साहिबगंज/संवाददाता।
जिला क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वधान में गुरुवार से सिदो कान्हू स्टेडियम में डिस्ट्रक्टि क्रिकेट लीग जूनियर टी-20 टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि उपायुक्त हेमंत सती ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। इस दौरान डीसी ने कहा कि क्रिकेट टीम भावना के साथ कड़े संघर्ष की सीख देता है। पढ़ाई के साथ खेलकूद भी जरूरी है। आज खेलकूद में भी कैरियर की असीम संभवना है। खिलाड़ी निचले स्तर पर भी ऐसे प्लेटफार्म को अपनी सफलता का आधार बना सकते हैं। कामयाबी चाहिए तो संघर्ष करना होगा। उद्घाटन मैच राजमहल स्पोर्टिंग क्लब बनाम माही स्पोर्ट्स ब्लू के बीच खेला गया। माही स्पोर्ट्स ने टॉस जीत क्षेत्ररक्षण का फैसला लिया। राजमहल स्पोर्टिंग क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 186 रन का स्कर खड़ा किया। हजरत शेख ने 65 व स्वयं साह ने 33 रन की पारी खेली। माही ब्लू के गेंदबाज मनीष व मिलन ने 2-2 विकेट लिया। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी माही ब्लू की टीम 13 ओवर में 68 रन बना कर ऑल आउट हो गई। मिलन ने 16 व तौसीफ ने 13 रन की पारी खेली। राजमहल स्पोर्टिंग के गेंदबाज जीत व राकेश ने 2-2 विकेट लिए। राजमहल स्पोर्टिंग ने 118 रन से जीत दर्ज की। राजमहल के खिलाड़ी हजरत शेख को मैन ऑफ दी मैच चुना गया। ज़िला क्रिकेट संघ सचिव अंकुर सिन्हा ने हजरत शेख को पुरस्कृत किया। मैच में अंपायरिंग मो अशफाक आलम व तारिक अनवर ने किया। जबकि स्कोरिंग अनाउल्लाह कर रहे थे। मौके पर जेएससीए सदस्य चंदेश्वर प्रसाद सिन्हा, जिला क्रिकेट संघ सचिव अंकुर सिन्हा, टूर्नामेंट इंचार्ज मो अशफाक आलम, डॉ सुमित, डॉ तुफैल, सतीश सिन्हा, गोपाल चोखानी, संतोष सिंह, मो जाहिद, राकेश गुप्ता, अनिल गुप्ता, सुरेश साह, अंकित सिन्हा सहित अन्य थे। शुक्रवार को जवाहर नवोदय विद्यालय बनाम संत जेवियर स्कूल बी एवं दूसरा मैच बोरियो सुपरकिंग बनाम माही स्पोटर्स येलो के बीच खेला जाएगा।
अगलगी में भारी नुकसान
मंडरो/संवाददाता।
मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र के नीमगाछी ग्राम में आग लगने से नगद पंद्रह हजार रुपए, चौकी, वस्त्र एवं घर में रखा सारा समान जल कर राख हो गया। इस संबंध में जानकारी देते हुए सुनीता देवी ने बताया कि दो मंजिले पर भाड़ादार उमादेवी रहती हैं। ऊपर टीन के छत वाले दो कमरे हैं। उमा देवी नीचे पड़ोसी के घर गई थीं। इसी दौरान दो मंजिले पर आग लग गई। धुआं देख मुहल्ले के लोगों ने शोर मचाया। ग्रामीणों के सहयोग से मोटर चलाकर पानी से आग पर काबू पाया गया। तब तक घर में रखा सारा सामान जल कर खाक हो गया। भाड़ेदार के पास पहने वस्त्र के अलावे कुछ नहीं बचा। स्थानीय लोगों के अनुसार शार्ट सर्किट से आग लगी होगी।भाड़ादार उमादेवी ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।
शिक्षा विभाग के सीआरपी राजेश सिन्हा का निधन
बोरियो/संवाददाता। प्रखंड के मोतीपहाड़ी संकूल में पदस्थापित सीआरपी राजेश सिन्हा का निधन बुधवार की देर रात हृदय गति रुकने से हो गई। उनके निधन पर सीआरपी-बीआरपी महासंघ के जिला अध्यक्ष फैजल अफरोज, बोरियो प्रखंड अध्यक्ष सुलतान आलम, अनुज कुमार, विश्वजीत गुप्ता, ईश्वर पंडित, धर्मेन्द्र कुमार व अन्य ने शोक व्यक्त किया है। महासंघ के बोरियो प्रखंड अध्यक्ष सुल्तान आलम ने बताया कि सीआरपी राजेश सिन्हा एक सरल स्वभाव एवं मृदु भाषी प्रवृति के थे। सुलतान आलम ने कहा कि संघ की ओर से राजेश सिन्हा के आश्रितों को आर्थिक सहायता दी जाएगी। साथ ही जिला प्रशासन से मिलकर दिवंगत सिन्हा के आश्रितों को अनुकम्पा पर नौकरी एवं ईपीएफ का लाभ देने की मांग की जाएगी।
