देवघर/वरीय संवाददाता। स्थानीय विवेकानंद शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा संस्थान तथा योगमाया मानवोत्थान ट्रस्ट के युग्म बैनर तले भारत के महान समाज सुधारक, विधिवेत्ता, अर्थशास्त्री और हमारे संविधान के शिल्पकार डॉ. भीमराव अम्बेडकर की स्मृति में विद्यार्थियों एवं सर्वसाधारण के बीच निबंध लेखन एवं रंगभरो प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था जिसमें सैंकड़ो प्रतिभागियों ने अपनी अपनी भागीदारी निभाई। प्राप्तांक के आधार पर निबंध प्रतियोगिता में पर्यावरणविद् रजत मुखर्जी, हनुमान टिकरी निवासी पूजा पुष्पांजलि, एकलव्य पब्लिक स्कूल की वैष्णवी कुमारी सिन्हा, दीनबंधु उच्च विद्यालय की नव्या कुमारी एवं दिव्या कुमारी का चयन हुआ है। जबकि रंगभरो प्रतियोगिता में संत फ्रांसिस स्कूल, देवघर की अनन्या कुमारी सिंह, सिन्हा इंटरनेशनल स्कूल की अंजल चौधरी, एकलव्य पब्लिक स्कूल की वैष्णवी कुमारी सिन्हा, सुप्रभा शिक्षा स्थली के आर्यन केशरी, भारती विद्यापीठ की पूनम कुमारी, दीनबंधु उच्च विद्यालय के सत्यम केशरी, गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल की आराध्या कुमारी सिंह, दीनबंधु की दिव्या एवं नव्या तथा श्री मोहनानंद प्लस टू स्कूल, तपोवन की क्षमा कुमारी का चयन हुआ है। सभी विजेताओं को त्रिदिवसीय अम्बेडकर जयंती के अवसर पर 13 अप्रैल को सम्मानित किया जाएगा।
कविताओं के माध्यम से दिया सामाजिक समरसता व शांति कायम रखने का संदेश
देवघर/वरीय संवाददाता। रविवार को नगर निगम क्षेत्र स्थित एल्बट्रोस स्कूल परिसर में प्रगतिशील लेखक संघ के तत्वाधान में कवि गोष्ठी का आयोजन हुआ। यह आयोजन प्रगतिशील लेखक संघ की स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में शानदार तरीके से किया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए प्रगतिशील लेखक संघ के अध्यक्ष प्रो रामनंदन सिंह ने कहा कि विश्व बहुत ही नाजुक दौर से गुजर रहा है और तानाशाह की डगर पर कुछ देश के सुप्रीम पदधारी चल रहे हैं, जो मानवता के लिए खतरा है। गोष्ठी की शुरुआत धीरेंद्र छतरहारवाला की अंगिका कविता- जियेल दे भाई जियेल दे, तोहें खाय छीं खोआ- पेड़ा… सुनाया जबकि रचना झा ने- आंचल की हवा जब छूकर गुजरती है… कविता सुनाई। इसके बाद प्रकाश चंद्र चौहान सामाजिक समरसता पर आधारित कविता सुनायी और बबन बदिया ने अंतिम संस्कार शीर्षक पर आधारित कविता पाठ कर वर्तमान दाह संस्कार के संदर्भ में कटाक्ष किया। मंच संचालन करते हुए खोरठा भाषा के कवि-फाल्गुनी मरीक कुशवाहा ने बम गिरलो विदेसम.. दाम बढ़लो हमर देसम…सुनायी, जबकि डॉ प्रदीप कुमार सिंह देव ने-गरीबी एक पीड़ा है कविता सुनाई। जाने माने गीतकार सर्वेश्वर दत्त द्वारी ने मधुर गीत वाला नव बिहान हो, सहलाते रहना हर पल को सुन कर खूब तालियां बटोरी। जलेश्वर ठाकुर शौकीन हिंदी और इंग्लिश की मिश्रित कविता पाठ की, जबकि डॉ शिप्रा झा ने मधुर गीत गाकर श्रोताओं को खूब मनोरंजित की।गोष्ठी में कपिल देव राणा ने मौलिक समस्याओं पर आधारित कविता पाठ की और पुनीत दुबे ने- संगति अच्छी हो.. कविता सुनाई। स्कूल की डायरेक्टर तृषा ने बहुत ही अच्छी कविताएं सुनाई और सब का मन मनोरंजित कर डाली। इसके अलावा काजल कांति सिकरदार, अवधेश कुमार सिंह, अंजलि, कुमारी श्री, गणेश प्रसाद उमर आदि ने कविता पाठ की।
आशा भोंसले के निधन पर गहरा शोक
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार ने सुप्रसिद्ध गायिका आशा भोंसले के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निधन से संगीत के स्वर्णिम अध्याय समाप्ति हो गई। निश्चित रूप से उनके निधन से संगीत जगत को अपुरणीय क्षति हुई है।
सामान्य श्रेणी में भी सुविधा बढ़ाने की रेल मंत्रालय से मांग
