- धर्म, संस्कृति और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का आह्वान, संतों व जनप्रतिनिधियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
देवघर/नगर संवाददाता। देवघर के शहीद आश्रम रोड स्थित शिव बस्ती में रविवार को आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन का शुभारंभ भक्ति, श्रद्धा और उत्साह के माहौल में हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ व भारत माता के तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्जवलन के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान राम दरबार एवं भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर तथा दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। इस दौरान पूरा परिसर धार्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो उठा और चारों ओर जय श्रीराम के जयघोष के साथ सामाजिक एकता का संदेश गूंजता रहा।
सम्मेलन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा, महिलाएं और बच्चे शामिल हुए। आयोजन स्थल पर सुबह से ही लोगों का आना शुरू हो गया था और कार्यक्रम के दौरान भारी भीड़ देखने को मिली। आयोजकों के अनुसार इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य हिंदू समाज को एकजुट कर धर्म, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों की रक्षा एवं उत्थान के प्रति जागरूक करना था।
संतों और वक्ताओं ने दिया एकजुटता का संदेश : कार्यक्रम में संघ के प्रांत कार्यवाह संजय कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि धर्म केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज को जोड़ने और सही दिशा दिखाने का माध्यम भी है। उन्होंने युवाओं से अपनी सांस्कृतिक विरासत को समझने और उसे आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में अपनी पहचान और परंपराओं को बचाए रखना बेहद जरूरी है। नारायणपुर जामताड़ा से आए झारखंडी बाबा ने कहा कि समाज की मजबूती का आधार आध्यात्मिकता और नैतिकता है। वहीं मौनी बाबा आश्रम चांदपुर की महंत साध्वी मांडवी अनुचारी ने अपने संबोधन में महिलाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि परिवार और समाज के निर्माण में महिलाओं का योगदान सबसे महत्वपूर्ण होता है। विभाग संघ चालक डॉ युगल किशोर चौधरी ने कहा कि संगठित समाज ही सशक्त समाज होता है। उन्होंने कहा कि जब तक समाज में एकता नहीं होगी, तब तक विकास की गति भी बाधित रहेगी। संघ के नगर कार्यवाह डॉ आनंद वर्धन और जिला संघ चालक गणेश बरनवाल ने भी समाज को संगठित रहने और सामाजिक समरसता बनाए रखने पर जोर दिया। संघ के विभाग कार्यवाह अरुण झा ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को नई दिशा देते हैं।
जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों की सक्रिय भागीदारी : सम्मेलन में पूर्व मंत्री राज पलिवार और पूर्व विधायक नारायण दास ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि समाज की एकता ही देश की ताकत है और इसे बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। महेश प्रसाद राय, मधुसूदन मंडल, जिला कार्यवाह राजेश प्रसाद, अनिल कुमार, राजकुमार, सुबल कुमार, शैलेश कुमार, किशोर कुमार, सुनील कुमार गुप्ता, धनंजय तिवारी, डॉ गोपाल बरनवाल, ममता गुप्ता, शशिशेखर झा, प्रेमलता बरनवाल, प्रवीण कुमार, लक्ष्मण भाई पटेल, गौरी शंकर शर्मा, अशोक झा, विनायक कुमार, मनोज सिन्हा, दिगंबर कुमार, चंद्रशेखर खवाड़े, महेश दुबे, राय आनंद वत्स, सूरज झा, दिगंबर पांडेय, आशा द्वारी झा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। विहिप और अन्य सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को और भी प्रभावशाली बनाया। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में समाज की एकता, सांस्कृतिक धरोहर और नैतिक मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प लिया।
