पिकअप वैन और गिक्सर एसएफ बाइक की आपस में जोरदार टक्कर
पुलिस दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर घटना की जांच में जुटी
मिहिजाम। संवाददाता। राष्ट्रीय राजमार्ग 419 पर मिहिजाम थाना क्षेत्र अंतर्गत आमोई पुल के करीब सड़क दुर्घटना में जामताड़ा विशेष शाखा के एसआई जैनेंद्र कुमार रजक उर्फ जय कुमार का सुबह करीब 12 बजे के आसपास घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस घटना की खबर पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई। बता दें कि जामताड़ा की ओर से तेज रफ्तार से मिहिजाम की ओर आ रही पिकअप वैन जिसका नंबर डब्लूबी 37ई 5966 से मिहिजाम की ओर से जामताड़ा जा रहे गिक्सर एसएफ बाइक जिसका नंबर जेएच 05 सीआर 3175 की आपस में जोरदार टक्कर हुई। जिस कारण एसआई जय कुमार दुर्घटना का शिकार होते हुए बाइक सहित सड़क किनारे झाड़ियों में गिरगए। पिकअप वैन के अगले हिस्से से जोरदार टक्कर लगने की वजह से एसआई जय कुमार का सर में गंभीर चोट लगने की वजह से घटनास्थल पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया। पिकअप वैन का चालक एवं खलासी मौके से फरार होने की कोशिश में नाकाम रही। फिलहाल अभी पुलिस के गिरफ्त में है। इस दुखद घटना के पश्चात घटनास्थल पर काफी भीड़ इकट्ठा हो गई। साथ ही, लोगों ने मिहिजाम पुलिस को घटना के बारे में जानकारी दिया गया। इस घटना की खबर पाते ही मिहिजाम पुलिस का गस्ती दल मौके पर पहुंचकर मृतक के शव का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा भेज दिया गया। साथ ही, दोनों गाड़ियों को पुलिस अपने कब्जे में लेकर घटना के बारे में जांच कर रही है।
इस घटना की खबर परिजनों को मिलते ही परिवार के लोगों में मातम छा गया। साथ ही, परिजन जामताड़ा पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। परिजनों ने बताया कि करीब चार महीने पूर्व ही मृतक का विवाह हुआ था और अपने वैवाहिक जीवन में काफी खुश था। मृतक के साथ काम करने वाले अन्य जवानों ने भी कहा कि मृतक का व्यवहार काफी मिलनसार था।
कुछ दिन पहले तक इस सड़क पर कई जगहों पर स्पीड ब्रेकर बना हुआ था, जिसे प्रशासन की ओर से इसी सप्ताह हटवा दिया गया। साथ ही, कहा कि प्रशासन की ओर से तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने वाले चालकों पर लगाम नहीं लगाया गया तो भविष्य में दुर्घटना होने की संभावना बनी रहेगी।
इस संबंध में थाना प्रभारी राजीव रंजन कुमार ने बताया कि इस घटना से पूरे पुलिस विभाग में मातम सा छाया हुआ है। साथ ही, मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। इसके अलावा घटना की जांच की जा रही है। कहा कि कहा कि तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने वाले चालकों पर जल्द ही अंकुश लगाया जाएगा।
कथा वाचक संजय शास्त्री ने किया किशोरी दीप आश्रम का भूमिपूजन
मिनी वृंदावन जैसा आश्रम बनेगा किशोरी दीप आश्रम
