गोड्डा। संवाददाता लोकसभा आमचुनाव-2024 को लेकर महिला जनसंपर्क अभियान चलाने के लिए भाजपा जिला कार्यालय में शनिवार को अहम बैठक बुलाई गई। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आरती सिंह ने बताया कि यह बैठक जनसंपर्क अभियान को लेकर रखी गई है। उन्होंने कहा कि यह महिला जनसंपर्क अभियान लोकसभा चुनाव को लेकर विशेष रूप से पूरे झारखंड प्रदेश में चलायी जा रही है। यह अभियान प्रत्येक जिला में चलायी जाएगी। जिला ही नहीं बल्कि इसे बूथ स्तर तक लेकर जाऐंगे और घर-घर जनसंपर्क करेंगे। जनसंपर्क करते हुए छोटी-छोटी पालियों में बैठक करना, लाभार्थियों के साथ संपर्क करना, एसएचजी ग्रुप की जो लाभार्थी हैं जो सामाजिक कार्यों से जुड़ी हैं, ऐसे सामाजिक कार्य को लेकर सबों से संपर्क कर जानकारी देंगी। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष आरती सिंह, लोकसभा प्रभारी, महिला संपर्क अभियान बबिता झा, महासचिव सरिता दुबे, परिणीता झा, गोड्डा विधायक अमित मंडल, जिलाध्यक्ष संजीव मिश्रा, लोकसभा प्रभारी गणेश मिश्र, मीडिया प्रभारी प्रीतम गाडिया, पूर्व जिलाध्यक्ष अजीत सिंह, बबिता मोदी, अंबिका उपाध्याय, ममता गिरी, आरती महतो, टंपल कुमारी, ललिता देवी, बिंदु देवी, सुधा जायसवाल, अनिता देवी, जोबा देवी, सरिता देवी, नगोरी देवी, जिलाध्यक्ष संजीव मिश्रा, लोकसभा प्रभारी गणेश मिश्र, पुष्पा देवी, सुंदरमुनी देवी आदि उपस्थित थे।
एमपी आदर्श विद्यालय महागामा में शत-प्रतिशत छात्रों ने पायी मैट्रिक में सफलता
-आर्यन देव भारती 91 प्रतिशत अंक प्राप्त कर बने विद्यालय टॉपर
हनवारा। संवाददाता झारखंड अद्यिविद्य परिषद की ओर से आयोजित मैट्रिक परीक्षा-2024 के परिणाम की घोषणा के साथ ही एमपी आदर्श विद्यालय महागामा में उत्सव का माहौल हो गया। इस वर्ष भी शत-प्रतिशत छात्रों ने सफलता हासिल कर विद्यालय और शिक्षकों का नाम रोशन किया है। विद्यालय के छात्र आर्यन देव भारती ने सर्वाधिक 91 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय के टॉपर रहे। वहीं विद्यालय के अन्य छात्र आनंद पाठक 85 प्रतिशत, प्रिंस कुमार 84 प्रतिशत, प्रियांशु राज 85 प्रतिशत, सदफ नाज 88 प्रतिशत, रेहाना 81 प्रतिशत, आसमां 84 प्रतिशत, अमरजीत यादव 79 प्रतिशत, सर्वजीत यादव 78 प्रतिशत, अरशामा रोफी 75 प्रतिशत सहित अन्य छात्रों ने अच्छे अंक लाकर विद्यालय के शिक्षकों और माता-पिता का नाम रोशन किया है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजय सिंह ने सभी छात्रों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते कहा कि एक शिक्षक की वास्तविक खुशी तभी होती है जब उनके छात्र सफल होते हैं। और जीवन में अच्छा मुकाम हासिल करते हैं। उन्होंने छात्रों के उम्दा प्रदर्शन का श्रेय विद्यालय में बेहतर पठन-पाठन का माहौल, सभी शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन, छात्रों की लगन और कठिन मेहनत को देते हुए कहा कि छात्रों से उम्मीद है कि आगे आने वाले सभी परीक्षाओं में इसी तरह शानदार प्रदर्शन करेंगे। वहीं मौके पर विद्यालय के शिक्षक मनोज पुरी, नीरज मोदी, आफताब आलम, मुकेश भगत, दिलीप सिंह आदि ने भी सभी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते कहा कि विद्यालय के टॉपर आर्यन देव भारती ग्रामीण परिवेश से होने के बावजूद भी कठिन मेहनत कर जूनियर छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने हैं।
जिला का दूसरा टॉपर बना उमवि समरी का छात्र संतोष
