साहिबगंज/नवीन कुमार
झारखंड सरकार जमीन अधिग्रहण करके दे तभी पश्चिम फाटक समीप ओवरब्रिज का निर्माण शुरू होगा। उक्त बातें मालदा डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता ने शुक्रवार दोपहर को अपने विशेष सैलून से साहिबगंज पहुंचने के बाद कहीं। इसके पूर्व उन्होंने साहिबगंज रेलवे स्टेशन का जायजा लिया।
बाद में डीआरएम ने समाहरणालय पहुंचकर डीसी, एसपी के साथ बैठक कर आरओबी प्लान व संभावनाओं पर मंत्रणा की। इसके बाद डीआरएम ने रेलवे उच्च विद्यालय पहुंचकर विद्यालय के जीर्णोद्धार कार्यों का जायजा लिया। विद्यालय परिसर व सभी क्लास रुम में लगे लगभग 60 सीसीटीवी कैमरा, सीबीएसई के नियम अनुसार तैयार हो रहे विद्यालय, कंप्यूटर लैब, खेल ग्राउंड, परिसर, सुरक्षा मानक का पालन, शताब्दी प्रशाल सभागार व क्लास रुम का जायजा लिया। छात्रों से स्कूल को लेकर जानकारी ली। वहीं रेलवे रनिंग रुम पहुंचकर भोजम की क्वालिटी की खुद से जांच की। इस दौरान कोचिंग यार्ड में लगे शंटिंग मेला में शामिल होकर फील्ड स्टाफ को सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया। डीआरएम ने शंटमैन, शंटर, पॉइंट्समैन सहित अन्य फ्रंटलाइन कर्मी से बात की। उन्होंने सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया। डीआरएम ने नॉर्थ कॉलोनी स्थित हेरिटेज बंगलो, रेलवे जनरल इंस्टीट्यूट व टॉकीज फील्ड का जायजा लिया। इस दौरान डीआरएम ने कहा कि शहर में पश्चिम फाटक समीप ओवरब्रिज का निर्माण होना है। राज्य सरकार को भूमि अधिग्रहण करके देना है। राज्य सरकार भूमि अधिग्रहण करके देगी इसके बाद ही आगे की टेंडर प्रक्रिया कर ओवरब्रिज निर्माण कार्य शुरू होगा। रेलवे उच्च विद्यालय में आगामी वित्तीय सत्र में छात्राओं का भी एडमिशन होगा। सीबीएसई पाठ्यक्रम से पढ़ाई होगी, डिजिटल क्लास रुम का निर्माण हो रहा है। प्ले ग्राउंड के साथ-साथ वालीबॉल कोर्ट का निर्माण होगा, सुरक्षा व्यवस्था और बेहतर शिक्षा छात्रों को दी जाएगी। आने वाले नए वर्ष में जिला में यात्री सुविधा बढ़ेगी। रेस्टोरेंट व्यवसाय के लिए रेलवे के पास कुछ जगह है। इच्छुक लोग आवेदन कर सकते हैं। मौके पर मालदा मंडल के अधिकारी, साहिबगंज एसएस, एईएन सहित अन्य थे।
गोड्डा-टाटानगर साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन सप्ताह में दो दिन साहिबगंज-बरहरवा होकर चले : बोदी सिन्हा
शहर के प्रसिद्ध समाजसेवी चंद्रदेश्वर प्रसाद सिन्हा उर्फ बोदी सिन्हा ने स्टेशन परिसर में मालदा डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता से मुलाकात की। उन्होंने डीआरएम को जिला की समस्याओं से अवगत कराया। साथ ही ट्रेन नंबर 18186 गोड्डा-टाटानगर साप्ताहिक एक्सप्रेस को सप्ताह में कम से कम दो दिन साहिबगंज- बरहरवा रेलखंड होकर चलाने की मांग की। ताकि कहलगांव, पीरपैंती, मिर्जाचौकी, साहिबगंज, तीनपहाड़, बरहरवा रेलखंड के यात्रियों, व्यापारियों, छात्रों को धनबाद व टाटानगर आने-जाने में परेशानी न हो। इस रेलखंड में टाटानगर जाने के लिए सीधी ट्रेन सुविधा नहीं रहने से लोगों को टाटानगर आने जाने में काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। बोदी सिन्हा ने जिला में रेलवे की समस्याओं, ट्रेनों का विस्तारीकरण, 24 डब्बे का वाशिंग पिट व वातानुकूलित बोगी चार्जिंग का जल्द से जल्द निर्माण करने, लोडिंग-अनलोडिंग साइटके सुविधा विस्तार, स्टेशन में यात्री सुविधा बढ़ाने सहित रेलवे से जुड़ी समस्याओं के बारे में विस्तार से चर्चा कर सुझाव दिया।