जामताड़ा। संवाददाता। श्रीधाम वृंदावन से पधारे अंतर्राष्ट्रीय कथावाचक संजय शास्त्री महाराज ने किया लाडली किशोरी दीप आश्रम का भूमि पूजन। झारखंड प्रदेश के अंदर जिला जामताड़ा में चार एकड़ से ऊपर 12.5 बीघा जमीन में लाडली किशोरी सेवा संस्थान के तत्वावधान में संजय शास्त्री महाराज जी ने बताया कि किशोरी दीप आश्रम मिनी वृंदावन जैसा आश्रम बनेगा। इस आश्रम में वृंदावन गोवर्धन एवं मथुरा के जितने भी मंदिर हैं उनकी जो छवि यहां पर दर्शाने का कार्य करेंगे। यह आश्रम विश्व में एक अनोखा आश्रम बनने के लिए जा रहा है क्योंकि प्रथम बार वृंदावन की जो ज्योति है, वह जामताड़ा पहुंची और इस ज्योति का यह दिव्य ज्योति आश्रम बनेगा। इसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम, बच्चों के लिए उच्च शिक्षा एवं आगे जैसे-जैसे आश्रम बढ़ता जाएगा और उसके कार्य भी आगे बढ़ते जाएंगे। इस कार्यक्रम में भक्तों ने पूजन व बंधन किया। यह आश्रम जामताड़ा भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय के निकट बन रहा है जो की 12.5 बीघा से ऊपर जमीन में एक दिव्य और एक भव्य आश्रम कुछ समय में बनकर तैयार होगा जिसके भूमि पूजन में आज सैकड़ो की संख्या में भक्तों ने राधा रानी एवं माता रानी के जय घोष के साथ में आनंद लिया। इसी क्रम में लाडली किशोरी सेवा संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष संजय शास्त्री महाराज ने श्री दुबराज मंडल को प्रदेश अध्यक्ष झारखंड का दायित्व दिया है और उनसे निवेदन किया है की दुबराज जी के साथ हजारों और लाखों की संख्या में भक्त झारखंड प्रदेश से जुड़कर राधा रानी और ठाकुर जी की सेवा में जुड़ेंगे और सभी सनातन धर्म को मजबूत करेंगे। मौके पर मुख्य रूप से भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित शरण, सुमन दास, अनूप राय, कमलेश मंडल, राजेश महतो, मितेन गोराई, जीवन मंगल, मिलन मंडल, टापू ठाकुर, निमाई भंडारी, मुकेश यादव, चंद्रशेखर राय, सुकुमार मंडल, जयदेव मंडल आदि उपस्थित रहे।
इग्नू में जुलाई सत्र 2024 के लिए नामांकन व री-रजिस्ट्रेशन जारी, अंतिम तिथि 15 जुलाई
मिहिजाम। संवाददाता। जनजातीय डिग्री कॉलेज मिहिजाम स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र 87017 के कॉर्डिनेटर डा. पूनम कुमारी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि इग्नू में जुलाई सत्र 2024 के लिए नामांकन तथा री-रजिस्ट्रेशन जारी है जिसकी अंतिम तिथि 15 जुलाई है। स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा तथा सर्टिफिकेट कोर्स के विभिन्न कार्यक्रमों में इच्छुक शिक्षार्थी अंतिम तिथि का लाभ उठा सकते हैं। ऑनलाइन नामांकन इग्नू के आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर करा सकते हैं। एससी एसटी के शिक्षार्थियो के लिए बीए (पास) बी कॉम (पास) एवं बीएससी (पास) में नि:शुल्क नामांकन करा सकते हैं। साथ ही, वैसे शिक्षार्थी जो मुद्रित अध्ययन सामग्री की जगह ऑनलाइन सामग्री से पढ़ाई का विकल्प चुन सकते हैं, उन्हें कार्यक्रम शुल्क में 15 फीसदी तक की छूट दी जाती है। किसी भी तरह की विशेष जानकारी के लिए कार्य दिवस में उक्त अध्ययन केंद्र 87017 से संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
जामताड़ा के थॉमस कुट्टी को आर्म रैसलिंग में मिला गोल्ड मेडल
