- मुन्ना कापरी को सौंपी गई प्रदेश महासचिव की जिम्मेदारी
देवघर/नगर संवाददाता। एसोसिएशन ऑफ इंडियन वर्किंग जर्नलिस्ट (एआईडब्लूजे) ने झारखंड में संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नई प्रदेश टीम की घोषणा कर दी है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सीवीपी चन्दन की अनुशंसा पर अजय चंद्र सिंह को झारखंड प्रदेश अध्यक्ष और मुन्ना कापरी को प्रदेश महासचिव मनोनीत किया गया है। 17 अप्रैल 2026 को जारी मनोनयन पत्र के माध्यम से राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने इन दोनों नेताओं पर भरोसा जताया है। जारी मनोनयन पत्र में राष्ट्रीय अध्यक्ष और राष्ट्रीय महासचिव ओमेन्द्र सक्सेना ने नवनियुक्त पदाधिकारियों से अपेक्षा जताई है कि वे राज्य में जिला स्तर तक संगठन का विस्तार सुनिश्चित करेंगे। साथ ही पत्रकारों की समस्याओं को राष्ट्रीय मंच तक प्रभावी ढंग से उठाने और उनके समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया है। इस पूरी प्रक्रिया में राष्ट्रीय अध्यक्ष सीवीपी चन्दन और राष्ट्रीय महासचिव ओमेन्द्र सक्सेना की प्रमुख भूमिका रही।
झारखंड स्टेट एथलेटिक्स चैंपियनशिप में देवघर का जलवा, पहले ही दिन दो स्वर्ण पदक पर कब्जा
- राज रौशन ने गोला फेंक और रामानंद सिंह ने चक्का फेंक में जीता गोल्ड, अन्य पदकों की भी उम्मीद
देवघर/नगर संवाददाता। 15वीं झारखंड स्टेट ओपन सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के पहले दिन देवघर जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। चंदनक्यारी (बोकारो) में आयोजित इस प्रतियोगिता में देवघर के राज रौशन ने गोला फेंक में स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि रामानंद सिंह ने चक्का फेंक स्पर्धा में गोल्ड जीतकर जिले का मान बढ़ाया। देवघर जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष डॉ सुनील खवाड़े ने कुल 12 सदस्यीय टीम को टी-शर्ट प्रदान कर प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए रवाना किया था। खिलाड़ियों ने पहले ही दिन अपने प्रदर्शन से उम्मीदों पर खरा उतरते हुए शानदार शुरुआत की।
महिला वर्ग में देवघर की रंजुला कुमारी ने 400 मीटर दौड़ के फाइनल में जगह बनाई, हालांकि वह पदक जीतने से चूक गईं। इसके बावजूद उनके प्रदर्शन की सराहना की जा रही है। टीम का उत्साहवर्धन करने के लिए जिला एथलेटिक्स संघ की प्लानिंग कमेटी के चेयरमैन आशीष झा भी बोकारो में खिलाड़ियों के साथ मौजूद हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में देवघर के खाते में और भी पदक जुड़ेंगे। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल के मैदान तक भी पहुंचने के लिए प्रेरित करें। इस उपलब्धि पर जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव मनोज मिश्रा, नीतू देवी, आशीष दुबे, निक्की झा, नीतीश, राजेश, लाली, सोनी, प्रभाकर, रवि केशरी, सुरेश साह एवं खेलो इंडिया के कोच दीपक कुमार सहित कई लोगों ने खिलाड़ियों को बधाई दी।
क्रिमिनल इन्वेस्टीगेशन डिपार्टमेंट (सीआईडी), बिहार, पटना के डायरेक्टर कम-एस.पी.ई. (स्टेट फोटो ब्यूरो) सी आई डी बिहार पटना श्री बी.के. चौधरी ने आज सह परिवार बाबा बैद्यनाथ धाम में विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्य एवं समाज की सुख-समृद्धि, शांति और उन्नति की कामना की।
इस अवसर पर श्री चौधरी के साथ उमा शंकर प्रजापति, रमन श्रीवास्तव, विकास कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने बाबा बैद्यनाथ के दरबार में श्रद्धा एवं भक्ति भाव से पूजा-अर्चना की।
