-सिकल सेल एनीमिया है आनुवांशिक रोग : एएनएम
गोड्डा। संवाददाता राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन गोड्डा के तत्वावधान में बुधवार को स्थानीय वार्ड नंबर-09 में महिला आरोग्य समिति की बैठक हुई। जिसमें एएनएम रीना कुमारी ने कहा कि सिकल सेल एनीमिया आनुवांशिक रोग है। सिकल सेल रोगी या परिवार को नि:शुल्क परामर्श एवं उपचार उपलब्ध है। जोड़ों में सूजन या दर्द होना, पित्ताशय की पथरी, बार-बार बुखार या जुकाम होना, तिल्ली का बढ़ जाना, लीवर पर सूजन आना, बच्चों का विकास न होना, रोग प्रतिरोधक शक्ति घटने से दूसरी बीमारियों का आसानी से होना आदि, इस बीमारी के लक्षण हैं यदि रोग का निदान न किया जाए तो जरूरी उपचार न मिलने से बचपन में ही बच्चे की मृत्यु हो सकती है। यह सब जानने के पश्चात कुछ बातों पर ध्यान देना जरूरी है जैसे कि विवाह से पहले लड़के और लड़की के खून की सिकल सेल के लिए जांच कराएं। यदि परिवार में किसी भी सदस्य को सिकल सेल एनीमिया हो तो परिवार के सभी सदस्यों के रक्त की सिकल सेल की जांच कराएं। यदि आप स्वयं सिकल सेल रोगी हैं (रक्त की जांच करने के बाद पता चला हो) तो डॉक्टर के पास जब दवा लेने जाएं तब डॉक्टर को अपनी बीमारी की सही जानकारी से अवगत कराएं जिससे आपको जरूरी दवाएं मिल सके और उपचार हो सके। याद रखें सिकल वाहक रोगी नहीं है, परंतु सिकल वाहक (कॅरियर) हैं जबकि सिकल एक रोग है। यह दोनों परिस्थितियां माता-पिता की तरफ से बच्चों को अनुवांशिक मिलती हैं। यदि आपको बार-बार पीलिया होता है, खून की कमी रहती है, जोड़ों में दर्द रहता है या चेहरे पर पीलापन अनुभव करते हैं तो अस्पताल में खून की जांच करवाएं। सिकल वाहक अथवा सिकल रोग वाले व्यक्ति का विवाह दूसरे सिकल वाहक अथवा सिकल रोग वाले व्यक्ति के साथ हुआ हो और स्त्री गर्भवती हो तो बच्चों में यह रोग होगा या नहीं, इस बात की जांच 10 से 12 सप्ताह के गर्भ में से सैंपल लेकर किया जा सकता है। यदि बच्चे की सिकल रोग के साथ पैदा होने की संभावना है तो गर्भपात करवाया जा सकता है। इस मौके में बीटीटी प्रहलाद कुमार, बेबी कुमारी सहिया पूनम देवी एवं महिला आरोग्य समिति के सदस्य एवं वार्ड वासियों ने भाग लिया।
चार दिवसीय 108 कुंडीय राष्ट्र जागरण गायत्री महायज्ञ का आयोजन
-सभी तरह के संस्कार कराए जाएंगे नि:शुल्क उपलब्ध
गोड्डा। संवाददाता आगामी 14 से 17 मार्च तक 108 कुंडीय राष्ट्र जागरण गायत्री महायज्ञ का आयोजन होने जा रहा है। इस चार दिवसीय महायज्ञ का आयोजन एसआर पब्लिक स्कूल के सामने टियोडीह-रामनगर सरकंडा में होगा। गायत्री परिवार के जिला संयोजक भवेंद्र कुमार ने बताया कि युग ऋषि, तपोनिष्ठ, वेदमूर्ति, युगदृष्टा पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य एवं भगवती देवी शर्मा के सूक्ष्म संरक्षण में, मनुष्य में देवत्व का उदय एवं पृथ्वी पर स्वर्ग का वातावरण के संकल्पों को पूरा करने एवं वैचारिक परिशोधन और वातावरण को सुगंधित बनाने, गायत्री एवं यज्ञ के ज्ञान विज्ञान को सशक्त एवं समर्थ बनाने, क्षेत्र एवं राष्ट्र को सुख समृद्ध खुशहाल बनाने तथा सत्प्रवृति संवर्धन एवं दुष्ट प्रवृत्तियों के उन्मूलन के लिए विराट 108 कुंडीय राष्ट्र जागरण गायत्री महायज्ञ का आयोजन आरएस पब्लिक स्कूल के सामने स्थित मैदान में किया जा रहा है। वहीं जानकारी देते हुए यज्ञ समिति के संरक्षक प्रकाश ठाकुर ने बताया कि यज्ञ 14 मार्च को 5001 कलश यात्रा के साथ प्रारंभ किया जाएगा। 