- शिष्टाचार भेंट के बाद विकास और राजनीतिक मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा
देवघर/नगर संवाददाता। आजसू पार्टी के केन्द्रीय सचिव सह गोड्डा जिला प्रभारी ध्रुव प्रसाद साह ने धनबाद के नवनिर्वाचित मेयर संजीव सिंह से उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट कर जीत की बधाई दी। इस दौरान उन्होंने मेयर को अंगवस्त्र एवं पुष्प गुच्छ भेंट कर उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
इस अवसर पर ध्रुव प्रसाद साह के साथ समाजसेवी जितेंद्र चौधरी, संतोष कुमार गुप्ता, नवीन कुमार सिंह एवं अमित कुमार सिंह उपस्थित रहे। वहीं, मेयर प्रतिनिधि अमित गुप्ता और मेयर सहयोगी शशी प्रकाश भी मौके पर मौजूद थे। सभी ने संयुक्त रूप से मेयर को जीत की शुभकामनाएं दीं। शिष्टाचार मुलाकात के बाद दोनों नेताओं के बीच झारखंड की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में विशेष रूप से धनबाद नगर निगम क्षेत्र के विकास, साफ-सफाई व्यवस्था, जलापूर्ति, सड़क निर्माण एवं आम जनता से जुड़ी मूलभूत समस्याओं के समाधान पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। ध्रुव प्रसाद साह ने कहा कि धनबाद की जनता ने विकास के लिए स्पष्ट जनादेश दिया है और उन्हें विश्वास है कि मेयर संजीव सिंह के नेतृत्व में शहर नई ऊंचाइयों को छुएगा। उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी नगर के विकास कार्यों में हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक में मौजूद अन्य लोगों ने भी नगर विकास से जुड़े कार्यों में सक्रिय सहयोग देने का भरोसा दिलाया। दोनों पक्षों ने राज्य हित और जनहित के मुद्दों पर समन्वय बनाकर आगे बढ़ने पर सहमति जताई।
पुत्री ने दी पिता को मुखाग्नि, रूढ़ियों को तोड़ समाज को दिया सशक्त संदेश
- श्राद्ध में उमड़ा जनसैलाब, पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख ने दी शोक संवेदना
देवघर/सारवां पंच टीम। जिले के सारवां प्रखंड के बलिडीह गांव की उस सुबह में एक अजीब-सी खामोशी थी। घर के आंगन में बैठे लोग नम आंखों से एक-दूसरे को देख रहे थे। स्वर्गीय भुवनेश्वर यादव के आकस्मिक निधन ने न केवल एक परिवार, बल्कि पूरे गांव को भीतर तक झकझोर दिया था। हर चेहरे पर शोक की रेखाएं थीं और हर जुबान पर बस एक ही बात यह क्षति अपूरणीय है। श्राद्ध कार्यक्रम के दिन गांव में लोगों का तांता लगा रहा। दूर-दूर से आए रिश्तेदार, ग्रामीण और शुभचिंतक दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि देने पहुंचे। इसी दौरान झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख भी बलिडीह पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और इस दुख की घड़ी में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उनकी मौजूदगी ने परिवार को कुछ पल के लिए सहारा जरूर दिया, लेकिन पिता को खोने का दर्द किसी सहारे से कम नहीं हो सकता। गांव के बुजुर्ग बताते हैं कि भुवनेश्वर यादव मिलनसार और समाजसेवी प्रवृत्ति के व्यक्ति थे। उनके अचानक चले जाने से हर कोई खुद को असहाय महसूस कर रहा था। श्रद्धांजलि सभा में लोगों ने उन्हें याद करते हुए कहा कि वे हमेशा दूसरों की मदद के लिए आगे रहते थे और समाज में उनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी। इसी शोक के माहौल के बीच एक ऐसा दृश्य सामने आया, जिसने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया। परंपराओं से बंधे समाज में जहां अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी अक्सर बेटों पर होती है, वहीं भुवनेश्वर यादव की एकमात्र पुत्री अनीता रानी यादव ने आगे बढ़कर अपने पिता को मुखाग्नि