देवघर/वरीय संवाददाता। गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल भंडारकोला, देवघर से वर्ष 2023 में पास हुए छात्र प्रथम राज ने सिंगापुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में सफलता पाई। उसका इंटरनेशनल रैंक 74 रहा। विद्यालय के इस पूर्ववर्ती छात्र ने चयनित होकर विद्यालय, अभिभावकों एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। प्रथम की इस उल्लेखनीय उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। प्रथम ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी माता, डीएवी की शिक्षिका राज रानी और पिता, सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, आर मित्रा के शिक्षक डॉ मनोज कुमार, गुरुजनों तथा नियमित अध्ययन को दिया। विद्यालय के प्राचार्य मोहम्मद मुस्तफा मजीद ने प्रथम को बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत, अनुशासन एवं समर्पण अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रथम भविष्य में भी शिक्षा एवं तकनीकी क्षेत्र में नई ऊंचाइयां प्राप्त करेगा। विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने भी प्रथम को शुभकामनाएं दी तथा उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियां संस्था के लिए गर्व एवं प्रेरणा का विषय है।
धावा दल ने दो बाल श्रमिकों को कराया मुक्त
देवघर/वरीय संवाददाता। बाल श्रम उन्मूलन अभियान के तहत गठित धावा-दल द्वारा देवघर के शहरी क्षेत्र के विभिन्न होटलों का जांच क्रम में शहर के एक होटल से कुल दो बाल श्रमिकों को मुक्त कराया गया। दोनों बाल श्रमिकों को बाल कल्याण समिति देवघर को सुपुर्द कर दिया।
ज्ञात हो कि सर्वोच्च न्यायालय नई दिल्ली द्वारा एमसी मेहता बनाम राज्य सरकार एवं अन्य के मामले संबंधी पीटीशन (सी) संख्या: 455/1996 में 10.12.1996 को दिए गए निर्णय के आलोक में जिला बाल एवं किशोर श्रमिक कोष में रुपए 20,000.00 से 50000.00 तक रकम जमा कराया जा सकता है। बाल श्रम यानि 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों से कार्य लेना सामाजिक कुरीति ही नहीं कानूनन अपराध है। किसी भी नियोजन में 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों का नियोजन प्रतिबंधित है। किसी भी खतरनाक नियोजन एवं प्रक्रिया में 18 वर्ष से कम आयु के अल्पवयस्कों का नियोजन प्रतिबंधित है।यदि किसी घर, होटल, ढाबा, ईंट भट्ठा, मोटर गैरेज, क्रशर इत्यादि में पाया जाता है तो इसकी सूचना टॉल फ्री नम्बर – 18003456526 एवं 1098 पर दी जा सकती है। साथ ही बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं उन्मूलन) अधिनियम, 1986 एवं संशोधित अधिनियम, 2016 की धारा-3 या धारा-3अ के उल्लघंन के आधार पर धारा-14 के अनुसार नियोक्ता पर प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा सकती है। धावा दल में श्रम प्रर्वतन पदाधिकारी, देवघर भूषण यादव, श्रम प्रर्वतन पदाधिकारी, सारवां राजेश यादव, एनजीओ चेतना विकास से पूनम कुमारी, चाइल्ड हेल्पलाइन सुपरवाइजर परवेज अंसारी एवं विश्वदीप मित्र शामिल थे।
कंचन माला की स्मृति में राहगीरों के बीच सत्तू शर्बत का वितरण
देवघर/वरीय संवाददाता। देवघर में पड़ रही भीषण गर्मी एवं तेज धूप को देखते हुए मंगलवार की स्वर्गीय कंचन माला स्मृति मंदिर, बजरंगधाम के प्रांगण से राहगीरों, मजदूरों, रिक्शा चालकों, ठेला चालकों एवं आम लोगों के बीच नि:शुल्क सत्तू शरबत वितरण किया गया। गर्मी से राहत पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस सेवा कार्य में बड़ी संख्या में लोगों ने शरबत ग्रहण कर संस्था के इस प्रयास की सराहना की। साथ ही क्लीन केयर भारती सोसाईटी के सदस्यों के सहयोग से ठंडे पानी प्याऊ का भी नि:शुल्क शुभारंभ किया गया। प्याऊ की व्यवस्था विशेष रूप से उन राहगीरों एवं जरूरतमंद लोगों के लिए की गई है, जो भीषण गर्मी में सफर के दौरान शुद्ध एवं ठंडा पेयजल नहीं प्राप्त कर पाते हैं। कार्यक्रम में मुख्य रूप से क्लीन केयर भारती सोसाईटी एवं बजरंग धाम मंदिर के अध्यक्ष सी एम भारती, अनंत कुमार अनंत, शानू गुप्ता, करण कुमार, रवि कुमार एवं अन्य सदस्य उपस्थित थे। संस्था की ओर से यह जानकारी दी गई कि आने वाले दिनों में भी जरूरतमंदों एवं आम लोगों की सेवा के लिए विभिन्न सामाजिक एवं जनहित कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