जामताड़ा। संवाददाता। झारखंड राज्य आर्म रैसलिंग फेडरेशन की तरफ से आयोजित 100 किलोग्राम कैटेगरी आर्म रैसलिंग प्रतियोगिता में जामताड़ा जिला से एडवर्ड्स इंग्लिश स्कूल के प्रबंधक थॉमस कुट्टी ने हिस्सा लिया जिसमें उन्हें राज्य स्तर पर गोल्ड मेडल प्राप्त हुआ। उन्हें आगामी 1 से 5 अगस्त, 2024 तक रायपुर (छत्तीसगढ़) में होने वाले राष्ट्रीय आर्म रैसलिंग कंपटीशन के लिए भी चुन लिया गया है। थॉमस कुट्टी एक निष्ठावान एवं कर्मशील व्यक्ति हैं। उन्हें अपने काम के प्रति बहुत लगन है तथा सभी व्यक्तियों के साथ मिलनसारिता के साथ पेश आते हैं। स्कूल प्रबंधन की ड्यूटी को निभाने के बाद वह अपने हेल्थ फिटनेस के लिए लग जाते हैं। जिले के एक निजी जिम सेंटर में जाकर प्रेक्टिस करना तथा घर पहुंच कर अभ्यास करना उनकी दिनचर्या में शामिल है।
राज्य स्तरीय गोल्ड मेडल प्राप्त करने तथा राष्ट्रीय स्तर के आर्म रैसलिंग कंपटीशन के लिए चयनित होने के उपलक्ष्य पर एडवर्ड्स इंग्लिश स्कूल के सभागार में प्रधानाचार्य एंथोनी रीस ने उन्हें सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। स्कूल के सभी विद्यार्थी काफी उत्साहित थे एवं थॉमस कुट्टी को धन्यवाद दे रहे थे। उनकी इस उपलब्धि पर स्कूल के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने भी उन्हें धन्यवाद दिया।
डीसी व एसपी ने मुहर्रम को लेकर विधि व्यवस्था संबंधी जारी किया संयुक्त आदेश
जामताड़ा। संवाददाता। मुहर्रम को लेकर डीसी कुमुद सहाय एवं एसपी अनिमेष नैथानी ने विधि व्यवस्था संधारण को लेकर संयुक्त आदेश जारी किया है। जारी आदेश के अनुसार, इस वर्ष मुस्लिम समुदाय का मातमी पर्व मुहर्रम 17 जुलाई को मनाया जायेगा। परन्तु चांद के दृष्टिगोचर होने के उपरान्त पर्व तिथि में परिवर्तन संभव है। मुहर्रम के अवसर पर विभिन्न अखाड़ों से विशाल ताजिये, गाजे-बाजे एवं अस्त्र-शस्त्रों के साथ निकाले जाने की परम्परा है। जुलूस के रास्ते में अस्त्र-शस्त्र का संचालन एवं करतबों का प्रदर्शन किया जाता है। उक्त अवसर पर गश्ती दल दण्डाधिकारियों को विशेष हिदायत दी जाती है कि वे अपने क्षेत्र के संवेदनशील, अतिसंवेदनशील आबादी से संबंधित क्षेत्र में अधिक भ्रमणशील रहेंगे। साथ ही, व्हाट्सएप, लिंकेडिन, फेसबुक, एक्स एवं अन्य सोशल मीडिया ग्रुप में प्रचारित प्रसारित होने वाले विवादित तस्वीरों एवं संवादों, जिससे किसी विशेष सम्प्रदाय, धर्म, जाति की भावनाओं को आहत पहुंचाने वाली टिप्पणियां हों और नफरत फैलाते हों, पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया है।
वहीं कहा गया कि ताजिया जुलूस के दौरान जुलूस ऐसे मार्ग से न गुजरे जहां पर साम्प्रदायिक विवाद उत्पन्न होने की जरा सी भी संभावना हो। अति विशिष्ट संकटकालीन परिस्थिति को छोड़कर पूर्व से निर्धारित, निर्दिष्ट जुलूस के मार्ग में परिवर्तन बिना विचार-विमर्श के नही किया जायेगा। वहीं विधि-व्यवस्था संधारण के लिए दण्डाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस बल 16 जुलाई के अपराह्न 04 बजे से हीं अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थान पर उपलब्ध हो जायेंगे एवं 18 जुलाई के अपराह्न तक स्थल पर बने रहेंगे। स्थिति सामान्य होने पर ही वे अपना स्थान छोड़ेंगे अन्यथा यथावत प्रतिनियुक्त रहेंगे।