दी। यह सिर्फ एक संस्कार नहीं था, बल्कि एक साहसिक निर्णय था एक ऐसा कदम, जिसने वर्षों पुरानी रूढ़ियों को चुनौती दी। अनीता रानी यादव के चेहरे पर उस वक्त दर्द साफ झलक रहा था, लेकिन उनके कदमों में दृढ़ता थी। उन्होंने अपने पिता को अंतिम विदाई देते हुए यह साबित कर दिया कि रिश्तों की गहराई किसी परंपरा या सामाजिक बंधन की मोहताज नहीं होती। उनके इस निर्णय में उनके पति और राष्ट्रीय जनता दल के जिला महासचिव सुनील कुमार यादव ने भी पूरा साथ दिया। यह साथ सिर्फ एक पति का समर्थन नहीं, बल्कि एक नई सोच की मजबूती थी। श्राद्ध में मौजूद लोगों के बीच इस घटना की चर्चा होती रही। कई लोगों ने इसे समाज में बदलाव की दिशा में एक सकारात्मक पहल बताया। गांव की महिलाओं ने खासतौर पर अनीता के इस कदम की सराहना की और कहा कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए एक प्रेरणा बनेगा। कार्यक्रम के अंत में शोकाकुल परिवार ने उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया। परिवारजनों ने कहा कि इस कठिन समय में लोगों का साथ उन्हें हिम्मत दे रहा है और वे इस दुख को सहने की शक्ति जुटा पा रहे हैं। अंतिम प्रार्थना के समय पूरा वातावरण फिर से भावुक हो उठा। सभी ने एक स्वर में दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। वहीं, अनीता रानी यादव का साहसिक कदम एक ऐसी कहानी बन गया, जो इस शोक के बीच भी समाज को एक नई दिशा और सोच देने का काम कर रहा है।
डीपीएल-13 में रोमांच का डबल डोज : पिंक पैंथर की शानदार जीत, ब्राउन बियर्स ने रचा इतिहास
- संजीव झा की घातक गेंदबाजी और विक्रम की तूफानी बल्लेबाजी रही दिन की खास पहचान
देवघर/नगर संवाददाता। स्थानीय केकेएन स्टेडियम में खेले जा रहे डीपीएल-13 में बुधवार को क्रिकेट प्रेमियों को रोमांच से भरपूर दो मुकाबले देखने को मिले। पहले मैच में पिंक पैंथर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्लू रॉकर्स को 31 रनों से हराया, जबकि दूसरे मैच में ब्राउन बियर्स ने 218 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा कर इतिहास रचते हुए ऑरेंज लायंस को 4 विकेट से मात दी। पहले मैच में ब्लू रॉकर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करने उतरी पिंक पैंथर की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 157 रन बनाए। टीम की ओर से गौरव शर्मा ने सर्वाधिक 36 रन बनाए, जबकि सत्य ने 20 और अंकित पांडे ने 16 रनों का योगदान दिया। आनंद प्रकाश और आर्यन चौधरी ने 15-15 रन जोड़े। ब्लू रॉकर्स की ओर से गेंदबाजी में उत्कर्ष और मनीष ने 3-3 विकेट हासिल किए, जबकि अमरेंद्र और अभय को एक-एक सफलता मिली। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी ब्लू रॉकर्स की टीम 18 ओवर में 126 रन पर सिमट गई। टीम के लिए जितेंद्र शर्मा ने 32 और राघव ने 29 रन बनाए, जबकि उत्कर्ष ने 17 रनों का योगदान दिया। पिंक पैंथर की ओर से संजीव झा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 25 रन देकर 5 विकेट झटके और मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। आनंद प्रकाश ने 2 विकेट लिए, जबकि वरुण, अनिकेत और सचिन को एक-एक सफलता मिली। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए संजीव झा को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दिन का दूसरा मुकाबला ऑरेंज लायंस और ब्राउन बियर्स के बीच खेला गया, जिसमें रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया। ऑरेंज लायंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 217 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। शुरुआत में टीम के 60 रन पर 4 विकेट गिर गए थे, लेकिन इसके बाद रॉकी शर्मा और वेंकटेश रेड्डी ने पांचवें विकेट के लिए 157 रनों की नाबाद साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। वेंकटेश रेड्डी ने नाबाद 85 और रॉकी शर्मा ने नाबाद 67 रन बनाए, जबकि गोपाल ने 32 रनों का योगदान दिया। ब्राउन बियर्स की ओर से अभिषेक ने 2 विकेट लिए, जबकि कुलदीप और कुमार सुमित को एक-एक सफलता मिली।