झामुमो केंद्रीय सचिव ने डीआरएम से की मुलाकात
झामुमो केंद्रीय सचिव पंकज मिश्रा ने शुक्रवार को मालदा डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता से मिलकर उन्हें 15 सूत्री मांग पत्र सौंपा। सौंपे गए मांग पत्र में 24 कोच वाला वाशिंग पिट का निर्माण, प्लेटफॉर्म नंबर दो पर यात्री शेड का विस्तार, एस्कलेटर सुविधा को जल्द से जल्द चालू करने, ट्रेन नंबर 13428-27 साहिबगंज-हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन में एसी चेयर कार, एसी थ्री टियर कोच सुविधा देने, भागलपुर-मुजफ्फरपुर जनसेवा एक्सप्रेस ट्रेन को साहिबगंज से चलाने, ट्रेन नंबर 18604-05 ट्रेन को साहिबगंज तक विस्तार करने, भागलपुर से वाया साहिबगंज-भागलपुर- रामपुरहाट से टाटानगर के लिए सीधा ट्रेन चलाने, भागलपुर से हावड़ा वाया साहिबगंज एक ट्रेन चलाने, साहिबगंज से दिल्ली के लिए दैनिक सुपरफास्ट ट्रेन चलाने, साहिबगंज से रांची के लिए दैनिक इंटरसिटी व वंदेभारत ट्रेन चलाने, अंग एक्सप्रेस ट्रेन को साहिबगंज से चलाने, सियालदाह-वाराणसी ट्रेन को पुन: चलाने, भागलपुर- जयनगर एक्सप्रेस ट्रेन को साहिबगंज से चलाने, भागलपुर- आनंदविहार गरीब रथ को साहिबगंज से चलाने की मांग शामिल थी।
डीसी ने कहा जल्द शुरू होगा आरओबी निर्माण
डीआरएम मनीष गुप्ता से मंत्रणा के बाद उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन और रेलवे के समन्वय से होने वाले विकास के कई मुद्दों पर चर्चा हुई। बताया कि सकारात्मक चर्चा हुई है। जल्द ही जिला को कुछ नई ट्रेनें मिलने की उम्मीद है। वहीं आरओबी को लेकर जल्द सभी प्रकिया पूरी कर कार्य शुरू किया जाएगा।
नेशनल स्कूल गेम्स एथलेटिक्स में भाग लेने लखनऊ पहुंचे 06 एथलीट
साहिबगंज। संवाददाता। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया 13 से 17 दिसंबर तक उत्तर प्रदेश, लखनऊ के गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 69वीं नेशनल स्कूल गेम्स एथलेटिक्स प्रतियोगिता अंडर-17 का आयोजन कर रही है। खेल विभाग से सिदो-कान्हू स्टेडियम में संचालित आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र के 06 ट्रेनी एथलीट झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद रांची की ओर से बोकारो के चंदनक्यारी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित 20 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर का बाद लखनऊ पहुंचे। इन एथलीटों में शामिल जेवलिन थ्रो के पृथ्वी राज मंडल, 4 गुणा 100 मीटर रिले दौड़ के परमा हांसदा, 110 मीटर हर्डल्स एवं 4 गुणा 100 मीटर रिले दौड़ के एमानुएल किस्कू, हैमर थ्रो के प्रेम चंद मुर्मू, 5000 मीटर पैदल चाल के जमशेद अंसारी, 4 गुणा 400 मीटर रिले दौड़ के कृष्णा कुमार राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। सभी 06 खिलाड़ियों एवं कोच योगेश यादव को डीसी हेमंत सती, डीडीसी सतीश चंद्रा, आईटीडीए निदेशक संजय कुमार, अपर समाहर्ता गौतम भगत, डीईओ दुर्गा नंद झा, डीएसओ सह डीएसई कुमार हर्ष, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष राजेश कुमार, सचिव माधव चंद्र घोष, संतोष उर्फ टिंकू जिला खेल समन्वयक कौशल किशोर मरांडी, खेल प्रशिक्षक अशोक कुमार, प्रकाश सिंह बादल, खेल शिक्षक राकेश राका, गौरव झा, आदित्य कुमार, बिरेंद्र कुमार समेत जिले के खेल प्रेमियों ने शुभकामना दी है।
