-कहा, मानव में भौतिक ज्ञान के साथ-साथ आध्यात्मिक ज्ञान भी आवश्यक
ललमटिया। संवाददाता लोहंडिया बस्ती पुनर्वास स्थल में काली मंदिर के प्रांगण में चंडी शक्ति महायज्ञ होने जा रहा है। आचार्यों के वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मंगलवार को श्रद्धालु भक्त जनों ने हवन कुंड में आहुति देकर भगवान की पूजा-अर्चना की। सुख समृद्धि की कामना भगवान से की। इस दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ यज्ञ मंडप की परिक्रमा कर पूजा अर्चना करने में लगी रही। यज्ञ परिसर में स्थापित विभिन्न देवी देवताओं गणेश भगवान, मां काली, बजरंगबली, शनि देव की पूजा अर्चना कर सुख सौभाग्य की कामना भगवान से की। यज्ञ में पूजा-अर्चना को लेकर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। वहीं यज्ञ परिसर में श्रीमद्भागवत कथा मेंे कथावाचक अनुपानंद ने कहा कि आध्यात्मिक ज्ञान से मनुष्य को लोक और परलोक दोनों जगह शांति मिलती है। उन्होंने कहा कि मानव में भौतिक ज्ञान के साथ-साथ आध्यात्मिक ज्ञान भी आवश्यक है। चंडी शक्ति महायज्ञ को लेकर ललमटिया क्षेत्र का माहौल भक्तिमय हो गया है। यज्ञ को लेकर मेला परिसर में खेल-तमाशा तारामाची, ड्रेगन, ब्रेक डांस, मौत का कुआं का लोग आनंद उठा रहे हैं।
उद्घाटन मैच में गोड्डा ने साहेबगंज को छह विकेट से किया पराजित
-अंतर जिला अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ
गोड्डा। संवाददाता झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित अंतर जिला अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ मंगलवार को स्थानीय गांधी मैदान में किया गया। टूर्नामेंट का उद्घाटन सदर एसडीओ बैद्यनाथ उरांव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर और बल्लेबाजी कर किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि खिलाड़ियों के लिए यह अच्छा प्लेटफॉर्म है। एसडीओ ने कहा कि बेहतर प्रदर्शन कर राज्य की टीम में अपनी जगह बनाएं। उद्घाटन मैच गोड्डा बनाम साहेबगंज के बीच खेला गया। गोड्डा ने साहेबगंज को 06 विकेट से पराजित किया। साहेबगंज टीम टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 81 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। गोड्डा की ओर से राजा अंसारी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 10 ओवरों में सिर्फ 18 रन देकर 5 विकेट हासिल किया। अब्राहम शेख ने 23 रन की पारी खेली। जवाब में गोड्डा ने 19 ओवर 2 गेंद में 04 विकेट के नुकसान पर 83 रन बना कर 06 विकेट से मैच जीत लिया। हर्षित दुबे ने नाबाद 32 रन एवं आदित्य सिंह ने नाबाद 22 रन की पारी खेली। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार जिला खेल पदाधिकारी डॉक्टर प्राण महतो ने राजा अंसारी को पांच हजार नकद राशि देकर प्रदान की। टूर्नामेंट में पर्यवेक्षक के रूप में पूर्व रणजी खिलाड़ी अजय यादव ने सभी खिलाड़ियों के कागजात की जांच की। अंपायर के रूप में धर्मेंद्र कुमार, ओपी राय, स्कोरर गजेंद्र कुमार उपस्थित थे। बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता राजेश मिश्रा, लायंस क्लब के अध्यक्ष शाहिद इकबाल, जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष एचएम बोदरा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष अमित बोस, संयोजक संजीव कुमार, सनोज कुमार, मुकेश मंडल, अवधेश, सुजीत, सन्नी, सूरज, मुकेश मोदी, बबलू, प्रभु, ऋषि सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे। बुधवार का मैच बोकारो बनाम गोड्डा होगा।