भक्ति और अनुशासन से सजा आयोजन : हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ के दौरान वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धा भाव से भाग लिया और पूरे परिसर में भक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। दीप प्रज्ज्वलन के साथ सम्मेलन का औपचारिक शुभारंभ हुआ, जिसने पूरे आयोजन को गरिमा प्रदान की। कार्यक्रम में महिलाओं और युवाओं की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। बड़ी संख्या में युवा स्वयंसेवकों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन स्थल पर साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था और अनुशासन की सराहना सभी ने की।
समाज को जोड़ने का सशक्त प्रयास : आयोजकों ने बताया कि इस सम्मेलन का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को एक मंच पर लाना और आपसी भाईचारे को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सामाजिक एकता की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक है और ऐसे आयोजन समाज को एक नई दिशा देते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन लगातार किया जाएगा, ताकि समाज में जागरूकता बनी रहे और नई पीढ़ी अपनी संस्कृति और मूल्यों से जुड़ी रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने धर्म की रक्षा, समाज के उत्थान और राष्ट्रीय एकता के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि जब समाज एकजुट होता है, तब वह हर चुनौती का सामना मजबूती से कर सकता है। विराट हिंदू सम्मेलन न केवल एक धार्मिक आयोजन रहा, बल्कि यह सामाजिक एकता, सांस्कृतिक जागरूकता और सामूहिक जिम्मेदारी का भी प्रतीक बनकर उभरा। इस आयोजन ने यह साबित कर दिया कि संगठित समाज ही सशक्त और समृद्ध राष्ट्र की नींव रखता है। - डीपीएल सीजन-13 का भव्य आगाज
महापौर व एसपी ने चौके-छक्के लगाकर किया उद्घाटन - ब्राउन बीयर्स ने जीता पहला मुकाबला
देवघर/नगर संवाददाता। स्थानीय केकेएन स्टेडियम में रविवार को होटल एकता इंटरनेशनल देवघर प्रीमियर लीग (डीपीएल) के 13वें संस्करण का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। खेल और उत्साह से भरे इस आयोजन में शहर के कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे, जिनकी मौजूदगी ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ा दिया। उद्घाटन समारोह में महापौर रवि रावत, पुलिस अधीक्षक सौरभ, सीसीआर डीएसपी लक्ष्मण प्रसाद, होटल एकता इंटरनेशनल के प्रोपराइटर ध्रुव सिंह, महामंडलेश्वर रोज मौसी सहित अनिरुद्ध कुमार, मोहित कुमार, पप्पू सिंह, रवि झा, रवि सिंह, प्रेम कुमार, ज्ञान प्रकाश सिंह, राजेश साह, शानू गुप्ता और राजीव गुप्ता समेत कई प्रमुख लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों द्वारा सभी अतिथियों का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत करने के साथ हुई। इसके बाद महापौर रवि रावत और पुलिस अधीक्षक सौरभ ने मैदान में उतरकर खुद चौके-छक्के लगाए और गेंदबाजी कर डीपीएल सीजन-13 का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान स्टेडियम में मौजूद दर्शकों ने जोरदार तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
