“आयुष्मान भव:” रक्तदान पखवारा का आयोजन
गोड्डा। संवाददाता। आयुष्मान भारत योजना के पांच साल पूरे होने के उपलक्ष्य में सरकार के निर्देश पर 17 सितंबर से 02 अक्टूबर तक सभी सरकारी रक्त केंद्र पर “आयुष्मान भव:” रक्तदान पखवारा का आयोजन किया जा रहा है। उक्त आशय की जानकारी देते हुए स्थानीय सदर अस्पताल स्थित रक्त केंद्र के लैब टेक्नीशियन राजेश कुमार “राजू” ने बताया कि इसी कड़ी में रविवार को स्थानीय सदर अस्पताल एवं सिविल सर्जन कार्यालय के पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने कुल 40 यूनिट रक्तदान कर एक सराहनीय एवं अनुकरणीय कार्य किया है। रक्तदाताओं में डॉ. प्रशांत मिश्रा, लोरेंट्स टिर्की, रोशन कुमार साह, मदन प्रसाद महतो, नीलेश कुमार मिश्रा, आशीष कुमार, प्रोसेनजीत गॉन, राकेश कुमार, सैय्यद याहिया, अनुराग भारती, जय शंकर, पूजा कुमारी, विनीत कुमार, जान पहाड़िया, मो. शम्स तबरेज आलम, श्रवण कुमार राम, रूपक कुमार भगत, टिंकु कुमार, धीरज कुमार झा, बिनोद सिंह, रजनी कुमार, साकेत कुमार, विकास कुमार अग्रवाल, रौशन कुमार, सज्जाद खान, तनवीर हसन, उमा शंकर राय, आनंद गोपाल मांझी, कुंदन कुमार ठाकुर, मुरलीधर भारती, प्रशांत कुमार राय, रॉकी कुमार, प्रिंस कुमार, सुजीत कुमार, राहुल दास एवं अर्चना कुमारी के नाम शामिल हैं। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से सेल्फी प्वाइंट भी लगाया गया था, जहां रक्तदाता बड़ी उत्साह के साथ सेल्फी लेते और सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पोस्ट करते देखे गए। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी सह उपाध्यक्ष रेडक्रॉस गोड्डा जेसी विनीता केरकेट्टा, सिविल सर्जन डॉ. अनंत कुमार झा, डीएस डॉ. अरविंद कुमार, रेडक्रॉस गोड्डा के सचिव सुरजीत झा, एक्जीक्यूटिव मेंबर सर्वजीत झा “अंतेवासी”, मेंबर अखिल कुमार झा आदि उपस्थित थे।
बाल विवाह करना अपराध, सजा का है प्रावधान : डालसा
-इन्टेंसिव विधिक सह साक्षरता शिविर आयोजित
गोड्डा। संवाददाता। जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से रविवार को महागामा प्रखंड के बैजनाथपुर गांव में डालसा की ओर से इनटेंशिव जागरुकता अभियान चलाया गया। इस दौरान डालसा टीम के एलएडीसी लीली कुमारी व रामविलास महतो ने ग्रामीणों को बाल विवाह रोकने की दिशा में अहम भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बाल विवाह कानूनन अपराध है। लड़की को 18 से कम और लड़का की शादी 21 से कम उम्र में शादी कराना गैर कानूनी है। यह उम्र बालक-बालिकाओं के विकास व पठन-पाठन के लिए उपयुक्त होता है। ऐसे में कम उम्र में शादी होना उनके जीवन के साथ खिलवाड़ करना है। इसके लिए उभय पक्षों के अलावा पंडित, मौलवी, बाराती सहित शामिल होने वालों के लिए सजा व जुर्माना का प्रावधान है। इसके लिए जन जागरुकता की जरुरत है। कुरीतियों पर लगाम लगाने के लिए ही प्राधिकरण की ओर से जगह-जगह जागरुकता शिविर व विद्यालयों में लीगल लिटरेसी क्लास का आयोजन किया जाता है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुनी प्रधानमंत्री के मन की बात
पोड़ैयाहाट। संवाददाता। पोड़ैयाहाट प्रखंड के विभिन्न मंडलों और बूथों पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात को सुना गया। मंडल के 109,110,111,112 नंबर बूथ में जिला मीडिया प्रभारी बिमंत साह, मंडल अध्यक्ष डब्लू भगत, वरिष्ठ भाजपा नेता गजाधर सिंह, अरविंद साह, सुरज दत्ता, मंगल उपाध्यक्ष विनोद भगत की उपस्थित थे।
जिलास्तरीय भाषण, स्तुति गीत व क्विज प्रतियोगिता आयोजित
गोड्डा। संवाददाता। ईद ए मिलाद अन नबी ‘स’ के अवसर पर राष्ट्रीय अल्पसंख्यक फाउंडेशन की ओर से 26वीं जिला स्तरीय भाषण, स्तुति गीत और क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। आयोजन के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा तथा विशिष्ट अतिथि जैसी विनीता केरकेट्टा, अनुमंडल पदाधिकारी थी जबकि सभा की अध्यक्षता अब्दुल रज्जाक पूर्व एडीएम ने की। उक्त प्रतियोगिता में जिले भर के 10 से 14 वर्ष तक के 19 विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं के 67 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
भाषण प्रतियोगिता में प्रथम नूर फातिमा, मुख्यमंत्री बालिका उत्कृष्ट विद्यालय गोड्डा, द्वितीय लाडली खातून मकतबूल इस्लाम धन कुंडा महागामा और तृतीय मोहम्मद अयान अंसारी जामिया मिलिया उस्मानिया गोड्डा रही।
नाथ (स्तुति गीत) में प्रथम जास्मीन खातून जामिया आयशा सिद्दीका लिलबनाथ तेतरिया महागामा बुशरा फातिमा जामिया मिलिया उस्मानिया गोड्डा और तृतीय स्थान पर जरीफा खातून मकतबूल इस्लाम धनकुंडा महागामा हुए।
क्विज प्रतियोगिता में प्रथम सुमैया परवीन व मानता परवीन, जमीअतुल शेख, यूनुस आसान बनी, द्वितीय स्थान पर मोहम्मद सादिक अहमद वो मोहम्मद शाहजहां अंसारी जो प्रभात मिशन स्कूल गोड्डा और तीसरे स्थान पर मोहम्मद आबू ताल्हा वो मोहम्मद आफताब राजा ज्ञानस्थली पब्लिक स्कूल गोड्डा रहा।
मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया, ऐसे कार्यक्रम से भाईचारा तथा सद्भाव कायम होता है। सभी समुदाय के लोगों का मिलकर इस प्रकार का आयोजन करना एक मिसाल है।
विशिष्ट अतिथि एसडीओ ने कहा कि ऐसे उम्दा एवं सशक्त कार्यक्रम जो राष्ट्रहित एवं सद्भाव के रूप में हो, बराबर होते रहना चाहिए।
प्रतियोगिता के निर्णायक मुजीबुर रहमान, असलम परवेज, मोहम्मद मुनाजिर, मोहम्मद निसार, डॉ जावेद, सुफियान इत्यादि थे। आयोजन के मुख्य वक्ता मोहम्मद असलम अधिवक्ता थे, जिन्होंने विस्तृत रूप से मोहम्मद साहब के जीवन के बारे में बताया। कार्यक्रम की संचालक रैना आजाद ने अपनी जवाब दही को बेहतरीन अंदाज से निभाया। आयोजन को सफल बनाने में संयोजक अजीत कुमार सहाय अधिवक्ता, तुफैल खान, जय किशोर ठाकुर, अब्दुल सलाम, दिलीप तिवारी, अब्दुल जब्बार, आशुतोष तिवारी, इंजीनियर खुदा, दीपू दा, फैसल सलाम, अर्श आजाद, मोहम्मद अयान इत्यादि ने अपना अपना भरपूर योगदान दिया। प्रोग्राम के अंत में विश्व शांति के लिए मुजीबुर रहमान ने प्रार्थना की।
गोड्डा में नया एडी अपोलो अस्पताल का हुआ उद्घाटन
निजी अस्पताल भी स्वास्थ्य के क्षेत्र में अच्छा कर सकते हैं : संजय
गोड्डा। संवाददाता। गोड्डा के फसीयाडंगाल ईदगाह रोड पर स्थित नया एडी अपोलो अस्पताल का भव्य उद्घाटन पूर्व विधायक संजय प्रसाद यादव, बिहार के पूर्व मंत्री जावेद इकबाल अंसारी, राज्य अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य इकरारुल हसन आलम, डॉ प्रशांत मिश्रा, जिला परिषद मो एहतेशाम, अरशद वहाब ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर और फीता काटकर किया। मौके पर उद्घाटन कर्ता पूर्व विधायक संजय प्रसाद यादव ने सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि एडी अस्पताल में गरीबों का इलाज बहुत कम पैसों में किया जाएगा जिसका आश्वासन मैं स्वयं देता हूं और ये सुझाव मैंने अस्पताल संचालक को भी दिया है। श्री यादव ने कहा कि स्वास्थ्य चिकित्सा में निजी अस्पताल भी अहम भूमिका निभा सकते हैं बशर्ते कि मरीजों की सेवा व सहायता सही ढंग से की जाए ताकि मरीज जल्दी ठीक हो सके।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री जावेद इकबाल अंसारी ने भी अस्पताल प्रबंधन से अपील की वे कम पैसों में आम लोगों का इलाज करें। उन्होंने एडी अपोलो अस्पताल के संचालक वाजिद अंसारी के बारे कहा कि मुझे पूरा भरोसा है कि इनकी निगरानी में कोई शिकायत नहीं मिलेगी और गरीबों का खास ख्याल रखा जाएगा।
अस्पताल प्रबंधन वाजिद अंसारी ने धन्यवाद ज्ञापन में कहा कि मैं दस वर्षों से गोड्डा में ब्लड बैंक के माध्यम से सेवा देता आ रहा हूं, आज तक कोई शिकायत का मौका नहीं दिया है और अपने अस्पताल के माध्यम से भी हमारी सेवा जारी रहेगी। पैसा के अभाव में किसी व्यक्ति के इलाज में कोताही नहीं बरती जाएगी।
मंच का संचालन राज्य अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य हाजी इकरारुल हसन आलम ने किया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से प्रदेश राजद महासचिव मो जमीरुद्दीन धोरैया बांका के जिला परिषद सदस्य मो रफीक, जिला परिषद सदस्य अब्दुल जब्बार, डॉ संगीता झा, डॉ अब्बास शमीम, डॉ दानिश, प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष बसंतराय मो आलमगीर, मुखिया आलमगीर, धपरा पंचायत बिहार राजद के प्रदेश महासचिव मुखिया अशोक यादव, रामलखन यादव, डॉ नुरुद्दीन शेख, अखिलेश्वर कापरी आदि उपस्थित थे।
विधानसभा क्षेत्र में तेजी से विकास कार्यों को धरातल पर उतारा जा रहा है : दीपिका
महागामा। संवाददाता। बीते शनिवार को महागामा विधायक दीपिका पांडे सिंह ने महागामा प्रखंड क्षेत्र में कई योजना का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया, जिसमें दियाजोरी पंचायत के मंजूरा गांव में स्थित शमशान घाट में निर्मित मुक्तिधाम, महागामा नगर पंचायत में अरविंद ठाकुर के घर से गड़गड़ी कुआं तक पीसी सड़क एवं शिव मंदिर परिसर में पेवर ब्लॉक, रेफरल अस्पताल परिसर में पब्लिक हेल्थ यूनिट एवं जनानी आश्रय केंद्र का शिलान्यास किया गया। शिलान्यास के बाद विधायक ने अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विधायक दीपिका पाण्डेय सिंह ने काम में लापरवाही को देखते ही अस्पताल कर्मी को कड़ी फटकार लगाई। साथ ही, अस्पताल में बैठ कर अपने सामने ही डॉक्टर को गर्भवती महिलाओं की जांच करवाई। साथ ही, विधायक ने गर्भवती महिलाओं से पूछा कि अस्पताल से आपलोगों को दवा मिलती है की नहीं। वहीं एक सहिया से विधायक से शिकायत भी किया गया कि कुछ महिला को प्रसव के बाद भी पैसा नहीं मिला है। उसकी शिकायत सुनकर विधायक ने अस्पताल कर्मी को जल्द से जल्द पैसा भुगतान करने के लिए कहा गया। करणु पंचायत के भालूकिता गांव में पीएससी सड़क का उद्घाटन भी किया गया। विधायक ने कहा कि अपने विधानसभा क्षेत्र में तेजी से विकास कार्यों को धरातल पर उतारा जा रहा है। मेरी पूरी कोशिश रहती है कि मेरे क्षेत्र के लोगों की समस्या का निदान जल्द से जल्द हो। शिलान्यास के बाद महागामा प्रखंड परिसर में विधायक ने लोगों की जन समस्या को सुना। इस मौके पर अंचलाधिकारी रंजन यादव, विपिन बिहारी सिंह, बम सिंह डब्ल्यू सिंह, याहया सिद्दीकी, मंटू भगत, प्रवीण मिश्रा, मोहम्मद अहमद, मोहम्मद शाहजहां सहित अनेकों कार्यकर्ता गण उपस्थित थे।
विधायक ने की स्वास्थ्य पदाधिकारी, कर्मी, सहिया के साथ बैठक, दिए निर्देश
महागामा। संवाददाता। बसुआ पंचायत भवन में विधायक दीपिका पांडेय सिंह की अध्यक्षता में स्वास्थ्य पदाधिकारी, कर्मी, सहिया की बैठक आयोजित की गई। बैठक में महागामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सह रेफरल अस्पताल महिलाओं के प्रसव को लेकर विधि व्यवस्था का जायजा लिया गया। वही इस संबंध में विधायक ने स्वास्थ्य कर्मियों को कई दिशा निर्देश दिए। वहीं अस्पताल में सहिया ने प्रसव महिलाओं को प्रोत्साहन राशि ना मिलने की शिकायत की। सहिया ने कहा अस्पताल में एएनएम के द्वारा प्रसव कराने को लेकर प्रसव महिलाओं के परिवार जनों से पैसा लिया जाता है साथ ही, अस्पताल में कार्यरत ममता वाहन दूर दराज गांवों से गर्भवती महिलाओं को लाने में पैसा मांगा जाता है। सहिया ने विधायक से अपनी समस्या को बताते हुए प्रोत्साहन राशि की जगह मानदेय देने की मांग की। वहीं बैठक में चर्चा किया गया कि अस्पताल से गर्भवती महिलाओं को कुछ बिचौलियों के द्वारा संपर्क बनाकर निजी क्लीनिक भेज दिया जाता है। वहीं सहिया की तीन माह की प्रोत्साहन राशि को लेकर विधायक ने कहा कि एक सप्ताह के भीतर प्रोत्साहन राशि मिल जाएगी। वही विधायक ने स्वास्थ्य पदाधिकारी निर्देश दिया कि एक माह के भीतर प्रखंड में करीब 35 सहिया की खाली सीट पर बहाल करने का निर्देश दिया। विधायक ने दूरभाष के माध्यम से गोड्डा सिविल सर्जन को निर्देश देते हुए कहा कि जिस एएनएम का अस्पताल में दो वर्षों से अधिक हो चुका है उनका स्थानांतरण करें ताकि अस्पताल में विधि व्यवस्था ठीक हो सके। विधायक ने गर्भवती महिलाओं को प्रसव के बाद मिलने वाले प्रोत्साहन राशि को लेकर लिस्ट चार्ट चिपकाने का निर्देश दिया। साथ ही, लंबे समय से जिन गर्भवती महिलाओं को प्रसव के बाद प्रोत्साहन राशि नहीं मिला है। विधायक ने स्वास्थ्य पदाधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि जांच पड़ताल करके जल्द से जल्द प्रसव की गई महिलाओं के खाते में पैसा भेजने का निर्देश दिया।
20 घंटे बाद शीतली नदी चेकडैम में डूबे दोनों व्यक्ति का शव बरामद
बसंतराय। प्रतिनिधि। थाना क्षेत्र के जमनीकोला पंचायत अंतर्गत शीतली नदी चेक डैम में डूबे दोनों व्यक्ति का शव 20 घंटे बाद पानी में तैरता हुआ मिला। शव मिलने के बाद बसंतराय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोड्डा भेज दिया है। दरअसल शनिवार दोपहर करीब 3 बजे जमनीकोला के कटहरा टोली निवासी मुन्ना राय मछली मारने के लिए पास के शीतली नदी पर बने चेकडैम पर गया था। तभी मुन्ना राय को गहरे पानी में डूबता देख गांव के ही पंजाबी राय उसे बचाने पानी में कूद गया और गहरे पानी में डूब गया। दोनों के डूबने की सूचना मिलते ही बसंतराय थाना की पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंची और शव की तलाशी को लेकर डैम का जायजा लिया। लगातार हो रही तेज बारिश और अंधेरा हो जाने के कारण सर्च अभियान शुरू नहीं हो पाया। हालांकि वरीय अधिकारियों से संपर्क कर एनडीआरएफ की टीम से मदद मांगी गई थी। रविवार सुबह 10 बजे तक भी एनडीआरएफ की टीम नहीं पहुंच पाई। लेकिन स्थानीय लोगों द्वारा कई घटों की मेहनत के बाद तकरीबन 12 बजे शव को पानी में तैरते देखा, जबकि मुन्ना राय के शव को एक किलोमीटर दूर ग्रामीणों के देखे जाने की सूचना दी गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला और शव को कब्ज़े में लेकर गोड्डा सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जायेगा। ज्ञात हो कि पंजाबी राय को पांच बच्चे हैं, जिसमें तीन लड़का दो लड़की के सर से पिता का साया उठ गया। वही मुन्ना राय को तीन बच्चे हैं।
मामले में बसंतराय थाना प्रभारी विनीत कुमार ने बताया कि कटरा टोली के पंजाबी राय और मुन्ना राय मछली पकड़ने शीतली नदी पर बने डैम पर गया था और गहरे पानी में डूब गया था। शव को तलाशने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया गया। तकरीबन 20 घंटे बाद रविवार 12 बजे शव पानी में तैरता मिला जिसके बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।