सड़क हादसे में महिला की मौत, अज्ञात बाइक सवार की तलाश में जुटी पुलिस
देवघर/संवाददाता। जिले के सारठ थाना क्षेत्र के आराजोरी गांव के समीप सड़क पार करने के दौरान एक महिला को अज्ञात बाइक सवार ने जोरदार धक्का मार दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
मृतका की पहचान आराजोरी गांव निवासी निराशा देवी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार सोमवार शाम वह घर जाने के लिए सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। परिजनों के अनुसार महिला को एंबुलेंस से रांची ले जाया जा रहा था, लेकिन सारठ के पास पहुंचते ही उनकी हालत अचानक बिगड़ने लगी। इसके बाद उन्हें वापस देवघर सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के उपरांत मृत घोषित कर दिया।
घटना के संबंध में मृतका के पुत्र सल्लू वर्मा ने बताया कि अज्ञात बाइक सवार की टक्कर से उनकी मां गंभीर रूप से घायल हुई थीं। पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है तथा अज्ञात बाइक सवार की तलाश की जा रही है।
वार्षिक अभिभावक दिवस समारोह में दिखी प्रतिभा और संस्कृति की शानदार झलक
- डिवाइन पब्लिक स्कूल प्लस टू के रंगारंग कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बांधा समां
देवघर/नगर संवाददाता। डिवाइन पब्लिक स्कूल प्लस टू द्वारा आयोजित वार्षिक अभिभावक दिवस समारोह 2026 का भव्य आयोजन सोमवार को शिल्पग्राम सभागार में हर्षोल्लास एवं सांस्कृतिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के बीच आपसी सहयोग, स्नेह और प्रतिभा को प्रोत्साहित करना था। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार (आईएएस) उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में रीता चौरसिया एवं रामकृष्ण मिशन के प्राचार्य स्वामी दिव्यशुद्धानंद शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के गायन दल द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत मन की वीणा से हुई। इसके बाद दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना नृत्य ने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। समारोह के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक उपलब्धियों को सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत ताइक्वांडो प्रदर्शन कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। इस प्रस्तुति ने विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, अनुशासन एवं कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने समूह नृत्य एवं समूह गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। समारोह का मुख्य आकर्षण आकर्षक परिधान प्रस्तुति रहा, जिसमें अभिभावकों ने अपने बच्चों एवं शिक्षकों के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके अलावा अभिभावकों के लिए अपने बच्चे को हाथों से पहचानिए, मूक अभिनय पहचान प्रतियोगिता, आंख बंद कर लक्ष्य भेदन, खजाना खोज प्रतियोगिता, निशानेबाजी, आंखों से बच्चे को पहचानिए एवं संगीत कुर्सी प्रतियोगिता जैसे मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों ने कार्यक्रम में उत्साह और सहभागिता का माहौल बनाए रखा। विजेता अभिभावकों के बीच पुरस्कार भी वितरित किए गए। विद्यालय की प्राचार्या डॉ. ममता किरण ने सभी अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और रचनात्मकता को बढ़ावा देते हैं। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
रिखिया में विवाहिता से दुष्कर्म के बाद हत्या
- बालू में दफनाया हुआ मिला शव
मोहनपुर/संवाददाता। रिखिया थाना क्षेत्र के रढ़िया गांव में एक विवाहिता के साथ कथित दुष्कर्म के बाद हत्या कर साक्ष्य छुपाने की नीयत से शव को बालू में दफनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब बालू उठाव के दौरान लोगों की नजर बालू में दबे शव पर पड़ी। इसके बाद आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया। सूचना पर प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष कुमार चौधरी, इंस्पेक्टर केएन सिंह, शिवनारायण कामत, थाना प्रभारी प्रभात कुमार सहित पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
