदाई
देवघर/वरीय संवाददाता। मंगलवार को उमा नलिनी ब्रह्म सरस्वती विद्या मंदिर कुंडा देवघर में कक्षा दसवीं के छात्रों का विदाई समारोह आयोजित किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय प्रबंधक रविशंकर चौधरी उपस्थित थे। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रधानाचार्य मुकुल कुमार, विद्यालय प्रबंधन समिति कोषाध्यक्ष अभय कुमार, मनीष कुमार एवं आचार्यों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। उसके बाद विद्यालय के भैया बहनों द्वारा विविध कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। श्री चौधरी ने भैया-बहनों को जीवन में आगे बढ़ने और अपनी मंजिल प्राप्त करने के गुर समझाये। भैया-बहनों को संबोधित करते हुए श्री चौधरी ने कहा कि आप सभी सौभाग्यशाली है की आपने विद्या भारती के विद्यालय से स्कूली शिक्षा प्राप्त की है। यहां पढ़ाई के अलावा संस्कृति एवं संस्कार की भी शिक्षा मिलती है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मुकुल कुमार ने भैया-बहनों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि आशा है आप अच्छे अंकों से उत्तीर्ण करेंगे एवं विद्यालय का नाम ऊंचा रखेंगे। भैया-बहनों को विद्यालय का अभिन्न अंग बताया। विद्यालय प्रबंधन के तरफ से भैया-बहनों को उपहार एवं कलम देकर उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के आचार्य नीलकंठ, चंदन, अंबिका जी, पद्मकांत जी, बिन्दु दीदी, काशी सेन, आर्को घोष, खुशबू दीदी एवं प्रीति उपस्थित थे।
भारत विकास परिषद ने मातृ मंदिर बालिका विद्यालय में लगाया एनीमिया कैंप
देवघर/वरीय संवाददाता। मंगलवार को राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भारत विकास परिषद की देवघर शाखा ने स्थानीय सीएम एसओई मातृ मंदिर बालिका प्लस टू स्कूल में एनीमिया जागरूकता, हीमोग्लोबिन जांच एवं दवा वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में वर्ग 6 से 11 तक की उपस्थिति लगभग डेढ़ सौ बच्चियों का हीमोग्लोबिन जांच कर उन्हें आयरन की गोली और सिरप के एक महीने का डोज वितरित किया गया। कैंप के आयोजन में स्वास्थ्य विभाग देवघर और जनता मेडिकल, देवघर ने सहयोग किया।
इससे पहले गाइनेकोलॉजिस्ट डॉक्टर शिवांगी एवं डॉक्टर गोपाल वर्णवाल ने विद्यालय के कक्षा 6 से 11वीं तक के बालिकाओं को एनीमिया और रक्त की कमी से बचने के लिए जागरूक किया। एनीमिया किन-किन कारणों से हो सकती है तथा एनीमिया से बचने और उचित एवं आवश्यक खान-पान के बारे में विस्तार से बताया गया। परिषद की सेवा प्रकल्प की संयोजक डॉक्टर नीतू ने बच्चियों को न सिर्फ एनीमिया के बारे में जानकारी दी बल्कि उन्हें दातों की सुरक्षा और उचित देखभाल के बारे में भी बताया। उन्हें अपने घरों के सदस्यों को तंबाकू और गुटका सेवन नहीं करने के लिए प्रेरित करने को भी कहा। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत विकास परिषद शाखा के अध्यक्ष आलोक मल्लिक, संरक्षक डॉक्टर गोपाल वर्णवाल, सेवा प्रकल्प की संयोजक डॉक्टर नीतू अग्रवाल, शाखा सचिव बिलास भुइयां, वित्त सचिव रंजीत बरनवाल, संगठन सचिव बिपिन मिश्र एवं अतिथि के रूप में विद्यालय की प्राचार्य बिशु किरण, गाइनेकोलॉजिस्ट डॉक्टर शिवांगी और पंडा धर्मरक्षिणी सभा के उपाध्यक्ष संजय मिश्रा ने भारत माता और परिषद के ध्येय पुरुष स्वामी विवेकानंद की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया।
