साहिबगंज। संवाददाता।
साहिबगंज व पाकुड़ में रेल विकास की मांग को लेकर झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता पंकज मिश्रा के आंदोलन के एलान का पाकुड़ के पत्थर व्यवसायियों ने भी समर्थन किया है। सोमवार को पाकुड़ जिले के पत्थर व्यवसायियों ने पंकज मिश्रा से उनके आवास पर मुलाकात कर रेल विकास से जुड़े मुद्दे को लेकर आंदोलन का समर्थन करने का आश्वासन दिया। पाकुड़ के पत्थर व्यवसायियों ने कहा कि वर्षों बाद इलाके को एक ऐसा नेता मिला है जो निजी स्वार्थ और दलगत भावना से ऊपर उठकर विकास के मुद्दे पर लोगों की आवाज उठा रहा है। ज्ञात हो कि साहिबगंज व पाकुड़ में रेल विकास के मुद्दे को लेकर बीते 23 दिसंबर को झामुमो केंद्रीय प्रवक्ता पंकज मिश्रा ने साहिबगंज के पत्थर व्यवसायियों के साथ बैठक की थी। जिसमें साहिबगंज के भी पत्थर व्यवसायियों ने उनके आंदोलन को समर्थन का एलान किया था। पंकज मिश्रा ने बताया कि उनकी मांगे पूरी नहीं हुई तो 16 जनवरी से साहिबगंज व पाकुड़ के पत्थर व्यवसायी रेलवे के रैक के माध्यम से पत्थरों की ढुलाई बंद कर देंगे। आज से पत्थर व्यवसायियों ने इंडेंट बंद कर दिया है।
कहा कि साहिबगंज व पाकुड़ से रैक लोडिंग से रेलवे को करीब 10 करोड़ रुपए प्रतिदिन का राजस्व मिलता है। इसके बाद भी रेलवे ने साहिबगंज व पाकुड़ को उपेक्षित कर रखा है। उन्होंने बताया कि इसके पूर्व उन्होंने डीआरएम ज्ञापन सौंपकर साहिबगंज में पूर्वी और पश्चिम रेलवे गेट पर आरओबी का निर्माण करवाने, भागलपुर से चलने वाली कई ट्रेनों का विस्तार साहिबगंज तक करने, कोरोना के नाम पर बंद किए गया अपर इंडिया को चालू करने, दिल्ली के लिए ट्रेनों की संख्या बढ़ाने, साहिबगंज-हावड़ा इंटरसिटी में एसी कोच की सुविधा देने, वनांचल ट्रेन में एसी फर्स्ट क्लास की सुविधा देने, बेंगलुरु, सूरत और मुंबई के लिए साहिबगंज से ट्रेन की सुविधा देने, पाकुड़ से पटना और दिल्ली तक के लिए सीधी ट्रेन सेवा देने, शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन, वंदे भारत ट्रेन, बेंगलुरु के लिए चलने वाली ट्रेनों सहित अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव पाकुड़ रेलवे स्टेशन पर करने की मांग की थी। लेकिन रेलवे ने साहिबगंज व पाकुड़ की जनता व उनकी मांग की अनदेखी की। जिसके बाद उन्हें बाध्य होकर आंदोलन का रास्ता चुनना पड़ा। रेलवे ने उपरोक्त मांगों में अभी तक सिर्फ साहिबगंज-हावड़ा इंटरसिटी में ऐसी चेयरकार लगाने की मांग पूरी की है। जब तक उनकी अन्य मांगें पूरी नहीं हो जातीं तब तक आंदोलन का निर्णय यथावत रहेगा।
एसडीपीओ ने की अपराध नियंत्रण गोष्टी
साहिबगंज। संवाददाता।
अनुमंडलीय कार्यालय भवन स्थित एसडीपीओ कार्यालय में सोमवार को मासिक अपराध नियंत्रण गोष्टी हुई। इसकी अध्यक्षता सदर एसडीपीओ किशोर तिर्की ने की। उन्होंने उपस्थित सभी थाना प्रभारी को ठंड के मौसम में अपराध नियंत्रण पर विशेष फोकस रखने, पदाधिकारियों व कर्मियों को गर्म कपड़े पहनने, पिकनिक स्पॉटों पर नजर रखने, नशा उत्पादों पर रोक लगाने, मोटरसाइकिल की चोरी व घरों में चोरी पर रोक लगाने, रात्रि गश्ती करने, संदिग्ध लोगों की जांच करने, चौक-चैराहों व सन्नाटों में बेवजह खड़े लोगों से पूछताछ करने, हर गली-मोहल्लों में पेट्रोलिंग करने, लंबित कांडों को जल्द से जल्द निष्पादन करने, लाल वारंटियों को गिरफ्तार करने, सुचारू रूप से वाहन जांच अभियान चलाने, अवैध लॉटरी, जुआ के