अदाणी फाउंडेशन के कार्यों की डीईसी ने की सराहना
गोड्डा। संवाददाता शिक्षा के क्षेत्र में अदाणी फाउंडेशन की ओर से किए गए कार्यों की सराहना करते हुए डीईसी ने मंगलवार को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। डीईसी मिथिला टुडू के हाथों यह प्रशस्ति पत्र अदाणी फाउंडेशन के अधिकारी संतोष सिंह ने प्राप्त किया। फाउंडेशन ने जिले के 08 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों और झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, बसंतराय में ज्ञानोदय कार्यक्रम के लिए संसाधन उपलब्ध कराए हैं। इन संसाधनों के माध्यम से छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने में मदद मिल रही है। डीईसी ने बताया कि अदाणी फाउंडेशन ने 06 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में रसोईघर का निर्माण कराया है। इसके अलावा 06 विद्यालयों में डाइनिंग टेबल और रोटीमेकर भी उपलब्ध कराए हैं। डीईसी टुडू ने कहा कि अदाणी फाउंडेशन की भागीदारी और सहयोग ने छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के प्रयासों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन के योगदान ने इन छात्राओं के जीवन में महत्वपूर्ण बदलाव लाया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग भविष्य में अदाणी फाउंडेशन के साथ और अधिक सहयोग करने की उम्मीद करता है।
क्या काम है अदाणी फाउंडेशन का
अदाणी फाउंडेशन एक गैर-लाभकारी संगठन है जो शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और सामाजिक विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों में काम करता है। फाउंडेशन का लक्ष्य समाज के वंचित वर्गों को सशक्त बनाना और उन्हें बेहतर जीवन जीने में मदद करना है।
माता का पट खुलते ही दर्शन करने उमड़ी भक्तों की भीड़
पथरगामा। संवाददाता प्रखंड अंतर्गत कोरका गांव के नव निर्मित दुर्गा मंदिर में पहली बार भव्य चैती दुर्गा पूजा समारोह का आयोजन किया जा रहा है। उक्त आशय की जानकारी देते हुए आयोजन समिति के मीडिया प्रभारी सह शिक्षक दिवाकर कुमार मंडल ने बताया कि मूर्तिकार अजय कुमार ने मूर्ति को अंतिम रूप देने के साथ ही मंगलवार को अष्टमी पूजा के अवसर पर भक्तों के पूजन एवं दर्शनार्थ माता दुर्गा का पट खोल दिया। पट खुलते ही कोरका सहित चकवा, सिमरिया, सनातन, पकड़िया आदि गांवों से भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। आयोजन समिति के संरक्षक श्यामल रामदास, अध्यक्ष शंभू प्रसाद यादव, उपाध्यक्ष प्रदीप रजक, कोषाध्यक्ष बिट्टू कुमार मंडल, उपकोषाध्यक्ष मुकेश यादव, उपसचिव अरविंद यादव, सचिव शुभम कुमार मंडल, सदस्य दिवाकर साह, मुन्ना मंडल, बाल मुकुंद यादव, दिवाकर यादव, शिवम कुमार रजक, घनश्याम यादव एवं दिलीप रजक का योगदान सराहनीय है।
फ्लैग मार्च निकाल कर अतिसंवेदनशील कहे जाने वाले गांवों में रामनवमी जुलूस के रूट का किया निरीक्षण
-एसडीओ ने किया अतिसंवेदनशील गांवों का दौरा
-रामनवमी आज, प्रशासन की तैयारी पूरी