17 मार्च को महायज्ञ का समापन होगा। जिसमें सभी तरह के संस्कार नि:शुल्क कराए जाएंगे। वहीं समिति के दूसरे संरक्षक खिरधारी महतो ने बताया कि इस महायज्ञ में शांतिकुंज हरिद्वार से पधारे ब्रह्मवादिनी बहनों की संगीतमय टोली के द्वारा समस्त कार्यक्रम संपन्न कराए जाएंगे, साथ ही उन्होंने सभी लोगों से अनुरोध करते हुए कहा कि समस्त माता, बहनों, भाइयों, बुद्धिजीवियों तथा युवा साथियों को सादर आमंत्रित है कि इस महायज्ञ में अपने इष्ट मित्रों एवं परिवार सहित सम्मिलित होकर अपने जीवन को धन्य बनाते हुए, परिवार एवं राष्ट्र को सुख समृद्ध बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें। यज्ञ समिति के संरक्षक नरसिंह महतो ने लोगों से अनुरोध किया कि वह यज्ञशाला में भारतीय वेशभूषा जैसे पुरुषों के लिए धोती, कुर्ता एवं महिलाओं के लिए साड़ी, सूट में पधारने का अनुरोध किया, साथ ही उन्होंने बताया कि 14 मार्च को प्रात: 08 बजे आयोजित विराट कलश यात्रा सह सद्गुरु ज्ञान गंगा सदग्रंथ शोभायात्रा में पीली साड़ी सूट में अवश्य भाग लें। उन्होंने यह भी बताया कि यज्ञ स्थल पर समस्त संस्कार तथा पुंसवन संस्कार, अन्नप्राशन, नामकरण, विद्यारंभ, मुंडन, विवाह, गायत्री मंत्र दीक्षा सह यज्ञोपवीत संस्कार आदि नि:शुल्क संपन्न कराए जाएंगे। इस दौरान यज्ञ समिति के संरक्षक प्रकाश ठाकुर, खिरधारी महतो, नरसिंह महतो, जिला संयोजक एवं यज्ञ समिति संयोजक भवेंद्र कुमार, उपसचिव नितेश कुमार, अध्यक्ष सरवन कुमार महतो, उपाध्यक्ष प्रदीप शर्मा, कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, उपकोष अध्यक्ष विनोद महतो सहित राकेश रंजन, दिलीप कुमार, विपिन बिहारी, कार्तिक कुमार, कौशल किशोर एवं सक्रिय कार्यकर्ता प्रकाश मांझी, महेश मंडल, श्याम सुंदर, सुनीता शर्मा, संजीव जायसवाल, मालती देवी, किशोर कुमार, मिथिलेश कुमार, अंकेश कुमार, अर्जुन कुमार आदि उपस्थित थे।
विधायक के पहल से मिला नया ट्रांसफॉर्मर
गोड्डा। संवाददाता गोड्डा विधायक अमित मंडल ने पथरगामा प्रखंड अंतर्गत केरवार ग्राम में 100 केवी ट्रांसफॉर्मर और बसंतराय प्रखंड अंतर्गत अईचामोड ग्राम का 25 केवी ट्रांसफॉर्मर निर्गत कराया गया। ट्रांसफॉर्मर खराब हो जाने से ग्रामीणों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। जिसके बाद गोड्डा विधायक को ग्रामीणों ने आवेदन दिया। अनुशंसित आवेदन पत्र बिजली विभाग के प्रतिनिधि गप्पू सिन्हा को दिया गया। जिन्होंने ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध कराया। मौके पर अशोक महतो, रामनाथ महतो, संजय महतो, सारिक खान उपस्थित थे।
क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराने के लिए पदाधिकारी से मिले नगर प्रतिनिधि
गोड्डा। संवाददाता नगर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से नगर परिषद के कार्यपालिका पदाधिकारी गोपी कृष्ण को नगर उपाध्यक्ष वेणु चौबे और वार्ड पार्षद प्रीतम गाडिया ने अवगत कराया। शिवरात्रि को लेकर शिवपुर सहित सभी वार्ड के शिव मंदिर के आसपास सफाई की विशेष व्यव्स्था एवं मंदिर के बारात रूट में खराब लाइट को मरम्मत करवायी जाए। वार्ड 06 के जर्जर सड़क एवं नाले की मरम्मत और लाइट को दुरुस्त करवाया जाए। लोहियानगर नाले की विकट समस्या को हल करने के लिए आग्रह किया गया। नगर पदाधिकारी ने सभी समस्याओं को नोट करते हुए शीघ्र समस्याओं को हल करने का आश्वासन दिया।
ललमटिया कोयला खदान के आसपास रहने वाले मौत के साये में जीने को हैं विवश