शाखा अध्यक्ष आलोक मल्लिक ने बताया कि पिछले वर्ष से ही 13 फरवरी को भारत कोकिला डॉक्टर सरोजिनी नायडू के जन्मदिवस के अवसर पर राष्ट्रीय महिला दिवस मनाए जाने का निर्णय लिया गया है। भारत विकास परिषद की राष्ट्रीय समिति ने देश भर में आज राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम के अंतर्गत पूरे देश के सभी शाखाओं को एनीमिया कैंप आयोजित करने का निर्देश दिया था और इसी आलोक में आज यह कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि डॉक्टर सरोजिनी नायडू स्वतंत्रता आंदोलन की अग्रणी नेता, विलक्षण कवि, गायिका और बेहतरीन सामाजिक कार्यकर्ता थी। वह स्वतंत्र भारत की पहली महिला राज्यपाल भी थी। विद्यालय की प्राचार्य बिशु किरण ने कहा कि सरोजनी नायडू महिलाओं के जीवन स्तर को सुधारने में राष्ट्रीय स्तर पर काफी गंभीर प्रयास करती रही थी। आज उन्हीं के प्रेरणा से परिषद द्वारा हमारे विद्यालय में कराए जा रहे इस एनीमिया कैंप से बच्चियां लाभान्वित हो रही है। उन्होंने बच्चियों और विद्यालय की महिला शिक्षकों और कर्मियों की भी हीमोग्लोविन जांच और आयरन की गोली वितरण करने के लिए परिषद को विद्यालय की ओर से आभार प्रकट किया। सचिव एस पी भुईयां बिलास ने बताया कि भारत विकास परिषद द्वारा पूरे देश में 10 फरवरी से 15 फरवरी तक राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एनीमिया सहित अन्य कार्यक्रम कराए जा रहे हैं। देवघर शाखा आज के इस एनीमिया कैंप के अलावा कल 14 फरवरी को परिषद के वरिष्ठ सदस्य कंचन शेखर के संयोजन में महिलाओं के लिए रोजगारोन्मुखी 15 दिवसीय ब्यूटीशियन प्रशिक्षण का शुभारंभ भी करेगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं में भी एनीमिया के प्रति जागरूकता के लिए कोरियासा में 15 या 16 फरवरी को एक और कैंप आयोजित करेगी।
बसंत पंचमी आज, बाबा बैद्यनाथ का होगा तिलक
- मिथिला से आए भक्तों की टोली चढ़ाएंगे अबीर गुलाल, खेलेंगे होली
- काफी प्राचीन है बसंत पंचमी का मेला
देवघर/वरीय संवाददाता। सावन-भादो के अलावा देवाधिदेव महादेव की नगरी देवघर में बसंत पंचमी का मेला अति प्राचीन है। मिथिलावासी बसंत पंचमी पर बाबा बैद्यनाथ को तिलक चढ़ाने की परंपरा का निर्वहन वर्षों से करते आ रहे हैं।
इस बार भी मिथिलावासियों से शहर का कोना-कोना गुलजार हो रहा है। कहीं भी तिल रखने की जगह तक नहीं है। यहां के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के परिसर व बस स्टैंड सहित जितने भी खाली मैदान थे, मिथिलावासियों से भरे पड़े हैं। बुधवार को बसंत पंचमी है सो, कांवर के जल के साथ साथ अबीर-गुलाल अर्पित कर महाशिवरात्रि के दिन बारात लेकर आने का निमंत्रण देंगे। यह परंपरा वर्षो से चली आ रही है। बसंत पंचमी को होने वाली भीड़ को देखते हुए शुक्रवार से ही प्रशासनिक इंतजाम भी बढ़ा दिए गए। लंबी कतार से कई रास्ते अवरुद्ध हो गए हैं।
