- कड़ी मशक्कत के बाद बिजली आपूर्ति हुई बहाल
पालोजोरी/संवाददाता। पालोजोरी बाजार के अम्बेडकर चौक एरिया में बीते गुरूवार की आधी रात में एक भारी वाहन के धक्के से बिजली के पोल क्षतिग्रस्त हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना आधी रात की थी, जिससे कोई हताहत नहीं हुआ, अगर यह घटना दिन की होती तो बड़ी क्षति हो सकती थी। पोल और तार क्षतिग्रस्त हो जाने से पालोजोरी बाजार के कुछ इलाकों में शुक्रवार को शाम के पहले तक बिजली गुल रही। घटना की रात से ही बिजली विभाग के कर्मी अस्त व्यस्त पड़े पोल और तार को व्यवस्थित कर बिजली आपूर्ति के लिए जुटे हुए रहे। एक तरफ बिजली गुल रहने से तपती धूप में लोगों को परेशानी हुई, तो दूसरी तरफ इसी तपती धूप में बिजली विभाग के कर्मी बिजली बहाल करने में लगे हुए रहे। मौके पर दुलाल मंडल, गणेश, इम्तियाज, गौतम पंडित, समाजसेवी आनन्द कृष्णा आदि मौजूद थे।
शमशान काली मंदिर में अमावस्या पर हुई विशेष पूजा
- दूर दराज से भक्त हुए शामिल
पालोजोरी/संवाददाता। शमशान काली मंदिर में शुक्रवार को अमावस्या पर विशेष पूजा अर्चना हुई। काली मंदिर के मुख्य पुजारी सह प्रबंधक अर्जुन बाबा ने पूजा अर्चना संपन्न कराई। अमावस्या पर होने वाली इस विशेष पूजा में पालोजोरी सहित दूर दराज से भक्त शामिल हुए। कोई भक्त अपनी मनोकामना पूर्ण होने की अपेक्षा, तो कोई अपने कष्ट लेकर मां काली के दरबार पहुंचे हुए थे। जानकारी हो कि शमशान काली मंदिर में प्रत्येक अमावस्या पर विशेष पूजा का आयोजन होता है। पश्चिम बंगाल और बिहार से भी भक्त यहां आकर विशेष पूजा में शामिल होते हैं। अर्जुन बाबा ने बताया कि मां काली अपने भक्तों के कष्ट हर लेती है। सच्चे मन से मांगी मुराद यहां जरूर पूरी होती।
शतचंडी महायज्ञ को लेकर कलश यात्रा 18 को
- 1008 महिला व कन्याएं होंगी शामिल
मधुपुर/संवाददाता। मधुपुर अनुमंडल के करौं प्रखंड अंतर्गत नोनियाटांड़ दूबे मंदिर में आयोजित श्री श्री 1008 सप्त चंडी महायज्ञ की तैयारी पूरी कर ली गई है। यज्ञ को लेकर पंडाल, यज्ञ मंडप,बन कर तैयार हो गया है।
18 अप्रैल को गाजा-बजा के साथ कलश जल यात्रा का आयोजन होगा। जल यात्रा जयंती नदी के जामडाबर घाट में 1008 कुमारी कन्याएं एवं महिलाओं द्वारा जल उठाया जाएगा। महायज्ञ के अवसर पर देश के विभिन्न भागों से आए प्रवचनकर्ता, भजन गायिका, कथा वाचिका का आयोजन किया गया है। महायज्ञ कार्यक्रम में हेमंत दुबे, स्नेहा सरगम, सुरुचि सिंह,अंजली भारती, परशुराम बाबा, महेंद्र शास्त्री, चिंटू सेवक मुंबई आदि कलाकारों द्वारा प्रवचन, भजन आदि कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। ग्रामीणों द्वारा मंदिर एवं आसपास की साफ-सफाई की व्यवस्था चल रही है। यज्ञ में आने वाले लोगों के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। यज्ञ को सफल बनाने के लिए नोनियांटांड़ एवं आसपास के ग्रामीण लगे हुए हैं। गांव में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। यज्ञ 18 अप्रैल से 25 अप्रैल तक चलेगा। बनारस एवं कांकोमठ धनबाद से आने वाले पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोचार के साथ यज्ञ को संपन्न कराया जाएगा। जल यात्रा में शामिल होने को लेकर समिति के सदस्यों द्वारा महिलाओं एवं लड़कियों का कूपन काटा जा रहा है ताकि जल यात्रा में अधिक से अधिक की संख्या में महिला एवं बच्चियां पहुंचे।