देवघर/वरीय संवाददाता। संथाल परगना चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सदस्य अजय कुमार ने रेल मंत्रालय से सामान्य श्रेणी में भी सुविधा बढ़ाने की मांग की है ताकि इस श्रेणी में यात्रा करने वाले रेल यात्रियों को किसी भी प्रकार की कठिनाइयों का सामना ना करना पड़े। श्री कुमार ने कहा कि उच्च श्रेणी के रेल यात्रियों की सुविधाओं का तो ख्याल रखा जाता है मगर सामान्य श्रेणी के रेल यात्रियों की सुविधाओं का ख्याल नहीं रखा जाता है जोकि सरासर सामान्य श्रेणी में यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के साथ अन्याय है ।
डॉ आशीष को मिली डीएम कार्डियोलॉजी की उपाधि
देवघर/वरीय संवाददाता। देवघर के लिए अत्यंत हर्ष और गर्व का दिन है। देवघर की पावन मिट्टी के सपूत डॉ. आशीष सुमन ने कोलकाता नेशनल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल से डीएम (कार्डियोलॉजी) की उपाधि वर्ष 2026 में सफलतापूर्वक प्राप्त की है।
डॉ. आशीष सुमन, जून पोखर निवासी स्व राधेश्याम झा के प्रपौत्र, दिलीप कुमार झा के सुपुत्र, स्व. गायत्री मिश्र के नाती एवं अंजनी मिश्र के कनिष्ठ जमाई हैं।
उन्होंने अपनी प्रारंभिक चिकित्सा शिक्षा एमबीबीएस की डिग्री वर्ष 2012 में दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल से प्राप्त की। इसके पश्चात वर्ष 2017 में जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल से एमडी (मेडिसिन) की उपाधि हासिल की। निरंतर परिश्रम और समर्पण के बल पर उन्होंने अब डीएम (कार्डियोलॉजी) की सर्वोच्च विशेषज्ञता प्राप्त कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे देवघर का नाम गौरवान्वित किया है। अपने चिकित्सा जीवन के दौरान उन्होंने देश के विभिन्न प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेजों एवं अस्पतालों में महत्वपूर्ण योगदान भी दिया है। देवघर के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि यहां की धरती ने एक ऐसे प्रतिभाशाली हृदय रोग विशेषज्ञ को जन्म दिया है, जो बहुत ही जल्द देवघर में अपनी सेवाएं देने के लिए तत्पर हैं।
देवघर नगर निगम क्षेत्र को सुंदर और नशामुक्त बनाएं : मंत्री
- झामुमो ने सम्मान समारोह का किया आयोजन
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला कमेटी की बैठक नवनिर्वाचित महापौर, उप महापौर, मधुपुर नगर परिषद के उपाध्यक्ष और वार्ड पार्षदों के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
मौके पर मुख्यअतिथि के रूप में अल्पसंख्यक कल्याण एवं जल संसाधन मंत्री हफीजुल अंसारी ने कहा कि बाबा साहेब अम्बेडकर द्वारा लिखे गए संविधान के कारण ही आज रवि कुमार राउत देवघर नगर निगम के मेयर बन सके हंै। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पारखी नजर की दाद देनी होगी। श्री राउत को मेयर पद के लिए समर्थन देने की घोषणा की। मेयर का ताज कांटों का ताज है। इसे आम जनता की भलाई में लगा कर पार्टी का नाम बुलंद करना है। अब झामुमो हाईटेक हो गया है। इससे पार्टी अन्य राज्यों में भी अपना परचम लहराने की तैयारी में है। अगर आप किसी को मदद नहीं कर सकते है तो किसी को हानि भी नहीं पहुंचाए। नगर निकाय को फंड की कमी नहीं होने दिया जाएगा। मंत्री ने कहा कि देवघर नगर निगम को मेयर, उप मेयर सुंदर और नशामुक्त बनाएं। यहां एक और पुस्तकालय खोलने की जरूरत है। साथ पार्टी का जिला कार्यालय होना भी जरूरी है।
देवघर में जीत की हो रही प्रदेश स्तर पर चर्चा : विधायक
सारठ विधानसभा क्षेत्र के विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह ने कहा कि नगर निकाय चुनाव देवघर जिले ने जो मुकाम हासिल किया है उसकी चर्चा प्रदेश स्तर पर है। इसका श्रेय मंत्री हफीजुल और जिलाध्यक्ष को जाता है। उन्होंने कहा सभी नवनिर्वाचित महापौर, उप महापौर, उपाध्यक्ष एवंवार्ड पार्षदों को हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
झामुमो का समर्थन सौभाग्य की बात : मेयर
मेयर रवि कुमार राउत ने कहा वे मेयर की तैयारी कर रहे थे इसी दौरान झामुमो का समर्थन मिला और रणनीति के तहत उन्हें जनता के समर्थन से जीत मिला। आगामी 5 वर्षों में देवघर नगर निगम क्षेत्र का चहुंमुखी विकास किया जाएगा।
झामुमो में सामाजिक न्याय की बात : उप मेयर