श्री बी.के. चौधरी ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ की कृपा से समाज में सुख, शांति एवं सद्भाव बना रहे तथा सभी के जीवन में खुशहाली आए, यही प्रार्थना है।
यह धार्मिक यात्रा श्रद्धा, आस्था एवं सामाजिक समरसता का संदेश देने वाली रही।
योजनाओं की समीक्षा को लेकर बीडीओ ने की बैठक
- 22 अप्रैल को रक्तदान शिविर को लेकर दिये कई निर्देश
सारवां/संवाददाता। प्रखंड सभागार में प्रखंड विकास पदाधिकारी रजनीश कुमार द्वारा शनिवार को सभागार में विभिन्न पंचायत में चल रहे योजनाओं की समीक्षा के साथ 22 अप्रैल को रक्तदान शिविर के आयोजन को लेकर विभिन्न विभागों के पदाधिकारी के साथ कर्मियों, जनप्रतिनिधियों की बैठक की गई। इस दौरान बीडीओ ने समीक्षा के दौरान कहा कि सभी पंचायत में मुखिया और पंचायत सेवक को केंद्रीय पेंशन योजना के लाभुकों का डिजिटल लाइफ सर्वे घर-घर पहुंचकर करें ताकि कोई भी लाभुक इस योजना के लाभ से वंचित नहीं हो सके। इस अवसर पर पेयजल स्वच्छता विभाग और मुखिया को निर्देश देते हुए कहा कि अपने-अपने पंचायत में बंद पड़े चापानलों का सर्वे कर उसे अविलंब मरम्मती कराएं। मुखिया और पंचायत सचिव पीएम आवास योजना के लाभकों के साथ संपर्क कर उन्हें अविलंब योजना पूरा करने के लिए प्रेरित करें। इस अवसर पर 22 अप्रैल को प्रखंड मुख्यालय में आयोजित होने वाले रक्तदान शिविर को सफल बनाने के साथ अधिक से अधिक रक्तदान करने को कहा गया। कहा कि रक्तदान से किसी जरूरतमंद की जान बचायी जा सकती है। इस अवसर पर प्रखंड कृषि पदाधिकारी विजय कुमार देव प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी डॉ सुनील टोप्पो प्रखंड कल्याण पदाधिकारी प्रमोद कुमार मुखिया मुबारक अंसारी, दिवाकर पासवान, खुशबू कुमारी सहित पंचायत सेवक,पंचायत सहायक, प्रखंड कर्मी के साथ अन्य बैठक में उपस्थित थे।
दो बेटियों की गुमशुदगी का पिता ने दर्ज कराया मामला
सारवां/संवाददाता। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पिता द्वारा थाना में अपनी दो बेटियों की गुमशुदगी का सनहा दर्ज कराया गया है। दिए गए आवेदन में पिता ने कहा है कि उसकी दोनों बेटियां प्लस टू हाई स्कूल लखोरिया में कक्षा नौ में पढ़ती है। 15 अप्रैल को दोनों घर से सुबह आठ बजे स्कूल पढ़ने के लिए गयी थी लेकिन वापस घर नहीं लौटी। काफी खोजबीन किया लेकिन कुछ पता नहीं चला। पिता ने पुलिस को आवेदन देकर बेटियों के सकुलश बरामदगी की गुहार लगायी है। इधर पुलिस सनहा दर्ज कर दोनों लड़कियों की खोजबीन कर रही है।
पिकअप पलटने पर टोटो आया चपेट में कई यात्री घायल
जसीडीह/संवाददाता। जसीडीह थानांतर्गत जसीडीह देवघर मुख्य मार्ग स्थित रामचन्द्रपुर के समीप शनिवार को एक पीक अप वाहन पलट गया। जिसकी चपेट में यात्री सवार एक टोटो आ गया और महिला सहित कई व्यक्ति घायल हो गए। सूचना पाकर जसीडीह थाना के एएसआई रामानुज मिश्रा बलों के साथ घटनास्थल पहुंचे छानबीन की। जबकि लोगों के सहयोग से एक जख्मी महिला को इलाज के लिए भेज दिया। जबकि अन्य लोगों को हल्की चोट लगने से वहां से चले गए। पुलिस ने बताया कि पीक अप वाहन नंबर जेएच 15 एएल/0930 फर्नीचर आदि लोड कर चकाई की ओर से जसीडीह के तरफ आ रहा था। इसी दौरान चालक ने संतुलन खो दिया और सामान लोड वाहन पलट गया। इसी दौरान जसीडीह से सवारी लेकर देवघर जा रहा टोटो उक्त पिकअप वाहन की चपेट में आ गए। जिसके एक महिला यात्री गंभीर रूप से घायल हो गई। जबकि अन्य को हल्की-फुल्की चोट लगी। घायल महिला जसीडीह के वसुवाडीह गांव की रहने वाली है। जिसे इलाज के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने पिकअप वाहन को कब्जे कर जसीडीह थाना ले आए।