उपासना, कुंभ व हिमगिरी का नंबर बदला
- सुपर फास्ट से मेल एक्सप्रेस में हुआ तबदील
- यात्रा परिचालन में सुगमता व एकरूपता लाने का प्रयास
मधुपुर/संवाददाता। हावड़ा-नई दिल्ली मुख्य रेलखंड पर चलने वाली उपासना, कुंभ और हिमगिरि जैसी महत्वपूर्ण सुपर फास्ट ट्रेनों की पहचान रेलवे ने बदल दिया है।
इन तीनों ट्रेन के नंबर बदलने के साथ ही अब यह ट्रेन सुपरफास्ट से मेल एक्सप्रेस में तब्दील हो गई है। रेलवे ने परिचालन मे सुगमता और एकरूपता लाने के उद्देश्य से इन ट्रेनों के नंबरों में संशोधन किया है। यह बदलाव अप्रैल 2026 से विभिन्न तिथियां पर प्रभावी होगा। राहत की बात यह है कि ट्रेनों के समय, मार्ग या ठहराव में कोई बदलाव नहीं किया गया है, लेकिन इनकी श्रेणी अब सुपरफास्ट से बदलकर मेल एक्सप्रेस कर दिया गया है। उपरोक्त जानकारी आसनसोल रेल मंडल के पीआरओ ने विज्ञाप्ति जारी कर दी है।
इन ट्रेनों के नंबरों में हुआ संशोधन : रेलवे से प्राप्त जानकारी के अनुसार हावड़ा और कोलकाता से खुलने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के पुराने नंबर को हटाकर नई सीरीज के नंबर आवंटित कर दिए गए हैं। अब उपासना एक्सप्रेस 12327/12328 इस ट्रेन का नया नंबर 13035/13036 होगा। कुंभ एक्सप्रेस 12369/12370 अब यह ट्रेन 13037/13038 के नाम से जाना जाएगा। जबकि हिमगिरी 12331/12332 इस ट्रेन का नया नंबर 13041/13042 कर दिया गया है। विभूति एक्स्प्रेस 12333/12334 दैनिक चलने वाली इस लोकप्रिय ट्रेन का नया नंबर 13047/13048 होगा। सुपर फास्ट का दर्जा हटा, मेल एक्सप्रेस बनी ट्रेनें : नंबरों में बदलाव के साथ ही इन ट्रेनों की श्रेणी में भी बड़ा फेर बदल हुआ है। अब यह ट्रेन सुपरफास्ट श्रेणी में नहीं रहकर मेल एक्सप्रेस के रूप में चलेगी । इससे यात्रियों को थोड़ी बहुत किराया में भी राहत मिलने की उम्मीद है।
करौं में अवैध कोयला का कारोबार जोरों पर
मधुपुर/संवाददाता। अनुमंडल के करौं प्रखंड अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रो से अवैध कोयला का कारोबार जोरों से चल रहा है। चितरा से दर्जनों मोटरसाइकिल द्वारा प्रतिदिन कोयला लादकर करौं बाजार होते हुए बगल के जामताड़ा जिला एवं अन्य जगहों में खपाया जाता है। कोयला के अवैध कारोबार को बंद करने की दिशा में प्रशासन द्वारा कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है।
कोयला के इस अवैध कारोबार में पूर्व में थाना में खबरी रह चुके एक व्यक्ति शामिल है। उनके द्वारा प्रत्येक मोटरसाइकिल से रोजाना 50 रुपया वसूली किया जा रहा है। जो पूरे बाजार में चर्चा का विषय बना हुआ है। जिसके कारण आए दोनों दुर्घटनाएं घटित होती रहती है। यह कोयला करौं एवं जामताड़ा जिले के गांव में ईट भट्ठा मालिकों को आपूर्ति की जाती है। अवैध कोयला के कारोबार से सरकार को राजस्व में हानि हो रही है तो दूसरी ओर कोयला चोर मालामाल हो रहे हैं।
मधुपुर में बगैर लाइसेंस धड़ल्ले से चल रहा है पानी का कारोबार, नगर प्रशासन मौन