हनवारा। संवाददाता महागामा प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित हाईस्कूल समरी का छात्र संतोष कुमार, दसवीं बोर्ड में 483 अंक लाकर जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया। संतोष के पिता-अगहन मिस्त्री बढ़ई का काम करते हैं। मां सुनीता देवी गृहणी हैं। उनके परिवार में माता-पिता के अलावा चार भाई हैं। संतोष ने कहा कि वह आईएएस बन कर देश की सेवा करना चाहता है। अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को दिया है। मुखिया मिनहाज और विद्यालय के प्रधानाध्यापक एतेसामुल हक ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। संतोष ने बताया कि उनकी सफलता में विद्यालय शिक्षक के अलावा कोचिंग शिक्षक मुकेश कुमार का भी योगदान रहा है।
वीसी के माध्यम से सभी मतदान केन्द्रों में न्यूनतम सुविधाएं उपलब्ध कराने का डीसी ने दिया निर्देश
-प्रखंडवार बीडीओ और सीओ से क्रिटिकल और सामान्य मतदान केन्द्रों की ली जानकारी
गोड्डा। संवाददाता डीसी सह डीईओ जिशान कमर ने शनिवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के सभी मतदान केन्द्रों पर न्यूनतम सुविधाएं सुनिश्चित हो सके, इसके लिए संबंधित अधिकारियों संग समीक्षात्मक बैठक की। समीक्षा के दौरान संबंधित अधिकारियों को जिले के सभी मतदान केंद्रों में न्यूनतम सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इसके अलावा मतदान केंद्रों में हेल्प डेस्क की सुविधा, 85 प्लस वृद्ध और दिव्यांग मतदाताओं के लिए भी सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने मतदान केन्द्रों में मतदान दिवस के दिन पेयजल, फर्नीचर, बिजली, मोबाइल चाजिंर्ग पॉइंट, महिला और पुरुष के लिए अलग-अलग शौचालय, दिव्यांग मतदाता के लिए व्हीलचेयर सहित न्यूनतम सुविधाओं का अवलोकन कर आवश्यक एवं अहम दिशा-निर्देश दिया। इसके अलावा उन्होंने महिला मतदान केंद्र में किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए सभी सुविधाओं को अनिवार्य रूप से बहाल करने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान उन्होंने सभी थाना प्रभारी को महिलाओं के बूथों पर सुरक्षा के लिए नजर रखने का निर्देश दिया। सभी पदाधिकारी को डिस्पैच सेंटर से लेकर कलस्टर एवं मतदान केंद्रों तक रूट मैप को अच्छे से तैयार करने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान डीसी ने प्रखंडवार बीडीओ और सीओ से क्रिटिकल एवं सामान्य मतदान केन्द्रों की जानकारी, सभी मतदान केन्द्रों में न्यूनतम सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। वहीं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान संबंधित पदाधिकारियों को विद्यालयवार मतदान केन्द्रों पर न्यूनतम सुविधा उपलब्ध कराने से संबंधित विवरणी की जांच कर संबंधित अधिकारियों को निर्धारित फॉर्मेट में सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस संबंध में निर्देश देते हुए कहा गया कि सभी प्रखंड अपने-अपने विद्यालयों में जहां मतदान केन्द्र स्थित हैं, वहां न्यूनतम सुविधा एक सप्ताह के अंदर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। मौके पर आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक में डीडीसी स्मिता टोप्पो, उपनिर्वाचन पदाधिकारी पंकज कुमार सहित अन्य पदाधिकारी गण सहित संबंधित प्रखंडों के बीडीओ और सीओ मौजूद थे।
कौशिकी ने मैट्रिक परीक्षा में जिले में प्राप्त की चौथा स्थान
पथरगामा। संवाददाता प्रखंड के बंदनवार गांव की छात्रा कौशिकी कुमारी ने दसवीं परीक्षा परिणाम में जिले में चौथा रैंक लाकर गांव को चर्चित कर दिया है। उसने 476 अंक लाकर जिले में चौथा स्थान प्राप्त की है। प्रतिभा के लिए लगन और मेहनत की आवश्यकता होती है। कौशिकी का सपना आगे चलकर प्रशासनिक अधिकारी बनने का है।
तिलका मांझी कृषि महाविद्यालय के छात्रों की टीम पहुंची पाकुड़
