देवघर/वरीय संवाददाता। देश के संविधान निर्माता, स्वतंत्रता संग्राम के महानायक, भारत के प्रथम कानून मंत्री एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती देवघर जिला अनुसूचित जाति कांग्रेस कार्यालय में हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं द्वारा बाबा साहब के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। तत्पश्चात अंबेडकर चौक स्थित उनकी आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से झारखंड सरकार के पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख उपस्थित रहे। इस दौरान उन्होंने कहा कि बाबा साहब द्वारा रचित संविधान ही देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता का आधार है। 20 सूत्री उपाध्यक्ष डॉ. मुन्नम संजय ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर हम सभी के प्रेरणास्रोत हैं। वे समानता, सामाजिक न्याय एवं शिक्षा के प्रणेता थे। पूर्व जिला अध्यक्ष प्रो. उदय प्रकाश ने कहा कि बाबा साहब की जयंती को समानता दिवस एवं ज्ञान दिवस के रूप में मनाया जाता है। उनके जीवन मूल्यों को अपने जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।इस कार्यक्रम में कांग्रेस के कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।
जिला कांग्रेस कार्यालय में याद किए गए बाबा साहेब
देवघर/वरीय संवाददाता। कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेंद्र दास की अध्यक्षता में बाबा साहेब की जयंती मनायी गयी। सर्वप्रथम बाबा साहब के तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया गया। जिला अध्यक्ष ने कहा कि हमें केवल उन्हें श्रद्धांजलि नहीं देनी चाहिए, बल्कि उनके विचारों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लेना चाहिए। जब तक समाज में समानता और न्याय की स्थापना नहीं होती, तब तक बाबा साहेब का सपना अधूरा रहेगा। आज भी हमें एक सशक्त और समरस भारत की ओर ले जाने का मार्ग दिखाता है। समारोह मे वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अशोक राय जिला महासचिव गणेश दास, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता दिनेश आनंद झा, जिला पदाधिकारी मोजिब खान, जिला पदाधिकारी केदार दास, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष आशीष भारद्वाज, छात्र संघ के जिला अध्यक्ष रवि वर्मा, नगर अध्यक्ष रवि केसरी, अल्पसंख्यक सेल के अध्यक्ष बिलालुद्दीन अंसारी, जिला पदाधिकारी मकसूद आलम, राहुल राज, आदर्श केसरी, चंदन कुमार, पप्पू कुमार, विकास कुमार, मोहम्मद हबीब, चंदन सिंह, कुमार बाबा, प्रियांशु शेखर, राकेश केसरी, सूरज कुमार शाह, सद्दाम अंसारी, मोहम्मद अबरार, मोहम्मद मिनहाज मिर्जा, ललन कुमार, अनिल चंद्रवंशी, रमनीकांत, सद्दाम अंसारी, मनजीत कुमार, गोलू कुमार आदि अन्य दर्जनों कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
डॉ अम्बेडकर पुस्तकालय समिति ने मनायी बाबा साहेब की जयंती
- निकाली भव्य रैली
देवघर/वरीय संवाददाता। अंबेडकर चौक स्थित डॉ अंबेडकर पुस्तकाय में मंगलवार को बाबा साहेब की जयंती धूमधाम से मनायी गयी। सर्वप्रथम पुस्तकालय समिति के लोगों ने बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। तत्पश्चात बाबा साहेब के नारे और संगीत के साथ रैली निकाली गई। रैली अंबेडकर चौक से टावर चौक होते हुए डॉ अंबेडकर चौक पहुंची। जहां सभा का आयोजन किया गया। डॉ अंबेडकर जयंती समारोह कार्यक्रम की संचालन पुस्तकालय के सचिव इंजीनियर महेश कुमार लंकेश द्वारा किया गया। उपाध्यक्ष डॉ बीपी यादव ने अतिथियों के साथ आए हुए बुद्धिजीवियों का स्वागत एवं धन्यवाद दिया। पुस्तकालय कार्यकारिणी के सदस्य ने आए हुए अतिथियों को पंचशील का पट्टा, संविधान की पुस्तक और पुष्पगुचछ देकर सम्मानित किया। मंचासीन विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक देवघर सौरभ को पुस्तकालय के अध्यक्ष, सचिव ने पुष्पगुच्छ एवं संविधान की प्रति देकर सम्मानित किया। डॉ अंबेडकर पुस्तकालय के छात्राओं जो डॉ अंबेडकर ज्ञान प्रतियोगिता 2026 में अपना स्थान प्रथम से दसवीं तक प्राप्त किया उन्हें प्रशस्ति पत्र, शील्ड और पुरस्कार देकर पुरस्कृत किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा प्रियंका कुमारी द्वितीय मोनिका कुमारी तृतीय श्वेता सिंह चतुर्थ सूरज कुमार पांचवा मोहम्मद आफताब अंसारी, संयुक्त कुमारी, सातवां सीमा कुमारी अष्टम प्रियंका कुमारी नम सरिता कुमारी, दसवां शीर्ष कुमार रहे। विशिष्ट अतिथि जितेंद्र दास ने बाबा साहेब की जीवनी पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बिना शिक्षा समाज या देश की उन्नति नहीं हो सकती। मुकुंद दास, नारायण यादव, डॉक्टर आशा रानी, मनोज कुमार चौधरी, संगठन सचिव अधिवक्ता रामदेव प्रसाद दास, उपाध्यक्ष कुलदीप रविदास, पूर्व अध्यक्ष रामदेव दास, मीडिया प्रभारी नंदलाल पंडित, सदस्य राजकुमार बरनवाल, डीआर पल्लवी सदस्य इंजीनियर अशोक कुमार सदस्य अतिकुर रहमान ने अपनी-अपनी बातों को रखा। मौके पर दिवाकर महथा, संतू दास, मधुवेंद्र, डब्लू बौद्ध, शेखर कुमार, सुभाष कुमार, प्रीति कुमारी, रंजीत कुमार वर्मा, संतोष पंडित, अरुण राम ओंकार, संतु कुमार सेन, भरत तुरी, सनोज मिर्धा समेत अन्य पुस्तकालय कर्मी मौजूद थे।
भीमराव अंबेडकर और गणितज्ञ आर्यभट्ट की मनाई गई जयंती
देवघर/वरीय संवाददाता। मंगलवार को भारत विकास परिषद, बैद्यनाथ धाम शाखा के तत्वावधान में स्थानीय संत कोलंबस स्कूल में संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं महान भारतीय गणितज्ञ आर्यभट्ट की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाखा के अध्यक्ष संतोष शर्मा ने की।
इस अवसर पर परिषद के सदस्यों और प्रबुद्ध जनों ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दीप प्रज्ज्वललित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संतोष शर्मा ने महान खगोलशास्त्री और गणितज्ञ आर्यभट्ट को याद करते हुए कहा, आर्यभट्ट केवल एक गणितज्ञ नहीं, बल्कि भारत के वैज्ञानिक गौरव के प्रतीक हैं। उन्होंने शून्य का ज्ञान देकर विश्व को आधुनिक गणित की आधारशिला रखने में मदद की। आज की युवा पीढ़ी को उनके सिद्धांतों और खोजों से प्रेरणा लेकर विज्ञान के क्षेत्र में भारत का नाम रौशन करना चाहिए। मुख्य वक्ता के रूप में क्षेत्रीय सचिव संपर्क प्रोफेसर अरविंद कुमार झा ने बाबा साहब के जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समता, न्याय और बंधुत्व के उच्च आदर्शों से आलोकित, समरस एवं समावेशी समाज की आधारशिला रखने वाले बाबा साहब भारतीय संविधान के सच्चे शिल्पकार थे। शाखा की पूर्व अध्यक्ष प्रोफेसर राखी रानी ने कहा कि बाबा साहब ने केवल संविधान ही नहीं रचा, बल्कि उन्होंने महिलाओं को शिक्षा और संपत्ति में अधिकार दिलाने के लिए ‘हिंदू कोड बिल’ के माध्यम से क्रांति की शुरुआत की थी। आज की नारी अगर स्वतंत्र और सशक्त है, तो उसमें बाबा साहब की दूरगामी सोच का बड़ा योगदान है। समिति के सचिव आचार्य गौरव शंकर ने कहा बाबा साहब के पदचिह्नों पर चलते हुए एक समरस और भेदभाव मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि बाबा साहब का संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं। कार्यक्रम मे समिति के कोषाध्यक्ष चंचल कोठारी, उत्तम कुमार डमरू, डॉक्टर शंभूनाथ मिश्र, विजय पांडेय प्रभात चरण मिश्र, ाौरव शंकर, करुणा गौतम ठाकुर एवं कई सदस्य मौजूद थे।
खिजुरिया में मनाई गई अम्बेडकर जयंती
- अम्बेडकर मेला 15 एवं 16 अप्रैल को
देवघर/वरीय संवाददाता। खिजुरिया स्थित भूतबंगला में मंगलवार को बाबा साहब डॉ भीमराव अम्बेडकर की जयंती मनायी गयी। बाबा साहब की प्रतिमा पर बुद्वन बोद्ध, मनोज दास, प्रमोद दास, नंद किशोर दास, विजय दास, प्रमोद दास, अनिल दास, जयनारायण त्यागी, श्यामसुंदर दास समेत कई लोगों ने माल्यार्पण किया।