218 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ब्राउन बियर्स की टीम ने 19.4 ओवर में 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और डीपीएल के इतिहास में सबसे बड़ा सफल रन चेज दर्ज किया। टीम की जीत में विक्रम की आक्रामक बल्लेबाजी निर्णायक रही, जिन्होंने 17वें ओवर में लगातार चार छक्के लगाकर मैच का रुख पलट दिया। शुभम ने 49, सत्यम ने 42, विक्रम ने 29, हितेश ने 26 और सुमन भारद्वाज ने 14 रन बनाए। ऑरेंज लायंस की ओर से नाज ने 2 विकेट झटके, जबकि अंकित, शुभम, गोपाल और वेंकटेश को एक-एक सफलता मिली। शानदार प्रदर्शन के लिए विक्रम को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। मैच के दौरान फील्ड अंपायर की भूमिका में अभिषेक आनंद, इफ्तिखार शेख और खुशहाल शेख मौजूद रहे, जबकि थर्ड अंपायर के रूप में राजेश कुमार ने जिम्मेदारी निभाई। स्कोरिंग की जिम्मेदारी अभिषेक भोक्ता ने संभाली। दोनों मुकाबलों में मैन ऑफ द मैच खिलाड़ियों को संघ के पदाधिकारियों द्वारा पुरस्कृत किया गया। दिनभर चले इन रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा और डीपीएल-13 में प्रतिस्पर्धा को और भी दिलचस्प बना दिया।
लंबे समय से प्रतिनियुक्त 19 स्वास्थ्य कर्मियों की प्रतिनियुक्ति तोड़ने की मांग
- प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने सीएस को लिखा पत्र
पालोजोरी/संवाददाता। किसी भी सरकारी विभाग की कार्यशैली उसके कर्मियों की संख्या प्रभाव डालती है। और बात जब स्वास्थ्य विभाग की हो, तो पंचायत स्तर का उपकेंद्र हो या राज्य मुख्यालय का अस्पताल हो, चिकित्सक और कर्मियों की कमी का असर स्वास्थ्य सेवाओं पर सीधे तौर पर पड़ता है। पालोजोरी स्वास्थ्य विभाग के 19 स्वास्थ्य कर्मियों की प्रतिनियुक्ति लंबे समय से दूसरे जगहों पर हो रखी है। इसे गंभीरता से लेते हुए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर लियाकत ने देवघर के सिविल सर्जन को पत्र लिखकर ऐसे 19 स्वास्थ्य कर्मियों की प्रतिनियुक्ति फौरन तोड़ने की मांग की है। नियमित टीकाकरण और दैनिक कार्यों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने के कारण डॉक्टर लियाकत ने सीएस से यह मांग की है। जानकारी हो कि कुछ दिनों पहले सीएस ने पालोजोरी में प्रतिनियुक्त तीन स्वास्थ्य कर्मी रेखा कुमारी, किरण कुमारी गुप्ता और निरुलता बेसरा की प्रतिनियुक्ति तोड़ दी है और मूल कार्य स्थान पर योगदान करने का निर्देश दिया है।
पालोजोरी के कर्मी, जो अन्यत्र प्रतिनियुक्त हैं
भुवनेश्वरी कुमारी – सीएचसी जसीडीह ।
सविता मुर्मू – सीएचसी सारवां।
प्रेमलता हांसदा – सीएचसी सारवां।
शकुंलता कुमारी – सीएचसी जसीडीह।
किरण कुमारी – सीएचसी देवीपुर।
रीना कुमारी – सीएचसी सारवां।
सुभद्रा कुमारी – सीएचसी सारवां।
अनिता कुमारी – सदर अस्पताल,देवघर।
शालिनी कुमारी – सदर अस्पताल, देवघर।
संगीता कुमारी – अनुमंडल अस्पताल, मधुपुर।
मीरा कुमारी – सीएचसी सारवां।
पूनम कुमारी – सीएचसी जसीडीह।
नूतन कुमारी – सीएचसी सारठ।
सीता कुमारी – सदर अस्पताल देवघर।
रीना कुमारी – सदर अस्पताल देवघर।
नमिता कुमारी – एमटीसी मधुपुर।
चंदन कुमार – सीएचसी जसीडीह।
शशि कुमार – सीएचसी देवीपुर।
अनिल यादव – सदर अस्पताल देवघर।
टेलर मास्टर को कैंची से मारकर किया घायल
