-35 बच्चियों को दिया गया कलम, उत्तर पुस्तिका और चॉकलेट
देवघर/नगर संवाददाता। हवाई अड्डा विस्थापित ग्राम नैयाडीह स्थित नारायण सेवा आश्रम अनाथालय में रह रही 35 बच्चियों के बीच रविवार को भारत विकास परिषद बैद्यनाथ धाम शाखा ने निशुल्क उत्तर पुस्तिका, कलम और चॉकलेट वितरित किया। इस बार अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस शिवरात्रि के दिन पड़ जाने के कारण परिषद ने आज के दिन इन बच्चियों के बीच ये कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम की शुरुआत शाखा अध्यक्ष प्रो अरबिंद कुमार झा, शाखा सचिव प्रो राखी रानी एवं प्रांतीय संगठन सचिव संतोष कुमार शर्मा ने भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर व राष्ट्रगीत वंदे मातरम के साथ की।
उपस्थित बच्चियों एवं आश्रम में कार्यरत महिला कर्मियों सहित परिषद कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत जन गण मन गायन के साथ कार्यक्रम संपन्न किया। आश्रम में कार्यरत महिलाओं को अंग पट्टिका और द्वादस ज्योतिर्लिंग चित्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उक्त समारोह में बच्चियों के चेहरे पर मुस्कान देखने लायक थी। इससे उत्साहित होकर उपस्थित सदस्यों ने अपने जन्मदिन, विवाह वार्षिकोत्सव आदि कार्यक्रम इस अनाथ आश्रम के बच्चो के बीच मनाने का संकल्प भी लिया। साथ ही आगामी सत्र 2024-25 के लिए शाखा स्तरीय बैधनाथ धाम शाखा का चुनाव 17 मार्च 24 को संपन्न कराने पर भी सहमति हुई। कार्यक्रम को सफल बनाने में शाखा अध्यक्ष, सचिव सहित डॉ शम्भू नाथ मिश्रा, प्रांतीय संगठन सचिव संतोष कुमार शर्मा, बिपेंदर झा, गुड्डू रंगीला, दिनेश कुमार, प्रो विनोद कुमार सिन्हा, डॉ विवेक मधुकर, पंकज शर्मा, रोहित सुल्तानिया की भूमिका सराहनीय रही।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में इनरव्हील ने उठाया विशेष कदम
- 100 बच्चियों का कराया टीकाकरण
देवघर/वरीय संवाददाता। इनर व्हील क्लब की प्रेसिडेंट सारिका साह व सचिन अर्चना भगत के प्रयास से तथा विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्या एवं शिक्षकों के सहयोग तथा क्लब की अन्य सदस्यों के सहयोग से रविवार को करीब 100 बच्चियों का चयन इस टीकाकरण कार्यक्रम के लिए किया गया। सभी बच्चियों को टीशर्ट भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में सांसद की पत्नी अन्नूकांत दुबे ने शिरकत की और अपने समर्थन, सहयोग और आशीर्वचनों से क्लब और बच्चियों की हौसला बढ़ाया। श्रीमती दूबे ने सभी से यह आग्रह किया कि सभी टीका का दूसरा डोज जरूर से लें तथा अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करें की वो लोग अपने बच्चियों का टीकाकरण करवाएं। सांसद निशिकांत दूबे के सहयोग यह कार्यक्रम संभव हुआ। अध्यक्ष सारिका साह ने बताया कि रोटेरियन पीयूष जायसवाल तथा रोटेरियन आनंद साह का सहयोग भरपूर रहा। डॉक्टर पल्लवी तथा डॉ अर्पिता गांधी ने सर्वाइकल कैंसर यानी गर्भाशय के मुख का कैंसर के बारे में संक्षिप्त जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन क्लब की मीडिया प्रभारी कंचन मूर्ति साह ने किया तथा सहयोग के लिए परिसर देने हेतु आरमित्रा स्कूल के प्राचार्य अमित सिंह, शिक्षक अरविंद जजवाड़े का जिन्होंने बच्चियों को चिह्नित करने एवं अभिभावकों को समझाकर टीकाकरण के लिए तैयार किया। मातृ मंदिर बालिका उच्च विद्यालय की प्राचार्य बीसू किरण को तथा शारदा उत्क्रमित मध्य विद्यालय की शिक्षिका बेबी कुमारी का आभार प्रकट किया गया।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर पदयात्रा व संगोष्ठी का आयोजन