ललमटिया। संवाददाता माइन्स में कार्यरत पदाधिकारियों की मनमानी के चलते आमलोग मौत के साये में जीने को मजबूर हैं। मामला ललमटिया कोयला खदान का है जहां हैवी ब्लास्टिंग से अब घर फट कर गिरने लगा है। वहीं ब्लास्टिंग के दौरान अपने ही घर में सोए हुए संतोष कुमार साह के ऊपर छत की प्लास्टर गिर गयी, जिससे वे पूरी तरह जख्मी हो गए। आलम यह है कि इस क्षेत्र के लोगों को अब अपने ही घरों में रहने पर डर सताने लगा है। कब किनका छत उनके सिर पर गिर जाए, इस आशंका से इस इलाके के लोग भयभीत हैं। अब इस इलाके के लोगों के लिए कोयला मौत का खौफनाक मंजर बन चुका है, जिसको लेकर ग्रामीणों में बेहद आक्रोश है। सीरियल ब्लास्ट और उससे उठती कंपन दिल को दहला देने वाली है और इस हैवी ब्लास्टिंग के झटके से इस इलाके में रहने वाले लोगों का घर हिलने लगता है। वहीं पूरे मामले पर घायल संतोष कुमार साह ने बताया अपराह्न 03 बजे खाना खाकर घर में सोए थे, इस दौरान हैवी ब्लास्टिंग हुई जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गया। इस बाबत ललमटिया खदान के पदाधिकारियों का उक्त संदर्भ में कोई बयान नहीं लिया जा सका है।
स्वदेशी रोजगार मेला में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन
महागामा। संवाददाता महागामा ऊर्जानगर स्थित राजेंद्र स्टेडियम में स्वदेशी जागरण मंच गोड्डा के तत्वावधान में चल रहे स्वदेशी रोजगार मेला में बुधवार को सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वहीं कार्यक्रम में डॉ. सुरभी कुमारी, संस्था संचालिका शिवानी समेत अन्य मौजूद थीं। भाषण प्रतियोगिता व संध्या समय में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत संयोजक राजेश कुमार उपाध्याय ने बताया कि प्रतिदिन हो रहे प्रतियोगिता परिणाम की घोषणा मेला के समापन पर तीन मार्च को किया जाएगा। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान प्रांत संयोजक राजेश उपाध्याय ने राष्ट्रभक्ति-देशभक्ति और आत्मनिर्भरता पर भाषण दिया। वहीं इस मेले में विभिन्न राज्य से आये हस्तनिर्मित वस्तुओं का स्टॉल लगा है जहां लोगों की भीड़ देखी जा रही है। प्रांत कोष प्रमुख विष्णु कुमार, विभाग मेला प्रमुख जयशंकर कुमार, प्रांत पूर्णकालिक हिमांशु शेखर, जिला संयोजक अजय चौबे, जिला विचार मंडल प्रमुख सुधांशु शेखर, जिला पूर्णकालिक रौनक कुमार, संजय चौबे आदि के सहयोग से यह मेला का आयोजन एवं व्यवस्था कुशल तरीके से चल रही है।
तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन
गोड्डा। संवाददाता पोडै़या़हाट विधानसभा अंतर्गत ग्राम-मोहानी के स्वर्गीय रघुनाथ यादव की पुण्यतिथि पर तीन दिवसीय खेल फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन उनके छोटे भाई सुशील कुमार यादव एवं आशीष यादव ने सिद्धू-कान्हु हाट मोहानी में किया गया। जिसका उद्घाटन जिला परिषद सदस्य पोड़ैयाहाट पश्चिमी राघवेंद्र सिंह, पूर्व मुखिया सोनी कुमारी, ग्राम-पंचायत अषाड़ी माधुरी, पंचायत समिति सदस्य मिथिलेश यादव, उपमुखिया कुंदन यादव, रामदेव सोरेन पूर्व प्रखंड अध्यक्ष ने किया। वहीं लोगों ने स्वर्गीय रघुनाथ यादव के संदर्भ में कहा कि रघुनाथ यादव गरीब, कमजोर, दबे-कुचले लोगों की आवाज के रूप में समाज में अपनी पहचान बनाई थी। जिसमें एफसी डहुपघार एवं एफसी चोंगा, गोड्डा सेमीफाइनल में पहुंचा। मौके पर उपस्थित रायमन बास्की, रामलाल मुर्मू, मीरूलाल सोरेन, सूरज सोरेन एवं अन्य उपस्थित थे।