गोड्डा। संवाददाता। उपायुक्त अंजली यादव की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में आयोजित समीक्षा बैठक में जन शिकायत जनशिकायत एवं इंटरनल ट्रैकिंग सिस्टम से संबंधित विभागवार समीक्षा की गई। जनता दरबार में प्राप्त हुए विभिन्न विभागों के 176 लंबित मामलों पर विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने विशेष रूप से बिजली, पेंशन, आवास, स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा, राजस्व और पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने नशा मुक्ति अभियान के क्रियाकलाप एवं मानवाधिकार आयोग सहित अन्य मामलों से संबंधित विभागीय अधिकारी शिकायतों का निवारण करने के साथ-साथ उसकी एक्शन टैकन रिपोर्ट भी संबंधित पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जन शिकायत पोर्टल पर किसी भी प्रकार की कोई शिकायत लंबित नहीं रहनी चाहिए। इसके साथ ही अधिकारी समय-समय पर जन शिकायत व इंटरनल ट्रैकिंग सिस्टम को भी चेक करें और निर्धारित समयावधि में ही शिकायतों को हल करना सुनिश्चित करें। इसके अलावा उपायुक्त ने सभी कार्यालय प्रधान को सख्त निर्देश दिया कि जन शिकायत व इंटरनल ट्रैकिंग सिस्टम के तहत प्राप्त आवेदनों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जन शिकायत पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का भी समयबद्ध समाधान अनिवार्य रूप से किया जाए। उन्होंने बताया कि संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी अपने स्तर से जन शिकायत से संबंधित सारे संचिकाओं का निष्पादन यथाशीघ्र करें। उपायुक्त के द्वारा बताया गया कि पेंडिंग पड़े मामले जिनका निष्पादन हो गया है उनको संचिका सूची से बाहर किए जाए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान उप विकास आयुक्त गोड्डा दीपक कुमार दूबे, अपर समाहर्ता, प्रेमलता मुर्मू सहित अन्य पदाधिकारीगण, संबंधित प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं सभी कार्यालय प्रधान मौजूद थे।
मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत एससी-एसटी वर्ग के 29 लाभुकों के आवेदन स्वीकृत
गोड्डा। संवाददाता। समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त अंजली यादव की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत लाभुकों के स्वीकृति हेतु जिला स्तरीय समिति की बैठक आहूत की गई। बैठक में समितियों के द्वारा जिले के विभिन्न प्रखंडों में विभिन्न बीमारियों से ग्रसित अनुसूचित जनजाति से संबंधित प्राप्त 72 आवेदनों में से 18 आवेदन स्वीकृत किए गए। वहीं अनुसूचित जाति से संबंधित प्राप्त 49 आवेदनों में 11 लाभुकों के आवेदन पत्रों को स्वीकृत किया गया। ज्ञातव्य हो कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना का मुख्य उद्देश्य राज्य के अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति और पिछड़े वर्ग के लोगों को स्वास्थ्य एवं आरोग्य के लिए पौष्टिक आहार और आर्थिक सहायता प्रदान करना है। इस योजना के तहत लाभार्थियों को निम्नलिखित सहायता राशि प्रदान की जाती है। व्यस्क लाभुक: 3,000 से 5,000 रुपये तक, अव्यस्क लाभुक: 1,500 से 2,500 रुपये तक, कैंसर पीड़ित व्यस्क लाभुक: 25,000 रुपये तक कैंसर पीड़ित अव्यस्क लाभुक: 15,000 रुपये तक लाभार्थियों को आवेदन के लिए राशन कार्ड, आधार कार्ड, बैंक खाता, जाति प्रमाण पत्र और आय प्रमाण पत्र जैसे आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होते हैं। मौके पर सिविल सर्जन, गोड्डा डॉ0 एस सी शर्मा, जिला कल्याण पदाधिकारी सुधीर प्रसाद सिंह, विधायक प्रतिनिधि पोड़ैयाहाट सहित जिला कल्याण विभाग के कार्यालय कर्मीगण मौजूद थे।
जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने का निर्णय
गोड्डा। संवाददाता। समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त अंजली यादव की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति शासी निकाय की बैठक आहूत की गई। बैठक में उपायुक्त के द्वारा गोड्डा जिला अंतर्गत 33 स्वास्थ्य उपकेंद्र विहीन पंचायतों में से 19 पंचायतों में चिन्हित स्थलों पर नए भवन निर्माण की स्वीकृति, आयुष्मान आरोग्य मंदिर हेतु संचालित जन आरोग्य समिति के खातों में वित्तीय वर्ष 2023-24 तथा 2024-25 में एन-एच-एम मद से उपलब्ध कराए गए राशि का व्यय से संबंधित जांच सत्यापन सभी प्रखंड के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी स्तर से टीम गठित कर जांच करने का निर्देश, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेहरमा में अग्निशमन यंत्र अधिष्ठापन की स्वीकृति, सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिर में बायोमेट्रिक के माध्यम से शत प्रतिशत उपस्थिति दर्ज करने के निमित बायोमेट्रिक उपकरण अधिष्ठापन कराने, सरकारी अस्पतालों में मैनपॉवर बहाल यथा: लैब टेक्नीशियन, ड्राइवर, नर्स, कंप्यूटर ऑपरेटर जितनी की जरूरत है सभी की सूची तैयार कर आगामी बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। मौके पर सिविल सर्जन, डॉ0 एससी शर्मा, सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ0 तारा शंकर झा, सहित डीपीएम, डीपीसी, अस्पताल मैनेजर एवं कार्यालय कर्मीगण मौजूद रहे।
भारत की बेटियों ने रचा इतिहास: दीपिका
गोड्डा। संवाददाता। अंतर्राष्ट्रीय महिला क्रिकेट विश्व कप का चैंपियन भारत के बनने पर समाज के विभिन्न क्षेत्र के लोगों ने खुशी का इजहार किया है। झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा है कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए साउथ अफ्रीका को 52 रन से हराकर वनडे विश्वकप अपने नाम कर लिया।इस जीत ने पूरे देश को गर्व और उत्साह से भर दिया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास सह पंचायती राज विभाग की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने बेटियों को बधाई देते हुए कहा यह सचमुच गर्व का क्षण है। हमारी बेटियों ने देश का सिर ऊंचा किया है। आज की बेटी किसी से कम नहीं है। वह हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा, मेहनत और हौसले से देश का नाम रोशन कर रही है। मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि भारतीय महिला टीम ने यह साबित कर दिया है कि अगर जज्बा हो तो किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है। यह जीत देश की हर बेटी के लिए प्रेरणा बनेगी।
प्रगतिशील किसानों को मिला मधुमक्खी पालन उपकरण
साहिबगंज। संवाददाता। उद्यान विकास योजना की उपयोजना मधुमक्खी पालन के तहत जिले के बरहरवा प्रखंड में चयनित 20 प्रगतिशील कृषकों को तीन दिवसीय मधुमक्खी पालन प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद सोमवार को प्रत्येक किसान को 20 मधुमक्खी बक्से, 20 मधुमक्खी छत्ते, शहद निष्कर्षण यंत्र सहित अन्य आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराया गया। मौके पर जिला उद्यान पदाधिकारी अमितेश रंजन, सब्जी प्रसार कार्यकर्ता मुकेश कुमार, प्रगतिशील किसान प्रेम पासवान मौजूद थे।
अस्पताल प्रबंधन समिति की बैठक संपन्न