देवघर/वरीय संवाददाता। स्वयंसेवी संस्था प्रेरणा भारती मधुपुर द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पखवारा के तहत इंडियन मेडिकल एसोसिएशन सभागार के प्रथम तल पर प्रवासी मजदूरों का सुरक्षित पलायन विषय पर एकदिवसीय जिला स्तरीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। दो चरणों में आयोजित इस कार्यक्रम के पहले चरण में विभिन्न संगठन घरेलू कामगार असंगठित श्रमिक संगठन, प्रेरणा महिला संगठन, अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला एसोसिएशन, प्रवासी श्रमिक फोरम, बीड़ी मजदूर यूनियन, एवं द मार्वल फाउंडेशन द्वारा एक संयुक्त पदयात्रा रैली निकाली गयी। यह पदयात्रा रैली टावर चौक स्थित गांधी प्रतिभा स्थल से प्रारंभ होकर आरमित्रा प्लस टू विद्यालय मुख्य पथ होते थाना मोड़ से महिला थाना होते बैद्यनाथधाम रेलवे स्टेशन रोड होते, राय एंड कंपनी मोड़ होते पुन: टावर चौक स्थित गांधी प्रतिमा के समक्ष समाप्त हो गयी। पदयात्रा में स्लोगन लिखे तख्तियां और नारों के माध्यम से महिला अधिकारों महिला कामगार महिला कामगारों के हितों की अलख जगाते निकाली गयी। इसके बाद कार्यक्रम का दूसरा सत्र इंडियन मेडिकल एसोसिएशन सभागार जिला स्तरीय संगोष्ठी कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जहां जिला परिषद सदस्या गीता मंडल की अध्यक्षता में प्रवासी मजदूरों के सुरक्षित पलायन को लेकर संगोष्ठी संपन्न हुई, जिसमें चेतना विकास के कुमार रंजन भाई ने महिलाओं के विकास एवं महिलाओं की सामाजिक एवं पारिवारिक भूमिका पर, महिला अधिवक्ता कविता झा ने महिलाओं के कानूनी अधिकार, रिटायर्ड बैंक अधिकारी सुशील कुमार दास ने महिलाओं के उत्थान में विभिन्न सरकारी प्रशिक्षणों का योगदान, घरेलू कामगार असंगठित श्रमिक संगठन के संयोजक शंकर दास ने संविधान की प्रस्तावना एवं उसके उद्देश्यों के बारे में विस्तृत जानकारी दी तथा अरुण कुमार निर्झर ने सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सामुदायिक नेतृत्व की भूमिका पर व्यापक प्रकाश डाला। इसके अलावा संस्था सचिव कल्याणी मीणा ने महिलाओं के कार्यों एवं अधिकारों की व्याख्या करते हुए उन्हें अपना हक प्राप्त करने की दिशा में संघर्ष के लिए प्रेरित किया। गीता मंडल ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस एवं महिला श्रमिकों के इतिहास के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर विभिन्न संगठनों की दर्जनों महिलाएं – भवानी सिंह, दिलखुश कुमार, पेरमी देवी, इंदु देवी, अनिता देवी, अधिवक्ता रेखा देवी, अधिवक्ता विधा रानी, लवली आनन्द, नेहा कुमारी, पूषा देवी, सिमोति मुर्मू, जमुना दास, भवेश कुमार, पूनम प्रीति, सोनाली किस्कू तथा सैकड़ों की संख्या महिला श्रमिकों ने भाग लिया।
परिनिर्वाण दिवस पर सावित्री बाई फुले को श्रद्धांजलि
