- प्रांत शारीरिक प्रमुख कुणाल कुमार होंगे कार्यक्रम के मुख्य वक्ता
देवघर/नगर संवाददाता। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, देवघर द्वारा संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित संघ यात्रा के अंतर्गत आज प्रबुद्ध जन गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है और आयोजकों द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है तथा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है, ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके। यह गोष्ठी रविवार को अपराह्न 3 बजे आरएल सर्राफ उच्च विद्यालय मैदान देवघर में आयोजित होगी। कार्यक्रम में शिक्षा, चिकित्सा, सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े प्रबुद्धजनों को आमंत्रित किया गया है। इस दौरान राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता, संगठन की भूमिका और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता के रूप में प्रांत शारीरिक प्रमुख कुणाल कुमार उपस्थित रहेंगे, जो संघ की कार्यप्रणाली और समाज निर्माण में उसकी भूमिका पर अपने विचार रखेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में डॉ अशोकानंद झा (व्यवस्थापक, हिंदी विद्यापीठ, देवघर) कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। विशिष्ट अतिथियों में डॉ मनीष राज (विभागाध्यक्ष, ऑर्थोपेडिक्स, एम्स देवघर) एवं दंत चिकित्सक डॉ पूजा राय शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त लोक वेद पीठ, हरिद्वार के लीलाबारानंद नाथ महाराज का आशीर्वचन भी कार्यक्रम में प्राप्त होगा, जो आयोजन को आध्यात्मिक आयाम प्रदान करेगा। कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए संघ के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा लगातार बैठकें आयोजित कर तैयारियों की समीक्षा की गई। इसी क्रम में आयोजित बैठक में जिला संघ चालक गणेश लाल बरनवाल, नगर कार्यवाह डॉ आनंद वर्धन, राजेश प्रसाद, डॉ राजीव रंजन, विनायक कुमार, धनंजय तिवारी, प्रेम कुमार बरनवाल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित किया। संघ पदाधिकारियों ने बताया कि यह गोष्ठी समाज के जागरूक, अनुभवी और विचारशील लोगों के साथ संवाद का एक सशक्त मंच बनेगी। इससे न केवल सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि राष्ट्र निर्माण के लिए सामूहिक चिंतन को भी नई दिशा मिलेगी। उन्होंने शहरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस महत्वपूर्ण आयोजन को सफल बनाएं।
बाबा मंदिर परिसर में फोटोग्राफरों ने उठाई आजीविका की चिंता, मेयर को सौंपा ज्ञापन
- 30 वर्षों से सेवा दे रहे फोटोग्राफरों ने व्यवस्था सुधार के निर्देशों पर सहानुभूतिपूर्वक निर्णय की मांग की
देवघर/नगर संवाददाता। देवघर स्थित बाबा मंदिर परिसर में कार्यरत फोटोग्राफरों ने अपनी आजीविका से जुड़े मुद्दों को लेकर नगर निगम मेयर को ज्ञापन सौंपते हुए सहानुभूतिपूर्ण निर्णय की मांग की है। यह ज्ञापन 16 अप्रैल 2026 को मंदिर परिसर की व्यवस्था सुधार हेतु जारी निर्देशों के संदर्भ में दिया गया है। ज्ञापन में फोटोग्राफरों ने बताया कि वे पिछले लगभग 30 वर्षों से बाबा मंदिर परिसर में फोटोग्राफी का कार्य कर रहे हैं और इसी के माध्यम से अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उन्होंने कहा कि इस दौरान उन्होंने हमेशा मंदिर की