हजारों की संख्या में लोगों ने लिया धार्मिक अनुष्ठान में भाग
पाकुड़ निसं। मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र के श्री श्री तारा मां बामदेव आश्रम में महाशिवरात्रि एवं बामाखेपा के जन्म उत्सव को लेकर आयोजित दो दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का समापन गुरुवार को पूरे विधि विधान के साथ किया गया। वही धार्मिक अनुष्ठान में आसपास के बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति देखी गई। हजारों की संख्या में लोग मंदिर पहुंचे और धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेते हुए प्रसाद के रूप में बांटे गए खिचड़ी का जमकर आनंद उठाया। दो दिवसीय पूजन उत्सव के तहत मां तारा के भक्त बामाखेपा के जन्म जयंती को लेकर जहां विभिन्न प्रकार के अनुष्ठान का आयोजन किया गया। वहीं भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना की गई। मौके पर मौजूद आश्रम के सुविमल चक्रवर्ती ने बताया कि यहां पर 1982 से ही मां तारा के भक्त बामाखेपा के नाम पर श्री श्री तारा मां बामदेव आश्रम की स्थापना की गई थी और यहां बामदेव का प्रतिमा स्थापित किया गया है। दूर-दूर से भक्त खासकर पश्चिम बंगाल के कोलकाता, तारापीठ, रामपुरहाट, वर्धमान समेत अन्य कई शहरों से बड़ी संख्या में भक्त यहां आते रहते हैं। यहां शंकर सेन गुप्ता, अनिल घोष, टुनटुनी राजवंशी का सहयोग प्राप्त होता रहा है। इसके अलावा स्थानीय लोगों में श्यामल गोस्वामी, शिशिर शाह के साथ-साथ ट्रस्ट के अध्यक्ष अम्लान कुसुम सिन्हा उर्फ बुल्टी विगत कई वर्षों से पूरी तरह से इस आश्रम के प्रति समर्पित रहे हैं। उनके देखरेख में यह आश्रम सेवा के प्रति समर्पित हो रहा है। उन्होंने बताया कि दो दिवसीय अनुष्ठान में सभी लोगों ने अहम भूमिका अदा किया है और आज महाप्रसाद में लगभग 5000 लोगों ने हिस्सा लिया।
डस्ट लोड हाईवा अनियंत्रित होकर पलटा, बच्चा समेत तीन लोग हुए घायल
लिट्टीपाड़ा। संवाददाता। सिमलौंग ओपी क्षेत्र के सिमलोंग-सिंगारसी मुख्य सड़क कुंजबोना मिशन स्कूल के समीप बुधवार देर रात तेज रफ्तार डस्ट लोड हाइवा अनियंत्रित होकर एक घर को तोड़ते हुए दूसरे घर के ऊपर पलट गया, जिससे घर के अंदर सो रहे दो बच्चा सहित तीन लोग घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना से अयोध्या राम सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को ग्रामीणों की सहयोग से उठाकर सामुदायिक स्वास्थ केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने सभी का प्राथमिक उपचार कर सरस्वती टुडू 6 वर्ष एवं मरांगमय सोरेन 32 वर्ष को बेहतर इलाज के लिए पाकुड़ रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार, हाइवा संख्या जेएच 04एक्स 9050 अमड़ापाड़ा क्षेत्र के पत्थर क्रेसर से पत्थर डस्ट लेकर सिमलोंग की ओर जा रहा था कि कुंजोबोन मोड़ के समीप अनियंत्रित होकर पहले शिवधन टुडू का पीएम आवास को ठोकर मारते हुए संझलो टुडू के घर में जाकर पलट गया, जिससे मिट्टी एवं टाली से बना घर पूरी तरह छतिग्रस्त हो गया। संझलो टुडू के घर में सो रही पत्नी मरांगमय सोरेन 32 वर्ष, बेटी सरस्वती टुडू 6 वर्ष एवं बेटा राकेश टुडू 3 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना की तेज आवाज से आसपास के ग्रामीण अपने अपने घरों से निकलकर बचाव कार्य में जुट गया। इस दौरान घर के मलवे में दबे दो बच्चों सहित तीन लोगों को निकालकर पुलिस के सहयोग से लिट्टीपाड़ा हॉस्पिटल पहुंचाया गया। ओपी प्रभारी नवीन कुमार ने बताया दुर्घटना में घायल तीनों को हॉस्पिटल पहुंचाया गया है। हाइवा चालक फरार है। मामले की जांच की जा रही है।
दो मोटरसाइकिल में टक्कर, चार लोग घायल
लिट्टीपाड़ा। संवाददाता। थाना क्षेत्र के कुंजबोना लिट्टीपाड़ा मुख्य सड़क बरमसिया गांव के समीप दो मोटरसाइकिल की टक्कर से चार लोग घायल हो गया। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के मासपाड़ा गांव निवासी बिष्णु पहाड़िया 17 वर्ष, डाबी पहाड़िन 15 वर्ष, भादु पहाड़िया 14 वर्ष बुधवार रात को सुरजबेड़ा गांव में लगे शिवरात्रि मेला देख कर घर लौट रहा था कि पीछे से आ रहे अनिभिठा गांव निवासी रूपा पहाड़िया ने पीछे से ठोकर मार दिया, जिससे दोनों मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे मोटरसाइकिल में सवार चारो लोग घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय ग्रामीण व परिजनों ने उठाकर निजी क्लिनिक में इलाज कर घर ले गया।
भाड़े के मकान में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र को जल्द मिलेगा अपना भवन
हिरणपुर। संवाददाता। प्रखंड के मोहनपुर एवं छपतल्ला में भाड़े के मकान में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र को जल्द सरकारी खाली पड़े भवन में शिफ्ट किया जाएगा। इसके लिए बीडीओ दिलीप टुडू ने गुरुवार को मोहनपुर एवं छपतल्ला गांव के बंद पड़े सामुदायिक भवन का निरीक्षण किया। वहीं सामुदायिक भवन में आंगनबाड़ी केंद्र को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए पंचायत सचिव कामरुजमान को रंग-रोगन एवं अन्य व्यवस्था को ठीक करने का निर्देश दिए गए। इस बावत बीडीओ ने बताया कि आंगनबाड़ी भवन नही होने के कारण निजी मकान में केंद्र को चलाया जा रहा है। इसके लिए सामुदायिक भवन में आंगनबाड़ी केंद्र को संचालित के लिए सेविका को निर्देश दिया गया। मौके पर उपप्रमुख अब्दुल गनी मोमिन, बीपीओ ट्विंकल चौधरी सहित अन्य मौजूद थे।
खनन प्रभावित क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं को निर्धारित समय के अंदर पूर्ण करें : डीसी
उपायुक्त ने की मनरेगा व आवास योजनाओं के विभिन्न मापदंडों की समीक्षा
पाकुड़ निसं। समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में मनरेगा, आवास योजनाओं का समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में मनरेगा आवास योजना के प्रगति को लेकर बारी-बारी से समीक्षा किया गया। इसके साथ-साथ बैठक में उपायुक्त ने लक्ष्य के अनुरूप मानव दिवस सृजन शत प्रतिशत करने का निर्देश दिया। अबुआ आवास एवं प्रधानमंत्री आवास योजना में ई-मस्टर रोल निर्गत की समीक्षा कर लक्ष्य के अनुरूप मस्टर रोल जारी करने की बात कही। उपायुक्त ने सभी बीडीओ को दीदी बाड़ी योजना निरीक्षण करने एवं बकाया राशि का भुगतान करने का निर्देश दिया। एबीपीएस में 99 प्रतिशत प्रगति 10 मार्च तक करने का निर्देश सभी प्रखंड को दिया गया। बिरसा सिंचाई कूप योजना में योजना मद की राशि 2 करोड़ तक खर्च करने का निर्देश दिया गया। 2021-22 एवं उससे पूर्व की लंबित योजनाओं को कनीय अभियंता एवं सहायक अभियंता पूर्ण करायें जिसके एक महीने का समय दिया गया। अपूर्ण योजनाओं को पूर्ण करने पर विशेष रूप से जोर देने की बात उपायुक्त ने कही।
बैठक में उप विकास आयुक्त, परियोजना निदेशक, आईटीडीए, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी, परियोजना पदाधिकारी मोतिउर रहमान समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
सभागार में उपायुक्त ने जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) के तहत किये जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा किया। समीक्षा में जिले के विभिन्न विभाग के अंतर्गत डीएमएफटी मद के माध्यम से संचालित योजनाओं के तहत हो रहे कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कई निर्देश दिये गये। बैठक में डीएमएफटी से स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास व सड़क निर्माण समेत अन्य संचालित योजनाओं को जल्द से जल्द पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने खनन प्रभावित क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर सभी संचालित योजनाओं को निर्धारित समय के अंदर पूर्ण करने का निर्देश दिया। साथ ही वैसी योजनाएं, जो पूर्ण कर ली गयी है, उन्हें जांच के बाद भुगतान करने का निर्देश दिया गया। बैठक में उपायुक्त ने सभी कार्यकारी एजेंसियों को लंबित योजनाओं को अविलंब पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
पत्नी ने ईंट से मारकर की पति की हत्या
पाकुड़ निसं। थाना क्षेत्र के धरनीपहाड़ में गुरुवार को एक पत्नी ने मामूली विवाद में अपने पति की ईंट से मारकर हत्या कर दी। मामले की जानकारी मिलते ही थाना एसआई गौरी शंकर प्रसाद ने दलबल के साथ मौके पर पहुंचकर आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार धरनीपहाड़ निवासी लोफरा पहाड़िया(30) वर्ष की अपनी पत्नी कमली पहाड़िन के बीच पारिवारिक बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई जिसके बाद कमली पहाड़िन ने आवेश में आकर अपने पति के सर व गुप्तांग पर ईंट से वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इधर घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर मामले की छानबीन में जुट गई है। खबर लिखे जाने तक पुलिस शव को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया में लगी थी।