देवघर/संवाददाता। नगर थाना इलाके के बैद्यनाथपुर मोड़ के पास अज्ञात युवकों ने एक टेलर मास्टर को कैंची से मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया। जहां ड्यूटी कर रहे चिकित्सा द्वारा इलाज कर छुट्टी दे दी गई है। घटना के संबंध में मोहनपुर थाना क्षेत्र के हरकटा गांव निवासी घायल टेलर मास्टर अजय पोद्दार ने बताया कि वह बैद्यनाथपुर चौक पर टेलर का काम करता है। बुधवार को 4 बजे के आसपास अज्ञात तीन युवक वहां पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए बेंच पर रखे कैंची उठाकर कई जगह वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हल्ला करने पर तीनों युवक वहां से फरार हो गए। उपरांत आसपास के लोगों ने घायल को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया। वहीं घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है पुलिस मामले को लेकर जांच पड़ताल में जुट गई है।
श्री पवनपुत्र धाम में तीन दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव
- वीर हनुमान प्रतिमा का हुआ नगर भ्रमण, प्राण-प्रतिष्ठा व भंडारा आज
मधुपुर/संवाददाता। स्थानीय कुंडूबंगला में नवनिर्मित श्री पवन पुत्र धाम मंदिर में श्री वीर हनुमान जी की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर तीन दिवसीय अनुष्ठान के दूसरे दिन बुधवार को आचार्य बलदेव पांडेय के नेतृत्व में आचार्य अशोक पांडेय, वरुण पांडेय, दिनेश पांडेय और संजीत पांडेय ने मुख्य यजमान अनिल कुशवाहा एवं उनकी पत्नी आशा कुशवाहा के द्वारा वेदी पूजन, घृताधिवास, शर्कराधिवास, फलाधिवास एवं पुष्पाधिवास संपन्न कराया। शाम में गाजे-बाजे के साथ वीर हनुमान जी की अलौकिक प्रतिमा का नगर भ्रमण किया गया। यह भव्य झांकी कोलकाता से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत की गई। नगर भ्रमण मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर भगत सिंह चौक, पंच मंदिर रोड, ग्लास फैक्ट्री मोड़, थाना रोड, रामजस रोड, हटिया रोड, गांधी चौक, डालमिया कूप, पुलपार दुर्गा मंदिर, हटिया रोड, भगत सिंह चौक होते हुए कुंडूबंगला स्थित श्री पवन पुत्र धाम में समाप्त हुआ। नगर भ्रमण में हजारों लोग शामिल हुए। जय श्री राम, जय हनुमान के जयकारे से माहौल भक्तिमय बना रहा। अनुष्ठान के अंतिम दिन गुरुवार को बजरंगीबली की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए प्रतिमा दर्शन की व्यवस्था की गई है। दोपहर एक बजे से भंडारे का आयोजन किया जाएगा। सायंकाल में कलाकारों द्वारा भजन संध्या का कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में मंदिर को भव्य एवं आकर्षक रूप से सजाया गया है। पंडाल का निर्माण भी कराया गया है। हनुमान जी की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर कुंडूबंगला मोहल्ला सहित पूरे शहरी क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना हुआ है।
संत फ्रांसिस स्कूल में पृथ्वी दिवस पर जागरुकता कार्यक्रम
- रैली और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दी गयी जानकारी
जसीडीह/संवाददाता। पृथ्वी दिवस पर संत फ्रांसिस स्कूल जसीडीह के शिक्षकों एवं छात्र छात्राओं ने बुधवार को साइकिल रैली एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से पृथ्वी एवं पर्यावरण की महत्ता से अवगत कराया। इस दौरान सर्व प्रथम शिक्षकों के नेतृत्व में छात्र छात्राओं ने पृथ्वी एवं पर्यावरण आधारित बैनर पोस्टर के साथ संत फ्रांसिस स्कूल जसीडीह परिसर से साइकिल रैली निकाली। जो आसाम रोड, चकाई मोड़ आदि होते हुए जसीडीह रेलवे स्टेशन पहुंची। जहां विद्यार्थियों ने पृथ्वी एवं पर्यावरण आदि पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों जागरूक कर पृथ्वी एवं पर्यावरण बचाने को लेकर संदेह दिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में नगर निगम देवघर के डिप्टी मेयर टिप चटर्जी,टीआई यूके चौधरी, जसीडीह स्टेशन प्रबंधक शंकर शैलेश,संत फ्रांसिस स्कूल जसीडीह के प्राचार्य सिस्टर अनिला, संत अल्फोंसा अस्पताल की सिस्टर सुषमा,सुधीर कुमार सिंह उर्फ भोला जी आदि उपस्थित थे। डिप्टी मेयर टिप चटर्जी ने पृथ्वी दिवस पर संत फ्रांसिस स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रम की सराहना की। साथ ही पृथ्वी एवं पर्यावरण की चर्चा कर कहा कि धरती को संरक्षित करने एवं पर्यावरण को संतुलित करने पर बल दिया। उन्होंने देवघर शहर को साफ सुथरा रखने की चर्चा कर सबों के सहयोग की बात कही। जसीडीह स्टेशन प्रबंधक शंकर शैलेश ने पृथ्वी दिवस पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पर्यावरण को संरक्षित एवं सुरक्षित रखना हम का दायित्व है। संत फ्रांसिस स्कूल जसीडीह के प्राचार्य सिस्टर अनिला ने कहा कि धरती सिर्फ एक ग्रह नहीं है बल्कि हम सब का जीवन है। इसे सुरक्षित रखना हम सभी दायित्व भी है। इस अवसर पर आरपीएफ जसीडीह के पदाधिकारियों, संत फ्रांसिस स्कूल जसीडीह के शिक्षकों एवं काफी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थीं।
रेलवे के क्षेत्रीय प्रबंधक ने लिया पदभार
जसीडीह/संवाददाता। आसनसोल डिवीजन के डीआरएम के निर्देश पर बुधवार को प्रथम क्षेत्रीय प्रबंधक के रूप में राम गोपाल सिंह ने जसीडीह स्टेशन में पदभार ग्रहण की। रेलवे से मिली जानकारी अनुसार इसके पूर्व इस क्षेत्र में रेलवे के क्षेत्रीय प्रबंधक का पथ सृजित नहीं था। लेकिन आसनसोल डिवीजन अंतर्गत जसीडीह, वैद्यनाथ धाम, सिमुलतला, घोरपारन, नरगंजो, देवघर, मोहनपुर, बासुकीनाथ, दुमका, चांदन, कटोरिया आदि स्टेशनों बढ़ने से रेल प्रशासन द्वारा क्षेत्रीय प्रबंधक का पद सृजित किया गया।
सड़क हादसे में पांच लोग घायल
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के टावर चौक के पास ऑटो और टोटो में टक्कर हो गई। इस घटना में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायल को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया है। घायलों में देवीपुर थाना क्षेत्र के रंगामाटी निवासी काजल कुमारी, बिहार के जमुई जिला के झाझा निवासी दिगंबर यादव, गौरीपुर निवासी जलधर, प्रसादी नपित सहित अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
महिला ने लगायी फांसी
मधुपुर/संवाददाता। स्थानीय पथरचपटी मोहल्ला निवासी 19 वर्षीय भारती हांसदा ने अपने घर में ही फांसी लगाकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली। पुलिस ने बताया कि भारती हांसदा के घर के बगल में कहीं विवाह समारोह था। वह शादी में जाना चाहती थी। पति पवन हेंब्रम गर्मी में छोटे बच्चों को लेकर विवाह समारोह में जाने से मना किया। वह भारती को मना करके घर से बाहर काम करने चला गया। इसी बीच भारती ने घर में फांसी लगा ली। घर वाले देखे तो आनन-फानन में उसे नीचे उतरा और इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए देवघर भेज दिया है।
पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
ट्रेड लाइसेंस कैंप में मिले 15 नए ट्रेड लाइसेंस के आवेदन
रांची/एजेंसी। फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज और रांची नगर निगम के सहयोग से बुधवार को श्रद्धानन्द रोड, अपर बाजार स्थित श्रीराम मेडिकल एजेंसी में ट्रेड लाइसेंस कैंप का आयोजन किया गया।