गरिमा, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रखते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है। फोटोग्राफरों ने यह भी उल्लेख किया कि इस व्यवसाय से करीब 150 परिवारों की आजीविका जुड़ी हुई है। वर्तमान में मंदिर परिसर में लगभग 35 से 36 काउंटर संचालित हैं, जिससे कई लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलता है। उन्होंने मेयर से आग्रह किया है कि इस विषय पर मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए ऐसा निर्णय लिया जाए, जिससे उनकी आजीविका प्रभावित न हो और वे अपने परिवार का पालन-पोषण सुचारू रूप से कर सकें। साथ ही, फोटोग्राफरों ने यह भरोसा दिलाया कि वे प्रशासन द्वारा जारी सभी नियमों और निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन करेंगे। ज्ञापन के अंत में फोटोग्राफरों ने नगर निगम से सकारात्मक निर्णय की अपेक्षा जताते हुए कहा कि वे इस सहयोग के लिए सदैव आभारी रहेंगे।
टावर चौक पर बजरंग दल का विरोध प्रदर्शन, पुतला दहन कर सौंपा ज्ञापन
- जिहादी मानसिकता के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग, दोषियों को एक माह में फांसी देने की उठी मांग
देवघर/नगर संवाददाता। देवघर के टावर चौक पर शनिवार को बजरंग दल द्वारा कथित जिहादी मानसिकता के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया और राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन उपायुक्त को सौंपा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कार्याध्यक्ष डॉ गोपाल जी शरण ने कहा कि देश में सामाजिक जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ रही सुनियोजित घटनाएं एक विकृत मानसिकता को दर्शाती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नासिक के टीसीएस में उजागर हुआ कथित ‘लव जिहाद’ मामला इसी श्रृंखला का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि देश के कई हिस्सों में लव जिहाद, वन एवं सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा, खान-पान की वस्तुओं को अपवित्र करना, हिंदू परिवारों का उत्पीड़न तथा जनजातीय नाबालिग बालिकाओं के शोषण जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं।
बजरंग दल एवं विहिप के कार्यकर्ताओं ने इन घटनाओं के विरोध में राष्ट्रव्यापी आंदोलन चलाने की बात कही और मांग की कि ऐसे मामलों में संलिप्त दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए एक माह के भीतर फांसी की सजा दी जाए। प्रदर्शन के दौरान जिला संयोजक अभिषेक मिश्रा, विभाग सह मंत्री विक्रम सिंह, कोषाध्यक्ष अजय सिन्हा, जिला मंत्री अशोक चौधरी, प्रकाश मंडल, मोनू केसरी, दीपक झा, विजया सिंह, शुभम कश्यप, विजय पांडे, नकुल राज, सोना धारी झा, गौरी शंकर शर्मा, कुंदन कुमार, अशोक भगत, गुड्डू चौरसिया, जयराम राजहंस, पार्थो मित्र, अलका सोनी, संतोष दे, प्रेमलता बरनवाल, दामोदर बरनवाल, राजीव पांडे, रोहित कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में डॉ अपर्णा झा ने प्रस्तुत किया शोध-पत्र
- नवीन पीढ़ी के स्मार्ट शहर पर रखे विचार
- भागलपुर के शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में विकसित भारत 2027 विषय पर मंथन, वार्ड पार्षद के रूप में पहली शैक्षणिक प्रस्तुति