परशुराम जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर दीपोत्सव से जगमगाया देवघर
- रविवार को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
- शहर में गूंजे जयकारे, परशुराम चौक से बजरंगी चौक तक सजे दीप
देवघर/नगर संवाददाता। शनिवार को देवघर शहर का भगवान परशुराम चौक दीपों की रोशनी से जगमगा उठा, जब भगवान श्री परशुराम सेवा ट्रस्ट द्वारा संचालित भगवान परशुराम जन्मोत्सव आयोजन समिति ने जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया। श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति और जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया। कार्यक्रम के तहत संध्या करीब छह बजे परशुराम चौक से लेकर बजरंगी चौक तक दीप जलाकर पूरे मार्ग को रोशन किया गया। सैकड़ों दीपों की जगमगाहट ने न केवल क्षेत्र को आलोकित किया, बल्कि लोगों के मन में आस्था और उत्साह का संचार भी किया। दीपोत्सव में शामिल श्रद्धालु पारंपरिक परिधानों में नजर आए और पूरे उत्साह के साथ आयोजन में भाग लिया। इस दौरान भगवान परशुराम की प्रतिमा पर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए गए। आयोजन में युधिष्ठर राय, बालेश्वर प्रसाद सिंह, डॉ गौरव कुमार सिंह, डॉ गौरी शंकर, संजीत कुमार राय, भावेश भूषण, रामसेवक सिंह गुंजन, राजेश कुमार सिंह, उत्तम कुमार शाही, मयंक राय, शुभम राय, मुकेश पाठक और अभयानंद झा सहित कई गणमान्य लोगों ने माल्यार्पण कर भगवान परशुराम से सुख-समृद्धि की कामना की। श्रद्धालुओं द्वारा लगाए गए जयकारों से पूरा परशुराम चौक गुंजायमान हो उठा। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि यह दीपोत्सव भगवान परशुराम जन्मोत्सव के मुख्य कार्यक्रमों की शुरुआत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से समाज में एकता, सांस्कृतिक चेतना और धार्मिक भावना को बढ़ावा मिलता है। कार्यक्रम को सफल बनाने में ट्रस्ट के सदस्यों और स्थानीय युवाओं की सक्रिय भागीदारी रही। वहीं रविवार को भगवान परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर भव्य कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी रहेगी। सुबह कुंडा स्थित हथगढ़ मैदान से एक विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां, पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन और भक्तों का उत्साह देखने को मिलेगा। शोभायात्रा के समापन के बाद शाम को पुन: परशुराम चौक पर महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में भाग लेने और भगवान परशुराम के आदर्शों को अपनाने का आ”ान किया है। पूरे शहर में इस आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल बना हुआ है और प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा और व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
नियमों को ताक पर रखकर टोल सेंटर से हो रही है टैक्स की वसूली
- मेयर रवि राउत के आदेशों का भी नहीं हो रहा है पालन