मधुपुर/संवाददाता। मधुपुर अनुमंडल के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बिना लाइसेंस के पीने के पानी का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। नगर परिषद इस मामले में पूरी तरह मौन है। इलाके में 50 से अधिक छोटे बड़े व्यवसायी पानी का कारोबार कर रहे हैं। इसमें पानी बोतल, जार और टैंकर से पानी को बेचा जा रहा है। उनके पास लाइसेंस नहीं है। इससे पानी की गुणवत्ता का पता नहीं चल रहा है। नगर निगम को इससे काफी राजस्व की क्षति हो रही है। पानी कारोबारी लाइसेंस बनवाने में गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। झारखंड नगर पालिका अधिनियम कि धज्जियां उड़ रही है। मानक नियमों को दरकिनार कर पुराना और जर्जर जार में पानी ढोया जाता है। इससे गंभीर बिमारी का खतरा बना रहता है।
जयंती पर स्वतंत्रता सेनानी व पूर्व मुख्यमंत्री पंडित विनोदानंद झा को श्रद्धांजलि
मारगोमुंडा/संवाददाता। प्रखंड स्थित डॉक्टर एसआरके मिशन स्कूल के परिसर में स्वतंत्रता सेनानी व संयुक्त बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय पंडित विनोदानंद झा की जयंती मनाई गई। उक्त अवसर पर देवघर जिला इंटक के जिला अध्यक्ष अनंत मिश्रा, झारखंड प्रदेश इंटक के प्रदेश सचिव अजय कुमार, देवघर जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष प्रमिला देवी, मार्गोमुंडा प्रखंड कांग्रेस कमिटी के पूर्व अध्यक्ष जयशंकर शरण, अन्य कांग्रेस नेताओं में तस्लीम अंसारी, शाहबाज खान, पंकज तिवारी, मनोज पंडित, हदीस अंसारी, अमरदीप हांसदा, सुबोधन मरांडी, रामलाल हेंब्रम ,इम्तियाज अंसारी, मनोरंजन सिंह इत्यादि ने स्वर्गीय विनोदानंद झा के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए झारखंड प्रदेश इंटक के प्रदेश सचिव अजय कुमार ने कहा कि वे एक महान स्वतंत्रता सेनानी समर्पित राजनेता, कुशल प्रशासक तथा गांधीवादी विचारधारा के महान स्तंभ थे। जिला इंटक के जिला अध्यक्ष मिश्रा ने कहा कि एकीकृत बिहार के निर्माण में एवं पंचायती राज व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण में पंडित विनोदानंद झा को कभी भी बुलाया नहीं जा सकता है। पूर्व प्रखंड अध्यक्ष जयशंकर शरण ने कहा कि राजनीतिक सुचिता एवं सादगी की प्रतिमूर्ति थे विनोदा बाबू। जिला महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष प्रमिला देवी ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के प्रमुख स्वतंत्रता सेनानियों में से एक थे पंडित विनोदानंद झा।
पूर्व राष्ट्रपति सर्वपल्ली डॉक्टर राधाकृष्णन को श्रद्धांजलि
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार ने पुण्यतिथि पर पूर्व राष्ट्रपति स्वर्गीय सर्वपल्ली डॉ राधाकृष्णन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि स्वर्गीय राधाकृष्णन उच्च मूल्यों, सिद्धांतों एवं आदर्श की जीती जागती प्रतिमूर्ति थे। उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व से प्रेरणा ग्रहण करने एवं उनके मूल्यों एवं आदर्शों को अपने अंदर समावेश करने की जरूरत है। स्वर्गीय राधा कृष्णन ने अपने लेख और भाषणों के माध्यम से विश्व को भारतीय दर्शनशास्त्र से परिचित कराया छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों के चरित्र निर्माण के हुए प्रबल पक्षधर रहे। निश्चित रूप से वे भारतीय संस्कृति के संवाहक, प्रख्यात शिक्षाविद्, महान दार्शनिक एवं एक आस्थावान विचारक थे।