साइबर अपराधियों ने गुम मोबाइल के जरिये उड़ा लिये बुजुर्ग के 1 लाख 81 हजार 498 रुपये
राजमहल/संवाददाता।
थाना अंतर्गत जामनगर निवासी एक 62 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति की जीवन भर की जमा पूंजी साइबर अपराधियों ने चपत कर ली। उनके गुम मोबाइल के जरिये उनके अकाउंट की सारी राशि साइबर ठगों ने उड़ा ली। इसका खुलासा तब हुआ जब बुजुर्ग पेंशन की राशि निकालने के लिए सीएसपी गए। मामले को लेकर जामनगर के रहने वाले एजाजुल शेख ने पुलिस से शिकायत की है। बताया है कि बीते 16 दिसंबर 25 की संध्या जामनगर स्थित साप्ताहिक मंगल हटिया में उसका एंड्राइड मोबाईल खो गया था। हाट परिसर में काफी तालाश करने के बाद भी मोबाइल नहीं मिला। आखिरकार 4-5 दिनों बाद दूसरा सिम निकाल नया मोबाइल इस्तेमाल करने लगे। इधर बीते 07 अप्रेल को जामनगर स्थित सीएसपी में रूपये निकासी करने के बाद शेष बैलेंस 2331.10 रुपया बताया। तब उनके होश उड़ गए। इसके बाद 08 अप्रेल को एसबीआई उधवा शाखा पहुंच कर बैंक स्टेटमेंट निकाला तो पता चला कि बीते 20 जनवरी को मोहम्मद नामक व्यक्ति ने 5000 रुपये, 21 जनवरी को काननफी नामक व्यक्ति ने 25000 रुपये कर दो बार में 50,000 रुपये निकाल लिया है। वहीं इसी तिथि को साकिर खान ने 50,000 रुपये व 49000 रुपये सहित कुल 99000 रुपये निकाल लिया है। वहीं 2 जनवरी 2026 को योगेंद्र नाम के व्यक्ति ने तीन बार में 76000 रुपये निकासी कर ली। मेयरुक ने 400 रुपये एवं मिलन ने 98 रुपये निकाल लिए। इस तरह तीन दिनों में उनके अकाउंट से 181498 रुपये की अवैध निकासी कर ली गई है। पीड़ित ने पुलिस को बताया है कि बीते 23 जून 25 को उनका मोबाइल खो गया था। जिसकी शिकायत थाना में की थी। लेकिन मोबाइल बरामद नहीं हुआ। इस वजह से दोबारा मोबाइल खो जाने पर शिकायत नहीं की। बताया कि मुंबई में रहकर इतने वर्ष मजदूरी कर रुपया जमा किया था। साइबर अपराधियों ने उनके जीवन भर की जमा पूंजी निकाल ली। पीड़ित ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है। थाना प्रभारी हसनैन अंसारी ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
5100 कलश के साथ निकली भव्य कलश शोभा यात्रा श्री श्री 1008 लक्ष्मी नारायण महायज्ञ का शुभारंभ
साहिबगंज/संवाददाता। श्री श्री 1008 लक्ष्मी नारायण महायज्ञ का शुरूआत गुरुवार को भव्य कलश शोभा यात्रा के साथ हुआ। पूर्वांचल दुर्गा पूजा समिति साक्षरता चौक काटरगंज की ओर से आयोजित श्री श्री 1008 लक्ष्मी नारायण महायज्ञ में सुबह महायज्ञ परिसर से ढोल नगाड़ा गाजे-बाजे, घोड़ा व रामगढ़ से आए बैंड पार्टी एवं दो रथ में सवार साधु व महात्मा संत के साथ 5100 कलश लेकर महिलाएं शामिल हुईं। भव्य कलश यात्रा ने शहर के पूर्वी फाटक, कॉलेज रोड, कृष्णनगर, बड़तल्ला स्ट्रीट होते हुए फेरी सेवा गंगा घाट पहुंचकर वैदिक मंत्रोचारण के साथ गंगा पूजन व मुख्य जजमान का कलश पूजन कराकर कलश में जल भरकर एसडीओ कोठी रोड सकरूगढ़, पूर्वी फाटक, सुभाष चौक, पुलिस लाइन होते हुए यज्ञ मंडप स्थल पहुंचकर समाप्त हुआ। अयोध्या यूपी से आए यज्ञ संरक्षक महामंडलेश्वर अयोध्या दास शास्त्री ने कहा कि कलश यात्रा बड़ा ही दिव्य भव्य था। रथ में सवार साधु संत महात्मा के साथ ढोल नगाड़ा गाजे बाजे घोड़ा के साथ 5100 कलश लेकर महिलाएं कलश यात्रा में शामिल हुईं। गंगा तट पर पुरोहित ने वैदिक मंत्रोचारण के साथ जजमान को समस्त शहरवासियों जिलेवासियों की सुख समृद्धि शांति के लिए संकल्प कराया। डॉ हरेंद्र द्विवेदी के सानिध्य में यज्ञशाला में पंचांग पूजन, बेदी पूजन व अग्निदेव का आह्वान करके