इस अवसर पर बताया कि 15 एवं 16 अप्रैल को गुरु रविदास आश्रम सह बहुजन सांस्कृतिक केन्द्र खिजुरिया में दो दिवसीय भव्य अम्बेडकर मेला का आयोजन किया गया है। मेला उद्घाटन के बाद मेयर, डिप्टी मेयर एवं सभी पार्षदों का स्वागत किया जाएगा। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में झारखंड सरकार के मंत्री हफीजुल हसन, विधायक सुरेश पासवान, उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा, पुलिस अधीक्षक सौरभ, बिहार के जदयू नेता ओमकार यादव, झामुमो जिलाध्यक्ष संजय शर्मा, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष परिमल सिंह समेत अन्य गणमान्य लोगों को आमंत्रित किया गया है।
छत से गिरकर युवक घायल
देवघर/संवाददाता। छत से गिरकर घायल हुए एक युवक को इलाज के लिये देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल का नाम देवनारायण कुमार है। वह देवघर का रहने वाला है। बताया जाता है कि वह छत पर कुछ काम कर रहा था। अचानक उतरने के क्रम में उसका पैर स्लीप कर गया और वह नीचे गिर पड़ा। उसे घायलावस्था में परिजनोंे द्वारा इलाज के लिये देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसका इलाज किया जा रहा है।
करंट की चपेट में आने से महिला गंभीर
देवघर/संवाददाता। रिखिया थाना क्षेत्र के बैजनाथपुर इलाके में बिजली के करंट लगने से एक महिला की हालत गंभीर हो गयी। महिला का नाम खुशी देवी है। परिजनों ने उसे इलाज के लिये सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां उसका इलाज किया जा रहा है। स्वजनों ने बताया कि वह स्नान करने के लिये मोटर का तार बोर्ड में लगाने गयी थी। उसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गयी।
सड़क हादसे में तीन लोग घायल
देवघर/संवाददाता। अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसे में तीन लोग घायल हो गये। तीनों को इलाज के लिये सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मोहनपुर थाना इलाके के अर्जुना नदी मोड़ के पास दो बाइक के बीच टक्कर हो गयी। इस घटना में मोहनपुर थाना क्षेत्र के कैरी गांव निवासी संतोष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। स्वजनों के द्वारा उसे इलाज के लिये देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों ने बताया कि वह बाइक लेकर घर से बाजार जा रहा था। उसी क्रम में अर्जुना नदी के स्थित मोड़ के पास सामने से आ रहे एक बाइक सवार ने इसके बाइक में जोरदार टक्कर मार दिया। इस घटना में इसको गंभीर चोट लग गया। वहीं अन्य स्थानों पर हुए सड़क दुर्घटना में मोहनपुर थाना क्षेत्र के बाघमारा निवासी विकास कुमार और रिखिया थाना क्षेत्र के चिरोडीह निवासी आनंदी दास गंभीर रूप से घायल हो गये। सभी का इलाज देवघर सदर अस्पताल में किया जा रहा है।
चार साइबर आरोपित गिरफ्तार, गये जेल
- पांच मोबाइल और छह सिमकार्ड बरामद
देवघर/संवाददाता। साइबर ठगी के आरोपितों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इस अभियान के तहत लगातार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र से साइबर ठगी के आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। वहीं लोगों को साइबर ठगी के बारे में अभियान चलाकर जागरूक भी किया जा रहा है। साइबर थाना की पुलिस ने साइबर ठगी के चार आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पकड़े गए आरोपितों में जिले के पथरड्डा ओपी क्षेत्र के बभनकुंड निवासी सावन कुमार दास, रंगामटिया निवासी चंदन कुमार दास देवीपुर थाना क्षेत्र के करनपुरा गांव निवासी पिंटू कुमार दास और कुंदन दास के नाम शामिल हैं। पुलिस ने उनके पास से पांच मोबाइल फोन व छह सिम कार्ड बरामद किया है। पकड़े