देवघर/नगर संवाददाता। पूरनमल बाजोरिया शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, भागलपुर में विकसित भारत 2027 दृष्टि, चुनौतियां और कार्ययोजना विषय पर आयोजित बहु-विषयक अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में वार्ड संख्या 22 की पार्षद डॉ अपर्णा झा ने शहरी नियोजन एवं नवीन पीढ़ी के स्मार्ट शहर विषय पर अपना शोध-पत्र प्रस्तुत किया। डॉ झा ने अपने शोध-पत्र में शहरी विकास की वर्तमान चुनौतियों और भविष्य के स्मार्ट शहरों की अवधारणा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण के दौर में स्मार्ट शहर केवल तकनीकी सुविधाओं तक सीमित नहीं होने चाहिए, बल्कि उनमें सामाजिक, सांस्कृतिक और मानवीय पहलुओं का भी समावेश जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि आज की युवा पीढ़ी हर समस्या का समाधान तुरंत चाहती है, जहां एक बटन दबाते ही सुविधाएं उपलब्ध हो जाएं। लेकिन आधुनिकीकरण की इस दौड़ में समय और धैर्य की कमी भी देखने को मिल रही है, जो समाज के लिए एक नई चुनौती बनती जा रही है।
डॉ अपर्णा झा इससे पूर्व भी कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सेमिनारों में विभिन्न विषयों पर अपने शोध-पत्र प्रस्तुत कर चुकी हैं। हालांकि, वार्ड पार्षद के रूप में यह उनकी पहली शैक्षणिक प्रस्तुति रही, जो उनके सामाजिक और शैक्षणिक योगदान के समन्वय को दर्शाती है। सेमिनार में देश-विदेश के शिक्षाविदों, विशेषज्ञों और शोधार्थियों ने भाग लेकर विकसित भारत 2027 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए विभिन्न पहलुओं पर गहन चर्चा की। इस अवसर पर महाविद्यालय प्रशासन एवं उपस्थित प्रतिभागियों ने डॉ झा के शोध-पत्र की सराहना करते हुए इसे वर्तमान शहरी समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
डीपीएल 13वां संस्करण: ब्लैक रॉयल्स की लगातार पांचवीं जीत, पिंक पैंथर को 52 रन से हराया
- दूसरे मुकाबले में ऑरेंज लायंस ने ब्राउन बियर्स को 6 विकेट से दी मात
- सुमन भारद्वाज और शुभम सिंह रहे चमकदार
देवघर/नगर संवाददाता। स्थानीय केकेएन स्टेडियम में डीपीएल के 13वें संस्करण के तहत शनिवार को खेले गए मुकाबलों में रोमांचक खेल देखने को मिला। पहले मैच में ब्लैक रॉयल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पिंक पैंथर को 52 रन से हराकर अंक तालिका में अपना दबदबा कायम रखा। टॉस जीतकर पिंक पैंथर ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। ब्लैक रॉयल्स की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 168 रन बनाए। टीम की ओर से अनिल झा ने शानदार 65 रनों की पारी खेली, जबकि साहिल शेख ने 25, अंशुमान ने 19 और परवेज ने 14 रन का योगदान दिया। पिंक पैंथर की ओर से सचिन यादव ने 2 विकेट लिए, जबकि संजीव झा, गौरव शर्मा, आनंद प्रकाश और अनिकेत शर्मा को 1-1 सफलता मिली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पिंक पैंथर की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 116 रन ही बना सकी। टीम के लिए गौरव शर्मा ने सर्वाधिक 46 रन बनाए, जबकि सचिन यादव ने 19 रन जोड़े। ब्लैक रॉयल्स की ओर से सुमन सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 16 रन देकर 4 विकेट चटकाए, वहीं परवेज ने 3 विकेट हासिल किए। इस जीत के साथ ब्लैक रॉयल्स ने लगातार पांचवीं जीत दर्ज करते हुए 10 अंक के साथ शीर्ष स्थान बनाए रखा। मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अनिल झा को मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं दिन के दूसरे मुकाबले में ब्राउन बियर्स और ऑरेंज लायंस के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। टॉस जीतकर ब्राउन बियर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 168 रन बनाए। सुमन