मजिस्ट्रेट प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष कुमार चौधरी के नेतृत्व में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों और अन्य तथ्यों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
परिजनों का आरोप है कि विवाहिता की हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को बालू में दफना दिया गया था। उन्होंने बताया कि तीन दिन पूर्व रिखिया थाने में गुमशुदगी का आवेदन दिया गया था। आवेदन में कहा गया था कि विवाहिता घर से नहाने के लिए चंदन नदी गई थी, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी थी।
फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि हर पहलू पर जांच की जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी मामले की पड़ताल जारी है।
मईया सम्मान योजना के लिए नए सत्यापन केंद्र खोलने की पहल
- मेयर ने उपायुक्त से मिलकर महिलाओं की सुविधा और गर्मी से बचाव को लेकर रखा प्रस्ताव
देवघर/नगर संवाददाता। देवघर नगर निगम के मेयर रवि कुमार राउत ने मंगलवार को उपायुक्त से मुलाकात कर मईया सम्मान योजना के लाभार्थियों के लिए अतिरिक्त भौतिक सत्यापन केंद्र शुरू करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में बढ़ती भीड़ और भीषण गर्मी को देखते हुए महिलाओं एवं बुजुर्गों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में अतिरिक्त केंद्रों की व्यवस्था आवश्यक है, ताकि लाभार्थियों को राहत मिल सके। मेयर ने उपायुक्त से देवघर प्रखंड कार्यालय के अतिरिक्त नए नगर निगम कार्यालय, पुराने नगर निगम कार्यालय तथा केकेएन स्टेडियम परिसर में भी भौतिक सत्यापन केंद्र संचालित करने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि इन स्थानों पर केंद्र शुरू होने से शहर और आसपास के क्षेत्रों से आने वाली माताओं एवं बहनों को सुविधा मिलेगी तथा लंबी कतारों और धूप से राहत मिल सकेगी। उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बढ़ती गर्मी एवं महिलाओं की सुविधा के मद्देनजर इस विषय पर त्वरित संज्ञान लिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी प्रस्तावित केंद्रों को जल्द ही सुचारू रूप से चालू करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि लाभार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस दौरान मेयर रवि कुमार राउत ने नंदन पहाड़ पार्क में कार्यरत कर्मियों की समस्याओं को भी उपायुक्त के समक्ष रखा। उन्होंने बताया कि पार्क कर्मियों को काफी कम मानदेय मिलने के कारण आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर उपायुक्त ने सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाते हुए संबंधित विषय पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। मेयर की इस पहल को लेकर लोगों ने उम्मीद जताई है कि अतिरिक्त सत्यापन केंद्र शुरू होने से लाभार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी और व्यवस्था अधिक सुचारू हो सकेगी।
आसनसोल रेल मंडल का जारी है स्वच्छता जागरुकता अभियान
मधुपुर/संवाददाता। पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल द्वारा 16 से 30 मई तक मंडल के मधुपुर स्टेशन सेमत विभिन्न स्टेशनों पर स्वच्छता जागरूकता अभियान दूसरा चरण चलाया जा रहा है। यह अभियान ‘देखें, सूचित करें, हम तुरंत कार्रवाई करेंगे’ विषय पर आधारित है। इसका उद्देश्य 30 मिनट के भीतर सफाई की गारंटी पहल के माध्यम से सफाई संबंधी शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करना और यात्रियों को रेलवे परिसरों को स्वच्छ व स्वच्छतापूर्ण बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है। अभियान के अंतर्गत मंगलवार को मधुपुर समेत अन्य रेलवे स्टेशनों पर यात्री जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मधुपुर में आयोजित कार्यक्रम में सहायक वाणिज्य प्रबंधक आसनसोल उपस्थित थे।