चितरा/संवाददाता। एसपी माइंस चितरा कोलियरी स्थित गिरजा ‘ए’ कांटा घर में बुधवार को बड़ा हादसा टल गया, जब छत का अंदरूनी हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर पड़ा। घटना के समय वहां मौजूद कांटा क्लर्क बाल-बाल बच गए। संयोग से हादसे के वक्त कांटा घर के भीतर कोई कर्मचारी नहीं बैठा था, अन्यथा गंभीर दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कांटा घर की स्थिति लंबे समय से जर्जर बनी हुई है। छत के अंदरूनी हिस्से लगातार कमजोर हो रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। छत का हिस्सा गिरने के बाद कर्मियों में दहशत का माहौल है। घटना के तुरंत बाद कर्मियों ने कोलियरी के खनन अभिकर्ता उमेश प्रसाद चौधरी एवं सिविल इंजीनियर अभिजीत दास से मुलाकात कर भवन की शीघ्र मरम्मत की मांग की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई, तो भविष्य में किसी बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता। वहीं, अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द गिरजा कांटा घर की मरम्मत कराने का आश्वासन दिया है।
विश्व लैब टेक्निशियन डे पर सदर अस्पताल में सम्मान समारोह
- संक्रमण के जोखिम के बीच सेवा दे रहे तकनीशियनों को मिला सम्मान, वेतन विसंगति पर उठी आवाज
देवघर/नगर संवाददाता। विश्व लैब टेक्निशियन डे के अवसर पर बुधवार को सदर अस्पताल देवघर के प्रयोगशाला परिसर में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रयोगशाला प्रभारी मनोज कुमार मिश्र ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पैथोलॉजिस्ट डॉ शब्द कांत मिश्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि का बुके देकर स्वागत कर किया गया। इस अवसर पर झारखंड के वरिष्ठतम लैब टेक्निशियनों में शामिल वर्ष 1990 से सेवा दे रहे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसीडीह के विनय कुमार तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवीपुर के चन्द्रमोहन कुमार को पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही केक काटकर विश्व लैब टेक्निशियन डे मनाया गया। मुख्य अतिथि डॉ शब्द कांत मिश्र ने अपने संबोधन में कहा कि लैब टेक्निशियन स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ होते हैं। उनके सहयोग के बिना सही इलाज संभव नहीं है। वहीं विश्वनाथ बक्शी ने कहा कि लैब टेक्निशियन पूरी ईमानदारी से कार्य करते हैं, लेकिन उस अनुपात में उन्हें सम्मान नहीं मिल पाता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मनोज कुमार मिश्र ने कहा कि लैब टेक्निशियन हमेशा संक्रमण के खतरे के बीच कार्य करते हैं, बावजूद इसके सरकार द्वारा उनके कार्य के अनुरूप वेतन नहीं दिया जाता है। उन्होंने कहा कि नियुक्ति, नियमित, अनुबंध और आउटसोर्सिंग कर्मियों के वेतन में भारी असमानता है, जिसे दूर करते हुए सभी को समान वेतन मिलना चाहिए तथा लैब टेक्निशियन का ग्रेड पे 4200 से शुरू किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि देवघर सदर अस्पताल की प्रयोगशाला में अत्याधुनिक उपकरणों के माध्यम से किफायती दर पर विश्वसनीय जांच की जा रही है। संथाल परगना सहित पूरे झारखंड में इस लैब की विश्वसनीयता लगातार बढ़ रही है और यह क्षेत्र के लोगों के लिए मील का पत्थर साबित हो रहा है। कार्यक्रम में मुख्य रूप से विनय कुमार, चन्द्र मोहन कुमार, सौरभ रिचर्ड, विश्वनाथ बक्शी, पारस नाथ अंबे, अनिल कुमार गुप्ता, विभूति कुमार, प्रज्ञा कुमारी, संजीव कुमार मिश्र, बुद्धि नाथ झा, पुनीत कुमार, बबीता कुमारी, रानी रीतम, मीना झा, श्वेता भारती, पिंटो कुमार, अक्षय तिवारी, विवेक कुमार, शैलेश कुमार, मनसिका भारती, पुष्पा कुमारी, कोमल, पिंकी, अजित कुमार महतो, राहुल किस्कू, जीवन कुमार, सदानंद कुमार, शिवानी, जुली, वृंदा, रिंकू एवं गणेश सहित अन्य उपस्थित थे।
सीबीएसई 10वीं के परिणाम में श्रीधर क्लासेस का शत-प्रतिशत परिणाम