मंथन के जरिय अग्नि स्थापित कर यज्ञ की शुरुआत की। महायज्ञ के अध्यक्ष विमल यादव ने बताया कि नौ दिनों तक हरि कीर्तन होगा ओर शाम से प्रतिदिन श्रीकृष्ण रासलीला ओर भंडारा का आयोजन के साथ साथ भव्य मेला का आयोजन किया गया है। जिलेवासी पूजन करके, साधु संत का आशीर्वाद लेकर प्रसाद ग्रहण करके रासलीला व मेला का आनंद लें। इस दौरान भाजपा किसान मोर्चा राष्ट्रीय मंत्री बजरंगी प्रसाद यादव, मनोज यादव, मुख्य जजमान केदार यादव, अध्यक्ष विमल यादव, दारा यादव, आदित्य यादव, वार्ड पार्षद पार्वती कुमारी व मनोज तांती, संतोष साह, धीरेन यादव, वार्ड नंबर 14 के वार्ड पार्षद मोंटी कुमार, वार्ड 11 के वार्ड पार्षद रणजीत कुमार साह, निर्मला देवी, शांति देवी, नेहा गुप्ता, कृष्ण नगर निवासी कौशल्या देवी, शांति देवी, पार्वती देवी सहित अन्य मौजूद थे।
भूमि विवाद को लेकर हुई मारपीट में पांच घायल
राजमहल/संवाददाता। अनुमंडल अंतर्गत तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के जोंका में भूमि विवाद में गुरुवार को दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। घटना में दो महिलाओं सहित पांच लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इलाज के लिए उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल राजमहल में भर्ती करवाया गया। मिली जानकारी के अनुसार भूमि विवाद को लेकर एक पक्ष के जोंका निवासी ताजदार आलम(54), मुकद्दर हुसैन(40), मंतशा ताज(18) का पड़ोस के ही मुकद्दस आलम(40) व उसकी पत्नी नसीमा बीबी(38) के साथ मारपीट हो गई। जिसमें सभी घायल हो गए। अस्पताल में मौजूद चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मियों ने इलाज कर मुकद्दर हुसैन व ताजदार आलम की बिगड़ती हुई स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। तीनपहाड़ थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
दहेज प्रताड़ना मामले में पति गिरफ्तार
राजमहल/संवाददाता। महिला थाना पुलिस ने दहेज प्रताड़ना के मामले में पत्नी की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। इस संदर्भ में महिला थाना प्रभारी करुणा कुमारी ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर पिलघुटु निवासी बाबुचंद साहा को गिरफ्तार किया है। उसके विरुद्ध पत्नी के साथ मारपीट करने व दहेज मांगने के मामले में पत्नी की शिकायत पर महिला थाना कांड संख्या 10/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज थी। गिरफ्तार बाबुचंद साहा को प्रक्रिया पूरी कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
वारंटी गिरफ्तार
तीनपहाड़/संवाददाता। राजमहल न्यायालय के प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी से निर्गत जीआर नंबर 323/14 के गैर जमानतीय वारंटी थाना क्षेत्र के जस्कूटी निवासी जंबो उर्फ चमबो सोरेन उर्फ राम सोरेन, मूसूय मरांडी एवं बाबूजी हांसदा को पुलिस ने गुरुवार को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार पांडेय ने बताया कि वारंटी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
वाहनों की हुई सघन जांच
बोरियो/संवाददाता। थाना गेट के सामने गुरुवार को डीटीओ के नेतृत्व में वाहन जांच अभियान चलाया गया। जिसमें सभी दो पहिया, तीन पहिया एवं चार पहिया वाहनों के चालकों से हेलमेट, सीट बेल्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, इंश्योरेंस सहित कागजातों की जांच की गई। दर्जनों वाहनों में त्रुटि पाए जाने पर लगभग पचास हजार पांच सौ रुपए का चलान काटा गया। इस मौके पर सड़क सुरक्षा प्रबंधक नीरज कुमार व जिला परिवहन प्रबंधक राजहंस सहित अन्य पुलिस बल मौजूद थे।