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवादल के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार ने परिनिर्वाण दिवस (पुण्यतिथि) पर स्वर्गीय सावित्री बाई फुले को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे भारत की प्रथम महिला शिक्षिका, समाज सुधारिका एवं प्रसिद्ध कवियत्री थी। नारी शिक्षा की प्रणेता स्वर्गीय फुले ने स्त्री अधिकारों एवं शिक्षा के क्षेत्र में कई उल्लेखनीय कार्य किए। उन्हें आधुनिक मराठी काव्य का अग्रदूत माना जाता है।
ट्रेवल और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में महिलाओं की भूमिका को बढ़ाना जरूरी : निशिकांत
देवघर/वरीय संवाददाता। सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने रविवार को झारखंड के देवघर में वीएफएस ग्लोबल अकादमी में सभी महिलाओं के लिए यात्रा और आतिथ्य प्रमाण पत्र कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
उक्त कार्यक्रम में सांसद ने ट्रेवल और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में विशिष्ठ शिक्षा और करियर के अवसरों के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने के महत्व पर जोर दिया। डॉ. दुबे ने कहा कि महिला सशक्तिकरण एक लंबी और सतत यात्रा है। इस यात्रा को अंजाम पर पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास की आवश्यकता है। वीएफएस ग्लोबल द्वारा शुरू की गई पूर्ण महिला बैच इस क्षेत्र में एक नया अध्याय और उपलब्धि है। मुझे विश्वास है कि इस तरह की पहलों से युवा महिलाओं को स्वतंत्र बनने के लिए प्रेरणा मिलेगी। कौशल विकास के माध्यम से देवघर में युवा महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से वीएफएस ग्लोबल एकेडमी को उनकी रणनीतिक पहल के लिए बधाई दी गयी।
प्रबुद्ध सेन, चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर, साउथ एशिया, वीएफसी ग्लोबल, ने कहा कि पूर्ण रूप से महिलाओं के लिए समर्पित यह बैच ट्रेवल और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में लैंगिक विविधता को बढ़ावा देने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसमें कौशल विकास के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने और स्थानीय युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित किया गया है। हमारे प्रयास भारत सरकार के ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के अनुरूप हैं और अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2024 की थीम- इंस्पायरइन्क्लूज़न पर आधारित है। वीएफएस ग्लोबल की शुरुआत अगस्त 2023 में देवघर में सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क ऑफ इंडिया परिसर में की गई है, जो स्थानीय समुदाय के लिए आशा और अवसर की किरण बनकर उभरा है।
वीएफएस ग्लोबल एकेडमी वीएफएस ग्लोबल का एक हिस्सा है, जो सरकारों और डिप्लोमेटिक मिशंस के लिए दुनिया की अग्रणी आउटसोर्सिंग और टेक्नोलॉजी सेवा विशेषज्ञ है। इसकी स्थापना स्थानीय युवाओं को ट्रेवल और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में उच्च तकनीक गुणवत्ता वाली शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से की गई थी। वीएफएस ग्लोबल एकेडमी प्रतिभा के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है, जिसमें उत्कृष्ट रोजगार संभावनाओं वाले ट्रेवल और हॉस्पिटैलिटी प्रोफेशनल्स को तैयार करना शामिल है। इसके शैक्षणिक कार्यक्रम भविष्य-उन्मुख कौशल को प्राथमिकता देते हैं और साथ इन क्षेत्रों में उच्च माँग वाले क्षेत्रों पर जोर देते हैं, जिससे विभिन्न प्रकार के रोजगार के अवसर मिलते हैं।