गए आरोपितों ने पूछताछ के क्रम में बताया गया कि वे लोग मुख्य रूप से फर्जी फ्लिपकार्ट कस्टमर केयर, ऐमोजोन कस्टमर केयर, एयरटेल पेमेंट बैंक पदाधिकारी बनकर ठगी का शिकार बना लेते हैं। पूछताछ करने के बाद सभी आरोपितों को जेल भेज दिया गया। जेल गए आरोपितों में रोहित कुमार दास और मिथुन कुमार मंडल पूर्व में भी साइबर अपराध के जुर्म में जेल जा चुके है। छापेमारी दल में साइबर थाना के पुनि विश्वेश्वर कुमार, देवपुर थाना प्रभारी एसआई प्रशांत कुमार, सारठ थाना प्रभारी दीपक कुमार साह तथा थाना की पुलिस टीम शामिल थे।
प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ने किया मेंटल वेलनेस कार्यक्रम का आयोजन
देवघर/संवाददाता। देवघर शहर के बेलाबगान प्रीतम लाल रोड स्थित पॉलीक्लिनिक में मंगलवार को रक्षा मंत्रालय भारत सरकार और ब्रह्मकुमारीज के बीच हुए करार के तहत मेंटल वेलनेस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बहनों ने मुख्य वक्ता का रोल निभायी। जिसमें भाईयों ने संपूर्ण सहयोग किया। इस कार्यक्रम मंंे आसनसोल से आये बीके पार्थसारथी भाई एवं बीके प्रिंयका बहन का योगदान सराहनीय रहा। मौके पर ब्रह्मकुमारीज देवघर की मुख्य प्रबंधक बीके रीता दीदी ने सभी का आशीर्वचन देते हुए कहा कि राजयोग सीखकर मन की शक्ति को पूर्णत: बढ़ाते हुए स्वस्थ रहा जा सकता है और दवाईयों पर निर्भरता कम की जा सकती है। ईसीएचएस के प्रभारी ले कर्नल रवि नारायण पाढ़ी ने ब्रह्मकुमारी भाई बहनो का आभार जताया। मौके पर बीके शिल्पी बहन, बीके सुनीता, बीके सत्यनारायण भाई, बीके अमर, बीके आशीष, बीके बिरजू एवं बीके सुनील भाई उपस्थित थे।
अंबेडकर जयंती पर मधुसूदन वापट स्मृति न्यास का सराहनीय प्रयास, 61 यूनिट रक्त संग्रह
- न्यास समिति की पहल से सजा रक्तदान शिविर, पहली बार दान करने वालों में दिखा खास उत्साह
देवघर/नगर संवाददाता। संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर देवघर में मधुसूदन वापट स्मृति न्यास समिति द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर ने सामाजिक सरोकार की मजबूत मिसाल पेश की। स्थानीय विलियम्स टाउन स्थित संघ कार्यालय परिसर में आयोजित इस शिविर में कुल 61 रक्तदाताओं ने भाग लेकर मानवता की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस आयोजन का केंद्र बिंदु केवल रक्तदान ही नहीं, बल्कि मधुसूदन वापट स्मृति न्यास समिति की सक्रिय सामाजिक भूमिका भी रही। शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं और महिलाओं की भागीदारी देखने को मिली। खास बात यह रही कि कई रक्तदाता पहली बार इस अभियान से जुड़े। परमानंद बरनवाल समेत कई नए दानकर्ताओं ने उत्साह के साथ रक्तदान किया। वहीं युवती रिद्धिमा बरनवाल ने अपनी मां के साथ मिलकर पहली बार रक्तदान कर एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। मां-बेटी की इस पहल ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को भावुक कर दिया और अन्य लोगों को भी प्रेरित किया। न्यास के अध्यक्ष डॉ. युगल किशोर चौधरी ने बताया कि देवघर के रक्त अधिकोष में समय-समय पर रक्त की कमी हो जाती है, जिसे दूर करने के उद्देश्य से यह शिविर आयोजित किया जाता है। उन्होंने कहा कि मधुसूदन वापट स्मृति न्यास समिति का लक्ष्य केवल आयोजन करना नहीं, बल्कि समाज में स्थायी जागरूकता पैदा करना है, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वेच्छा से रक्तदान के लिए आगे आएं। उपाध्यक्ष अरुण कुमार झा, जिला संघ चालक गणेश बरनवाल, जिला कार्यवाह राजेश प्रसाद, डॉ. आनंद वर्धन, नगर संचालक रोहित कुमार, मधुसूदन मंडल, विनायक कुमार, अमित कुमार राव, डॉ. राजीव रंजन, राजमणि कुमार, राजकुमार और विनय कुमार सहित कई सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दिया। इसके अलावा रक्त अधिकोष के डॉ. शब्दकांत मिश्रा और उनकी टीम ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया।