गोड्डा। संवाददाता। समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त अंजली यादव की अध्यक्षता में अस्पताल प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त के द्वारा पूर्व में दिए गए निर्देश के अनुपालन की स्थिति की क्रमवार समीक्षा की गई। बैठक में सदर अस्पताल के निबंधन एवं बिलिंग काउंटर को पुराने मेल वार्ड में स्थानांतरित करने, आयुष्मान भारत योजना के सफल संचालन हेतु कंप्यूटर सेट का अधिष्ठापन करने,सरकारी एंबुलेंस सेवा के दरों में वृद्धि करने, सदर अस्पताल गोड्डा में मेजर सर्जरी करने हेतू मरीजों के लिए एनेस्थीसिया वर्क स्टेशन सेट क्रय करने, लेप्रोस्कोपिक सेट की उपलब्धता, हड्डी रोग सर्जरी हेतु आवश्यक उपकरण क्रय करने, प्रयोगशाला कक्ष में आवश्यक जांच सामग्री जैसे रिएजेंट केमिकल, किट इत्यादि का क्रय करने, सदर अस्पताल में मुफ्त मोतियाबिंद के ऑपरेशन हेतु लेंस क्रय करने, स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने हेतु अतिरिक्त मानव बल नियोजित करने, बाहर से आए एनेस्थीसिया मरीजों को ब्लड उपलब्ध कराने, सदर अस्पताल गोड्डा के ओ.पी.डी एवं सदर अस्पताल के बाहर सौंदर्यीकरण का कार्य पूर्ण करने, भंडारगृह में दवा एवं अन्य सामग्री को सुसज्जित रखने, भंडारगृह के बाहर मरम्मति एव रंग रोगन कार्य पूर्ण कराने, कैजुवल्टी वार्ड में मरीजों की संख्या में काफी बढ़ोतरी हो जाने के कारण मुख्य भवन में संचालित टीकाकरण कक्ष के स्थान पर कैजुवल्टी वार्ड का निर्माण कराने, अस्पताल परिसर के सामने एंबुलेंस को सुव्यवस्थित तरीके से तरीके रखने, डायलिसिस मशीन क्रय करने तथा अस्पताल में आए सभी मरिजों को वेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। मौके पर सिविल सर्जन, डॉ0एस सी शर्मा, जिला योजना पदाधिकारी फैजान सरवर, सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ0 ताराकांत झा, हॉस्पिटल मैनेजर मोनाली राय सहित अन्य कर्मीगण मौजूद रहे।
ग्रामीणों को कानूनी अधिकारों और नि:शुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी गयी
लिट्टीपाड़ा। संवाददाता। प्रखंड सभागार भवन में सोमवार को ‘जस्टिस ऑन व्हील’ के तहत विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसकी अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख मरांग बीटी बेसरा ने की। कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कुमार, उप प्रमुख आबेदा बीवी और बीस सूत्री अध्यक्ष प्रसाद हांसदा भी उपस्थित थे। पाकुड़ स्थायी लोक अदालत के चेयरमैन अशोक कुमार शुक्ला और पीएलए सदस्य राजीव कुमार झा ने लोगों को कानूनी अधिकारों, न्यायिक सेवाओं तक पहुंच और नि:शुल्क विधिक सहायता के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि समाज में बढ़ते अपराधों पर नियंत्रण पाने के लिए हर नागरिक का कानून के प्रति सजग और जागरूक होना आवश्यक है। जागरूकता ही अपराध नियंत्रण का सबसे प्रभावी उपाय है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में न्यायिक व्यवस्था की पहुंच को मजबूत करना और ‘न्याय सबके द्वार’ की परिकल्पना को साकार करना था। इस अवसर पर सभी पंचायतों के मुखिया और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
ओवरस्पीडिंग जागरूकता सप्ताह शुरू
पाकुड़। संवाददाता। जिला में 3 नवंबर से 9 नवंबर 2025 तक ‘ओवरस्पीडिंग जागरूकता सप्ताह’ का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य तेज गति से वाहन चलाने के खतरों के प्रति लोगों को जागरूक करना और जिले में सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है। इस सप्ताह के दौरान “रफ़्तार नहीं, जीवन की ज़म्मिेदारी निभाओ रफ़्तार घटाओ, सुरक्षा बढ़ाओ” का संदेश प्रसारित किया जा रहा है। अभियान के तहत विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें आम नागरिकों, वाहन चालकों और युवाओं को सुरक्षित ड्राइविंग के महत्व से अवगत कराया