ऑटो और बाइक में टक्कर छह लोग घायल
देवघर/संवाददाता। जिले के मोहनपुर थाना अंतर्गत राजी दुम्मा के पास शनिवार की देर रात को एक ऑटो और बाइक में टक्कर हो गई। इस घटना में ऑटो भी पलट गयी। जिससे ऑटो पर सवार चार लोग एवं बाइक पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को देर रात को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां ऑन ड्यूटी डॉक्टर द्वारा इलाज कर सभी को वार्ड में भर्ती कर दिया गया है। ऑटो पर सवार घायलों में गौरी देवी, बबली कुमारी, प्रमोद सिंह, लवली देवी के नाम शामिल है। भाई जबकि बाइक सवार डायलॉग में पिंटू तुरी को और कुंदन कुमार के नाम शामिल है। सभी घायल मोहनपुर थाना क्षेत्र के चकरामा के रहने वाले हैं। बताया जाता है कि ऑटो पर सवार सभी लोग चूटोनाथ से पूजा कर वापस घर लौट रहे थे। इस दौरान तेज गति से सामने से आ रहे एक बाइक सवार को बचाने के चक्कर में ऑटो और बाइक में टक्कर हो गई। ऑटो सड़क पर पलट गया। इस घटना में सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
गृहस्वामी को बंधक बनाकर बदमाशों ने लाखों की डकैती को दिया अंजाम
- छत्तीसगढ़ पुलिस बताकर खुलवाया घर
देवघर/संवाददाता। कुंडा थाना क्षेत्र स्थित गौरीपुर गांव में रविवार देर रात बदमाशों ने एक घर में लाखों की डकैती की घटना को अंजाम दिया है। सभी बदमाश वर्दी पहने हुए थे। सभी की उम्र 30 से 35 वर्ष के बीच थी। बदमाशों ने घर से पांच से छह भर सोना का जेवर, काफी मात्रा में चांदी का जेवर, करीब 30 हजार नकद लूट लिया। करीब आधा घंटा से अधिक समय तक बदमाशों ने घर में ताडंव मचाया। घटना के संबंध में नंदन मंडल ने बताया कि वह पिकअप वैन चलाता है। वह सब्जी आसनसोल से लाकर देवघर मंडी में पहुंचाता है। वह रात करीब एक बजे घर से निकल गया था। इसके बाद रात करीब 1:30 बजे 10 से 12 की संख्या में वर्दीधारी उसके घर पर आए। उन्होंने दरवाजा खोलने के लिए आवाज दिया। कहा कि अगर दरवाजा नहीं खोला तो मार देंगे। उन लोगों ने बताया कि वे छतीसगढ़ साइबर थाना से हैं। उन्हें नंदन की तलाश है। नंदन के मुताबिक पिता चंद्रमोहन मंडल ने डर से दरवाजा खोल दिया। उसके बाद वे लोग जबरन घर के अंदर घुस गए। फिर घर में मौजूद महिला, बच्चा सहित सभी सात लोगों को कब्जे में ले लिया। इस दौरान पिता चंद्रमोहन मंडल, मां निर्मला देवी के साथ उन लोगों ने हाथापाई भी की। सभी को छत पर बने एक कमरे में कैद कर लिया। वहां एक बदमाश निगरानी कर रहा था। वहीं अन्य लोगों ने घर के आलमारी, दीवान आदि में गहना, नकदी आदि तलाशना शुरू कर दिया। घर में सारा सामान बिखेर दिया। उसके बाद बाहर से दरवाजा बंद करके वे लोग चले गए। उसके बाद उन लोगों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग आए और दरवाजा को खोला। उसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई है। सूचना मिलने पर कुंडा थाना प्रभारी प्रशांत कुमार व अन्य पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर घटना की छानबीन की। घर के लोगों से इस बारे में पूछताछ की गई। पुलिस बदमाशों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
