कांग्रेस जाति विशेष की राजनीति कर सकती है,ओबीसी समुदाय की नहीं: अशोक
गोड्डा। संवाददाता ओबीसी समाज को लेकर विपक्ष की ओर से भ्रम की स्थिति फैलाये जाने पर रविवार को भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता सह विधायक अमित मंडल ने प्रेस वार्ता में कहा कि निशिकांत दुबे जी राम हैं तो वे सदैव लक्ष्मण की भूमिका में उनके पीछे खड़े हैं। कहीं भी आप तस्वीर देखेंगे राम की तो आपको लक्ष्मण हमेशा राम जी के पीछे ही दिखाई पड़ेंगे। और यह मुद्दा नहीं है कि कौन आगे है, कौन पीछे है। भारतीय जनता पार्टी में सभी कार्यकर्ता की हैसियत से कार्य करते हैं, चाहे वह सांसद हो, विधायक हों नॉमिनेशन के समय उनलोग विधायक की हैसियत से नहीं भारतीय जनता पार्टी के आम कार्यकर्ता की हैसियत से वहां पहुंचे थे। उनलोगों को जो जवाबदेही पार्टी की तरफ से तय की गई थी उन लोग राजनाथ की आगवानी में हेलीपैड पर मौजूद थे। हेलीपैड पर उनलोगों ने उनका स्वागत किया। उनका माल्यार्पण और स्वागत उनलोगों ने किया। हम लोगों के लिए मुख्य विषय है कि मोदी जी के हाथ को मजबूत करना। भारतीय जनता पार्टी गोड्डा में लोकसभा चुनाव में 09 लाख पर करने के लिए हम सभी कार्यकर्ता निशिकांत दुबे के साथ कंधे से कंधा मिला कर काम कर रहे हैं। हर कोई राजनीति के लिए स्वतंत्र है, लेकिन इसको ओबीसी समाज से जोड़ना यह सर्वथा गलत है। इसमें कोई संदेह नहीं है कि हमलोगों को जो दायित्व मिला था उसका निर्वहन उनलोगों ने किया। और हमलोगों को पार्टी हमेशा सम्मान देती आई है। हमलोगों ने प्रोटोकॉल के तहत अपने रक्षा मंत्री का भी भरपूर सम्मान किया। पूर्व विधायक अशोक भगत ने कहा कि आप जातिवाद की राजनीति तो कर सकते हैं लेकिन ओबीसी समाज को भड़काने की राजनीति आप नहीं कर सकते हैं। सब लोग जानते हैं कि एक बार भाषण शुरू हो जाने के बाद न कोई मंच से उतर सकता है, न कोई मंच पर चढ़ सकता है यह एक शिष्टाचार भी है और प्रोटोकॉल भी। सुरक्षा की दृष्टि से भी देखा जाए तो भी यह व्यावहारिक प्रतीत होता है। ओबीसी समाज मरते दम तक कांग्रेस का भरोसा नहीं करेगा। कांग्रेस ने कभी भी ओबीसी समाज का भला नहीं किया, अभी कर्नाटक में ओबीसी जाति में अल्पसंख्यक समुदाय के 43 जाति को घुसा दिया गया है। सभी लोग कांग्रेस की मंशा से अवगत हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कांग्रेस की मंशा कभी सफल नहीं हो पाएगी और ओबीसी समुदाय का भाजपा को पूर्ण समर्थन प्राप्त है। पूर्व जिला अध्यक्ष राजीव मेहता ने कहा कि मंच काफी छोटा था, सुरक्षा की दृष्टिकोण से सभी लोगों का मंच पर चढ़ना संभव नहीं था। भारतीय जनता पार्टी के सभी ओबीसी के नेता जिला अध्यक्ष, पूर्व जिला अध्यक्ष, विधायक, पूर्व विधायक सभी लोग राजनाथ की अगवाई में हेलीपैड पर स्वागत के लिए गए थे। इसलिए उनलोग सभी नीचे खड़े होकर राजनाथ जी का भाषण सुन रहे थे। प्रत्याशी के नामांकन में भी देवघर के जिला अध्यक्ष स्वयं ओबीसी समाज समुदाय से आते हैं वे भी संग में था, इसमें कोई भी भ्रम नहीं है। यह संगठन का कार्यक्रम था और संगठन के द्वारा जो कार्यक्रम तय हुआ था। जिनको जो भी जवाबदेही दी गई थी वह जवाबदेही को पूर्ण करने में लगे हुए थे। यह केवल राजनीतिक हथकंडा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सबसे अधिक सम्मान ओबीसी समुदाय को मिल रहा है। एक संगठन की ओर से कृषि समुदाय के सूरज मंडल को दुमका में बहुत ही अपमानित किया गया था। इसलिए उस संगठन को गंभीरता से लेने की आवश्यकता नहीं है। ओबीसी समुदाय में किसी भी प्रकार का कंफ्यूजन नहीं है। ओबीसी समुदाय भारतीय जनता पार्टी के साथ मजबूती से खड़ा है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया प्रभारी प्रीतम गाड़िया भी साथ में मौजूद थे।