मेहरमा। संवाददाता रामनवमी के दौरान निकलने वाले जुलूस के शांतिपूर्ण एवं सद्भाव पूर्वक माहौल में संपन्न कराने को ले एसडीओ सहित अन्य वरीय पदाधिकारियों का क्षेत्रीय दौरा अति संवेदनशील कहे जाने वाले गांवों में हुआ। जिसके निरीक्षण के पश्चात कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सोमवार की देर संध्या महागामा के एसडीओ राजीव कुमार, एसडीपीओ चंद्रशेखर आजाद, मेहरमा सीओ अभिनव कुमार, पुलिस निरीक्षक हरि किशोर मंडल तथा थाना प्रभारी नीतीश अश्विनी के संयुक्त नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाल कर अतिसंवेदनशील कहे जाने वाले सुड़नी, सुखाड़ी आदि गांवों का भ्रमण कर वहां निकलने वाले रामनवमी जुलूस के रूट का निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीओ कुमार ने विधि-व्यवस्था बनाए रखने को ले आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। बताया कि ड्रोन कैमरे से रखी जाएगी नजर और होगी वीडियो रिकॉडिंर्ग। दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति के साथ ही पुलिस गश्ती भी रहेगी जारी। वहीं सीओ कुमार ने इस दौरान किसी अनहोनी से निपटने के लिए प्रशासन को पूरी तरह से तैयार रहने की बात कही। जबकि इंस्पेक्टर मंडल ने हुड़दंगियों एवं सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने वालों पर कड़ी नजर रखने की बात कही। थाना प्रभारी अश्विनी ने किसी भी गड़बड़ी की सूचना तुरंत पुलिस को देने की बात कही। अधिकारियों ने लोगों से इस दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा आपसी भाईचारे को कायम रखते हुए मिलजुल कर त्योहार मनाने की अपील की। फ्लैग मार्च में मेहरमा पुलिस बल तैनात थी।
एफसीओ ने की मेला में लगाये गये स्टॉल और उसमें बिक रहे खाद्य पदार्थों की जांच
बसंतराय। संवाददाता सदर एसडीओ और अभिहित अधिकारी सह अपर मुख्य चिकत्सा पदाधिकारी के संयुक्त निर्देश पर खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी(एफसीओ) मोईन अख्तर ने बंसतराय प्रखंड स्थित बिशुआ संक्राति के अवसर पर मेला में लगाये गये स्टॉल एवं उसमें बिक रहे खाद्य पदार्थों की जांच की। निरीक्षण के क्रम में होटलों में साफ-सफाई की व्यवस्था, जलेबी, लड्डू चटनी, छोले इत्यादि में खाद्य, अखाद्य रंगों की मिलावट, निर्गत फूड लाईसेंस, तेल, सॉस, भिनेगर, शीतल पेय पदार्थ इत्यादि की जांच की गयी। जांच के क्रम में मेसर्स शिव शम्भू मिष्ठान भण्डार के जलेबी एवं चासनी में अखाद्य रंगों की मिलावट की पुष्टि तथा एक्सपारी कोल्ड ड्रिंक बरामद होने पर इन सभी सामग्रियों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। ज्ञात हो कि अखाद्य रंग स्वास्थ्य के लिए बहुत ही हानिकारक है और यह किडनी से संबंधित गम्भीर बीमारियों को जन्म देती है। मिथुन कुमार साह के मिष्ठान भण्डार से खराब गुणवता वाली जलेबी को मौके पर ही नष्ट कराया गया। मेसर्स सचिन मिष्ठान भण्डार के लड्डू में अखाद्य रंगों की पुष्टि होने पर उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। बंसतराय चौक पर स्थित मेसर्स विष्णु मिष्ठान भण्डार में साफ-सफाई की कमी, घटिया गुणवता वाली मिठाई,बलुशाही बिक्री करने के कारण तत्काल खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत 500 रुपये का अर्थदण्ड लगाया गया और सुधार के लिए नोटिस जारी किया गया। इसके अतिरिक्त दर्जनों प्रतिष्ठानों को फूड लाईसेंस के लिए नोटिस निर्गत किया गया। औचक निरीक्षण के क्रम में सभी खाद्य प्रतिष्ठान के संचालकों को परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर करने, फूड लाईसेंस प्राप्त करने, खाद्य पदार्थों में केवल प्रमाणित रंगों का प्रयोग करने, मिठाईयों की गुणवता में सुधार एवं एक्सपारी सामग्रियों का प्रयोग नहीं करने का निर्देश दिया गया।