जा रहा है। जिला परिवहन पदाधिकारी मिथलेश कुमार चौधरी ने इस अवसर पर जनसामान्य से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी बड़ी दुर्घटनाओं को रोक सकती है। सड़क पर संयम और गति नियंत्रण ही जीवन की सुरक्षा का सबसे सरल उपाय है। प्रशासन ने सभी नागरिकों से वाहन चलाते समय गति सीमा का पालन करने, हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने और शराब पीकर वाहन न चलाने का आग्रह किया है। सभी के सहयोग से ही “सुरक्षित पाकुड़, सुरक्षित झारखंड” के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
प्रशिक्षण के लिए गोड्डा के दो शिक्षक हैदराबाद रवाना
महागामा। संवाददाता। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत कला आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सांस्कृतिक स्रोत एवं प्रशिक्षण केंद्र, हैदराबाद द्वारा आयोजित “शिक्षा में पुतलीकला की भूमिका” का प्रशिक्षण हेतु गोड्डा के दो शिक्षक रीतेश रंजन एवं सनातन कुमार दास का चयन किया गया है। ज्ञात हो कि रीतेश रंजन उत्क्रमित मध्य विद्यालय चिल्हा एवं सनातन कुमार दास उत्क्रमित मध्य विद्यालय विश्वासखानी, अंचल-महागामा के सहायक शिक्षक हैं। प्रशिक्षण पंद्रह दिनों, दिनांक 6 नवंबर से 20 नवंबर तक आयोजित है। यह प्रशिक्षण विद्यार्थियों में रचनात्मकता, सहभागिता और आनंदमय शिक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पुतलीकला के माध्यम से शिक्षण को अधिक रोचक और बाल- केंद्रित बनाने का प्रयास राष्ट्रीय शिक्षा नीति के उद्देश्यों के अनुरूप है।
रीतेश रंजन ने बताया कि इस प्रशिक्षण से बच्चों को पढ़ाने में नई तकनीकों और रचनात्मक तरीकों को अपनाने में सहायता मिलेगी। विद्यालय परिवार और स्थानीय शिक्षकों ने उनके चयन पर प्रसन्नता व्यक्त की है तथा इसे विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।
चोर ने एल्वेस्टर तोड़ा और सामान लेकर हुआ फरार
हिरणपुर/संवाददाता। हिरणपुर बाजार के नामोपाड़ा स्थित एक मोबाइल दुकान में रविवार देर रात चोरी की घटना हुई। यह पूरी वारदात दुकान के बगल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। अज्ञात चोर एल्वेस्टर तोड़कर दुकान में घुसा और सामान लेकर फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, चोर रात करीब 12:46 बजे नामोपाड़ा की ओर से आया। उसने दुकान का एल्वेस्टर तोड़ा और अंदर प्रवेश किया। लगभग दो मिनट के भीतर, चोर ने मोबाइल पार्ट्स, मोबाइल कवर और ग्राहकों के मरम्मत के लिए दिए गए कुछ मोबाइल का सामान चुरा लिया। चोर 12:48 बजे दुकान से ऊपर से छलांग लगाकर भाग गया। घटना की सूचना मिलते ही दुकानदार मुकेश दे मौके पर पहुंचे। टूटा हुआ एल्वेस्टर देखकर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलने पर एसआई सुकुल मरांडी, एएसआई सनातन मांझी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी। स्थानीय लोगों ने मुख्य सड़क किनारे स्थित दुकान में चोरी की इस घटना पर पुलिस गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। रात में गश्ती होने के बावजूद चोरों की सक्रियता से लोगों में दहशत है।
विद्यापति सांस्कृतिक परिषद ने मनाया स्मृति पर्व