देेवघर/नगर संवाददाता। नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत टोल प्लाजा से नियमों की ताक पर रखकर मालवाहकों से टैक्स वसूला जा रहा है। जब वाहन के चालक द्वारा गलत टैक्स देने का विरोध किया जाता है तो उनलोगों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाती है। हाल के दिनों में नगर निगम के मेयर रवि राउत ने टोल प्लाजा पर रंगेहाथ टोल कर्मियों को पकड़ा था और दोषी संवेदक को ब्लैक लिस्ट करने की बात कही थी। बावजूद टोल प्लाजा पर अवैध टैक्स वसूली थमी नहीं हुई। दो दिन पहले कुंडा स्थित टोला प्लाजा पर एक हाइवा को रोका गया और नियम के विरुद्ध टैक्स वसूला गया। विरोध करने पर वाहन के मालिक और चालक से गाली-गलौज किया गया।
आरटीआई के तहत मांगी गयी सूचना
टोल टैक्स की अवैध वसूली से नाराज होकर ट्रांसपोर्टर सारठ थाना क्षेत्र के जमुनियाटांड़ गांव निवासी रंजीत कुमार पंडित ने नगर निगम से आरटीआई के तहत सूचना मांगी है। जिसमें देवघर नगर निगम सीमा के अंतर्गत (विशेषकर कुंडा मोड़/थाना के पास) वाणिज्यिक वाहनों (जैसे हाईवा और टिप-टेलर) से लिए जा रहे टैक्स/टोल का वैधानिक आधार क्या है। इसकी सरकारी आदेश या अधिसूचनाकी प्रमाणित प्रति प्रदान करने, नगर निगम द्वारा विभिन्न श्रेणियों के वाणिज्यिक वाहनों (10 टायर, 12 टायर, टिप-टेलर आदि) के लिए निर्धारित टैक्स की आधिकारिक दरें क्या हैं, इसकी प्रमाणित सूची उपलब्ध कराने, यदि कोई वाहन देवघर नगर निगम क्षेत्र का उपयोग केवल ‘पासिंग रूट’ के रूप में कर रहा है (जैसे सारठ से झाझा, बिहार के लिए), तो क्या उससे भी टैक्स वसूली का प्रावधान है, यदि हां, तो इससे संबंधित नियम की प्रति देने, कुंडा मोड़ पर टैक्स वसूली का कार्य किस एजेंसी या संवेदक को दिया गया है। संवेदक के साथ हुए एकरारनामे की एक प्रति प्रदान करने। क्या संवेदक के अधीन काम करने वाले टोल कर्मियों का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य है। कुंडा मोड़ टोल पर वर्तमान में कार्यरत सभी कर्मियों के नाम और उनके पुलिस वेरिफिकेशन की स्थिति से संबंधित रिकॉर्ड की जानकारी देने, यदि टोल कर्मी निर्धारित दर से अधिक वसूली करते हैं या वाहन स्वामियों के साथ अभद्र व्यवहार/गाली-गलौज करते हैं, तो नगर निगम द्वारा उनके विरुद्ध कार्रवाई का क्या प्रावधान है। पिछले 6 महीनों में इस टोल के विरुद्ध प्राप्त शिकायतों और उन पर हुई कार्रवाई का विवरण देने। कुंडा मोड़ टोल नाके पर सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य है, यदि हां, तो क्या वहां कैमरे सुचारू रूप से कार्य कर रहे हैं की सूचना मांगी गयी है।
मानिकपुर में एक्वासा वाटर पार्क एंड रिसोर्ट का हुआ उद्घाटन
जसीडीह/संवाददाता। जसीडीह थानांतर्गत जसीडीह चकाई मुख्य मार्ग स्थित 62 माइल के समीप मानिकपुर स्थित एक्वासा वाटर पार्क एंड रिसोर्ट का शनिवार को उद्घाटन के साथ शुभारंभ हो गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में देवघर विधायक सुरेश पासवान एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में इंस्पेक्टर सह जसीडीह थाना प्रभारी दीपक कुमार, नगर निगम देवघर डिप्टी मेयर टिप चटजी झामुमो जिला अध्यक्ष संजय कुमार शर्मा उपस्थित थे। विधायक श्री पासवान ने कहा कि डिगरिया पहाड़ की घाटी एवं हरियाली छटाओं के बीच इस एक्वासा वाटर पार्क एंड रिसोर्ट का शुभारंभ होने से स्थानीय लोगों सहित बाबाधाम आने वाले तीर्थयात्री एवं पर्यटकों के लिए सुंदर एवं मनमोहक चीजों का दीदार का अवसर मिलेगा। वहीं झामुमो जिला अध्यक्ष श्री शर्मा ने रिसोर्ट की सराहना की। मौके पर रिसोर्ट के संचालक गुरु प्रसाद उर्फ पप्पू बरनवाल, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ गुलाब यादव, कैलाश यादव, पिंटू यादव, महेंद्र वर्णवाल, कमलेश बरनवाल आदि उपस्थित थे।
बिहार सीआईडी के अधिकारी ने बाबा मंदिर की पूजा