अखिल भारतीय कुशवाहा महासभा बीजेपी के पक्ष में करेगा मतदान
गोड्डा। संवाददाता कुशवाहा भवन गुलजार बाग गोड्डा में रविवार को अखिल भारतीय कुशवाहा महासभा राज्य कमेटी के निर्देश पर जिला कुशवाहा महासभा के प्रतिनिधियों ने बैठक कर एनडीए उम्मीदवार डाक्टर निशिकांत दुबे को तन, मन, धन से सहयोग करने का निर्णय लिया। बैठक की अध्यक्षता प्रमंडलीय अध्यक्ष अनिल कुमार चौधरी ने की। संचालन जिला अध्यक्ष डाक्टर सदानंद महतो ने की। बैठक में विशेष रूप से राष्ट्रीय सचिव राजीव मेहता, प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज कुमार कुशवाहा, राज्य कमेटी सदस्य प्रेम कुशवाहा, जिला उपाध्यक्ष अनुपलाल वगवै, अवधेश कुशवाहा, सचिव अखिलेश कुशवाहा, प्रफुल्ल कापरी, कौशल किशोर, अरुण कापरी, प्रितेश कुशवाहा, संरक्षक सुकदेव माल, कोषाध्यक्ष ओम प्रकाश औंकार, कार्यालय सचिव त्रिवेणी कुशवाहा आदि सैकड़ों सम्मानित समाज के लोग उपस्थित रहे। वर्तमान स्थिति को देखते हुए देश एवं राज्य में लोकसभा की लहर है। समाज को भी एकजुट होकर मतदान में हिस्सा लेकर एकमुश्त मतदान करने पर जोर दिया। कुशवाहा समाज को सभी दलों ने आजतक छलने का काम किया है। देश में एक मात्र पार्टी भाजपा है जो बिहार में प्रदेश अध्यक्ष एवं उप मुख्यमंत्री वहीं यूपी में उपमुख्यमंत्री दिया। बाकी दल ने कुशवाहा समाज को कुछ भी नहीं दिया। वोट पक्ष में किया जाय इन्हीं सवालों को लेकर बैठक में समाज को निर्णायक भूमिका में रहने की अपील की।
घर के दरवाजे पर खड़ी बाइक की चोरी
मेहरमा। संवाददाता मेहरमा थाना क्षेत्र के सिंघाड़ी गांव में शनिवार देर रात चोरों ने घर के दरवाजे पर खड़ी बाइक की चोरी कर ली। मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित गौरव कुमार, पिता शंभू मंडल नामक युवक ने मेहरमा थाना में चोरी को लेकर आवेदन दिया है। आवेदन में उल्लेख है कि उसका टीवीएस अपाची बाइक संख्या जेएच 17ए 3009 है। शनिवार रात्रि 11:30 बजे घर के दरवाजे से चोरों ने चोरी कर ली। हालांकि पीड़ित ने खोजबीन की लेकिन इसका कोई पता नहीं चला है।
हाइवा ने मसोमात वृद्धा को रौंदा, इलाज के लिए भागलपुर ले जाने के दौरान हुई मौत
मेहरमा। संवाददाता प्रखंड के बलबड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत रविवार को अमौर बलबड्डा मुख्य सड़क के बीच स्थित बलबड्डा पेट्रोल पंप के समीप तेज रफ्तार में आ रहा हाइवा ने एक 65 वर्षीय वृद्धा मसोमात बुधनी देवी नामक महिला को रौंद दिया। घटना उस वक्त का बताया जा रहा है जिस वक्त महिला राशन डीलर के घर से वापस लौट रही थी। मृतका जन वितरण प्रणाली डीलर के घर राशन वितरण की जानकारी लेने गई थी और वह वापस घर लौट रही थी। उसी वक्त हादसा हुई। जिससे महिला का दोनों पैर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर भागने लगा। लेकिन बलबड्डा शिव मंदिर के पास सड़क जाम रहने के कारण वाहन लेकर भागने में चालक असफल रहा। वहीं वाहन छोड़ कर भाग रहे चालक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। चालक का नाम वीरेंद्र कुमार बताया जा रहा है। वहीं घटना की सूचना पर ग्रामीण एवं महिला के परिजन पहुंचे और उसे प्राथमिक उपचार के लिए मेहरमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने उसे बेहतर इलाज की सलाह दी। वहीं महिला को इलाज के लिए भागलपुर ले जाया जा रहा था उसी दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की खबर से परिजनों के साथ-साथ गांव में मातम पसर गया। इधर घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को अपनी अभिरक्षा में लेते हुए दुर्घटना ग्रस्त हाइवा को सीज कर थाना ले गई। इस संबंध में थाना प्रभारी राहुल कुमार चौबे ने बताया कि चालक को हिरासत में लेकर दुर्घटना ग्रस्त हाइवा को सीज किया गया है। मृतका के परिजनों ने थाना में आवेदन नहीं दिया है। आवेदन प्राप्त होते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मॉडर्न नसिंर्ग की जन्मदाता फ्लोरेंस नाइटिंगेल के जन्म दिन को यादगार बनाने के लिए मनायी जाती है अंतरराष्ट्रीय नर्स डे