पहले मैच में ब्राउन बीयर्स की शानदार जीत : टूर्नामेंट का पहला मुकाबला पिछले वर्ष की चैंपियन ब्राउन बीयर्स और पिंक पैंथर के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पिंक पैंथर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित 20 ओवर में टीम ने 133 रन बनाए। पिंक पैंथर की ओर से अनिकेत शर्मा ने सर्वाधिक 36 रनों की पारी खेली, जबकि आर्यन चौधरी ने 20 रन बनाए। इसके अलावा गौरव झा, सचिन यादव और वरुण चौधरी ने 14-14 रन का योगदान दिया। ब्राउन बीयर्स की ओर से गेंदबाजी में शिवम, कुलदीप, अमर और अविनाश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो-दो विकेट हासिल किए। 134 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ब्राउन बीयर्स की टीम ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और मात्र 16.3 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की ओर से सुमन भारद्वाज ने बेहतरीन 59 रन बनाए, जबकि सत्यम चौधरी ने 52 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। पिंक पैंथर की ओर से गेंदबाजी करते हुए अनिकेत शर्मा ने दो विकेट लिए, लेकिन वह टीम को जीत दिलाने में सफल नहीं हो सके।
सुमन भारद्वाज बने प्लेयर ऑफ द मैच : मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए सुमन भारद्वाज को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें ज्ञान प्रकाश सिंह, रवि झा और सोनू भारती द्वारा नगद राशि और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
दर्शकों का भी हुआ सम्मान : मैच के दौरान दो दर्शकों ने बाउंड्री के बाहर शानदार कैच पकड़कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। इनके इस उत्साहवर्धक प्रदर्शन के लिए अभिषेक पांडे और प्रियांशु कुमार को 500 नगद और टी-शर्ट देकर सम्मानित किया गया।
अंपायरिंग और तकनीकी सुविधाएं : आज के मैच में फील्ड अंपायर की भूमिका राजेश कुमार और नुनु सिंह ने निभाई, जबकि थर्ड अंपायर के रूप में खुशहाल शेख मौजूद रहे। स्कोरिंग की जिम्मेदारी सोनू गुप्ता ने संभाली।
टूर्नामेंट की खास बात यह रही कि मैच का लाइव टेलीकास्ट किया जा रहा है और टीमों को डीआरएस (निर्णय समीक्षा प्रणाली) की सुविधा भी प्रदान की गई है, जिससे खेल और अधिक पारदर्शी और रोमांचक बन गया है। डीपीएल सीजन-13 का यह शानदार आगाज आने वाले दिनों में और भी रोमांचक मुकाबलों का संकेत दे रहा है, जिससे क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
जन्मदिन पर रक्तदान कर पेश की मिसाल, समाज को दिया प्रेरणादायक संदेश
- प्रयोगशाला प्रभारी मनोज कुमार मिश्र ने बेटी के जन्मदिन को बनाया सेवा का अवसर
देवघर/नगर संवाददाता। सदर अस्पताल देवघर के प्रयोगशाला प्रभारी मनोज कुमार मिश्र ने अपनी पुत्री आकांक्षा शांडिल्य के जन्मदिन के अवसर पर रक्त केंद्र, देवघर में रक्तदान कर एक सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया। इस मौके पर उनके साथ पुनीत कुमार यादव, अनिल रजक तथा छोटू राम भी मौजूद रहे और उन्होंने इस पहल की सराहना की।
मनोज कुमार मिश्र का यह कदम समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनता जा रहा है। वे हर वर्ष अपने परिवार के सदस्यों के जन्मदिन पर रक्तदान करते हैं और इस परंपरा को निरंतर निभा रहे हैं। उनका मानना है कि रक्तदान से न केवल जरूरतमंद लोगों की जान बचाई जा सकती है, बल्कि यह स्वयं के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी होता है। उन्होंने बताया कि नियमित अंतराल पर रक्तदान करने से शरीर में नई रक्त कोशिकाओं का निर्माण होता है, जिससे व्यक्ति स्वस्थ रहता है और कई गंभीर बीमारियों से बचाव संभव होता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे भी इस तरह के विशेष अवसरों को सेवा और मानवता से जोड़ें। मौके पर उपस्थित लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्य समाज में सकारात्मक संदेश फैलाते हैं और दूसरों को भी प्रेरित करते हैं। रक्त केंद्र के कर्मियों ने भी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे जागरूक लोगों की वजह से ही जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो पाता है। यह पहल न केवल एक व्यक्तिगत संतुष्टि का माध्यम है, बल्कि समाज में मानवता और सेवा भावना को भी मजबूत करने का कार्य करती है।
ताइक्वांडो कलर बेल्ट की परीक्षा में 32 बच्चें हुए शामिल