कांवरियों से पटा शहर : मंगलवार से शहर का कोना-कोना शिवभक्तों से पट गया। बाबा के दर्शन को उमड़ी भीड़ सुबह तीन बजे से ही कतारबद्ध हो चुकी थी। दबाव को देखते हुए कतार में सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया गया था। बाबा मंदिर का पट खुलने के पहले ही भक्त कतारबद्ध होने लगे थे। प्रशासन की कोशिश यह रही कि क्यू सिस्टम से सुविधाजनक तरीके से पूजा-अर्चना कराई जाए।
बज रही डफली : कांवरियों का जत्था जगह-जगह बैठकर शिव धुन में रमे हुए हैं। भगवान शंकर को रिझाने की कोशिश में वह कभी-कभी उठकर नाचने भी लगते हैं। मंदिर के आसपास की गलियों व कांवरिया रूट में भक्ति का मनोरम वातावरण देखने को मिल रहा है।
आज भैरव पूजा के बाद होगा यात्रा का समापन : तिलक पूजा के लिए घर से निकले इन तिलकहरु के लिए हर दिन खास होता है। रात में एक बार भोजन बनता है। इसके पहले रास्ते में भैरव की पूजा होती है। इन लोगों का मानना है कि इस महायात्रा को सफल बनाने में भैरव की खास कृपा होती है। भैरव भी भोलेनाथ का ही रूप है। हर ज्योर्तिलिंग में बाबा के आने के पहले भैरव आये और भक्तों को संरक्षित करने की जिम्मेदारी उठायी तब भोलेनाथ ने उठाया था।
तिलक पर चढ़े गुलाल से होगी पहली होली : बसंत पंचमी के दिन भैरव पूजा के बाद से ही मिथिलांचल की होली प्रारंभ हो जाती है। बसंत पंचमी के दिन बाबा बैद्यनाथ पर जलार्पण करने के बाद सभी अपने ठहराव स्थल पर पहुंचेंगे, जहां भैरव पूजा के दौरान भैरव को गुलाल अर्पित कर प्रिय भोग लड्डू चढ़ाने के बाद ढोल एवं करताल की भी पूजा होगी। इस्टेट पुरोहित श्रीनाथ पंडित सरदार पंडा को बाबा की तिलक पूजा करायेंगे।
बाबा बैद्यनाथ के विशेष पूजा कर आरती आदि के उपरांत गुलाल अर्पित कर सरदार पंडा श्रृंगार पूजा के लिए गर्भगृह प्रवेश करेंगे। यहां पर बाबा को चंदन आदि लगाने के बाद बाबा को गुलाल चढ़ाया जाएगा। गुलाल चढ़ाने की यह परंपरा होली फाल्गुन मास पूर्णिमा तक जारी रहेगी। बुधवार को बसंत पंचमी के दिन अहले सुबह बाबा मंदिर खुलने के बाद दैनिक कांचा जल पूजा शुरू होगी।ि फर सरदारी पूजा के बाद आम भक्तों के जलार्पण के लिए मंदिर का पट खोल दिया जायेगा। शाम में मंदिर का पट श्रंृगार पूजा के लिए खोला जाएगा।
तिलकहरु के बीच जूस का वितरण
देवघर/वरीय संवाददाता। मंगलवार को बाबा बैद्यनाथ वेलफेयर सोसाइटी द्वारा कांवरिया पथ खिजुरिया में एक अस्थाई नि:शुल्क सेवा शिविर चलाया गया। जिसमें हजारों कांवरियों के बीच डाबर कंपनी द्वारा प्रदत्त जूस का पैकेट पैदल आ रहे हैं कांवरिया को नि:शुल्क प्रदान किया गया। इस अवसर पर संस्था सचिव डॉ मनोज कौशिक ने बताया की आगे से जो तिलकहरु बाबा बैद्यनाथ के लिए तिलक लेकर आए हैं उन्हें यह चलंत सेवा 15 तारीख तक जारी रहेगा। सभी भक्तों का हरसंभव सेवा संस्था की ओर से किया जाएगा। उन्होंने कहा शिवभक्तों की सेवा करने से शिवभक्ति प्राप्त होता है। इस मास कोई भी शिविर नही रहने से भक्तों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ता है। ऐसे में उनका शिविर भक्तो को थोड़ी राहत जरूर देगी। मौके पर डॉ कुमारी पल्लवी, छोटू कुमार, राजेश रोशन, महादेव दत्त, बंटी कुमार एवं शिवांश गौरव मौजूद थे।
अनियंत्रित ऑटो पलटने महिला गंभीर रूप से घायल