उप मेयर टीप चटर्जी ने कहा कि उन्हें गर्व है झामुमो ने उन्हें अपना बनाया। जिससे आज मुकाम पर हूं। झामुमो सामाजिक न्याय की बात करती है। हर धर्म, वर्ग, समाज को लेकर चलती है। यह पार्टी नहीं एक जनांदोलन है। इसका उद्देश्य नीचे वर्ग के उत्थान की रही है। मधुपुर नगर परिषद के उपाध्यक्ष ऋषभ भारद्वाज सहित अन्य ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में झामुमो के केंद्रीय समिति सदस्य, जिला कमेटी, प्रखंड कमेटी के सदस्यगण उपस्थित थे।
उपायुक्त ने झारखंड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण
- कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों को दिये आवश्यक निर्देश
देवघर/वरीय संवाददाता। रविवार को जिले में झारखंड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा-2023 के सफल, शांतिपूर्ण और स्वच्छ संचालन को सुनिश्चित करने हेतु उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा द्वारा विभिन्न परीक्षा केंद्रों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान सबसे पहले उपायुक्त ने समाहरणालय स्थित केंद्रीय नियंत्रण कक्ष का जायजा लिया, जहां प्रतिनियुक्त अधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे तकनीक के माध्यम से सभी केंद्रों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करने का आदेश दिया । उपायुक्त ने संत मैरी गर्ल्स हाई स्कूल, एएस कॉलेज, बाजला महिला कॉलेज, देवसंघ नेशनल स्कूल, एसकेपी विद्या विहार में बनाये गए परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, रोशनी और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। साथ ही उन्होंने केंद्राधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल, स्मार्ट वॉच या किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा। साथ ही अभ्यर्थियों की सघन तलाशी और बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही उन्हें प्रवेश दिया जाए। आगे उन्होंने निर्देशित किया कि परीक्षा की पारदर्शिता और गरिमा बनाए रखने के लिए ड्यूटी पर तैनात कर्मी पूरी सतर्कता बरतें। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, देवघर रवि कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी विनोद कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी, संबंधित दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।
मधुपुर, कुंडा, रिखिया और मारगोमुंडा थाना इलाके से सात साइबर आरोपित गिरफ्तार, गये जेल
- 10 मोबाइल और 10 सिमकार्ड बरामद
देवघर/संवाददाता। साइबर ठगी के आरोपितों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इस अभियान के तहत लगातार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र से साइबर ठगी के आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। वहीं लोगों को साइबर ठगी के बारे में अभियान चलाकर जागरूक भी किया जा रहा है। साइबर थाना की पुलिस ने साइबर ठगी के सात आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पकड़े गए आरोपितों में जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के तेतरिया निवासी रामजीवन दास, शंभू कुमार दास, प्रेमकुमार दास, रिखिया थाना क्षेत्र के मयुरनाथ निवासी महेन्द्र दास, मधुपुर थाना क्षेत्र के केशरगढ़ा निवासी रोहित कुमार दास, मारगोमुंडा थाना क्षेत्र के केंदुआटांड़ निवासी राजकुमार मंडल और मिथुन मंडल के नाम शामिल हैं। पुलिस ने उनके पास से 10 मोबाइल फोन व 10 सिम कार्ड बरामद किया है। पकड़े गए आरोपितों ने पूछताछ के क्रम में बताया गया कि वे लोग मुख्य रूप से फर्जी फ्लिपकार्ट कस्टमर केयर, अमेजन कस्टमर केयर, एयरटेल पेमेंट बैंक पदाधिकारी बनकर ठगी का शिकार बना लेते हैं। पूछताछ करने के बाद सभी आरोपितों को जेल भेज दिया गया। जेल गए आरोपितों में रोहित कुमार दास और मिथुन कुमार मंडल पूर्व में भी साइबर अपराध के जुर्म में जेल जा चुके है। छापेमारी दल में साइबर थाना के पुनि नागेन्द्र कुमार मंडल कुंडा थाना प्रभारी एसआई प्रशांत कुमार, साइबर थाना के पुनि राकेश कुमार रवि सहित कुंडा एवं मधुपुर और मारगोमुंडा थाना की पुलिस टीम शामिल थे।