भारद्वाज ने शानदार 81 रन बनाए, जबकि शुभम ने 23, सत्यम ने 15 और हितेश ने 14 रन का योगदान दिया। ऑरेंज लायंस की ओर से अंकित राज ने 3 और नाज ने 2 विकेट लिए। जवाब में ऑरेंज लायंस की टीम ने 19.1 ओवर में 4 विकेट खोकर 172 रन बनाते हुए मुकाबला 6 विकेट से अपने नाम कर लिया। टीम के लिए शुभम सिंह ने 47, शालू ने नाबाद 31, जुनैद ने 29 और रॉकी ने 20 रन बनाए। ब्राउन बियर्स की ओर से कुमार सुमित ने 2 विकेट लिए, जबकि विक्रम और अमर को 1-1 सफलता मिली। इस मैच में शानदार बल्लेबाजी के लिए शुभम सिंह को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। दोनों मैचों के मैन ऑफ द मैच खिलाड़ियों को अतिकूर रहमान एवं संघ के पदाधिकारियों द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संघ के कई सदस्य मौजूद रहे। मैच के अंपायर अभिषेक आनंद और खुशहाल शेख थे, जबकि तीसरे अंपायर की भूमिका मन्ना सिंह ने निभाई। स्कोरिंग की जिम्मेदारी अभिषेक भोक्ता के पास थी। टूर्नामेंट के तहत रविवार को भी दो मुकाबले खेले जाएंगे, जिसमें पहला मैच सुबह 9 बजे और दूसरा दोपहर 1 बजे से शुरू होगा।
दो बाइक के बीच टक्कर के बाद मारपीट करने का आरोप
- एक बाइक सवार की मौत
देवघर/संवाददाता। शुक्रवार की देर रात को मोहनपुर थाना क्षेत्र के चोपामोड़ हाई स्कूल के पास दो बाइक के बीच टक्कर हो गयी। घटना के बाद एक बाइक सवार द्वारा दूसरे बाइक सवार के साथ मारपीट किये जाने का आरोप लगाया गया है। जिसके कारण उसकी मौत हो गयी। मृतक का नाम अनिल मंडल है जो बिहार के बांका जिला के जयपुर का रहने वाला है। वर्तमान में वह नगर थाना इलाके के बेलाबगान इलाके मंे घर बनाकर रह रहा था। जहां से हमेशा अपने घर आना जाना करता था। घटना की बाबत परिजनों ने बताया कि मृतक अनिल मंडल जयपुर के ही रतन दत्ता के साथ चौपामोड़ स्थित एक रिश्तेदार के घर छठी पार्टी में आया था। पार्टी समाप्त होने के बाद दोनों बाइक से वापस देर रात को जयपुर लौट रहे थे। उसी क्रम में चौपामोड़ के आगे स्थित हाईस्कूल के पास सामने से आ रहे एक बाइक से टक्कर हो गयी। जिस बाइक से टक्कर हुई उस पर एक महिला भी सवार थी। घटना के बाद दूसरे बाइक पर सवार युवक ने अनील के साथ मारपीट करना शुरू कर दिया। मारपीट होता देख रतन दत्ता वहां से भाग कर झाड़ी में छुप गया। आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़कर घटनास्थल पहुंचे तोे देखा की अनिल मंडल बेहोश पड़ा है। उपरांत पुलिस को सूचना दी। स्वजनों ने बताया कि उसी दौरान दूसरा बाइक सवार जिसने मारपीट किया था वह मौके पर से फरार हो गया। उसके बारे में बताया जाता है कि वह चौपामोड़ का ही रहने वाला है। जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पहुंची उसके बाद झाड़ी में छुपा रतन दत्ता भी निकल कर वहां पहुंचा और घटना की बाबत सारी जानकारी दी। पुलिस द्वारा बेहोशी अवस्था में अनिल को इलाज के लिए देर रात को सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां देखने के उपरांत डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर परिजनों ने सड़क दुघर्टना के बाद मारपीट कर हत्या का आरोप लगाया है। इधर मोहनपुर पुलिस द्वारा शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की छानबीन मेें जुट गयी है।
फांसी पर लटकी मिली विवाहिता
-मायके वालों ने पति सहित ससुराल वालों पर लगाया हत्या का आरोप, पति हिरासत में