चापानल खराब रहने से पेयजल संकट गहराया
सारठ/संवाददाता। सारठ प्रखंड मुख्यालय के समीप उच्च विद्यालय गोपीबांध के सामने ब्राह्मण टोला एवं यादव टोला में चापानल खराब रहने के कारण दोनों गांव में पेयजल संकट गहरा गया है। खासकर महिलाओं को काफी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने शीघ्र ही चापानल मरम्मत करने की गुहार लगायी है। ग्रामीण बालमुकुंद झा ने बताया कि गर्मी में चापानल खराब रहने के कारण काफी दूर से पानी लाना पड़ रहा है।
एचपीवी और एफएनएसी जांच शिविर को ले हुई बैठक
सारठ/संवाददाता। सारठ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में शुक्रवार को पूर्वाह्न 10.30 बजे बीपीएम शंकर शरण पंकज की अध्यक्षता में एचपीवी और एफएनएसी जांच को ले एक दिवसीय प्रशिक्षण डॉ. रोहित कुमार द्वारा दी गई। मौेके पर बीटीटी सागरिका तिवारी, राजीव तिवारी, दिवाकर तिवारी, डॉ. रोहित कुमार सीएचओ सुषमा कुमारी, वर्षा नाग, भारती टोप्पो, एएनएम नूतन अंजु कुमारी, रिंकू सिन्हा, सलोनी किस्कू, रेखा कुमारी, मधु सिन्हा, प्रियंका कुमारी, आशा बाला, प्रेरणा भारती, मीरा देवी, डोली दास, सहिया साथी सीमा वर्मा, प्रीति सिन्हा, गार्गी देवी, मीरा देवी, मीनाक्षी देब्या, पिंकी कुमारी, ममता देवी, रीता देवी, अनुपम कुमारी, नैना देवी समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे।
राहत कॉलेज मंे आग से बचाव का मिला प्रशिक्षण
- अग्निशमन विभाग ने छात्रों-शिक्षकों को आपदा प्रबंधन के सिखाए गुर
मधुपुर/संवाददाता। प्रखंड के बड़बाद स्थित राहत कॉलेज ऑफ एजुकेशन में शुक्रवार को अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस प्रशिक्षण का आयोजन महाविद्यालय प्रशासन द्वारा अग्निशमन विभाग के सहयोग से किया गया।कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य, छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने फायर अलार्म और फायर एक्सटिंग्विशर के सही उपयोग का प्रदर्शन किया तथा आग लगने की स्थिति में सुरक्षित निकासी (एवैक्यूएशन मॉक ड्रिल) का अभ्यास भी कराया। वही प्रशिक्षण के दौरान छात्रों को आग से बचने के उपाय, प्राथमिक उपचार और आपातकालीन स्थिति में सही निर्णय लेने के तरीके विस्तार से समझाए गए। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मो. एनाम ने बताया कि अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता ही जीवन रक्षा का सबसे प्रभावी माध्यम है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों से छात्रों और शिक्षकों में आपदा प्रबंधन की समझ विकसित होती है, जो न केवल कॉलेज बल्कि समाज के लिए भी लाभकारी है।
ईसीएल में नया ड्रेस कोड लागू : एक मई से सभी कर्मचारियों के लिए नई व्यवस्था अनिवार्य
चितरा/संवाददाता। ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) प्रबंधन ने कार्यस्थल पर अनुशासन और पेशेवर माहौल को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सभी कर्मचारियों के लिए नई ड्रेस कोड नीति लागू करने का निर्णय लिया है। नई ड्रेस कोड इस बार ग्रे कलर का शर्ट एवं काला कलर का पेंट होगा। इस संबंध में महाप्रबंधक (खनन) कार्यालय द्वारा 10 अप्रैल 2026 को आदेश जारी किया गया है।