मोबाइल की छिनतई
देवघर/संवाददाता। बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक का मोबाइल फोन छीन लिया है। पीड़ित अजय कुमार रवानी मूल रूप से मोहनपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है और वर्तमान बाजला चौक के पास रहता है। वह यहां के एक होटल में काम करता है। वह शनिवार की रात को पैदल जा रहा था। इस दौरान बाइक वार बदमाश आए और उसके हाथ से मोबाइल छीनकर फरार हो गए। उसने शोर मचाया और उनका पीछा भी किया। लेकिन इससे पहले की लोग कुछ समय पाते बदमाश तेजी से भाग निकले। घटना की जानकारी नगर थाना पुलिस को दे दी गयी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
15 हजार की साइबर ठगी
देवघर/संवाददाता। जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के बड़ा मेरखी गांव के रहने वाले एक व्यक्ति को झांसे में लेकर 15 हजार रूपये ठगी किये जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में मैनेजर यादव नामक व्यक्ति ने साइबर थाना में आवेदन देकर कि शकायत किया है। बताया कि अज्ञात नंबर से वाट्सअप पर वीडियो कॉल आया नाम पूछते हुए कहा कि एकाउंट से कटा हुआ 300 रूपये वापस आ जायेगा। उपरांत वह उसके झांसे मंे आ गया। फोन करने वाले के द्वारा ऑनलाइन कुछ प्रोसेस कराया गया। इसके बाद उसके एकाउंट से 15000 रुपए कट गया। साइबर पुलिस मामले की छानबीन मे जुट गयी है।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम से महिलाओं को मिलेगा नया अधिकार : रीता चौरसिया
- प्रेसवार्ता में बबीता झा ने बताया ऐतिहासिक कदम, राजनीति में बढ़ेगी महिलाओं की भागीदारी
देवघर/नगर संवाददाता। रविवार को देवघर में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर आयोजित प्रेसवार्ता में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रीता चौरसिया ने कहा कि यह अधिनियम महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है, जो आने वाले समय में देश की राजनीति और समाज दोनों में सकारात्मक बदलाव लाएगा। रीता चौरसिया के आवास पर आयोजित इस प्रेसवार्ता में उन्होंने मुख्य रूप से कहा कि लंबे समय से महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की मांग की जा रही थी, जिसे अब यह अधिनियम पूरा करता है। उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में अधिक अवसर मिलेगा और वे समाज से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठा सकेंगी। प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष बबीता झा ने भी इस अधिनियम को देश के लोकतांत्रिक इतिहास का महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए आरक्षण सुनिश्चित होने से नीति निर्माण में महिलाओं की प्रभावी भागीदारी बढ़ेगी, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में व्यापक सुधार होगा। रीता चौरसिया ने आगे कहा कि यह अधिनियम केवल राजनीतिक प्रतिनिधित्व तक सीमित नहीं है, बल्कि यह महिलाओं को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाने का माध्यम भी बनेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे समाज में महिलाओं की स्थिति और मजबूत होगी तथा वे हर क्षेत्र में आगे बढ़ेंगी। इस दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष विजया सिंह ने केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही महिला हितैषी योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि सरकार लगातार महिलाओं के उत्थान के लिए काम कर रही है। वहीं महिला नेत्री संध्या कुमारी ने कहा कि यह अधिनियम महिलाओं को समान अवसर देने की दिशा में एक बड़ा कदम है। प्रेसवार्ता में मौजूद नेताओं ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की भागीदारी को सुनिश्चित करेगा। कार्यक्रम में महिला मोर्चा की कार्यकर्ता और स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे और इस पहल का स्वागत किया।