-मतदाताओं में दिखा उत्साह
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता लोकतंत्र के महापर्व को लेकर मतदान के दिन मतदाताओं में उत्साह दृष्टिगोचर हुआ। पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाता तो काफी उत्साहित थे ही, झुकी कमर वाले वृद्ध मतदाता भी मतदान के प्रति कम उत्साहित नहीं थे। मतदान के दिन प्रकृति भी मेहरबान रही, जिसके कारण मतदान से एक दिन पूर्व भीषण गर्मी के कारण मतदान प्रतिशत कम होने की आशंका निर्मूल सिद्ध हुई। बादलों की लुकाछिपी के बीच भारी संख्या में मतदाताओं ने मतदान केंद्रों पर पहुंच कर मताधिकार का प्रयोग करने से परहेज नहीं किया। वृद्ध मतदाताओं की सुविधा के लिए मतदान केंद्रों तक वाहन पहुंचने की इजाजत थी। मतदान केंद्रों पर वृद्ध मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर की भी व्यवस्था थी।
खाकी वर्दी के पीछे दिखी संवेदना
वृद्ध मतदाताओं के प्रति पुलिस महकमा भी सहृदय रहा। अनेक मतदान केंद्रों पर पुलिस पदाधिकारियों ने वृद्ध मतदाताओं को व्हीलचेयर पर बिठाकर सहयोगी की भूमिका निभाई। जिला के अधिकांश मतदान केंद्रों पर पुलिस के सशस्त्र जवान तैनात थे। सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था के कारण प्रत्याशियों के समर्थक हुड़दंग मचाने से बचते रहे। विभिन्न उम्मीदवारों के कार्यकर्ताओं ने मतदाताओं को अपने-अपने घरों से निकल कर मतदान केंद्रों तक पहुंचाने में महती भूमिका निभाई। जिला मुख्यालय के कुछ बूथों पर एक राजनीतिक पार्टी के कार्यकर्ता अपनी पार्टी के चुनाव चिह्न वाली पर्ची बांटते पाए गए। विरोधी उम्मीदवार के समर्थकों की शिकायत पर प्रशासन ने पहल करते हुए इसे बंद कराया। जिले के जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने मतदान केंद्रों पर परिवार के सदस्यों के साथ मतदान करते हुए लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी निभाई। गोड्डा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक अमित मंडल ने पथरगामा प्रखंड स्थित अपने पैतृक गांव कोरका गांव के मतदान केंद्र पर अपने पारिवारिक सदस्यों के साथ मतदान किया। पोड़ैयाहाट के विधायक सह लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन समर्थित कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप यादव ने अपने पैतृक गांव बोहरा में मतदान किया। वहीं महागामा विधानसभा क्षेत्र की कांग्रेस विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने मेहरमा प्रखंड स्थित अपने ससुराल खिरौधी गांव के मतदान केंद्र पर अपने पारिवारिक सदस्यों के साथ मतदान किया।
ईवीएम मशीन की गड़बड़ी के कारण परेशान रहे अमरपुर के मतदाता
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता सदर प्रखंड के अमरपुर पंचायत अंतर्गत मतदान केंद्र संख्या-191 के मतदाताओं को ईवीएम मशीन की गड़बड़ी के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके कारण मतदान समाप्ति के निर्धारित समय के बाद करीब दो घंटे इस बूथ पर मतदान होता रहा। मिली जानकारी के अनुसार, सुबह 07 बजे मतदान शुरू होने पर ईवीएम मशीन की गड़बड़ी के कारण एक घंटा तक एक भी मतदाता वोट नहीं डाल सके। ईवीएम मशीन ठीक होने पर करीब 08 बजे सुबह मतदान शुरू हुआ। लेकिन एक घंटे के बाद पुन: ईवीएम मशीन ने काम करना बंद कर दिया। ईवीएम मशीन बदले जाने के बाद करीब 10:30 बजे से मतदान सुचारू रूप से शुरू हो सका। ईवीएम मशीन की गड़बड़ी के कारण इस मतदान केंद्र पर मतदाताओं की लंबी कतार घंटों तक लगी रही। काफी संख्या में महिला मतदाता घंटों तक कतारबद्ध रहीं। पहले मतदान, फिर जलपान की मानसिकता से सुबह के समय मतदान करने पहुंचे मतदाताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके कारण इस बूथ पर मतदान संध्या करीब 07 बजे समाप्त हुआ।
भाजपा प्रत्याशी ने भगैया पहुंच कर ली रुझान की जानकारी
मेहरमा। संवाददाता लोकसभा चुनाव के सातवें एवं अंतिम चरण का चुनाव शनिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। मेहरमा एवं ठाकुरगंगटी प्रखंड के तमाम मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। सभी प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई। चुनाव को लेकर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। जानकारी के मुताबिक मतदान प्रक्रिया पूर्व निर्धारित समय से कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई। शनिवार को असहनीय गर्मी और उमस से थोड़ी राहत थी। प्रखंड के विभिन्न बूथों पर सुबह से ही मतदाताओं की भीड़ लगी रही। मतदान करने को लेकर लोगों में उत्साह देखने को मिला। इसी कड़ी में गोड्डा लोकसभा के भाजपा प्रत्याशी निशिकांत दुबे देर शाम रेशम नगर भगैया पहुंचे और पत्ते का प्लेट में मुढ़ी, घुघनी, नाश्ता कर भगैया के सैकड़ों बुनकरों के बीच बैठ कर वोटिंग की जानकारी ली और लोगों की समस्याएं भी सुनीं। इस दौरान भगैया के ग्रामीणों ने कई समस्याओं से अवगत कराया। भाजपा प्रत्याशी निशिकांत दुबे ने आश्वासन देते हुए कहा कि जल्द ही आप सभी की मांगें पूरी हो जाएगी। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव मिश्रा, राजेश भगत, विष्णु राम, आलोक रंजन, मुन्ना पान समेत दर्जनों वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद थे।