गोड्डा। संवाददाता। विद्यापति सांस्कृतिक परिषद द्वारा सोमवार शाम स्थानीय विद्यापति भवन में स्मृति पर्व का आयोजन किया गया। जन्म जयंती के अवसर पर मैथिल कोकिल सहित दर्जनाधिक्य उपाधियों एवं विभूषण से विभूषित संत कवि विद्यापति जी को शब्द -श्रद्धांजलि दी गई। परमानंद चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित स्मृति पर्व का संचालन सुरजीत झा ने किया। वक्ताओं में श्री चौधरी सहित डॉ. सत्येंद्र मिश्रा, माधव चंद्र चौधरी, दीना नाथ झा, परितोष पाठक, सर्वजीत झा, डॉ. वंशीधर मिश्रा, निश्छल ठाकुर, योगेश चंद्र झा, डॉ. श्यामाकांत झा, दिलीप झा एवं सौरभ परासर ने विद्यापति के जीवन वृत्त एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर समाज सेविका परिणीता झा, योगेश चंद्र झा, नवीन कुमार झा, महानंद झा, मृत्युंजय झा, प्रदीप कुमार झा, शोभा कांत ठाकुर, गौरव झा, ऋषितोष कुमार झा, दिनेश झा, राजेंद्र प्रसाद झा, ध्रुव कुमार द्विज, सुरेंद्र मिश्रा, रिम्मी कुमारी, माधुरी कुमारी सिंह, विनय कुमार चौधरी, विनय कुमार ठाकुर, शिशिर कुमार झा, नर्मदेश्वर झा, दया शंकर, चेतन वत्स, अमरेंद्र कुमार सिंह, विभाष चंद्र झा, दिवाकांत झा, अरविंद झा, उमेशा नंद मिश्र, अंबोद कुमार ठाकुर, मृगेंद्र कुमार झा, नंदन ठाकुर, अनुज परासर एवं प्रभु झा उपस्थित थे।
उल्मा-ए-कराम के कर कमलों से शानदार दस्तार बंदी और रदा-ए-करअत कार्यक्रम संपन्न
बसंतराय। संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के राहा पंचायत अंतर्गत मदरसा मदीना तुल इल्म राहा में एक भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें हाफिज बनने वाले छात्रों की दास्तार बंदी और बालिकाओं के लिए जश्ने रदा ए करअत का आयोजन किया गया। इस पवित्र मौके पर देश के प्रसिद्ध इस्लामी विद्वान और शायरों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ा दी। कार्यक्रम में जिन छात्रों की दस्तारबंदी हुई उनमें प्रमुख नाम हैं-हाफिज रेहान राजा हाफिज नावेद रजा, हाफिज मो साजिद, हाफिज मो इमरान आलम, हाफिज मो. रहमत अली हाफिज मो हसनैन, हाफिज मो मुर्तजा अलीऔर हाफिज मो अहमद राजा। वहीं किरअत के मुकम्मल तालीम हासिल करने वाली छात्राओं गुले नाजमीन, नासरीन, नुसरत रिजवाना, मैमूना, निकहत, जूही खातून, नाज़नीन, आफरीन और बी बी शाइस्ता खातून को कारी बनने पर रदा अर्थात विशेष चादर और प्रमाण पत्र से नवाजा गया। इस अवसर पर पांचवा इस्लामी क्विज मुकाबले भी आकर्षण का केंद्र रहा जिसके प्रायोजक अब्दुल हमीद आजाद मिल्ली फाउंडेशन रहे ।फाउंडेशन के संस्थापक मो सुलैमान जहांगीर आजाद पूर्व पंचायत समिति सदस्य प्रोफेसर आफताब आलम (प्र), डॉक्टर अब्दुल मन्नान हाशमी, इंजीनियर तौसीफ रजा आजाद, डॉक्टर शम्स तबरेज, अब्दुल मजीद अब्दुस सत्तार, मुख्तार अहमद, गुलाम मुस्तफा कमाल, आल्हाज मास्टर खुर्शीद आलम, अलहाज मास्टर अजहर अली नवाजऔर सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रतिभागियों को शील्ड एवं ट्रॉफी प्रदान की। कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने कोलकाता से आए प्रसिद्ध इस्लामी विद्वान अल्लामा सैफुल्लाह अलिमि, मौलाना सिद्दीक हसन झारखंडी बाबा, पीर ए तरीकत अल्लामा रमजान हैदर फिरदौसी, मौलाना शमशीर आलम, मौलाना रफीक आलम खाकी, मुफ्ती नोअमान रजा ने अपने अनोखे अंदाज में उपस्थित जन समूह को संबोधित किया। मौसम अनुकूल होने के बाद जलसे में अभूतपूर्व भीड़ उमड़े और लोगों में धार्मिक जोश और उत्साह देखा गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में मदरसा मदीनातुल इल्म राहा के संचालक मौलाना शफाअत राजा नूरी, मौलाना शाहनवाज हुसैन अशरफी, मुफ्ती नोमान रजा, कारी नाजिम रजा की सराहनी भूमिका रही। अंत में श्रेष्ठ शिक्षिका पुरस्कार से मोहतरमा रुकैया खातून और रुखसाना खातून को शील्ड वह प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस्लामी क्विज, आजान, नाअत और तकरीर मुकाबले के सफल तथा प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त छात्र एवं छात्राओं को मदरसा परिवार की ओर से शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।