मधुपुर/संवाददाता। स्थानीय मीना बाजार मोहल्ला के एक निजी आवास में रविवार को देवघर जिला ताईक्वांडो संघ के तत्वावधान में कलर बेल्ट की परीक्षा ली गई। इस परीक्षा में प्रारम्भिक अवस्था येलो बेल्ट शुरुआती स्तर से लेकर एडवांस्ड ब्लैक बेल्ट रेड 1 उच्च स्तर तक के कुल 32 प्रतिभागी बच्चों ने भाग लिया । जिसमें येलो बेल्ट के लिए 3, ग्रीन बेल्ट के लिए 12, ग्रीन 1 के लिए 5 ब्लू के लिए 6, ब्लू 1 के लिए 3 व रेड के लिए 3 प्रतिभागियों ने कलर बेल्ट टेस्ट में हिस्सा लिया।
बता दें कि यह संख्या ताइक्वांडो खेल के प्रति जिले के युवाओं की बढ़ती रुचि व लगन को दर्शाता है। ताइक्वांडो में बेल्ट का रंग प्रैक्टिशनर के कौशल व अनुभव को दर्शाता है। येलो बेल्ट शुरुआती छात्रों के लिए होता है। जबकि ब्लैक बेल्ट उच्च स्तर की प्राप्ति को दर्शाती है। इसके बाद रेड बेल्ट होता है जो एक एडवांस्ड लेवल की पहचान है। इस परीक्षा में विभिन्न स्तरों के प्रतिभागियों ने अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन किया। देवघर जिला ताइक्वांडो संघ के सचिव दीपक मैसी व कोच कुणाल प्रजापति के मार्गदर्शन में परीक्षा को सुचारू रूप से संपन्न कराने में सहयोग दिया। देवघर ताइक्वांडो संघ के चैयरमेन संजय शर्मा, उपाध्यक्ष दीपक मिश्रा, कोषाध्यक्ष संजय दास, नन्द किशोर शर्मा, सुस्मिता चक्रवर्ती ने भी बच्चों को उनके बेहतर भविष्य के लिए बधाई दिया। कहा कि आप सभी इसी तरह मेहनत कर मधुपुर व जिला का नाम रौशन करें। यह आयोजन निश्चित रूप से आने वाले समय में अधिक से अधिक युवाओं को इस खेल से जुड़ने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा यह खेल सभी बच्चों को अनुशासन और समर्पण की भावना के साथ आगे बढ़ने का मौका भी देते हैं। परीक्षा में अनन्या,अंजना कुमारी, आराध्या, सृष्टि सेन, महिमा चौधरी, प्रीति हांसदा, सौम्या, अनु कुमारी, दिव्यांशी, विधि, अंकिता,कायनात, सोफिया वहीं लड़कों में सत्यम शाह, संतोष, अराइट्रो, अनमोल, अंकित, आयुष ने अपने कौशल का परिचय दिया।
बाइक सवार अपराधियों ने युवक का अपहरण कर मांगी दो लाख फिरौती
- पुलिस की तत्परता से दो अपराधी गिरफ्तार, अपहृत युवक हुआ बरामद
जसीडीह/संवाददाता। बाइक सवार अपराधियों ने बीते शनिवार को जसीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत खोरीपानन गांव स्थित दुर्गा मंदिर के समीप से बाइक सवार एक युवक का अपहरण कर दो लाख रुपए फिरौती की मांग करने का मामला प्रकाश में आया। वहीं सूचना पाकर पुलिस ने तत्परता दिखाई और दो अपराधियों को जहां धरदबोचा। वहीं अपहृत युवक और बाइक बरामद कर लिया। इस संबंध में राहुल कुमार पिता भुवनेश्वर कुमार दास, ग्राम छाताकुरूम थाना चंद्रमंडीह निवासी ने जसीडीह थाना में आवेदन देकर घटना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 11 अप्रैल को शाम करीब साढ़े चार बजे अपने चचेरे भाई दीपक कुमार दास के साथ खोरीपानन, अंधरीगादर आया और शराब दुकान से एक बोतल शराब खरीदा। इसके बाद टांड़ में पीने लगे। करीब छह बजे बाइक नंबर जेएच -15 एबी/8708 से अपना घर जाने लगे। जैसे ही खोरीपानन दुर्गा मंदिर के पास पहुंचे तो तीन मोटर साइकिल पर सवार सात आठ व्यक्ति ने उसे घेर लिया और बोला चुपचाप चलो और उसका बाइक ले लिया। इसके बाद आंख पर गमछा बांध कर अपने साथ मोटर साइकिल पर बैठा लिया और एक टूटा मकान खंडहर जैसा के पास पहुंच कर आंख में बंधा गमछा खोल दिया। बसुवाडीह होमगार्ड आफिस के पीछे उसे ले आया है। साथ ही उक्त लोगों ने आपस में राहुल, अमन, बिशाला, रोहित नाम लेकर बोल रहा था। उक्त लोगों ने उसे बोला कि तुम अपने पापा को फोन लगाओ और बोलों दो लाख रुपए फिरौती देगा। साथ ही डरा धमकाकर कर मारपीट करने लगे। तब वह बोला कि उसके पापा रुपए लाकर दे देंगे। इतने में करीब रात पौने दस बजे पुलिस गाड़ी सड़क किनारे आकर रूकी और उसमें से कुछ पुलिस उतारा तो उक्त लोगों ने आपस में चर्चा करने लगा कि अब वे लोग घेरा