अड्डे व गांजे जैसे अवैध कारोबार पर नकल कसने, लोगों से बेहतर तालमेल बनाने, थानों में लोगों की समस्या सुनने, सूचना तंत्र को मजबूत बनाने, ज़मीनी विवाद पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मौके पर नगर इंस्पेक्टर अमित गुप्ता, मुफस्सिल थाना पर प्रभारी अनीश पांडेय, मिर्जाचौकी थाना प्रभारी रूपेश कुमार, बोरियो थाना प्रभारी रोहित कुमार, एससी-एसटी थाना प्रभारी सन्नी बाड़ा, अजीत लाकड़ा व अन्य थे। इधर सर्किल इंस्पेक्टर अमित गुप्ता ने भी अपने कार्यालय में मासिक अपराध नियंत्रण गोष्ठी की। इस दौरान उन्होंने थाना प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिया।
सीएससी संचालक के विरुद्ध बीडीओ से शिकायत
उधवा। संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के कटहलबाड़ी बाजार स्थित सीएससी संचालक भास्कर मंडल के विरुद्ध सोमवार को दक्षिण सरफराजगंज पंचायत के झामुमो पंचायत अध्यक्ष वाहिदुल इस्लाम के नेतृत्व में आधा दर्जन ग्रामीणों ने प्रखंड मुख्यालय पहुंच बीडीओ को आवेदन सौंपा। जिसमें बताया है कि उत्तरी बेगमगंज निवासी भास्कर मंडल कई वर्षों से कटहलबाड़ी बाजार में भास्कर टेलीकॉम नाम से सीएससी संचालन करते हैं। उन्होंने जान बूझकर उनलोगों का आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र व पैन कार्ड सहित अन्य दस्तावेजों में नाम, उप नाम, पता व अभिभावक का नाम गलत अंकित किया है। ताकि प्रमाण पत्र सुधार के नाम पर शोषण कर सके।
7 जनवरी को राजमहल और 9 जनवरी को उधवा में लगेगा स्वास्थ्य मेला
राजमहल। संवाददाता। अनुमंडलीय अस्पताल सभागार में सोमवार को अस्पताल के प्रभारी उपाधीक्षक डॉ उदय टुडू एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी उधवा डॉ गुफरान आलम की संयुक्त अध्यक्षता में मासिक समीक्षात्मक बैठक हुई। इस दौरान आगामी 7 जनवरी को राजमहल एवं 9 जनवरी को उधवा प्रखंड में लगने वाले प्रखंड स्वास्थ्य मेला हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया। इस दौरान जिला वीबीडी सलाहकार डॉ सत्तीबाबू डाबडा ने आगामी 10 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक चलने वाले फाइलेरिया मुक्ति कार्यक्रम हेतु विशेष प्रशिक्षण भी दिया। मौके पर स्वस्थ कर्मी फ्रांसिस खालको, नितिन मुर्मू, अमित कुमार, डब्ल्यूएचओ के सुनील रंजन व अन्य थे।
विधायक प्रतिनिधि ने किया कंबल का वितरण
राजमहल। संवाददाता। कड़ाके की ठंड के बीच विधायक प्रतिनिधि मो मारूफ उर्फ गुड्डू ने अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती मरीजों, रेलवे स्टेशन परिसर, शहर के विभिन्न चौक चौराहे पर गरीब, असहाय व जरूरतमंदों लोगों के बीच कंबल का वितरण किया। मौके पर झामुमो के नगर अध्यक्ष मो आजाद, स्मिथ चौरसिया, जय यादव सहित अन्य मौजूद थे।
डॉ सूर्यनंद ने जरूरतमंदों में बांटे कंबल
साहिबगंज। संवाददाता। कड़ाके की ठंड की बीच मानवता की मिसाल पेश करते हुए पोद्दार होमियो क्लीनिक की ओर से सोमवार को 10 जरूरतमंद ग्रामीणों के बीच कंबलों का वितरण किया गया। डॉ सूर्यनंद पोद्दार इंसानियत की गर्माहट लेकर आदिवासी गांव दुर्गाटोला पहुंचे। इस अवसर पर भावुक होते हुए डॉ सूर्यनंद पोद्दार ने कहा कि पोद्दार होमियो की ओर से हर वर्ष गरीब आदिवासी ग्रामीणों के बीच कंबल के साथ-साथ आवश्यक दवाइयों का भी वितरण किया जाता है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों के चेहरे पर राहत देखकर उन्हें असीम शांति और आत्मिक सुकून मिलता है, और यही सेवा का सबसे बड़ा पुरस्कार है। मौके पर मनोज कुमार गुप्ता, पत्रकार प्रवीण कुमार व अन्य मौजूद थे।