देवघर/संवाददाता। जिले के देवीपुर थाना क्षेत्र के तिलोनामोड़ के पास एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। घटना मंगलवार की सुबह की बताई जाती है। इस घटना में एक बुजुर्ग महिला घायल हो गई। घायल का नाम लेबो देवी है जो देवीपुर थाना क्षेत्र के चौधरीडीह की रहने वाली है। घटना की बाबत परिजनों बताया कि वह अपने पोते के साथ ऑटो से शंकरपुर स्टेशन ट्रेन पकड़ने जा रही थी। उसी दौरान ऑटो तिलौना मोड़ के पास अनियंत्रित होकर पलट गया है। इस घटना में लेबो देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे 108 नंबर की एम्बुलेंस से इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
बंद घर का ताला तोड़कर हजारों की संपत्ति की चोरी
देवघर/संवाददाता। जिले के कुंडा थाना इलाके में चोरों ने बंद घर का ताला तोड़कर हजारों रुपए की संपत्ति चोरी कर ली। इसे लेकर बैद्यनाथ नगर नैयाडीह निवासी नंदलाल कुमार दास ने कुंडा थाना में आवेदन देकर शिकायत की है। घर में चोरी करने जाते तीन की संख्या में चोर की तस्वीर सामने के घर में लगे सीसीटीवी में कैद हो गया है। पुलिस को दिए आवेदन में नंदलाल ने कहा है कि 12 फरवरी को घर में ताला बंद कर परिवार के साथ ससुराल चला गया था। 13 फरवरी को आसपास के लोगों ने फोन पर घर में चोरी हो जाने की सूचना दी। जानकारी मिलते ही वह घर पहुंचा तो देखा कि घर का मेन गेट का ताला टूटा हुआ है। अंदर कमरे में गया तो पाया कि सारे बक्शे एवं अलमीरा का ताला टूटा हुआ है। जिसमे रखे 20 हजार नकद, 15 भर चांदी का जेवर और 21 इंच का टीवी बर्तन एवं कपड़ा गायब था। इधर कुंडा पुलिस आवेदन लेकर मामले की छानबीन में जुट गई है।
रिखिया गोली कांड में एक हिरासत में
देवघर/संवाददाता। रिखिया थाना क्षेत्र के देवघर- दुमका मुख्यमार्ग पर महेशमारा ओवरब्रिज के पास सोमवार की देर शाम को बाइक सवार बदमाशों ने आमगाछी गांव निवासी अरुण कुमार यादव पर गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस मामले में रिखिया पुलिस एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ करने में जुटी है। सूत्रों की माने तो अरुण पर यह हमला जमीन मामले को लेकर की गयी है। हालांकि पुलिस इस मामले में कुछ बताने से गुरेज कर रही है। बताते चलें कि अरूण यादव को गंभीर अवस्था में इलाज के लिये रात को पहले देवघर सदर अस्पताल लाया गया। जहां उसका प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिये धनबाद रेफर कर दिया गया। उसके पीठ पर गोली चलायी गयी थी। गोली उसके शरीर के अंदर ही फंसी है। बताया जाता है कि अरूण देर शाम को देवघर से वापस अपने घर आमगाछी जा रहा था। उसी दौरान महेशमारा ओवरब्रिज के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसपर गोली चला दी और फरार हो गये। भागने के क्रम में स्थानीय लोगों ने एक संदिग्ध को पकड़ लिया उसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। रिखिया पुलिस उक्त संदिग्ध से लगातार पूछताछ करने में जुटी है।
दो लोगों से आठ हजार की छिनतई में एक धराया