जायेगा और सब इधर-उधर भागने लगा। तभी मौका देखकर वह भागकर होमगार्ड ऑफिस में जाकर छिप गया। इसी दौरान उसके पिता जी ने उसका मोबाइल नंबर जसीडीह थाना को देकर घटना की जानकारी दी। वहीं पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार जसीडीह पुलिस ने उक्त घटना से वरीय पुलिस पदाधिकारी को अवगत कराया। साथ ही पुलिस अधीक्षक देवघर के निर्देश पर एवं तकनीकी सूचना के आधार पर जसीडीह थाना के सब इंस्पेक्टर रामानुज सिंह, सचित सिंह, अभय कुमार, एएसआई अनीश सिंह, मुंशी गंगा कुमार ने तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई की और दो अपराधियों को धर दबोचे। साथ ही अपहृत राहुल कुमार को सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही गिरफ्तार अपराधियों के निशान देही पर राहुल कुमार का बाइक बाबाधाम डेवलपर्स से बरामद कर लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में एक का नाम शाहील सिंह पिता शैलेश कुमार सिंह ग्राम बेलाबगान नगर थाना देवघर एवं रोहित कुमार पिता रूपेश कुमार ग्राम विलियम्स टाउन नगर थाना देवघर है। राहुल कुमार के आवेदन पर जसीडीह थाना में मामला दर्ज कर गिरफ्तार दोनों अपराधियों को रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। जबकि अन्य की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस कार्रवाई में जुटी है।
अज्ञात वाहन की चपेट में आने से जीजा-साला घायल
देवघर/संवाददाता। सारठ थाना क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरचुरा गांव के पास अज्ञात वाहन के चपेट में आने से बाइक सवार जीजा-साला गंभीर रूप से हुआ घायल इलाज के लिए लाया गया। देवघर सदर अस्पताल जहां पर ऑन ड्यूटी चिकित्सक द्वारा इलाज कर वार्ड में भर्ती कर दिया गया है। घटना के संबंध में बुढई थाना क्षेत्र के भीखनाडीह गांव निवासी घायल पिंटू कुमार ने बताया कि वह अपने घर से बाइक पर साला चंदन कुमार के साथ बैठकर सारठ गया था। उसी क्रम में पीछे से अज्ञात वाहन ने धक्का मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसके बाद इलाज के लिए देवघर सदर उस्ताद पहुंचाया गया। जहां पर इलाज जारी है।
आपसी विवाद में पत्नी ने किया विषपान
देवघर/संवाददाता। सरैयाहाट थाना क्षेत्र की टीटू गांव में पति-पत्नी के बीच झगड़ा में पत्नी ने विषपान कर लिया। जिसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया। घटना के संबंध में गांव निवासी मालती देवी के पुत्र सूरज कुमार साह ने बताया कि माता और पिता के बीच किसी बात को लेकर लड़ाई हुई थी। जिसके बाद मां ने जहरीला पदार्थ खा लिया। जिससे हालत खराब होने लगी इसके बाद पारी जिन्होंने इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी सरैयाहाट थाना पुलिस को दे दी गई है।
ट्रक के धक्के से एक व्यक्ति घायल
देवघर/संवाददाता। रिखिया थाना क्षेत्र के खजुरिया मोड़ के पास ट्रक के धक्के से एक व्यक्ति घायल हो गया। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया है। घटना के संबंध में कटोरिया थाना क्षेत्र के गार्ड वरण गांव निवासी घायल शिबू यादव के पुत्र अनिल यादव ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ बाबाधाम पूजा अर्चना करने के लिए आया था। उसी क्रम में शाम को बाघमारा स्थित बस स्टैंड जाने के लिए ऑटो पर बैठकर सभी लोग जा रहे थे, तभी अचानक खजुरिया के पास ऑटो से उतरकर शिबू यादव पेशाब करने के लिए खड़ा था तभी एक ट्रक ने पीछे से धक्का मार दिया। घटना स्थल से ट्रक लेकर फरार हो गया।
भाजपा जिला पदाधिकारियों का सम्मान समारोह, संगठन मजबूती पर दिया जोर
- जिलाध्यक्ष सचिन रवानी ने नई टीम को किया सम्मानित, पार्टी सिद्धांतों से कराया अवगत