ईंट से कूचकर अज्ञात युवक की हत्या
-पहचान करने में जुटी पुलिस
देवघर/संवाददाता। नगर थाना इलाके के तिवारी चौक स्थित शिव बिहार कॉलोनी चेतन फिल्ड के पास एक चाहरदीवारी के अंदर बने करकट के बरामदे पर एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया है। मृतक की उम्र लगभग 24 साल होगी। शव को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि उसकी पहचान छुपाने को लेकर उसके चेहरे को ईंट से कुचल दिया गया है। पुलिस को घटना की जानकारी घटनास्थल के बगल के घर वालों ने दिया। जानकारी मिलते ही नगर थाना प्रभारी पुनि राजीव कुमार, एसआई ओमप्रकाश सिंह, एसआई प्रशांत कुमार, एसआई रामाकांत गुप्ता, एसआई बलदेव यादव सदलबल घटना स्थल पहुंचे। पुलिस के पहुंचने के बाद उक्त चाहरदीवारी के गेट को तोड़ा गया तब पुलिस अंदर गयी। घटनास्थल पर मृतक का खून गिरा पाया गया। वहीं पुलिस ने घटनास्थल से ईंट के टुकड़े को भी बरामद किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। मृतक का दोनों हाथ बंधा था। आसपास के रहने वाले लोगों ने बताया कि करीब दो बजे दिन में चाहरदीवारी के अंदर झांका तो खून से लथपथ एक शव को देखा। इसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गयी। घटनास्थल को देखने से ऐसा प्रतीत होता है कि उसकी हत्या दिन में ही की गयी हो। समाचार लिखे जाने तक पुलिस उसकी पहचान करने में जुटी थी।
विभिन्न थाना इलाके से अंतरराज्यीय गिरोह के नौ साइबर ठग गिरफ्तार
- नौ मोबाइल और 15 सिम बरामद
देवघर/संवाददाता। जिले के साइबर थाना पुलिस ने छापेमारी कर जसीडीह, मोहनपुर, कुंडा, देवीपुर, करौं, सारवां एवं सारठ थाना इलाके में छापेमारी कर अंतर राज्यीय गिरोह के नौ साइबर अपराधी को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया। इनके पास से पुलिस ने नौ मोबाइल और 15 सिम बरामद किये हैं। जब्त किये गये मोबाइल में कुल चार साइबर क्राइम लिंक मिले हैं। जिसकी जांच करने में पुलिस जुटी है। जेल गये साइबर अपराधियों द्वारा विभिन्न सरकारी, गैर सरकारी संस्थाओं एवं कपनियों के वेबसाइट के लूप हॉल को चिह्नित कर लाभुकोंे और यूर्जस को झांसे में लेकर ठगी का कार्य करते थे।
कौन-कौन गये जेल : जेल गये साइबर ठगों में बचनदेव कुमार ग्राम घोरमारा थाना मोहनपुर, रौशन तुरी ग्राम गानवे थाना सिमुलताला जिला जमुई बिहार, दीपक दास ग्राम खरवाजोरी, सुभाष कुमार दास ग्राम झुनाकी थाना सारठ, रांजीत कुमार दास ग्राम रोहिणी थाना जसीडीह, अजय महरा ग्राम कर्णपुरा थाना देवीपुर, टुनटुन कुमार रवानी ग्राम डिंडाकोली थाना करौं, सचिन दास और बंकु दास साकिन चरघरा थाना सारवां का रहने वाला है।
ट्रेन की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत
देवघर/संवाददाता। जिले के देवघर-दुमका रेलवे लाइन पर मोहनपुर थाना क्षेत्र के घोरमारा के पास ट्रेन की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मौत हो गयी। मृतक का नाम छोटेलाल ठाकुर है जो मोहनपुर थाना इलाके के बांक का रहने वाला है। घटना के बावत परिजनों ने बताया कि सुबह ये शौच के लिये जा रहे थे। उसी दौरान रेलवे लाइन पार करने के दौरान ट्रेन की चपेट में आ गया। घायलावस्था में उसे इलाज के लिये सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गयी। परिजनों ने बताया कि मृतक को कम सुनाई भी पड़ता था। इधर जानकारी मिलते ही बैद्यनाथधाम ओपी पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया।