राहुल सांकृत्यायन को श्रद्धांजलि
देवघर/वरीय संवाददाता। बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन के पूर्व प्रवक्ता अजय कुमार ने पुण्यतिथि पर महापंडित स्वर्गीय राहुल सांकृत्यायन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि राहुल सांकृत्यायन प्रतिभा संपन्न लेखक व विचारक तथा बहुभाषी एवं विश्वस्तरीय विद्वान थे। एक चिंतक, शोधकर्ता, विचारक, विद्वान एवं सक्षम लेखक के रूप में वे सदैव साहित्य के आकाश में ध्रुव तारे की तरह चमकते रहेंगे। राहुल सांकृत्यायन सही रूप में कालदशीॅ रचनाकार थे।
देवघर में विश्व शांति महायज्ञ व देवी भागवत कथा, तीसरे दिन उमड़ी आस्था की भीड़
- मधुबनी के मनोज झा व उनकी धर्मपत्नी मुख्य यजमान, शाम 4 से रात 9 बजे तक भजन-कीर्तन व कथा
देवघर/नगर संवाददाता। देवघर के आरएल सर्राफ मैदान में लोक वेद पीठ के बैनर तले आयोजित श्री 1008 सहस्त्र चंडी विश्व शांति महायज्ञ एवं देवी भागवत कथा का आयोजन भक्ति और श्रद्धा के माहौल में जारी है। आयोजन के तीसरे दिन सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु यज्ञ स्थल पर पहुंचे और वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच आहुति देकर विश्व शांति की कामना की। पूरे परिसर में आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। इस धार्मिक अनुष्ठान के मुख्य यजमान मधुबनी (बिहार) निवासी मनोज झा और उनकी धर्मपत्नी हैं, जिनके नेतृत्व में यह महायज्ञ संपन्न कराया जा रहा है। आयोजन के तहत प्रतिदिन संध्या 4 बजे से रात्रि 9 बजे तक भजन-कीर्तन और देवी भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें श्रद्धालुओं की सक्रिय भागीदारी देखी जा रही है। मथुरा से पधारे कथावाचक द्वारा देवी भागवत कथा का वाचन किया जा रहा है। कथा के दौरान देवी महिमा, धर्म, भक्ति और मानव जीवन के आदर्श मूल्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला जा रहा है। कथा सुनने के लिए प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित हो रहे हैं। योगेश्वरानंद नाथ ने बताया कि इस महायज्ञ का उद्देश्य केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से विश्व में शांति और मानव कल्याण की कामना की जा रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में वैश्विक स्तर पर युद्ध की आशंकाएं बढ़ रही हैं और कई देशों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। ऐसी परिस्थितियों में यज्ञ के माध्यम से सकारात्मक ऊर्जा का संचार कर विश्व शांति की प्रार्थना की जा रही है। आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए बैठने, पेयजल, प्रसाद वितरण और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है।
धार्मिक वातावरण के बीच धूमधाम हुई मां काली पूजा
जसीडीह/संवाददाता। जसीडीह बाजार स्थित सार्वजनिक मां काली मंदिर में मंगलवार को धार्मिक वातावरण के बीच धूमधाम मां काली की पूजा (वार्षिक गंवाली पूजा) हुई। मां की पूजा को लेकर जहां मंदिर आदि को फूल माला, रोशनी से सजाया गया था। वहीं मंदिर की उपासक बीणा देवी ने महिलाओं के मंगलवार को जसीडीह बाजार आदि क्षेत्रों में ढोल बाजे के साथ भिक्षाटन की। जबकि पंडित उमाकांत ठाकुर ने पूजक दिलीप राउत के हाथों विधि विधान से मां काली की पूजा अर्चना कराये। मां की पूजा के बाद दर्जनों बकरे सहित कबुतरों की बलि चढ़ाई गई। साथ ही कन्याओं को भोजन कराया गया और मां को चढ़ा फल मिठाई आदि सहित तेहरी का प्रसाद वितरण किया गया। मां काली पूजा को सफल बनाने में चंद्रकांत ठाकुर, चंद्रशेखर दुबे,बीणा देवी,विनय कुमार गुप्ता,पवन दूबे,विक्की पंडित, पंकज पंडित, राकेश रावत, रावेश, सोनू, विष्णु, अभिषेक, डेविड, विजय राम, शानू कुमार, रंजीत, प्रीतम आदि ने सहयोग किया।