गोड्डा। संवाददाता तिलका मांझी कृषि महाविद्यालय गोड्डा के चतुर्थ वर्ष के छात्रों ने ग्रामीण कृषि कार्य अनुभव का जायजा लेने पाकुड़ जिले के महेशपुर प्रखंड के विभिन्न गांवों में पहुंची। जिनमें मायेर बांध, तेलिया पोखर, जगदीशपुर और बलिया, पतरा गांव का दौरा किया। टीम ने पहले मायर बांध गांव का दौरा किया। इस दौरान किसानों ने उनका स्वागत पारंपरिक गीत एवं पुष्प देकर किया। विद्यार्थियों ने ग्रामीणों की मदद से सोशल मैप बनाया। मौके पर कृविकें पाकुड़ के वरीय एवं प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. संजय कुमार, कृषि अभियंता वैज्ञानिक इंजीनियर सुरेन्द्र सिंह मुंडा रावे, को-ऑर्डिनेटर डॉ. अभिजित सत्पति, प्रोफेसर डॉ. निर्मला कुमारी, डॉ. अजीता सोरेन, इंजीनियर कुणाल प्रसाद और विद्यार्थी अमरजीत तिवारी, अविनाश मंडल, जोंटी निखिल हांसदा, प्रेम कुमार, रकीब आलम और किसान ज्योतिका हांसदा, लुकास मरांडी आदि उपस्थित थे।
गाड़ी लगाने को ले हुए विवाद में मारपीट, चार घायल
-एक की हालत नाजुक, भागलपुर रेफर
मेहरमा। संवाददाता स्थानीय बाजार बाराहाट में मोटरसाइकिल लगाने को ले हुए विवाद में मारपीट हो गई। जिसमें चार लोगों के बुरी तरह घायल होने की सूचना है। घायलों का इलाज मेहरमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया जा रहा है। उनका उपचार डॉक्टर ऋषभ कुमार तथा प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विवेक कुमार सिन्हा ने किया। डॉक्टर सिन्हा ने बताया कि सभी घायलों को तीन, चार टांके से अधिक लगे हैं। इनमें एक की स्थिति नाजुक बनी हुई थी और वह होश में नहीं थे। अस्तु उन्हें बेहतर चिकित्सकीय सेवा के लिए जवाहरलाल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल मायागंज भागलपुर रेफर कर दिया गया। जबकि बाकी की हालत स्टेबल तो है परंतु हेड इंज्युरी की वजह से एहतियात बरतने की सलाह दी। घटना को ले पीड़ित पक्ष द्वारा ईशीपुर थाने में तहरीर देकर मामला दर्ज करने का आग्रह किया गया है, जिसमें राजू खटीक, ओमप्रकाश खटीक आदि बंधुओं को आरोपी बनाया गया है जो आलू व्यवसायी है। ज्ञात हो कि घायल तीनों व्यक्ति जितेंद्र यादव (38) विवेकानंद यादव (35) रमन कुमार यादव (25) सभी सगे भाई हैं। जिनके पिता का नाम राजेंद्र यादव, ग्राम बाजितपुर, थाना-मेहरमा, जिला-गोड्डा (झारखंड) है। बड़े बेटे जितेंद्र को भागलपुर रेफर किया गया है। जबकि अन्य का इलाज मेहरमा में ही किया जा रहा है। यह दोनों भाई बिहार पुलिस के जवान हैं। इतना ही नहीं, शनिवार को जहां छोटे भाई रमन का तिलक है, जिसके लिए लोग साहिबगंज से आने वाले हैं। वहीं आज ही उनकी बहन की शादी भी है जिसमें महादेवगंज से बारात आने वाली है। घटना की सूचना पर मुखिया प्रतिनिधि शंभू प्रसाद यादव ने अस्पताल पहुंच कर घायलों का हालचाल जाना तथा उनके इलाज एवं शादी विवाह में किसी भी प्रकार की कोई रुकावट नहीं आने देने का भरोसा भी दिलाया। घटना के संबंध में बताया जाता है कि तीनों भाई, बहन की शादी के लिए आलू प्याज खरीदने बाजार गए एवं खटीक आलू भंडार के सामने अपनी मोटर बाइक लगा उनके दाम पूछने के बाद बगल की दुकान में भी दाम पूछने जाने लगे तो गुस्से में आकर आरोपियों ने गाली-गलौज की। विरोध करने पर रॉड से प्रहार कर सबों का सिर फोड़ दिया। बीच-बचाव में आए एक अन्य युवक का भी आरोपियों ने सिर फोड़ दिया, जिसका इलाज भी मेहरमा में चल रहा है। घायल भाईयों ने बताया कि उस दौरान उनके सोने की चेन भी छीन ली गई। समाचार प्रेषण तक मामले को ले इसीपुर थाने में केस के पंजीकरण की प्रक्रिया जारी है।
अनियंत्रित कोयला लदा हाइवा पलटा