अनुमंडल पदाधिकारी जामताड़ा सुनिश्चित करेंगे कि दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी सशस्त्र बल के साथ अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर निर्धारित समय पर अवश्य उपलब्ध हो जायें। वहीं कहा गया कि जहां शांति-व्यवस्था भंग होने की आशंका हो, वहां पर ससमय बीएनएसएस की धारा 163/126 के अन्तर्गत निरोधात्मक कार्रवाई की जाय। साथ ही, इस अवसर पर डीजे, लाउडस्पीकर में भड़काउ सीडी, आपत्तिजनक गाने न बजे तथा ध्वनि तीव्रता निर्धारित मापदंड से अधिक न हो, एसडीओ इसे सुनिश्चित करेंगे।
मुहर्रम के अवसर पर शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए जुगनू मिंज, परियोजना निदेशक आईटीडीए, मो 7050104206 को जामताड़ा, नारायणपुर एवं करमाटांड़ प्रखंड तथा मनोज कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी, जामताड़ा मो 7004635001 को नाला, कुंडहित एवं फतेहपुर प्रखंड के लिए विधि-व्यवस्था के वरीय पदाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्ति की गई है। वर्तमान में जामताड़ा जिला में 24*7 जिला नियंत्रण कक्ष कार्यरत है, जिनका दूरभाष संख्या 06433-222245 है।
जिले का महत्वपूर्ण दूरभाष:
- उपायुक्त जामताड़ा 9431130960, 06433 222435 (कार्यालय दूरभाष)
- पुलिस अधीक्षक, जामताड़ा 9431130811, 06433 222021 (कार्यालय दूरभाष)
- अपर समाहर्ता, जामताड़ा 7004043727
- अनुमंडल पदाधिकारी 9693741777, 06433 222245
- अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जामताड़ा 9470591035
- अपर पुलिस अधीक्षक (मु) 9470591046
- अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नाला 9523355003
- पुलिस उपाधीक्षक, साईबर, जामताड़ा 7991106799
सामुदायिक भवन मरम्मत के अभाव में अस्तित्व खोने के कगार पर
जो कभी भी बड़े हादसा का गवाह बन सकता है
बिंदापाथर। संवाददाता। फतेहपुर प्रखंड क्षेत्र के डुमरीया पंचायत अन्तर्गत सहरबेड़िया गांव में वर्षों पूर्व निर्माण किया गया सामुदायिक भवन इनदिनों रख रखाव के अभाव में अपना अस्तित्व खोने लगा है। लाखों रुपए की लागत से बनाए गए यह भवन मरम्मत की कमी से अब खंडहर में तब्दील होने जा रहा है। आमजन व समाज के लोगों को बैठक कर गांव का विकास के लिए चर्चा करने, चौपाल, विचार विमर्श तथा धार्मिक कार्यों के लिए उपयोगी साबित हो रहा था लेकिन जन प्रतिनिधि की उदासीनता और समुचित देखरेख के अभाव में भवनों की हालत खराब हो गई। गांव के एकमात्र सामुदायिक भवन जर्जर हो चुका है, जो कभी भी बड़े हादसा का गवाह बन सकता है। इस भवन से गांव के आदिवासी परिवारों को काफी लाभ मिल रहा था। खासकर बरसात के इन दिनों में इस जर्जर भवन में गांव के आदिवासी लोग काफी तादाद में लाभान्वित हो रहे थे। वर्तमान में भवन का फर्स, दीवार फट चुका है तथा दरवाजा खिड़की भी टूटने लगा है। इस बारे में सनातन टुडू और धना बास्की ने बताया कि इस भवन में गांव के अनेक आदिवासी परिवार का रहने का आशियाना हुआ करता था, जो जर्जर हो जाने से अब बेकार साबित हो रहा है। खासकर इस भवन से परिवार को शादी-विवाह में बाराती का ठहराव से लेकर सगे-संबंधियों को ठहराने का एकमात्र जगह था। ग्रामीणों ने इस उपयोगी भवन को मरम्मत कराने की प्रशासन से मांग की है।