बाइक के धक्के से साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल
देवघर/संवाददाता। जसीडीह थाना इलाके के कुमैठा के पास शनिवार की देर रात को बाइक के धक्का लगने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिये सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल का नाम जगदीश मंडल है जो बसमनडीह का रहने वाला है। परिजनों ने बताया कि वह रात को खाना खाने के बाद वह साइकिल से नाइट ड्यूटी करने जगरनाथ मिश्रा कॉलेज जा रहा था। उसी दौरान तेजगति और लापरवाही से बाइक चलाते हुए उसके साइकिल में जोरदार धक्का मार दिया। आनन-फानन में उसे इलाज के लिये देर रात को सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां देखने के बाद ऑन ड्यूटी डॉक्टर ने उसे इलाज के लिये सदर अस्पताल में भर्ती कर दिया।
सुनील खवाड़े बने जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष
- 20 मार्च से शुरू होगा 17वीं झारखंड राज्य जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप
- आयोजन को भव्य बनाने का निर्णय
देवघर/वरीय संवाददाता। देवघर जिला एथलेटिक्स संघ की बैठक इंडोर स्टेडियम में संपन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से कमेटी में फेरबदल किया गया। नई कमेटी ने 20 से 22 मार्च को होनेवाली 17वीं झारखंड राज्य जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के आयोजन को सफल बनाने का निर्णय लिया। बैठक में सर्वसम्मति से जिला एथलेटिक्स संघ का अध्यक्ष सुनील खवाड़े को बनाया गया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री खवाड़े ने कहा कि देवघर हमेशा अतिथि सेवा में आगे रहा है। मैं आश्वस्त करता हूं कि विभिन्न जिले से आनेवाले खिलाड़ी शानदार अनुभव लेकर जाएंगे। बैठक की अध्यक्षता सचिव मनोज मिश्र ने की। बैठक में सारी व्यवस्था पर बिंदुवार समीक्षा की गई।
इस प्रकार है नयी कमेटी : अध्यक्ष- सुनील खवाड़े, उपाध्याय- सुरेश साह, रवि केशरी, पंकज भालोटिया, आलोक बोस, सौगता कर, राकेश नरौने उर्फ सुग्गा,
सचिव-मनोज कुमार मिश्रा, संयुक्त सचिव – प्रभाकर शांडिल्य, अमित सोनी, नीतीश सिंह राजपूत, आशीष दुबे, बंती नंदन सिंह, सैफ, राजन (लाली), कोषाध्यक्ष – दीपक कुमार, कार्यकारिणी सदस्य – आशीष झा, चंदन कुमार, गौरव कुमार, प्रमोद यादव, राहुल कुमार, सरफराज अंसारी, आशीष झा, डॉ. अमित प्रसाद, रजनी कुमारी, बसंती मरांडी, मनीष भारद्वाज, भोला यादव, रंजन कुमार।
कोर कमेटी का हुआ गठन : बैठक में सर्वसम्मति से एक कोर कमेटी का गठन किया गया। जिसके चेयरमैन आशीष झा को बनाया गया। कमेटी अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष के अलावे डॉ अमित प्रसाद, अमित कुमार रहेंगे।
20 मार्च से शुरू होगा चैंपियनशिप : 20 से 22 मार्च को होनेवाली 17वीं झारखंड राज्य जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप चैंपियनशिप में विभिन्न जिले से 1300 खिलाड़ी और 100 तकनीकी पदाधिकारी भाग लेंगे। वही बंगलौर से फोटो फिनिश मशीन भी आ रहा है इससे सेंसर से बच्चों को सटीक रिजल्ट मिल सकेगा। 19 को सारी टीम देवघर आ जायेगी।