जारी निर्देश के अनुसार 1 मई 2026 से यह नई ड्रेस कोड प्रभावी होगा। इसके तहत अधिकारियों और प्रशिक्षुओं को औपचारिक या अर्ध-औपचारिक पोशाक पहनना अनिवार्य किया गया है। वहीं, सभी कर्मचारियों के लिए साफ-सुथरे काले चमड़े के जूते और मैचिंग मोजे पहनना जरूरी होगा। विशेष अवसरों पर टाई पहनने का भी प्रावधान रखा गया है। प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि कर्मचारियों को स्वच्छ, सुसज्जित और पेशेवर छवि को दर्शाने वाली पोशाक में कार्यस्थल पर उपस्थित होना होगा। साथ ही व्यक्तिगत स्वच्छता और मर्यादित पहनावे पर भी विशेष जोर दिया गया है। ईसीएल प्रबंधन का मानना है कि इस पहल से कार्यस्थल का वातावरण और अधिक अनुशासित एवं व्यवस्थित बनेगा, जिससे कर्मचारियों की कार्यक्षमता पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। इस आदेश की प्रतिलिपि सभी संबंधित विभागों को भेज दी गई है और सभी कर्मचारियों से निर्धारित तिथि से इसका कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया गया है।
मधुस्थली में पोषण पखवारा का सफल आयोजन
- रैली द्वारा पोषण जागरूता और चर्चा का आयोजन
मधुपुर/संवाददाता। केन्द्र सरकार के युवा और खेल मंत्रालय तथा सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय दुमका के निर्देशों के अनुसार, मधुस्थली इंस्टीट्यूट ऑफ टीचर ट्रेनिंग की एनएसएस. इकाई ने पोषण पखवाड़े के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया। इसी क्रम में मधुपुर प्रखंड के सलैया गाँव के पास ‘पोषण पर चर्चा’ विषय पर एक रैली निकाली गई । जिसका उद्देश्य पौष्टिक भोजन के महत्व के प्रति जागरूकता फैलाना था। तदुपरांत विगत गुरुवार को दो कार्यक्रम आयोजित हुए—पहला, ‘संतुलित आहार पर चर्चा’ (जिसमें गर्भावस्था के दौरान आहार और देखभाल पर विशेष ध्यान दिया गया) और दूसरा, ‘जंक फूड पर चर्चा’। इन कार्यक्रमों में बीएड., डीएलएड. और बैचलर ऑफ लाइब्रेरी एंड इनफार्मेशन साइंस के छात्र-छात्राओं ने कक्षा चर्चाओं एवं रैली में सक्रिय रूप से भाग लिया। संस्थान की प्राचार्या डॉ. जॉली सिन्हा ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए संतुलित आहार अपनाने और जंक फूड से बचने की सलाह दी। मधुस्थली इंस्टीट्यूट ऑफ टीचर ट्रेनिंग की एनएसएस. इकाई की समन्वयक बिनीता श्रीवास्तव तथा संस्थान के सभी शिक्षकों ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
नाबालिग बेटी को भगाने का मामला दर्ज
सारवां/संवाददाता। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पिता ने थाना में आवेदन देकर अपनी नाबालिग पुत्री को शादी की नीयत से भगाने का मामला दर्ज कराया है आवेदन में पीड़ित पिता ने बताया कि उसकी बेटी 13 अप्रैल को शौच को लेकर शाम को निकली थी जब वो सात बजे तक नहीं आई तो काफी खोजबीन की पर उसका पता नहीं चला। खोजबीन के क्रम में 14 अप्रैल को पता चला की सूरज बाउरी मड़वा द्वारा उसकी पुत्री को बहला फुसला कर शादी की नीयत से भगा ले गया है। जिसे जरमुंडी थाना गरडीह में अपने फूफा के घर रखा है। पिता ने पुत्री की बरामदगी के साथ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में थाना में मामला दर्जकर पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है।