देवघर/संवाददाता। कुंडा थाना क्षेत्र के गर्भुआडीह गांव में एक विवाहिता का शव फांसी के फंदे से झूलता हुआ पाया गया है। मृतका का नाम 20 वर्षीय गैन्हारी कुमारी पति सुनील दास है। घटना की सूचना उसके ससुराल वालों ने कुंडा पुलिस को दिया। जानकारी मिलते ही कुंडा पुलिस घटनास्थल पहुंची उसके बाद उसे फंदे से उतारा गया। पुलिस द्वारा शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों केा सौंप दिया। वहीं पुलिस ने मौके पर से मृतका के पति को हिरासत में लेकर पुछताछ करने में जुटी है। मृतका के भाई सारवां थाना क्षेत्र के परसबनी निवासी फनी दास ने बताया कि उसकी शादी दो वर्ष पूर्व सुनील दास से हुई थी। शादी के बाद उसने एक बेटे को जन्म दिया जो करीब डेढ़ वर्ष का है। बताया कि शादी के कुछ दिन के बाद से ही पति एवं सास, ससुर देवर द्वारा उसे प्रताड़ित करते रहते थे। उसने आरोप लगाया कि पति सहित ससुराल वालों ने उसकी हत्या कर फांसी पर लटका दिया। कुंडा पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है।
लाखों की ठगी करने वाले की तलाश में देवघर पहुंची बिहार पुलिस
देवघर/संवाददाता। लाखों की ठगी मामले में आरोपित की तलाश में बिहार के दरभंगा जिला के लहरिया सराय थाना की पुलिस टीम शनिवार को देवघर नगर थाना पहुंची। टीम एसआइ गौरव सिंह के नेतृत्व में आयी है। बताया जाता है कि वहां पानी का पाइप लाइन बिछाने के नाम पर एक दर्जन लोगों से 6.50 लाख की ठगी कर ली गयी थी। इसको लेकर वहां मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच के क्रम में इस ठगी के तार देवघर से जुड़े होने की जानकारी मिली। इसी सिलसिले में आरोपित की तलाश में वहां की पुलिस टीम देवघर नगर थाना पहुंची है। हालांकि फिलहाल पुलिस आरोपित के बारे में कुछ बता नहीं रही है। उसकी तलाश की जा रही है।
नए एसपी प्रवीण पुष्कर ने किया पदभार ग्रहण
देवघर/संवाददाता। जिले के नए एसपी के रूप में प्रवीण पुष्कर ने शनिवार को पद्भार ग्रहण किया। उन्होंने निवर्तमान एसपी सौरभ से कार्यभार संभाला। इस मौके पर एसपी प्रवीण पुष्कर ने कहा कि अपराध व अपराधियों पर नियंत्रण उनकी प्राथमिकता होगी। अपराध व अपराधियों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। अपराध व अपराधियों पर उनकी नजर रहेगी। खासतौर पर वे अपराधी जो बार-बार अपराध करते हैं उनकी पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। एसपी सौरभ द्वारा जो बेहतर पहल शुरु किया गया है और अच्छा कार्य किया जा रहा उसे आगे भी जारी रखा जाएगा। यहां की यातायात व्यवस्था को बेहतर किया गया है, विधि शाखा मजबूती से काम कर रही है, इस कार्य को आगे भी बढ़ाया जाएगा। यहां के अपराध व अपराधियों के बारे में अध्यन कर आगे कर रणनीति बनायी जाएगी। मौके पर देवघर एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह, मधुपुर एसडीपीओ सत्येन्द्र प्रसाद, मुख्यालय डीएसपी वेंकटेश कुमार, सीसीआर डीएसपी लक्ष्मण प्रसाद व अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे। जानकारी हो कि इससे पूर्व प्रवीण पुष्कर रांची ग्रामीण एसपी के तौर पर कार्यरत थे। प्रवीण पुष्कर 2020 बैच के आइपीएस अधिकारी हैं।
एक युवक से 1.33 लाख की ठगी
देवघर/संवाददाता। एक युवक से 1.33 लाख से अधिक की साइबर ठगी कर ली गयी है। पीड़ित मेराज शेख जिले के मधुपुर थाना क्षेत्र के लालगढ़ मस्जिद गली का रहने वाला है। उसका कहना है कि उसके बैंक आफ बड़ौदा के खाता से 33500 और उसके एक्सिस बैंक खाता से एक लाख की अवैध निकासी की गयी है। आरोप है कि उसे दो अलग-अलग नंबरों से कॉल आया था। काल करने वाले ने उसे झांसा में ले लिया। उसके बाद उनके बैंक खाता से पैसा की अवैध निकासी कर ली गयी। मैसेज आने पर उसे ठगी के बारे में पता चला। पीड़ित ने घटना की जानकारी साइबर थाना की पुलिस को दे दी है। साइबर थाना की पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। दिए गए मोबाइल नंबर के आधार पर साइबर ठग का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