कैंप में व्यापारियों के लिए नया ट्रेड लाइसेंस बनाने के साथ-साथ पुराने लाइसेंस के नवीनीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसके अतिरिक्त होल्डिंग टैक्स जमा करने की भी व्यवस्था की गई, जिसका लोगों ने लाभ उठाया। कैंप के दौरान कुल 15 नए ट्रेड लाइसेंस के आवेदन प्राप्त हुए, 12 लाइसेंस का नवीनीकरण किया गया और 09 होल्डिंग टैक्स जमा किए गए। इसके अलावा 14 बीटीसी से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए जो आवेदन किन्हीं कारणों से रुके थे, उन आवेदकों की ओर से कैंप में आकर जरुरी दस्तावेज जमा किया गया। जल्द ही उन आवेदनों के निष्पादन के लिए आश्वस्त किया गया। इस संबंध में जानकारी देते हुए चेंबर के सिविक एमिनिटी उप समिति के अध्यिक्ष अमित किशोर ने कहा कि कैंप के माध्यम से व्यापारियों की कई समस्याओं का समाधान संभव हुआ है। व्यापारियों की सुविधा को देखते हुए आगे भी इस तरह के कैंप का आयोजन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक व्यापारी इसका लाभ उठा सकें। उल्लेखनीय है कि मंगलवार को भी चेंबर भवन में कैंप का आयोजन किया गया था। वहीं चेंबर की ओर से आयोजित इस पहल की स्थानीय व्यापारियों ने सराहना की है और इसे उपयोगी बताया है।
विद्यार्थियों से रूबरू हुई भारतीय वायु सेना की टीम
खूंटी/एजेंसी। बिरसा कॉलेज के मल्टीपरपस हॉल में बुधवार को भारतीय वायु सेना की टीम ने विद्यार्थियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान वायु सेना के अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को भारतीय वायु सेना में शामिल होकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में अधिकारियों ने वायु सेना के कार्यों, अवसरों और भर्ती प्रक्रियाओं की जानकारी दी। साथ ही आधुनिक लड़ाकू विमानों के बारे में भी विस्तार से बताया गया। विद्यार्थियों को विशेष रूप से अत्याधुनिक राफेल लड़ाकू विमान और स्वदेशी तेजस विमान की तकनीक और क्षमताओं से अवगत कराया गया। अधिकारियों ने युवाओं को अनुशासन, देशभक्ति और समर्पण की भावना के साथ वायु सेना में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ सीके भगत, डॉ पुष्पा सुरीन, अनंत राम, किरण रूबी, सावित्री कुमारी, इंदिरा कोनगाड़ी, वासुदेव हस्सा, डॉ सिजरेन सुरीन, डॉ अल्पना कुमारी, काली मुंडू सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर भारतीय वायु सेना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
पृथ्वी के संरक्षण में आध्यात्मिक सोच की भूमिका अहम : ब्रह्माकुमारी
रांची/एजेंसी। ब्रह्माकुमारी संस्थान के स्थानीय सेवा केन्द्र, चौधरी बगान (हरमू रोड) में बुधवार को विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केन्द्र संचालिका ब्रह्माकुमारी निर्मला बहन ने कहा कि पृथ्वी संरक्षण में आध्यात्मिक सोच की भूमिका अहम होती है। विश्व पृथ्वी दिवस का उद्देश्य केवल पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना नहीं, बल्कि पृथ्वी को बचाने के लिए सामूहिक संकल्प लेना भी है। वर्तमान समय में मनुष्य और प्रकृति के बीच संतुलन बिगड़ता जा रहा है, जिसे पुन: स्थापित करना अत्यंत आवश्यक है। निर्मला बहन ने कहा कि पर्यावरणीय समस्याओं को केवल भौतिक उपायों से नहीं, बल्कि आध्यात्मिक दृष्टिकोण से भी समझने की जरूरत है। मनुष्य के विचार, भावनाएं और वाइब्रेशन हवा, पानी और मिट्टी को प्रभावित करते हैं। जब मानव चेतना शुद्ध और सकारात्मक होती है, तब प्रकृति भी संतुलित रहती है, जबकि नकारात्मक सोच पर्यावरणीय असंतुलन को बढ़ावा देती है। उन्होंने कहा कि ध्यान, साइलेंस और आत्मचिंतन के माध्यम से मन को शांत कर सकारात्मक ऊर्जा उत्पन्न की जा सकती है, जिससे पर्यावरण पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।