महागामा में पहले मतदान फिर जलपान की तर्ज पर मतदाताओं ने किया मतदान
हनवारा। संवाददाता लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण में शनिवार को महागामा विधानसभा क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा के बीच लोकसभा चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। मतदाता सुबह 07 बजे से ही महिला और पुरुष वोट डालने मतदान केंद्रों पर कतारबद्ध हो गए। पहले मतदान फिर जलपान की तर्ज पर लोगों ने सबसे पहले वोट डालना आवश्यक समझा। मतदाता केंद्रों पर लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। जब उनकी बारी आई तो अपनी मनपसंद सरकार बनाने के लिए वोट डाला। मौसम सुहावना होने के कारण सुबह ही वोट डालने मतदान केंद्रों पर पहुंच गए। मतदान को लेकर मतदाताओं में उत्साह देखा गया। लोग त्योहार मनाने की तरह अपने घरों से निकले और अपनी मर्जी से वोट किया। कामकाजी महिलाएं भी सर्वप्रथम मतदान केंद्र पहुंची और अपनी मनपसंद सरकार बनाने के लिए वोट डाला। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे। साथ ही सुरक्षा बलों के जवानों द्वारा पेट्रोलिंग भी किया जा रहा था। मतदान केंद्र बिशनपुर, सारथु, परसा, कोयला, हनवारा, रामकोल, सुन्दरचक सहित सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बल के जवानों को तैनात किया गया था। सुरक्षा बल के जवानों ने मतदाताओं को मतदान कराने में सहयोग करते देखे गए। बुजुर्ग और महिला मतदाताओं को प्राथमिकता दी गई। परसा, हनवारा और नारायणी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी थी। मतदान केंद्रों पर बीएलओ सह सेविका और सहायिका ने मतदाताओं का सहयोग कर रहे थे। वहीं वॉलेंटियर ने वृद्ध पुरुष एवं महिलाओं के साथ दिव्यांग मतदाताओं को घर से लाकर मतदान कराया।
बोआरीजोर प्रखंड के मतदाताओं ने जमकर किया मतदान
ललमटिया। संवाददाता बोआरीजोर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत राजमहल लोकसभा क्षेत्र के बोरियो विधानसभा क्षेत्र में 102 मतदान केंद्र व बरहेट विधानसभा क्षेत्र में 32 मतदान केंद्र कुल 134 मतदान केंद्रों में शनिवार को शांतिपूर्ण माहौल में लोकसभा चुनाव संपन्न हुआ। चुनाव को लेकर बोआरीजोर बीडीओ सह निर्वाचन पदाधिकारी मिथिलेश कुमार सिंह ने बताया कि बोआरीजोर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत बोरियो विधानसभा में 102 मतदान केंद्र और बरहेट विधानसभा में 32 मतदान केंद्र में मतदान संपन्न हुआ। बड़ी संख्या में महिलाएं भी देखी गई। बोआरीजोर प्रखंड क्षेत्र में लोकसभा चुनाव शनिवार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
अंतरराष्ट्रीय ब्राह्मण दिवस पर एकजुटता का लिया संकल्प
गोड्डा। संवाददाता अंतर्राष्ट्रीय ब्राह्मण दिवस पर शनिवार को बसंतराय प्रखंड के महेशपुर गांव स्थित नवनिर्मित काली मंदिर परिसर में सेवानिवृत्त शिक्षक दिलीप कुमार झा की अध्यक्षता में गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान वर्तमान सामाजिक व राजनीतिक परिप्रेक्ष्य में समाज की एकजुटता का संकल्प लिया गया। मौके पर भजन गायक सुनील कुमार झा ने कहा कि इतिहास गवाह है कि ब्राह्मण का अतीत स्वर्णिम रहा है। ब्राह्मण धर्म की रक्षार्थ सदा कल्याणकारी कदम उठाते रहे हैं। दधिची, चाणक्य, भगवान परशुराम, विद्यापति जैसे अनेक ब्राह्मण मनीषियों ने भारत को गौरवान्वित करने का काम किया है। बावजूद वर्तमान सामाजिक व राजनीतिक परिप्रेक्ष्य में जहां वोट की राजनीति में ब्राह्मणों को हाशिये पर डालने का कुचक्र रचा जा रहा है। इससे हमें विचलित होने की आवश्यकता नहीं है। हमें फिर से एकजुटता प्रदर्शित करने की जरुरत है। कलियुग में एकजुटता ही सबसे बड़ी शक्ति है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित ग्रामीणों ने एकजुटता की इस मिसाल को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। मौके पर पुजारी मन्ना झा, अजय चौधरी, सुधाकर चौधरी, शंभू झा, दिलीप झा पंपूस, निशिकर झा, प्रमोद झा, नागेश्वर झा, निशिकांत झा, अमित कुमार झा आदि उपस्थित थे।