विशेष मध्यस्थ अभियान में 27 मामलों का निपटारा
साहिबगंज। राजमहल। संवाददाता। झालसा के निर्देशानुसार कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश संजय कुमार उपाध्याय के मार्गदर्शन में 8 दिसंबर से 12 दिसंबर तक पारिवारिक मामले से संबंधित विशेष मध्यस्थ अभियान का आयोजन जिला व्यवहार न्यायालय परिसर एवं राजमहल के एडिशनल प्रधान न्यायाधीश के मार्गदर्शन में अनुमंडलीय न्यायालय में किया गया। पांच दिनों तक चले इस स्पेशल ड्राइव में कुटुंब न्यायालय साहिबगंज से 35 मामले को भेजा गया। जिसमें 21 मामले सुलझाए गए। अनुमंडल न्यायालय राजमहल से 22 मामला भेजा गया था। जिसमें 06 मामले सुलझाए गए। इस दौरान कुटुंब न्यायालय के पेशकार ओंकार नाथ मिश्रा व अन्य शामिल थे।
बकरी को बचाने के चक्कर में टोटो पलटा, वृद्ध चालक की हुई मौत
राजमहल। संवाददाता
शहर के मुख्य सड़क पर सिदो-कान्हू प्रतिमा स्थल के समीप लालू मार्केट के सामने शुक्रवार को स्टेशन की ओर जा रहा टोटो बकरी को बचाने में अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में वृद्ध टोटो चालक की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार टोटो चालक रजवाड़ा निवासी फागु शेख(70) अपने घर से राजमहल स्टेशन टोटो चलाकर आ रहे थे। इसी दौरान लालू मार्केट के सामने अचानक टोटो के सामने आई बकरी को बचाने के चक्कर में एकाएक टोटो का हैंडल मोड़ देने के कारण टोटो अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में वृद्ध चालक को गंभीर रूप से चोट लग गई। स्थानीय लोगों ने इलाज के लिए घायल को अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां मौके पर उपस्थित चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी उसके इलाज में लगे ही थे कि वृद्ध ने दम तोड़ दिया। मृतक फागु शेख वृद्ध होने के बावजूद प्रतिदिन टोटो चलाया करते थे। मृतक अपने पीछे पत्नी, पांच पुत्र, तीन पुत्री और नाती-पोता को छोड़ गए हैं। परिजनों में शोक की लहर है। पुलिस ने अनुमंडल अस्पताल में मृतक के शव का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
स्थानांतरण पर एडीजे प्रथम को दी गयी भावभीनी विदाई
राजमहल। संवाददाता
प्रथम अपर जिला एंव सत्र न्यायाधीश नीति कुमार का जमशेदपुर में स्थानांतरण होने पर शुक्रवार को अधिवक्ता संघ ने समारोह का आयोजन कर उन्हें भावभीनी विदाई दी। नीति कुमार ने बीते 28 नवंबर 2023 को राजमहल व्यवहार न्यायालय में योगदान किया था। संघ के सचिव निरंजन कुमार सरकार व अधिवक्ताओं ने उन्हें अंग वस्त्र, पुष्प गुच्छ, मोमेंटो एवं गीता प्रतीक स्वरूप भेंट कर सम्मानित किया। संघ के पूर्व अध्यक्ष अंजनी नंदन प्रसाद ने न्यायाधीश के कार्यकाल की सराहना की। कहा कि उन्होंने न्यायप्रार्थियों को न्याय दिलाने का भरपूर प्रयास किया। उपस्थित अन्य अधिवक्ताओं ने भी उक्त अवसर पर उनके ईमानदार निष्पक्ष एवं सभी को एक समान न्याय देने के लिये सराहना की। मौके पर जिला प्रधान कुटुंब न्यायाधीश संजय कुमार सिंह, एसीजेएम कमला कुमारी, सब जज द्वितीय रंजय कुमार, एसडीजेएम सह विधिक सेवा समिति के सचिव हुसमुद्दीन वारिस, लोक अभियोजक संतोष टुडू सहित अधिवक्त संघ के सदस्य मौजूद थे।