देवघर/संवाददाता। नगर थाना इलाके में राह चलते लोगों से छिनतई की घटना बढ़ती जा रही है। हर दिन बस स्टैंड इलाके में यात्रियों से छिनतई की घटना को अंजाम दिया जा रहा है, लेकिन नगर पुलिस के कान में जूं तक नहीं रेंगती है। पब्लिक के भरोसे पुलिस चल रही है। नगर थाना इलाके झरना चौक के पास सोमवार की देर शाम को मारपीट कर एक व्यक्ति से 6500 रुपए की छिनतई कर ली गयी। इसे लेकर कुंडा थाना क्षेत्र के तपोवन निवासी चन्द्रदेव राय ने नगर थाना में आवेदन देकर शिकायत की है। कहा है कि वह देर शाम को 8.30 के आसपास शौच के लिये प्राइवेट बस स्टैंड के पास गया था। उसी दौरान तीन युवक आया और मारपीट कर पॉकेट से जबरन 6500 रुपए निकाल लिया और फरार हो गये। दूसरी घटना मंगलवार की सुबह की है। कास्टर टाउन निवासी कृष्णानन्द गुप्ता आरएल सर्राफ स्कूल के बाहर फोल्डिंग लगाकर रेडीमेड कपड़े बेचने का कार्य करता है। सुबह 9 बजे के करीब क्लब ग्राउंड निवासी रघु धपरा चार अज्ञात लड़के के साथ वहां पहुंचा गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट करने लगा। उसी दौरान दुकान के गल्ला से दो हजार रुपए निकालकर भाग गया। उपरांत वह इसकी शिकायत लेकर नगर थाना पहुंचा। शिकायत देने के बाद वह वापस दुकान पर लौट गया। करीब एक घंटे के बाद रघु धपरा 5-6 की संख्या में अज्ञात युवक को लेकर पहुंचा और धमकी देने लगा की तुम हमलोगों के खिलाफ थाना में शिकायत करता है जान से मार देंगे। उसके साथ आये शाहील धपरा ने उसके दुकान का सामान इधर फेंकने लगा। हो हल्ला सुनकर आसपास के दुकानदार जुटे और शाहिल धपरा को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। नगर पुलिस आवेदन लेकर मामले की छानबीन मेंे जुट गयी है।
घर में तोड़फोड एवं मारपीट मामले में दो गया जेल
देवघर/संवाददाता। कुंडा थाना पुलिस ने घर में घुसकर तोड़फोड़ करने एवं मारपीट के मामले के दो आरोपी को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया। जेल गये आरोपी का नाम रौशन कुमार सिंह बैद्यनाथपुर और प्रताप सिंह बिलासी शिवपुरी का रहने वाला है। दोनों कुंडा थाना कांड संख्या-20/24 का आरोपी था। बताते चलें कि जेल में बंद अपराधी हाथीपहाड़ बंधा निवासी मौसम यादव की मां सत्या देवी ने थाना में बाबा परिहस्त गैंग के सदस्यों पर घर को ध्वस्त करने एवं मारपीट करने के आरोप में मामला दर्ज कराया था। इस मामले में कई लोगों को आरोपी बनाया गया है। जेल गये दोनों को भी मामले में आरोपी बनाया गया था।
आजसू छात्र मोर्चा ने निकाला मशाल जुलूस
देवघर/वरीय संवाददाता। मंगलवार को जेएसएससी सीजीएल परीक्षा में बड़ी मात्रा में हुई धांधली एवं पेपर लीक मामले को लेकर आजसू पार्टी की अनुषांगिक इकाई अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) द्वारा अपनी चार सूत्री मांगों को लेकर देवघर कॉलेज मोड़ से लेकर भुरभुरा मोड़ तक मशाल जुलूस निकाला एवं जेएसएससी अध्यक्ष तथा झारखंड विधानसभा के अवर सचिव का पुतला दहन भी भुरभुरा मोड़ चौक पर किया।
मौके पर सीजीएल परीक्षा में हुई गड़बड़ी की सीबीआई जांच कराने, परीक्षा में हुई धांधली को लेकर विरोध कर रहे निर्दोष छात्रों पर हुए प्राथमिकी को अविलंभ वापस लेने, झारखंड चयन आयोग के अध्यक्ष सहित गड़बड़ी में शामिल सभी अधिकारियों को बर्खास्त करने, गलत तरीके से चयनित परीक्षा एजेंसी को काली सूची में डालने एवं झारखंड नकल कानून के तहत कानूनी कार्यवाही करने की बात कही गई है। मौके पर आजसू पार्टी देवघर जिला कमेटी के पदाधिकारी गण, अखिल झारखंड छात्र संघ के पदाधिकारी गण समेत तीनों कॉलेज देवघर कॉलेज, एएस कॉलेज एवं बाजला कॉलेज के छात्र-छात्राओं द्वारा सैकड़ों की तादात में चार सूत्री मांगों के समर्थन में मशाल जुलूस में शामिल थे।