देवघर/संवाददाता। क्रिमिनल इन्वेस्टीगेशन डिपार्टमेंट (सीआईडी), बिहार, पटना के डायरेक्टर सह एसपीई (स्टेट फोटो ब्यूरो) सीआईडी बिहार पटना बीके चौधरी ने शनिवार को परिवार के साथ बाबा बैद्यनाथधाम में विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्य एवं समाज की सुख-समृद्धि, शांति और उन्नति की कामना की।
इस अवसर पर श्री चौधरी के साथ उमा शंकर प्रजापति, रमन श्रीवास्तव, विकास कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। श्री चौधरी कहा कि बाबा बैद्यनाथ की कृपा से समाज में सुख, शांति एवं सद्भाव बनी रहे यही कामना की गयी है। यह धार्मिक यात्रा श्रद्धा, आस्था एवं सामाजिक समरसता का संदेश देने वाली रही।
देवघर में गोल शॉट बॉल का आयोजन
- देवघर में आयोजित हो रहा इंडियन कैंप
जसीडीह/संवाददाता। झारखंड गोल शॉट बॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में 16 अप्रैल से 22 अप्रैल तक जसीडीह के कुमैठा गांव स्थित स्टेडियम में इंडियन कैंप झ्र गोल शॉट बॉल का भव्य आयोजन किया जा रहा है। जिसका उद्घाटन शनिवार को किया गया । इस कैंप का उद्देश्य देशभर के खिलाड़ियों को एक मंच प्रदान करना, उनकी प्रतिभा को निखारना तथा खेल के स्तर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।
इस सात दिवसीय कैंप में विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जहां उन्हें अनुभवी कोचों द्वारा विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कैंप के दौरान खिलाड़ियों के शारीरिक फिटनेस, तकनीकी कौशल एवं मानसिक सुदृढ़ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस अवसर पर प्रमुख रूप से रामप्रवेश कुमार सेक्रेटरी जनरल, एशियन गोल शॉट बॉल फेडरेशन एवं ट्रेजरर गोल शॉट बॉल एसोसिएशन ऑफ इंडिया, राजेश रंजन झ्र ईस्ट इंचार्ज, गोल शॉट बॉल एसोसिएशन ऑफ इंडिया एवं सह महासचिव, झारखंड गोल शॉट बॉल एसोसिएशन। अन्य गणमान्य अतिथियों में देवघर विधायक सुरेश पासवान, सौगात कर झ्र अध्यक्ष, झारखंड गोल शॉट बॉल एसोसिएशन, टिप चटर्जी उप महापौर, देवघर नगर निगम, सुधीर सिंह झ्र उपाध्यक्ष, झारखंड गोल शॉट बॉल एसोसिएशन, संगीता शर्मा, सत्या सिंह रांची जिला सचिव, तथा मनीष सिंह झ्र संयुक्त सचिव, झारखंड गोल शॉट बॉल एसोसिएशन शामिल उपस्थित थे।
सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें बेहतर प्रदर्शन करने और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही कहा कि इस प्रकार के कैंप से न केवल खिलाड़ियों को अपने कौशल को विकसित करने का अवसर मिलता है, बल्कि खेल के प्रति युवाओं में जागरूकता भी बढ़ती है। आयोजकों के अनुसार, कैंप का समापन 22 अप्रैल को भव्य समारोह के साथ किया जाएगा, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
बाइक दुर्घटना में एक युवक की मौत, दो घायल
सारठ/संवाददाता। सारठ थाना क्षेत्र अंतर्गत मलिक डंगाल के समीप शनिवार की रात बाइक दुर्घटना में बड़कू मांझी (18) की मौत हो गयी। जबकि चरकू मांझी एवं सुदामा मांझी गंभीर रूप से घायल हो गये। तीनों एक ही बाइक से गोपीबांध जा रहे थे। तभी बाइक अनियंत्रित हो गयी और तीनों सड़क पर गिर गये। जिससे बड़कू मांझी की मौत हो गयी। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी दीपक कुमार साह दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को सीएचसी पहुंचाया। जहां डॉक्टर जितेन्द्र प्रसाद घायलों का इलाज किया। घायलों को अस्पताल पहुंचाने में जनप्रतिनिधि उमा मंडल, शालीग्राम मंडल, विक्रम सिंह समेत अन्य लोगों ने सहयोग किया।