मधुपुर/संवाददाता। सीबीएसई का क्लास 10 का परीक्षाफल प्रकाशित होते ही सफल छात्र छात्राओं में खुशी की लहर है। वही शहर के रामयश रोड स्थित श्रीधर क्लासेस के छात्र-छात्राओं ने भी क्लास 10 सीबीएसई की परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त कर संस्था का नाम रौशन किया। संस्था के सफल छात्रों मे उज्ज्वल – 94.8%, आर्या- 82.6%, प्रथम- 78%, आर्यन- 75.%, कुंदन- 72%, तानिया, नूपुर मरोदिया 79% शिव, रौनक, अनन्य, सहित कई छात्र-छात्राओं ने अच्छे अंक अर्जित कर संस्था का नाम रौशन किया है। उज्ज्वल ने मदर्स इंटरनेशनल अकेडमी विद्यालय में टॉप तीन स्थान प्राप्त कर संस्थान और विद्यालय का नाम रोशन किया। संस्थान के निदेशक अरविन्द कुमार मिश्रा ने सभी छात्रों को सफल होने पर उन्हें मिठाई खिला कर बधाई दी और खुशी जाहिर की हैं। बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।
शानदार रहा महेन्द्र मुनि का परीक्षा परिणाम
- देवानंद पांडे 96 प्रतिशत के साथ बने टॉपर
मधुपुर/संवाददाता। सीबीएसई द्वारा प्रकाशित महेंद्र मुनि सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के दसवीं के बोर्ड परीक्षा का परिणाम शत-प्रतिशत रहा। विद्यालय स्तरीय मेधा सूची में देवानंद पांडे-96%, पंचराज -95%, कुलदीप-94.4%, पियूष राय- 92.02%, आरुषि राज- 92%, अंकिता कुमारी-92%, आशीष चौधरी 91.4%, साक्षी कुमारी 91.2%, प्रीति कुमारी 91%, कुलदीप चौहान- 89%, दिव्यांशु कुमार 89% भैया बहनों ने अपना स्थान बनाया। परीक्षा परिणाम आते ही विद्यालय में खुशी की लहर दौड़ गई। विद्यालय के अध्यक्ष सरोज कुमार मिश्रा, सचिव राजकुमार कोठारी, प्रधानाचार्य मदन मोहन मिश्रा ने बच्चों को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। तेरापंथ ट्रस्ट कोलकाता से मानक चंद्र नाहटा और विमल कुमार बरडिया का भी बंधाई संदेश प्राप्त हुआ जिसमें उन्होंने भैया बहनों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
जसीडीह पब्लिक स्कूल का उत्कृष्ट प्रदर्शन
- आर्यन बने विद्यालय टॉपर
जसीडीह/संवाददाता। सीबीएसई दसवी-2026 की परीक्षा में जसीडीह पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने बेहतर प्रदर्शन किया है। जिससे विद्यालय परिवार व विद्यार्थियों में खुशी का माहौल बना हुआ है। स्कूल से 135 छात्र-छात्राएं वार्षिक परीक्षा में शामिल हुए थे। इसमें अधिकांश प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हुए हैं। स्कूल के छात्र आर्यन ने 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल टॉपर बना है। विद्यालय के समीर राज ने 92.2, अनुष्ठा 92.1, अमन कुमार 91.8, ज्योतिर्मय आनंद 90.6, आरुषि राय 90.5, जुनेद आलम 90.3, हर्ष कुमार 90.1, नैतिक राज 89.8, रवि वर्णवाल 89.5 एवं वत्सल अग्रवाल ने 89.2 प्रतिशत अंक हासिल किया है। विद्यार्थियों के बेहतर प्रदर्शन से स्कूल परिवार के बीच खुशी का माहौल है। निदेशक डॉ भारतेन्दू दूबे नेकहा कि परिणाम बहुत ही अच्छा रहा है। जो शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के परिश्रम का फल है। सभी बधाई के पात्र हैं।
भाजपा में गहराया अंतर्कलह : जिलाध्यक्ष के खिलाफ गोलबंद हुए कार्यकर्ता
- बैठक में 50 से अधिक पुराने कार्यकर्ताओं ने उठाए सवाल
देवघर/नगर संवाददाता। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के देवघर जिला संगठन में अंतर्कलह अब खुलकर सामने आ गया है। जिलाध्यक्ष सचिन रवानी की कार्यशैली के विरोध में नाराज कार्यकर्ताओं ने एक बैठक कर उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया। इस बैठक में लगभग 50 पुराने भाजपाइयों और जनसंघ पृष्ठभूमि के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और एक स्वर में जिलाध्यक्ष को हटाने की मांग की। बैठक की अध्यक्षता विनोद दत्त द्वारी ने की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे सभी पार्टी के समर्पित सिपाही हैं और संगठन की मजबूती के लिए काम करते रहेंगे, लेकिन उपेक्षा बर्दाश्त नहीं करेंगे। बैठक में जिलाध्यक्ष के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए वक्ताओं ने आरोप लगाया कि उनके नेतृत्व में पार्टी को कोई बड़ी चुनावी सफलता नहीं मिली। लोकसभा चुनाव में मधुपुर क्षेत्र में हार और विधानसभा चुनाव में जिले की तीनों सीटों पर पराजय का हवाला दिया गया, वहीं नगर निकाय चुनाव में भी देवघर और मधुपुर में पार्टी को हार का सामना करना पड़ा। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि वर्तमान जिलाध्यक्ष संगठन को मजबूत करने के बजाय कमजोर कर रहे हैं और बाहरी एवं अन्य दलों से आए लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे पुराने कार्यकर्ताओं में असंतोष बढ़ रहा है। बैठक में सांसद निशिकांत दुबे की कार्यशैली पर भी नाराजगी जताई गई। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि चुनाव जीतने के बाद सांसद क्षेत्र में सक्रिय नहीं रहते और कार्यकर्ताओं की अनदेखी करते हैं। विकास कार्यों और घोषणाओं को लेकर भी सवाल उठाए गए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा नहीं किया गया, जिससे आम जनता और पार्टी समर्थकों में भी असंतोष बढ़ रहा है। इसके अलावा देवघर जिला भाजपा की नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर भी विवाद गहराता जा रहा है। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि कार्यकारिणी का गठन स्थानीय सुझावों की अनदेखी कर किया गया है। मंडल स्तर से भेजे गए नामों को दरकिनार कर कुछ चुनिंदा लोगों को जगह दी गई, जिससे जमीनी कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है। बैठक में यह भी आशंका जताई गई कि यदि नाराज कार्यकर्ताओं की उपेक्षा जारी रही तो आने वाले दिनों में संगठनात्मक गतिविधियों पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है, क्योंकि जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत रखने में मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका होती है। इधर सूत्रों के अनुसार कार्यकर्ताओं की शिकायतों को प्रदेश संगठन ने गंभीरता से लिया है और जिला अध्यक्षों से स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है, ताकि स्थिति को जल्द नियंत्रित किया जा सके और संगठन में एकजुटता बनी रहे।
चितरा डीएवी का दबदबा : अभिनव ने 95 प्रतिशत अंकों के साथ रचा कीर्तिमान, क्षेत्र का बढ़ाया मान
चितरा/संवाददाता। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा घोषित दसवीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में चितरा डीएवी पब्लिक स्कूल के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन कर पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित कर दिया। सुदूरवर्ती क्षेत्र से आने वाले प्रतिभाशाली छात्र अभिनव सिंह ने 95.2% अंक हासिल कर विद्यालय ही नहीं, बल्कि पूरे चितरा का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में कड़ी टक्कर देते हुए नैतिक कुमार ने 94.6% अंकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया, वहीं अंजलि कुमारी 94.4% अंक लाकर तीसरे स्थान पर रहीं। इस वर्ष विद्यालय के कुल 76 परीक्षार्थियों में से 8 छात्रों ने 90% से अधिक अंक प्राप्त कर उत्कृष्टता का परिचय दिया, जो स्कूल की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का प्रमाण है। इस उल्लेखनीय सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यालय के प्राचार्य डॉ. राघवेंद्र तिवारी ने कहा कि यह उपलब्धि छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और ईसीएल प्रबंधन के सहयोग का सामूहिक परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में भी विद्यालय के छात्र इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहेंगे। शिक्षक सह मीडिया प्रभारी मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि छात्रों की इस सफलता से पूरे विद्यालय में उत्साह और गर्व का माहौल है। यह परिणाम न केवल छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की ओर संकेत करता है, बल्कि क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा।