सारवां/संवाददाता। प्रखंड सभागार में बुधवार को सीओ राजेश कुमार साहा की देखरेख में बूथ लेवल पदाधिकारियों (बीएलओ) की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड क्षेत्र के सभी 90 मतदान केंद्रों पर बीएलओ द्वारा अब तक किए गए विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान मतदाता सूची पुनरीक्षण से संबंधित विभिन्न तकनीकी एवं प्रक्रियागत बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में बीएलओ एप के संचालन के दौरान आ रही तकनीकी समस्याओं का समाधान कृषि पदाधिकारी विजय कुमार देव ने आवश्यक तकनीकी जानकारी देकर किया। अधिकारियों ने बीएलओ को निर्देश दिया कि सभी योग्य व्यक्तियों का प्रपत्र-6 भरकर उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज कराना सुनिश्चित करें। मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर संबंधित मतदाता का प्रपत्र-8 भरवाने का निर्देश दिया गया, ताकि किसी भी योग्य मतदाता का नाम सूची में दर्ज होने से वंचित न रहे। बैठक में बताया गया कि अनमैप्ड मतदाताओं से निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 11 प्रमाणपत्रों में से किसी एक प्रमाणपत्र को प्राप्त करना है। वहीं, 18 वर्ष से कम उम्र के लोगों का प्रपत्र नहीं भरवाने का निर्देश दिया गया। छूटे हुए मतदाताओं के नाम को बीएलओ द्वारा मैप्ड करने तथा योग्य मतदाताओं से संपर्क कर उनके द्वारा दिए गए दस्तावेजों का पूरा विवरण दर्ज करने को कहा गया। अधिकारियों ने बीएलओ को निर्देश दिया कि प्राप्त दस्तावेजों की बारीकी से जांच करें और संबंधित प्रमाणपत्र को अनुलग्नक के रूप में प्रस्तुत करें। बैठक में प्रभारी बीपीआरओ दिलीप कुमार राय, सुपरवाइजर बसंत ठाकुर, सुनील कुमार झा, आशीष दुबे, सुशील मरांडी, दीपक राव सहित बीएलओ प्रमिला यादव, गीता सिंह, मीना देवी, सुमित्रा वर्मा, रिंकू देवी, माधुरी देवी, इंदु कुमारी झा, बीपी कुमारी, मीना कुमारी सहित अन्य उपस्थित थे।
तेलरिया में 201 मतदाताओं के नाम अनमैप्ड होने की शिकायत
- पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख ने सुनी ग्रामीणों की समस्या
सारवां/संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के बंदाजोरी पंचायत अंतर्गत तेलरिया गांव में विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम अनमैप्ड होने तथा तार्किक विसंगति की शिकायत सामने आई है। मामले को लेकर ग्रामीणों ने पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख से हस्तक्षेप की मांग की। ग्रामीणों की सूचना पर पूर्व मंत्री मंगलवार की रात तेलरिया गांव पहुंचे और ग्रामीणों के साथ रात्रि चौपाल कर पूरे मामले की जानकारी ली। रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान बंदाजोरी पंचायत के पुराने बूथ संख्या 224 और नए भाग संख्या 232, उत्क्रमित मध्य विद्यालय तेलरिया से जुड़े 201 मतदाताओं के नाम अनमैप्ड होने की शिकायत है। वहीं, 48 मतदाताओं के नाम में तार्किक विसंगति होने की बात भी ग्रामीणों ने रखी। मतदाता सूची में बड़ी संख्या में नाम अनमैप्ड होने की जानकारी सामने आने के बाद ग्रामीणों में अपने मताधिकार को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने पूर्व मंत्री से मामले में हस्तक्षेप कर योग्य मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रखने की मांग की। बादल पत्रलेख ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर ली। उन्होंने प्रखंड स्तर के अधिकारियों से बातचीत कर समस्या के शीघ्र समाधान की दिशा में आवश्यक पहल करने की बात कही। उन्होंने कहा कि किसी भी योग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची से वंचित नहीं होना चाहिए। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
जयंती पर श्रद्धा पूर्वक याद किए गए गोस्वामी तुलसीदास