एक महिला सहित दो लोगों से 1.24 लाख की ठगी
देवघर/संवाददाता। अलग-अलग मामले में एक महिला सहित दो लोगों से 1.24 लाख की साइबर ठगी कर ली गयी है। एक घटना में शहर के हनुमान टिकरी स्थित एक अपार्टमेंट में रहने वाली महिला जुली कुमारी को झांसा में लेकर उसके बैंक खाता से 99 हजार की अवैध निकासी कर ली गयी है। मैसेज आने पर महिला को ठगी के बारे में पता चला। वहीं एक अन्य घटना में नगर थाना क्षेत्र के हिंदी विद्यापीठ के पास रहने वाले सौरभ कुमार को झांसा में लेकर उसके बैंक खाता से 25 हजार की अवैध निकासी कर ली गयी है। दोनों घटनाओं की जानकारी साइबर थाना की पुलिस को दे दी गयी है। साइबर थाना की पुलिस मामलों की छानबीन कर रही है।
तालाब में तैरता मिला किशोरी का शव, जांच में जुटी पुलिस
देवघर/संवाददाता। जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के चरकी पहाड़ी संताली टोला के पास स्थित तालाब में शनिवार की सुबह एक किशोरी का शव तैरता हुआ बरामद किया गया है। मृतका 14 वर्षीय शैली मरांडी यहीं की रहने वाली थी। बताया जाता है कि करीब 12 वर्ष पहले उसके पिता व मां की मौत हो गयी थी। उसके बाद से वह अपनी बुआ-फूफा के साथ रहती थी। बुआ सुराहनी बास्की व उसके पति दाउद बास्की मूल रूप से सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के मकरा गांव के रहने वाले हैं। यहां वे लोग घर बनाकर रहते थे। दाउद टोटो चलाता था। घटना के संबंध में बताया जाता है कि दोनों किसी शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए थे। वहीं शैली और एक रिश्तेदार घर पर थे। शैली शुक्रवार दोपहर को पास के तालाब में स्नान करने के लिए गयी थी। उसके बाद वह लौटकर घर वापस नहीं आयी। घर के लोगों ने उसकी तलाश की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया। सुबह गांव के लोगों ने सुबह एक शव को तालाब में तैरता हुआ देखा। इसकी सूचना पुलिस को दी गयी। पुलिस ने आकर मामले की छानबीन की। वहीं शव को बाहर निकाला गया और उसकी पहचान शैली के तौर पर हुई। शव को पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया गया। अनुमान है कि स्नान करने के क्रम में किशोरी गहरे पानी में चली गयी और इस कारण तालाब में डूबने से उसकी मौत हो गयी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
बंद घर का ताला तोड़कर लाखों की संपत्ति की चोरी
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के पोखनाटिल्हा बीएन झा पथ इलाके में एक बंद घर का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों की संपत्ति की चोरी कर ली। इस संबंध में रोहण आनंद ने नगर थाना में मामला दर्ज कराया है। मामले में कहा है कि 12 अप्रैल को घर में ताला बंद कर पिता के इलाज के लिये दिल्ली गया था। 17 की सुबह जब वापस लौटा तो देखा की घर का ताला टूटा हुआ है और कमरे में रखा सारा सामान इधर उधर विखरा पड़ा है। चोरों ने घर में रखे दो लाख का सोना चांदी का जेवरात, 25 हजार नकदी, बैंक का कागजात, टीवी, गैस सिलेंडर, कांसा पीतल का बर्तन एवं सारा कपडा़ साड़ी तथा अन्य सामान की चोरी कर ली। नगर पुलिस मामला दर्ज जांच में जुट गयी है।