अंडर-14 क्रिकेटर्स का हुआ ट्रायल, 30 खिलाड़ियों ने हुनर का किया प्रदर्शन
साहिबगंज। संवाददाता
जेएससीए के तत्वाधान में दुमका, गोड्डा व पाकुड़ में आयोजित होने वाले अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए बुधवार को सिदो-कान्हू स्टेडियम में सुबह 9 बजे से खिलाड़ियों का ट्रायल हुआ। इस दौरान चयन समिति के समक्ष 30 खिलाड़ियों ने उपस्थिति दर्ज कराते हुए अपने हुनर का प्रदर्शन किया। ज़िला क्रिकेट संघ सचिव अंकुर सिन्हा की मौजूदगी में ट्रायल में शामिल हुए जिले के 30 निबंधित खिलाड़ियों का जन्म प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, माता-पिता का वोटर कार्ड, स्कूल का रिजल्ट एवं स्कूल का बोनाफाइड प्रमाणपत्र भी जांच किया गया।
मौके पर चयन समिति सदस्य मो अशफाक आलम, गोपाल सिंह, श्याम रंजन तिवारी, अजीत, चंदन यादव व अन्य मौजूद थे। ज़िला सचिव ने बताया कि साहिबगंज का पहला मैच दुमका से 14 दिसंबर को दुमका में होगा। जबकि दूसरा मैच 21 दिसंबर को गोड्डा से गोड्डा में एवं तीसरा मैच 23 दिसंबर को पाकुड़ से पाकुड़ में होगा।
झारखंड मजदूर संघ प्रजातांत्रिक की बैठक
राजमहल। संवाददाता
झारखंड मजदूर संघ प्रजातांत्रिक की बैठक संघ के प्रखंड अध्यक्ष दुर्योधन कुमार साह की अध्यक्षता में शुक्रवार को राजमहल रेलवे स्टेशन परिसर में हुई। इस दौरान संघ के केंद्रीय महामंत्री राजकुमार यादव मुख्य रूप से उपस्थित थे। बैठक में आगामी दिनांक 21 दिसंबर को बरहरवा प्रखंड के रतनपुर छाता डंगाल में प्रस्तावित वार्षिक जिला अधिवेशन की तैयारी को लेकर विचार विमर्श किया गया। मौके पर केंद्रीय उपाध्यक्ष फूल कुमारी देवी, प्रखंड महामंत्री सुरेन्द्र कुमार, गौतम कुमार साहा, हामिद शेख, बीरेंद्र कुमार साह, सुबोध मंडल सहित अन्य उपस्थित थे।
नवोदय विद्यालय ने 66 रन से जीत दर्ज कर फाइनल में बनायी जगह
साहिबगंज। संवाददाता
ज़िला क्रिकेट संघ के तत्वधान में सिदो-कान्हू स्टेडियम में चल रहे अंडर-16 ज़िला क्रिकेट लीग टूर्नामेंट का दूसरा सेमी फाइनल मैच शुक्रवार को संत जेवियर ए बनाम नवोदय विद्यालय के बीच खेला गया। नवोदय विद्यालय की टीम ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए 25 ओवर में 9 विकेट पर 176 रन बनाया। सोनू कुमार साह ने 96, प्रीतम रविदास 21 व मो इबकार 13 रन बनाए।
संत जेवियर स्कूल ए के गेंदबाज आदित्य यादव ने 4 व देवांशु राज 2 ने विकट लिया। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी संत जेवियर स्कूल ए की टीम 21 ओवर में 110 रन बना कर ऑल आउट हो गई। विराट कुमार में 15, शांतानु कुमार ने 15, सूरज राज ने 15, पुष्कर ने 15, पार्थ सिंह ने 13 रन की पारी खेली। नवोदय विद्यालय के गेंदबाज अभिषेक कुमार ने 5 व सोनू साह ने 2 विकेट लिया। नवोदय विद्यालय ने 66 रन से जीत हासिल कर फाइनल में जगह बनाई। नवोदय विद्यालय के खिलाड़ी सोनू कुमार को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। मुख्य अतिथि डॉ मुकेश ने सोनू कुमार को मैन ऑफ़ द मैच की ट्रॉफी से पुरस्कृत किया। मैच में अंपायरिंग मो अशफाक आलम व श्याम रंजन तिवारी एवं स्कोरिंग अनाउल्लाह अंसारी ने किया। मौके पर ज़िला क्रिकेट संघ सचिव अंकुर सिन्हा सहित अन्य मौजूद थे। टूर्नामेंट इंचार्ज अशफाक आलम ने बताया कि टूर्नामेंट के फाइनल में अब नवोदय विद्यालय की टीम व संत जेवियर स्कूल बी की टीम के बीच मुकाबला होगा।