मधुपुर/संवाददाता। स्थानीय महेंद्र मुनि सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में बुधवार को गोस्वामी तुलसीदास की जयंती पारंपरिक श्रद्धा के साथ मनाई गई ।इस अवसर पर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। विद्यालय प्रधानाचार्य मदन मोहन मिश्रा एवं उप प्रधानाचार्य शिवनाथ झा ने गोस्वामी तुलसीदास के चित्र के समक्ष दीप जलाकर और पुष्प चढ़ाकर श्रद्धा सुमन अर्पित किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की कड़ी में विद्यालय के भैया बहनों ने कई तरह के कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिसमें तुलसीदास की जीवनी, प्रेरक प्रसंग, मानस पाठ, भजन एवं अंग्रेजी भाषण सम्मिलित थे। कार्यक्रम की प्रस्तुति देने वालों में रिया कुमारी, श्रेया गुप्ता, शिवांगी कुमारी, शुभ गंगा, आस्था, नेहा, मोनिका मुख्य रही। कार्यक्रम का संचालन रश्मि भारती एवं साक्षी कुमारी ने किया। मौके पर प्रधानाचार्य ने गोस्वामी जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके संघर्ष की गाथा एवं प्रेरणादायक प्रसंग प्रस्तुत किया। इन्होंने गोस्वामी तुलसीदास और संत कवि सूरदास के प्रेरक प्रसंग सुना कर बच्चों को प्रेरित किया और भरपूर मनोरंजन भी किया। आचार्य विनोद कुमार तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि गोस्वामी तुलसीदास कालजयी कवि, संत, समाज सुधारक, चिंतक एवं भविष्यवक्ता थे। अपने समय में जितना प्रासंगिक थे उससे भी अधिक प्रासंगिक आज के समय में है। उनकी रचनाओं का अनुसरण कर हम अपने जीवन को सफल बना सकते हैं। धन्यवाद ज्ञापन में शिवनाथ झा ने कहा कि तुलसीदास की रचनाओं को पढ़ना एवं उनके संदेश को अपने जीवन में उतारना लाभदायक है। यह साहित्यिक, धार्मिक और आध्यात्मिक सभी रूपों में उपयोगी है ,जो हमें अपनी जीवन शैली को सुधारने का संदेश देता है। कार्यक्रम में वरिष्ठ आचार्य परमानंद सिंह ने मनमोहक भजन प्रस्तुत किया वही अंकिता कुमारी ने तुलसीदास रचित भजन की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का संयोजन एवं प्रबंधन इंदुबाला एवं किरण राय ने किया।
जल, जमीन व खनिज संपदा पर झारखंडी का आधिकार, शांतिपूर्ण होगा आंदोलन : मंत्री
- खान एवं खनिज विधेयक के विरोध मे जेएमएम ने बनाई आंदोलन की रणनीति
मधुपुर/संवाददाता। केंद्र सरकार द्वारा लोकसभा एवं राज्यसभा में पारित खान एवं खनिज विधेयक 2026 के विरोध में झामुमो ने राज्यव्यापी आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। बुधवार को पत्थर्चप्टी स्थित मंत्री हफीजुल हसन के आवासीय कार्यालय में झामुमो देवघर जिला स्तरीय बैठक आयोजित कर आंदोलन की रूपरेखा एवं जन-जागरूकता अभियान को लेकर रणनीति तैयार की गई। बैठक की अध्यक्षता झामुमो देवघर जिला अध्यक्ष संजय शर्मा ने की। वहीं मंत्री हफीजुल हसन रांची से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मंत्री हफीजुल हसन ने कहा कि खान एवं खनिज विधेयक 2026 केवल खनिज संपदा से जुड़ा विषय नहीं है, बल्कि यह झारखंड के अधिकार, प्राकृतिक संसाधनों और यहां की जनता के हितों से जुड़ा गंभीर मामला है। इस विधेयक के खिलाफ राज्य स्तर पर व्यापक आंदोलन की तैयारी की जा रही है। कहा कि 20 अगस्त को रांची में केंद्रीय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। इस बैठक के बाद राज्यव्यापी आंदोलन की विस्तृत रूपरेखा तय की जाएगी। मंत्री ने कार्यकर्ताओं से गांव, पंचायत और बूथ स्तर तक पहुंचकर लोगों को विधेयक के प्रावधानों और उसके संभावित प्रभावों की जानकारी देने का आह्वान किया। मंत्री हफीजुल हसन ने कहा यह वीरों की धरती है। झारखंड के निर्माता दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी ने लंबे संघर्ष और आंदोलन के बाद हमें अलग झारखंड राज्य दिलाया। आज फिर झारखंड के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए संघर्ष की बारी है। हमें एकजुट होकर जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा पर झारखंड के अधिकारों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से संघर्ष करना होगा।
झामुमो जिलाध्यक्ष संजय शर्मा ने कहा कि खान एवं खनिज केवल झारखंड की प्राकृतिक संपदा नहीं, बल्कि यहां के लोगों के अधिकार, रोजगार, विकास और भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने कहा कि विधेयक के पारित होने से झारखंड के हितों और राज्य के अधिकारों को लेकर गंभीर चिंताएं उत्पन्न हुई हैं। मौके पर मंत्री प्रतिनिधि शब्बीर हसन, दिनेश्वर किस्कू, अबु तालिब अंसारी, नीलम देवी,भागीरथ गोस्वामी, श्याम कांत झा, इमरान अंसारी, प्रकाश मंडल, राहुल सिंह, प्रहलाद दास, डुग टुड़ु, तेज नारायण वर्मा, इश्तियाक मिर्जा, फारूक अंसारी, शाकिर अंसारी, सुनील हसदा, जुलेश मरांडी, अल्ताफ हुसैन, अमित चंद्रवंशी, मोहम्मद ताजुद्दीन,अतिक, महेंद्र यादव, मरियम टुडू, तबस्सुम नाज, प्रदीप चौधरी, मिडिया प्रभारी समीर आलम समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे ।
निजी विद्यालय का ताला तोड़कर नौ पंखा समेत बिजली उपकरण की चोरी
- जैप जवानों के मेस से आटा भी ले गए चोर
मधुपुर/संवाददाता। मधुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मछुवाटांड़ स्थित नालंदा एकेडमी विद्यालय में बीती रात अज्ञात चोरो ने ताला तोड़कर विद्यालय से कीमती सामान चोरी कर लिया। चोरों ने विद्यालय के 6 कमरों का ताला तोड़कर 9 पंखा और बिजली के कई उपकरण चोरी कर लिए। इतना ही नहीं, विद्यालय परिसर में ही श्रावणी मेला ड्यूटी पर तैनात जैप के जवानों के मेस से भी अज्ञात चोरों ने आटा समेत अन्य खादय पदार्थ की चोरी कर लिया। विद्यालय के केयर टेकर ऐनुल होदा ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई है।
करौं में विधि-विधान से हुई मां मनसा की पूजा
मधुपुर/संवाददाता। अनुमंडल के करौं प्रखंड के विभिन्न मनसा देवी मंदिरों में स्थापित वेदी व मूर्ति की तीन दिवसीय मां मनसा देवी की पूजा अर्चना यज्ञ- होम व परम्पारिक धार्मिक अनुष्ठान के साथ ही घट-विसर्जन कर समापन हो गया। धार्मिक गांव करौं ग्राम के बाउरी टोला, भंडारी टोला, रजवार टोला, गोस्वामी मनसा मंदिर, अतरीबाड़ी मनसा मंदिर, भागा पाड़ा और दास टोला आदि में मां मनसा देवी की विधिवत् तांत्रिक विधि से पूजा की गई।
गौरतलब यह कि मंगलवार उपवास शाम से ही करौ गाँव के कई मुहल्लों के पूजा समिति सदस्यगण व श्रद्धालुओं का चहल-पहल देखा गया। करीब सात बजे से व्रती, श्रद्धालुगण नेम-निष्ठा, श्रद्धा-भक्ति के साथ कलश भरने और बाउरी लाने के लिये गाजे-बाजे, मनसा मंगल गीत के साथ एतिहासिक राजा तालाब, ओझा पोखर मे दल के दल लोग पहुंचे जहां पंड़ितो ने मंत्र के जरिये जल कलश भराया तथा पुन: पूजा स्थल पर वेदी उसे स्थापित किया। अतरीबाड़ी मनसा मंदिर में पंडित अजित मिश्र ने धार्मिक अनुष्ठान आयोजित कर अष्ठनाग अनंत नाग, शेष नाग, पद्य नाग, बासुकी नाग, तक्षक और, ककांक नाग आदि नागों की जप-तप , ध्यान कर पूजा जयकारा के साथ किया । श्रद्धलुओ ने मनसा मंदिर में माथा टेकते हुये परिवारिक सुख शांति का कामना किया। मौके पर पाठा बलि के समय भीड़ उमड़ पड़ी। इस अवसर पर पूजा समिति के सदस्यगण उपस्थित थे।
मधुपुर स्टेशन पर शुद्ध पानी की पुख्ता व्यवस्था
मधुपुर/संवाददाता। पूर्व रेलवे ने मधुपुर स्टेशन पर यात्रियों को सुरक्षित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जलशोधन और गुणवत्ता जांच की व्यवस्था मजबूत की है। पतरो नदी से रिवर बोरिंग के जरिये पानी लेकर फिल्टर हाउस में प्रेशर फिल्टर से शोधन किया जाता है। ब्लीचिंग पाउडर और एलम की निर्धारित मात्रा से क्लोरीनीकरण व गंदलापन कम किया जाता है। स्टेशन पर वाटर कूलरों की संख्या चार से बढ़ाकर नौ कर दी गयी है। फिल्टर हाउस और स्टेशन के पुराने ओवरहेड टैंकों को एसएमसी पैनलयुक्त टैंकों से बदला गया है। अवशिष्ट क्लोरिन की रोज जांच, प्रतिमाह जीवाणु विज्ञान जांच और समय-समय पर रासायनिक परीक्षण किया जाता है। अप्रैल 2025 से जुलाई 2026 तक के नवीनतम जल गुणवत्ता परीक्षण संतोषजनक रहे। यह जानकारी पूर्व रेलवे के सीपीआरओ शिबराम मांझी ने दी है।
उदलबनी में सीआईएसएफ व पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, करीब 9 टन कोयला जब्त
चितरा/संवाददाता। अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चितरा ईसीएल सिक्योरिटी, सीआईएसएफ एवं जामताड़ा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जामताड़ा के उदलबनी स्थित सड़क किनारे छापेमारी की। करीब साढ़े चार घंटे तक चले इस अभियान में टीम ने लगभग 9 मीट्रिक टन कोयला जब्त किया। जानकारी के अनुसार, संयुक्त टीम ने सुबह करीब 11:30 बजे से शाम 4 बजे तक उदलबनी क्षेत्र में कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से रखे गए कोयले को जब्त किया गया। कार्रवाई से अवैध कोयला कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।
बताया गया कि जब्त कोयले को आवश्यक प्रक्रिया के तहत सुरक्षित रखा गया है। वहीं, मामले को लेकर जामताड़ा थाना में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस एवं सुरक्षा एजेंसियों की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
डकाय पूजा से लौट रहे युवक की रिम्स में मौत, गांव में पसरा मातम
मोहनपुर/संवाददाता। कुंडा थाना क्षेत्र के नावाडीह निवासी 35 वर्षीय घनश्याम तांती का इलाज के दौरान रांची स्थित रिम्स में निधन हो गया। उनके असामयिक निधन से नावाडीह सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है। बुधवार दोपहर एंबुलेंस से शव गांव पहुंचते ही पूरा माहौल गमगीन हो गया। परिजनों के करुण क्रंदन से गांव में मातम छा गया। छोटे-छोटे बच्चे अपने पिता को टटोलते नजर आए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घनश्याम तांती सोमवार 17 अगस्त को अपनी पत्नी और बच्चों के साथ डकाय दूबे बाबा की वार्षिक पूजा में शामिल होने गए थे। पूजा के बाद परिवार के साथ घर लौटने के दौरान डहुआ पुल के पास सड़क पर गिरकर वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें तत्काल देवघर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें रेफर किया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें रांची स्थित रिम्स ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान बुधवार की सुबह करीब दो बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। घनश्याम तांती अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र, दो पुत्रियां और वृद्ध माता-पिता को छोड़ गए हैं। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना पर कांग्रेस नेता सह पंचायत के पूर्व मुखिया दिनेश कुमार मंडल ने गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि घनश्याम को बचाने के लिए परिजनों ने हरसंभव प्रयास किया। इलाज से लेकर अंत्येष्टि तक वे परिवार के साथ रहे। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
201 मतदाताओं के नाम अनमैप्ड होने की शिकायत, ग्रामीणों ने सीओ से लगाई गुहार
सारवां/संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के बंदाजोरी पंचायत अंतर्गत तेलरिया गांव के दर्जनों ग्रामीण गुरुवार को प्रखंड कार्यालय पहुंचे और मतदाता सूची में हुई त्रुटियों को लेकर अंचलाधिकारी राजेश कुमार साहा के समक्ष शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम अनमैप्ड होने तथा अन्य त्रुटियां होने की जानकारी दी। ग्रामीणों ने संबंधित बीएलओ पर अपेक्षित सहयोग नहीं करने तथा लगातार बीमार रहने का आरोप लगाते हुए समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की। ग्रामीणों के अनुसार, वर्तमान मतदान केंद्र संख्या 232 एवं पुराने मतदान केंद्र संख्या 224, उत्क्रमित मध्य विद्यालय तेलरिया से जुड़े कुल 201 मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इनमें 153 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से अनमैप्ड होने तथा 48 मतदाताओं के नाम में तार्किक विसंगति होने की शिकायत की गई है। बड़ी संख्या में नाम प्रभावित होने से ग्रामीणों में अपने मताधिकार को लेकर चिंता बनी हुई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए अंचलाधिकारी राजेश कुमार साहा ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि नियम के तहत निर्धारित 11 सूचीबद्ध दस्तावेजों में से संबंधित प्रमाणपत्र बूथ लेवल पदाधिकारी (बीएलओ) को उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि दस्तावेजों के आधार पर मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान ग्रामीणों को वर्ष 2003 की मतदाता सूची उपलब्ध कराई गई। साथ ही मतदाताओं के नाम अनमैप्ड होने अथवा मतदाता सूची में नाम संबंधी त्रुटि होने के कारणों की जानकारी वाली सूची भी उपलब्ध कराई गई। सीओ ने मामले के समाधान और मतदाताओं को सहयोग उपलब्ध कराने के लिए संबंधित पंचायत के मुखिया, बीएलओ, संबंधित विद्यालय के शिक्षक, क्षेत्र के सुपरवाइजर तथा उपमुखिया को गुरुवार को प्रखंड कार्यालय बुलाया है। अधिकारियों की मौजूदगी में प्रभावित मतदाताओं की समस्याओं का समाधान करने के साथ ही इतनी बड़ी संख्या में नाम अनमैप्ड होने के कारणों की भी जांच की जाएगी।
वन व पर्यावरण का रक्षा करना हम सबों की जिम्मेवारी : हफीजुल
मधुपुर/संवाददाता। मधुपुर प्रखंड के दुलमपुर गांव में 77वें वन महोत्सव का आयोजन किया गया। मंत्री प्रतिनिधि शब्बीर हसन ने वृक्षारोपणन कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
मौके पर मंत्री हफीजुल हसन रांची से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े और ग्रामीणों व उपस्थित लोगों को संबोधित किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और अधिक से अधिक पौधारोपण करने का संदेश दिया गया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करते हुए मंत्री हफीजुल हसन ने कहा कि वन और पर्यावरण की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पेड़-पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की। मंत्री ने कहा कि पेड़ हमारे जीवन का आधार हैं। वनों के संरक्षण और व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण से ही पर्यावरण का संतुलन बनाए रखा जा सकता है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को जन-अभियान बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि वर्तमान पीढ़ी की जिम्मेदारी है कि वह आने वाली पीढ़ियों के लिए हरा-भरा और सुरक्षित वातावरण तैयार करे। उन्होंने कहा कि वन महोत्सव महज एक आयोजन नहीं, बल्कि प्रकृति के संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का सामूहिक संकल्प है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल होने पर ही पौधारोपण अभियान का वास्तविक उद्देश्य पूरा होगा। कार्यक्रम के दौरान वन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया।
स्कूली बच्चों के बीच साइकिल का वितरण
मारगोमुंडा/संवाददाता। प्रखंड कार्यालय परिसर में बुधवार को कल्याण विभाग की ओर से दी जाने वाली अष्टम वर्ग के अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल का वितरण किया गया। इस दौरान उत्क्रमित उच्च विद्यालय पिपरा के 60 लड़की ओर 73लड़के व उच्च विद्यालय कानो के 59 लड़की ओर,01 लड़के के बीच साईिकल वितरण किया गया जहां कुल दोनों विद्यालय के 119 लड़की ओर 74 लड़का को साइकिल मिला।विभाग द्वारा बच्चों में साइकिल वितरण का उद्देश्य दूर-दराज के क्षेत्रों से विद्यालय आने-जाने वाले छात्र छात्राओं को सुविधा होगी।साथ ही शिक्षा के प्रति उन्हें प्रोत्साहित करना है।कहा सरकार की इस योजना से बच्चों की नियमित उपस्थिति बढ़ेगी और उन्हें पढ़ाई जारी रखने में सहूलियत होगी।मौके पर पंकज कुमार सिंह सहित उक्त विद्यालय के शिक्षक एवं कई अभिभावक मौजूद थे।