बोआरीजोर। संवाददाता ललमटिया-गोड्डा मुख्य मार्ग के तेलगामा ग्राम के समीप कोयला लदा एक हाइवा वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। वहीं घटना को लेकर मिली जानकारी के अनुसार हाइवा ईसीएल कोयला खदान से कोयला लेकर किशनगंज जा रही थी। इसी दौरान हाइवा अनियंत्रित होकर पलट गया। वहीं हाइवा पलटने के दौरान 11 हजार के हाईटेंशन तार को क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं गनीमत थी कि कोयला लदा हाइवा विद्युत तार की चपेट में नहीं आया अन्यथा बड़ी घटना घटित हो सकती थी। वहीं जहां हाइवा पलटी वहां आसपास न तो कोई दूसरा वाहन था और न ही कोई व्यक्ति वर्ना इस घटना में किसी की जान बचा पाना संभव नहीं था। जानकारी के अनुसार हाइवा के चालक और उपचालक का कुछ पता नहीं चल पाया है। फिलहाल स्थानीय द्वारा घटना की सूचना नजदीक के थाने में दे दी गई थी।
कांग्रेस के एक नेता के समर्थकों पर गोड्डा लोस में प्रत्याशी बदलने की मांग का आरोप
गोड्डा। संवाददाता गोड्डा और पोड़ैयाहाट विधानसभा कांग्रेस के कथित एक नेता के समर्थकों पर आरोप है कि उन्होंने गोड्डा लोकसभा के घोषित प्रत्याशी दीपिका सिंह पांडेय के विरुद्ध बैठक की और प्रत्याशी बदलने की मांग की। बैठक में मुख्य मांग थी कि गोड्डा लोकसभा में पार्टी की ओर से घोषित उम्मीदवार दीपिका सिंह पांडेय को बदल कर किसी अल्पसंख्यक या फिर पिछड़ा समाज के नेता को उम्मीदवार बनाया जाए। गोड्डा लोकसभा क्षेत्र में पिछड़ों की आबादी 90 फीसदी है। जिसमंे अल्पसंख्यक मुस्लिम करीब 18 प्रतिशत और यादवों की जनसंख्या करीब 14 प्रतिशत है। नेताओं ने भाषण में कहा कि राहुल गांधी का नारा है कि जिसकी जितनी साझेदारी उसकी उतनी हिस्सेदारी, जबकि झारखंड में इसके उलट हो रहा है। झारखंड में 14 सीट में से न तो किसी अल्पसंख्यक को कोई टिकट दिया और न ही किसी यादव समाज को टिकट मिला। जबकि इस समाज का 90 प्रतिशत वोट कांग्रेस एवं सहयोगी दल को जाता है। नेताओं ने कहा कि गोड्डा लोकसभा में टिकट देने में जरूर आलाकमान से कोई गलती हुई है। इसलिए सबों ने आग्रह किया है कि इस पर पुनर्विचार करते हुए प्रत्याशी को बदला जाए। बैठक में सभी ने यह अल्टीमेटम दिया है कि यदि घोषित उम्मीदवार को बदल कर पिछड़ा समाज या अल्पसंख्यक समाज से नया प्रत्याशी नहीं दिया गया तो सभी इस्तीफा देने पर मजबूर होंगे। मुख्य रूप से गोड्डा जिला उपाध्यक्ष लड्डू मिश्रा, गोड्डा प्रखंड अध्यक्ष नवल साह, पोड़ैयाहाट प्रखंड अध्यक्ष मनोज यादव, कुंदन ठाकुर, वेणु चौबे, अंजुम अख्तर, विकास सिंह, अमरेंद्र अमर, अर्चना देवी, हरेकृष्ण मंडल, विकास मंडल, शहबाज आलम, इ़फ्तेखार अंसारी, ताहिर आलम, नजमी, सहित कई लोग उपस्थित थे।
अचानक आग लग जाने से 10 घर जलकर पूरी तरह हुआ राख
मेहरमा। संवाददाता प्रखंड के बलबड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत धनकुडिया गांव में शनिवार दोपहर अचानक आग लग जाने से 10 घर जलकर पूरी तरह राख हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, आग की लपटें इतनी तेज थी कि देखते ही देखते आग पूरी तरह से विकराल रूप ले लिया। लोग जब तक समझ पाते तब तक 10 घर जल कर पूरी तरह से राख हो गया। हालांकि इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी गई। पीड़ित परिवार के घर में रखे सभी अनाज, कपड़ा, आवश्यक सामग्री समेत सब कुछ जलकर राख हो गया है। हालांकि इसकी सूचना पर प्रखंड प्रशासन के साथ-साथ पुलिस एवं मुखिया ने पहुंच कर मामले की जानकारी ली। पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। तत्काल सूखा राहत सामग्री पीड़ितों को दिया गया। पीड़ित परिवारों में विशो तांती, शंभू तांती, रामसागर तांती, देवनारायण तांती, अरूण तांती, सिकन्दर तांती, जयराम तांती, काली तांती, अभिषेक तांती, पगला तांती बताया जा रहा है। इधर घटना की सूचना पर जांच करने पहुंचे मेहरमा बीडीओ सह प्रभारी सीओ अभिनव कुमार, बलबड्डा थाना प्रभारी राहुल कुमार चौबे, राजस्व कर्मचारी, अंचल निरीक्षक पंचायत के मुखिया जंग बहादुर सिंह उपस्थित थे।