दलीय आधार पर ईवीएम से नगर निकाय चुनाव कराने की मांग को लेकर भाजपा का महाधरना
बरहरवा। संवाददाता।
झारखंड में नगर निकाय चुनावों को दलीय आधार पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन से कराने की मांग को लेकर भाजपा ने सोमवार को नगर पंचायत मुख्यालय में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। इसका नेतृत्व भाजपा नगर अध्यक्ष राजकुमार भगत ने किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से राजमहल विधानसभा के पूर्व विधायक व कार्यक्रम प्रभारी अनंत ओझा ने शिकरत करते हुए कहा कि झारखंड में नगर निकाय चुनाव पिछले दो वर्षों से लंबित था। जो लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने राज्य सरकार से नगर निकाय चुनाव शीघ्र दलगत आधार पर ईवीएम के माध्यम से कराने की मांग की। धरना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के नाम का ज्ञापन सौंपा। मौके पर जिला उपाध्यक्ष रामानंद साह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कमल कृष्ण भगत, जिला महामंत्री गौतम यादव, जिला महामंत्री कुशमाकर तिवारी, जिला उपाध्यक्ष ललिता पासवान, श्यामल दास, लोकेश कुशवाहा, बापी निर्मल प्रसाद, मंजू देवी, प्रदीप भगत, अनुभव भगत, जयदेव महतो सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।
साहिबगंज-हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन में लगी एसी चेयर कार, यात्रियों में खुशी
साहिबगंज। संवाददाता।
साहिबगंज व पाकुड़ जिला में रेलवे विकास की मांग को लेकर झामुमो के केंद्रीय सचिव सह प्रवक्ता पंकज मिश्रा के आंदोलन का एलान और उन्हें मिल रहे दोनों जिलों के पत्थर व्यवसायियों, आम जनता एवं चैंबर के समर्थन के बाद रेलवे ने उनकी मांगों में से अब तक एक मांग पूरी की है। 13428 डाउन साहिबगंज-हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन में लगभग 15 महीने बाद पहली बार 73 सीट वाली वातानुकूलित चेयर कार बोगी लगाई। सोमवार को उक्त ट्रेन तय समय सुबह 5:20 बजे हावड़ा के लिए रवाना हुई। सीनियर सेक्शन इंजीनियर प्रमोद कुमार मंडल ने ऐसी चेयर कार बोगी में पूजन करके नारियल फोड़कर ट्रेन को रवाना किया। मालदा रेल मंडल से मिली जानकारी के अनुसार पहले दिन साहिबगंज से 30 यात्री ने वातानुकूलित चेयर कार के लिए टिकट बुकिंग कराई। वहीं आगे के स्टेशन में वातानुकूलित चेयर कार में सभी सीट बुक थी और 18 वेटिंग के साथ लोगों ने अपनी यात्रा पूरी की। स्टेशन प्रबंधक गुड्डू शाह ने बताया कि उक्त बोगी नियमित यात्रियों और कार्यालय जाने वाले लोगों के लिए काफी लाभकारी साबित होगी। इधर पत्थर व्यवसाई संघ के चंद्रदेश्वर प्रसाद सिन्हा उर्फ बोदी सिन्हा, चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष राजेश अग्रवाल सहित व्यवसायियों, राजनेताओं व जिलावासियों ने हर्ष व्यक्त किया है। जिलेवासियों ने ट्रेन नंबर 18186 गोड्डा-टाटानगर साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन को सप्ताह में दो दिन गोड्डा-भागलपुर- कहलगांव-पीरपैंती-साहिबगंज- तीनपहाड़-बरहरवा व पाकुड़ रेलखंड होकर चलाने की मांग की है। मौके पर सहायक यांत्रिक अभियंता ऐसी पवन कुमार सिंह, गुरुदेव प्रसाद साह, सुभाष पासवान, सुमन विश्वास सहित अन्य थे।