देवघर/नगर संवाददाता। रविवार को स्थानीय खड़ी दुलमपुर स्थित भाजपा कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी के जिला पदाधिकारियों के सम्मान में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सचिन रवानी ने की, जहां नव नियुक्त पदाधिकारियों को सम्मानित कर उन्हें संगठन की जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सचिन रवानी ने सभी नए उपाध्यक्ष, महामंत्री, मंत्री, कार्यालय मंत्री तथा कोषाध्यक्ष को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने अपने संबोधन में पार्टी की नीति, विचारधारा और संगठनात्मक सिद्धांतों की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही सभी पदाधिकारियों से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने की अपील की। कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला महामंत्री सुनीता सिंह, अभयानंद झा, जिला उपाध्यक्ष पप्पू यादव, पंकज सिंह भदोरिया, विजया सिंह, मुकेश पाठक, जिला मंत्री संतोष मुर्मू , सुलोचना देवी, अलका सोनी, जयकांत मंडल, मंत्री मनोज मिश्रा, कोषाध्यक्ष सचिन सुल्तानिया, कार्यालय मंत्री धनंजय तिवारी, उप कार्यालय मंत्री अमनदीप गोलू एवं मंडल अध्यक्ष संजय गुप्ता रमेश राय, अमरजीत दुबे, सुमित रवानी, सुनील यादव, शांति देवी, सुनील मंडल, संतोष सिंह, गंगाधर मंडल, निरंजन देव, रवि रवानी, मोहन कुमार, कृष्ण पोद्दार, नीरज गुप्ता, उमेश यादव, मनोहर चौधरी, अनूप भैया, हरिओम शरण, दिगंबर पांडेय आदि मंडल अध्यक्ष मौजूद थे। जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और समर्पण पर निर्भर करती है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे जनता के बीच जाकर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को पहुंचाएं तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने में योगदान दें। समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। सभी ने एकजुट होकर संगठन के विस्तार और मजबूती के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। यह कार्यक्रम पार्टी के भीतर समन्वय और ऊर्जा को बढ़ाने में सहायक साबित हुआ।
एलआईसी में वित्तीय सलाह के मामले में दीपक का उम्दा प्रदर्शन
- देवघर शाखा में दूसरा स्थान
पालोजोरी/संवाददाता। पालोजोरी के दीपक दत्ता ने एलआईसी से जुड़कर वित्तीय सलाह देने के मामले में उम्दा प्रदर्शन किया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में दीपक ने देवघर शाखा में दूसरा स्थान हासिल किया है। दीपक ने बताया कि देवघर शाखा में तकरीबन 1300 सक्रिय वित्तीय सलाहकार हैं। स्थानीय लोगों ने दीपक की सफलता पर हर्ष व्यक्त किया है।
उत्पाद विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी, अवैध शराब के साथ तीन धराये
चितरा/संवाददाता। अवैध शराब कारोबार पर नकेल कसने के उद्देश्य से उत्पाद विभाग देवघर ने रविवार शाम चितरा थाना पुलिस के सहयोग से थाना क्षेत्र में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान दिग्घी, घोंसी और जमुआ गांव में कार्रवाई करते हुए विभिन्न ब्रांड की भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब जब्त की गई। साथ ही तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में कई दुकानों को खंगाला गया, जहां अवैध रूप से शराब का भंडारण एवं बिक्री की जा रही थी। छापेमारी के क्रम में कोलियरी क्षेत्र स्थित गिरजा गेट के समीप एक होटल में भी तलाशी ली गई, हालांकि वहां से कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई। इस अभियान में उत्पाद विभाग के सब-इंस्पेक्टर मिथिलेश कुमार के नेतृत्व में टीम सक्रिय रही, वहीं चितरा थाना प्रभारी विपिन कुमार समेत पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। गिरफ्तार सभी आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई हेतु उत्पाद विभाग अपने साथ देवघर ले गई। हालांकि मामले में विस्तृत जानकारी के लिए सब-इंस्पेक्टर मिथिलेश कुमार से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क स्थापित नहीं हो सका।