रेलवे अधिकारियों, पर्यवेक्षकों और हाउसकीपिंग कर्मियों ने प्लेटफार्मों, प्रतीक्षालयों व परिसंचरण क्षेत्रों में यात्रियों से संवाद कर सफाई संबंधी शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी। इस पहल के तहत प्लेटफार्मों, प्रतीक्षालय, शौचालय, फुट ओवर ब्रिज, परिसंचरण क्षेत्रों समेत अन्य स्टेशन परिसरों में गंदगी से संबंधित शिकायतों का परिचालनिक परिस्थितियों के अधीन रिपोर्ट प्राप्त होने के 30 मिनट के भीतर निस्तारण किया जाता है। यात्री रेल मदद एप के माध्यम से संबंधित स्थल का फोटो अपलोड कर या सोशल मीडिया पर डीआरएम आसनसोल को टैग करते हुए ईआरचैलेंज हैशटैग के साथ शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित टीमें निर्धारित समयसीमा के भीतर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने का प्रयास करती हैं। स्टेशनों पर कृपया कूड़ा न फैलाएं, बदलाव में सहयोग करें, स्वच्छता बनाए रखें और स्वच्छ कल के लिए मिलकर आगे बढ़ें” जैसे संदेशों वाले जागरूकता बोर्ड प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित किए गए हैं, ताकि स्वच्छ और स्वास्थ्यकर वातावरण बनाए रखने के महत्व को रेखांकित किया जा सके।
राज्य सरकार की वादाखिलाफी के विरोध में भाजपा ने दिया धरना
- कहा, हेमंत सरकार के कथनी और करनी में काफी फर्क
जसीडीह/संवाददाता। हेमंत सरकार द्वारा किसानों से वादाखिलाफी के विरोध में भाजपा ने मंगलवार को देवघर प्रखंड मुख्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना दिया। जिसकी अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष निरंजन देव की। मौके पर मुख्य रूप से देवघर के पूर्व विधायक नारायण दास, नवल किशोर राय, सोनाधारी झा, मुकेश पाठक, संजीव जजवाड़े, पंकज सिंह भदौरिया,ओंकार दास उपस्थित थे। पूर्व विधायक ने झारखंड के हेमंत सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि इस सरकार ने झारखंड के किसानों एवं जनता के साथ वादाखिलाफी किया है। राज्य की कथनी और करनी में काफी अंतर है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जब भी विपक्ष में रही है जन समस्याओं को लेकर हमेशा आंदोलन करती रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार जिस लुभावने वादे के साथ आई थी उसे नजरअंदाज कर दिया है। यहां नौजवान सुरक्षित नहीं है। बेरोजगार पलायन करने को है। किसानों के विकट समस्याएं है। वहीं मई सम्मान योजना जो दे रही है वह बंद के कगार पर है। श्री दास ने कहा कि धरना प्रदर्शन के माध्यम से भाजपा सचेत करने आई है कि अगर आप चुनावी वादे के अनुसार जनता की सेवा में अगर धोखा देती है तो भाजपा सड़क से सदन तक आवाज उठायेगी। कहा इस सरकार को हटाने के लिए अब सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन किया जाएगा। कहा कि यहां की सरकार बंगाल की ममता सरकार की तरह तुष्टिकरण की नीति अपना रही है। वहीं भाजपा के महिला सहित कई नेताओं ने भी हेमंत सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की। धरना प्रदर्शन के माध्यम से भाजपा ने झारखंड के राज्यपाल के नाम 21 सूत्री मांग पत्र देवघर बीडीओ को सौंपा। मौके पर भाजपा जसीडीह नगर मंडल अध्यक्ष अमरजीत दूबे, विपीन देव, संजय गुप्ता, सुनील यादव, रमेश राय, प्रमोद कुमार राय, प्रदीप राय, सुमित रमानी, संध्या कुमारी, मौसमी मुखर्जी, सोनालाल, नीरज गुप्ता, दशरथ गोस्वामी,कुणाल गुप्ता आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।
प्रखंड कार्यालय के सामने राज्य सरकार पर जमकर बरसे पूर्व विधायक
- भाजपा ने दिया एक दिवसीय धरना, सौंपा ज्ञापन
पालोजोरी/संवाददाता। बीजेपी झारखंड के आवाह्न पर मंगलवार को पालोजोरी प्रखंड कार्यालय के सामने भाजपा प्रखंड इकाई ने एक दिवसीय धरना दिया। सारठ के पूर्व विधायक रणधीर सिंह ने धरना कार्यक्रम की अगुवाई की। राज्य सरकार पर हमला करते हुए रणधीर सिंह ने कहा कि राज्य सरकार पर जनहित के मुद्दों पर पूरी तरह विफल साबित हुआ है। मईया सम्मान योजना में लाखों लाभुकों के नाम काट दिए गए। सत्यापन के नाम पर अभी परेशान किया जा रहा है। बिजली पानी के मुद्दे पर राज्य सरकार के पास कोई जवाब नहीं है। पैक्स द्वारा धान खरीद के बाद किसानों को धान की कीमत नहीं मिलने को भी प्रमुखता के साथ उठाया गया। धरना में सैंकड़ों भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद थे। धरना के बाद राज्यपाल के नाम दिए गए ज्ञापन को अंचल कार्यालय को सौंपा गया।