बासुकीनाथ में पूजा करने के बाद राजगीर जाने की थी तैयारी, पत्नी के साथ जलापर्ण करने पहुंचे थे
दुमका/निज संवाददाता। जरमुंडी थाना क्षेत्र के सहारा गांव के पास सोमवार देर रात सड़क पार करने के दौरान पिकअप वैन की चपेट में आने से उत्तर प्रदेश के एक कांवरिया की मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के लार थाना क्षेत्र के चुरिया गांव निवासी विजय प्रताप सिंह उर्फ मुन्ना (50) के रूप में हुई है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन एवं साथी शव को लेकर देवरिया रवाना हो गए। मृतक के साथी अमरजीत सिंह ने बताया कि गांव के करीब 15 श्रद्धालु एक अगस्त को पिकअप वैन से जलाभिषेक के लिए निकले थे। सभी ने पहले अजगैबीनाथ से गंगाजल लेकर बाबा वैद्यनाथ एवं बाबा बासुकीनाथ धाम में जलार्पण किया था। इसके बाद वे राजगीर जाने की तैयारी कर रहे थे। सोमवार रात करीब 12 बजे सहारा गांव के पास भोजन के लिए वाहन रोकने के दौरान विजय प्रताप सिंह सड़क पार कर शौचालय जाने लगे। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप वैन ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल विजय को साथियों ने पहले जरमुंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, दुमका रेफर किया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के समय उनकी पत्नी भी यात्रा में साथ थीं। हादसे के बाद उन्हें अन्य साथियों के साथ घर भेज दिया गया, जबकि तीन साथी पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने तक दुमका में रुके रहे।
घायल साइकिल सवार की इलाज के दौरान मौत
दुमका/निज संवाददाता। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बड़तल्ली निवासी रायसेन हेंब्रम (50) की चारपहिया अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल होने के बाद मंगलवार को फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। नगर थाना पुलिस ने पत्नी बबीता मरांडी के बयान पर शव का पोस्टमार्टम कराकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयान में बबीता मरांडी ने बताया कि उनके पति 28 जुलाई को साइकिल से घासीपुर हाट गए थे। लौटने के दौरान चापुड़िया गांव के पास पीछे से आ रहे एक अज्ञात चारपहिया वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों से सूचना मिलने पर परिजन घटनास्थल पहुंचे और उन्हें ऑटो से मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां मंगलवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों ने अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत होने का दावा किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
श्रावणी मेला के छठे दिन 95,685 श्रद्धालुओं ने किया जलार्पण
बासुकीनाथ/निज संवाददाता। राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव-2026 के छठे दिन मंगलवार शाम 5 बजे तक 95,685 श्रद्धालुओं ने बाबा बासुकीनाथ का जलाभिषेक किया। इनमें 2,250 श्रद्धालुओं ने शीघ्रदर्शनम सुविधा के माध्यम से जलार्पण किया। मंदिर न्यास समिति को शीघ्रदर्शनम से 11.25 लाख रुपये, दान पेटी से 8,82,260 रुपये, गोलक से 48,640 रुपये तथा अन्य स्रोतों से 8,601 रुपये की प्राप्ति हुई। इस प्रकार छठे दिन शाम 5 बजे तक कुल 20,64,501 रुपये की आय दर्ज की गई। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर मेला क्षेत्र में प्रशासन की ओर से सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित रहीं।
दिसोम गुरु शिबू सोरेन पर आयोजित की गयी प्रतियोगिता
विजेता छात्र-छात्राओं को विधायक बसंत सोरेन ने दिया पुरस्कार
दुमका/निज संवाददाता। दिसोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग, दुमका के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित विद्यालय स्तरीय निबंध, चित्रांकन एवं क्विज प्रतियोगिताओं के उत्कृष्ट प्रतिभागियों को मंगलवार को जिला स्तर पर सम्मानित किया गया। उपायुक्त अभिजीत सिन्हा एवं दुमका विधायक बसंत सोरेन ने विजेताओं को मोमेंटो एवं डिक्शनरी प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। 3 अगस्त को जिले के विभिन्न विद्यालयों में शिबू सोरेन के व्यक्तित्व, कृतित्व एवं सामाजिक योगदान पर आधारित प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं। चित्रांकन प्रतियोगिता में जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, दुमका के ऋषभ कुमार प्रथम, सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की प्रिया टुडू द्वितीय तथा प्लस टू श्री रामकृष्ण उच्च विद्यालय के रित कुमार सिंह तृतीय रहे। क्विज प्रतियोगिता में सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस कन्या, दुमका की आर्या भारती प्रथम, परी प्रिया द्वितीय तथा दीपक कुमार मंडल और श्रद्धा रक्षित संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे। निबंध प्रतियोगिता में सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की लक्ष्मी प्रिया कुमारी प्रथम, सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस कन्या के सोनम कुमार द्वितीय तथा संतोषी कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले अन्य प्रतिभागियों को भी सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी संजीत कुमार, अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, सभी सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी उपस्थित थे।