-इंटरनेशनल काउंसिल ऑफ नर्सेस ने 12 मई, 1974 को की अंतरराष्ट्रीय नर्स डे मनाने की घोषणा
गोड्डा। संवाददाता राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन गोड्डा के तत्वावधान में रविवार को अटल मोहल्ला क्लीनिक शान्ति नगर में अंतरराष्ट्रीय नर्स डे मनाया गया। जीएनएम अर्चना कुमारी ने बताया कि 1820 में इसी दिन मॉडर्न नसिंर्ग की जन्मदाता फ्लोरेंस नाइटिंगेल का जन्म हुआ था। यही वजह है कि इस दिन को समाज और हेल्थकेयर इंडस्ट्री में नर्सों के योगदान को याद करने, इस प्रोफेशन को बढ़ावा देने और नर्सेस को सम्मान देने के मकसद से 1974 में इंटरनेशनल काउंसिल ऑफ नर्सेस की ओर से इसे मनाने की घोषणा की गई। जिसमें शहरी स्वास्थ्य प्रबंधक जयशंकर ने बताया कि जब भी कोई रोगी अस्पताल में भर्ती होता है तो उसे स्वस्थ बनाने में जितना बड़ा योगदान एक डॉक्टर का होता है, उतना ही महत्वपूर्ण रोल एक नर्स का भी होता है। डॉक्टर मरीज के उपचार के लिए जो भी दवायें, इंजेक्शन और अन्य निर्देश देते हैं उसका बेहतर तरीके से पालन नर्स ही करती है। नर्स न सिर्फ मरीज के उपचार के लिए उन्हें समय से दवायें देती है। बल्कि दिन रात उनकी जरूरत का ध्यान भी रखती है। इसी त्याग और समर्पण के भाव को दुनिया को बताने के लिए पूरा विश्व 12 मई को हर साल इंटरनेशनल नर्स डे के रूप में मनाता है। इस दिन का उद्देश्य नर्स को उनके कार्य के लिए सम्मान देना है। अंत में जयशंकर ने अपनी पूरी नसिंर्ग स्टॉफ को धन्यवाद देते हुए कहा कि आपका असाधारण योगदान अद्वितीय है। अपनी करुणा, सहानुभूति और शक्ति के साथ दुनिया के उपचार के लिए एक बड़ा धन्यवाद। हम समर्थन और कृतज्ञता में आपके साथ हमेशा खड़े हैं। चिकित्सा कार्यों में सहयोग देने वाली नर्सों ने इस कार्य को इतना महान बना दिया है कि लोग उन्हें बहुत आदर और प्रेम से सिस्टर कह कर पुकारते हैं। बिना भेदभाव के वह इस मुंहबोले रिश्ते को अपने पेशे के साथ-साथ बखूबी निभाती भी हैं। इसीलिए ये नर्स चिकित्सा में सेवा, समूचे स्वास्थ्य तंत्र और उससे जुड़ी तमाम चिकित्सीय प्रणालियों की रीढ़ मानी जाती हैं। मौके पर सिस्टर आराधना कुमारी ने कहा कि मरीजों की सेवा करते-करते अब सेवा करना उनकी आदत में शामिल हो गया है। घर जाकर पड़ोस में भी सेवा करने का अवसर तलाशती रहती है। मौके पर एएनएम अलबिना सोरेन, जयमाला कुमारी, मनीता भारती, रीना कुमारी, पुष्पा कुमारी आदि उपस्थित थीं।
विद्यापति सांस्कृतिक परिषद ने ली मतदान की शपथ
गोड्डा। संवाददाता वोट करेगा गोड्डा, टॉप करेगा गोड्डा। प्रशासनिक संकल्प के सुर में सुर मिलाते हुए स्थानीय विद्यापति सांस्कृतिक परिषद से जुड़े बुद्धिजीवियों ने रविवार शाम अनिवार्य मतदान करने, औरों को प्रेरित कर गोड्डा लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत के निर्धारित लक्ष्य प्राप्ति के लिए सामूहिक शपथ ली। विद्यापति भवन परिसर में आयोजित संकल्प सभा में परिषद अध्यक्ष परमानंद चौधरी, पूर्व अध्यक्ष प्रो. डॉ. श्यामाकांत झा, कोषाध्यक्ष सुनील कुमार झा, संस्थापक सदस्य सर्वजीत झा, वरिष्ठ सदस्य ज्ञानेंद्र मिश्र, हरि शंकर मिश्र, मृत्युंजय झा, विनय ठाकुर, सुरजीत झा एवं प्रभु झा शामिल हुए।