अमावस्या पर काली मंदिरों में हुई विशेष पूजा
सारवां/संवाददाता। बैसाख अमावस्या के अवसर पर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में मां काली श्रृंगार पूजन समारोह का आयोजन देर रात को बिशनपुर काली दुर्गा मंदिर, दुखियानाथ काली मंदिर, मां कुशमेश्वरी काली मंदिर में किया गया। इस अवसर माता को विभिन्न प्रकार के सौंदर्य प्रसाधन के साथ भोग अर्पित किया गए और मां से श्री समृद्धि की कामना की गई। इस अवसर पर प्राचीन दुर्गा मंदिर बिशनपुर बैजनाथपुर में गुरुवार की रात्रि को दुर्गा मंदिर सेवा समिति अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह की देखरेख में देवी भजन संध्या आयोजित की गई मौके पर मां दुर्गा, मां काली, बाबा भोलेनाथ माता पार्वती को खीर भोग अर्पित किया गया इस दौरान मां दुर्गा भजन मंडली द्वारा देर रात तक देवी भजनों की गंगा बहायी गई। मौके पर मंडली द्वारा मां की भक्ति भजनों से लोगों को भाव-विभोर किया। इस क्रम में एक से बढ़कर एक भक्ति भजनों की देर रात तक समां बांधा। सुरों को सजाने में हारमोनियम अमरेंद्र सिंह,नाल कपिलदेव, झांझ दिलीप राव, करताल मनोज, सुकदेव, बैंजो झुपर मोदी के साथ ब्यास रवानी, राजेंद्र सिंह, हलधर वर्मा, दिलीप वर्मा, विकाश रवानी,कुंदन कुमार, विनोद रवानी,गुरु देव सिंह,महेंद्र वर्मा, नंदू वर्मा, प्यारेलाल सिंह, मिठू सिंह के साथ सहित अन्य ने भरपूर साथ दिया। मौके पर तेहरी महाप्रसाद का वितरण श्रद्धालुओं के बीच किया गया।
मनरेगा सिंचाई कूप निर्माण में अनियमितता
- ग्रामीणों ने की जांच की मांग
चितरा/संवाददाता। मनरेगा योजना के तहत सिंचाई कूप निर्माण में अनियमितता और सरकारी राशि के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। चितरा थाना क्षेत्र अंतर्गत आमजोरा गांव के निवासी राजेश महतो ने इस संबंध में जिला एवं सत्र न्यायाधिक देवघर को लिखित आवेदन देकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
आवेदन के अनुसार, मौजा आमजोरा के खाता संख्या 531, प्लॉट संख्या 18, दाग संख्या 02 पर मनरेगा के तहत सिंचाई कूप निर्माण कार्य योजना संख्या 03/2023-24 के अंतर्गत विजय कुमार यादव के नाम पर स्वीकृत किया गया है। इस योजना की कुल स्वीकृत राशि 3 लाख 96 हजार रुपये बताई गई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उक्त कूप का निर्माण निजी लाभ के उद्देश्य से चहारदीवारी के अंदर कराया जा रहा है, जिससे आम ग्रामीणों को कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है। साथ ही, जिस जमीन पर निर्माण किया जा रहा है, उसके अन्य हिस्सेदारों या ग्रामीणों की सहमति भी नहीं ली गई है। बताया गया है कि इस मामले को लेकर 20 दिसंबर 2025 को उपायुक्त, देवघर को स्पीड पोस्ट के माध्यम से आवेदन भेजा गया था और बीडीओ सारठ को भी अवगत कराया गया था। शिकायत मिलने के बाद बीडीओ द्वारा सहायक अभियंता को जांच का निर्देश दिया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों में इस मामले को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।